सिक्स लेन निर्माण के चलते चार घंटे बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित, सात फीडर प्रभावित
चंदौली/डीडीयू नगर। सिक्स लेन निर्माण कार्य के चलते चंदासी कोल मंडी से कैलाशपुरी मोड़ तक एलटी और एचटी विद्युत लाइन के खंभे और तार हटाए जाएंगे। इसके कारण बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चंदासी उपकेंद्र से जुड़े सात फीडरों की बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

चंदासी उपकेंद्र के उपखंड अधिकारी ई. दीपक पटेल ने बताया कि हाईवे निर्माण कार्य को सुचारु रूप से कराने के लिए मार्ग के किनारे लगे एलटी और एचटी लाइन के खंभों को हटाने का कार्य प्रस्तावित है। इसी के चलते निर्धारित अवधि में संबंधित फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी।

उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि निर्धारित अवधि को ध्यान में रखते हुए आवश्यक विद्युत संबंधी कार्य पहले से निपटा लें। कार्य पूरा होने के बाद आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
हैदराबाद हिन्दी जर्नलिस्ट्स सोसाइटी के अध्यक्ष अजय शुक्ल का जौनपुर में हुआ भव्य स्वागत
जौनपुर। हैदराबाद हिंदी जर्नलिस्ट्स सोसाइटी तेलंगाना के अध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण करने के बाद गृह जनपद जौनपुर पहुंचने पर वरिष्ठ पत्रकार अजय शुक्ल का भव्य स्वागत किया गया। तेजस टूडे समूह के समूह सम्पादक रामजी जायसवाल के शेषपुर स्थित आवास पर कार्यालय पर पत्रकार मित्र मिलन समारोह हुआ। समारोह में जनपद के सौ से अधिक पत्रकारों ने भाग लेकर अजय शुक्ल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर सम्पादक डॉ. ब्रजेश यदुवंशी ने अपनी हैदराबाद यात्रा के संस्मरण साझा करते हुए अजय शुक्ल की सराहना की। उन्होंने हैदराबाद हिंदी जर्नलिस्ट्स सोसाइटी के महासचिव एम.ए. सरवर सहित सभी पदाधिकारियों को कर्मठ एवं अनुभवी पत्रकार को अध्यक्ष चुने जाने के लिए धन्यवाद दिया।
आज तक के जिला संवाददाता राजकुमार सिंह ने कहा कि अजय कुमार शुक्ल तेज-तर्रार और साहसी पत्रकार हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश में जौनपुर का नाम रोशन किया और अब तेलंगाना में भी जौनपुर की पहचान को नई ऊंचाई दे रहे हैं। वरिष्ठ पत्रकार संजय अस्थाना ने कहा कि अजय शुक्ल के साथ उनका 25 वर्षों से अधिक समय का पत्रकारिता का संबंध है। उनका हैदराबाद हिंदी जर्नलिस्ट्स सोसाइटी का अध्यक्ष चुना जाना जौनपुर के पत्रकारों के लिए गौरव की बात है।
वरिष्ठ पत्रकार हिम्मत बहादुर सिंह और राष्ट्रीय सहारा के हसनैन कमर ‘दीपू’ ने कहा कि अजय शुक्ल तेलंगाना में जौनपुर और उत्तर प्रदेश के लोगों की शान हैं। पत्रकारिता के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहने वाले अजय शुक्ल के नेतृत्व में हैदराबाद हिंदी जर्नलिस्ट्स सोसाइटी नए आयाम स्थापित करेगी।
समारोह के आयोजक एवं तेजस टूडे के समूह संपादक रामजी जायसवाल ने अजय शुक्ल के साथ दैनिक हिन्दुस्तान समाचार पत्र में किए गए कार्यों के अनुभव साझा किया। साथ ही कहा कि लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय अजय शुक्ल ने अपनी कार्यशैली और सक्रियता से अलग पहचान बनाई है।
इसके अलावा सम्पादक मण्डल के अध्यक्ष राकेशकांत पांडेय, नया सबेरा डॉट कॉम के अंकित जायसवाल, एनआईपी के ब्यूरो चीफ विद्याधर राय विद्यार्थी सहित अन्य वक्ताओं ने अपना विचार व्यक्त किया। वहीं वरिष्ठ पत्रकार अखिलेश सिंह, राजकुमार सिंह, संजय श्रीवास्तव एडवोकेट/पत्रकार एवं जौनपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष शम्भू सिंह ने जहां श्री शुक्ल को स्मृति चिन्ह भेंट किया, वहीं जौनपुर में शिराज हिन्द डॉट काम के संस्थापक राजेश श्रीवास्तव, राकेशकान्त पाण्डेय, हिम्मत बहादुर सिंह ने श्री शुक्ल को अंगवस्त्रम भेंट किया।
इस अवसर पर तेजस टूडे के ब्यूरो चीफ अजय पांडेय, मो. सैय्यद अब्बास, शरद पाठक एडवोकेट, संजय शुक्ला, आनंद सिंह, भाजपा नेता इं. कृष्ण कुमार जायसवाल, जय आनन्द श्रीवास्तव, संजीव चौरसिया, शुभांशू जायसवाल, वीरेंद्र सिंह, अंकित जायसवाल, सुजीत यादव, प्रमोद चौहान, अजीत चक्रवर्ती, जावेद अहमद, राज सैनी, शिक्षक हरिश्याम मौर्य, महेन्द्र प्रजापति, राहुल प्रजापति, पत्रकार सर्वेश सिंह, वन्देश सिंह, अमित सिंह डब्बू, उमेश गुप्ता, समाजसेवी लाल बहादुर यादव नैपाली, चन्द्रशेखर निषाद बबलू, राहुल सिंह, पत्रकार अजीत सोनी, संजय चौरसिया, वैभव वर्मा, योगेश जायसवाल, अमन अग्रहरि, सूर्य प्रकाश विश्वकर्मा, सोनी बेनवंशी, राजकुमार मौर्य, चन्द्र प्रकाश तिवारी, किशन रावत, राज, सहित तमाम सम्पादक, पत्रकार, छायाकार, समाजसेवी आदि मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन समूह सम्पादक रामजी जायसवाल ने किया। इस मौके पर आये लोगों का स्वागत अंकित जायसवाल ने किया तो लोगों के प्रति आभार शुभांशू जायसवाल ने जताया।
मिर्जापुर के हलिया में 'कागजी विकास' का खेल! मनिगढ़ा में भ्रष्टाचार की फाइलें दबा रहे BDO-सेक्रेटरी-प्रधान, DM के जांच आदेश के बाद भी साधी चुप्प

