मऊ में घाघरा नदी ने तोड़ा पिछला रिकॉर्ड, जलस्तर 66.78 मीटर पहुंचा
मऊ। घाघरा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी जारी है। गुरुवार, 1 अक्टूबर की सुबह नदी ने अपने पिछले रिकॉर्ड को पार कर लिया। इससे पहले घाघरा नदी का जलस्तर 66.44 मीटर तक पहुंचकर वापस घटने लगा था।

गुरुवार सुबह नदी के जलस्तर में 20 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 66.78 मीटर पर पहुंच गया। जलस्तर बढ़ने से मधुबन क्षेत्र में बाढ़ की चिंता बढ़ गई है।
थाना रामपुर साइबर टीम द्वारा पूर्व मे गुम हुए 3 अदद मोबाइल( कुल कीमत 58000/-) को उनके वास्तविक मालिक को किया गया सुपुर्द

आवेदकगण-
1.मोहम्मद असगर निवासी गनपा सिराथू जनपद कौशाम्बी , उत्तर प्रदेश
मोबाइल-  REALME 15X अनुमानित कीमत 17000/
गुम होने का स्थान – मर्यादपुर बाजार  थाना रामपुर जनपद मऊ
2. पूजा पुत्री पंचम प्रसाद निवासी हडहवा फाटक थाना गोरखनाथ जनपद गोरखपुर
मोबाइल – Vivo VFE अनुमानित कीमत 30000/-
गुम होने का स्थान- रामपुर बेलौली थाना रामपुर, जनपद मऊ
3.मीना पत्नी राजीव मौर्या निवासी मर्यादपुर थाना रामपुर जनपद मऊ
मोबाइल- INFINIX HOT 10  अनुमानित कीमत 11000/-
गुम होने का स्थान  - मर्यादपुर बाजार थाना रामपुर जनपद मऊ

साइबर टीम
1. उ0नि0 प्रमोद मद्धेशिया
2.उ0नि0 अनुराधा
3. का0आ0 नीरज शर्मा
4.का0 नीलेश मिश्रा
भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हवलदार मनोज कुमार बिन्द का हुआ भव्य स्वागत
धानापुर चन्दौली। भारतीय सेना में 26 वर्षों तक गौरवमयी एवं समर्पित सेवा देने के पश्चात हवलदार मनोज कुमार बिन्द जी के दिनांक 01 अक्टूबर दो हजार छबीस को सेवानिवृत्ति होने के उपरांत उनके पैतृक ग्राम बहेरी कमालपुर में आगमन पर ग्रामीणों द्वारा गाजे बाजे एवं फूल माला पहनाकर से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन के साथ स्वागत समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

गौरतलब है कि हवलदार मनोज कुमार बिन्द जी ने वर्ष 2000 से 2026 तक भारतीय सेना में अपनी सेवाएं प्रदान कीं। वे राजपूताना राइफल्स रेजीमेंट सेंटर में अपनी सैन्य सेवा के दौरान देश की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करते रहे।
ज़ब अपने गांव बहेरी कमालपुर में आगमन पर क्षेत्र के सैकड़ो  लोगों एवं शुभचिंतकों द्वारा उनका बैंड बाजा के साथ फूल-माला पहनाकर, अंगवस्त्र भेंट कर एवं सम्मानपूर्वक स्वागत-वंदन किया गया। इस अवसर पर लोगों ने उनके 26 वर्षों की राष्ट्रसेवा के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सुखमय भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. बिरेन्द्र कुमार बिन्द जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ चंदौली ने कहा कि,हवलदार मनोज कुमार जी   के द्वारा “भारतीय सेना में 26 वर्षों तक देश की सेवा करना अत्यंत गौरव और सम्मान की बात है। आप अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्षों को राष्ट्र की सुरक्षा के लिए समर्पित किया है। उनकी सेवा, अनुशासन, साहस और समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। ऐसे वीर सैनिकों के सम्मान से समाज में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना और मजबूत होती है। हम उनके उज्ज्वल भविष्य, स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना करते हैं।”

उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने अनुभवों को नई दिशा में लगाने का एक नया अवसर है। हवलदार मनोज कुमार बिन्द जी का अनुभव और उनकी राष्ट्रसेवा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगी।

