एफआईआर के बाद भी फूड इंस्पेक्टर गिरफ्तार नहीं
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, गर्भपात और धमकी के आरोप; पीड़िता ने मुख्यमंत्री से लेकर पुलिस अधिकारियों तक लगाई गुहार

लखनऊ /श्रावस्ती। शादी का झांसा देकर आबकारी विभाग की महिला सिपाही से दुष्कर्म, गर्भपात कराने और बाद में शादी से इनकार करने के आरोप में दर्ज मुकदमे में आरोपित फूड इंस्पेक्टर आदर्श प्रताप की गिरफ्तारी न होने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि मुकदमा दर्ज हुए करीब पखवाड़ा बीत चुका है, लेकिन पुलिस अब तक आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़िता पुलिस अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक गुहार लगा चुकी है।

पीड़ित ने भिनगा कोतवाली में तैनात फूड इंस्पेक्टर आदर्श प्रताप के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, गर्भपात कराने, सगाई के बाद शादी से इनकार करने और जानमाल की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़ित का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही उस पर सुलह का दबाव बनाया जा रहा है और लगातार धमकियां मिल रही हैं।

घर के पास बाइक सवारों ने छीना मोबाइल

पीड़ित के मुताबिक, कुछ दिन पहले बाइक सवार दो लोगों ने उसके घर के पास उसका मोबाइल छीन लिया। आरोप है कि मोबाइल के साथ मौजूद जरूरी कागजात भी फाड़ दिए गए। घटना की शिकायत पुलिस से करने के बावजूद अभी तक न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही छीना गया मोबाइल बरामद हो सका है।

जनता दर्शन में भी रखी शिकायत

पीड़ित के अनुसार, वह पिछले सप्ताह गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में पहुंची थी और मामले की शिकायत की थी। पीड़िता का दावा है कि वहां उसे आरोपित की गिरफ्तारी का आश्वासन मिला था। इसके बाद करीब तीन दिन पहले उसने पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात कर कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की। पीड़ित के मुताबिक, एसपी की ओर से भी कार्रवाई का भरोसा दिया गया, लेकिन अब तक आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई।

हाईकोर्ट जाने का लगाया आरोप

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपित फूड इंस्पेक्टर गिरफ्तारी से बचने के लिए उच्च न्यायालय से राहत लेने का प्रयास कर रहा है और इसके लिए आवेदन भी किया गया है। हालांकि, इस संबंध में आरोपित का पक्ष सामने नहीं आया है और न ही पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि की गई है।

पुलिस ने एक्स पर दी कार्रवाई की जानकारी

मामले में अभी किसी अधिकारी का विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, शनिवार काे श्रावस्ती पुलिस के आधिकारिक एक्स अकाउंट से मामले को लेकर जानकारी साझा की गई है। पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली भिनगा में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विवेचना प्रचलित है। अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए क्षेत्राधिकारी अपराध को जांच के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने कहा है कि प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।फिलहाल पीड़ित ने आरोपित की गिरफ्तारी के साथ अपनी सुरक्षा, मोबाइल बरामदगी और धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
किसान कल्याण केंद्र सकलडीहा में हुआ निःशुल्क बीज वितरण कार्यक्रम*


*सकलडीहा ब्लॉक प्रमुख व जिला कृषि अधिकारी की मौजूदगी में 55 किसानों को मिले निःशुल्क बीज मिनीकिट*



*चंदौली/दिनांक 03 अक्टूबर, 2026*

विकास खण्ड सकलडीहा के किसान कल्याण केंद्र सभागार में सेवा संकल्प अभियान के तहत माननीय ब्लाक प्रमुख श्री अवधेश कुमार सिंह एवं जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव की उपस्थिति में 55 किसानों को चना, मटर एवं सरसों का निःशुल्क बीज दिया गया। किसानों को सम्बोधित करते हुए माननीय ब्लाक प्रमुख जी द्वारा प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सेवा संकल्प अभियान के तहत किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क बीज उपलब्ध कराने का उद्देश्य कृषि लागत को कम करना और पैदावार को बढ़ाना है। किसान कल्याण केंद्र के माध्यम से हमारी कोशिश है कि सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पंक्ति में खड़े अंतिम किसान तक पहुंचे। सरकार की योजनाएं पूरी तरह से किसानों के हित में समर्पित हैं और हम हर स्तर पर किसानों के साथ खड़े हैं।

जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने सम्बोधित करते हुए कहा किसानों को समय पर उन्नत किस्म के दलहन और तिलहन (चना, मटर एवं सरसों) के निःशुल्क बीज मिनीकिट वितरित किए जा रहे हैं, ताकि वे कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकें। इस पहल से न केवल भूमि की उर्वरता शक्ति बढ़ेगी, बल्कि किसानों की आर्थिक स्थिति में भी सुधार होगा। कृषि विभाग की प्राथमिकता है कि आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र किसान को पारदर्शी तरीके से मिले। उन्होंने बताया कि  बुकिंग के लिए किसानों को agriculture.up.gov.in पोर्टल पर बुकिंग के लिए आह्वान किया गया। उन्होंने कहा निशुल्क बीज की बुकिंग शत प्रतिशत हो गई है जिसका वितरण सभी ब्लाकों में किसानों को निशुल्क वितरण कराया जा रहा है। इसके अलावा 50 प्रतिशत अनुदान वाले बीज की बुकिंग भी 80 प्रतिशत के पास पहुंच गया है। किसान भाइयों से अनुरोध है की कृपया अपनी बुकिंग समय से कराकर लाभ प्राप्त करें।
कृषक कांता सिंह ग्राम चकरिया, रंगनाथ दुबे ग्राम बरथरा कला, राम निवास पाण्डेय ग्राम नरैना, विजय शंकर प्रसाद ग्राम दिग्घी, विजय कुमार ग्राम पदुमनाथपुर, रामाश्रय ग्राम लेहरा, कपिलदेव सिंह ग्राम विशुनधरी, बाबूलाल यादव ग्राम फगुइया, राम कमल यादव ग्राम पीपरी, अजय सिंह ग्राम पिथापुर सहित अन्य किसान बंधु उपस्थित रहे।  बीज वितरण के समय कृषि विभाग से सहायक विकास अधिकारी कृषि विनय मिश्रा, रोहित, गौतम, प्रखर एवं प्रज्ञा भारती सहित सैकड़ो किसान उपस्थित थे।
देवरिया : घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप में पूर्व विधायक समेत 14 पर मुकदमा दर्ज
देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के रौनीगंगा चक गांव में पुरानी रंजिश और विवाद को लेकर घर में घुसकर मारपीट, सीढ़ी तोड़ने और ईंट ले जाने के आरोप में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर पूर्व विधायक समेत 14 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गांव निवासी सीमा देवी ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि 16 अगस्त की सुबह करीब सात बजे गांव के विजय बहादुर, मुकुटमणि, रितेश उर्फ मोहन, अमन, अश्वनी उर्फ भौल्टी, रणविजय, मनबोध प्रसाद (पूर्व विधायक), अगरावती देवी, धानपति देवी, अर्चना, बिमलावती देवी, मुन्नी देवी, निर्मला देवी और रितू एक राय होकर लाठी-डंडा, रम्मा और खंती लेकर उनके घर पहुंचे।

आरोप है कि आरोपितों ने घर की खिड़की के पास बनी सीढ़ी को तोड़ दिया और वहां से ईंटें ले जाने लगे। सीमा देवी के अनुसार, विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे। जान बचाने के लिए वह और उनकी जेठानी घर के अंदर चली गईं। आरोप है कि हमलावरों ने घर के अंदर घुसकर दोनों के साथ मारपीट की। इस दौरान उनकी जेठानी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश होकर जमीन पर गिर गईं।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, घटना के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। घटना की जानकारी पुलिस को देने के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए सलेमपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें देवरिया रेफर कर दिया।

सीमा देवी का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने सलेमपुर कोतवाली में शिकायत की, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक देवरिया से भी प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस स्तर से कार्रवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली।

न्यायालय के आदेश के बाद सलेमपुर कोतवाली पुलिस ने सभी 14 नामजद आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
सीतापुर में बाढ़ का कहर, पिता-पुत्र समेत 3 की मौत
खेत देखने गए थे तीनों, तेज बहाव में डूबे

मुख्यमंत्री योगी ने हादसे का संज्ञान लेकर राहत कार्य तेज करने के दिए निर्देश


सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर में बाढ़ के पानी में डूबने से पिता-पुत्र समेत तीन की मौत हो गई है, जिससे पीड़ित परिवार सहित गांव में कोहराम मचा हुआ है। 

दरअसल, सीतापुर जनपद के महमूदाबाद तहसील क्षेत्र में बाढ़ के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। रामपुर मथुरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत सरैया मसूदपुर में खेतों की स्थिति देखने गए पिता-पुत्र और उनके भतीजे की बाढ़ के पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस दर्दनाक हादसे का संज्ञान लेकर दुख जताया है।

जानकारी के अनुसार, सरैया मसूदपुर गांव के कुछ लोग बाढ़ से प्रभावित अपने खेतों का जायजा लेने गए थे। इसी दौरान पानी के तेज बहाव और गहराई की चपेट में आने से सुरेंद्र चौहान, पुत्र प्रेम नारायण (40), सौरभ चौहान (13), पुत्र सुरेंद्र चौहान और शोभित (17), पुत्र जगदीश कुमार पानी में डूब गए।