*पिछड़ा महिला प्रधान, असली सत्ता किसी और के हाथ में! शिकायतकर्ता पर प्रलोभन और दबाव, क्या प्रशासक बनते ही खत्म हो गया कार्रवाई का खौफ?*

हलिया, मिर्जापुर। यह वही हलिया विकास खंड है जहां मनरेगा के करोड़ों के घोटाले में CBI ने 54 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। एक बार फिर इसी ब्लॉक का मनिगढ़ा गांव भ्रष्टाचार की नई कहानी लिख रहा है, लेकिन यहां की अफसरशाही आंख मूंदे बैठी है।

जब देवरिया, कुशीनगर समेत कई जिलों में ग्राम पंचायतों में गमन और भ्रष्टाचार पर प्रधानों और सचिवों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई हो रही है, तो मिर्जापुर के हलिया में जांच फाइलें धूल फांक रही हैं।

*DM के आदेश के बाद भी दो बार पत्र जारी, फिर भी 'कस से मस नहीं'*

मामला मनिगढ़ा ग्राम पंचायत का है। गांव में विकास कार्य धरातल पर नहीं, सिर्फ कागजों पर हुए हैं। इसकी शिकायत के बाद जिलाधिकारी मिर्जापुर ने जांच के आदेश दिए। सूत्रों के मुताबिक जांच टीम दो बार पत्र जारी कर चुकी है, लेकिन बीडीओ हलिया, संबंधित सेक्रेटरी और ग्राम प्रधान टस से मस नहीं हुए हैं। न दस्तावेज दिए जा रहे हैं, न स्थलीय सत्यापन कराया जा रहा है।

