खेत गिरवी रखकर की शादी की तैयारी, बारात से पहले दूल्हे के लापता होने की सूचना देकर लड़की पक्ष को संकट में छोड़ा, प्रशासन से न्याय की गुहार

मिर्जापुर। बेटी की शादी के लिए पिता ने अपनी जमा-पूंजी लगा दी, यहां तक कि खेत भी गिरवी रख दिया, लेकिन बारात आने से महज चार दिन पहले दूल्हे के लापता होने की सूचना ने पूरे परिवार को संकट में डाल दिया। मामला विंध्याचल थाना क्षेत्र के बरी पाठक गांव का है।

जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र कुमार बिंद की पुत्री आरती देवी की शादी प्रयागराज जनपद के मांडा थाना क्षेत्र के खपरखोचवा निवासी लालचंद बिंद के पुत्र लवकुश से तय हुई थी। 22 नवंबर 2026 को बारात आनी थी। लड़की पक्ष का आरोप है कि तिलक में दो लाख रुपये देने के बावजूद शादी से ठीक पहले लड़के पक्ष ने उन्हें मुसीबत में छोड़ दिया।

पीड़ित पिता के मुताबिक, 18 नवंबर को लड़के के पिता ने पहले शादी की तैयारियां चलने की बात कही, लेकिन कुछ देर बाद फोन कर बेटे के लापता होने की सूचना दे दी। परिजनों का आरोप है कि लवकुश पहले कई बार उनके घर आ चुका था और आरती से बातचीत भी करता था। बाद में उसका व्यवहार बदल गया। वह कथित तौर पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और सोने की सिकड़ी की मांग करता था।

पिता का कहना है कि रिश्तेदारों को निमंत्रण दिया जा चुका था और शादी की लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। ऐसे में ऐन मौके पर दूल्हे के लापता होने की सूचना देकर लड़की पक्ष को सामाजिक और आर्थिक संकट में डाल दिया गया।

अब पीड़ित परिवार प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहा है। पिता ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
मिर्ज़ापुर : माँ विंध्यवासिनी के दरबार में पहुंचीं भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह, भक्ति गीतों से बांधा समां, उमड़ पड़ी भीड़

मिर्जापुर। देवउठनी एकादशी के अवसर पर मां विंध्यवासिनी धाम में आयोजित दीपदान महोत्सव एवं जागरण कार्यक्रम में भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह पहुंचीं। उन्होंने मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया और जागरण कार्यक्रम में दो भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। इस दौरान अक्षरा सिंह ने कहा कि मां भगवती की बहुत बड़ी कृपा है कि उन्हें मां के दरबार में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने और भक्ति गीत गाने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि वह हर छह महीने में मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने आती हैं। बचपन से ही उनका पूरा परिवार मां के दरबार में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचता रहा है। आज मां के धाम आकर वह बेहद गदगद हैं। अक्षरा सिंह ने मां विंध्यवासिनी के प्रति अपनी आस्था जताते हुए इसे सौभाग्य और मां का आशीर्वाद बताया। इस दौरान हजारों की संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा है। भोजपुरी
अभिनेत्री अक्षरा सिंह के आने की खबर पर उनके प्रशंसकों की भी भारी उमड़ पड़ी थी। कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय पुलिस मुस्तैद रही है।
'सिंघम लेडी' खुशबू उपाध्याय की सख्ती से खनन माफियाओं में खलबली
*दो जिलों के बॉर्डर पर तीन-चार दिन से अवैध खनन का खेल, रामराज चौकी क्षेत्र में रात के अंधेरे में हो रहा मिट्टी का खनन*

