मऊ निपुणता की दिशा में प्राथमिक विद्यालय अरैला ने हासिल की उल्लेखनीय उपलब्धि
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में विकासखंड के परिषदीय विद्यालयों में निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए किए जा रहे प्रयास अब सकारात्मक परिणाम देने लगे हैं। इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय अरैला ने निपुणता की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।

प्रधानाध्यापक सतीश कुमार सिंह के नेतृत्व में विद्यालय का शिक्षक परिवार बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार के लिए लगातार प्रयासरत है।

विशेष रूप से कक्षा-1 की अध्यापिका द्वारा बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान (एफएलएन) विकसित करने के लिए गतिविधि आधारित शिक्षण, नियमित अभ्यास तथा बच्चों की व्यक्तिगत अधिगम आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

निपुण लक्ष्य के तहत विद्यालय में किए गए रैंडम आकलन में कक्षा-1 के पांच बच्चों का चयन कर मूल्यांकन किया गया। मूल्यांकन में सभी पांचों बच्चे निर्धारित दक्षताओं में निपुण एवं सक्षम पाए गए। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है।

इस अवसर पर एसआरजी-मऊ संजय कुमार तिवारी ने कहा कि निपुण भारत मिशन केवल आकलन में लक्ष्य प्राप्त करने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि प्रत्येक बच्चे की शिक्षा की मजबूत नींव तैयार करने का राष्ट्रीय संकल्प है।

उन्होंने कक्षा-1 की अध्यापिका के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रधानाध्यापक सतीश कुमार सिंह सहित समस्त शिक्षक परिवार को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि समर्पित शिक्षक, प्रभावी कक्षा शिक्षण और नियमित आकलन के माध्यम से प्रत्येक विद्यालय अपने बच्चों को निपुण बना सकता है। प्राथमिक विद्यालय अरैला की यह उपलब्धि इसी सामूहिक प्रयास का उदाहरण है।
सैनिक का पार्थिव शरीर लेकर लौट रही एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त, पुत्र समेत चार लोगों की मौत
-एक ही परिवार में जवान की मौत के बाद बेटे समेत तीन अन्य की जान गई, रुद्रपुर में पसरा मातम

देवरिया। चंडीगढ़ से सेना के जवान सूबेदार सत्यवान सिंह का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया आ रही एंबुलेंस रविवार सुबह सुलतानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार जवान के पुत्र राहुल सिंह, रुद्रपुर नगर पंचायत के सभासद राजन चौधरी, उनके छोटे भाई राम सुमित सिंह और चालक जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही परिवार में पहले जवान की मौत और इसके बाद उनके पुत्र समेत तीन अन्य लोगों की सड़क हादसे में मौत से रुद्रपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, देवरिया जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के गहिला-दुधैला गांव निवासी सत्यवान सिंह (50) सेना में जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ) के पद पर मेरठ में तैनात थे। शुक्रवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें आर्मी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सेना की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए उनका पार्थिव शरीर एंबुलेंस से पैतृक गांव रुद्रपुर लाया जा रहा था।

बताया गया कि एंबुलेंस में चालक जसपाल के अलावा सत्यवान सिंह के पुत्र राहुल सिंह, रुद्रपुर नगर पंचायत के सभासद राजन चौधरी और उनके छोटे भाई राम सुमित सिंह सवार थे। रविवार सुबह सुलतानपुर जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर अचानक एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार और परिचितों में कोहराम मच गया। जिस परिवार में कुछ ही घंटे पहले सत्यवान सिंह के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, उसी परिवार को उनके पुत्र राहुल सिंह की मौत की खबर ने झकझोर दिया। परिवार के तीन अन्य सदस्य निजी वाहन से एंबुलेंस के पीछे आ रहे थे। हादसे की जानकारी मिलते ही वे घटनास्थल की ओर रवाना हुए।

हादसे में जान गंवाने वाले राम सुमित सिंह रुद्रपुर क्षेत्र के तरसारा डाकघर में बड़े बाबू के पद पर कार्यरत थे। उनके निधन की खबर मिलते ही डाक विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में शोक छा गया। वहीं, रुद्रपुर नगर पंचायत के सभासद राजन चौधरी की मौत की सूचना से नगर पंचायत क्षेत्र में भी मातम पसर गया।

