गुरुकुल विवाद पर सांसद मनीष जायसवाल का सख्त रुख, नगर निगम से निष्पक्ष जांच और सार्वजनिक माफी की मांग

हजारीबाग में आर्ष कन्या गुरुकुल के सम्मान और श्री सूर्य षष्ठी छठ पूजा फल वितरण समिति के बैनर फाड़े जाने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। गुरुवार को सांसद मनीष जायसवाल ने आर्ष कन्या गुरुकुल सभागार में प्रेस वार्ता कर नगर निगम के अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी भी सामाजिक, धार्मिक या शैक्षणिक संस्था के सम्मान के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सांसद ने कहा कि यदि नगर निगम को बैनर से आपत्ति थी तो संबंधित समिति को सूचना देकर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती थी। लेकिन बैनर फाड़ने और उसके बाद गुरुकुल के आचार्य के साथ कथित दुर्व्यवहार का आरोप गंभीर है। उन्होंने नगर आयुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले पदाधिकारी पर विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की।

सांसद ने संबंधित अधिकारी से गुरुकुल पहुंचकर आचार्य कौटिल्य से माफी मांगने और छात्राओं से बातचीत कर भविष्य में ऐसी घटना नहीं होने का भरोसा दिलाने की भी मांग की।

वहीं, समिति के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने नगर निगम के आपसी विवाद का खामियाजा आम लोगों और सामाजिक संस्थाओं को भुगतने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि अधिकारियों का व्यवहार ऐसा होना चाहिए कि उनके स्थानांतरण पर लोग उन्हें याद करें।

झारखंड स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच के केंद्रीय अध्यक्ष बटेश्वर प्रसाद मेहता ने घटना की निंदा करते हुए दोषी पदाधिकारी पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने भी कहा कि बैनर को लेकर कोई आपत्ति थी तो बातचीत के जरिए समाधान निकाला जाना चाहिए था।

प्रेस वार्ता में आचार्य कौटिल्य ने आरोप लगाया कि मंगलवार को हुई घटना के दौरान अधिकारियों ने छात्राओं के सामने उनके लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि इस कथित व्यवहार से गुरुकुल की बच्चियां आहत हैं और उनका पठन-पाठन भी प्रभावित हुआ है।

आचार्य ने यह भी स्पष्ट किया कि गुरुकुल के बाहर लगाए गए जिस बैनर को फाड़ा गया, उससे गुरुकुल का कोई संबंध नहीं था। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पदाधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

अब देखना होगा कि नगर निगम प्रशासन इन आरोपों पर क्या पक्ष रखता है और मामले में जांच के बाद क्या कार्रवाई होती है।

महावीर लाल विश्वकर्मा को भाजपा नेताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, पार्थिव शरीर पर ओढ़ाया पार्टी का झंडा

हजारीबाग के पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता महावीर लाल विश्वकर्मा के निधन से भाजपा परिवार सहित पूरे राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। गुरुवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, सांसद मनीष जायसवाल और सदर विधायक प्रदीप प्रसाद समेत कई वरिष्ठ नेता उनके आवास पहुंचे। सभी ने पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन कर पुष्प अर्पित किए और भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान भाजपा नेताओं ने दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर पार्टी का झंडा ओढ़ाकर संगठन की ओर से अंतिम सम्मान प्रकट किया।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि महावीर लाल विश्वकर्मा का निधन भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना पूरा जीवन संगठन, समाज और राष्ट्र की सेवा में समर्पित किया। उनका सादगीपूर्ण जीवन और संगठन के प्रति निष्ठा हमेशा कार्यकर्ताओं को प्रेरित करती रहेगी।

वहीं, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने उन्हें संगठन की विचारधारा और कार्यकर्ता आधारित राजनीति का मजबूत स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि उनका संघर्षपूर्ण जीवन और सिद्धांतों के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

सांसद मनीष जायसवाल ने भावुक होते हुए कहा कि महावीर लाल विश्वकर्मा उनके लिए अभिभावक तुल्य थे। उनका स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद हमेशा मिलता रहा। हजारीबाग की राजनीति और भाजपा संगठन में उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।