बहसुमा (मेरठ)।*हस्तिनापुर वन्यजीव अभयारण्य के सेंचुरी क्षेत्र में खनन पर रोक और वन्यजीवों की सुरक्षा के दावों के बीच अवैध खनन की गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रामराज चौकी क्षेत्र में मेरठ और मुजफ्फरनगर जनपद की सीमा के समीप पिछले तीन-चार दिनों से रात के अंधेरे में अवैध रूप से मिट्टी का खनन किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि खनन माफिया दोनों जिलों की सीमा का फायदा उठाकर भारी वाहनों के माध्यम से मिट्टी का खनन और परिवहन कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, रामराज मंडी के समीप एक पुरानी बिल्डिंग के आसपास रात के समय मिट्टी का खनन किया जा रहा है। शुक्रवार देर रात भी यहां खनन होने के आरोप लगे हैं। खनन से निकाली गई मिट्टी को भारी वाहनों में भरकर दूसरे स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह स्थान रामराज पुलिस चौकी क्षेत्र में आता है और मेरठ-मुजफ्फरनगर जनपद की सीमा के नजदीक है। ऐसे में सवाल उठता है कि दो जिलों की सीमा के समीप लगातार हो रही इन गतिविधियों पर जिम्मेदार विभागों की निगरानी क्यों नहीं है।

मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि संबंधित क्षेत्र हस्तिनापुर वन्यजीव अभयारण्य के संवेदनशील इलाके के आसपास स्थित है। यहां नहर और वन क्षेत्र में हिरण, तेंदुए सहित अन्य जंगली जानवरों का विचरण रहता है। रात के समय वन्यजीव भोजन की तलाश में अपने प्राकृतिक आवास से बाहर निकलते हैं। ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही और अवैध खनन से वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ-साथ उनके प्राकृतिक आवास पर भी खतरा पैदा हो सकता है।

इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय से बातचीत की गई तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में खनन की कोई अनुमति नहीं है। यदि इस प्रकार कहीं खनन किया जा रहा है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि खनन में इस्तेमाल होने वाले यंत्रों और मशीनों को जब्त किया जाएगा।

गौरतलब है कि वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय को उनकी सख्त कार्यशैली के चलते क्षेत्र के लोग 'सिंघम लेडी' के नाम से भी जानते हैं। वन क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ उनके सख्त रुख की चर्चा रहती है। उनकी निगरानी और कार्रवाई के चलते खनन माफियाओं में खलबली मची हुई है। बताया जाता है कि वन क्षेत्र में उनकी सख्ती के बाद अवैध गतिविधियों में संलिप्त कई लोग पीछे हटने को मजबूर हुए हैं। अब सेंचुरी क्षेत्र के आसपास अवैध खनन के आरोप सामने आने के बाद उनकी कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं। माना जा रहा है कि यदि जांच में अवैध खनन की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

वहीं थाना प्रभारी रविंद्र कुमार को मामले से अवगत कराने पर उन्होंने बताया कि फिलहाल खनन बंद है। ऐसे में सवाल यह है कि जब पिछले तीन-चार दिनों से खनन होने के आरोप हैं तो इसकी जांच कौन करेगा? क्या मेरठ और मुजफ्फरनगर दोनों जनपदों का प्रशासन संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर जांच करेगा? सीमा क्षेत्र होने का फायदा उठाकर अवैध खनन करने वालों पर कब तक कार्रवाई होगी? फिलहाल क्षेत्रवासियों की निगाहें पुलिस, प्रशासन और वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।
जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक ने तहसील तरबगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की सुनी समस्याए


*सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का शतप्रतिशत समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश-जिलाधिकारी*


*सम्पूर्ण समाधान दिवस तरबगंज में 95 शिकायतों में से 05 का मौके पर ही किया गया निस्तारण*


*गोण्डा 21 नवम्बर, 2026*।
शासन की मंशानुरूप जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का एक ही स्थल पर निस्तारण कराने के उद्देश्य से जनपद के समस्त तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें तहसील तरबगंज में जिलाधिकारी रमेश रंजन तथा पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने आये हुये फरियादियों की समस्याओं को सुना तथा शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को प्रेषित किया गया।

जनसुनवाई के दौरान तहसील तरबगंज में कुल 95 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये जिसमें से 05 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारित किया गया, शेष 90 प्रार्थना पत्रों को निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत सभी प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुये आख्या समय से तहसील में उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि समाधान दिवस में प्राप्त होने वाले शिकायतों के निस्तारण हेतु टीम गठित किया जाय, तथा टीम द्वारा शिकायत का मौके पर स्थलीय जांच के समय पर दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी समस्याओं को सुनकर  पूरी गुणवत्ता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाय।  

