पैक्ड जंक फूड से दूरी, स्थानीय पौष्टिक आहार अपनाने की अपील
मुंडेर में पोषण माह के तहत जागरूकता कार्यक्रम, 45 आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं ने ली सामूहिक शपथ
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
रूपापुर, हरदोई। विकासखंड भरखनी के मुंडेर गांव में पोषण माह के अंतर्गत पैक्ड जंक फूड और अल्ट्रा-प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रामस्वराज्य मिशन आश्रम, जे.बी. जंग लखीमपुर खीरी की ओर से यूपी फोर्सेज के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय पौष्टिक आहार अपनाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सीडीपीओ गीता वर्मा ने की, जबकि संस्था सचिव विश्वम्भर नाथ ने कार्यक्रम का संचालन किया। कार्यक्रम समन्वयक ममता मिश्रा ने उपस्थित लोगों का स्वागत किया और आशा-आंगनबाड़ी मेंटर शशिवाला ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
संस्था सचिव विश्वम्भर नाथ ने बच्चों के स्वास्थ्य पर पैक्ड जंक फूड के संभावित दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए चिप्स, बिस्कुट, नूडल्स और कोल्ड ड्रिंक्स जैसे खाद्य पदार्थों का सेवन कम करने की अपील की। उन्होंने सत्तू, भुना चना, गुड़, दलिया और मौसमी फलों जैसे स्थानीय खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने पर जोर दिया। साथ ही किशोरावस्था में संतुलित आहार और सही पोषण के महत्व पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों को ताजा एवं गरम भोजन उपलब्ध कराने तथा पैकेट बंद, विशेषकर अल्ट्रा-प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों से दूर रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में करीब 40 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पांच आशा कार्यकर्ताओं एवं स्टाफ ने पैक्ड जंक फूड का सेवन कम करने और स्थानीय पौष्टिक भोजन को बढ़ावा देने की सामूहिक शपथ ली।
इस अवसर पर सुनीता देवी, पूजा देवी, माधुरी, अंजुला राम, रीना, पूनम, राखी, सारिका, प्रतीक्षा समेत अनेक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
Sep 30 2026, 19:24
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k