टोटो में महिलाओं को सावधान रहने की जरूरत, बातों में उलझाकर मंगलसूत्र चोरी करने वाली 3 महिलाएं गिरफ्तार
चंदौली। मुगलसराय पुलिस ने टोटो में सवार महिलाओं को बातों में उलझाकर उनके गले से मंगलसूत्र का लॉकेट चोरी करने के मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया मंगलसूत्र का लॉकेट बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को वाराणसी के महमूरगंज निवासी अनुराधा सोनकर बस से बिछड़ी आ रही थीं। परमार कटरा में खरीदारी के बाद वह टोटो से चकिया तिराहे पहुंचीं। वहां उतरने के बाद उन्हें पता चला कि उनके गले से मंगलसूत्र का लॉकेट गायब है। आरोप है कि टोटो में सवार तीन महिलाओं ने उन्हें बातचीत में उलझाकर लॉकेट चोरी कर लिया था।

मामले में 29 सितंबर को मुगलसराय थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने जीटीआर ब्रिज के पश्चिम पुलिस कॉलोनी रेलवे पटरी के किनारे मंदिर के पास से तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान दुर्गा देवी (20), नैना देवी (22) और देवपरी (45) के रूप में हुई है। तीनों बिहार की रहने वाली हैं। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में महिलाओं ने करीब 10-12 दिन पहले टोटो में महिला को बातों में उलझाकर लॉकेट चोरी करने की बात स्वीकार की है।

जनता के लिए अहम सावधानी: टोटो, ऑटो या भीड़भाड़ वाले वाहनों में सफर के दौरान यदि कोई अनजान व्यक्ति लगातार बातचीत में उलझाए या शरीर से सटकर बैठे, तो अपने मंगलसूत्र, चेन, मोबाइल और पर्स पर विशेष नजर रखें।
मऊ शातिर अपराधी तीन माह के लिए जिलाबदर, जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर कार्रवाई
मऊ। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दोहरीघाट पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत जिलाबदर की कार्रवाई की। जिला मजिस्ट्रेट मऊ के 14 सितंबर 2026 के आदेश के अनुपालन में आरोपी को तीन माह की अवधि के लिए जनपद की सीमा से निष्कासित किया गया है।

पुलिस के अनुसार जिलाबदर किए गए आरोपी की पहचान पीयूष गौड़ पुत्र अनिल गौड़, निवासी फरसरा बुजुर्ग, थाना दोहरीघाट, मऊ के रूप में हुई है। उसके खिलाफ दोहरीघाट थाने में विभिन्न धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं।

जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के क्रम में 30 सितंबर को थाना दोहरीघाट पुलिस ने उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम 1970 की धारा 3(1) के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को तीन माह के लिए जनपद मऊ की सीमा से बाहर रहने का आदेश लागू कराया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 और 2026 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी के नेतृत्व में थाना दोहरीघाट पुलिस टीम द्वारा की गई। जिलाबदर की अवधि तीन माह निर्धारित की गई है।
मऊ दक्षिणटोला थाने में 19 वाहनों की नीलामी, निर्धारित प्रक्रिया के तहत संपन्न हुई कार्रवाई
मऊ। थाना दक्षिणटोला परिसर में पुलिस विभाग की ओर से विभिन्न मामलों में लंबे समय से थाने में खड़े 19 वाहनों की नीलामी कराई गई। नीलामी की कार्रवाई निर्धारित नियमों और विभागीय प्रक्रिया के तहत संपन्न कराई गई।

बताया गया कि नीलामी के लिए चिन्हित वाहनों की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। थाना परिसर में आयोजित नीलामी के दौरान संबंधित अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की गई।

पुलिस विभाग की ओर से समय-समय पर थानों में अनुपयोगी अथवा लंबे समय से खड़े वाहनों को नियमानुसार निस्तारित करने के लिए नीलामी की प्रक्रिया अपनाई जाती है। इसी क्रम में दक्षिणटोला थाने में भी 19 वाहनों का निस्तारण नीलामी के माध्यम से किया गया।

