डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई शनिवार को तहसील सवायजपुर में जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का निस्तारण मौके पर संभव है, उन्हें तत्काल निस्तारित किया जाए तथा अन्य प्रकरणों में संबंधित अधिकारी स्थलीय जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने राजस्व संबंधी शिकायतों के निस्तारण में विशेष गंभीरता बरतने के निर्देश देते हुए मेड़बंदी, चकरोड एवं चकरोड पर अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतों पर राजस्व एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच कराने तथा चकरोडों को कब्जामुक्त कराने की सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रास्तों एवं चकरोडों पर अवैध कब्जे की शिकायतों को प्राथमिकता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
विकास विभाग से संबंधित शिकायतों के निस्तारण हेतु जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर शिकायतों का स्थलीय सत्यापन करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराएं। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक शिकायतकर्ता को संतुष्टिपरक समाधान उपलब्ध कराया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुनते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता बरती जाए तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए गंभीरता से कार्य किया जाए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सवायजपुर, जिला विकास अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
राकेश विक्रम सिंह मेमोरियल टूर्नामेंट में खो-खो और कबड्डी के रोमांचक मुकाबले
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई कबड्डी में रहा विजेता
हरदोई। स्व. राकेश विक्रम सिंह की स्मृति में आयोजित राकेश विक्रम सिंह मेमोरियल डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स टूर्नामेंट के अंतर्गत शनिवार को खो-खो एवं कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ टूर्नामेंट कमेटी के वरिष्ठ सदस्य एवं वरिष्ठ अधिवक्ता इन्द्रेश्वर नाथ गुप्ता तथा मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ी, पावरलिफ्टर एवं खेल प्रशिक्षक पूनम तिवारी ने स्व. राकेश विक्रम सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
बालिका खो-खो प्रतियोगिता में सेंट जेवियर्स स्कूल हरदोई ने सेंट थरेसा स्कूल संडीला को 22-4 से हराया। दूसरे मुकाबले में श्री गुरु राम राय स्कूल ने सेंट जेवियर्स स्कूल पिहानी को 13-0 से पराजित किया। वहीं बाल विद्या भवन पब्लिक स्कूल ने सेंट जेवियर्स स्कूल हरदोई को 8-6 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में श्री गुरु राम राय स्कूल ने बाल विद्या भवन पब्लिक स्कूल को हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
पहली बार किसी नेता ने बार एसोसिएशन को दिया 51 हजार का नकद सहयोग
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई सार्वजनिक जीवन में किसी व्यक्ति की पहचान केवल उसके पद और प्रतिष्ठा से नहीं, बल्कि समाज के प्रति उसके सहयोग और संवेदनशीलता से भी बनती है। इसी भावना का परिचय देते हुए भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्र ने शाहाबाद बार एसोसिएशन को 51 हजार रुपये की नकद आर्थिक सहायता प्रदान की।
शाहाबाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार, एसोसिएशन के तीन दशक के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब शाहाबाद की धरती पर किसी नेता अथवा जनप्रतिनिधि ने बार एसोसिएशन को इस प्रकार नकद आर्थिक सहयोग प्रदान किया है। सौरभ मिश्र का यह योगदान अधिवक्ता समाज के लिए महज आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि उनके प्रति सम्मान और सहभागिता का भाव भी है।
अधिवक्ता समाज ने इस सहयोग को सराहनीय बताते हुए सौरभ मिश्र के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बार एसोसिएशन की ओर से कहा गया कि समाज के विभिन्न वर्गों के बीच परस्पर सहयोग और सम्मान की परंपरा ही सामाजिक रिश्तों को मजबूती प्रदान करती है।शाहाबाद बार एसोसिएशन ने श्री मिश्र के इस योगदान के लिए हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।
अखिलेश अग्रवाल क्रिकेट अकादमी ने दर्ज की 10 विकेट से एकतरफा जीत
शानदार गेंदबाजी के लिए आयुष त्रिपाठी को चुना गया प्लेयर ऑफ द मैच

