यूपी : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस की खड़ी पिकअप में टक्कर, पांच की मौत
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। थाना सुबेहा क्षेत्र में किलोमीटर 53.3 के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एंबुलेंस सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, एंबुलेंस संख्या (आरजे 14 पीएफ 8529) पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी। इसी दौरान उसने खड़ी पिकअप संख्या (यूपी 78 जेटी 6480) में पीछे से टक्कर मार दी। एंबुलेंस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

सड़क हादसे में जान गंवाने वाले बिहार के समस्तीपुर निवासी अशोक शर्मा का शव रखा था। उनके परिजन शव लेकर गांव में अंतिम संस्कार के लिए जा रहे थे। हादसे में अशोक शर्मा के बेटे राजकुमार शर्मा उर्फ सतीश शर्मा, रवि शर्मा, फूलो शर्मा और एंबुलेंस के दोनों चालक सरफराज व आबिद की मौत हो गई।

घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। अपर पुलिस अधीक्षक ने घटना पर दु:ख जताते हुए कहा कि हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है और सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

वहीं, हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने तथा मृतकों के परिजनों से संवाद कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
'मां के समान कोई छाया,  आश्रय और प्रिय नहीं', सीएम योगी ने मां सावित्री देवी को नम आंखों से दी अंतिम विदाई
लखनऊ , देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अपनी मां सावित्री देवी को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। उन्हें याद करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मां की छाया, आश्रय, सुरक्षा और प्यार से बढ़कर कुछ नहीं है।

मुख्यमंत्री योगी अपनी मां को अंतिम विदाई देते समय भावुक नजर आए। उन्होंने पैतृक गांव पंचूर में अपनी मां के पार्थिव शरीर को अंतिम श्रद्धांजलि दी। उन्होंने तस्वीर पर माला चढ़ाकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। गहरे दुख में डूबे सीएम योगी की आंखें तब भर आईं, जब वे आखिरी बार अपनी मां के सामने खड़े थे। मां सावित्री देवी की अंतिम यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने उनके पार्थिव शरीर को कंधा दिया।

योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "नास्ति मातृसमा छाया नास्ति मातृसमा गतिः। नास्ति मातृसमं त्राणं नास्ति मातृसमा प्रिया॥" इसका अर्थ है- "माता के समान कोई छाया नहीं है, माता के समान कोई आश्रय नहीं है। माता के समान कोई रक्षक नहीं है और माता के समान कोई प्रिय नहीं।"

इसके बाद, उनकी पार्थिव देह को पंचूर से हरिद्वार ले जाया गया, जहां चंडीघाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाना है। सीएम योगी की मां के अंतिम संस्कार में भाजपा के कई नेताओं और वरिष्ठ पदाधिकारियों के पहुंचने की संभावना है।

इस बीच, उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री योगी की मां सावित्री देवी को एक असाधारण महिला बताया और कहा कि उन्होंने हमेशा अपने बच्चों को सही दिशा दिखाई।महेंद्र भट्ट ने कहा, "योगी जी ने कभी भी अपने परिवार को मुख्यमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियों पर हावी नहीं होने दिया। वे हमेशा अपने गांव के बच्चों की चिंता करते रहे हैं। मैं उनकी माता जी को एक बहुत ही असाधारण महिला मानता हूं, जिन्होंने हमेशा अपने बच्चों को सही दिशा दिखाई। यह सौभाग्य की बात है कि किसी मां का बेटा बड़ा होकर संत बनता है।"
श्री देवीपाटन मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता स्व.सावित्री देवी को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि,शोकसभा आयोजित।

तुलसीपुर
**बलरामपुर*20 नवम्बर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी स्वर्गीय श्रीमती सावित्री देवी के निधन पर प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री देवीपाटन मंदिर में शोकसभा का आयोजन किया गया। मंदिर के पीठाधीश्वर महंत योगी मिथिलेशनाथ जी महाराज के सानिध्य में आयोजित शोकसभा में उपस्थित जनप्रतिनिधियों,भाजपा पदाधिकारियों,सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने दिवंगत पुण्यात्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