श्रद्धांजलि देने वालों में प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह, आनंद देव, शिवलाल महतो, सुनील मेहता और पूर्व जिलाध्यक्ष टुन्नू गोप सहित बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

महावीर लाल विश्वकर्मा के निधन से हजारीबाग ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और भाजपा परिवार ने अपना अभिभावक खो दिया है। उनके विचार, आदर्श और सामाजिक योगदान हमेशा याद किए जाते रहेंगे।

हजारीबाग नगर निगम में महापौर और नगर आयुक्त आमने-सामने, अरविंद राणा ने खोला मोर्चा, नामजद मुकदमे की चेतावनी

हजारीबाग नगर निगम में महापौर और नगर आयुक्त के बीच विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। छठ पूजा फल वितरण समिति के पोस्टर-बैनर हटाने की कार्रवाई से नाराज महापौर अरविंद राणा ने नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

प्रेस वार्ता कर महापौर ने नगर आयुक्त पर बोर्ड के फैसलों की अनदेखी, जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा और वित्तीय अनियमितताओं समेत कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब नगर आयुक्त के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराएंगे। जरूरत पड़ी तो धरना-प्रदर्शन, चक्का जाम और न्यायालय तक लड़ाई लड़ेंगे।

महापौर ने कहा कि वह अवैध होर्डिंग हटाने के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन कार्रवाई सबके लिए एक समान होनी चाहिए। उन्होंने 8 जुलाई की बोर्ड बैठक का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि बड़े विज्ञापन बोर्ड संचालकों को नोटिस देकर जवाब देने का मौका दिया गया, जबकि छठ पूजा फल वितरण समिति के पोस्टर बिना नोटिस हटाने की कार्रवाई की गई। महापौर के मुताबिक, समिति ने करीब 70 लाख रुपये के फल वितरित किए हैं और इससे लगभग 700 लोग जुड़े हुए हैं।

महापौर ने नवाबगंज स्थित आर्ष कन्या गुरुकुल में निगम की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि यहां आर्थिक रूप से कमजोर बच्चियों को वेद-वेदांग की शिक्षा दी जाती है। ऐसे संस्थान के मामले में नियमानुसार नोटिस देकर कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, आरोग्यम अस्पताल के समीप हुई कार्रवाई को लेकर भी उन्होंने समान नियम लागू करने की मांग की।

जन्म प्रमाण पत्र और भवन नक्शा स्वीकृति को लेकर भी महापौर ने गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने चतरा नगर परिषद अध्यक्ष की बेटी के जन्म प्रमाण पत्र मामले का जिक्र करते हुए जांच रिपोर्ट के बाद भी कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक नहीं होने पर सवाल किया। साथ ही नक्शा स्वीकृति में छह महीने से एक साल तक की देरी और चुनिंदा आवेदनों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया।

खरीदारी और टेंडर प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए महापौर ने कहा कि बोर्ड के निर्णय के बावजूद जेल से कुर्सी, स्टेशनरी और अन्य सामग्री की खरीदारी नहीं की जा रही है। उन्होंने फिनाइल की कीमतों का उदाहरण देते हुए खरीदारी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की। इसके अलावा छड़वा फाटक निर्माण के प्राक्कलन और मटवारी गांधी मैदान में डिजनीलैंड मेले के टेंडर की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए।

महापौर ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले कई महीनों से बोर्ड की नियमित समीक्षा बैठक नहीं हो रही है। विकास योजनाओं, खर्च और टेंडर से जुड़ी जानकारी जनप्रतिनिधियों को नहीं दी जा रही है। उन्होंने पिछले दस महीनों के कार्यों और खर्च का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की।

अब इस पूरे विवाद में महापौर ने कानूनी कार्रवाई और आंदोलन की चेतावनी देकर साफ कर दिया है कि मामला इतनी आसानी से शांत होने वाला नहीं है। हालांकि, नगर आयुक्त की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

