गांधी जयंती समारोह में नगर मजिस्ट्रेट ने महात्मा गांधी जनकल्याण समिति के पोस्टरों का किया लोकार्पण

1 से 8 अक्टूबर तक गांधी भवन में आयोजित होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आगामी गांधी जयंती के पावन अवसर पर स्थानीय गांधी भवन में आयोजित होने वाले साप्ताहिकी कार्यक्रमों और विभिन्न प्रतियोगिताओं की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी क्रम में आज नगर मजिस्ट्रेट एवं सचिव श्री संजय कुमार द्वारा महात्मा गांधी जनकल्याण समिति के विशेष पोस्टरों का भव्य लोकार्पण किया गया।
इस वर्ष के आयोजनों को और अधिक आकर्षक तथा बाल-केंद्रित बनाने के लिए दो नई प्रतियोगिताओं—'बेबी शो' और 'ट्राई साइकिल रेस' को भी शामिल किया गया है, जिसके आधिकारिक पोस्टरों का विमोचन भी नगर मजिस्ट्रेट द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में किया गया।
1 से 8 अक्टूबर तक चलेंगे कार्यक्रम
समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इन सभी विभिन्न प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन आगामी 1 अक्टूबर 2026 से 8 अक्टूबर 2026 के मध्य स्थानीय गांधी भवन में किया जाएगा। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस, विशेषकर बच्चों और युवाओं को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों और आदर्शों से जोड़ना है।
पूरे मनोयोग से प्रतिभाग करने की अपील
लोकार्पण के इस विशेष अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट श्री संजय कुमार ने हरदोई जनपदवासियों, कलेक्ट्रेट कर्मियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग इन कार्यक्रमों में पूरे मनोयोग और उत्साह के साथ सहभागिता करें। उन्होंने कहा कि बापू के सत्य और अहिंसा के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में ये प्रतियोगिताएं एक सशक्त माध्यम बनेंगी।
8 अक्टूबर को होगा समापन व पुरस्कार वितरण
सप्ताह भर चलने वाली इन प्रतियोगिताओं का भव्य समापन और विजयी प्रतिभागियों का पुरस्कार वितरण आगामी 8 अक्टूबर 2026 को गांधी भवन में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान किया जाएगा।
इस पोस्टर लॉन्चिंग और लोकार्पण के गरिमामयी अवसर पर दीनदयाल वर्मा लल्लू दादा ,विजय मिश्रा, जोगिंदर गांधी, करुणा शंकर, मनीष मिश्रा सहित कलेक्ट्रेट के तमाम अधिकारी व कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
मऊ में पूर्व सैनिकों का सम्मान, पालिका कम्युनिटी हॉल में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
    
मऊ में पूर्व सैनिक संगठन की ओर से पालिका कम्युनिटी हॉल में सैनिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा रहे।

समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भाग लिया। अतिथियों ने पूर्व सैनिकों के योगदान और देशसेवा को याद करते हुए उनका सम्मान किया।

कार्यक्रम के दौरान सैनिकों के प्रति सम्मान और उनके योगदान को लेकर वक्ताओं ने अपने विचार भी साझा किए।
जिलाधिकारी ने जनसुनवाई में सुनीं 143 शिकायतें
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने कुल 143 शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। शिकायतों का मौके पर जाकर सत्यापन करते हुए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा शिकायतकर्ता को भी निस्तारण की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करें।
जन सुनवाई में नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार,अतिरिक्त मजिस्ट्रेट आशुतोष सहित संबंधित उपस्थित रहें।
पैक्ड जंक फूड से दूरी, स्थानीय पौष्टिक आहार अपनाने की अपील
मुंडेर में पोषण माह के तहत जागरूकता कार्यक्रम, 45 आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं ने ली सामूहिक शपथ

