2017 से पहले छात्रों की छात्रवृत्ति भी खा गई थी तत्कालीन सरकार: मुख्यमंत्री योगी
*लोकभवन में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति वितरण कार्यक्रम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया संबोधित*

*एक क्लिक में 4,60,559 छात्र-छात्राओं के खातों में पहुंचे ₹148 करोड़ से अधिक*

*पिछले वर्ष 69 लाख विद्यार्थियों को मिली ₹6,200 करोड़ की छात्रवृत्ति, इस बार 70 लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य*

*पहले बाबूगिरी में छात्रवृत्ति पर लगती थी सेंध, अब डीबीटी से पूरा पैसा सीधे खाते में: मुख्यमंत्री योगी*

*अपने परिवार को ही प्रदेश मानने वाले 25 करोड़ लोगों के बारे में कहां सोच पाते: मुख्यमंत्री योगी*

*2017 से पहले दंगे-कर्फ्यू और गुंडागर्दी से जूझता था यूपी, युवाओं के सामने था पहचान का संकट*

*अब यूपी में ‘नो कर्फ्यू, नो दंगा, अब यूपी में है सब चंगा’: मुख्यमंत्री योगी*

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को पूर्ववर्ती सरकार पर छात्रवृत्ति में सेंधमारी का आरोप लगाते हुए कहा कि 2016-17 में अनुसूचित जाति-जनजाति के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति तक नहीं भेजी गई। तत्कालीन सरकार छात्रों की छात्रवृत्ति भी खा गई थी। वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद पिछली बकाया छात्रवृत्ति भी विद्यार्थियों तक पहुंचाई गई। पहले बाबूगिरी में छात्रवृत्ति पर सेंध लगती थी, अब डीबीटी से पूरा पैसा सीधे छात्र के खाते में पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकभवन सभागार में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने एक क्लिक से 4,60,559 छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में ₹148 करोड़ से अधिक की धनराशि भेजी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह शुरुआत है। इस वर्ष छात्रवृत्ति का लाभ 70 लाख विद्यार्थियों तक पहुंचाने का लक्ष्य है।

*पिछले वर्ष 69 लाख छात्रों को मिले ₹6,200 करोड़*
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष 69 लाख विद्यार्थियों को ₹6,200 करोड़ की छात्रवृत्ति दी गई। वर्ष 2017 से पहले इस मद में करीब ₹2,900 करोड़ खर्च होते थे। उन्होंने पात्र विद्यार्थियों तक 26 जनवरी तक हर हाल में छात्रवृत्ति पहुंचाने के निर्देश दिए। पिछले वर्ष आवेदन या तकनीकी त्रुटि के कारण वंचित करीब चार लाख विद्यार्थियों को भी इसका लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि धन के अभाव में किसी विद्यार्थी की पढ़ाई नहीं रुकनी चाहिए। पात्र छात्र तक समय से पैसा पहुंचाने के लिए धन की कमी नहीं है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से छात्रवृत्ति की राशि फिजूल खर्च न करने और उससे अच्छी किताबें खरीदकर अपना बुक बैंक तैयार करने को कहा।

*अपने परिवार को ही प्रदेश मानने वालों पर निशाना*
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों के लिए अपना परिवार ही प्रदेश हो गया था, वे 25 करोड़ लोगों के बारे में कहां सोच पाते। इसी कारण उत्तर प्रदेश पिछड़ता गया। छात्र परेशान थे, युवा बेहाल थे और बेटियों व व्यापारियों की सुरक्षा खतरे में थी।
उन्होंने कहा कि 2017 से पहले युवाओं के सामने पहचान का संकट था। दंगे होते थे, कर्फ्यू लगता था और सरेआम गुंडागर्दी होती थी। आज उत्तर प्रदेश बीमारू प्रदेश नहीं, रेवेन्यू सरप्लस स्टेट और देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन है। उन्होंने कहा, “नो कर्फ्यू, नो दंगा, अब यूपी में है सब चंगा।”

*छह महीने में एक लाख और नौकरियां*
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। अगले छह महीने में एक लाख और युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य है। परीक्षाएं हो रही हैं, परिणाम आ रहे हैं और युवाओं को नौकरियां मिल रही हैं।

*स्कूलों में बढ़ीं सुविधाएं*
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले बेसिक शिक्षा में ड्रॉपआउट 19 से 20 प्रतिशत तक था। ऑपरेशन कायाकल्प से विद्यालयों में शौचालय, पेयजल, फर्नीचर, स्मार्ट क्लास और डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्था की गई। बेसिक शिक्षा परिषद के 1.60 करोड़ बच्चों को यूनिफॉर्म, बैग, किताब, जूते-मोजे और स्वेटर के लिए धनराशि दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि सभी 18 मंडलों में अटल आवासीय विद्यालय चल रहे हैं, जिनमें 18 हजार श्रमिक और निराश्रित बच्चे पढ़ रहे हैं। 746 विकास खंडों में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय संचालित हैं। प्रोजेक्ट अलंकार के तहत 2,300 से अधिक विद्यालयों में सुविधाएं बढ़ाई गई हैं।