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान उन्होंने कहा कि अवैध अतिक्रमण तथा चकमार्ग के मामले में संयुक्त रूप से राजस्व एवं पुलिस फोर्स की संयुक्त टीम मौके पर भेजकर निस्तारित कराना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि तालाब जमीन की पैमाइश, अवैध कब्जा, चकरोड, नाली, अवैध अतिक्रमण आदि को राजस्व एवं पुलिस फोर्स की संयुक्त टीम के साथ हटवाने का कार्य करें। शिकायतकर्ताओं को मौके पर बुलाएं। उसके आने पर लिखित रूप से उल्लेख करें और निस्तारण के प्रकरण का फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी भी करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण मौके पर जाकर पूरी गुणवत्ता के साथ करें अन्यथा संबंधित विभाग के अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के अंत में जिलाधिकारी रमेश रंजन ने वहां पर उपस्थित सभी संबंधित विभाग के जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करना सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संतलाल, उपजिलाधिकारी तरबगंज श्रीमती सविता शुक्ला, तहसीलदार तरबगंज रामजीत यादव, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पाण्डेय, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, पंचायत राज विभाग, कार्यक्रम विभाग, वन विभाग, एक्सईएएन विद्युत तरबगंज तथा अन्य विभागों के अधिकारीगण सहित अन्य सभी जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
संविधान दिवस पर विद्यालयों में होगा ‘संविधान संवाद’, क्विज प्रतियोगिता का  आयोजन

*26 नवंबर को शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में ‘एक स्वर-एक संविधान’ कार्यक्रम*

*गोण्डा 21 नवम्बर 2026* - संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को जनपद में संवैधानिक साक्षरता अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यालयों में संचालित लीगल लिटरेसी क्लब के माध्यम से ‘संविधान संवाद’ (संविधान पर बातचीत), संवैधानिक साक्षरता अभियान एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

इस अवसर पर *‘एक स्वर-एक संविधान’* के तहत मुख्य कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 9 बजे शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज, गोण्डा में किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ जनपद न्यायालय के सम्मानित न्यायिक अधिकारीगण भी प्रतिभाग करेंगे।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के मूल्यों, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा संवैधानिक व्यवस्था के प्रति जागरूक करना और उनमें संवैधानिक साक्षरता को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान की महत्ता समझने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलेगा।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील तरबगंज में जनसमस्याओं को सुना गया एवं उनके गुणवत्तापूर्ण व त्वरित

गोण्डा। आज  21.11.2026 को उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश के क्रम में तरबगंज तहसील गोण्डा में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी गोण्डा श्री रमेश रंजन, पुलिस अधीक्षक गोण्डा  अभिषेक व राजस्व, पुलिस तथा अन्य विभाग के अधिकारी/कर्मचारीगणों द्वारा प्रतिभाग किया गया। इस दौरान अधिकारीगणों द्वारा जनता की जनसमस्याओं को सुना गया तथा समस्याओं के त्वरित एवं गुणवक्तापूर्ण निस्तारण हेतु सम्बन्धित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया गया।

अधिकारीगणों द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस के सम्बन्ध में उत्तर प्रदेश शासन के दिशा-निर्देशों से अधिकारी एवं कर्मचारीगणों को अवगत कराते हुये प्रार्थना-पत्रों की समयबद्ध जांच, कार्यवाही एवं समस्याओं के निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया।

*इस अवसर पर पुलिस, राजस्व व अन्य विभाग के अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहें।*
भारतीय गौ सेवा संघ की प्रदेश कार्यकारिणी भंग, जल्द होगा नए सिरे से गठन

