शराब के लिए रुपये न देने पर कर दी मां की हत्या पुलिस ने आरोपित बेटा को किया गिरफ्तार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली पुलिस ने 70 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या के मामले में वांछित आरोपित बेटे को रविवार गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि 26 सितंबर को ग्राम मलकपुर में 70 वर्षीय महिला देवी का शव मिला था। वह अपने छोटे बेटे वीर सिंह के मकान में अकेली रहती थीं। महिला के सिर से खून बह रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम से साक्ष्य संकलन कराया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतका के बेटे वीर सिंह की तहरीर पर बड़े भाई बलवान और एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

पुलिस टीम ने रविवार सुबह करीब 8:15 बजे आरोपित बेटे बलवान को चिरहूली पुल के नीचे से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित बलवान ने पुलिस को बताया कि वह शराब पीने का आदी है और उसका परिजनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उसने अपने हिस्से की जमीन पहले ही बेच दी थी। 26 सितंबर को शराब के नशे में वह अपनी मां से दोबारा शराब पीने के लिए रुपये मांगने पहुंचा था। रुपये देने से मना करने पर गुस्से में उसने मां के साथ मारपीट की और उन्हें जमीन पर कई बार पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद वह भाग गया था।

गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक मो. शकील खां और हमराह पुलिसकर्मी शामिल रहे।
शाहजहांपुर : अवैध शस्त्र फैक्टरी का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में निगोही थाना पुलिस ने रविवार को अवैध शस्त्र बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच अवैध तमंचे, एक अधबना तमंचा, दो जिंदा कारतूस और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर रविवार तड़के ग्राम भटपुरा मिश्र और मिलकिया के बीच स्थित एक खंडहर में छापा मारकर संतोष (45) निवासी भटपुरा मिश्र और अनिल सिंह (42) निवासी घनश्यामपुर को गिरफ्तार किया गया है।

तलाशी के दौरान चार तमंचे 315 बोर, एक कारतूस 315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, एक कारतूस 12 बोर, एक अधबना तमंचा 315 बोर, एक नाल, दो तमंचों की बॉडी, तीन मोबाइल फोन तथा अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं।

पूछताछ में आरोपितों ने अवैध तमंचे तैयार कर उन्हें होटल और ढाबों पर रुकने वाले ट्रक चालकों के माध्यम से तीन से पांच हजार रुपये में बेचने की बात स्वीकार की है। आरोपितों ने यह भी बताया कि वो लोग कबाड़ी की दुकानों और आरा मशीनों से सामान जुटाकर तमंचों के पुर्जे तैयार करते हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मऊ में सड़क हादसे में युवक की मौत
पिकअप में पीछे से घुसी बाइक, 19 वर्षीय युवक की मौत; सऊदी अरब से कमाकर हाल ही में लौटा था घर

मऊ के घोसी कोतवाली क्षेत्र के लुदुही के पास शनिवार दोपहर करीब 1 बजे सड़क हादसे में बाइक सवार 19 वर्षीय अनीस राजभर की मौत हो गई। अनीस तिलई खुर्द गांव का रहने वाला था।

पुलिस के अनुसार, अनीस बाइक से जा रहा था। लुदुही के पास उसकी बाइक आगे चल रही पिकअप में पीछे से जा घुसी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अनीस को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि अनीस सऊदी अरब से कमाकर हाल ही में घर लौटा था। घर लौटने के कुछ ही समय बाद हुए इस हादसे में उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

घोसी थाना प्रभारी रविंद्र नाथ राय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।
मऊ स्कूटी से घर जा रहे युवक पर घात लगाकर जानलेवा हमला

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ) कोतवाली क्षेत्र के जहनियापुर गाव के एक्सप्रेसवे सर्विस रोड पर शनिवार को देर रात स्कूटी से घर जा रहे एक युवक पर रास्ते में घात लगाकर बैठे विपक्षियों ने जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से युवक सड़क पर गिर पड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल युवक को परिजनों ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।

कोतवाली क्षेत्र के भुजही गांव निवासी रजनीकांत राजभर अपने दो साथियों के साथ स्कूटी से मुहम्मदाबाद गोहना किसी काम से आया हुआ था घर वापस जाते समय  देर शाम 7 बजे जहनिया पुर एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड के पास पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे विपक्षियों ने उसे रोक लिया।

युवक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आरोपियों ने लाठी-डंडे व अन्य हथियारों से उस पर हमला शुरू कर दिया। हमले में युवक के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। युवक के गिरने के बाद भी हमलावर उसके साथ मारपीट करते रहे।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल ले गए। घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित पक्ष ने बनियापार गाव निवासी एक युवक औऱ 10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली प्रभारी केके वर्मा का कहना है कि घटना के कारणों और आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
1.78 करोड़ की वित्तीय अनियमितता के मामले में डायट के कनिष्ठ सहायक आयुष राय निलंबित
मऊ। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), इमिलिया में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत आयुष राय को कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में निलंबित कर दिया गया है। संयुक्त शिक्षा निदेशक, आजमगढ़ मंडल की ओर से 3 अक्टूबर 2026 को निलंबन आदेश जारी किया गया।