तीनों के लापता होने की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। सुरेंद्र चौहान और उनके पुत्र सौरभ के साथ उनका भतीजा शोभित भी हादसे का शिकार हो गया। वहीं, जगदीश कुमार का दूसरा पुत्र सत्येंद्र कुमार सुरक्षित बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, राजस्व विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। प्रशासन की निगरानी में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया गया। गोताखोरों की टीम और स्थानीय ग्रामीणों ने बाढ़ के पानी में लगातार तलाश अभियान चलाया, जिसके बाद सभी शव बरामद कर लिए गए।

वहीं, मुख्यमंत्री योगी ने सीतापुर की इस घटना का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एसडीआरएफ की मदद से रेस्क्यू अभियान और तेज करने तथा पीड़ित परिजनों से मिलकर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।

घटना के बाद सरैया मसूदपुर गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर सीओ महमूदाबाद कपूर कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही गोताखोरों व स्थानीय लोगों के जरिए तलाश कराई गई। शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि शनिवार को थाना रामपुर, मथुरा जनपद, सीतापुर के गांव सरैया मसूदपुर में एक सूचना मिली कि गांव के ही 3 लोग सुरेंद्र (40), सौरभ (13), जो पिता-पुत्र हैं। इन्हीं के साथ में इनका भतीजा शोभित (17) गांव के ही निकट अपने खेत के लिए जा रहे थे और जहां एक नाला था, उसमें डूब कर इनकी मृत्यु हो गई है।घटना की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों एवं गोताखोरों के द्वारा इनके शव को बरामद किया गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। इसमें अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
यूपी में 15 आईएएस अफसरों के तबादले, जौनपुर-मऊ के सीडीओ बदले
लखनऊ। योगी सरकार ने शनिवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 15 आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया। तबादला सूची में जौनपुर और मऊ के मुख्य विकास अधिकारियों के साथ पंचायती राज, चिकित्सा शिक्षा, भूतत्व एवं खनिकर्म, मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन और उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद से जुड़े अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। 

शासन के आदेश के अनुसार ध्रुव खांडिया, मुख्य विकास अधिकारी, जौनपुर को मुख्य विकास अधिकारी, मऊ बनाया गया है। वहीं विवेक कुमार श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी, मऊ को प्रयागराज स्थित राजस्व परिषद में सदस्य (न्यायिक) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नरेंद्र बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), लखीमपुर खीरी को जौनपुर का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।

प्रशासनिक फेरबदल के तहत राकेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), लखनऊ को अपर आयुक्त, उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद बनाया गया है। परिषद के अपर आयुक्त नीरज शुक्ला को प्रबंध निदेशक, पीसीएफ की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. चंद्र भूषण को प्रबंध निदेशक, पीसीएफ से स्थानांतरित कर डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी में अपर निदेशक बनाया गया है।

वहीं, सचिन कुमार सिंह, अपर निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद को विशेष सचिव, चिकित्सा शिक्षा के पद पर तैनात किया गया है। शासन ने पंचायती राज और पीसीडीएफ में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया है। श्रीहरि प्रताप शाही, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यूपीईडा को निदेशक, पंचायती राज बनाया गया है। वहीं अमित कुमार सिंह को निदेशक, पंचायती राज से स्थानांतरित कर प्रबंध निदेशक, पीसीडीएफ की जिम्मेदारी दी गई है। प्रकाश बिन्दु, प्रबंध निदेशक, पीसीडीएफ को सचिव, चिकित्सा शिक्षा बनाया गया है।

माला श्रीवास्तव से निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म का प्रभार हटा दिया गया है। वहीं डॉ. उज्ज्वल कुमार, प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन को विशेष सचिव एवं निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म बनाया गया है। जे. रिभा, विशेष सचिव, भूतत्व एवं खनिकर्म तथा अपर निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शासन ने प्रदेश के दो प्रमुख विश्वविद्यालयों में भी कुलसचिव स्तर पर बदलाव किया है। अर्चना गहरवार, कुलसचिव, किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय को कुलसचिव, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय बनाया गया है। वहीं रीना सिंह, कुलसचिव, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय को कुलसचिव, किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी दी गई है।
4 अक्टूबर 2026 की रात्रि में बलयों के राजा, शनि ग्रह की विपरीत स्थिति (Opposition) एवं अन्य खगोलीय पिंडों की भी दृश्यता

खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि 4 अक्टूबर 2026 को शनि ग्रह अपनी विपरीत स्थिति (Opposition) में पहुँच रहा है, जो वर्ष 2026 का सबसे चमकीला और स्पष्ट दृश्य होगा। इस खगोलीय घटना के दौरान पृथ्वी,सूर्य और शनि के बीच से गुजरेगी, जिससे शनि हमारे आकाश में सूर्य के ठीक विपरीत दिशा में दिखाई देगा। यह स्थिति खगोल प्रेमियों के लिए एक अनोखा अवसर है क्योंकि शनि इस समय अपनी अधिकतम चमक और सबसे बड़े आकार में दिखाई देगा, और इसे पूरी रात आसानी से देखा जा सकेगा।