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
रूपापुर, हरदोई। विकासखंड भरखनी के मुंडेर गांव में पोषण माह के अंतर्गत पैक्ड जंक फूड और अल्ट्रा-प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रामस्वराज्य मिशन आश्रम, जे.बी. जंग लखीमपुर खीरी की ओर से यूपी फोर्सेज के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय पौष्टिक आहार अपनाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सीडीपीओ गीता वर्मा ने की, जबकि संस्था सचिव विश्वम्भर नाथ ने कार्यक्रम का संचालन किया। कार्यक्रम समन्वयक ममता मिश्रा ने उपस्थित लोगों का स्वागत किया और आशा-आंगनबाड़ी मेंटर शशिवाला ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
संस्था सचिव विश्वम्भर नाथ ने बच्चों के स्वास्थ्य पर पैक्ड जंक फूड के संभावित दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए चिप्स, बिस्कुट, नूडल्स और कोल्ड ड्रिंक्स जैसे खाद्य पदार्थों का सेवन कम करने की अपील की। उन्होंने सत्तू, भुना चना, गुड़, दलिया और मौसमी फलों जैसे स्थानीय खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने पर जोर दिया। साथ ही किशोरावस्था में संतुलित आहार और सही पोषण के महत्व पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों को ताजा एवं गरम भोजन उपलब्ध कराने तथा पैकेट बंद, विशेषकर अल्ट्रा-प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों से दूर रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में करीब 40 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पांच आशा कार्यकर्ताओं एवं स्टाफ ने पैक्ड जंक फूड का सेवन कम करने और स्थानीय पौष्टिक भोजन को बढ़ावा देने की सामूहिक शपथ ली।
इस अवसर पर सुनीता देवी, पूजा देवी, माधुरी, अंजुला राम, रीना, पूनम, राखी, सारिका, प्रतीक्षा समेत अनेक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
‘स्कूल आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत तीन विकासखंडों में चला नवीन नामांकन महाभियान


Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई, स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 30 सितंबर 2026 को विकासखंड भरखनी, सांडी एवं हरपालपुर में ‘स्कूल आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत नवीन नामांकन हेतु विशेष नामांकन महाभियान आयोजित किया गया।
महाभियान के दौरान परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क किया गया तथा विद्यालय से बाहर रह रहे बच्चों को विद्यालय से जोड़ते हुए नवीन नामांकन कराए गए। अभियान का उद्देश्य अधिकाधिक बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना एवं शैक्षिक सत्र 2026-27 में परिषदीय विद्यालयों में नामांकन को बढ़ावा देना रहा।
*अभियान का  दिखा असर , एक दिन में हुए 434 नवीन नामांकन* विकासखंड भरखनी में जहां दिनाँक 29 सितंबर 2026 तक 6,396 नवीन नामांकन किए जा चुके थे।  वही आज 30 सितंबर को 158 नवीन नामांकन हुए।विकासखंड सांडी में दिनांक 29 सितंबर 2026 तक 4,968 नवीन नामांकन किए जा चुके थे। आज 133 नवीन नामांकन हुए।विकासखंड हरपालपुर में दिनांक 29 सितंबर 2026 तक 4,026 नवीन नामांकन किए जा चुके थे। आज 143 नवीन नामांकन हुए।
तीनों विकासखंडों में कुल 434 नवीन नामांकन किए गए।*
खंड शिक्षा अधिकारी डॉ सुनील कुमार सिंह ने बताया ‘स्कूल आपके द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से अभिभावकों से सीधे संवाद स्थापित कर बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए सभी प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों एवं संबंधित कार्मिकों की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना विभाग की प्राथमिकता है।
पराली न जलाएं, खेत की उर्वरा शक्ति बढ़ाएं और पर्यावरण बचाएं : जिलाधिकारी*

*पराली जलाने पर होगी कार्रवाई, सेटेलाइट से की जा रही निगरानी*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में Promotion of Agricultural Mechanization for In-situ Management of Crop Residue योजना के अंतर्गत पराली प्रबंधन एवं जन-जागरूकता के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक के उपरांत जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर पराली प्रबंधन जन-जागरूकता वाहन को रवाना किया।