नीलामी प्रक्रिया के संपन्न होने से थाना परिसर में लंबे समय से खड़े वाहनों के कारण घिरी जगह को भी खाली कराने में मदद मिलेगी। अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की गई।
मऊ अपराधमुक्त समाज के लिए नैतिक शिक्षा जरूरी : भगवान भाई
मऊ। राजकीय किशोर संप्रेक्षणगृह में अपराधमुक्त समाज के निर्माण में नैतिक शिक्षा की भूमिका विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में माउंट आबू, राजस्थान से आए प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के राजयोगी ब्रह्माकुमार भगवान भाई ने किशोरों को नैतिक मूल्यों और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक किया।

भगवान भाई ने कहा कि समाज में बढ़ती हिंसा और अपराध चिंताजनक हैं। नैतिक शिक्षा के अभाव में युवा कुसंग, व्यसन, नशे, मोबाइल और अन्य नकारात्मक प्रभावों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार, ईर्ष्या और नफरत जैसे मनोविकारों पर नियंत्रण के लिए नैतिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान युवा ही भावी समाज और देश की दिशा तय करेंगे। यदि युवाओं को संस्कार, सदाचार और सकारात्मक सोच से जोड़ा जाए तो समाज में रचनात्मक चेतना का विकास होगा। शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, सद्गुणों का विकास तथा बुराइयों से मुक्त होना भी होना चाहिए।

कार्यक्रम में अधीक्षक संजय कुमार मिश्रा ने ब्रह्माकुमारीज संस्था के प्रयासों की सराहना की। राजयोग शिक्षिका पूजा बहन ने भगवान भाई का परिचय देते हुए बताया कि उन्होंने अनेक स्कूल-कॉलेजों और कारागारों में नैतिक शिक्षा के कार्यक्रम किए हैं।

पूनम बहन ने संस्था का परिचय दिया, जबकि शिक्षक मणिकांत शर्मा ने स्वागत किया। डॉ. सुभाषिनी तिवारी, कुशाग्र कुशवाह, प्रिंस एवं बीके जितेंद्र सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे। अंत में भगवान भाई ने किशोरों को राजयोग मेडिटेशन कराया।
मऊ शिक्षक प्रशिक्षुओं ने चलाया स्वच्छता अभियान, दिया स्वच्छता का संदेश
मऊ। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) मऊ परिसर में शिक्षक प्रशिक्षुओं द्वारा स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रशिक्षुओं ने परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, कूड़े के उचित निस्तारण तथा स्वच्छ पर्यावरण के महत्व पर जागरूक किया। प्रशिक्षुओं ने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी अभियान या विशेष दिवस तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन की आदत बनाया जाना चाहिए।

इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी डॉ. हेमंत कुमार यादव ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की व्यक्तिगत और सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से घर, विद्यालय, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के साथ कूड़ा इधर-उधर न फेंकने तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि नदियों, तालाबों और नालों में कचरा डालने से पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही स्वच्छता अभियान को स्थायी जनआंदोलन बनाया जा सकता है।

डॉ. यादव ने शिक्षक प्रशिक्षुओं से आह्वान किया कि वे स्वयं स्वच्छता का संदेश अपनाने के साथ परिवार और समुदाय के लोगों को भी कचरा प्रबंधन एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।

कार्यक्रम में संदीप राय, जावेद आलम, अंशुमान सिंह, मनीष, अभिषेक यादव, रेहान, शाहिद सहित अन्य शिक्षक प्रशिक्षु एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।
2 अक्टूबर को सुबह 9 बजे होगा ध्वजारोहण, चंदौली में विशेष स्वच्छता अभियान के निर्देश
चंदौली। महात्मा गांधी जयंती को लेकर चंदौली प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें गांधी जयंती के कार्यक्रमों और जिले की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।

डीएम ने सबसे महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि 2 अक्टूबर को सुबह ठीक 9 बजे जिले के सभी सरकारी, अर्ध-सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके लिए सभी विभागाध्यक्षों को अपने-अपने परिसरों को पहले से स्वच्छ और व्यवस्थित रखने को कहा गया है।