एक ही हादसे में चार लोगों की मौत की खबर फैलते ही रुद्रपुर और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मृतकों के परिजनों के घर पहुंचने लगे। पूरे क्षेत्र में शोक और मातम का माहौल है। लोग इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं।

इस घटना ने एक परिवार को एक साथ कई अपनों के खोने का ऐसा दर्द दिया है, जिसने पूरे रुद्रपुर क्षेत्र को झकझोर दिया है। जवान के अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच हुई इस दुर्घटना से गांव और आसपास का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया है।

हलियापुर थाना के उपनिरीक्षक शैलेंद्र सिंह ने बताया कि देवरिया जिले के रुद्रपुर क्षेत्र निवासी सत्यवान सिंह का निधन होने के बाद उनका पार्थिव शरीर चंडीगढ़ से लखनऊ के रास्ते देवरिया ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।-
मऊ पुलिस लाइन में वामा सारथी वैलनेस कैंप, 108 पुलिसकर्मियों व परिजनों का हुआ निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
मऊ। पुलिस लाइन सभागार में रविवार को वामा सारथी वैलनेस कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस विभाग के जवानों, अधिकारियों और उनके परिजनों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा जरूरत के अनुसार दवाओं का भी वितरण किया गया। यह स्वास्थ्य शिविर प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को आयोजित किया जाता है।

शिविर के दौरान जिलाधिकारी आनंद वर्धन और पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिला अस्पताल के वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमेश कुमार सिंह सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच की।

इस दौरान जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने पुलिसकर्मियों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की ड्यूटी बेहद कठिन और चुनौतीपूर्ण होती है। ऐसे में स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है, तभी पुलिसकर्मी बेहतर तरीके से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकेंगे। उन्होंने स्वास्थ्य परीक्षण की इस पहल को सराहनीय बताते हुए चिकित्सकों का आभार जताया।

पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार कल्याण एसोसिएशन (वामा सारथी) के माध्यम से पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए इस तरह की पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी जनपदों में संचालित किया जा रहा है, जिसका पुलिस परिवारों को काफी लाभ मिल रहा है।

शिविर में होम्योपैथिक के साथ एलोपैथिक चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध रहीं। इस दौरान शुगर, ब्लड प्रेशर, हड्डी, नेत्र, बाल रोग और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच की गई।

शिविर में कुल 108 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि 51 लोगों को निशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।

इस अवसर पर डॉ. उमेश कुमार सिंह, नेत्र विशेषज्ञ एम.के. पांडेय, हड्डी रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन डॉ. अनिल कुमार सिंह, जिला महिला अस्पताल की डॉ. स्वाति सिंह, डॉ. प्रफुल्ल कुमार राय, अवनीश यादव, क्षेत्राधिकारी लाइन दिनेश दत्त मिश्रा, प्रतिसार निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, महिला हेड कांस्टेबल सोनी सिंह, महिला कांस्टेबल रोमी सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
ज्ञानप्रकाश सिंह ने सफाई कर्मचारियों का सम्मान कर दिखाई हनुमान अंश
जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रारंभ हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत रविवार को जौनपुर के डीडी प्लेक्स सिनेमा हॉल में ज्ञानप्रकाश सिंह के सौजन्य से नगरपालिका जौनपुर के सफाई कर्मचारी बंधुओं के लिए ‘हनुमान अंश’ फिल्म की विशेष निःशुल्क स्क्रीनिंग आयोजित की गई।
कार्यक्रम के दौरान शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नगरपालिका के सफाई कर्मचारी बंधुओं का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्रम पहनाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। इस दौरान उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके सामाजिक योगदान को सराहा गया।कार्यक्रम का शुभारंभ हनुमान चालीसा पुस्तक के वितरण एवं सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित सफाई कर्मचारी बंधुओं ने ‘हनुमान अंश’ फिल्म के माध्यम से बाबा नीब करौरी जी के जीवन, आध्यात्मिक यात्रा, भक्ति एवं सेवा के प्रेरणादायी संदेशों को जाना। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि रामसूरत मौर्य एवं अपना दल (एस) के राष्ट्रीय महासचिव पप्पू माली सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेवा और सम्मान के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा गया कि जो कर्मचारी प्रतिदिन अपने श्रम और समर्पण से शहर को स्वच्छ रखने में योगदान देते हैं, उनके सम्मान और उत्साहवर्धन की जिम्मेदारी पूरे समाज की है। समाज के प्रत्येक वर्ग के योगदान को सम्मान देना ही सामाजिक सहभागिता और सेवा की वास्तविक भावना है।
ज्ञानप्रकाश सिंह के सौजन्य से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में फिल्म स्क्रीनिंग के साथ सफाई कर्मचारी बंधुओं के सम्मान का यह प्रयास सेवा, संवेदना और सामाजिक सहभागिता का संदेश लेकर सामने आया।
कन्नौज मे विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का मंत्री ने किया शुभारंभ, जानिए क्या बोले ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश राजपूत