इस अवसर पर मुख्य रूप से जय प्रकाश सिंह यादव जिला महासचिव, सोएब अख्तर हासमी, सत्येंद्र कुमार एडवोकेट, बालेश्वर बिंद, कमलकांत बिंद, रामचंद्र बिंद, लाल बहादुर बिंद, मोहन बिंद, पंकज बिंद, रामा भारती, बेचू बिंद, राकेश बिंद, केदार बिंद भुटन बिंद आदि क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, पूर्व सैनिक, युवा, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में खंडवारी पीजी कॉलेज की याशिका ने जीता गोल्ड
चंदौली : अंतर महाविद्यालयी प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में मां खंडवारी पीजी कॉलेज की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल और कप अपने नाम किया। छात्राओं की इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। उनकी सफलता पर संस्थापक प्रबंधक डॉ. राजेंद्र प्रताप सिंह सहित विद्यालय परिवार ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वाराणसी स्थित एक निजी विद्यालय में बुधवार को आयोजित अंतर महाविद्यालयी प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में मां खंडवारी पीजी कॉलेज समेत विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के सिंगल वर्ग में याशिका सिंह ने प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता, जबकि डबल्स वर्ग में याशिका सिंह और श्वेता पाल की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और गोल्ड मेडल के साथ कप पर कब्जा जमाया।

खास बात यह रही कि याशिका सिंह ने लगातार तीसरी बार कॉलेज को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान दिलाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर दोनों छात्राएं अब गुवाहाटी, असम में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी।

छात्राओं की सफलता पर संस्थापक प्रबंधक डॉ. राजेंद्र प्रताप सिंह ने दोनों खिलाड़ियों को साधुवाद देते हुए कहा कि कोच संतोष सिंह के कुशल नेतृत्व में छात्राओं ने प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की ओर से दोनों प्रतिभावान खिलाड़ियों को जल्द ही सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रबंध निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह, निदेशक अवनीश सिंह, सच्चिदानंद सिंह, अरुण गुप्ता सहित महाविद्यालय परिवार के अन्य लोग मौजूद रहे।
अतिरिक्त प्रभार के विरोध में लेखपालों का कार्य बहिष्कार, गांवों में आय-जाति से लेकर वरासत तक के काम प्रभावित
चंदौली। मुगलसराय तहसील में अतिरिक्त गांवों का प्रभार दिए जाने के विरोध में लेखपालों ने कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। 22 सितंबर से चल रहे इस बहिष्कार के कारण तहसील क्षेत्र के कई गांवों में राजस्व संबंधी कामकाज प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों को आय, जाति, निवास और वरासत प्रमाण पत्र समेत जरूरी कार्यों के लिए तहसील के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

मुगलसराय तहसील में लेखपालों के कुल 63 सर्किल हैं। इनमें से 23 लेखपालों ने अतिरिक्त प्रभार छोड़ते हुए कार्य बहिष्कार किया है। लेखपाल संघ का कहना है कि कर्मचारियों की कमी के चलते कई लेखपालों को अतिरिक्त गांवों की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले से ही काम का दबाव बढ़ा हुआ है।

लेखपाल संघ के अध्यक्ष ने बताया कि उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर अतिरिक्त प्रभार के विरोध में आंदोलन किया जा रहा है। संघ की मांगों को शासन स्तर पर रखा गया है, लेकिन अभी तक राजस्व परिषद की ओर से कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। मांगों पर निर्णय होने तक कार्य बहिष्कार जारी रखने की बात कही गई है।

बैठक में पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष सुजीत कुमार, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष माधुरी पांडेय, पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह, वर्तमान अध्यक्ष रोहित कुमार सिंह, तहसील मंत्री भोला नाथ शर्मा, कोषाध्यक्ष विभा त्रिपाठी समेत अन्य लेखपाल मौजूद रहे।
Mirzapur: वाराणसी से दर्शन कर रीवा लौट रही कार ट्रक से टकराई, ठेकेदार की मौत; एक गंभीर


