मऊ बुजुर्गों का सम्मान, पौधरोपण से दिया नई पीढ़ी को संदेश
घोसी,मऊ। बुजुर्ग दिवस पर गुरुवार को नगर पंचायत सभागार में सेवा संकल्प अभियान के तहत बुजुर्ग सम्मान समारोह आयोजित किया गया। अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार ने बुजुर्गों का सम्मान कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान बुजुर्गों से पौधरोपण भी कराया गया जिसके जरिए पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ी के लिए बेहतर भविष्य का संदेश दिया गया।

नगर पंचायत की ओर से पात्र बुजुर्गों के वृद्धावस्था पेंशन के आवेदन भरवाए गए तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि बुजुर्ग समाज की धरोहर हैं और उनका सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए।

उन्होंने पात्र बुजुर्गों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ लिपिक राकेश पांडेय, अनिल, शादाब खान, सुजीत, शैलेश सहित कर्मचारी मौजूद रहे।
मऊ सब रजिस्ट्रार कार्यालय में डीआईजी स्टांप का औचक निरीक्षण, अभिलेखों की जांच कर दिए आवश्यक निर्देश
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। विजय स्तंभ चौक स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय का गुरुवार को डीआईजी स्टांप, आजमगढ़ सुरेश कुमार त्रिपाठी ने औचक निरीक्षण किया। अचानक निरीक्षण को लेकर कार्यालय में हलचल रही। डीआईजी स्टांप ने कार्यालय के अभिलेखागार, क्रेता-विक्रेता से संबंधित दस्तावेजों और विभिन्न रजिस्ट्रियों की बारीकी से जांच की।

निरीक्षण के दौरान सुरेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सरकार की ओर से महिलाओं को संपत्ति की रजिस्ट्री में मिलने वाली स्टांप शुल्क की छूट की सीमा बढ़ाकर एक करोड़ रुपये तक कर दी गई है।

इसके तहत पात्र महिलाओं को एक प्रतिशत स्टांप शुल्क की छूट का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्त सैनिकों को भी नियमानुसार स्टांप शुल्क में छूट का प्रावधान है।

इसके बाद डीआईजी स्टांप ने कार्यालय के कंप्यूटर कक्ष, शौचालय, फाइलों के रखरखाव सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

अभिलेखों के रखरखाव और कार्यालय की व्यवस्थाओं में मिली कमियों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश सब रजिस्ट्रार प्रहलाद सरोज को दिए।

उन्होंने रजिस्ट्री प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक रजिस्ट्री के समय गवाहों का बयान अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। साथ ही कार्यालय में आने वाले लोगों को शासन के नियमों के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सब रजिस्ट्रार कार्यालय के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर आशाओ ने खोला मोर्चा*
-1 से 15 अक्टूबर तक कार्य बहिष्कार, 5 अक्टूबर को लखनऊ में प्रदर्शन की चेतावनी

*संवाददाता कायमगंज*

कायमगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में कार्यरत आशा एवं आशा संगिनियों ने लंबे समय से लंबित मानदेय वृद्धि और सम्मानजनक भत्ते की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई न होने से नाराज कार्यकर्ताओं ने चिकित्सा अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही मांगें पूरी न होने पर आंदोलन को और तेज करने तथा कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है।
आशा एवं आशा संगिनी संघ की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि कार्यकर्ता लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं दे रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं, टीकाकरण, स्वास्थ्य जागरूकता तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन आशा कार्यकर्ताओं द्वारा किया जाता है। इसके बावजूद वर्तमान महंगाई के दौर में उन्हें मिलने वाला मानदेय उनकी जिम्मेदारियों और कार्यभार की तुलना में अपर्याप्त है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि मानदेय में वृद्धि तथा उचित एवं सम्मानजनक भत्ता दिए जाने की मांग को लेकर वह कई बार शासन-प्रशासन से अनुरोध कर चुकी हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर अपेक्षित निर्णय नहीं लिया गया। इससे कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है।
ज्ञापन के माध्यम से आशा एवं आशा संगिनियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक अपने कार्यों का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा। इसके साथ ही 5 अक्टूबर को राजधानी लखनऊ पहुंचकर बड़े विरोध प्रदर्शन में भाग लेने का निर्णय लिया गया है। कार्यकर्ताओं ने चिकित्सा अधीक्षक से मांग की कि उनके ज्ञापन को शासन स्तर तक पहुंचाते हुए मानदेय वृद्धि एवं सम्मानजनक भत्ते से संबंधित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई कराई जाए।
आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे में उनकी आर्थिक स्थिति और कार्य की प्रकृति को ध्यान में रखते हुए शासन को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
इस दौरान गंगोत्री, शिप्रा सक्सेना, करिश्मा संगिनी, सुनीता आशा, शीतला आशा, रीमा, रंजना देवी, रामकुमारी सहित बड़ी संख्या में आशा एवं आशा संगिनियां मौजूद रहीं।
गांधी-शास्त्री जयंती पर विद्यार्थियों ने दिए स्वच्छता और देशसेवा के संदेश
रामराज (मेरठ)। डी मोनफोर अकादमी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धांजलि और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों और शिक्षकों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की।