पंकज श्रीवास्तव/विवेक कुमार

कन्नौज जिले के तिर्वा कस्बे में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वतंत्र प्रभार ऊर्जा मंत्री कैलाश राजपूत ने किया। इस दौरान ATDC की निदेशक नीरा चंद्रा समेत योजना से जुड़े लाभार्थी और स्थानीयलोगों को संबोधित करते हुविश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं और प्रशिक्षण की जानकारी दी। उन्होंने योजना के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को उनके हुनर को बेहतर बनाने तथा स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए मिलने वाली सहायता के बारे में बताया। वहीं, नीरा चंद्रा  ने बताया कि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को 10 दिनों की ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रशिक्षण के माध्यम से लाभार्थियों के कौशल को और बेहतर करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे वे अपने हुनर के जरिए स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें।कार्यक्रम के दौरान योजना के लाभार्थियों को योजना से जुड़ी सुविधाओं और प्रशिक्षण प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम मे मौजूद ऊर्जा राज्यमंत्री कैलाश राजपूत ने सरकार की इस योजना की जानकारी देते हुए बताया कि विश्वकर्मा जी के नाम से योजना का कार्यक्रम था, यहाॅं मात शक्ति को प्रशिक्षण दिया जाएगा और उनको आत्मनिर्भर बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के माध्यम से 5 लाख तक का ऋण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षित होकर जो भी अपना काम करेंगी। उसमें वह यह पैसा लगाकर अपने परिवार का जीवन यापन सुधार सकती है और स्वयं का जब कोई पैसा लगाकर मेहनत करके आगे उसको बढ़ाता है तो मै समझता हूॅं कि उस व्यक्ति का स्वाभिमान भी बढ़ता है।
शराब के लिए रुपये न देने पर कर दी मां की हत्या पुलिस ने आरोपित बेटा को किया गिरफ्तार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली पुलिस ने 70 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या के मामले में वांछित आरोपित बेटे को रविवार गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि 26 सितंबर को ग्राम मलकपुर में 70 वर्षीय महिला देवी का शव मिला था। वह अपने छोटे बेटे वीर सिंह के मकान में अकेली रहती थीं। महिला के सिर से खून बह रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम से साक्ष्य संकलन कराया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतका के बेटे वीर सिंह की तहरीर पर बड़े भाई बलवान और एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

पुलिस टीम ने रविवार सुबह करीब 8:15 बजे आरोपित बेटे बलवान को चिरहूली पुल के नीचे से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित बलवान ने पुलिस को बताया कि वह शराब पीने का आदी है और उसका परिजनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उसने अपने हिस्से की जमीन पहले ही बेच दी थी। 26 सितंबर को शराब के नशे में वह अपनी मां से दोबारा शराब पीने के लिए रुपये मांगने पहुंचा था। रुपये देने से मना करने पर गुस्से में उसने मां के साथ मारपीट की और उन्हें जमीन पर कई बार पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद वह भाग गया था।

गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक मो. शकील खां और हमराह पुलिसकर्मी शामिल रहे।
शाहजहांपुर : अवैध शस्त्र फैक्टरी का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में निगोही थाना पुलिस ने रविवार को अवैध शस्त्र बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच अवैध तमंचे, एक अधबना तमंचा, दो जिंदा कारतूस और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर रविवार तड़के ग्राम भटपुरा मिश्र और मिलकिया के बीच स्थित एक खंडहर में छापा मारकर संतोष (45) निवासी भटपुरा मिश्र और अनिल सिंह (42) निवासी घनश्यामपुर को गिरफ्तार किया गया है।

तलाशी के दौरान चार तमंचे 315 बोर, एक कारतूस 315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, एक कारतूस 12 बोर, एक अधबना तमंचा 315 बोर, एक नाल, दो तमंचों की बॉडी, तीन मोबाइल फोन तथा अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं।