*2047 के विकसित भारत के सारथी बनें युवा*
मुख्यमंत्री ने कहा कि परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है। आज 15 से 18 वर्ष के विद्यार्थी 2047 में देश की कामकाजी शक्ति का महत्वपूर्ण हिस्सा होंगे। विकसित भारत के निर्माण में उनकी बड़ी भूमिका होगी। प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग की सुविधा भी उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि दो करोड़ युवाओं को टैबलेट देने का लक्ष्य है, जिनमें 60 लाख को मिल चुके हैं। मेधावी बेटियों को अगले महीने 50 हजार स्कूटी देने की तैयारी है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में बेटी के जन्म से स्नातक तक ₹25 हजार की सहायता दी जा रही है।

*राजभर बोले- अल्पसंख्यकों को शिक्षा से जोड़ रही सरकार*
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि नौ वर्षों में अल्पसंख्यक समाज के 39 लाख से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी गई। सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास के जरिए अल्पसंख्यकों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया।

*युवाओं पर निवेश देश पर निवेश: असीम अरुण*
राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री युवाओं पर निवेश को देश पर निवेश मानते हैं। तकनीकी खामियों से छात्रवृत्ति से छूटे विद्यार्थियों को अभियान चलाकर जोड़ा गया है। उन्होंने युवाओं से हुनर, अनुशासन और परिश्रम को अपनी ताकत बनाने को कहा।

*सामाजिक न्याय का संकल्प: नरेंद्र कश्यप*
राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कुमार कश्यप ने कहा कि 4,60,559 लाभार्थियों में 2,23,615 पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थी हैं। वर्ष 2025-26 में 36.75 लाख ओबीसी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी गई। उन्होंने इसे सामाजिक न्याय का संकल्प बताया।

*अब समय पर मिल रही छात्रवृत्ति: दानिश*
राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि पहले छात्रवृत्ति के लिए ज्ञापन देना पड़ता था, अब विद्यार्थियों को समय पर इसका लाभ मिल रहा है। सरकार अल्पसंख्यक युवाओं को शिक्षा और कौशल से आगे बढ़ने के अवसर दे रही है।

*कार्यक्रम में ये रहे मौजूद*
कार्यक्रम में ओम प्रकाश राजभर, असीम अरुण, नरेंद्र कुमार कश्यप, संजीव गोंड, दानिश आजाद अंसारी, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, विधायक जय देवी, श्याम देश कुमार और वरिष्ठ अधिकारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री योगी ने 4.60 लाख विद्यार्थियों की पढ़ाई को दिया ₹148 करोड़ का संबल
*एक क्लिक पर छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में पहुंची छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि*
*मुख्यमंत्री ने लोक भवन में 11 छात्र-छात्राओं को अपने हाथों से प्रदान किए प्रमाणपत्र*
*अन्य पिछड़ा वर्ग के 2.23 लाख और अनुसूचित जाति के 1.59 लाख विद्यार्थियों को मिला लाभ*

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के 4,60,559 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई को शनिवार को आर्थिक संबल मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एक क्लिक कर डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में ₹148.04 करोड़ की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि भेजी। उन्होंने मंच पर 11 छात्र-छात्राओं को अपने हाथों से छात्रवृत्ति प्रमाणपत्र भी प्रदान किए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रमाणपत्र पाने वालों में रणबीर वर्मा, अजीत रावत, अंश मिश्रा, अलकैफ, अनन्या अवस्थी, मिली, अधिकांश वर्मा, करिश्मा, बुशरा, अभिषेक यादव और साइमा शामिल रहे। मुख्यमंत्री के हाथों प्रमाणपत्र पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे।
सरकार की इस पहल का सबसे अधिक लाभ अन्य पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को मिला है। अन्य पिछड़ा वर्ग के 2,23,615 विद्यार्थियों के खातों में ₹60.01 करोड़ भेजे गए। अनुसूचित जाति के 1,59,959 विद्यार्थियों को ₹64.54 करोड़ की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति मिली। इसी तरह सामान्य वर्ग के 38,084 विद्यार्थियों के खातों में ₹11.43 करोड़ और अल्पसंख्यक वर्ग के 38,901 विद्यार्थियों के खातों में ₹12.06 करोड़ पहुंचाए गए।

