‘स्कूल आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत तीन विकासखंडों में चला नवीन नामांकन महाभियान


Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई, स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 30 सितंबर 2026 को विकासखंड भरखनी, सांडी एवं हरपालपुर में ‘स्कूल आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत नवीन नामांकन हेतु विशेष नामांकन महाभियान आयोजित किया गया।
महाभियान के दौरान परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क किया गया तथा विद्यालय से बाहर रह रहे बच्चों को विद्यालय से जोड़ते हुए नवीन नामांकन कराए गए। अभियान का उद्देश्य अधिकाधिक बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना एवं शैक्षिक सत्र 2026-27 में परिषदीय विद्यालयों में नामांकन को बढ़ावा देना रहा।
*अभियान का  दिखा असर , एक दिन में हुए 434 नवीन नामांकन* विकासखंड भरखनी में जहां दिनाँक 29 सितंबर 2026 तक 6,396 नवीन नामांकन किए जा चुके थे।  वही आज 30 सितंबर को 158 नवीन नामांकन हुए।विकासखंड सांडी में दिनांक 29 सितंबर 2026 तक 4,968 नवीन नामांकन किए जा चुके थे। आज 133 नवीन नामांकन हुए।विकासखंड हरपालपुर में दिनांक 29 सितंबर 2026 तक 4,026 नवीन नामांकन किए जा चुके थे। आज 143 नवीन नामांकन हुए।
तीनों विकासखंडों में कुल 434 नवीन नामांकन किए गए।*
खंड शिक्षा अधिकारी डॉ सुनील कुमार सिंह ने बताया ‘स्कूल आपके द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से अभिभावकों से सीधे संवाद स्थापित कर बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए सभी प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों एवं संबंधित कार्मिकों की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना विभाग की प्राथमिकता है।
पराली न जलाएं, खेत की उर्वरा शक्ति बढ़ाएं और पर्यावरण बचाएं : जिलाधिकारी*

*पराली जलाने पर होगी कार्रवाई, सेटेलाइट से की जा रही निगरानी*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में Promotion of Agricultural Mechanization for In-situ Management of Crop Residue योजना के अंतर्गत पराली प्रबंधन एवं जन-जागरूकता के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक के उपरांत जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर पराली प्रबंधन जन-जागरूकता वाहन को रवाना किया।

उप कृषि निदेशक डॉ. राम प्रवेश ने बताया कि जनपद में 60 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में धान की खेती की जाती है। अधिकांश धान की कटाई कंबाइन हार्वेस्टर से होने के कारण खेतों में फसल अवशेष (पराली) रह जाते हैं, जिसे कुछ किसानों द्वारा जला दिया जाता है। पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ने के साथ ही मानव स्वास्थ्य एवं मिट्टी की उर्वरा शक्ति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

उन्होंने बताया कि पराली जलाने की घटनाओं की सेटेलाइट के माध्यम से निगरानी की जा रही है। खेत में आग लगने पर उसका तापीय संकेत सेटेलाइट द्वारा Fire Hotspot के रूप में चिन्हित किया जाता है।

पराली जलाने से मिट्टी और पर्यावरण को नुकसान

पराली जलाने से खेत में मौजूद केंचुए एवं अन्य मित्र जीव नष्ट होते हैं तथा मिट्टी में कार्बनिक पदार्थ की मात्रा कम होती है। इसके स्थान पर फसल अवशेष को खेत में मिलाकर जैविक खाद के रूप में उपयोग किया जा सकता है।

पराली को मिट्टी में मिलाकर 15 से 20 किलोग्राम यूरिया प्रति बीघा की दर से छिड़काव कर पलेवा करने से फसल अवशेष शीघ्रता से सड़कर उपयोगी खाद में परिवर्तित हो जाते हैं। इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ती है तथा उत्पादन में भी 15 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि हो सकती है।

एक टन पराली को खेत में मिलाने से लगभग 10-15 किलोग्राम नाइट्रोजन, 30-40 किलोग्राम पोटाश, 5-7 किलोग्राम सल्फर तथा 600-800 किलोग्राम जैविक कार्बन मिट्टी में वापस पहुंचता है।

मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला ने बताया कि फसल अवशेषों को खेत में मिलाने से मिट्टी की जल-धारण क्षमता बढ़ती है, जिससे सिंचाई की आवश्यकता भी कम होती है।