गांधी जयंती से पहले जिलेभर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके तहत सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों की साफ-सफाई कराई जाएगी। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि जमीन पर साफ-सफाई स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए।

उन्होंने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार, एडीएम न्यायिक रतन वर्मा सहित तहसीलों के एसडीएम और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मऊ उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
मऊ। मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक हुई। इसमें औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं, निवेश प्रस्तावों तथा स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सीडीओ ने लंबित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बैठक में ताजोपुर औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत सब-स्टेशन की स्थापना, सहादतपुरा औद्योगिक आस्थान की मुख्य सड़क के दोनों ओर इंटरलॉकिंग ब्रिक्स लगाने, एनएच-29 पर बढ़ुआ गोदाम औद्योगिक क्षेत्र के दक्षिण-पश्चिम दिशा में साइफन निर्माण से उत्पन्न समस्या तथा कारखाना अधिनियम-1948 के तहत औद्योगिक प्रतिष्ठानों के पंजीकरण सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई।

सहादतपुरा में विद्युत सब-स्टेशन के संबंध में सीडीओ ने अधिशासी अभियंता विद्युत को एक सप्ताह के भीतर स्टीमेट तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में विभागीय स्तर पर अनावश्यक देरी न हो।

बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों, उनके निस्तारण तथा जनपद में प्राप्त निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की प्रगति की भी समीक्षा हुई। सीडीओ ने निवेशकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने और प्रस्तावों के क्रियान्वयन में तेजी लाने को कहा।

मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओडीओपी, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, एक जिला एक व्यंजन, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना एवं ओडीओपी प्रशिक्षण की भी समीक्षा की गई। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।

जिला उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने मुहम्मदाबाद गोहना के पूर्वी रेलवे फाटक के दोनों ओर सड़क पर बने गड्ढों की मरम्मत, दशहरा-दीपावली के दौरान मूर्ति विसर्जन को देखते हुए व्यवस्था दुरुस्त कराने, मुहम्मदाबाद गोहना, चिरैयाकोट एवं रतनपुरा में बस स्टेशन की व्यवस्था तथा वलीदपुर में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी।

सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त उद्योग हरेन्द्र प्रताप सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं उद्यमी मौजूद रहे।
जापानी बुजुर्गों को बनाते थे निशाना, चंदौली में पकड़ा गया इंटरनेशनल साइबर ठगी का कॉल सेंटर
चंदौली। मुगलसराय में पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए कॉल सेंटर से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह का निशाना जापान के बुजुर्ग नागरिक होते थे। आरोपी जापानी भाषा में बातचीत कर खुद को कंप्यूटर या बैंक का तकनीकी सपोर्ट कर्मचारी बताकर पीड़ितों के कंप्यूटर का रिमोट एक्सेस हासिल करते और इसके बाद उनकी बैंकिंग जानकारी तक पहुंच बनाकर रकम हड़पते थे।

स्वाट, सर्विलांस, साइबर टीम और मुगलसराय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई कैलाशपुरी स्थित एक बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर हुई। पुलिस को यहां लाइव विदेशी कॉलिंग और संदिग्ध गतिविधियां मिलीं। मौके से 19 मॉनिटर, 20 सीपीयू, तीन लैपटॉप, छह मोबाइल, राउटर-स्विच समेत भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और पांच कूटरचित आधार कार्ड बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे जापानी भाषा नालंदा और गया में सीख चुके थे। VoIP कॉलिंग के जरिए जापान का नंबर दिखाकर हर कुछ मिनट में नए लोगों को निशाना बनाया जाता था। पीड़ितों से रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर डाउनलोड करवाकर उनके कंप्यूटर और बैंकिंग ऐप तक पहुंच बनाई जाती थी। पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने एक आरोपी के दो बैंक खातों में मौजूद करीब 9 लाख रुपये फ्रीज कराए हैं।

पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य नामजद हैं। गिरोह का कथित मुख्य संचालक पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया। पुलिस अब ठगी की कुल रकम, पीड़ितों की संख्या, इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और विदेशी कॉलिंग नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार फॉरेंसिक जांच के बाद मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ


फर्रुखाबाद।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव सुबुक मुस्कान ने
गांधी जयंती के अवसर पर पॉस्को अधिनियम, 2012 के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम  नारायण आर्य कन्या पाठशाला, इंटर कॉलेज, फर्रुखाबाद में विद्यार्थियों के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में  विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पॉस्को Act, 2012) के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। मेरे द्वारा विद्यार्थियों को  पॉस्को अधिनियम के उद्देश्य, उसकी उपयोगिता तथा बालकों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में बताया। बालकों के विरुद्ध होने वाले लैंगिक उत्पीड़न, लैंगिक हमला तथा अन्य संबंधित अपराधों की जानकारी देते हुए समझाया कि ऐसे मामलों में कानून पीड़ित बालक की सुरक्षा और गरिमा को सर्वोच्च महत्व देता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की अनुचित घटना, व्यवहार अथवा शोषण की स्थिति में वे अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचित करें। उन्हें सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श के संबंध में जागरूक करते हुए अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। पॉस्को अधिनियम के प्रभावी अनुपालन, पीड़ित बालक की पहचान की गोपनीयता तथा ऐसे मामलों में संवेदनशील और त्वरित कार्रवाही के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में रुचिपूर्वक सहभागिता की तथा अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें लैंगिक अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देना तथा समाज में बाल सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना विकसित करना था। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों से बाल सुरक्षा संबंधी कानूनों का पालन करने और आवश्यकता पड़ने पर दूसरों को भी जागरूक करने की अपील के साथ हुआ।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्या एवं समस्त शिक्षिकाएँ तथा कर्मचारीगण उपस्थित रहे। साथ ही पराविधिक स्वयं सेवक श्री देवराज सिंह भी उपस्थित रहे।
3 अक्टूबर को मवाना तहसील पर होगा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन
भाकियू संघर्ष मोर्चा की बैठक में किसानों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने का निर्णय, कई पदाधिकारियों की नियुक्ति

मवाना। भारतीय किसान यूनियन संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अश्वनी चौहान के कार्यालय पर संगठन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 3 अक्टूबर को मवाना तहसील पर प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन को लेकर रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में तहसील मवाना में कथित भ्रष्टाचार, बिजली विभाग की मनमानी, निजी स्कूलों की फीस संबंधी समस्याएं, नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार, मवाना में लगने वाली अवैध पैठ, मवाना शुगर मिल की मनमानी, मुख्य मार्गों पर जाम और अवैध पार्किंग समेत किसानों और आमजन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को धरना-प्रदर्शन में प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया। बारिश के दौरान किसानों की फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी।

संगठन में कई पदाधिकारियों की नियुक्ति

बैठक के दौरान संगठन को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अश्वनी चौहान और जिलाध्यक्ष ठाकुर नवनीत चौहान ने कई पदाधिकारियों की नियुक्तियां कीं। उमेश चौधरी को तहसील अध्यक्ष मवाना, सचिन चौहान (जॉनी) को नगर अध्यक्ष, प्रिंस चौहान को युवा नगर अध्यक्ष, चौहान को युवा नगर उपाध्यक्ष, केशव चौहान व यशवंत चौहान को नगर मंत्री, योगेंद्र (पप्पी) को तहसील सचिव, वीरसेन चौहान को तहसील उपाध्यक्ष, गोपाल चौहान को नगर उपाध्यक्ष, राजेंद्र (रोनित) को नगर मंत्री, अनुज चौहान को नगर मीडिया प्रभारी तथा राज चौहान को नगर मंत्री मवाना नियुक्त किया गया।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अश्वनी चौहान, जिलाध्यक्ष ठाकुर नवनीत चौहान और ठाकुर शनि प्रताप ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संगठन की नीतियों एवं उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने किसानों और आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा संगठन की ओर से दी गई जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का भरोसा दिलाया।