*क्या होता है खगोल विज्ञान में शनि ग्रह की विपरीत स्थिति का अर्थ और महत्व ?।*

खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि विपरीत स्थिति (Opposition) एक ऐसी खगोलीय स्थिति है जब पृथ्वी सूर्य और किसी बाहरी ग्रह (जैसे शनि, बृहस्पति, मंगल) के बीच से गुजरती है। इस स्थिति में ग्रह,सूर्य के विपरीत दिशा में होता है,अर्थात सूर्य अस्त होने पर ग्रह उदय होता है और सूर्य उदय होने पर अस्त होता है। अगर हम बात करें शनि ग्रह की तो पाते हैं कि शनि की विपरीत स्थिति लगभग 378 दिनों (या 54 सप्ताह) के अंतराल पर आती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि पृथ्वी को सूर्य की एक परिक्रमा पूरी करने में 1 वर्ष लगता है, जबकि शनि को अपनी कक्षा में एक चक्कर लगाने में 29.4 पृथ्वी वर्ष लगते हैं। इसलिए, हर साल पृथ्वी को शनि को "पकड़ने" और उससे आगे निकलने के लिए अपनी कक्षा में थोड़ी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, जिसके कारण शनि की विपरीत स्थिति प्रत्येक वर्ष लगभग दो सप्ताह बाद आती है।
*क्या है 4 अक्टूबर 2026 की विशेष खगोलीय घटना ?।*

खगोलविद अमर पाल सिंह ने इस पर संक्षिप्त प्रकाश डालते हुए बताया कि समय, स्थान और तारीख की बात करें तो पाते हैं कि शनि की विपरीत स्थिति 4 अक्टूबर 2026 को भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे पर होगी। लेकिन शनि ग्रह को सूर्यास्त के बाद से लेकर पूरी रात भर देखा जा सकता है।

*किस दिशा और तारामण्डल में दिखाई देगा शनि ग्रह ?।*

खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि इस दौरान शनि ग्रह, सीट्स (Cetus) तारामंडल में स्थित होगा। जोकि पूर्वी क्षितिज से थोड़ा सा उत्तर दिशा की तरफ से ऊपर आते हुए दिखाई देगा या कुछ यूं कहें कि दृश्यता की बात करें तो पाते हैं कि शनि ग्रह ,सूर्यास्त के समय पूर्वी क्षितिज से उदय होगा और पूरी रात आकाश में दिखाई देता रहेगा, और सूर्योदय के समय पश्चिमी क्षितिज पर अस्त होगा।

*दूरी और चमक (मैग्नीट्यूड) कितना होगा ?।*

खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि विपरीत स्थिति में शनि की चमक प्लस 0.32 मैग्नीट्यूड तक पहुँच जाएगी, जो इसे आकाश के चमकीले तारों के बराबर बनाती है। यह सामान्य दिनों की तुलना में थोड़ा अधिक चमकीला होगा और साथ ही पृथ्वी से इसकी दूरी की बात करें तो पाते हैं कि बाहरी ग्रह विपरीत स्थिति वाले वर्ष में पृथ्वी के सबसे निकट होते हैं। 2026 में, शनि ग्रह ,पृथ्वी से लगभग 784 मिलियन मील (1.26 बिलियन किलोमीटर) दूर होगा। यह दूरी लगभग 8.43 खगोलीय इकाई (AU) या 70 प्रकाश-मिनट के बराबर होती है।और यह भी जानना आवश्यक है कि डिस्क का आकार क्या होगा तो पता चलता है कि दूरबीन से देखने वालों के लिए यह महत्वपूर्ण है कि विपरीत स्थिति में शनि की डिस्क का आकार सबसे बड़ा होता है। अपने सबसे बड़े आकार में, शनि दूरबीनों से 19.7 आर्कसेकंड व्यास का दिखाई देगा। इस दौरान शनि के वलयों का काफ़ी झुकाव एक प्रमुख आकर्षण होगा और यह भी समझने में सहूलियत होती है कि कैसे शनि ग्रह अपने अक्ष पर घूमते हुए सूर्य की परिक्रमा के दौरान शनि के छल्लों का दिखना कैसा होता है।जैसे कि खगोलप्रेमियों देखा था कि मार्च 2025 में शनि के वलय तल (Ring Plane) से गुजरा था, जब वलय पृथ्वी से लगभग किनारे-किनारे (edge-on) दिखाई दे रहे थे और छोटी दूरबीनों में अदृश्य से हो गए थे।और अक्टूबर 2026 में, वलय फिर से देखने पर धीरे धीरे से खुलने(दृश्यमान) होने लगे हैं और पृथ्वी से देखने वालों के सापेक्ष शनि के वलय माइनस 7.5 डिग्री दक्षिण की ओर झुके हुए होंगे। हालांकि यह झुकाव 2017 जैसे अधिकतम खुले वलयों (27 डिग्री) जितना नहीं है,लेकिन फ़िर भी यह छोटी दूरबीनों में वलयों को स्पष्ट रूप से देखने के लिए पर्याप्त है। *4 अक्टूबर की रात से 7 अक्टूबर 2026 की रात्रि का खगोलीय दृश्य कैसा होगा?।*