*आर्थिक अभाव के कारण नहीं छूटेगी पढ़ाई*
योजना में अल्प आय वर्ग के पूर्वदशम यानी कक्षा नौ और दस के साथ दशमोत्तर कक्षाओं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति से विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी। इसके पीछे सरकार का उद्देश्य आर्थिक अभाव को किसी विद्यार्थी की शिक्षा की राह में बाधा नहीं बनने देना है।
*आधार आधारित भुगतान से बढ़ी पारदर्शिता*
छात्रवृत्ति आवेदन से लेकर भुगतान तक की व्यवस्था ऑनलाइन कर दी गई है। आधार आधारित भुगतान प्रणाली से धनराशि सीधे पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रही है। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आधार आधारित पैकेट सिस्टम भी लागू किया गया है। इससे छात्रवृत्ति वितरण में बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है और विद्यार्थियों को बिना किसी दौड़भाग के योजना का लाभ मिल रहा है।
प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 65.95 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को ₹4,793 करोड़ से अधिक की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति दी है। सरकार की कोशिश प्रक्रिया को और सरल बनाकर प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक योजना का लाभ पहुंचाने की है।
‘संविधान नहीं, अखिलेश खतरे में हैं’: ओपी राजभर का सपा प्रमुख पर पलटवार
- राज्यसभा चुनाव को लेकर साधा निशाना, बोले- ‘यह भाईचारे का नहीं, दौलत का चुनाव’; पीडीए पर भी कसा तंज

लखनऊ। राज्यसभा चुनाव के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विपक्षी एकता के आह्वान पर योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने तीखा पलटवार किया। राजभर ने कहा कि वर्ष 2017 से अखिलेश यादव लगातार संविधान के खतरे में होने की बात कह रहे हैं, जबकि उनके मुताबिक संविधान सुरक्षित है और खतरे में स्वयं अखिलेश यादव हैं।
- चार बार यादव को मुख्यमंत्री बनाया, मुस्लिम चेहरे पर नहीं किया विचार
ओम प्रकाश राजभर ने सपा की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश की करीब 20 प्रतिशत मुस्लिम आबादी ने यादव समाज के नेताओं को चार बार मुख्यमंत्री बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन सपा नेतृत्व ने कभी किसी मुस्लिम चेहरे को मुख्यमंत्री के रूप में आगे बढ़ाने के बारे में नहीं सोचा।
- 'राज्यसभा चुनाव भाईचारे का नहीं, दौलत का चुनाव’
अखिलेश यादव के राज्यसभा चुनाव को ‘भाईचारे का चुनाव’ बताए जाने पर राजभर ने कहा कि यह भाईचारे का नहीं, बल्कि ‘दौलत का चुनाव’ है। उन्होंने सपा के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले पर भी तंज कसा। राजभर ने परिवारवाद का आरोप लगाते हुए रामगोपाल यादव और धनाढ्य वर्ग का जिक्र किया तथा कहा कि अब केवल ‘अपराधी’ नाम घोषित किया जाना बाकी है।
- '2022 में सपा की सीटें बढ़ाने में हमारी भूमिका’
सपा-कांग्रेस गठबंधन पर राजभर ने कहा कि दोनों दल 2017 के विधानसभा चुनाव में भी साथ मिलकर चुनाव लड़ चुके हैं। उनके मुताबिक उस समय यादव और मुस्लिम वोट के साथ कांग्रेस का वोट भी गठबंधन के साथ था, लेकिन सपा को केवल 47 विधानसभा सीटों पर जीत मिली। राजभर ने 2022 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए दावा किया कि उस समय सुभासपा सपा के साथ थी और सपा 125 सीटों तक पहुंची। उन्होंने दावा किया कि अंबेडकरनगर की पांचों, आजमगढ़ की 10, गाजीपुर की सात सीटों के अलावा बलिया, मऊ समेत कुल 62 सीटों पर सपा की जीत में सुभासपा की भूमिका रही।
- 'अखिलेश को पता है कि सरकार नहीं आने वाली’
राजभर ने कहा कि वर्तमान समय में अखिलेश यादव को राजनीतिक सहारा देने वाला कोई नहीं है। उनके मुताबिक, अखिलेश को पता चल चुका है कि उनकी सरकार नहीं बनने वाली और इसी वजह से वह अपने लिए राजनीतिक व्यवस्था करने में जुटे हैं। उन्होंने विपक्षी एकता के आह्वान को भी इसी राजनीतिक परिस्थिति से जोड़ते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा।
जनता के पैसे पर डकैती डालने वालों की जेबें प्रधानमंत्री मोदी ने खाली कराईं: सीएम योगी
*लोकभवन में ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ पर आधारित नाट्य श्रृंखला मंचन कार्यक्रम को किया संबोधित*
*बोले- जनधन खाते खोलने पर विपक्ष उड़ाता था खिल्ली, अब गरीब के खाते में सीधे पहुंच रहा उसका पैसा*
*सीएम ने कहा - 2004 से 2014 के बीच भ्रष्टाचार, अराजकता और अकर्मण्यता से देश में था अविश्वास*
*प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्ष की यात्रा बिना रुके, बिना डिगे और बिना झुके सेवा की यात्रा*
*प्रदेशभर में होगा नाट्य श्रृंखला का मंचन, स्थानीय बोलियों और लोकगीतों को भी जोड़ने के निर्देश*