पूछताछ में आरोपितों ने अवैध तमंचे तैयार कर उन्हें होटल और ढाबों पर रुकने वाले ट्रक चालकों के माध्यम से तीन से पांच हजार रुपये में बेचने की बात स्वीकार की है। आरोपितों ने यह भी बताया कि वो लोग कबाड़ी की दुकानों और आरा मशीनों से सामान जुटाकर तमंचों के पुर्जे तैयार करते हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मऊ में सड़क हादसे में युवक की मौत
पिकअप में पीछे से घुसी बाइक, 19 वर्षीय युवक की मौत; सऊदी अरब से कमाकर हाल ही में लौटा था घर

मऊ के घोसी कोतवाली क्षेत्र के लुदुही के पास शनिवार दोपहर करीब 1 बजे सड़क हादसे में बाइक सवार 19 वर्षीय अनीस राजभर की मौत हो गई। अनीस तिलई खुर्द गांव का रहने वाला था।

पुलिस के अनुसार, अनीस बाइक से जा रहा था। लुदुही के पास उसकी बाइक आगे चल रही पिकअप में पीछे से जा घुसी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अनीस को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि अनीस सऊदी अरब से कमाकर हाल ही में घर लौटा था। घर लौटने के कुछ ही समय बाद हुए इस हादसे में उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

घोसी थाना प्रभारी रविंद्र नाथ राय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।
मऊ स्कूटी से घर जा रहे युवक पर घात लगाकर जानलेवा हमला

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ) कोतवाली क्षेत्र के जहनियापुर गाव के एक्सप्रेसवे सर्विस रोड पर शनिवार को देर रात स्कूटी से घर जा रहे एक युवक पर रास्ते में घात लगाकर बैठे विपक्षियों ने जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से युवक सड़क पर गिर पड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल युवक को परिजनों ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।

कोतवाली क्षेत्र के भुजही गांव निवासी रजनीकांत राजभर अपने दो साथियों के साथ स्कूटी से मुहम्मदाबाद गोहना किसी काम से आया हुआ था घर वापस जाते समय  देर शाम 7 बजे जहनिया पुर एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड के पास पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे विपक्षियों ने उसे रोक लिया।

युवक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आरोपियों ने लाठी-डंडे व अन्य हथियारों से उस पर हमला शुरू कर दिया। हमले में युवक के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। युवक के गिरने के बाद भी हमलावर उसके साथ मारपीट करते रहे।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल ले गए। घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित पक्ष ने बनियापार गाव निवासी एक युवक औऱ 10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली प्रभारी केके वर्मा का कहना है कि घटना के कारणों और आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
1.78 करोड़ की वित्तीय अनियमितता के मामले में डायट के कनिष्ठ सहायक आयुष राय निलंबित
मऊ। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), इमिलिया में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत आयुष राय को कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में निलंबित कर दिया गया है। संयुक्त शिक्षा निदेशक, आजमगढ़ मंडल की ओर से 3 अक्टूबर 2026 को निलंबन आदेश जारी किया गया।

आदेश के मुताबिक, आयुष राय के कार्यकाल में डीएलएड (बीटीसी) शुल्क मद में प्राप्त करीब 1.63 करोड़ रुपये सहित अन्य मदों की धनराशि का नियमानुसार उपयोग नहीं किए जाने का मामला सामने आया। इसके अलावा संस्थान में रंगाई-पुताई, मरम्मत, टाइलीकरण और साफ-सफाई आदि कार्यों में विभागीय अनुमति के बिना धनराशि खर्च किए जाने का भी उल्लेख किया गया है।

आदेश में कुल 1,78,38,258 रुपये की धनराशि का उल्लेख है। प्रकरण को गंभीर मानते हुए उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 1999 के नियम-4 के तहत आयुष राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
साथ ही नियम-7 के तहत विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करते हुए जांच के लिए उप निरीक्षक, संस्कृत पाठशालाएं, आजमगढ़ मंडल को पदेन जांच अधिकारी नामित किया गया है।

निलंबन अवधि में आयुष राय को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, आजमगढ़ से संबद्ध किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। इसके लिए उन्हें प्रमाण-पत्र देना होगा कि निलंबन अवधि के दौरान वे किसी अन्य सेवायोजन, व्यापार, वृत्ति अथवा व्यवसाय में संलिप्त नहीं हैं।

विभाग की ओर से आरोप-पत्र अलग से जारी किया जाएगा। विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।