वीर बहादुर सिंह नक्षत्रशाला (तारामण्डल) गोरखपुर, उत्तर प्रदेश,भारत के खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया 4 अक्टूबर से 7 अक्टूबर 2026 तक की रात आकाश में एक सुंदर एवं खगोलीय जिज्ञासा बढ़ाने वाला खगोलीय दृश्य देखने को मिलेगा, जिसमें शनि के अलावा अन्य ग्रह, तारे और चंद्रमा भी शामिल होंगे। खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि 4 अक्टूबर 2026 की रात्रि में शनि ग्रह की बात करें तो पाते हैं कि  यह शाम को लगभग 5:50 बजे के बाद से पूर्वी क्षितिज से ऊपर आते हुए रात भर आकाश के सीट्स तारामंडल में प्लस 0.32 मैग्नीट्यूड की चमक के साथ चमकीला खगोलीय पिंड होगा।और चंद्रमा रात लगभग 12:30 बजे पूर्वी क्षितिज पर थोड़ा उत्तर दिशा में कर्क (Cancer) तारामंडल में लगभग माइनस 9.57 मैग्नीट्यूड की चमक के साथ उदय होगा। और उसी दिशा में दो सुंदर तारों की बात करें तो पाते हैं कि चंद्रमा के ऊपर कैस्टर (Castor) और पोलैक्स (Pollux) तारे चमकते हुए दिखाई देंगे। अब अगर मंगल ग्रह की बात करें तो पाते हैं कि उसी दिशा से निकलते हुए मंगल ग्रह लगभग 12:50 बजे पूर्वी क्षितिज पर थोड़ा सा उत्तर दिशा में ऊपर आना शुरू करेगा और चंद्रमा के काफी नीचे कर्क तारामंडल क्षेत्र में ही मंगल ग्रह लगभग प्लस 1.10 मैग्नीट्यूड की चमक के साथ दिखाई देगा। एवं इसी कड़ी में ब्रहस्पति ग्रह की भी बात करें तो पाते हैं कि बृहस्पति ग्रह भी रात लगभग 2:05 बजे, सिंह (Leo) तारामंडल में लगभग माइनस 1.74 मैग्नीट्यूड की चमक लिए उदय होगा और उसी दिशा क्षेत्र में रेगुलस तारा भी अपनी चमक बिखेरते हुए रात लगभग 2:50 बजे, ठीक उसी पूर्वी क्षितिज से थोड़ा उत्तर दिशा में सिंह तारामंडल क्षेत्र में रेगुलस तारा लगभग प्लस 1.40 मैग्नीट्यूड की चमक के साथ दिखाई देगा।
खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि यह सुंदर खगोलीय दृश्य 4 अक्टूबर से लेकर 7 अक्टूबर 2026 तक थोड़े सा समय में भी बदलाव करते हुए एवं आगे-पीछे दिखते और मैग्नीट्यूड में थोड़ा सा परिवर्तन के साथ दिखाई देते रहेंगे। खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि विशेष रूप से, 7 अक्टूबर को रात में लगभग 2:40 बजे के बाद क्षितिज से ऊपर चंद्रमा और रेगुलस तारे की एक शानदार युति  (Conjunction) भी दिखाई देगी, जहाँ वे काफी पास-पास दिखाई देंगे।
इसी दौरान खगोलविद अमर पाल सिंह ने विशेष व्याख्या करते हुए समायोचित रूप में बताया कि हमारे समाज में शनि ग्रह को लेकर फैले हुए भ्रम से बचने की भी अति आवश्यकता है क्योंकि बिना जाने एवं देखे, जांचे,परखे और बिना विश्व वैज्ञानिक प्रमाण आधारित तथ्यों के कुछ भी यूँ ही नहीं मानना चाहिए, इसीलिए पहले ठीक से जानना चाहिए तभी मानना चाहिए और तभी किसी समाज में व्याप्त अंधविश्वासों का निवारण किया जा सकता है और वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं सर्वांगीण वैज्ञानिक वातावरण से उत्पन्न वैज्ञानिक चेतना का विकास हो सकता है एवं तभी किसी समाज और देश का भला भी हो सकता है, इसीलिए खगोलविद अमर पाल सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि शनि के छल्लों और चंद्रमाओं की दुनिया की बात करें तो पाते हैं कि शनि, सूर्य से बाहर की ओर स्थित छठा ग्रह है। प्राचीन काल में लोग इसे स्थिर तारों के बीच घूमने वाले एक सुनहरे "तारे" या 'घुमक्कड़' के रूप में देखते थे। लेकिन उन्होंने बाद में जाना कि यह कोई तारा नहीं है बल्कि यही है शनि ग्रह। खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि शनि के वलयों की बात करें तो पाते हैं कि 17वीं शताब्दी में दूरबीनों के आविष्कार के बाद ही इसके छल्ले दिखाई देने लगे। साथ ही बाद में अंतरिक्ष यानों ने भी खुलासा किया कि शनि के कई पतले, बारीक और अति सुंदर वलय हैं जो बर्फ के छोटे-छोटे टुकड़ों से बने हैं। और यही छल्ले इसकी खूबसूरती का राज़ हैं जो इसे सुंदरता में अन्य से ज़्यादा सम्मान दिलाते हैं, इसीलिए इसको वलयों का सम्राट भी कहा जाता है। खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि अब अगर हम शनि ग्रह के चंद्रमाओं की बात करें तो पाते हैं कि शनि के कम से कम 293 चंद्रमा हैं जिनकी कक्षाएँ सिद्ध हो चुकी हैं। इनमें से केवल 13 चंद्रमाओं का व्यास 30 मील (लगभग 50 किलोमीटर) से अधिक है।