इस अवसर पर इंटर-क्लास क्राफ्ट एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कक्षा 3 से 5 के विद्यार्थियों ने गांधीजी के चरखे के आकर्षक मॉडल बनाए। कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों ने ‘स्वच्छ भारत अभियान’ और ‘जय जवान, जय किसान’ विषय पर पोस्टर तैयार किए। कक्षा 9 एवं 11 के विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के संयुक्त चित्रों की स्केचिंग एवं पेंटिंग की।

किंडरगार्टन के बच्चों ने गांधीजी के चश्मे बनाए, गांधीजी का रूप धारण किया और स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छ भारत का संदेश दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

प्रधानाचार्य डॉ. समीर वर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी और देशसेवा की प्रेरणा देता है। निदेशिका डॉ. गरिमा वर्मा ने विद्यार्थियों से उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अनुशासन, नैतिकता और सेवा भाव अपनाने का आह्वान किया। निदेशक ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को महापुरुषों के जीवन और आदर्शों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण हैं।

उपप्रधानाचार्या रितु चिकारा ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और उत्साह की सराहना की। कार्यक्रम में शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा।
कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय में चोरों का धावा, कीमती सामान चुराकर फरार

*संवाददाता कायमगंज*

कायमगंज नगर से सटे गांव पितौरा के कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया ।चोरों ने विद्यालय की बाउंड्री बाल पर लगे कटीले तार की फेंसिंग को काटकर परिसर में प्रवेश किया।
जिसके बाद विज्ञान कक्ष के विन्डो एवं गेट का सेंटर लाक तोड़कर उसमें रखा मिड डे मील का सामान,गैस कुकर, भगौना, तसले, खुरपी ,फावडा व बर्तन एवं अन्य सामान चोरी कर लिया ।प्रधानाध्यापिका प्रभा कुमारी ने बताया कि चोर दो खेल किट,एक सिलाई मशीन व दो पायदान,एक फर्राटा पंखा एवं अन्य सामान चोरी कर ले गए । सुबह जब प्रधानाध्यापिका के पहुंचने से पहले रसोईया पहुंची तो उसने बिखरा हुआ सामान एवं गेट के ताले व गेट टूटा देखकर इसकी जानकारी प्रधानाध्यापिका को दी ।मौके पर पहुंची प्रधानाध्यापिका ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी ।स्थानीय पुलिस ने पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की है ।वहीं देर रात हुई विद्यालय में चोरी से गांव में हड़कंप मचा हुआ है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी ।
डीडीयू जंक्शन पर 43 लाख रुपये कैश बरामद, 10 लाख पहुंचाने पर मिलता था 10 हजार कमीशन
चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त चेकिंग में सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के जनरल कोच से 43 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। नकदी एक युवक के पिट्ठू बैग से मिली। युवक रकम से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पुलिस को नहीं दिखा सका।

पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि वह पटना से दिल्ली जा रहा था। उसके अनुसार, उसे नकदी पहुंचाने के बदले कमीशन मिलता था और 10 लाख रुपये पहुंचाने पर 10 हजार रुपये दिए जाते थे। युवक की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट निवासी के रूप में बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक इतनी बड़ी रकम के संबंध में युवक कोई संतोषजनक दस्तावेज या वैध स्रोत नहीं बता सका। इसके बाद बरामद नकदी को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस को रकम के हवाला कारोबार या अन्य अवैध वित्तीय लेनदेन से जुड़े होने की आशंका है। हालांकि, जांच पूरी होने से पहले इसे हवाला की रकम मानना अंतिम निष्कर्ष नहीं है।

जीआरपी सीओ कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि बरामद रकम के स्रोत और उसे दिल्ली ले जाने के उद्देश्य की जांच की जा रही है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जौनपुर: 1.5 करोड़ रुपये के बैंक ऋण घोटाले का मुख्य आरोपी दलाल गिरफ्तार, ईओडब्ल्यू ने जेसीज चौराहे से दबोचा