*प्रधान कोई और? पिछड़ा महिला आरक्षण की उड़ रही धज्जियां*

सबसे बड़ा खुलासा यह है कि मनिगढ़ा की प्रधान पद पर एक पिछड़ी जाति की महिला बैठी हैं, लेकिन गांव में प्रधानगी कोई और ही चला रहा है। सत्ता का यह 'पति-प्रधान' या 'प्रॉक्सी प्रधान' मॉडल खुलेआम चल रहा है और अधिकारी अनजान बने हैं।

*शिकायतकर्ता पर दबाव, प्रलोभन का खेल*

उधर भ्रष्टाचार उजागर करने वाले शिकायतकर्ता पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। आरोप है कि उसे कभी प्रलोभन दिया जा रहा है, तो कभी धमकाया जा रहा है कि शिकायत वापस ले लो। सवाल उठता है कि जब शिकायतकर्ता को ही डराया जाएगा तो भ्रष्टाचार की जांच कैसे होगी?

*प्रशासक बनते ही खत्म हो गया डर?*

ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद अब उन्हें प्रशासक बना दिया गया है। इसी का फायदा उठाकर मनिगढ़ा जैसे गांवों में यह सोच घर कर गई है कि अब कोई कार्रवाई नहीं होगी। क्या इसीलिए BDO से लेकर प्रधान तक बेखौफ हैं? अब देखना है कि जिलाधिकारी की जांच का क्या होता है या मनिगढ़ा की फाइल भी उसी मनरेगा घोटाले की तरह सालों तक लटकी रहेगी?
ऑपरेशन दहन में 2.03 करोड़ का गांजा-हेरोइन नष्ट, चंदौली पुलिस ने फोटो-वीडियो नहीं किया जारी
चंदौली। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत चंदौली पुलिस ने विभिन्न मुकदमों में बरामद करीब 530.810 किलोग्राम गांजा और 0.320 ग्राम हेरोइन का विनष्टीकरण कराया। पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 3 लाख रुपये है। हालांकि, इस कार्रवाई की कोई फोटो या वीडियो चंदौली पुलिस की ओर से जारी नहीं की गई है।

पुलिस के मुताबिक न्यायालय के आदेश के क्रम में जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज 11 मुकदमों से संबंधित बरामद मादक पदार्थों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत निस्तारण किया गया।

विनष्टीकरण की कार्रवाई थाना मुगलसराय क्षेत्र की औद्योगिक नगर चौकी स्थित गणेश प्लाई फैक्ट्री में की गई। पुलिस के अनुसार पर्यावरणीय मानकों का ध्यान रखते हुए मादक पदार्थों को एंसीलेटर (भट्ठी) में जलाकर नष्ट किया गया।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश चंद्र शुक्ला, क्षेत्राधिकारी लाइन/सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा, प्रभारी निरीक्षक डीसीआरबी और विधिक कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।

पुलिस ने बताया कि न्यायालय के आदेश के बाद बरामद मादक पदार्थों के विनष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। विनष्टीकरण की कार्रवाई की पुष्टि पुलिस के प्रेस नोट से होती है, लेकिन मौके की तस्वीर या वीडियो पुलिस की ओर से उपलब्ध नहीं कराई गई है।
मऊ पुलिस का अभियान, चिरैयाकोट से वारंटी गिरफ्तार
मऊ। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मऊ पुलिस ने बुधवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने आरोपियों एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की।

पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में 30 सितंबर को जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। इसी क्रम में थाना चिरैयाकोट पुलिस ने वारंटी अभियुक्त कतवारू पुत्र रामकेर पासी, निवासी नेवादा, थाना चिरैयाकोट, जनपद मऊ को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार वारंटी अभियुक्त के विरुद्ध न्यायालय से जारी आदेश के क्रम में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के संबंध में आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों और न्यायालय से संबंधित वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ वांछित एवं वारंटी आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
मऊ शातिर अपराधी तीन माह के लिए जिलाबदर, जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर कार्रवाई
मऊ। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दोहरीघाट पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत जिलाबदर की कार्रवाई की। जिला मजिस्ट्रेट मऊ के 14 सितंबर 2026 के आदेश के अनुपालन में आरोपी को तीन माह की अवधि के लिए जनपद की सीमा से निष्कासित किया गया है।

पुलिस के अनुसार जिलाबदर किए गए आरोपी की पहचान पीयूष गौड़ पुत्र अनिल गौड़, निवासी फरसरा बुजुर्ग, थाना दोहरीघाट, मऊ के रूप में हुई है। उसके खिलाफ दोहरीघाट थाने में विभिन्न धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं।

जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के क्रम में 30 सितंबर को थाना दोहरीघाट पुलिस ने उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम 1970 की धारा 3(1) के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को तीन माह के लिए जनपद मऊ की सीमा से बाहर रहने का आदेश लागू कराया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 और 2026 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी के नेतृत्व में थाना दोहरीघाट पुलिस टीम द्वारा की गई। जिलाबदर की अवधि तीन माह निर्धारित की गई है।
नशे की हालत में मिला युवक निकला गोवध मामले का वांछित आरोपी, चंदौली पुलिस ने दबोचा
चंदौली। कोतवाली पुलिस ने गोवध के मामले में वांछित चल रहे 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। खास बात यह रही कि आरोपी पुलिस को नशे की हालत में संदिग्ध रूप से घूमता मिला, जिसके बाद पूछताछ में उसकी पहचान गोवध के मुकदमे में वांछित आरोपी के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर की रात माटीगांव तिराहे पर चेकिंग के दौरान बोलेरो पिकअप चालक ने पुलिस टीम को देखकर वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार में पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया था। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह खुद को बचाया। इसके बाद पिकअप अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराकर पलट गई। वाहन से 7 गोवंश बरामद हुए थे।

इस मामले में चंदौली कोतवाली में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर की रात एक व्यक्ति नशे की हालत में मिला, जो अपना नाम नहीं बता पा रहा था। उसे थाने लाकर जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम राहुल सोनकर निवासी फगुईया, चंदौली बताया। जांच में उसका नाम उक्त गोवध मामले में प्रकाश में आया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से गोवध, गैंगस्टर, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट और चोरी सहित कई मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कर्तव्य परायणता फरियादियों को समय से न्याय दिलाना, जनमानस के बीच पुलिस की नई छवि पेश करने वाले प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश पांडे को पुलिस कप्तान ने
रमेश दूबे


पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने सौंपा कॉप ऑफ द मंथ का पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र