*शनि को देखने का सबसे अच्छा समय कौनसा होता है?।*

खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि शनि ग्रह को देखने के लिए सबसे अच्छा समय, विपरीत स्थिति होती है जो वर्ष के उस सर्वोत्तम समय के मध्य में होती है जब किसी बाहरी ग्रह को देखना संभव होता है। एवं बिना किसी दूरबीन/ टेलीस्कोप या विनोकुलर आदि उपकरण की सहायता से भी आप नंगी आँखों से ही शनि ग्रह को आसानी से देख कर पहचान सकते हैं क्योंकि शनि ग्रह भी एक चमकीला ग्रह है और जब यह हमारे क्षितिज के ऊपर होता है, तो यह बिना किसी उपकरण के आसानी से दिखाई देता है। लेकिन अगर आप इसके छल्लों को अच्छे से देखना चाहते हैं तो आप किसी भी अच्छी दूरबीन, जिसे स्थिर रूप से पकड़ा जाए या तिपाई पर लगाया जाए, तब शनि को एक चमकदार अंडाकार डिस्क के रूप में प्रदर्शित करेगी। वहीं, यदि आप छोटी दूरबीन को भी अच्छे से समान्तरण कर सकें और प्रकाश प्रदूषण नहीं हो एवं साथ ही सटीक दिशा का ज्ञान और पहचान होने पर मौसम साफ़ हो तो किसी भी 6 इंच के छोटे घरेलू दूरबीन से भी इसके सुंदर छल्ले आसानी से दिखाई दे सकते हैं ।
खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि 4 अक्टूबर 2026 की रात शनि को देखने के लिए एक बेहतरीन मौका है। इस दौरान आप साधारण आँखों से ही इसे देख सकते हैं और यह न केवल वर्ष का सबसे चमकीला शनि होगा,बल्कि इस रात्रि में चंद्रमा, मंगल, बृहस्पति और कैस्टर,पोलक्स और रेगुलस तारे के साथ बना खगोलीय दृश्य भी दर्शनीय होगा। और अंत में खगोलविद अमर पाल सिंह ने विशेष ज़ोर देते हुए यह भी बताया कि खगोल/अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में बिना एक्सपर्ट के जानकारी दिए ऐसे ही किसी की भी आदि अधूरी और अप्रमाणित सूचनाओं के साथ ही भ्रामक जानकारियों एवं अंधविश्वासों से पूरी तरीके से दूर रहें, इसीलिए खगोलविद अमर पाल सिंह हमेशा ही कहते हैं कि सही ज्ञान, सभी समस्याओं का समाधान और यही है विज्ञान।
इसी के साथ खगोलविद अमर पाल सिंह ने यह भी बताया कि अगर 4 अक्टूबर 2026 की रात को आप उपरोक्त तारों, ग्रहों और चंद्रमा को किसी कारणवश नहीं देख पाएं तो भी उतना निराश होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि शनि की विपरीत स्थिति का दृश्य छोड़कर उपरोक्त खगोलीय पिण्डों का दिखना जैसे चंद्रमा, ग्रहों और तारों का दृश्य संयोजन दूरी में आगे पीछे एवं समय और थोड़ा सा मैग्नीट्यूड और दिशा आदि में भी परिवर्तन के साथ आकाश में दिखाई देते हुए 7 अक्टूबर तक सुंदर दृश्य रूप में दिखाई देंगे।
     
Mirzapur: नशे की गिरफ्त में ड्रमंडगंज घाटी, UP-MP बार्डर पर सैकड़ों की संख्या में नशीले कप सीरप की शीशियां मिलने से फैली सनसनी