लखनऊ, 2 अक्टूबर 2026।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनधन खाते खोले जा रहे थे तो विपक्ष खिल्ली उड़ाता था कि खाली खाते खोलकर क्या होगा। आज पता चल गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता के पैसे पर डकैती डालने वालों की जेबें खाली कराईं और गरीब का पैसा सीधे उसके खाते तक पहुंचाया। जिनकी जेबों तक जनता का पैसा पहुंचता था, उन्हें बुरा लगना और विरोध करना स्वाभाविक है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकभवन सभागार में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ पर आधारित नाट्य श्रृंखला मंचन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से चल रहे सेवा संकल्प अभियान के क्रम में संस्कृति विभाग के तहत भारतेंदु नाट्य अकादमी के कलाकारों ने प्रस्तुति दी।
*बिना रुके, बिना डिगे और बिना झुके 25 वर्ष*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सात अक्टूबर को गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे करेंगे। यह बिना रुके, बिना डिगे और बिना झुके सेवा की यात्रा है। इसमें विरासत और विकास के समन्वय के साथ बिना भेदभाव योजनाओं को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाया गया।
उन्होंने कहा कि सात अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने ऐसे समय गुजरात की जिम्मेदारी संभाली, जब राज्य भूकंप की त्रासदी से जूझ रहा था। इसके बाद दंगों की चुनौती भी आई। इन परिस्थितियों के बीच गुजरात तेजी से उभरते राज्य और विकास के मॉडल के रूप में सामने आया।
*यूपीए सरकार के दस वर्षों पर साधा निशाना*
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2004 से 2014 के बीच कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के भ्रष्टाचार, अराजकता और अकर्मण्यता से देश में अविश्वास था। आंतरिक और बाह्य सुरक्षा के साथ अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर भी चुनौतियां थीं। वर्ष 2014 में गांव, गरीब, किसान, नौजवान और महिलाओं ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताया।
उन्होंने कहा कि इसके बाद किसी जाति, मत, मजहब, क्षेत्र या भाषा के बजाय 140 करोड़ भारतीयों को केंद्र में रखकर योजनाएं आगे बढ़ाई गईं। पहले योजनाएं बनती थीं, लेकिन प्रभावी ढंग से जमीन तक नहीं पहुंचती थीं। आज गरीबों तक आवास, रसोई गैस, शौचालय, स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त राशन जैसी सुविधाएं पहुंच रही हैं।
*हवाई चप्पल वाला भी कर रहा हवाई यात्रा*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवाओं के लिए स्टार्टअप और रोजगार के नए अवसर बने हैं। हाईवे, एक्सप्रेसवे, रेलवे, मेट्रो और एयरपोर्ट का विस्तार हुआ है। पहले कोई प्रधानमंत्री यह दावा नहीं कर पाया कि हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज की यात्रा कर सकता है। प्रधानमंत्री मोदी ने इसे केवल कहा नहीं, करके दिखाया।
उन्होंने कहा कि सात अक्टूबर हर भारतीय के लिए प्रेरणा का दिन होना चाहिए। यह यात्रा 15 अगस्त 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने से जुड़ी है।
*प्रदेशभर में होगा नाट्य श्रृंखला का मंचन*
नाट्य प्रस्तुति में वर्ष 2001 के गुजरात भूकंप की तबाही से लेकर कच्छ के पुनर्निर्माण और नरेंद्र मोदी की जनसेवा की यात्रा को मंच पर उतारा गया। मुख्यमंत्री ने प्रस्तुति की सराहना करते हुए इसे पूरे प्रदेश में ले जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में भोजपुरी, मध्य क्षेत्र में अवधी, ब्रज में ब्रज भाषा और बुंदेलखंड में बुंदेलखंडी के शब्दों के साथ स्थानीय लोकगीत भी प्रस्तुति में जोड़े जाएं। मुख्यमंत्री ने बाल कलाकारों और भारतेंदु नाट्य अकादमी की टीम की सराहना की और कार्यक्रम के बाद कलाकारों के साथ तस्वीर खिंचवाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर नमन करते हुए श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
*कार्यक्रम में ये रहे मौजूद*
कार्यक्रम में भाजपा अवध क्षेत्र के अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, लखनऊ जिलाध्यक्ष विजय मौर्य, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, भाजपा के प्रदेश मंत्री अंकुर शर्मा व योगेंद्र पटेल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, ओम प्रकाश श्रीवास्तव, पवन सिंह चौहान और प्रदेश सरकार के सलाहकार अवनीश अवस्थी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
अखिलेश के विपक्षी एकता के आह्वान पर संजय निषाद और दानिश का पलटवार, बोले- सिर्फ बयानबाजी से कुछ हासिल नहीं होगा
*अखिलेश पर NDA नेताओं का तीखा हमला, बोले-'सपा के दावे हवा-हवाई'*