शोकसभा में उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय सावित्री देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान सभी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में उन्हें धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।

महंत योगी मिथिलेशनाथ जी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में शोक और संवेदना का वातावरण रहा। उपस्थित लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र,विधायक कैलाश नाथ शुक्ल,नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह 'धीरू',पूर्व विधायक शैलेष कुमार सिंह 'शैलू',चेयरमैन रवि वर्मा,प्रिन्स वर्मा,ब्लॉक प्रमुख शक्ति सिंह,राकेश तिवारी,जन्मेजय सिंह,प्रतिनिधि प्रवीण सिंह 'विक्की',डॉ.विशाल मिश्र,श्याम मनोहर तिवारी,डॉ.अजय सिंह 'पिंकू' डीपी सिंह बैस,मनीष सिंह,दिलीप गुप्ता,गौरव मिश्र,शिवम मिश्र सहित सैकड़ों की संख्या में गणमान्य नागरिक,जनप्रतिनिधि,भाजपा पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

सभी ने एक स्वर में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। **ॐ शांति!**
काशी में वैदिक मंत्रोच्चार और मंगलाचरण के साथ अहिंसा योग यात्रा का भव्य स्वागत
वाराणसी। विश्व शांति, स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि, अहिंसा और मानवता का संदेश लेकर पालघर, महाराष्ट्र से काशी पहुंची। राष्ट्रीय जनजागरण यात्रा “SAVE SELF – THE AWAKENING YATRA (PHASE-II)” का वाराणसी स्थित सेंटर फॉर सनातन रिसर्च, मालवीय बाग, सिगरा में वैदिक मंत्रोच्चार एवं मंगलाचरण के साथ भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर ब्रह्मर्षि योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज, पालघर पीठाधीश्वर, महाराष्ट्र का सेंटर फॉर सनातन रिसर्च के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अभिषेक द्विवेदी (गणेश जी) ने अपनी पूरी टीम के साथ आत्मीय अभिनंदन किया। वैदिक मंत्रों की गूंज, मंगलाचरण और पारंपरिक स्वागत ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की। श्री हरि नारायण सेवा संस्थान, पालघर एवं अहिंसा योग के तत्वावधान में आयोजित 14 दिवसीय इस राष्ट्रीय अभियान का उद्देश्य योग, अहिंसा, आत्मजागरण, मानसिक शांति, स्वास्थ्य, करुणा, मानवीय संवेदना और विश्व बंधुत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। स्वागत समारोह में सेंटर फॉर सनातन रिसर्च के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अभिषेक द्विवेदी (गणेश जी) ने योगीराज के अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस मुहिम में हम सभी कदम से कदम मिलाकर चलेंगे। गुरुजी का एक आदेश होगा तो देश के किसी भी कोने में अभियान के लिए हम सभी पहुँचेंगे और अपना सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने अहिंसा योग के संदेश को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने के लिए अपनी पूरी टीम की सहभागिता एवं समर्पण का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जौनपुर से संदीप सिंह, जफराबाद विधानसभा के भावी प्रत्याशी एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने भी इस अभियान का हृदय से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अहिंसा, योग और मानवता के इस जनकल्याणकारी मिशन में वे हर संभव सहायता एवं सहयोग प्रदान करेंगे। अहिंसा योग यात्रा के क्रम में कुटीर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चक्के में भी योगीराज एवं यात्रा दल का स्वागत एवं सम्मान किया गया। महाविद्यालय के प्रबंधक अजयेंद्र दुबे ने योगीराज का अभिनंदन करते हुए कहा कि आज विश्व को इस अहिंसा योग मुहिम की नितांत आवश्यकता है। वर्तमान समय में मानव समाज को शांति, सद्भाव, संयम और मानवीय मूल्यों की ओर लौटने की आवश्यकता है तथा अहिंसा योग इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है, और यात्रा फ्यूल हेतु आर्थिक योगदान भी दिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज द्वारा अहिंसा योग की महत्ता पर दिया गया मार्गदर्शन रहा। उन्होंने बताया कि अहिंसा केवल शारीरिक हिंसा से बचने का विचार नहीं, बल्कि विचार, वाणी और व्यवहार में करुणा, प्रेम, सहिष्णुता एवं संवेदना विकसित करने की जीवनशैली है। योगीराज ने उपस्थित लोगों को नादयोग की अवधारणा से परिचित कराते हुए अपनी बांसुरी की मधुर धुनों के माध्यम से ध्यान कराया। बांसुरी के सुरों पर आधारित इस ध्यान साधना ने उपस्थित लोगों को शांति, एकाग्रता और आत्मचिंतन का अनुभव कराया। इस मुहिम कार्यक्रम प्रभारी डॉ नितिन शर्मा जी नागपुर तक यात्रा में शामिल होकर वापसी की तैयारी कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि संगीत और नाद साधना मन को एकाग्र करने तथा आंतरिक शांति की अनुभूति के लिए उपयोगी माध्यम हो सकते हैं। बांसुरी के माध्यम से भक्ति, साधना और मानवता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना इस अभियान का विशेष उद्देश्य है।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से सेंटर फॉर सनातन रिसर्च के अध्यक्ष जौनपुर रजनीश दुबे, प्रवक्ता  विनोद शुक्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष दिलमोहन तिवारी, प्रदेश मंत्री शंकर बोस, व्याकरण विभाग के प्रवक्ता मुकेश त्रिपाठी, भुवनेश्वर चौबे (मामा जी), कार्यालय प्रभारी केशव प्रसाद, मालवीय बाग के सचिव श्री अरोड़ा जी, वरिष्ठ समाजसेवी किशन जी, विकेश दुबे, प्रवासी संदेश मुंबई के प्रधान संपादक राजेश उपाध्याय, आदर्श तिवारी, युवा समाजसेवी पंकज उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सुंदर एवं प्रभावी संचालन आयुष इंदु पांडे ने किया।
बीईओ आशीष कुमार पाण्डेय ने किया कार्यभार ग्रहण