लखनऊ।  यूपी के जौनपुर जिले में सरकारी योजनाओं के तहत आवंटित डेढ़ करोड़ रुपये का फर्जी बैंक ऋण बनवाकर गबन करने वाले मुख्य दलाल जोगेन्द्र प्रसाद उर्फ योगेन्द्र प्रसाद को आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। ईओडब्ल्यू की टीम ने बृहस्पतिवार सुबह आरोपी को जौनपुर के जेसीज चौराहे से हिरासत में लिया। यह कार्रवाई थाना लाइन बाजार में दर्ज गबन और भ्रष्टाचार के मामले के तहत की गई है। ईओडब्ल्यू की जांच के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2012-13 में शासन द्वारा जौनपुर में विभिन्न जनकल्याणकारी और स्वरोजगार योजनाओं के लिए 1.50 करोड़ रुपये का धन आवंटित किया गया था।

गौराबादशाहपुर के प्रेमापुर निवासी जोगेन्द्र प्रसाद (दलाल) ने तत्कालीन शाखा प्रबंधक और तत्कालीन कैशियर के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज, फर्जी चेक और जाली दस्तखत व अंगूठे के निशान लगाकर बैंक नियमों को ताक पर रखकर ऋण पास करा लिए। इसके बाद ऋण राशि का फर्जी वितरण दर्शाकर सरकारी पैसे का आपस में गबन कर लिया गया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने किसान व कारीगर क्रेडिट कार्ड, संयुक्त उत्तरदायी समूह, ग्रामीण आवास, सौर ऊर्जा उपकरण, अपना घर, वाहन ऋण तथा शिक्षा ऋण जैसी कुल 8 प्रमुख योजनाओं के बजट में सेंध लगाई थी। मामले की विवेचना में ईओडब्ल्यू ने कुल तीन लोगों को दोषी पाया था। वांछित चल रहे मुख्य दलाल जोगेन्द्र प्रसाद को जेसीज चौराहे से गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार करना) में न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
भदोही में 4 अक्टूबर से सजेगा 50वां इंडिया कारपेट एक्सपो, 65 देशों के खरीदार होंगे शामिल
ब्रिक्स देशों के खरीदारों पर विशेष फोकस, 200 से अधिक निर्यातक नए डिजाइन करेंगे प्रदर्शित

भदोही एक बार फिर हस्तनिर्मित कालीन के वैश्विक कारोबार का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। कारपेट एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (CEPC) की ओर से 4 से 7 अक्टूबर तक भदोही के एक्सपो मार्ट में 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो का आयोजन किया जाएगा। एक्सपो में 65 देशों के 300 से अधिक खरीदारों के शामिल होने की उम्मीद है। अब तक करीब 325 खरीदार पंजीकरण करा चुके हैं।

एक्सपो में भदोही, वाराणसी, मिर्जापुर, आगरा, पानीपत, जयपुर, बीकानेर और कश्मीर समेत विभिन्न राज्यों के 200 से अधिक कालीन व फ्लोर कवरिंग निर्यातक अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। निर्यातकों ने विदेशी बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए नए डिजाइन और सैंपल तैयार किए हैं।

CEPC के वाइस चेयरमैन असलम महबूब के अनुसार, इस बार ब्रिक्स देशों के खरीदारों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उनके लिए अलग बायर्स लाउंज की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि ब्रिक्स देशों के साथ व्यापारिक संबंध मजबूत करने की दिशा में एक्सपो महत्वपूर्ण मंच साबित हो सकता है।

वैश्विक बाजार में अनिश्चितता के बीच निर्यातकों का जोर किफायती और पर्यावरण अनुकूल कालीनों पर भी है। जूट और सिल्क जैसे प्राकृतिक उत्पादों से तैयार कालीनों को एक्सपो में प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। अमेरिका और यूरोप के बाजारों में मांग के बदलते रुझान को देखते हुए निर्यातकों को इस आयोजन से नए कारोबारी ऑर्डर मिलने की उम्मीद है।
ड्रोन कैमरे की मदद से तेंदुओं की तलाश शुरू
(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर )

मीरापुर: भुम्मा के जंगल में नर व मादा तेंदुओं की गुर्राहट की खबर प्रकाशित होते ही गुरुवार की सुबह वन विभाग की टीम जंगल में पहुंच गई तथा ड्रोन कैमरे की मदद से तेंदुओं की तलाश शुरू की। वन विभाग की टीम आने की सूचना पर दर्जनों ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के अनुसार पिछले तीन महीने से क्षेत्र में तेंदुए की दहशत व्याप्त है तथा ग्रामीणों का दावा है कि जंगल में नर व मादा तेंदुए को दो शावकों के साथ विचरण करते हुए देखा है। मंगलवार को तेंदुओं की गुर्राहट सुनाई देने के बाद ग्रामीणों ने रेंजर को कई बार फोन किया था आरोप हैं कि ग्रामीणों का फोन नहीं उठाए जाने पर डीएफओ ने रेजर को कड़ी फटकार लगाई है।
संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारम्भ