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। सीतापुर रोड स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे 6वें नागेंद्र प्रताप सिंह (नागू दादा) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को मधुवन एन्क्लेव- 11 और अखिलेश अग्रवाल क्रिकेट अकादमी के बीच मुकाबला खेला गया। इसमें अखिलेश अग्रवाल क्रिकेट अकादमी ने 10 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मधुवन एन्क्लेव 11 की टीम 18.1 ओवर में मात्र 85 रन पर ऑलआउट हो गई। अर्जित मित्तल ने 40 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 41 रन बनाए, इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। अखिलेश अग्रवाल अकादमी की ओर से आयुष त्रिपाठी ने 4 ओवर में 11 रन देकर 2 विकेट, सक्षम गुप्ता ने 2 विकेट, शश्वत मिश्रा ने 2 विकेट और विशाल राज ने 2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए अखिलेश अग्रवाल क्रिकेट अकादमी ने बिना कोई विकेट खोए 9.3 ओवर में ही 86 रन बनाकर मैच जीत लिया। शिवम यादव ने 37 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 51 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, अंकुर यादव 25 गेंदों में 14 रन बनाकर नाबाद रहे। शानदार गेंदबाजी के लिए आयुष त्रिपाठी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच में अंपायरिंग शिवम मिश्रा व अरुणेश वर्मा ने की तथा स्कोरिंग सूरज तिवारी ने की। मैच के दौरान राधाकृष्ण गुप्ता, महताब अहमद आदि लोग मौजूद रहे
राज्य महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह ने महिला चौपाल लगाकर महिलाओं को किया जागरूक
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई शनिवार को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती एकता सिंह द्वारा विकासखंड सांडी एवं बिलग्राम के ब्लॉक सभागार में महिला चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार निगम द्वारा महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं महिला हेल्पलाइन 181 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना एवं निराश्रित महिला पेंशन योजना के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को आवेदन की प्रक्रिया समझाई गई।
इस अवसर पर सदस्य राज्य महिला आयोग श्रीमती एकता सिंह ने कहा कि किसी भी प्रकार के महिला उत्पीड़न से पीड़ित महिला अपनी शिकायत उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग में दर्ज करा सकती है तथा अपनी समस्या का समाधान प्राप्त कर सकती है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का बढ़-चढ़कर लाभ उठाएं तथा अपने आसपास की अन्य महिलाओं को भी योजनाओं के प्रति जागरूक कर उन्हें लाभ दिलाने का प्रयास करें।
कार्यक्रम के दौरान बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर महिलाओं एवं बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार निगम खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समाधान दिवस में दो मामलों पर गरमाया माहौल, लेखपाल और जिलेदार को मिला अल्टीमेटम

*मड़िहान।* शनिवार को मड़िहान तहसील में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में दो मामलों ने माहौल गरमा दिया। जिलाधिकारी ने दोनों मामलों में लेखपाल और सिरसी कैनाल विभाग के जिलेदार को सख्त अल्टीमेटम दिया। समाधान दिवस में कुल 67 मामले आए, जिनमें से 6 का मौके पर निस्तारण हुआ।
ग्राम पंचायत कोटवा पांडेय का मामला सबसे पहले गरमाया। पीड़ित ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दूसरे क्षेत्र के लेखपाल पर आरोप लगाया कि सड़क किनारे की बेशकीमती भूमि पर बसे ग्रामीणों का आवास बुल्डोजर लगाकर धराशायी करा दिया गया।
पीड़ितों ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि मीरजापुर-सोनभद्र मुख्य मार्ग किनारे कोटवा पांडेय गांव में प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सरकारी महकमे में ऊंचे पद पर विराजमान व्यक्ति की लगभग 2 बीघे की भूमि है। वर्षों से उस भूमि पर दर्जनों गरीब परिवार मकान बनाकर जीवन यापन कर रहे हैं।
आशा देवी सहित दर्जनों महिलाओं ने बताया कि कुछ माह पहले एक नामी प्लाटर द्वारा उस भूमि का अपनी संस्था के नाम पर एग्रीमेंट करा लिया गया है। लगभग दो दिन पहले रिश्तेदार लेखपाल मौके पर पहुंचकर बुल्डोजर से गरीब जोखू का आशियाना जमींदोज कर दिया।शिकायत सुनते ही जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल को 48 घंटे के भीतर वृद्ध का आशियाना बनवाने का अल्टीमेटम दिया। चेतावनी दी कि जांच में सत्यता पाए जाने पर दोषी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
दूसरा मामला बभनी थपनवा गांव निवासी आसाराम का था। उन्होंने सिरसी कैनाल विभाग के जिलेदार पर आरोप लगाया कि बड़े-बड़े भूमिधरों को गरीबों का हक मारकर डूब की भूमि पट्टा की गई है। जो गरीब पीड़ित पात्र हैं, उनको न देकर मोटी रकम लेकर गरीबों को बाहर रखा गया है।दोनों मामलों में जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी की निगरानी में जांच के लिए टीम गठित कर दी है।
मौके पर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, क्षेत्राधिकारी अपरेश मो. फईम कुरैशी, मुख्य चिकित्साधिकारी कीर्ति कुमार मिश्रा, जिला विकास अधिकारी राजीव शर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी राम उदय यादव, उपजिलाधिकारी संतोष कुमार ओझा, तहसीलदार आशीष शुक्ला, दोनों खंड विकास अधिकारी वीरेंद्र वर्मा, सिद्धार्थ मिश्रा आदि मौजूद रहे।
खेत गिरवी रखकर की शादी की तैयारी, बारात से पहले दूल्हे के लापता होने की सूचना देकर लड़की पक्ष को संकट में छोड़ा, प्रशासन से न्याय की गुहार