गोपाष्टमी पर आरोग्यम अस्पताल की अनूठी पहल, 500 लोगों की हुई निःशुल्क स्वास्थ्य और नेत्र जांच

हजारीबाग के सीतागढ़ स्थित पिंजरापोल गौशाला परिसर में गोपाष्टमी महोत्सव के अवसर पर गौसेवा के साथ मानव सेवा की भी अनूठी तस्वीर देखने को मिली। यहां एच.जेड.बी. आरोग्यम कुणाल वुमेन एंड चिल्ड्रेन हॉस्पिटल और एच.जेड.बी. आरोग्यम अस्पताल एवं ट्रॉमा केयर की ओर से एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर लगाया गया।

इस शिविर में आसपास के इलाकों से पहुंचे करीब 500 लोगों ने अपनी स्वास्थ्य और आंखों की जांच कराई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को निःशुल्क परामर्श भी दिया।

शिविर में अनुभवी डॉक्टरों और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की टीम ने ब्लड प्रेशर सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच की। वहीं, आधुनिक उपकरणों से आंखों की जांच कर लोगों को जरूरी चिकित्सकीय सलाह दी गई। स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग और फर्टिलिटी केयर से जुड़ी समस्याओं पर भी विशेषज्ञों ने लोगों का मार्गदर्शन किया।

इस मौके पर अस्पताल के निर्देशक हर्ष अजमेरा ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना आरोग्यम अस्पताल की प्राथमिकता है। गोपाष्टमी के अवसर पर गौसेवा के साथ मानव सेवा का यह प्रयास विशेष महत्व रखता है। अस्पताल का प्रयास है कि जरूरतमंद लोगों को समय पर बेहतर चिकित्सा परामर्श मिल सके।

वहीं, अस्पताल की प्रशासक जया सिंह ने कहा कि शिविर में करीब 500 लोगों की भागीदारी बताती है कि समाज में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की जरूरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अस्पताल की ओर से आगे भी जनहित में ऐसे शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।

इधर, गोपाष्टमी महोत्सव को लेकर गौशाला परिसर में सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से गौ माता की पूजा-अर्चना की और हरा चारा खिलाकर सुख-समृद्धि की कामना की। परिसर में लगे मेले, विभिन्न स्टॉल और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।

कुल मिलाकर गोपाष्टमी के इस आयोजन में धार्मिक आस्था, गौसेवा और स्वास्थ्य सेवा का सुंदर संगम देखने को मिला।

गोपाष्टमी पर पिंजरापोल गोशाला पहुंचे मुन्ना सिंह, गौ माता की पूजा-अर्चना कर किया गौसेवा

हजारीबाग। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर हजारीबाग स्थित पिंजरापोल गोशाला में आयोजित मेले में मुन्ना सिंह शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से गौ माता की पूजा-अर्चना की और उन्हें हरा चारा एवं खाद्य सामग्री खिलाकर गौसेवा की।

मौके पर मुन्ना सिंह ने कहा कि गौ माता की सेवा हमारी संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। गौ माता का संरक्षण और उनकी देखभाल करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे गौसेवा के लिए आगे आएं और अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करें।

उन्होंने यह भी कहा कि गौसेवा केवल किसी विशेष पर्व तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पूरे वर्ष गौ माता की सेवा और संरक्षण के प्रति जागरूक रहना चाहिए।

इस अवसर पर राजीव रंजन प्रसाद, शारदानंद सिंह, शंकर चंद पाठक, बजरंग खंडेलवाल, राकेश सिन्हा एवं आनंद देव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

लखैया ओपन क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आगाज, विजेता टीम को मिलेंगे 51 हजार रुपये

लखैया में क्रिकेट का रोमांच शुरू हो चुका है। खिलाड़ियों के जोश और खेलप्रेमियों के उत्साह के बीच लखैया ओपन क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुन्ना सिंह ने किया। उद्घाटन के मौके पर उन्होंने मैदान में मौजूद खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साह बढ़ाया। साथ ही आयोजन समिति को इस शानदार पहल के लिए बधाई दी।