रायबरेली। जनपद के खण्ड शिक्षा अधिकारी-ऊंचाहार के पद पर आशीष कुमार पाण्डेय ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, रायबरेली द्वारा 16 नवंबर 2026 को जारी प्रभार आवंटन आदेश के तहत उन्हें ऊंचाहार विकासखंड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उल्लेखनीय है कि आशीष कुमार पाण्डेय इससे पूर्व लखमीपुर-खीरी के धौरहरा ब्लाक में खण्ड शिक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। मालूम हो कि भदोही जनपद के डीघ ब्लाक के बेरवा पहाड़पुर गाॅंव के मूल निवासी बीईओ आशीष कुमार पाण्डेय वर्तमान झूंसी, प्रयागराज के निवासी हो गये हैं। बीईओ आशीष कुमार पाण्डेय ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासनप्रियता के लिए पहचाने जाते हैं।अपने दायित्वों के प्रति समर्पण, कार्यशैली में पारदर्शिता तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण उनकी कार्य-संस्कृति के प्रमुख आधार हैं। पूर्व में जौनपुर, प्रतापगढ़ और लखीमपुर खीरी जनपद में कार्यरत रहे बीईओ आशीष कुमार पाण्डेय  कर्तव्य को केवल पद की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य के निर्माण का महत्त्वपूर्ण माध्यम मानते हैं।
अयोध्या में आस्था का सैलाब, 50 लाख श्रद्धालुओं ने की पंचकोसी परिक्रमा

-देवउठनी एकादशी पर सरकार की पुख्ता व्यवस्थाओं के बीच जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठी रामनगरी

-भोर में शुरू हुई पंचकोसी परिक्रमा, बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी दिखाई आस्था