आदेश के मुताबिक, आयुष राय के कार्यकाल में डीएलएड (बीटीसी) शुल्क मद में प्राप्त करीब 1.63 करोड़ रुपये सहित अन्य मदों की धनराशि का नियमानुसार उपयोग नहीं किए जाने का मामला सामने आया। इसके अलावा संस्थान में रंगाई-पुताई, मरम्मत, टाइलीकरण और साफ-सफाई आदि कार्यों में विभागीय अनुमति के बिना धनराशि खर्च किए जाने का भी उल्लेख किया गया है।

आदेश में कुल 1,78,38,258 रुपये की धनराशि का उल्लेख है। प्रकरण को गंभीर मानते हुए उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 1999 के नियम-4 के तहत आयुष राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
साथ ही नियम-7 के तहत विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करते हुए जांच के लिए उप निरीक्षक, संस्कृत पाठशालाएं, आजमगढ़ मंडल को पदेन जांच अधिकारी नामित किया गया है।

निलंबन अवधि में आयुष राय को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, आजमगढ़ से संबद्ध किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। इसके लिए उन्हें प्रमाण-पत्र देना होगा कि निलंबन अवधि के दौरान वे किसी अन्य सेवायोजन, व्यापार, वृत्ति अथवा व्यवसाय में संलिप्त नहीं हैं।

विभाग की ओर से आरोप-पत्र अलग से जारी किया जाएगा। विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।
लखनऊ में 2,250 रुपये के लिए दोस्त की बिजली का करंट देकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस ने सचिन उर्फ राजा उर्फ रामधीरज की हत्या के मामले में 26 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शराब पीने के बाद बेहोश होने पर सचिन की बिजली के करंट का झटका देकर मौत के घाट उतार दिया था।

पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को लखनऊ के बिजनौर पुलिस स्टेशन इलाके में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि उसके बेटे सचिन की हत्या बिरजू, तेजू और अन्य साथियों ने गला घोंटकर और बिजली का झटका देकर कर दी है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने बिजनौर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) के निर्देश पर आरोपियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गईं। टीमों ने लगभग 170-190 सीसीटीवी फुटेज की जांच की और तकनीकी व मैनुअल सबूतों के साथ-साथ स्थानीय खुफिया नेटवर्क से मिली जानकारी का इस्तेमाल किया।

जांच के बाद पुलिस ने 2 अक्टूबर को नामजद आरोपी बिरजू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान बिरजू ने पुलिस को बताया कि वह और सचिन दोस्त थे और अक्सर साथ में खाना खाते और शराब पीते थे। सचिन अक्सर बिरजू के कमरे पर भी जाता था क्योंकि बिरजू अकेला रहता था और वे दोनों अक्सर वहां बैठकर शराब पीते थे।

पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर को सचिन ने बिरजू से कहा कि उसे पैसों की जरूरत है और कुछ पैसों का इंतजाम करने को कहा। बिरजू ने कथित तौर पर उससे कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं। इसके बाद सचिन ने पैसे जुटाने के लिए अपनी मोटरसाइकिल गिरवी रख दी। दोनों ने कथित तौर पर कुछ पैसों से शराब खरीदी और बाद में बिरजू के कमरे में बैठकर शराब पी।

पुलिस ने बताया कि अधिक शराब पीने की वजह से जब सचिन बेहोश हो गया, तो बिरजू के मन में उसके पास बचे हुए पैसे लेने का ख्याल आया। उसने कथित तौर पर सचिन को मारने का फैसला किया और कमरे में बेहोश पड़े सचिन को बिजली का झटका दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

आरोपी ने सचिन की जेब से बचे हुए पैसे निकाले और फिर उसकी लाश को किसी और के घर के पास रखकर वहां से भाग गया। पुलिस ने एक बिजली का तार, स्टैंड वाला लोहे का कूलर और 2,250 रुपये नकद बरामद किए, जो मृतक की जेब से लिए गए थे। इस मामले में पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है।
लखनऊ में 5 एसीपी के तबादले, पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने देर रात जारी किए आदेश
लखनऊ। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने 5 डीएसपी रैंक के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। यह आदेश 3 अक्टूबर की देर रात जारी किया गया।

जारी आदेश के अनुसार, लखनऊ में तैनात 5 सहायक पुलिस आयुक्तों (एसीपी) को नई तैनाती दी गई है। लक्ष्मण वर्मा को एसीपी कृष्णानगर की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले वे एसीपी लखनऊ के पद पर तैनात थे। उनके स्थानांतरण के बाद कृष्णा नगर सर्किल में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की कवायद तेज होने की उम्मीद है।अभिषेक कुमार पाण्डेय को एसीपी कृष्णानगर से हटाकर अब एसीपी कैसरबाग बनाया गया है। कैसरबाग पुराने लखनऊ का बेहद संवेदनशील और भीड़भाड़ वाला क्षेत्र है, जहां यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बड़ी चुनौती होती है।