मिर्जापुर। बेटी की शादी के लिए पिता ने अपनी जमा-पूंजी लगा दी, यहां तक कि खेत भी गिरवी रख दिया, लेकिन बारात आने से महज चार दिन पहले दूल्हे के लापता होने की सूचना ने पूरे परिवार को संकट में डाल दिया। मामला विंध्याचल थाना क्षेत्र के बरी पाठक गांव का है।

जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र कुमार बिंद की पुत्री आरती देवी की शादी प्रयागराज जनपद के मांडा थाना क्षेत्र के खपरखोचवा निवासी लालचंद बिंद के पुत्र लवकुश से तय हुई थी। 22 नवंबर 2026 को बारात आनी थी। लड़की पक्ष का आरोप है कि तिलक में दो लाख रुपये देने के बावजूद शादी से ठीक पहले लड़के पक्ष ने उन्हें मुसीबत में छोड़ दिया।

पीड़ित पिता के मुताबिक, 18 नवंबर को लड़के के पिता ने पहले शादी की तैयारियां चलने की बात कही, लेकिन कुछ देर बाद फोन कर बेटे के लापता होने की सूचना दे दी। परिजनों का आरोप है कि लवकुश पहले कई बार उनके घर आ चुका था और आरती से बातचीत भी करता था। बाद में उसका व्यवहार बदल गया। वह कथित तौर पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और सोने की सिकड़ी की मांग करता था।

पिता का कहना है कि रिश्तेदारों को निमंत्रण दिया जा चुका था और शादी की लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। ऐसे में ऐन मौके पर दूल्हे के लापता होने की सूचना देकर लड़की पक्ष को सामाजिक और आर्थिक संकट में डाल दिया गया।

अब पीड़ित परिवार प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहा है। पिता ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
मिर्ज़ापुर : माँ विंध्यवासिनी के दरबार में पहुंचीं भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह, भक्ति गीतों से बांधा समां, उमड़ पड़ी भीड़

मिर्जापुर। देवउठनी एकादशी के अवसर पर मां विंध्यवासिनी धाम में आयोजित दीपदान महोत्सव एवं जागरण कार्यक्रम में भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह पहुंचीं। उन्होंने मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया और जागरण कार्यक्रम में दो भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। इस दौरान अक्षरा सिंह ने कहा कि मां भगवती की बहुत बड़ी कृपा है कि उन्हें मां के दरबार में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने और भक्ति गीत गाने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि वह हर छह महीने में मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने आती हैं। बचपन से ही उनका पूरा परिवार मां के दरबार में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचता रहा है। आज मां के धाम आकर वह बेहद गदगद हैं। अक्षरा सिंह ने मां विंध्यवासिनी के प्रति अपनी आस्था जताते हुए इसे सौभाग्य और मां का आशीर्वाद बताया। इस दौरान हजारों की संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा है। भोजपुरी
अभिनेत्री अक्षरा सिंह के आने की खबर पर उनके प्रशंसकों की भी भारी उमड़ पड़ी थी। कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय पुलिस मुस्तैद रही है।
'सिंघम लेडी' खुशबू उपाध्याय की सख्ती से खनन माफियाओं में खलबली
*दो जिलों के बॉर्डर पर तीन-चार दिन से अवैध खनन का खेल, रामराज चौकी क्षेत्र में रात के अंधेरे में हो रहा मिट्टी का खनन*

बहसुमा (मेरठ)।*हस्तिनापुर वन्यजीव अभयारण्य के सेंचुरी क्षेत्र में खनन पर रोक और वन्यजीवों की सुरक्षा के दावों के बीच अवैध खनन की गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रामराज चौकी क्षेत्र में मेरठ और मुजफ्फरनगर जनपद की सीमा के समीप पिछले तीन-चार दिनों से रात के अंधेरे में अवैध रूप से मिट्टी का खनन किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि खनन माफिया दोनों जिलों की सीमा का फायदा उठाकर भारी वाहनों के माध्यम से मिट्टी का खनन और परिवहन कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, रामराज मंडी के समीप एक पुरानी बिल्डिंग के आसपास रात के समय मिट्टी का खनन किया जा रहा है। शुक्रवार देर रात भी यहां खनन होने के आरोप लगे हैं। खनन से निकाली गई मिट्टी को भारी वाहनों में भरकर दूसरे स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह स्थान रामराज पुलिस चौकी क्षेत्र में आता है और मेरठ-मुजफ्फरनगर जनपद की सीमा के नजदीक है। ऐसे में सवाल उठता है कि दो जिलों की सीमा के समीप लगातार हो रही इन गतिविधियों पर जिम्मेदार विभागों की निगरानी क्यों नहीं है।

मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि संबंधित क्षेत्र हस्तिनापुर वन्यजीव अभयारण्य के संवेदनशील इलाके के आसपास स्थित है। यहां नहर और वन क्षेत्र में हिरण, तेंदुए सहित अन्य जंगली जानवरों का विचरण रहता है। रात के समय वन्यजीव भोजन की तलाश में अपने प्राकृतिक आवास से बाहर निकलते हैं। ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही और अवैध खनन से वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ-साथ उनके प्राकृतिक आवास पर भी खतरा पैदा हो सकता है।

इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय से बातचीत की गई तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में खनन की कोई अनुमति नहीं है। यदि इस प्रकार कहीं खनन किया जा रहा है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि खनन में इस्तेमाल होने वाले यंत्रों और मशीनों को जब्त किया जाएगा।

गौरतलब है कि वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय को उनकी सख्त कार्यशैली के चलते क्षेत्र के लोग 'सिंघम लेडी' के नाम से भी जानते हैं। वन क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ उनके सख्त रुख की चर्चा रहती है। उनकी निगरानी और कार्रवाई के चलते खनन माफियाओं में खलबली मची हुई है। बताया जाता है कि वन क्षेत्र में उनकी सख्ती के बाद अवैध गतिविधियों में संलिप्त कई लोग पीछे हटने को मजबूर हुए हैं। अब सेंचुरी क्षेत्र के आसपास अवैध खनन के आरोप सामने आने के बाद उनकी कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं। माना जा रहा है कि यदि जांच में अवैध खनन की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

वहीं थाना प्रभारी रविंद्र कुमार को मामले से अवगत कराने पर उन्होंने बताया कि फिलहाल खनन बंद है। ऐसे में सवाल यह है कि जब पिछले तीन-चार दिनों से खनन होने के आरोप हैं तो इसकी जांच कौन करेगा? क्या मेरठ और मुजफ्फरनगर दोनों जनपदों का प्रशासन संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर जांच करेगा? सीमा क्षेत्र होने का फायदा उठाकर अवैध खनन करने वालों पर कब तक कार्रवाई होगी? फिलहाल क्षेत्रवासियों की निगाहें पुलिस, प्रशासन और वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।
जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक ने तहसील तरबगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की सुनी समस्याए


*सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का शतप्रतिशत समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश-जिलाधिकारी*


*सम्पूर्ण समाधान दिवस तरबगंज में 95 शिकायतों में से 05 का मौके पर ही किया गया निस्तारण*


*गोण्डा 21 नवम्बर, 2026*।
शासन की मंशानुरूप जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का एक ही स्थल पर निस्तारण कराने के उद्देश्य से जनपद के समस्त तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें तहसील तरबगंज में जिलाधिकारी रमेश रंजन तथा पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने आये हुये फरियादियों की समस्याओं को सुना तथा शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को प्रेषित किया गया।

जनसुनवाई के दौरान तहसील तरबगंज में कुल 95 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये जिसमें से 05 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारित किया गया, शेष 90 प्रार्थना पत्रों को निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत सभी प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुये आख्या समय से तहसील में उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि समाधान दिवस में प्राप्त होने वाले शिकायतों के निस्तारण हेतु टीम गठित किया जाय, तथा टीम द्वारा शिकायत का मौके पर स्थलीय जांच के समय पर दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी समस्याओं को सुनकर  पूरी गुणवत्ता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाय।  

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान उन्होंने कहा कि अवैध अतिक्रमण तथा चकमार्ग के मामले में संयुक्त रूप से राजस्व एवं पुलिस फोर्स की संयुक्त टीम मौके पर भेजकर निस्तारित कराना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि तालाब जमीन की पैमाइश, अवैध कब्जा, चकरोड, नाली, अवैध अतिक्रमण आदि को राजस्व एवं पुलिस फोर्स की संयुक्त टीम के साथ हटवाने का कार्य करें। शिकायतकर्ताओं को मौके पर बुलाएं। उसके आने पर लिखित रूप से उल्लेख करें और निस्तारण के प्रकरण का फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी भी करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण मौके पर जाकर पूरी गुणवत्ता के साथ करें अन्यथा संबंधित विभाग के अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के अंत में जिलाधिकारी रमेश रंजन ने वहां पर उपस्थित सभी संबंधित विभाग के जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करना सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संतलाल, उपजिलाधिकारी तरबगंज श्रीमती सविता शुक्ला, तहसीलदार तरबगंज रामजीत यादव, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पाण्डेय, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, पंचायत राज विभाग, कार्यक्रम विभाग, वन विभाग, एक्सईएएन विद्युत तरबगंज तथा अन्य विभागों के अधिकारीगण सहित अन्य सभी जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।