*अखिलेश के बयान पर संजय निषाद का वार, बोले- विपक्ष कर रहा सिर्फ बयानबाजी और पोस्टरबाजी*

*2027 में समाजवादी पार्टी दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी: दानिश आजाद*

लखनऊ, 02 अक्टूबर। यूपी में राज्यसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव द्वारा विपक्षी एकता के आह्वान पर सत्ताधारी गठबंधन के मंत्रियों ने पलटवार किया है। कैबिनेट मंत्री संजय निषाद और राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने विपक्षी एकता के दावे को खोखला बताया। जहां कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने विपक्ष पर बयानबाजी, पोस्टरबाजी और एसी-पीसी तक सीमित रहने का आरोप लगाया, वहीं राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने समाजवादी पार्टी के दावों को लेकर निशाना साधा।
*विपक्ष को लोग 70 साल तक देख चुके: संजय निषाद*
संजय निषाद ने कहा कि विपक्ष के पास केवल बयानबाजी, पोस्टरबाजी और एसी-पीसी के अलावा कोई शक्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को लोग 70 साल तक देख चुके हैं। विभिन्न दलों के नेताओं ने यह सब देखने के बाद ही अपने दल खड़े किए हैं या एनडीए के साथ आए हैं। निषाद ने कहा कि सत्ता के बाहर रहने पर अखिलेश को मिलन दिखाई देता है, उनके इन बयानों से कुछ होने वाला नहीं है। संजय निषाद ने दावा किया कि इस बार एनडीए की ऐतिहासिक जीत होगी।
*अखिलेश के बयान पर दानिश आजाद का पलटवार*
वहीं, राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी बहुत बड़े-बड़े दावे कर रही थी लेकिन अब उसके सारे दावों की पोल खुल चुकी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने झूठ का जो गुब्बारा फुलाया था, अब उस गुब्बारे की हवा निकल चुकी है। उत्तर प्रदेश में जिस तरीके से समाजवादी पार्टी ने गफलत और नफरत की राजनीति को फैलाने का काम किया, उसके लिए राज्य की जनता कभी माफ नहीं करेगी।
*2027 में होगी सपा की सबसे बड़ी हार*
दानिश आजाद ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव की तरफ सपा जिस तरीके से आगे बढ़ रही है, उसकी अब तक की सबसे बड़ी हार होने वाली है। 2027 में समाजवादी पार्टी दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी।
‘सपा की आज भी है अपराधियों से हमदर्दी’: बुलडोजर एक्शन पर अखिलेश के सवालों पर मंत्री नरेंद्र कश्यप का पलटवार
*‘दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों का सपा से हुआ मोह भंग’: अखिलेश यादव की राजनीति पर भाजपा का हमला*

*अखिलेश पर नरेंद्र कश्यप और दिनेश प्रताप का बड़ा हमला, बुलडोजर एक्शन से PDA और राज्यसभा चुनाव तक घेरा*