उप कृषि निदेशक डॉ. राम प्रवेश ने बताया कि जनपद में 60 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में धान की खेती की जाती है। अधिकांश धान की कटाई कंबाइन हार्वेस्टर से होने के कारण खेतों में फसल अवशेष (पराली) रह जाते हैं, जिसे कुछ किसानों द्वारा जला दिया जाता है। पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ने के साथ ही मानव स्वास्थ्य एवं मिट्टी की उर्वरा शक्ति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

उन्होंने बताया कि पराली जलाने की घटनाओं की सेटेलाइट के माध्यम से निगरानी की जा रही है। खेत में आग लगने पर उसका तापीय संकेत सेटेलाइट द्वारा Fire Hotspot के रूप में चिन्हित किया जाता है।

पराली जलाने से मिट्टी और पर्यावरण को नुकसान

पराली जलाने से खेत में मौजूद केंचुए एवं अन्य मित्र जीव नष्ट होते हैं तथा मिट्टी में कार्बनिक पदार्थ की मात्रा कम होती है। इसके स्थान पर फसल अवशेष को खेत में मिलाकर जैविक खाद के रूप में उपयोग किया जा सकता है।

पराली को मिट्टी में मिलाकर 15 से 20 किलोग्राम यूरिया प्रति बीघा की दर से छिड़काव कर पलेवा करने से फसल अवशेष शीघ्रता से सड़कर उपयोगी खाद में परिवर्तित हो जाते हैं। इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ती है तथा उत्पादन में भी 15 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि हो सकती है।

एक टन पराली को खेत में मिलाने से लगभग 10-15 किलोग्राम नाइट्रोजन, 30-40 किलोग्राम पोटाश, 5-7 किलोग्राम सल्फर तथा 600-800 किलोग्राम जैविक कार्बन मिट्टी में वापस पहुंचता है।

मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला ने बताया कि फसल अवशेषों को खेत में मिलाने से मिट्टी की जल-धारण क्षमता बढ़ती है, जिससे सिंचाई की आवश्यकता भी कम होती है।

पराली जलाने पर लगेगा जुर्माना

पराली जलाने की घटनाओं पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निर्धारित प्रावधानों के अनुसार—

- 02 एकड़ से कम क्षेत्रफल में पराली जलाने पर ₹5,000 प्रति घटना।
- 02 से 05 एकड़ तक पराली जलाने पर ₹10,000 प्रति घटना।
- 05 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में पराली जलाने पर ₹30,000 प्रति घटना का जुर्माना निर्धारित है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद के सभी ग्राम प्रधानों एवं किसानों से अपील की कि पराली को किसी भी दशा में न जलाएं, बल्कि फसल अवशेषों को खेत में मिलाकर बहुमूल्य जैविक खाद के रूप में उपयोग करें। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मिट्टी की उर्वरा शक्ति और कृषि उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला उप कृषि निदेशक राम प्रवेश समस्त एसडीएम तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
स्माइल ट्रेन कैंप में 66 मरीजों का निःशुल्क पंजीकरण
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई, स्माइल ट्रेन संस्था-हेल्थ सिटी हॉस्पिटल द्वारा जन्मजात कटे होंठ एवं कटे तालू के मरीजों के लिए रानी साहिब कटियारी हॉस्पिटल, हरदोई में आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार कैंप में अब तक 66 मरीजों का पंजीकरण किया गया है। कैंप 28 से 30 सितंबर तक आयोजित किया गया।
हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. एसके सिंह ने बताया कि पंजीकृत मरीजों का निःशुल्क उपचार हेल्थ सिटी ट्रॉमा सेंटर एवं सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, विजय खंड-2, गोमती नगर, लखनऊ में स्माइल ट्रेन प्रोजेक्ट के निदेशक एवं प्लास्टिक सर्जन डॉ. वैभव खन्ना द्वारा किया जाएगा। मरीजों को उपचार के लिए आने-जाने का किराया भी प्रदान किया जाएगा।
डॉ. संदीप कटियार ने बताया कि कटे होंठ की सर्जरी सामान्यतः पांच माह और कटे तालू की सर्जरी नौ माह की उम्र में कराने की सलाह दी जाती है। हालांकि निर्धारित उम्र से अधिक होने पर भी सर्जरी संभव है। समय पर उपचार कराने से परिणाम बेहतर मिलते हैं। उन्होंने बताया कि स्माइल ट्रेन प्रोजेक्ट के तहत यह सर्जरी किसी भी उम्र के मरीज के लिए निःशुल्क उपलब्ध है।
अधिक जानकारी के लिए स्माइल ट्रेन संस्था के प्रतिनिधि नीरज कुमार शर्मा के मोबाइल नंबर 9454159999 एवं 9565437056 पर संपर्क किया जा सकता है।
भाजपा विधायक को पाकिस्तान के नंबर से मिली जान से मारने की धमकी
-व्हाट्सऐप कॉल पर पूरे परिवार को उड़ाने की दी धमकी