प्रदेश अध्यक्ष ओमवीर भड़ाना ने तत्काल प्रभाव से जारी किए आदेश, गौ-सेवा के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को मिलेगी नई जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश। भारतीय गौ सेवा संघ की उत्तर प्रदेश प्रदेश कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ओमवीर भड़ाना ने इस संबंध में आदेश जारी कर सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अवगत कराया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से प्रदेश कार्यकारिणी को भंग करने का निर्णय लिया गया है। जल्द ही नई कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा। इसमें कर्मठ, समर्पित और गौ-सेवा के प्रति निष्ठावान कार्यकर्ताओं को स्थान दिया जाएगा।

उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से नई कार्यकारिणी के गठन तक संगठन के कार्यों में पूर्व की भांति सहयोग बनाए रखने की अपील की है। साथ ही कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य गौ-सेवा और संरक्षण के कार्यों को मजबूती के साथ आगे बढ़ाना है। नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं में आगामी घोषणा का इंतजार है।
कुकड़ा चौराहे पर प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग, व्यापारी को भारी नुकसान, गुड़ मंडी एसोसिएशन के पदाधिकारी पहुंचे मिले


आशीष कुमार

मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र के कुकड़ा चौराहे पर आज सुबह प्लास्टिक व्यापारी मनोज खंडेलवाल के गोदाम में  भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि गोदाम में रखा सामान जलकर खाक हो गया और व्यापारी को भारी नुकसान होने की आशंका है। आग की भयावहता को देखते हुए फिलहाल नुकसान का सही आंकलन करना मुश्किल है।

घटना की जानकारी मिलते ही गुड़ मंडी एसोसिएशन के मंत्री अंकित गर्ग और भाजपा नेता शिवम सिंघल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, मंत्री कपिल देव अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान और निवर्तमान विधायक उमेश मलिक से फोन पर वार्ता कर घटना से अवगत कराया।

उन्होंने पीड़ित व्यापारी को शासन स्तर से हरसंभव मदद दिलाने और उचित न्याय सुनिश्चित कराने की मांग की है।
नहर किनारे मिला 28 वर्षीय युवक का शव, हत्या का आरोप लगा परिजनों ने लगाया जाम
वाराणसी के अटेसुआ गांव में राकेश राजभर का शव मिलने से सनसनी, हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप; आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए सड़क पर उतरे परिजन

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र के अटेसुआ गांव में नहर किनारे एक युवक का शव मिला।सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटीमृतक की पहचान गांव निवासी राकेश राजभर (28) के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। वहीं, परिजनों ने युवक की हत्या कर शव नहर किनारे फेंके जाने की आरोप लगाया है।

परिजनों ने आरोप लगाया कि राकेश की हत्या कर शव को नहर किनारे फेंका गया है। उन्होंने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध जताया और चक्काजाम कर दिया। इससे मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

राकेश की मां मनी देवी का करीब दो माह पहले निधन हो गया था। उसकी शादी दो वर्ष पूर्व नीमा देवी से हुई थी। राकेश का छह माह का एक पुत्र भी है।चोलापुर पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।-
यूपी : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस की खड़ी पिकअप में टक्कर, पांच की मौत
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। थाना सुबेहा क्षेत्र में किलोमीटर 53.3 के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एंबुलेंस सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, एंबुलेंस संख्या (आरजे 14 पीएफ 8529) पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी। इसी दौरान उसने खड़ी पिकअप संख्या (यूपी 78 जेटी 6480) में पीछे से टक्कर मार दी। एंबुलेंस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

सड़क हादसे में जान गंवाने वाले बिहार के समस्तीपुर निवासी अशोक शर्मा का शव रखा था। उनके परिजन शव लेकर गांव में अंतिम संस्कार के लिए जा रहे थे। हादसे में अशोक शर्मा के बेटे राजकुमार शर्मा उर्फ सतीश शर्मा, रवि शर्मा, फूलो शर्मा और एंबुलेंस के दोनों चालक सरफराज व आबिद की मौत हो गई।

घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। अपर पुलिस अधीक्षक ने घटना पर दु:ख जताते हुए कहा कि हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है और सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

वहीं, हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने तथा मृतकों के परिजनों से संवाद कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।