नवरत्न गौतम जो अब तक एसीपी कैसरबाग के पद पर थे, उन्हें अब एसीपी यातायात नियुक्त किया गया है। लखनऊ में त्योहारी सीजन के चलते यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है, ऐसे में उनका अनुभव महत्वपूर्ण माना जा रहा है।महेश त्यागी को एसीपी यातायात से हटाकर एसीपी कानून-व्यवस्था लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है। कानून-व्यवस्था की यह पोस्ट कमिश्नरेट की सबसे महत्वपूर्ण पोस्ट में से एक मानी जाती है।वहीं, अनूप कुमार को एसीपी यातायात के साथ-साथ यूपी-112 का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। इससे पहले वे केवल यूपी-112 के एसीपी थे। अब उन्हें दोहरी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पुलिस कमिश्नरेट सूत्रों के अनुसार यह फेरबदल रूटीन प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किया गया है ताकि फील्ड में नए अधिकारियों को अनुभव मिल सके और कामकाज में तेजी आए। लखनऊ कमिश्नरेट में अपराध नियंत्रण, यातायात सुधार और यूपी-112 की रिस्पॉन्स टाइम को बेहतर करने पर लगातार फोकस किया जा रहा है।इस तबादला सूची के बाद सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपनी नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
मऊ: मकान की दीवार भरभराकर गिरी, मलबे में दब गई महिला; घंटों की मशक्कत के बाद निकाला गया बाहर

मुहम्मदाबाद गोहना। खुशामदपुर गांव में रविवार सुबह एक मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के दौरान एक महिला मलबे में दब गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद महिला को मलबे से बाहर निकाला गया।

इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है।
हादसे के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लेने और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
उत्तर प्रदेश: सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से टकराई एंबुलेंस, चार लोगों की मौत
सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस के एक खड़े ट्रक से टकराने के कारण चार लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना की शिकार हुई एंबुलेंस चंडीगढ़ से भारतीय सेना के सूबेदार का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जा रही थी।

यह हादसा सुबह करीब 8 बजे अयोध्या-सुल्तानपुर बॉर्डर के पास हलियापुर के नजदीक हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस बेकाबू होने के कारण वह सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई थी, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों में एंबुलेंस चालक जसपाल के अलावा राजन सिंह पुत्र भूपति, गौरव सिंह पुत्र सत्यभान और राम समझ पुत्र जयसिंह शामिल हैं।

सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनीत जायसवाल ने बताया कि पुलिस को डायल 112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिली थी। बताया गया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 79.6 माइलस्टोन के पास एक एंबुलेंस की अज्ञात वाहन के साथ टक्कर हुई है। इस दुर्घटना पर तत्काल स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उच्च अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनीत जायसवाल ने बताया कि एंबुलेंस में एक सूबेदार (सत्यवान फौजी) का पार्थिव शरीर था। यह एंबुलेंस चंडीगढ़ से देवरिया जा रही थी। हादसे के समय एंबुलेंस में ड्राइवर और सूबेदार के परिजन मौजूद थे। इस घटना में एंबुलेंस सवार सभी लोगों की मौत हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि मृतकों के शव को पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्यवाही के लिए भेजा दिया है। स्थानीय पुलिस मौके पर मौजूद है। पुलिस अधिकारी ने यह भी बताया कि सभी मृतकों की पहचान हो चुकी है। ये देवरिया जनपद के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे का संज्ञान लिया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत व बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "जनपद सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। अधिकारियों को परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति प्रदान करें।"
नशामुक्त भारत जन जागरूकता रैली का भव्य आयोजन

दीदारगंज - आजमगढ़: मोहम्मद खालिद खान की रिपोर्ट

दीदारगंज क्षेत्र के महर्षि अरविंद शिक्षण संस्थान खरसहनकला के छात्र-छात्राओं द्वारा नशा मुक्त भारत जन जागरूक रैली का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ो छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर लोगों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

नशा मुक्त भारत जन जागरूकता रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष लालगंज विनोद राजभर के द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया, जिसमें महर्षि अरविंद शिक्षण संस्थान के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर से दीदारगंज पुरानी बाजार तक नशा मुक्त भारत जन जागरुकता रैली निकाली तथा लोगों को नशे से होने वाले दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक किया। तथा विद्यार्थियों ने नशा विरोधी संदेशों, नारों एवं जन-जागरूकता के माध्यम से समाज को नशे से दूर रहने का भी संदेश दिया। जिलाध्यक्ष भाजपा विनोद राजभर ने कहा कि इस रैली का उद्देश्य समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा युवाओं और विद्यार्थियों को नशामुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त जीवन के लिए प्रेरित करना है। महर्षि अरविंद शिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य संजीव कुमार सिंह, व सौरभ सिंह ने विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ रैली में सक्रिय सहभागिता की। अंत में विद्यालय के संस्थापक/ प्रबंधक अखिलेश कुमार सिंह ने सभी का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर अरुणाकर सिंह ‘हैप्पी’ वरिष्ठ भाजपा नेता,  मनीष सिंह भाजपा मंडल अध्यक्ष दीदारगंज, मंडल अध्यक्ष सिकरौर सुरेश राजभर, अभिषेक सिंह सोनू, पन्नू राजभर, सुक्खू धरिकार सहित अन्य लोगो की उपस्थिति रही।