अयोध्या। देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर रामनगरी अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा का भव्य आयोजन भोर से ही शुरू हो गया। जिला अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने अनुमान जताया है कि इस बार करीब 50 लाख श्रद्धालु पंचकोसी परिक्रमा में शामिल हुए हैं। परिक्रमा शुरू होते ही पंचकोसी मार्ग पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालु जय श्रीराम के उद्घोष के साथ करीब 15 किलोमीटर की परिक्रमा पूरी करते दिखे। परिक्रमा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि श्रद्धालु जिस स्थान से यात्रा शुरू करते हैं, उसी स्थान पर लौटकर इसे पूर्ण करते हैं।

पहले पंचकोसी परिक्रमा संकरी गलियों से होकर होती थी लेकिन अब यह फोर लेन मार्ग पर सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो रही है। श्रद्धालुओं ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना की। सुरक्षा से लेकर सुविधा तक हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया गया है। परिक्रमा मार्ग के किनारे स्वयंसेवी संस्थाओं और विभिन्न संगठनों द्वारा सेवा कैंप लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं को जल, प्रसाद, चिकित्सा सहायता और विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में भी भारी भीड़

पंचकोसी परिक्रमा के साथ-साथ राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में भी बड़ी संख्या में दर्शनार्थी पहुंचे। भक्तों की लंबी कतारें सुबह से ही लग गईं। श्रद्धालु रामलला के दर्शन के बाद हनुमानगढ़ी पहुंचकर बजरंगबली के समक्ष शीश झुका रहे हैं। आस्था का यह संगम पूरे शहर को भक्तिमय बना रहा है।

मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद

सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार ने संभाली है। उन्होंने रातभर परिक्रमा मार्ग का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर अपनी टीमों के साथ लगातार मैदान में मौजूद रहे। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी नेटवर्क के जरिए पूरे मार्ग की निगरानी की जाती रही। सीआरपीएफ, पीएसी और सिविल पुलिस के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे। एडीजी प्रवीण कुमार ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे श्रद्धापूर्वक और सौहार्दपूर्ण तरीके से परिक्रमा करें।

कमिश्नर, डीआईजी व नगर आयुक्त ने की परिक्रमा

कमिश्नर राजेश कुमार, नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार और डीआईजी रेंज सोमेन वर्मा ने भी स्वयं पंचकोसी परिक्रमा की। वहीं कमिश्नर ने आज लगभग दो घंटे में पंचकोसी परिक्रमा पूर्ण की। उन्होंने मार्ग पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं से कुशल-क्षेम पूछा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। प्रशासन ने चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, पीने के पानी, शौचालय और यातायात प्रबंधन की ठोस व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए अधिकारियों की टीमें लगातार सक्रिय हैं।

श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे संत महंत व जनप्रतिनिधि

अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और मणिरामदास छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास समेत कई संत-महंत भी श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे दिखाई दिए। पंचकोसी मार्ग पर भक्ति और अनुशासन दोनों का अनोखा मेल देखने को मिला। परिवार सहित आए श्रद्धालु, बुजुर्ग, युवा और बच्चे सभी आस्था के पथ पर आगे बढ़ते रहे। योगी सरकार की व्यवस्थाओं के कारण इस बार परिक्रमा पहले से कहीं अधिक सुगम और सुरक्षित महसूस हो रही है।

पहले छोटी व संकरी गलियों में होती थी, आज फोर लेन पर चल रहे

स्थानीय निवासी राम प्रसाद मिश्र ने बताया कि मैं पिछले कई सालों से पंचकोसी परिक्रमा करता आ रहा हूं। पहले संकरी गलियों में बहुत भीड़ और असुविधा होती थी। अब फोर लेन मार्ग और पानी-प्रसाद की व्यवस्था देखकर बहुत खुशी हो रही है। योगी सरकार ने सच में श्रद्धालुओं की सुविधा का ख्याल रखा है। रामलला के दर्शन के बाद यह परिक्रमा और भी पुण्यदायी लग रही है।