टूर्नामेंट का पहला मुकाबला लखैया वॉरियर्स और मांडू की टीम के बीच खेला गया। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 51 हजार रुपये नकद और कप, जबकि उपविजेता टीम को 31 हजार रुपये नकद और कप देकर सम्मानित किया जाएगा।

इस मौके पर अध्यक्ष बिट्टू पासवान, सचिव विक्की पासवान, कोषाध्यक्ष डब्लू रजक, संयोजक संजय यादव और सुशील पासवान सहित रामप्रसाद यादव, रघुनाथ रजक, भुवनेश्वर पासवान, नागेश्वर पासवान, सुरेश पासवान और बृजेश सिंह समेत कई खेलप्रेमी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि मुन्ना सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मौका मिलता है। युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें एक अच्छा मंच देना बेहद सराहनीय पहल है।

फिलहाल लखैया के मैदान में क्रिकेट का रोमांच शुरू हो चुका है। अब देखना होगा कि इस टूर्नामेंट की ट्रॉफी आखिर किस टीम के नाम होती है।

काफिले को छोड़ बाइक से छठ घाट पहुंचे सांसद मनीष जायसवाल, श्रद्धालुओं के बीच मनाया छठ महापर्व

हजारीबाग में छठ महापर्व के उषा अर्घ्य के दौरान सांसद मनीष जायसवाल की एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसे देखते हुए सांसद लंबे गाड़ियों के काफिले के बजाय बाइक से शहर के विभिन्न छठ घाटों तक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने छठ पूजा समितियों का उत्साह बढ़ाया और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर पर्व की खुशियां साझा कीं।

सांसद मनीष जायसवाल ने हुड़हुड़ू स्थित जोड़ा तालाब और लंबा तालाब छठ घाट पहुंचकर भगवान भास्कर को उषा अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने छठ महाव्रतियों से आशीर्वाद भी प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने शहर के विभिन्न छठ मार्गों पर की गई आकर्षक पुष्प सज्जा और विद्युत सज्जा का भी जायजा लिया।

दोनों छठ घाटों पर स्थानीय लोगों और पूजा समितियों की ओर से सांसद का स्वागत किया गया। जोड़ा तालाब घाट पर डिप्टी मेयर अविनाश कुमार यादव और नीरज कुमार ने चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं लंबा तालाब घाट पर रेणुका साहू और दिलीप साहू ने तिलक लगाकर उनका स्वागत किया।

इसके अलावा भाजपा नेत्री सीमा पासवान और अनूप अग्रवाल ने अपने आवास पर सांसद का स्वागत किया, जहां उन्होंने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद वे पत्रकार प्रमोद खंडेलवाल और रितेश खंडेलवाल के आवास पहुंचे और छठ का पारंपरिक प्रसाद ग्रहण किया।

इस दौरान सांसद मनीष जायसवाल के साथ उनके मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी भी मौजूद रहे। बाइक से घाटों तक पहुंचने के सांसद के इस अंदाज की स्थानीय श्रद्धालुओं ने सराहना की।

हजारीबाग में उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व संपन्न, तिरंगा मित्र फाउंडेशन ने व्रतियों की सेवा कर पेश की मिसाल

हजारीबाग में लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ का सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही श्रद्धा और उल्लास के बीच समापन हो गया। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक छठी मैया के गीतों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से घाटों का माहौल भक्तिमय बना रहा।

रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देने के बाद सोमवार सुबह करीब 6 बजकर 4 मिनट पर व्रतियों ने उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य दिया। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला उपवास पूरा हुआ और व्रतियों ने पारण किया।

हजारीबाग के झील, बुढ़वा महादेव तालाब, खजांची तालाब, इंद्रपुरी चौक, कालीबाड़ी और हुडहुडू स्थित लंबा तालाब समेत शहर के प्रमुख छठ घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए उपायुक्त हेमंत सती और एसपी अमन कुमार के निर्देश पर जिला प्रशासन अलर्ट रहा। घाटों पर सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग की गई थी। वहीं, ट्रैफिक डीएसपी की टीम ने प्रमुख घाटों के रास्तों पर विशेष रूट चार्ट और पार्किंग की व्यवस्था की थी।