संतकबीरनगर के पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पांडेय को लगातार दूसरी बार (COP of the month) सितंबर माह का जिले का सर्वश्रेष्ठ पुलिस अधिकारी घोषित किया है। श्री पांडेय को यह सम्मान उनकी कर्तव्यनिष्ठा, सूझ बूझ, कर्मठता और उनके मानवीय दृष्टिकोण के चलते प्रदान हुआ है। अगस्त माह में भी श्री पांडेय को सर्वश्रेष्ठ पुलिस अधिकारी का पुरस्कार हासिल किया था।
थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पांडेय ने अपनी तैनाती के समय से ही थाना कैंपस को सजाने संवारने से लेकर साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया। श्री पांडेय द्वारा थाना परिसर की साज सज्जा, नवीनतम मेस की स्थापना, भवनों के रंग रोगन और शानदार लाइटिंग के किए गए इंतजाम की पहले  से ही सराहना होती रही है। पिछले दिनों बस्ती रेंज के आईजी ने महुली थाने के निरीक्षण के दौरान उनके कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा करते हुए महुली पुलिस को पुरस्कृत करने की घोषणा किया था। फरियादियों के लिए उनके द्वारा बैठने के इंतजाम से लेकर उनके लिए पीने के पानी की भी व्यवस्था किया। फरियादियों से स्नेह और सम्मान के साथ उनकी पीड़ा सुनना और उसका त्वरित निस्तारण उनकी दिनचर्या रही है। जुलाई माह में थानाध्यक्ष दुर्गेश पांडेय के नेतृत्व में महुली पुलिस जुआ अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, गुंडा एक्ट, मोटर वाहन  एक्ट, 34 पुलिस  एक्ट सहित शासन के अन्य दिशा निर्देशों पर खरा उतरी थी। श्री पांडेय की इस कर्मठता और सरकार के नीतियों को धरातल पर सफलता पूर्वक उतारने के लिए जिले के पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने लगातार दूसरे महीने दुर्गेश पांडेय को सर्वश्रेष्ठ पुलिस अधिकारी का सम्मान देकर उन्हें प्रशस्ति पत्र सौंपा। अपने कमांडर को यह सम्मान मिलने पर महुली थाने में तैनात पुलिस कर्मियों ने उन्हें बधाई दिया है।
टोटो में महिलाओं को सावधान रहने की जरूरत, बातों में उलझाकर मंगलसूत्र चोरी करने वाली 3 महिलाएं गिरफ्तार
चंदौली। मुगलसराय पुलिस ने टोटो में सवार महिलाओं को बातों में उलझाकर उनके गले से मंगलसूत्र का लॉकेट चोरी करने के मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया मंगलसूत्र का लॉकेट बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को वाराणसी के महमूरगंज निवासी अनुराधा सोनकर बस से बिछड़ी आ रही थीं। परमार कटरा में खरीदारी के बाद वह टोटो से चकिया तिराहे पहुंचीं। वहां उतरने के बाद उन्हें पता चला कि उनके गले से मंगलसूत्र का लॉकेट गायब है। आरोप है कि टोटो में सवार तीन महिलाओं ने उन्हें बातचीत में उलझाकर लॉकेट चोरी कर लिया था।

मामले में 29 सितंबर को मुगलसराय थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने जीटीआर ब्रिज के पश्चिम पुलिस कॉलोनी रेलवे पटरी के किनारे मंदिर के पास से तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान दुर्गा देवी (20), नैना देवी (22) और देवपरी (45) के रूप में हुई है। तीनों बिहार की रहने वाली हैं। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में महिलाओं ने करीब 10-12 दिन पहले टोटो में महिला को बातों में उलझाकर लॉकेट चोरी करने की बात स्वीकार की है।

जनता के लिए अहम सावधानी: टोटो, ऑटो या भीड़भाड़ वाले वाहनों में सफर के दौरान यदि कोई अनजान व्यक्ति लगातार बातचीत में उलझाए या शरीर से सटकर बैठे, तो अपने मंगलसूत्र, चेन, मोबाइल और पर्स पर विशेष नजर रखें।
मऊ शातिर अपराधी तीन माह के लिए जिलाबदर, जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर कार्रवाई
मऊ। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दोहरीघाट पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत जिलाबदर की कार्रवाई की। जिला मजिस्ट्रेट मऊ के 14 सितंबर 2026 के आदेश के अनुपालन में आरोपी को तीन माह की अवधि के लिए जनपद की सीमा से निष्कासित किया गया है।

पुलिस के अनुसार जिलाबदर किए गए आरोपी की पहचान पीयूष गौड़ पुत्र अनिल गौड़, निवासी फरसरा बुजुर्ग, थाना दोहरीघाट, मऊ के रूप में हुई है। उसके खिलाफ दोहरीघाट थाने में विभिन्न धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं।

जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के क्रम में 30 सितंबर को थाना दोहरीघाट पुलिस ने उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम 1970 की धारा 3(1) के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को तीन माह के लिए जनपद मऊ की सीमा से बाहर रहने का आदेश लागू कराया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 और 2026 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी के नेतृत्व में थाना दोहरीघाट पुलिस टीम द्वारा की गई। जिलाबदर की अवधि तीन माह निर्धारित की गई है।