मिर्जापुर। यूपी-एमपी बॉर्डर पर नशें के बढ़ते कारोबार ने लोगों को विचलित कर रखा है। उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर स्थित
ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के भैसौढ बलाय पहाड़ गांव के एक गड्ढे भरे पानी में हजारों नशीली कफ सीरप की शीशियां तैरते हुए मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। जिसे लेकर तरह-तरह की चर्चा हो रही है कि आखिरकार कहां से आ रही इतनी बड़ी मात्रा में कफ सिरप की शीशियां? हांलांकि इसका वीडियो वायरल होते ही इलाकाई पुलिस ने जहां जांच कर कार्रवाई का संकेत दिया है वहीं ग्रामीणों ने कहा है कि नशे के कारोबारियों पर कार्रवाई होना जरुरी है क्यों कि पूरा पहाड़ी इलाका बुरी तरह से नशे की गिरफ्त में आ चुका है।
बताते चलें कि भैसौढ बलाय पहाड़ पर
हाइवे पुलिया के नीचे एक गड्ढे में भारी मात्रा में नशीले सीरप की शीशियां मिलने से नशे के अवैध कारोबार को लेकर सवाल उठ रहे हैं तो दूसरी ओर पुलिस की निगरानी और कार्रवाई पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। आखिर इतनी बड़ी संख्या में शीशियां फेंके जाने की जानकारी जिम्मेदार अधिकारियों तक क्यों नहीं पहुंची, नशीली दवाओं का दुरुपयोग सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है इसके सेवन से बेहोशी, सांस लेने में परेशानी और अन्य गंभीर दुष्प्रभाव हो सकते हैं। अब सवाल यह है कि पुलिस और औषधि विभाग कब करेंगे जांच कफ सिरप के स्रोत, आपूर्ति और खाली शीशियां फेंकने वालों की पहचान कब होगी? स्थानीय स्तर पर मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि पूर्व में सिरफ़ के सेवन से कई लोगों की जान भी जा चुकी है। युवा  नशीली कफ़ सीरफ के आदि हो रहे हैं तो वहीं नशीले कप सीरप का कारोबार क्षेत्र में पूर्व से होना बताया जा रहा है।
*तबाह हो रहीं हैं युवा पीढ़ी, बढ़ रहे अपराध*
बताते चलें कि नशे की गिरफ्त में ड्रमंडगंज घाटी जहां पूरी तरह से जकड़ा हुआ है, वहीं UP-MP बार्डर पर भैसोडबलाय पहाड़ गांव में सैकड़ों की संख्या में नशीले कप सीरप की शीशियां मिलने से फैली सनसनी के बाद पिछले दिनों एक महिला के वायरल हुए वीडियो जिसमें उसने नशे के चंगुल में बुरी तरह से फंस चुके अपने बेटे व दो बेटियां का उल्लेख करते हुए पुलिस में शिकायत करते हुए घर के कीमती सामानों को चुरा लें जाने की शिकायत की थी, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में नशें के बढ़ते कारोबार की खबर जहां पुष्ट हुई थी संबंधित विभाग से लेकर पुलिस की उदासीनता भी सामने आई है, अब देखना है कि पुलिस कार्रवाई क्या करती है, हालांकि इलाकाई पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है कि इतनी मात्रा में यह नशीले कप सीरप की शीशियां कहां से आई हैं।
मिर्जापुर : गैर इरादतन हत्या के 2 आरोपी गिरफ्तार

मिर्जापुर। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान में थाना कोतवाली देहात और
को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के राजपुर आमघाट निवासी शिवकुमारी ने 1 अक्टूबर 2025 को तहरीर दी थी कि पैसे के लेनदेन को लेकर नामजद आरोपी ने उसके पति महेश को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। इलाज के दौरान महेश की मृत्यु हो गई। मामले में थाना कोतवाली देहात पर मबीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था।
आज 3 अक्टूबर 2026 को उप निरीक्षक राकेश राय की टीम ने मुखबिर की सूचना पर इस मामले के दीपू बिंद पुत्र रामचन्दर निवासी राजपुर आमघाट, थाना कोतवाली देहात और विनोद बिंद पुत्र रामसकल बिंद निवासी तिगोड़ा, थाना पड़री को गिरफ्तार कर धारा 105, 352 बीएनएस में जेल भेज दिया।
ग्रामप्रधान के भ्रष्टाचार की शिकायत पर डीएम दरबार से दुत्कार तो मुख्यमंत्री पोर्टल पर गुहार


