छठ व्रतियों को 11 रुपये में मिलेगी 21 प्रकार की पूजन सामग्री, हजारीबाग यूथ विंग ने पूरी की तैयारी
हजारीबाग। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर हजारीबाग यूथ विंग की ओर से लगातार चौथे वर्ष विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत 301 छठ व्रतियों को मात्र 11 रुपये की सहयोग राशि पर सूप, नारियल सहित 21 प्रकार की पूजन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
यह कार्यक्रम 12 नवंबर, गुरुवार को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक के. बी. सहाय मार्ग स्थित खजांची तालाब के निकट आयोजित होगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य दिनभर जुटे रहे। 301 सूप और नारियल की विधिवत सफाई के बाद सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से पूजन सामग्री की पैकिंग की। सामग्री में शुद्ध घी, सिंदूर, रोली, कपूर, काठ बादाम, कमल गोटा, लौंग, इलायची, बड़ी इलायची, छोहाड़ा, मखाना, रुई-बत्ती, धूपबत्ती, सुपारी, आरता पत्ता, माचिस सहित छठ पूजा की अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है।
संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि छठ महापर्व पवित्रता, अनुशासन, आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। संस्था का प्रयास है कि व्रतियों के कठिन अनुष्ठान में छोटी-सी सहभागिता निभाकर सेवा और सहयोग का संदेश दिया जाए।
अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि संस्था लगातार चौथे वर्ष सेवा और समर्पण की भावना से यह आयोजन कर रही है, ताकि छठ व्रतियों को आवश्यक पूजन सामग्री आसानी से मिल सके।
वहीं, उपाध्यक्ष विकास तिवारी ने कहा कि छठ महापर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत और लोक आस्था का गौरव है। इस अवसर पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सेवा करना सौभाग्य की बात है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी सहयोग और सद्भाव को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के सभी सदस्य सामूहिक रूप से अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। मौके पर संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन, उपाध्यक्ष विकास तिवारी, सचिव रितेश खण्डेलवाल, कार्यकारिणी सदस्य राजेश जैन, प्रणीत जैन, प्रीतम सिंह, सप्तऋषि पांडे, शेखर सुमन, विनय पांडे एवं विवेक सिन्हा सहित कई लोग मौजूद रहे।
Nov 12 2026, 18:53
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.7k