पराली जलाने पर लगेगा जुर्माना

पराली जलाने की घटनाओं पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निर्धारित प्रावधानों के अनुसार—

- 02 एकड़ से कम क्षेत्रफल में पराली जलाने पर ₹5,000 प्रति घटना।
- 02 से 05 एकड़ तक पराली जलाने पर ₹10,000 प्रति घटना।
- 05 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में पराली जलाने पर ₹30,000 प्रति घटना का जुर्माना निर्धारित है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद के सभी ग्राम प्रधानों एवं किसानों से अपील की कि पराली को किसी भी दशा में न जलाएं, बल्कि फसल अवशेषों को खेत में मिलाकर बहुमूल्य जैविक खाद के रूप में उपयोग करें। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मिट्टी की उर्वरा शक्ति और कृषि उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला उप कृषि निदेशक राम प्रवेश समस्त एसडीएम तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
स्माइल ट्रेन कैंप में 66 मरीजों का निःशुल्क पंजीकरण
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई, स्माइल ट्रेन संस्था-हेल्थ सिटी हॉस्पिटल द्वारा जन्मजात कटे होंठ एवं कटे तालू के मरीजों के लिए रानी साहिब कटियारी हॉस्पिटल, हरदोई में आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार कैंप में अब तक 66 मरीजों का पंजीकरण किया गया है। कैंप 28 से 30 सितंबर तक आयोजित किया गया।
हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. एसके सिंह ने बताया कि पंजीकृत मरीजों का निःशुल्क उपचार हेल्थ सिटी ट्रॉमा सेंटर एवं सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, विजय खंड-2, गोमती नगर, लखनऊ में स्माइल ट्रेन प्रोजेक्ट के निदेशक एवं प्लास्टिक सर्जन डॉ. वैभव खन्ना द्वारा किया जाएगा। मरीजों को उपचार के लिए आने-जाने का किराया भी प्रदान किया जाएगा।
डॉ. संदीप कटियार ने बताया कि कटे होंठ की सर्जरी सामान्यतः पांच माह और कटे तालू की सर्जरी नौ माह की उम्र में कराने की सलाह दी जाती है। हालांकि निर्धारित उम्र से अधिक होने पर भी सर्जरी संभव है। समय पर उपचार कराने से परिणाम बेहतर मिलते हैं। उन्होंने बताया कि स्माइल ट्रेन प्रोजेक्ट के तहत यह सर्जरी किसी भी उम्र के मरीज के लिए निःशुल्क उपलब्ध है।
अधिक जानकारी के लिए स्माइल ट्रेन संस्था के प्रतिनिधि नीरज कुमार शर्मा के मोबाइल नंबर 9454159999 एवं 9565437056 पर संपर्क किया जा सकता है।
भाजपा विधायक को पाकिस्तान के नंबर से मिली जान से मारने की धमकी
-व्हाट्सऐप कॉल पर पूरे परिवार को उड़ाने की दी धमकी

-एसएसपी से शिकायत के बाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में मांट विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक और पार्टी के प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी को पाकिस्तान से फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। लश्कर-ए-तैयबा संगठन से जुड़े होने का दावा करने वाले कॉलर ने उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। इस मामले में विधायक की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विधायक राजेश चौधरी के अनुसार, 28 सितंबर की रात करीब 10ः38 बजे उनके मोबाइल पर पाकिस्तान के नंबर से पहली व्हाट्सऐप कॉल आई। इसके बाद मंगलवार को भी उनके पास कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को पाकिस्तान निवासी बताते हुए कहा, आप मुस्लिमों के खिलाफ उल्टा-सीधा बोलते हो, यह ठीक नहीं होगा।उन्हें धमकी दी कि, वह लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा है और भारत में ही उनके साथियों के माध्यम से उनका इंतजाम करा देगा। कॉलर ने चेतावनी दी कि यदि उसकी बात नहीं मानी तो वह उनके पूरे परिवार को उड़वा देगा।