उपेन्द्र कुमार पांडेय


आजमगढ़। जिले के सगड़ी तहसील क्षेत्र के नत्थूपुर ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये के बजट के गबन की शिकायत से हड़कंप मचा हुआ है। ग्राम प्रधान रामदुलारे पर आरोप है कि उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के दौरान कागजों पर ही विकास कार्य दिखाकर सरकारी धन का गबन किया। ग्रामीण राजेंद्र द्वारा 14 सितंबर को डीएम से शिकायत किए जाने के बाद से ही मामले ने तूल पकड़ लिया है। आरोप है कि कागजों में रीता के घर से होते हुए वसीम के चक तक और वहां से विजय कुमार के घर तक सीसी रोड कार्य की स्वीकृति 29 नवंबर 2025 में हुई और मजदूरी का भुगतान 8 जनवरी 2026 तक करा लिया गया जबकि धरातल पर कार्य हुआ ही नहीं। मामले में शिकायत के बाद खुद को बचाने के लिए ग्राम प्रधान आनन-फानन में बेहद घटिया स्तर का सीसी रोड निर्माण कराकर सबूत मिटाने की कोशिश में लगे हैं। इस निर्माण कार्य में मजदूरी भुगतान में भी भारी धांधली की बात सामने आई है। उधर, स्थानीय प्रशासन के ढुलमुल रवैये से पीड़ित बेहद निराश हैं। शिकायकर्ता राजेंद्र का आरोप है कि तीसरी बार डीएम दरबार पहुँचने पर उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें डांट कर भगा दिया गया। जिला स्तर पर सुनवाई न होने के बाद अब पीड़ित ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने विशेष जांच टीम गठित कर दोषी प्रधान के वित्तीय अधिकार सीज करने तथा गबन की राशि वसूलने की पुरजोर मांग की है।
मण्डलायुक्त ने गांधी जयन्ती के अवसर पर अपनी मौजूदगी में अपर आयुक्तों के माध्यम से कार्यालय भवन पर कराया ध्वजारोहण
गांधी जी की अहिंसा संघर्षों से भागने की नहीं, बल्कि संघर्षों में उतरने वाली अहिंसा थी: मण्डलायुक्त




उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़ :; मण्डलायुक्त विवेक ने गांधी जयन्ती के अवसर पर महिला सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अपनी मौजूदगी में कार्यालय भवन पर अपर आयुक्त-न्यायिक डाक्टर अर्चना द्विवेदी एवं अपर आयुक्त ज्योति राय के माध्यम से संयुक्त रूप से ध्वजारोहरण कराया। तत्पश्चात समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं, छात्राओं द्वारा सामूहिक राष्ट्रगान किया गया। ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के उपरान्त मण्डलायुक्त विवेक ने अपने कार्यालय सभागार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमन्त्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के बड़े चित्र का अनावरण व माल्यार्पण कर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मण्डलायुक्त ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन संघर्षों, उनकी देश सेवा, उनके जीवन मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधी जी की अहिंसा संघर्षों से भागने की नहीं बल्कि संघर्षों में उतरने वाली अहिंसा थी। इस प्रकार गांधी जी की अहिंसा एक सक्रिया अहिंसा थी। उन्होंने कहा महान वह है जो विरोधों से भागता नहीं है बल्कि विरोध को स्वीकार कर विरोधियों से सामंजस्य बनाते हुए अपने सिद्धान्त पर अग्रसर होता है, और गांधी जी के अन्द यह विशेषता प्रमुखता से थी। मण्डलायुक्त विवेक ने कहा कि गांधी जी की विचारधारा एक वैश्विक विचाराधारा थी। इस प्रकार आज हमें एक व्यक्ति की नहीं बल्कि एक वैश्विक विचारधारा की जयन्ती मनाने का सौभाग्य प्राप्त है। इसी क्रम में उन्होंने पूर्व प्रधानमन्त्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के जीवन संघर्षों और तत्समय आत्मनिर्भर भारत बनाने के दिशा में लिए गये अत्यन्त महत्वपूर्ण निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके द्वारा जय जवान, जय किसान के दिये गये नारे से देश ने आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाया जो निरन्तर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के सादा जीवन उच्च विचार को स्वर्गीय लालबहादुर शास्त्री ने चरितार्थ कर दिखाया, उनके जीवन में दिखावा नाममात्र भी नहीं था। मण्डलायुक्त ने उपस्थिति समस्त अधिकारियों कर्मचारियों को देश की इन दोनों महा विभूतियों से निरन्तर सीख और प्रेरणा लेने तथा देश के विकास में सभी को अपना सकारात्मक योगदान देने का आहवान किया।

        इससे पूर्व अपर आयुक्त-प्रशासन प्रमोद कुमार पाण्डेय, अपर आयुक्त-न्यायिक डाक्टर अर्चना द्विवेदी, अपर आयुक्त ज्योति राय, अपर निदेशक अभियोजन बीपी पाण्डेय, शासकीय अधिवक्ता ओपी पाण्डेय, सहायक शासकीय अधिवक्ता अजीत कुमार सिंह, सेन्ट्रल बार एसोसियेशन के अध्यक्ष दिनेश चन्द्र श्रीवास्तव व मन्त्री जनार्दन राय आदि ने भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया तथा उनके जीवन के कतिपय पहलुओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन अभय तिवारी ने किया, जबकि स्थानीय जीजीआईसी की छात्राओं द्वारा रामधुन और अन्य प्रस्तुति की गयी। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राजेश यादव, प्रशासनिक अधिकारी रामअवध सहित कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थिति थे।