मुंबई में भी शुरू होगी पेट केयर शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्था : मंगलप्रभात लोढ़ा
मुंबई । पुणे में हाल ही में पेट केयर एजुकेशन एंड ट्रेनिंग संस्थान की शुरुआत की गई है। इसी तर्ज पर मुंबई में भी पेट केयर शिक्षा एवं प्रशिक्स्थान शुरू करने के लिए कौशल विकास विभाग के मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने पहल की है। इसके साथ ही राज्य की औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (आईटीआई) में पेट केयर से संबंधित विशेष पाठ्यक्रम शुरू करने की भी योजना है। मुंबई में पेट केयर शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान शुरू करने की दिशा में पशुप्रेमियों और नागरिकों से सुझाव एवं आपत्तियाँ आमंत्रित की जा रही हैं। इसके लिए मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर गूगल फॉर्म का लिंक उपलब्ध कराया गया है। मंत्री लोढ़ा ने नागरिकों से अपील की है कि, लिंक पर जाकर अपने विचार, सुझाव एवं आपत्तियाँ दर्ज करें।
मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने कहा कि पेट केयर एजुकेशन एंड ट्रेनिंग (PETE) पहल के माध्यम से पालतू पशुओं की देखभाल, स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक, वैज्ञानिक एवं नैतिक तरीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पेट केयर क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवक-युवतियों, इस क्षेत्र में पहले से कार्यरत पेशेवरों और पालतू पशुओं का पालन-पोषण करने वाले नागरिकों के लिए विभिन्न मान्यताप्राप्त प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम उपलब्ध कराने की योजना है। इस प्रशिक्षण में पेट हैंडलिंग, डॉग वॉकिंग, पेट सिटिंग, पेट ग्रूमिंग तथा पालतू पशुओं के लिए आवास एवं देखभाल सुविधाओं के प्रबंधन जैसे विभिन्न विषय शामिल होंगे। व्यावहारिक प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके तहत आधुनिक सुविधाओं में प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से विद्यार्थियों को आवश्यक कौशल सिखाए जाएंगे। इसके अलावा, पालतू पशुओं के स्वास्थ्य, पालन-पोषण और कल्याण से संबंधित ऑनलाइन पाठ्यक्रम भी पेट पैरेंट्स के लिए उपलब्ध कराने की योजना है। पेट केयर एजुकेशन एंड ट्रेनिंग इकोसिस्टम (PETE) पालतू पशुओं की देखभाल और पशु कल्याण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से पालतू पशुओं को विश्वस्तरीय सेवाएँ और उचित देखभाल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कुशल जनशक्ति तैयार करने में मदद मिलेगी। साथ ही, इस क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा। पालतू पशुओं के जीवन स्तर में सुधार लाने के साथ-साथ उनकी देखभाल करने वाले लोगों के कौशल और व्यावसायिक क्षमता का विकास करना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। मुंबई में भी ऐसा संस्थान शुरू करने की दिशा में पशुप्रेमियों और नागरिकों के सुझावों एवं अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए आगे की योजना तैयार की जाएगी, ऐसा मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने स्पष्ट किया।
विश्व हिन्दू परिषद गोरक्षा विभाग, आर्यमगढ़ की जिला कार्यसमिति की बैठक संपन्न

संगठन विस्तार के तहत नवीन दायित्वों की घोषणा


उपेन्द्र कुमार पांडेय


आजमगढ़:::विश्व हिन्दू परिषद गोरक्षा विभाग, आर्यमगढ़ की जिला कार्यसमिति की बैठक सकुशल संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ गौमाता के चित्र के सम्मुख पुष्पार्चन के साथ किया गया। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा एवं संगठन विस्तार पर चर्चा करते हुए विभिन्न पदों पर नवीन दायित्वों की घोषणा की गई।
बैठक में प्रान्त संरक्षक अशोक अग्रवाल, प्रान्त अध्यक्ष राणा प्रताप राय सोनू, प्रान्त उपाध्यक्ष दीनानाथ, जिलाध्यक्ष चंदन सिंह एवं जिला कार्याध्यक्ष अरविन्द अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