विधायक राजेश चौधरी और गोवर्धन विधायक मेघश्याम ठाकुर बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार से मुलाकात करने पहुंचे। वहां उन्होंने पूरे मामले की लिखित शिकायत की है। उन्होंने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि पूर्व में भी उन्हें इसी तरह के पाकिस्तानी नंबरों से कॉल आ चुके हैं, जिन्हें उन्होंने पहले गंभीरता से नहीं लिया था। लेकिन बार-बार मिल रही धमकियों को देखते हुए उन्होंने अपने तथा अपने परिवार की सुरक्षा बढ़ाने और कड़े कदम उठाने की मांग की है।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि विधायक की शिकायत के आधार पर संबंधित कोतवाली में मामला दर्ज कर लिया गया है। सर्विलांस और साइबर सेल की मदद से नंबरों की जांच की जा रही है तथा विधायक की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।-
मऊ पुलिस का ‘मेगा एक्शन’!
दक्षिणटोला पुलिस ने बरामद किए खोए हुए मोबाइल, CO साहब ने लौटाई लोगों के चेहरे की मुस्कान

मऊ में दक्षिणटोला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए।

मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
मऊ सफाई मित्रों के साथ सहभोज, स्वच्छता का दिया संदेश
मऊ। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में माननीय कैबिनेट ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा तथा नगर पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल ने सफाई मित्रों के साथ सहभोज किया और स्वच्छता अभियान में सहभागिता निभाई।

इस दौरान मंत्री एके शर्मा ने सफाई मित्रों के साथ बैठकर भोजन किया तथा स्वच्छता के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए उनका सम्मान एवं आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में सफाई मित्रों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों के साथ स्वच्छता गतिविधियों में भी सहभागिता की गई। इस अवसर पर सेवा, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने और शहर को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।
स्माइल ट्रेन कैंप में 66 मरीजों का निःशुल्क पंजीकरण
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई, स्माइल ट्रेन संस्था-हेल्थ सिटी हॉस्पिटल द्वारा जन्मजात कटे होंठ एवं कटे तालू के मरीजों के लिए रानी साहिब कटियारी हॉस्पिटल, हरदोई में आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार कैंप में अब तक 66 मरीजों का पंजीकरण किया गया है। कैंप 28 से 30 सितंबर तक आयोजित किया गया।
हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. एसके सिंह ने बताया कि पंजीकृत मरीजों का निःशुल्क उपचार हेल्थ सिटी ट्रॉमा सेंटर एवं सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, विजय खंड-2, गोमती नगर, लखनऊ में स्माइल ट्रेन प्रोजेक्ट के निदेशक एवं प्लास्टिक सर्जन डॉ. वैभव खन्ना द्वारा किया जाएगा। मरीजों को उपचार के लिए आने-जाने का किराया भी प्रदान किया जाएगा।
डॉ. संदीप कटियार ने बताया कि कटे होंठ की सर्जरी सामान्यतः पांच माह और कटे तालू की सर्जरी नौ माह की उम्र में कराने की सलाह दी जाती है। हालांकि निर्धारित उम्र से अधिक होने पर भी सर्जरी संभव है। समय पर उपचार कराने से परिणाम बेहतर मिलते हैं। उन्होंने बताया कि स्माइल ट्रेन प्रोजेक्ट के तहत यह सर्जरी किसी भी उम्र के मरीज के लिए निःशुल्क उपलब्ध है।
अधिक जानकारी के लिए स्माइल ट्रेन संस्था के प्रतिनिधि नीरज कुमार शर्मा के मोबाइल नंबर 9454159999 एवं 9565437056 पर संपर्क किया जा सकता है।
मऊ सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा शिविरों का आयोजन, मंत्री ए.के. शर्मा ने किया उद्घाटन और लिया व्यवस्थाओं का जायजा
मऊ। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित विभिन्न सेवा शिविरों का उद्घाटन प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने किया। इस अवसर पर मंत्री ने विभिन्न शिविरों का भ्रमण कर वहां उपलब्ध सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविरों में आने वाले आमजन को दी जा रही सुविधाओं, योजनाओं से संबंधित जानकारी तथा जनसेवा की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक सरल, पारदर्शी और सुगम तरीके से पहुंचाया जाए।

मंत्री ए.के. शर्मा ने विभिन्न सेवा शिविरों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा शिविरों का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना है।