लखनऊ, 2 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में बुलडोजर कार्रवाई और एनकाउंटर पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा सवाल उठाए जाने पर योगी सरकार में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने पलटवार किया है। मंत्री नरेंद्र कश्यप ने अखिलेश यादव के बुलडोजर एक्शन पर सवाल उठाने पर कहा कि अपराधियों की हिमायत करने वाले लोग बुलडोजर की कार्रवाई से पीड़ित होते हैं।
कश्यप ने एनकाउंटर को लेकर कहा, “एनकाउंटर में यदि कोई अपराधी पुलिस पर जानलेवा हमला करे, पुलिस को मारने की कोशिश करे, तो क्या पुलिस हाथ पर हाथ रखकर अपराधियों से पिटती रहे? अपराधियों को पुलिस जवाब देती है। जवाबी कार्रवाई में कई अपराधी मारे जाते हैं।”
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कश्यप ने कहा, “जब अखिलेश यादव अपराधियों के साथ हमदर्दी दिखाते हैं तो लगता है कि समाजवादी पार्टी ने अभी भी अपनी आपराधिक प्रवृत्ति नहीं छोड़ी है, वहीं दंगा, हत्या और प्रदेश में परिवारवाद अखिलेश यादव के चेहरे से झलकता रहता है।”
*PDA को लेकर दिनेश प्रताप सिंह का निशाना*
वहीं राज्यसभा चुनाव को लेकर भी भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। दरअसल अखिलेश यादव ने राज्यसभा चुनाव को लेकर कहा कि यह चुनाव मिलन का समय होता है। अगर किसी को लगता है कि हमारे लोकतंत्र की सुंदरता खतरे में है, तो आपस में मिल जाना चाहिए। इस पर दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि सपा के लिए यह चुनाव मिलन नहीं बिछोह का समय साबित हो रहा है। दिनेश प्रताप सिंह ने सपा के PDA फॉर्मूले को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “PDA बड़ी प्रतीक्षा में था कि राज्यसभा के इस चुनाव में कोई अति-पिछड़ा आएगा, कोई दलित समाज से आएगा और कोई मुस्लिम समाज से आएगा। लेकिन जैसे ही सपा ने दो नामों की घोषणा की, पिछड़ा समाज, दलित समाज और मुस्लिम समाज, सब में निराशा का वातावरण फैल गया और अब समाजवादी पार्टी से इनका मोहभंग हो चुका है।”
दिनेश प्रताप सिंह ने कहा, “अखिलेश यादव अब यह सोचकर परेशान हैं कि '2027 के चुनाव में उनका क्या हश्र होगा। क्योंकि न उनके साथ अब पिछड़ा समाज जाएगा, न दलित समाज जाएगा और न अल्पसंख्यक समाज जाएगा। अब यह समाज सिर्फ दरी बिछाने के लिए नहीं है। दिनेश प्रताप सिंह ने राज्यसभा चुनाव को सपा और अखिलेश यादव  के लिए गले की फांस बताया। 
*2027 को लेकर भाजपा का दावा*
दिनेश प्रताप सिंह ने आगे कहा, “इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी जहां एक तरफ अपनी आठों सीटों पर विजय प्राप्त करेगी और नौवीं सीट के लिए भी हम सार्थक प्रयास करेंगे। और 2027 के चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एक बार पुनः सरकार बनाएगी।”
हमारे ग्राम स्वराज में परिवारवादी मॉडल की कोई जगह नहीं: मुख्यमंत्री योगी
*बिना नाम लिए कांग्रेस-सपा के परिवारवाद पर निशाना, बोले- गांवों को वोट बैंक समझने की राजनीति ने उन्हें पीछे रखा*
*2017 से पहले गांवों को मिले सिर्फ वादे, व्यवस्था में न पारदर्शिता थी न जवाबदेही*
*57,600 ग्राम सचिवालयों से गांव में मिल रहीं सुविधाएं, हर गांव में 5 से 7 रोजगार के अवसर*
*11,350 ग्राम पंचायतों में स्थापित की जा रहीं डिजिटल लाइब्रेरी*

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांधी जयंती पर ग्राम स्वराज के मुद्दे पर बिना नाम लिए कांग्रेस और सपा के परिवारवाद को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि गांवों को केवल वोट बैंक समझने और उन्हें अराजकता व जातिवाद की आग में झोंकने वाली राजनीति ने गांवों को पीछे रखा। हमारे ग्राम स्वराज में परिवारवादी मॉडल की कोई जगह नहीं है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट कर कहा कि 2017 से पहले गांवों को विकास नहीं, सिर्फ वादे मिले। गांवों के नाम पर राजनीति हुई, लेकिन व्यवस्था में न पारदर्शिता थी, न जवाबदेही। आय और जाति प्रमाण-पत्र के लिए भी ग्रामीणों को तहसील, थाना और जिला मुख्यालयों के चक्कर काटने पड़ते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार गांव को विकास की अंतिम सीढ़ी नहीं, आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की पहली इकाई मानती है। पिछले साढ़े नौ वर्षों में व्यवस्था बदली है। आज 57,600 ग्राम सचिवालयों के माध्यम से ग्रामीणों को गांव में ही सुविधाएं मिल रही हैं। ई-ग्राम स्वराज, डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन मॉनिटरिंग से पंचायतों के कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही आई है। ग्राम सचिवालयों के संचालन से प्रत्येक गांव में पांच से सात रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। वहीं 11,350 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ग्राम स्वराज उनके लिए कोई राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि महात्मा गांधी के सपनों के आत्मनिर्भर गांव का संकल्प है। सशक्त पंचायत, समृद्ध गांव और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश- यही हमारा ग्राम स्वराज है।
सूचना विभाग में गांधीजी एवं शास्त्रीजी की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई
लखनऊ 02 अक्टूबर 2026।
सूचना निदेशक विशाल सिंह के मार्ग दर्शन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधीजी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती आज सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ में हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई।
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग मुख्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अपर निदेशक अरविन्द कुमार मिश्र द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधीजी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी दोनों महान विभूतियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपिता के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तैने कहिए’ का सस्वर पाठ भी किया गया।
अपने संबोधन में अपर निदेशक अरविन्द कुमार मिश्र ने दोनों महापुरुषों के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जी का जीवन सत्य, अहिंसा, त्याग और सादगी का प्रतीक है। उन्होंने सत्याग्रह के माध्यम से न केवल भारत को ब्रिटिश हुकूमत से स्वतंत्रता दिलाई, बल्कि पूरी दुनिया को शांतिपूर्ण संघर्ष का मार्ग दिखाया। उनका चरखा, उनकी लाठी और उनके विचार आज भी भारत की आत्मा में जीवित हैं। बापू ने हमें सिखाया कि साधन की पवित्रता साध्य से भी अधिक महत्वपूर्ण है। स्वच्छता को लेकर उनका आग्रह आज स्वच्छ भारत मिशन के रूप में साकार हो रहा है।
वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए श्री मिश्र ने कहा कि शास्त्री जी ने अत्यंत साधारण परिवार से आकर अपनी असाधारण प्रतिभा, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से देश का नेतृत्व किया।  उनके द्वारा  दिया गया अमर नारा ‘जय जवान, जय किसान’ आज भी देश की सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा का मूल मंत्र है। उन्होंने देश के जवानों का मनोबल बढ़ाया और किसानों को अन्नदाता के रूप में सम्मान दिलाया। उनकी सादगी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि शास्त्री जी एक ऐसी मिसाल हैं जिन्होंने प्रधानमंत्री रहते हुए भी कभी अपने पद का दुरुपयोग नहीं किया। उनका जीवन हमें सिखाता है कि ऊँचे पद पर रहकर भी कैसे विनम्र और जमीन से जुड़े रहा जाता है। श्री मिश्र ने कहा कि यह संयोग ही है कि 2 अक्टूबर को दो ऐसी महान विभूतियों का जन्म हुआ जिन्होंने भारत के इतिहास को नई दिशा दी। एक ने स्वतंत्रता दिलाई तो दूसरे ने स्वतंत्र भारत को सशक्त और स्वावलंबी बनाने की नींव रखी। दोनों ने अपने जीवन से यह सिद्ध किया कि सत्ता सेवा का माध्यम है, भोग का नहीं।उन्होंने सूचना विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे गांधी जी के सत्य और अहिंसा तथा शास्त्री जी की सादगी और कर्तव्यनिष्ठा को अपनी कार्यशैली में अपनाएं। सूचना विभाग सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य करता है, इसलिए हमारा दायित्व है कि हम पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि हम सभी को स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रप्रथम की भावना को अपने दैनिक जीवन में उतारना चाहिए, यही इन महापुरुषों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने तथा देश की एकता-अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वरि. वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, उपनिदेशक अनुराग प्रसाद, आत्रेय मिश्रा, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, चन्द्र मोहन, डाॅ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, सी.एल. सिंह, प्रभात श्रीवास्तव,अमित कुमार यादव, निर्माता फिल्म अभय कुमार श्रीवास्तव सहित  विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
खादी के वस्त्रों पर 30 जनवरी तक 25 फीसदी छूट: मुख्यमंत्री योगी