मीरजापुर। जिले के वाराणसी-मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़री थाना क्षेत्र अंतर्गत कपसौर गांव पुल के पास गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से दर्शन-पूजन कर घर लौट रहे युवकों की एक्स-यू बी गाड़ी अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में कार चला रहे ठेकेदार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, वही दो लोग बाल बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के रीवा जिले के किटवारिया निवासी अखिल तिवारी अपने साथी शाहिल खान, कृष्ण मुरारी और सुधांशु के साथ बुधवार शाम घर से वाराणसी दर्शन करने और घूमने निकले थे। बृहस्पतिवार की सुबह सभी कार से वापस लौट रहे थे। गाड़ी अखिल तिवारी खुद चला रहे थे। जैसे ही उनकी कार वाराणसी-मीरजापुर मार्ग पर कपसौर गांव के पास पुल पर पहुंची, तभी कार अनियंत्रित होकर हाईवे पर आगे जा रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पीआरबी टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री ले गई। जांच के बाद डॉक्टरों ने चालक अखिल तिवारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल साहिल खान की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
*दो भाइयों में छोटे थे मृतक अखिल*

घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अखिल तिवारी अविवाहित थे और ठेकेदारी का काम करते थे। वह दो भाइयों में छोटे थे, उनके बड़े भाई का नाम आनंद तिवारी है।
मामले में पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल कराया।
सिक्स लेन निर्माण के चलते चार घंटे बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित, सात फीडर प्रभावित
चंदौली/डीडीयू नगर। सिक्स लेन निर्माण कार्य के चलते चंदासी कोल मंडी से कैलाशपुरी मोड़ तक एलटी और एचटी विद्युत लाइन के खंभे और तार हटाए जाएंगे। इसके कारण बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चंदासी उपकेंद्र से जुड़े सात फीडरों की बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

चंदासी उपकेंद्र के उपखंड अधिकारी ई. दीपक पटेल ने बताया कि हाईवे निर्माण कार्य को सुचारु रूप से कराने के लिए मार्ग के किनारे लगे एलटी और एचटी लाइन के खंभों को हटाने का कार्य प्रस्तावित है। इसी के चलते निर्धारित अवधि में संबंधित फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी।

उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि निर्धारित अवधि को ध्यान में रखते हुए आवश्यक विद्युत संबंधी कार्य पहले से निपटा लें। कार्य पूरा होने के बाद आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
हैदराबाद हिन्दी जर्नलिस्ट्स सोसाइटी के अध्यक्ष अजय शुक्ल का जौनपुर में हुआ भव्य स्वागत
जौनपुर। हैदराबाद हिंदी जर्नलिस्ट्स सोसाइटी तेलंगाना के अध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण करने के बाद गृह जनपद जौनपुर पहुंचने पर वरिष्ठ पत्रकार अजय शुक्ल का भव्य स्वागत किया गया। तेजस टूडे समूह के समूह सम्पादक रामजी जायसवाल के शेषपुर स्थित आवास पर कार्यालय पर पत्रकार मित्र मिलन समारोह हुआ। समारोह में जनपद के सौ से अधिक पत्रकारों ने भाग लेकर अजय शुक्ल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर सम्पादक डॉ. ब्रजेश यदुवंशी ने अपनी हैदराबाद यात्रा के संस्मरण साझा करते हुए अजय शुक्ल की सराहना की। उन्होंने हैदराबाद हिंदी जर्नलिस्ट्स सोसाइटी के महासचिव एम.ए. सरवर सहित सभी पदाधिकारियों को कर्मठ एवं अनुभवी पत्रकार को अध्यक्ष चुने जाने के लिए धन्यवाद दिया।
आज तक के जिला संवाददाता राजकुमार सिंह ने कहा कि अजय कुमार शुक्ल तेज-तर्रार और साहसी पत्रकार हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश में जौनपुर का नाम रोशन किया और अब तेलंगाना में भी जौनपुर की पहचान को नई ऊंचाई दे रहे हैं। वरिष्ठ पत्रकार संजय अस्थाना ने कहा कि अजय शुक्ल के साथ उनका 25 वर्षों से अधिक समय का पत्रकारिता का संबंध है। उनका हैदराबाद हिंदी जर्नलिस्ट्स सोसाइटी का अध्यक्ष चुना जाना जौनपुर के पत्रकारों के लिए गौरव की बात है।
वरिष्ठ पत्रकार हिम्मत बहादुर सिंह और राष्ट्रीय सहारा के हसनैन कमर ‘दीपू’ ने कहा कि अजय शुक्ल तेलंगाना में जौनपुर और उत्तर प्रदेश के लोगों की शान हैं। पत्रकारिता के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहने वाले अजय शुक्ल के नेतृत्व में हैदराबाद हिंदी जर्नलिस्ट्स सोसाइटी नए आयाम स्थापित करेगी।
समारोह के आयोजक एवं तेजस टूडे के समूह संपादक रामजी जायसवाल ने अजय शुक्ल के साथ दैनिक हिन्दुस्तान समाचार पत्र में किए गए कार्यों के अनुभव साझा किया। साथ ही कहा कि लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय अजय शुक्ल ने अपनी कार्यशैली और सक्रियता से अलग पहचान बनाई है।
इसके अलावा सम्पादक मण्डल के अध्यक्ष राकेशकांत पांडेय, नया सबेरा डॉट कॉम के अंकित जायसवाल, एनआईपी के ब्यूरो चीफ विद्याधर राय विद्यार्थी सहित अन्य वक्ताओं ने अपना विचार व्यक्त किया। वहीं वरिष्ठ पत्रकार अखिलेश सिंह, राजकुमार सिंह, संजय श्रीवास्तव एडवोकेट/पत्रकार एवं जौनपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष शम्भू सिंह ने जहां श्री शुक्ल को स्मृति चिन्ह भेंट किया, वहीं जौनपुर में शिराज हिन्द डॉट काम के संस्थापक राजेश श्रीवास्तव, राकेशकान्त पाण्डेय, हिम्मत बहादुर सिंह ने श्री शुक्ल को अंगवस्त्रम भेंट किया।
इस अवसर पर तेजस टूडे के ब्यूरो चीफ अजय पांडेय, मो. सैय्यद अब्बास, शरद पाठक एडवोकेट, संजय शुक्ला, आनंद सिंह, भाजपा नेता इं. कृष्ण कुमार जायसवाल, जय आनन्द श्रीवास्तव, संजीव चौरसिया, शुभांशू जायसवाल, वीरेंद्र सिंह, अंकित जायसवाल, सुजीत यादव, प्रमोद चौहान, अजीत चक्रवर्ती, जावेद अहमद, राज सैनी, शिक्षक हरिश्याम मौर्य, महेन्द्र प्रजापति, राहुल प्रजापति, पत्रकार सर्वेश सिंह, वन्देश सिंह, अमित सिंह डब्बू, उमेश गुप्ता, समाजसेवी लाल बहादुर यादव नैपाली, चन्द्रशेखर निषाद बबलू, राहुल सिंह, पत्रकार अजीत सोनी, संजय चौरसिया, वैभव वर्मा, योगेश जायसवाल, अमन अग्रहरि, सूर्य प्रकाश विश्वकर्मा, सोनी बेनवंशी, राजकुमार मौर्य, चन्द्र प्रकाश तिवारी, किशन रावत, राज, सहित तमाम सम्पादक, पत्रकार, छायाकार, समाजसेवी आदि मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन समूह सम्पादक रामजी जायसवाल ने किया। इस मौके पर आये लोगों का स्वागत अंकित जायसवाल ने किया तो लोगों के प्रति आभार शुभांशू जायसवाल ने जताया।
मिर्जापुर के हलिया में 'कागजी विकास' का खेल! मनिगढ़ा में भ्रष्टाचार की फाइलें दबा रहे BDO-सेक्रेटरी-प्रधान, DM के जांच आदेश के बाद भी साधी चुप्प

*पिछड़ा महिला प्रधान, असली सत्ता किसी और के हाथ में! शिकायतकर्ता पर प्रलोभन और दबाव, क्या प्रशासक बनते ही खत्म हो गया कार्रवाई का खौफ?*

हलिया, मिर्जापुर। यह वही हलिया विकास खंड है जहां मनरेगा के करोड़ों के घोटाले में CBI ने 54 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। एक बार फिर इसी ब्लॉक का मनिगढ़ा गांव भ्रष्टाचार की नई कहानी लिख रहा है, लेकिन यहां की अफसरशाही आंख मूंदे बैठी है।