पहली बार परिवार के साथ आईं सुनीता ने जमकर की तारीफ

बस्ती से आईं सुनीता देवी परिवार सहित पहली बार परिक्रमा करने आई थीं। उन्होंने कहा कि रास्ते में जगह-जगह सेवा कैंप लगे हैं, पानी और चिकित्सा की सुविधा है। पुलिस वाले भी बहुत सहयोग कर रहे हैं। हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में भी दर्शन सुखद रहे। पूरा माहौल भक्ति से भरा है। जय श्रीराम।
पीएम मोदी 21 नवंबर काे आएंगे लखनऊ, पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नरेंद्र मोदी शनिवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रस्तावित कौशल भारत, कुशल भारत के अंतर्गत पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इसको लेकर लखनऊ पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये हैं। यातायात मार्ग को परिवर्तित किया गया है।

प्रधानमंत्री के लखनऊ आगमन पर शुक्रवार को पुलिस कमिश्ररेट लखनऊ की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एडवाईजारी जारी की गई है। पत्र में बताया गया है कि प्रधानमंत्री मोदी तय कार्यक्रम के तहत शनिवार काे विशेष विमान से अमौसी एयरपोर्ट पर आगमन करेंगे। यहां से वे सुरक्षा फ्लीट के माध्यम से निर्धारित सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल इंदिरागांधी प्रतिष्ठान में पहुंचेगे। इसको ध्यान में रखते हुए लखनऊ में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गये हैं। सुरक्षा की दृष्टि से कार्यक्रम स्थल और संवेदनशील क्षेत्रों को जोन और सेक्टर में विभाजित किया गया है। फील्ड डिप्लॉयमेंट के तहत 4400 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गयी है। इसमें वरिष्ठ अधिकारी के तौर पर आठ पुलिस उपायुक्त 10 अपर पुलिस उपायुक्त, 34 सहायक पुलिस आयुक्त की तैनाती की गई है। इसके अलावा 111 निरीक्षक, 946 उपनिरीक्षक, 108 महिला उपनिरीक्षक, के अलावा यातायात व्यवस्था के 31 निरीक्षक, 140 उपनिरीक्षक और 619 मुख्य आरक्षी और आरक्षियों की ड्यूटी लगाई गई गई है। अतिरिक्त बल में 11 कंपनी व टू प्लाटून पीएसी, दो कंपनी आरआरएफ, एक टीम एनएसजी, तीन टीम एटीएस, एक स्नाइपर एंटी ड्रोन सिस्टम, एक एंटी ड्रोन टीम, तीन टीम नाइट विजन सुरक्षा शाखा छह टीम एक्सेस कंट्रोल (सुरक्षा शाखा व एलआईयू) को लगाया गया है।

प्रधानमंत्री के आगमन से पहले सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए रूट रिहर्सल, मेडिकल रिस्पांस और भीड़ प्रबंधन के लिए मॉकड्रिल संपन्न की गई है। इससे पहले समस्त पुलिस बल, प्रशासनिक एवं सुरक्षा इकाईयो की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित कर प्वाइंट, रूट प्लानिंग और वीवीआईपी प्रोटोकॉल की जानकारी दी गई है। अमौसी एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक के मार्गों पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है।
प्रयागराज में अंबिकापुर के नए आलू की धूम, दाम गिरे, स्थानीय आवक से और सस्ता होगा

प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह

इस समय छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले का नया आलू बाजार में है। इसका दाम दस दिन पहले 100 रुपये प्रतिकिलो था, जो इस समय घटकर 35 रुपये के करीब हो गया है।वहीं पुराना आलू 20 रुपये किलो है। 15 दिसंबर के बाद स्थानीय स्तर का नया आलू बाजार में आ जाएगा, जिसके बाद इसकी कीमत 20 रुपये के आसपास हो जाएगी। उधर, अन्य सब्जियों के दाम स्थिर हैं। जल्द ही हरी सब्जियों की नई खेप आने पर इसकी कीमत भी बेहद कम हो जाएंगी।गऊघाट, कटरा, साउथ मलाका, खुल्दाबाद, तिनकोनिया, एजी आफिस, मुंडेरा समेत अन्य सब्जी मंडियों में इस समय नया आलू छाया हुआ है। शुरुआत में इसकी कीमत चढ़ी हुई थी, लेकिन धीरे-धीरे इसके दाम कम हुए और इस समय 35 रुपये प्रतिकिलो के आसपास है।मुंडेरा मंडी के थोक विक्रेता प्रमोद यादव बच्चा, अजय कुशवाहा बताते हैं कि इस समय नया आलू छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले से आ रहा है। नौ नवंबर तक फुटकर बाजार में यह 100 रुपये प्रतिकिलो बिक रहा था, लेकिन अब इसकी कीमत नीचे आ गई है। 15 दिसंबर के बाद प्रयागराज, कौशांबी जिले का नया आलू आना शुरू हो जाएगा, तब इसके दाम बेहद कम होंगे।
महिला आयोग की  सदस्य ऋतु शाही ने की महिला जनसुनवाई

*बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली, 14 मेधावी छात्राओं को वितरित की गई स्टडी टेबल व शैक्षिक सामग्री*


*गोण्डा 20 नवम्बर,2026*।
उ०प्र० राज्य महिला आयोग की  सदस्य  ऋतु शाही का जनपद में शुक्रवार को आगमन हुआ। उन्होंने सर्किट हाउस में महिला जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा, आवास, साफ सफाई, पुलिस केस, जमीनी विवाद, राशनकार्ड आदि से संबंधित  कुल 15 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनके निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान मा० सदस्य श्रीमती शाही ने कहा कि महिला उत्पीड़न एवं महिलाओं से संबंधित शिकायतों का निस्तारण आयोग की प्राथमिकता है। महिलाओं को न्याय दिलाना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला संबंधी प्रकरणों में संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ कार्रवाई करते हुए पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी महिला की समस्या की अनदेखी न की जाए और शासन की मंशा के अनुरूप महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं न्याय उपलब्ध कराया जाए।

इससे पूर्व सरयू प्रसाद कन्या इण्टर कॉलेज में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे मा. सदस्य श्रीमती ऋतु शाही ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान कक्षा 6 से कक्षा 12 तक की 14 मेधावी छात्राओं को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत स्टडी टेबल, डस्टर एवं मार्कर वितरित किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मा० सदस्य श्रीमती ऋतु शाही ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं उनके सर्वांगीण विकास में बाधक है। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। बेटियों को शिक्षा के समान अवसर प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना हम सभी का दायित्व है।

उन्होंने उपस्थित लोगों को बाल विवाह न करने और न होने देने की शपथ दिलाते हुए आम जनमानस से इस सामाजिक बुराई के विरुद्ध आगे आने तथा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा ने बाल विवाह करने या कराने पर बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत निर्धारित दंड एवं विधिक कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी।

उन्होंने लोगों से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य गिरजा मिश्रा ने मा. सदस्‍य को धन्‍यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम के दौरान महिला थाना प्रभारी अनीता यादव, संरक्षण अधिकारी चन्द्रमोहन वर्मा, सेंटर मैनेजर चेतना सिंह, डिस्ट्रिक्ट मिशन कोआर्डिनेटर शिवेन्द्र श्रीवास्तव, जेंडर स्पेशलिस्ट राजकुमार आर्य, परियोजना समन्वयक नीतू त्रिपाठी, अपराजिता सामाजिक समिति की निदेशक किरन वैश्य व कार्यक्रम प्रबन्‍धक अभय पाण्डेय व विद्यालय के स्‍टाफ आदि मौजूद रहे।
धन धन साहिब श्री गुरु नानक देव महाराज जी का 558वाॅ  पावन प्रकाश पर्व पर भोर बेला मे दिव्य-भव्य प्रभात फेरी निकली
गुरु के जयकारे एवं गुरु की महिमा से प्रेम भरी वाणी से वातावरण भक्ति मय रहा