*गांधी आश्रम और लाल बहादुर शास्त्री भवन में आयोजित जयंती कार्यक्रमों में पहुंचे सीएम योगी*
*बोले- बापू का स्वदेशी से स्वावलंबन का मंत्र ही विकसित भारत की आधारशिला*
*खादी केवल वस्त्र नहीं, स्वदेशी का मंत्र और चरखा आत्मनिर्भरता का प्रतीक*
*शास्त्री जी का ‘जय जवान, जय किसान’ स्वाधीन भारत का बना मंत्र*

लखनऊ। गांधी जयंती पर प्रदेश में खादी के वस्त्रों पर 30 जनवरी 2027 तक 25 फीसदी छूट मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए प्रदेशवासियों से खादी को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि स्वदेशी का मंत्र है। इसे अपनाकर कारीगरों, हस्तशिल्पियों और बुनकरों के हुनर को सम्मान दिया जा सकता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को महात्मा गांधी की 157वीं और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए। हजरतगंज स्थित गांधी आश्रम में उन्होंने बापू के स्वदेशी, स्वच्छता और ग्राम स्वराज के विचारों को याद किया। इसके बाद लाल बहादुर शास्त्री भवन में शास्त्री जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों स्थानों पर उन्होंने पत्रकारों से भी बातचीत की।
*बापू ने बिखरे आंदोलन को जन आंदोलन बनाया*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका में महात्मा गांधी ने अन्याय, शोषण और रंगभेद के खिलाफ आवाज उठाई। भारत लौटने के बाद उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से नेतृत्व देकर जन आंदोलन बना दिया। गांव-गांव के लोग इससे जुड़े और ब्रिटिश हुकूमत को भारत छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा।
उन्होंने कहा कि बापू के स्वच्छता, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। चरखा आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। बापू का स्वदेशी से स्वावलंबन का मंत्र ही विकसित भारत की आधारशिला बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘लोकल टू ग्लोबल’ का आह्वान इसी सोच को आगे बढ़ा रहा है। स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित कर कारीगरों, हस्तशिल्पियों और बुनकरों को बाजार उपलब्ध कराना होगा। *ग्राम सचिवालयों से ग्राम स्वराज की परिकल्पना को मजबूती*
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत देशभर में बने करोड़ों शौचालय अच्छे स्वास्थ्य के साथ नारी सम्मान का आधार बने हैं। इसी तरह ग्राम सचिवालयों की स्थापना से बापू की ग्राम स्वराज की परिकल्पना को आगे बढ़ाया जा रहा है। लोगों को गांव में ही जन सुविधाएं मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो समाज अपने पूर्वजों के प्रति कृतज्ञ रहता है, उसका भविष्य उज्ज्वल होता है।
*शास्त्री जी ने जो कहा, उसे करके दिखाया*
लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वह जितने सरल और सहज थे, उतने ही दृढ़ और संघर्षशील भी थे। उन्होंने जो कहा, उसे करके दिखाया और जितना किया, उतना ही बोला। देश पर संकट आया तो उन्होंने दिखाया कि राष्ट्र की रक्षा के लिए किस तरह दृढ़ता के साथ खड़ा हुआ जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शास्त्री जी का ‘जय जवान, जय किसान’ नारा स्वाधीन भारत का मंत्र बना। एक तरफ जवान सीमाओं पर देश की रक्षा कर रहे थे तो दूसरी तरफ किसान भारत को खाद्यान्न में आत्मनिर्भर बनाने में जुटे थे। कभी देश को खाद्यान्न के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता था। आज भारत अपने 140 करोड़ नागरिकों की जरूरत पूरी करने के साथ दुनिया के कई देशों को खाद्यान्न की आपूर्ति कर रहा है।
*ये रहे मौजूद*
गांधी आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री राकेश सचान, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष मोहसिन रजा, क्षेत्रीय गांधी आश्रम के मंत्री देवी प्रसाद शर्मा, व्यवस्थापक अखिलेश उपाध्याय और साहित्यकार अखिलेश द्विवेदी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
पीएम सूर्य घर योजना में यूपी का परचम, सितंबर में 74,796 रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित

*उत्तर प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 2,493 रूफटॉप सोलर प्लांट हो रहे स्थापित*
*मासिक स्थापना में उत्तर प्रदेश देश में प्रथम, आंध्र प्रदेश दूसरे और महाराष्ट्र तीसरे स्थान पर*

लखनऊ। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर स्थापना में उत्तर प्रदेश ने सितंबर 2026 में देश में प्रथम स्थान हासिल किया है। सितंबर माह में प्रदेश में 74,796 रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किए गए। इस दौरान आंध्र प्रदेश 69,813 और महाराष्ट्र 60,907 इंस्टॉलेशन के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। सितंबर के आंकड़ों में गुजरात में 45,616 और केरल में 30,315 रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन दर्ज किए गए। इस तरह सितंबर की मासिक स्थापना में उत्तर प्रदेश शीर्ष पर रहा।
*उत्तर प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 2,493 इंस्टॉलेशन*
सितंबर माह में उत्तर प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 2,493 रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किए गए। 30 सितंबर को प्रदेश में एक दिन में 3,389 इंस्टॉलेशन दर्ज हुए। पूरे महीने में यूपी ने गुजरात से 29,180 और महाराष्ट्र से 13,889 अधिक इंस्टॉलेशन किए। सितंबर में देशभर में कुल 4,38,815 रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन हुए, जिसमें उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी लगभग 17 प्रतिशत रही।
*योगी सरकार के प्रयासों से सौर ऊर्जा को मिल रही गति*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार को बढ़ावा दिया जा रहा है। पीएम सूर्य घर योजना के राज्यस्तरीय क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय और योजना की प्रगति की निगरानी यूपी नेडा के निदेशक रविंदर सिंह के नेतृत्व में की जा रही है।
*8.67 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित*
30 सितंबर 2026 तक उत्तर प्रदेश में पीएम सूर्य घर योजना के तहत कुल 8,67,755 रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन हो चुके हैं। इनकी कुल स्थापित क्षमता 2,911.39 मेगावाट पहुंच गई है। संचयी स्थापना में गुजरात 8,70,152 इंस्टॉलेशन के साथ उत्तर प्रदेश से केवल 2,397 इंस्टॉलेशन आगे रहा, जबकि महाराष्ट्र की संचयी स्थापना 8,27,182 रही।
*31 मार्च 2027 तक योजना, उपभोक्ता जल्द लें सब्सिडी का लाभ*
पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने पर सब्सिडी उपलब्ध है। योजना की निर्धारित अवधि 31 मार्च 2027 तक है। अधिकारियों की प्रदेश के शेष विद्युत उपभोक्ताओं से अपील है कि वे समय रहते पीएम सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने के लिए आवेदन करें और पात्रता के अनुसार सब्सिडी का लाभ उठाएं। उपभोक्ता पीएम सूर्य घर राष्ट्रीय पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। विद्युत उपभोक्ता सौर ऊर्जा अपनाकर, बिजली बिल में बचत के साथ साथ स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार में भी सहभागी बन सकते है ।
*सितंबर 2026 मासिक राष्ट्रीय रैंकिंग*
उत्तर प्रदेश- 74,796
आंध्र प्रदेश- 69,813
महाराष्ट्र- 60,907
गुजरात- 45,616
केरल- 30,315