संगठन विस्तार के क्रम में प्रभुनाथ सिंह पप्पू को आर्यमगढ़ विभाग का विभाग अध्यक्ष घोषित किया गया। अजीत राय, अंजू राय एवं शशांक तिवारी को जिला उपाध्यक्ष, शिवम सिंह एवं विजय कुमार को जिला सह मंत्री, पवन सिंह को जिला गौशाला सम्पर्क प्रमुख तथा शशांक मिश्रा एवं मकरध्वज यादव को जिला सह संयोजक का दायित्व सौंपा गया। इसी क्रम में प्रखंड समितियों का विस्तार करते हुए लालचंद यादव को पल्हनी प्रखंड अध्यक्ष एवं रजनीश गुप्ता को पल्हनी प्रखंड मंत्री बनाया गया। संतोष चौहान को बिलरियागंज प्रखंड अध्यक्ष तथा अजीत शर्मा एवं अरविन्द चौरसिया को आर्यमगढ़ नगर उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया।
बैठक में रामकुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष नीरज अग्रवाल एवं रविन्द्र पाण्डेय, प्रान्त संयोजक गौरव रघुवंशी, जिला कोषाध्यक्ष संतोष गुप्ता, जिला मंत्री राघवेंद्र मिश्रा लड्डू, जिला संयोजक उत्कर्ष एवं जिला सह संयोजक अंकु गुप्ता सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा गौसेवा एवं गोरक्षा के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
राजपुरोहित समाज एवं छत्तीस कौम की तरफ से एड.रवि व्यास का सम्मान

भायंदर। राजपुरोहित समाज एवं छत्तीस कौम की ओर से मीरा भायंदर महानगरपालिका के सभागृह नेता एवं नगरसेवक एडवोकेट रवि व्यास का भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। भाजपा के जिला सचिव विक्रम राजपुरोहित,
सिलदर के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में समाज के गणमान्य नागरिकों एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एडवोकेट रवि व्यास को रूस के चुनाव में भारत के पर्यवेक्षक के रूप में प्रतिनिधित्व करने, राजस्थान के कोटा नगर निगम चुनाव में प्रभारी की जिम्मेदारी निभाने तथा कोटा नगर निगम में भाजपा के चेयरमैन बनने की उपलब्धि में उनकी भूमिका के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्यजनों ने पुष्पमालाएं पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया तथा उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सद्भावना का प्रतीक बना। राजपुरोहित समाज एवं छत्तीस कौम के प्रतिनिधियों ने कहा कि समाज की प्रतिष्ठा बढ़ाने वाली ऐसी उपलब्धियां सभी के लिए प्रेरणादायी हैं। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक समरसता और एकजुटता का संदेश भी दिया गया।
अंत में आयोजकों ने एडवोकेट रवि  व्यास के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए उनके सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन में निरंतर सफलता की कामना की।
महावीर सिंह वीर के सम्मान में आयोजित हुई कविगोष्ठी

ठाणे । कल्याण शहर के वरिष्ठ समाजसेवी एवं साहित्यिकार डॉ आर एल वर्मा के आवास शंखेश्वर रेजीडेन्सी कल्याण पश्चिम में 4 अक्टूबर 2026 को रुड़की से पधारे कवि वरिष्ट साहित्यकार महावीर सिंह वीर के सम्मान में एक काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। सरस्वती वंदना डा रामस्वरूप साहू स्वरूप एवं मंगलाचरण डा रामजी लाल वर्मा द्वारा हुआ।कार्यक्रम की अध्यक्षता गीतकार रामस्वरूप स्वरूप ने किया तथा मुख्य अतिथि के रूप में महावीर सिंह वीर उपस्थित थे।विशिष्ट अतिथि मुंबई से डा अशोक वशिष्ट, गीतकार डा दयाराम दर्द फीरोजावादी, गोविन्द सिंह ( मध्य रेलवे अधिकारी ), श्रीमती सुमित्रा गुप्ता सखी, सुमंगला सुमन,ममता राजौरिया ने काव्यपाठ कर गोष्ठी में चार चाँद लगा दिए। सभी ने मुख्य अतिथि महावीर सिंह वीर का भव्य स्वागत किया।वरिष्ठ साहित्यकार महावीर सिंह वीर का सम्मान संदेश के माध्यम से कवि एवं पत्रकार विनय शर्मा दीप ने शब्द पुष्प से किया।अंत में आयोजक डा रामजी लाल वर्मा ने कवि, कवयित्रियों, श्रोताओं का आभार व्यक्त किया।

फरियादियों की अपर पुलिस अधीक्षक ने सुनी समस्याएं
फर्रुखाबाद।
अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना कादरीगेट में आयोजित थाना समाधान दिवस पर आये फरियादियों की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि टीम के साथ स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार प्राप्त मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करें। थाना कादरीगेट का आकस्मिक निरीक्षण कर निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरे, साइबर हेल्प डेस्क, अपराध बुक, मिशन शक्ति केन्द्र व अन्य अभिलेखों की जांच की गई व सम्बन्धित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष में एसएम खान द्वारा मुफ्त चिकित्सा शिविर का आयोजन
मुंबई। भारत के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री तथा प्रधानमंत्री के पद पर 25 वर्ष पूर्ण करने तथा जन्मदिन के उपलक्ष में पूरे महाराष्ट्र में एक महीना तक चलाए जा रहे सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आज भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के महाराष्ट्र के पूर्व उपाध्यक्ष एसएम खान ने जोगेश्वरी वर्सोवा विधानसभा के आनंद नगर स्थित अपने कार्यालय के पास मेडिकल शिविर का आयोजन किया, जिसमें स्थानीय नागरिकों के लिए मेडिकल चेकअप, चश्मा वितरण तथा  मुफ्त दवाइयों का वितरण किया गया।महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आदेशानुसार एक महीने का कार्यक्रम पूरे महाराष्ट्र में सेवा पखवाड़ा के रूप में चलाया जा रहा है। एसएम खान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों से देश की आम आवाम पूरी तरह से संतुष्ट है। देश और प्रदेश आज विकास की नई ऊंचाइयों की तरफ बढ़ रहा है। एसएम खान द्वारा आयोजित इस शिविर में हजारों लोगों ने लाभ उठाया। इस अवसर पर सुनील दुबे, आरके दुबे, आरिफ हयात पंकज शर्मा राजीव चौहान, सरिता ढागे, जन्नतुनिषा नसरीन के अलावा बड़ी संख्या में पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए कौशल विकास विभाग तैयार! ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ को युवाओं का उत्साहपूर्ण प्रतिसाद

मुंबई।  केंद्रीय कौशल विकास विभाग की ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ नामक बहुराज्यीय नवाचार प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार विभाग के माध्यम से महाराष्ट्र में भी इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। आवेदन प्रक्रिया २१ सितंबर से शुरू हो चुकी है और १७ अक्टूबर २०२६ तक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
इस प्रतियोगिता में नवप्रवर्तक, विद्यार्थी, विद्यार्थी समूह, शोधकर्ता, प्राध्यापक, स्टार्टअप्स, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), कंपनियां, सामाजिक संस्थाएं, शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थाएं तथा अन्य नवाचार टीमें भाग ले सकती हैं। इस चैलेंज के माध्यम से स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों को कृषि, स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा, शहरी विकास, पर्यावरण, रक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, शिक्षा और रोजगार क्षमता जैसे विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं को समझने तथा उनके रचनात्मक समाधान प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
'सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज' में भाग लेने के लिए कोई आयु सीमा नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति की रचनात्मकता को अवसर मिलेगा। विद्यार्थियों के नवाचारों के लिए यह राज्यस्तरीय मंच उपलब्ध है और हमारी इच्छा है कि ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थी इसमें भाग लें। आदरणीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए हम काम कर रहे हैं,” ऐसा मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा।
मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने बताया कि ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के लिए महाराष्ट्र से अब तक तीन हजार से अधिक विद्यार्थियों और युवक-युवतियों ने पंजीकरण किया है। वहीं, गोवा, दीव-दमण और छत्तीसगढ़ से छह हजार से अधिक विद्यार्थियों और युवक-युवतियों ने इस प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण किया है। विशेष बात यह है कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों और युवक-युवतियों का भी उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिल रहा है। नवाचार और अनुसंधान के माध्यम से अपने विचारों को साकार करने के लिए उनकी भागीदारी बढ़ रही है।
इस प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी [https://sevainnovationchallenge.in/](https://sevainnovationchallenge.in/) पर जाकर या क्यूआर कोड स्कैन करके अपना प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर सकते हैं। पोर्टल पर पहले चरण में पंजीकरण के लिए आवश्यक जानकारी देनी होगी। दूसरे चरण में प्रोजेक्ट प्रस्तुत करते समय प्रतिभागियों को आधार से जुड़ी व्यक्तिगत जानकारी और प्रोजेक्ट का विवरण देना होगा। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। प्रतिभागियों की शंकाओं के समाधान के लिए वेबसाइट पर चैटबॉट की सुविधा भी उपलब्ध है।
आज मंत्रालय में कौशल विकास विभाग ने सृजन ट्रस्ट, पुणे और विज्ञान भारती कोंकण प्रांत के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए। मंत्री लोढ़ा ने विश्वास व्यक्त किया कि इन संस्थाओं के सहयोग से प्रतियोगिता में युवाओं के पंजीकरण का विश्व रिकॉर्ड बनेगा।
इन समझौता ज्ञापनों के माध्यम से ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ की जानकारी अधिक से अधिक युवक-युवतियों तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उनकी अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सृजन ट्रस्ट, पुणे और विज्ञान भारती कोंकण प्रांत सहयोग करेंगे।
विज्ञान भारती कोंकण प्रांत की ओर से विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने और प्रतियोगिता के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। सृजन ट्रस्ट के माध्यम से प्रतियोगिता का व्यापक प्रचार-प्रसार कर युवक-युवतियों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी। सृजन ट्रस्ट हर वर्ष ‘डिपेक्स’ उपक्रम के माध्यम से नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में काम करने वाले युवाओं के लिए सम्मेलन आयोजित करता है। इस उपक्रम के कारण ट्रस्ट बड़ी संख्या में नवाचार, अनुसंधान, स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में सक्रिय युवक-युवतियों के संपर्क में है। इस अवसर पर सृजन ट्रस्ट के न्यासी दीपक मुकादम, महाराष्ट्र राज्य कौशल विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. अपूर्वा पालकर, सृजन ट्रस्ट के डॉ. अमित नेहते सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
शिवसेना में उत्तर भारतीयों को भी मिले संवैधानिक पद: संतोष सिंह
मुंबई। शिवसेना में उत्तर भारतीय संगठन की भूमिका, उसके पदाधिकारियों के योगदान और पार्टी के संवैधानिक पदों पर उनकी सहभागिता को लेकर मुंबई उपाध्यक्ष संतोष सिंह ने अपनी बात रखी है। उन्होंने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना के मुख्य नेता एकनाथ शिंदे से उत्तर भारतीय समाज के प्रतिनिधित्व के विषय पर विचार करने का विनम्र अनुरोध किया है। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में उत्तर भारतीय संगठन को मान्यता मिलने के बाद संगठन से जुड़े कई पदाधिकारी सक्रिय रूप से अपनी भूमिका निभा रहे हैं। इनमें मुंबई उपाध्यक्ष संतोष सिंह का कहना है कि मुंबई में उत्तर भारतीय समाज से जुड़े मुद्दों को उठाना और उनकी समस्याओं को संबंधित प्रशासन तक पहुंचाना उनकी और संगठन के प्राथमिकताओं में शामिल है संतोष सिंह के अनुसार, उत्तर भारतीय समाज से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारियों में शिवसेना के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं संगठन के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष गुलाब चंद दूबे, कार्याध्यक्ष जय प्रकाश सिंह और महाराष्ट्र सचिव राजेश सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों के नामों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन नेताओं को भी पार्टी में संवैधानिक पदों पर जिम्मेदारी देने के विषय पर विचार किया जाना चाहिए। यह मांग केवल किसी एक व्यक्ति को पद देने तक सीमित नहीं है, बल्कि संगठन में उत्तर भारतीय समाज की राजनीतिक भागीदारी और प्रतिनिधित्व के व्यापक प्रश्न से जुड़ी है।