*डीएम ने शपथ दिलाकर प्रचार वाहन रैली को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना*



रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जनपद भदोही में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारम्भ बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट परिसर, सरपतहां से जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने आमजन को संचारी रोगों से बचाव एवं रोकथाम की शपथ दिलाकर तथा प्रचार वाहन रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक जनपद में संचालित किया जाएगा।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि “भदोही ने ठाना है, संचारी रोगों को हराना है।” उन्होंने कहा कि अपने गांव, ब्लॉक, जनपद एवं देश को रोगमुक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। व्यक्तिगत साफ-सफाई के साथ घरों के आसपास तथा गांव एवं मोहल्लों के वातावरण को स्वच्छ रखना आवश्यक है। उन्होंने आमजन से स्वस्थ व्यवहार अपनाने तथा समुदाय के अन्य लोगों को भी स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों के कारण परिवारों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है। इसलिए यदि आसपास कोई व्यक्ति बुखार से पीड़ित हो तो उसे तत्काल उपचार के लिए सरकारी अस्पताल जाने हेतु प्रेरित किया जाए। उन्होंने मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बांह की कमीज एवं पैंट पहनने, स्वच्छ पेयजल का सेवन करने तथा घरों एवं आसपास जल-जमाव न होने देने की अपील की। साथ ही कुपोषित बच्चों पर विशेष ध्यान देने एवं व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया।

उन्होंने नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों तथा ग्राम पंचायतों में जिला पंचायत राज अधिकारी को संचारी रोग नियंत्रण अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने एंटी लार्वा एवं फॉगिंग का प्रभावी एवं नियमित छिड़काव कराने तथा साफ-सफाई व्यवस्था की बेहतर निगरानी सुनिश्चित करने को कहा, जिससे वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम प्रभावी ढंग से की जा सके।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक, नोडल/एसीएमओ डॉ. ओपी शुक्ला तथा जिला मलेरिया अधिकारी  राम आसरे ने बताया कि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जनपद में आवश्यक टीमें गठित की गई हैं। अभियान के प्रथम दिन जनपद के समस्त बेसिक विद्यालयों में ग्राम प्रधानों, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, शिक्षकों एवं ग्रामवासियों की सहभागिता से जागरूकता रैली एवं संगोष्ठियां आयोजित कर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही सभी पीएचसी, सीएचसी, विकास खंड कार्यालयों एवं अधिशासी अधिकारी कार्यालयों में भी संगोष्ठियों का आयोजन किया गया।

12 से 31 अक्टूबर तक चलेगा दस्तक अभियान

अभियान के अंतर्गत 12 से 31 अक्टूबर 2026 तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। इस दौरान आशा कार्यकत्रियों द्वारा घर-घर भ्रमण कर डेंगू, फाइलेरिया, मलेरिया, दिमागी बुखार, क्षय रोग एवं कुष्ठ रोग आदि के लक्षण वाले रोगियों की पहचान कर जांच एवं उपचार हेतु सूची तैयार की जाएगी। साथ ही बुखार से पीड़ित रोगियों, आईईएलआई, क्षय रोग, कालाजार एवं फाइलेरिया के लक्षणयुक्त व्यक्तियों तथा कुपोषित बच्चों की सूची तैयार की जाएगी।

जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि ऐसे मकानों को भी चिह्नित किया जाएगा, जहां घरों के भीतर मच्छरों का प्रजनन पाया जाता है। चिह्नित क्षेत्रों एवं व्यक्तियों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट संबंधित उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाएगी।

“7 का वार, संचारी रोगों की होगी हार” के संदेश के तहत जनपदवासियों से पूरी बांह की कमीज एवं पैंट पहनने, स्वच्छ पेयजल का सेवन करने, आसपास जल-जमाव न होने देने, कुपोषित बच्चों पर विशेष ध्यान देने, व्यक्तिगत एवं आसपास की स्वच्छता बनाए रखने तथा बुखार होने पर बिना देरी किए सरकारी अस्पताल पहुंचकर उपचार कराने की अपील की गई।

संचारी रोगों से संबंधित अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन 1800-180-5145, टोल फ्री नंबर 104 तथा एम्बुलेंस सेवा के लिए 108 पर संपर्क किया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि संचारी रोगों की रोकथाम में प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें, अपने घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार के बुखार अथवा बीमारी के लक्षण होने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्राप्त करें। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संतोष चक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय एवं संबंधित विभागों के अधिकारी वह आम जन उपस्थित रहे।