प्रयागराज
Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह

धन धन साहिब श्री गुरु नानक देव महाराज जी का 558वाॅ पावन प्रकाश पर्व पर भोर बेला मे दिव्य-भव्य प्रभात फेरी बहुत ही श्रद्धा आस्था विश्वास के साथ सिख संगत गुरुद्वारा साहिब अलोपीबाग प्रयागराज से आरंभ होकर विभिन्न रास्ते भर श्रद्धालु गुरबाणी शब्दों के सामूहिक उच्चारण से निर्धारित मार्गो का वातावरण गुरबाणी मय हो गया इस दौरान पंथ से संबंधित पारंपरिक जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहाl
वाहेगुरु,वाहेगुरु,जो बोले सो निहाल सत श्री अकाल,वाहेगुरु,वाहेगुरु का जाप-शब्द-कीर्तन गान करते हुए वातावरण को सुगंधित,स्वच्छ,भक्ति मय बना दिया वाहेगुरु जी का खालसा,वाहेगुरु जी की फतेह का उद्घोष करते हुए गुरु की महिमा का पाठ श्रद्धालुओं ने किया संगत चल रही थी लोग घरों से फूलों की वर्षा करते हुए गुरु संगत का आशीर्वाद प्राप्त करते रहेl
जो क्षेत्र के विभिन्न मार्गो अलोपी बाग पंजाबी कॉलोनी,मटियारा रोड मार्ग से होते हुए गुरुद्वारा साहिब अलोपीबाग प्रयागराज पहुंचेगी। जिसमें सभी धर्म-संप्रदाय के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे वाहेगुरु-वाहेगुरु का जाप बराबर चलता रहेगाl समाप्ति उपरांत चाय और नाश्ते का अटूट लंगर बरता।
परमजीत सिंह बग्गा गुरुद्वारा प्रधान ने बताया कि संगत के लिए अत्यंत हर्ष का विषय है कि गुरुद्वारा सिख संगत आलोपीबाग प्रयागराज की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण हुए गुरुद्वारा साहिब अलोपीबाग प्रयागराज में 24/11/2026 को प्रातः कॉल से दोपहर 2 बजे तक शब्दकीर्तन,कथा,व्याख्यान,अरदास,हुकुमनामा इत्यादि पंथ के सुप्रसिद्ध रागी जत्थों द्वारा गुरु का यश गायन होगा उसके उपरांत गुरु का लंगर के वितरण के साथ ही कार्यक्रम की संपूर्णता होगीlसभी समुदाय के लोगों से अपील की है कि आयोजित प्रकाश पर्व में बिना किसी भेदभाव के सम्मिलित होकर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त करेंl
प्रभात फेरी में सुविख्यात समाजसेवी व भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा काशी क्षेत्र, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरदार पतविंदर सिंह ने जगह-जगह कहा कि गरीबों बच्चों की शिक्षा-स्वास्थ्य पर ध्यान देते हुए एवं ऊनी वस्त्र दान करते रहें सेवा व दान अवश्य करना चाहिए साहिब श्री गुरु नानक देव जी गरीबों और मजदूरों की मदद के पक्षधर थे सभी श्रद्धालुओं को पुराने एवं नए ऊनी वस्त्र को फेंकने की बजाय जरूरतमंदों को दान करें जिससे जरूरतमंद मानव शरीर अपने आप को जाड़े से बचाया जा सके l
परमजीत सिंह बग्गा,गुरुदीप सिंह,सरदार पतविंदर सिंह,कुलदीप सिंह,परमिंदर सिंह बंटी,मनु चावला,बलजीत सिंह,यशप्रीत सिंह,सुरेंद्र कौर, जसकीरत सिंह,युवराज सिंह,हरमनजी सिह,कुलदीप सिंह खालसा,लखविंदर सिंह,राजेंद्र सिंह ग्रोवर,जसवीर सिंह,मनजीत सिंह खालसा,सुदर्शन सिंह,प्रेमजीत गुुजराल,जसवीर कौर,अंजु गुलजार,सरगम कौर,दलजीत कौर,गुरदीप सिंह रोमी,अगम सिंह सहित बड़ी संख्या मे सामाजिक,
सांस्कृतिक,धार्मिक से जुड़े पुरुष-महिलाएं प्रभात फेरी में सम्मिलित हुएl