वहीं, छठ महापर्व के दौरान सामाजिक संस्थाओं ने भी सेवा भाव का परिचय दिया। इसी कड़ी में तिरंगा मित्र फाउंडेशन की ओर से लगातार दो दिनों तक विशेष सेवा शिविर लगाया गया।

रविवार को पहले अर्घ्य के दिन फाउंडेशन के सदस्यों ने श्रद्धालुओं के बीच दूध, अगरबत्ती और माचिस का निःशुल्क वितरण किया। वहीं, सोमवार सुबह दूसरे अर्घ्य के बाद व्रतियों के पारण के लिए दही, चीनी और नींबू वितरित किए गए।

फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था के साथ सेवा और समर्पण का भी पर्व है। संस्था का प्रयास रहता है कि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने छठी मैया से पूरे हजारीबाग में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

फाउंडेशन की इस पहल की स्थानीय लोगों और छठ व्रतियों ने सराहना की। पूरे पर्व के दौरान हजारीबाग में श्रद्धा, भक्ति और आपसी सौहार्द का माहौल देखने को मिला।

छठ घाटों पर पहुंचे सांसद मनीष जायसवाल, व्रतियों से लिया आशीर्वाद और ग्रहण किया ठेकुआ प्रसाद

हजारीबाग। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण किया। इस दौरान वे बाइक से अलग-अलग घाटों पर पहुंचे और छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

इसी क्रम में सांसद बड़ा बाजार स्थित संस्कार एनक्लेव, जैन मंदिर रोड पहुंचे। यहां उन्होंने पत्रकार प्रमोद खंडेलवाल एवं पत्रकार रितेश खंडेलवाल के आवास पर पहुंचकर परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। छठ व्रती विनीता खंडेलवाल ने पारंपरिक रीति-रिवाज से तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद सांसद ने छठ महापर्व का पारंपरिक प्रसाद ठेकुआ श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया और परिवार के साथ तस्वीर भी खिंचवाई।

इस मौके पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, आस्था और लोक परंपराओं का अद्भुत प्रतीक है। यह पर्व सामाजिक समरसता और पारिवारिक आत्मीयता का संदेश देता है। विभिन्न छठ घाटों पर व्रतियों से मिलना और उनका आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

हजारीबाग के बड़कागांव में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वध के लिए ले जाए जा रहे 13 मवेशी बरामद, 3 तस्कर गिरफ्तार

हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 मवेशियों को बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर की रात करीब 12 बजकर 10 मिनट पर बड़कागांव थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम सिरमा से कदमाडीह और ढेंगा होते हुए सुकुल खपिया की ओर कुछ लोग पैदल ही मवेशियों को क्रूरतापूर्वक मारते-पीटते वध करने की नीयत से ले जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में एक छापामारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने संभावित रास्ते की घेराबंदी की। इसी दौरान 6 से 7 व्यक्ति—जिनमें कुछ बाइक पर सवार थे और कुछ पैदल चल रहे थे—मवेशियों को हांकते हुए आते दिखे। पुलिस की गाड़ी देखते ही सभी आरोपी मवेशी और मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे।

पुलिस बल के जवानों ने खदेड़ कर तीन लोगों को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि 3 से 4 अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बड़कागांव थाना क्षेत्र के ग्राम सिरमा निवासी 42 वर्षीय मोहम्मद वाजिद अली, 25 वर्षीय मोहम्मद आरीज और 23 वर्षीय मुकम्मल हुसैन के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आसपास के गांवों से सस्ते दामों में मवेशी खरीदकर हजारीबाग की ओर वध करने वाले व्यापारियों को बेचने ले जा रहे थे।

पुलिस ने मौके से कुल 13 मवेशी बरामद किए हैं, जिनमें 9 बैल, 2 काड़ा और 2 भैंस शामिल हैं। सभी मवेशियों को सुरक्षित स्थानीय गौशाला भेजा जा रहा है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से 18 हजार रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है।