जब देवरिया, कुशीनगर समेत कई जिलों में ग्राम पंचायतों में गमन और भ्रष्टाचार पर प्रधानों और सचिवों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई हो रही है, तो मिर्जापुर के हलिया में जांच फाइलें धूल फांक रही हैं।

*DM के आदेश के बाद भी दो बार पत्र जारी, फिर भी 'कस से मस नहीं'*

मामला मनिगढ़ा ग्राम पंचायत का है। गांव में विकास कार्य धरातल पर नहीं, सिर्फ कागजों पर हुए हैं। इसकी शिकायत के बाद जिलाधिकारी मिर्जापुर ने जांच के आदेश दिए। सूत्रों के मुताबिक जांच टीम दो बार पत्र जारी कर चुकी है, लेकिन बीडीओ हलिया, संबंधित सेक्रेटरी और ग्राम प्रधान टस से मस नहीं हुए हैं। न दस्तावेज दिए जा रहे हैं, न स्थलीय सत्यापन कराया जा रहा है।

*प्रधान कोई और? पिछड़ा महिला आरक्षण की उड़ रही धज्जियां*

सबसे बड़ा खुलासा यह है कि मनिगढ़ा की प्रधान पद पर एक पिछड़ी जाति की महिला बैठी हैं, लेकिन गांव में प्रधानगी कोई और ही चला रहा है। सत्ता का यह 'पति-प्रधान' या 'प्रॉक्सी प्रधान' मॉडल खुलेआम चल रहा है और अधिकारी अनजान बने हैं।

*शिकायतकर्ता पर दबाव, प्रलोभन का खेल*

उधर भ्रष्टाचार उजागर करने वाले शिकायतकर्ता पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। आरोप है कि उसे कभी प्रलोभन दिया जा रहा है, तो कभी धमकाया जा रहा है कि शिकायत वापस ले लो। सवाल उठता है कि जब शिकायतकर्ता को ही डराया जाएगा तो भ्रष्टाचार की जांच कैसे होगी?

*प्रशासक बनते ही खत्म हो गया डर?*

ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद अब उन्हें प्रशासक बना दिया गया है। इसी का फायदा उठाकर मनिगढ़ा जैसे गांवों में यह सोच घर कर गई है कि अब कोई कार्रवाई नहीं होगी। क्या इसीलिए BDO से लेकर प्रधान तक बेखौफ हैं? अब देखना है कि जिलाधिकारी की जांच का क्या होता है या मनिगढ़ा की फाइल भी उसी मनरेगा घोटाले की तरह सालों तक लटकी रहेगी?
ऑपरेशन दहन में 2.03 करोड़ का गांजा-हेरोइन नष्ट, चंदौली पुलिस ने फोटो-वीडियो नहीं किया जारी
चंदौली। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत चंदौली पुलिस ने विभिन्न मुकदमों में बरामद करीब 530.810 किलोग्राम गांजा और 0.320 ग्राम हेरोइन का विनष्टीकरण कराया। पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 3 लाख रुपये है। हालांकि, इस कार्रवाई की कोई फोटो या वीडियो चंदौली पुलिस की ओर से जारी नहीं की गई है।

पुलिस के मुताबिक न्यायालय के आदेश के क्रम में जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज 11 मुकदमों से संबंधित बरामद मादक पदार्थों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत निस्तारण किया गया।

विनष्टीकरण की कार्रवाई थाना मुगलसराय क्षेत्र की औद्योगिक नगर चौकी स्थित गणेश प्लाई फैक्ट्री में की गई। पुलिस के अनुसार पर्यावरणीय मानकों का ध्यान रखते हुए मादक पदार्थों को एंसीलेटर (भट्ठी) में जलाकर नष्ट किया गया।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश चंद्र शुक्ला, क्षेत्राधिकारी लाइन/सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा, प्रभारी निरीक्षक डीसीआरबी और विधिक कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।

पुलिस ने बताया कि न्यायालय के आदेश के बाद बरामद मादक पदार्थों के विनष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। विनष्टीकरण की कार्रवाई की पुष्टि पुलिस के प्रेस नोट से होती है, लेकिन मौके की तस्वीर या वीडियो पुलिस की ओर से उपलब्ध नहीं कराई गई है।