-एसएसपी से शिकायत के बाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में मांट विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक और पार्टी के प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी को पाकिस्तान से फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। लश्कर-ए-तैयबा संगठन से जुड़े होने का दावा करने वाले कॉलर ने उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। इस मामले में विधायक की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विधायक राजेश चौधरी के अनुसार, 28 सितंबर की रात करीब 10ः38 बजे उनके मोबाइल पर पाकिस्तान के नंबर से पहली व्हाट्सऐप कॉल आई। इसके बाद मंगलवार को भी उनके पास कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को पाकिस्तान निवासी बताते हुए कहा, आप मुस्लिमों के खिलाफ उल्टा-सीधा बोलते हो, यह ठीक नहीं होगा।उन्हें धमकी दी कि, वह लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा है और भारत में ही उनके साथियों के माध्यम से उनका इंतजाम करा देगा। कॉलर ने चेतावनी दी कि यदि उसकी बात नहीं मानी तो वह उनके पूरे परिवार को उड़वा देगा।

विधायक राजेश चौधरी और गोवर्धन विधायक मेघश्याम ठाकुर बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार से मुलाकात करने पहुंचे। वहां उन्होंने पूरे मामले की लिखित शिकायत की है। उन्होंने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि पूर्व में भी उन्हें इसी तरह के पाकिस्तानी नंबरों से कॉल आ चुके हैं, जिन्हें उन्होंने पहले गंभीरता से नहीं लिया था। लेकिन बार-बार मिल रही धमकियों को देखते हुए उन्होंने अपने तथा अपने परिवार की सुरक्षा बढ़ाने और कड़े कदम उठाने की मांग की है।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि विधायक की शिकायत के आधार पर संबंधित कोतवाली में मामला दर्ज कर लिया गया है। सर्विलांस और साइबर सेल की मदद से नंबरों की जांच की जा रही है तथा विधायक की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।-
मऊ पुलिस का ‘मेगा एक्शन’!
दक्षिणटोला पुलिस ने बरामद किए खोए हुए मोबाइल, CO साहब ने लौटाई लोगों के चेहरे की मुस्कान

मऊ में दक्षिणटोला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए।

मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
मऊ सफाई मित्रों के साथ सहभोज, स्वच्छता का दिया संदेश
मऊ। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में माननीय कैबिनेट ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा तथा नगर पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल ने सफाई मित्रों के साथ सहभोज किया और स्वच्छता अभियान में सहभागिता निभाई।

इस दौरान मंत्री एके शर्मा ने सफाई मित्रों के साथ बैठकर भोजन किया तथा स्वच्छता के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए उनका सम्मान एवं आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में सफाई मित्रों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों के साथ स्वच्छता गतिविधियों में भी सहभागिता की गई। इस अवसर पर सेवा, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने और शहर को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।