इस दौरान नगर पालिका एवं जिला प्रशासन से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी तथा जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सेवा शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न सेवाओं का लाभ लिया और अपनी समस्याओं एवं जरूरतों से संबंधित जानकारी अधिकारियों के समक्ष रखी।
बरसात में दीवार गिरने से हुई सुंदर लाल की मौत, विधायक रामपाल वर्मा ने घर पहुंचकर बंधाया ढांढस; 4 लाख रुपये का चेक सौंपा
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई:* विकास खण्ड कछौना की ग्राम पंचायत गाजू के मजरा फत्तेपुर में भारी बारिश के कारण बीते दिनों दीवार गिरने से सुंदर लाल गौतम की हुई थीं। आकस्मिक व दुःखद मृत्यु पर क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा ने उनके निवास स्थान पर पहुंचकर गहरा शोक व्यक्त किया। विधायक ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और ढांढस बंधाया। इस अत्यंत दुःखद घड़ी में सरकार की ओर से त्वरित सहायता प्रदान करते हुए विधायक रामपाल वर्मा ने मृतक सुंदर लाल की पत्नी व परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा। इसके साथ ही पीड़ित परिवार के सिर से छत का साया न हटे, इसके लिए उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के कड़े निर्देश दिए। सुंदर लाल के बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर कोई आंच न आए, इसके लिए विधायक ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बाल सेवा योजना का लाभ दिलाने हेतु तत्काल फॉर्म भरवाकर प्रक्रिया शुरू कराई। शोक संतप्त परिवार और वहां उपस्थित ग्रामीणों को ढांढस बंधाते हुए विधायक रामपाल वर्मा ने कहा, "यह अत्यंत हृदयविदारक घटना है, जिसने हम सभी को झकझोर कर रख दिया है। सुंदर लाल का इस तरह असमय चले जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूँ। मैं पीड़ित परिवार को यह विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि संकट के इस समय में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली हमारी सरकार आपके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। आर्थिक सहायता के साथ-साथ परिवार को पक्का मकान और बच्चों की उच्च शिक्षा की पूरी व्यवस्था सरकार द्वारा की जाएगी। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दे दिए गए हैं कि किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुंदर लाल के बच्चों का भविष्य अंधकारमय नहीं होने दिया जाएगा।" इस दुःखद अवसर पर नायब तहसीलदार, लेखपाल मुकेश कुमार सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय शुक्ला, मण्डल अध्यक्ष मयंक सिंह, निवर्तमान मण्डल अध्यक्ष नवीन पटेल, मण्डल महामंत्री अजय बाजपेई, शिवम मिश्रा, असर्फी लाल वर्मा, ग्राम प्रधान सुधीर वर्मा सहित राजस्व विभाग तथा ग्राम विकास विभाग के तमाम अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
स्कूलों में बनेगा विज्ञान-गणित गार्डन*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही । जिले के 11 पीएमश्री स्कूलों में विज्ञान और गणित गार्डन बनाया जाएगा। इसमें विज्ञान और गणित से जुड़े मॉडल लगाए जाएंगे। सौरमंडल में कितने ग्रह हैं, कोण कैसे बनता है आदि विषयों को आसानी से समझ सकेंगे। गार्डन को दिसंबर तक तैयार करने का लक्ष्य मिला है।

बीएसए शिवम पांडेय ने बताया कि जिले में 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। इसमें 11 विद्यालयों को पीएम श्री के रूप में चयनित किया गया है। जहां तमाम आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। अब स्कूल शिक्षा महानिदेशक ने पत्र जारी कर इन स्कूलों में विज्ञान और गणित गार्डन तैयार करने का निर्देश दिया है। विज्ञान गार्डन में सौरमंडल मॉडल से छात्र सूर्य और ग्रहों के बारे में जान सकेंगे। गणित गार्डन में कोण मॉडल से अलग-अलग कोण समझेंगे। दूरी मापक मॉडल से मिलीमीटर, सेंटीमीटर, मीटर व किलोमीटर के बारे में जानेंगे। कृत्रिम मानव मॉडल से शरीर के प्रमुख अंगों की जानकारी मिलेगी। ट्रैफिक और दिशा टावर से यातायात संकेत व चारों दिशाओं की जानकारी दी जाएगी। बच्चे यहां मॉडल देखकर विज्ञान व गणित को आसानी से समझ सकेंगे। दूसरे विद्यालयों के विद्यार्थी भी यहां भ्रमण कर सकेंगे। बीएसए शिवम कुमार पांडेय ने बताया कि गार्डन का लाभ चयनित विद्यालय के साथ आसपास के अन्य परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी मिलेगा। इसके लिए बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा।गार्डन में सोलर सिस्टम, ट्रैफिक टावर, दिशा टावर, दूरी मापक, कोण प्रदर्शन, फिजिकल बैलेंस, अबेकस, एक्स-वाई जियोबोर्ड व कृत्रिम मानव के मॉडल लगाए जाएंगे।