संतोष सिंह ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना के मुख्य नेता एकनाथ शिंदे से विनम्रतापूर्वक अनुरोध किया है कि वे उत्तर भारतीय समाज की भावनाओं और संगठन के पदाधिकारियों के योगदान को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर विचार करें
CPAI ने धूमधाम से मनाया विश्व सेरेब्रल पाल्सी दिवस
मुंबई। सेरेब्रल पाल्सी असोसिएशन ऑफ इंडिया (CPAI) की ओर से विश्व सेरेब्रल पाल्सी दिवस का आयोजन मुंबई विश्वविद्यालय के कलिना स्थित मराठी भाषा भवन में किया गया। कार्यक्रम में जागरूकता, समावेशिता और सेरेब्रल पाल्सी तथा बहुविकलांगता से प्रभावित व्यक्तियों की उपलब्धियों को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाजसेविका प्रीति चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि अजीत कुचेरिया उपस्थित थे। इस अवसर पर संदीप अग्रवाल, मंजुषा सिंह, यशवंत मोरे, दुर्गेश नंदिनी, सनी भाटिया और सामाजिक कार्यकर्ता अनिल गलगली सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अंतरविद्यालयीन चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इसमें भाग लेने वाले विशेष विद्यालयों के प्राचार्यों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों से आए सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित प्रतिभाशाली व्यक्तियों की उपलब्धियों को पहचान देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का परिचय दिया। कार्यक्रम ने संदेश दिया कि सेरेब्रल पाल्सी किसी व्यक्ति की क्षमता और संभावनाओं की सीमा तय नहीं करती। समान अवसर, सामाजिक समावेश और सशक्तीकरण के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति अपनी प्रतिभा को सामने ला सकता है। CPAI ऐसे आयोजनों के जरिए सेरेब्रल पाल्सी और अन्य बहुविकलांगताओं से प्रभावित व्यक्तियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, समाज में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपनी उपलब्धियों के लिए पहचान हासिल करने का अवसर प्रदान कर रहा है।
राहुल इंटरनेशनल स्कूल की नन्ही जास्वीका का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज
मुंबई। होनहार बिरवान के होत चिकने पात। अर्थात होनहार या प्रतिभाशाली व्यक्तियों की प्रतिभा और गुण बचपन से ही दिखाई देने लग जाते हैं। देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान राहुल एजुकेशन द्वारा संचालित राहुल इंटरनेशनल स्कूल, पुणे में दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली सात साल की नन्ही जास्वीका भारतेश जैन ने इनलाइन स्केटिंग में अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल करते हुए अपना नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया है।जास्वीका ने यह विश्व रिकॉर्ड इनलाइन स्केट्स पर उल्टे पीछे की तरफ दौड़ने का सबसे तेज 100 मी का सफर तय करके बनाया है उसने बेहद कठिन और चुनौतीपूर्ण रेस को मात्र 17.93 सेकंड में पूरा करके अपना और अपने स्कूल का नाम रोशन किया है। इस नन्ही परी की कमाल की गति और संतुलन को देखकर लोक दंग रह गए। इस एतिहासिक रिकॉर्ड का आयोजन कर्नाटक के बेलगांव स्थित शिवगंगा के आरएससी ट्रैक पर किया गया। राहुल एजुकेशन के चेयरमैन लल्लन तिवारी ने कहा कि इतनी कम उम्र में जास्वीका ने जो विश्व रिकॉर्ड बनाया है, वह उसकी अटूट मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छा शक्ति को दर्शाता है। उसकी इस उपलब्धि से न सिर्फ राहुल एजुकेशन अपितु पूरा देश गौरवान्वित हुआ है। राहुल एजुकेशन के सचिव राहुल तिवारी के अनुसार जास्वीका कि यह उपलब्धि प्रेरणादायक और गौरवपूर्ण है। हम सब को उसे पर गर्व है।