मऊ मुहम्मदाबाद गोहना में ब्लॉक स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
मऊ। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “मेरे सपनों का भारत-2017” थीम पर ब्लॉक स्तरीय चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र, मोहम्मदाबाद गोहना में किया गया। प्रतियोगिता में एनपीआरसी स्तर पर चयनित कुल 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रतीक जायसवाल रहे।

प्रतियोगिता में कंपोजिट विद्यालय महापुर की छात्रा सिमरन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कंपोजिट विद्यालय मोहम्मदाबाद गोहना-2 की छात्रा दिशा पटवा द्वितीय स्थान पर रहीं। तृतीय स्थान संयुक्त रूप से आदर्श मोहम्मदाबाद गोहना के आबू साद शेख तथा कंपोजिट विद्यालय हाफिजपुर की नेहा विश्वकर्मा ने हासिल किया।

इस अवसर पर नोडल के रूप में पवन कुमार गुप्ता, मदन कुमार, आकाश तिवारी, हिमांशु, विक्रम सिंह, राजेश कुमार, स्वतंत्र कुमार श्रीवास्तव, उषा मौर्य और प्रवीण कुमार सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि प्रतीक जायसवाल ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं और वे शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर तहसील, जिला एवं मंडल का नाम रोशन कर रहे हैं।

कार्यक्रम के अंत में खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मऊ कलेक्ट्रेट में सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनरों का एक दिवसीय धरना
मऊ कलेक्ट्रेट में सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनरों का एक दिवसीय धरना, विभिन्न मांगों को लेकर बुलंद की आवाज

मऊ। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में मंगलवार को मऊ कलेक्ट्रेट परिसर में एक दिवसीय धरने का आयोजन किया गया। धरने में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर शामिल हुए और अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।

धरने के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनरों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए शासन एवं संबंधित विभागों को गंभीरता से पहल करनी चाहिए। उन्होंने पेंशनरों को मिलने वाली सुविधाओं, लंबित मामलों तथा अन्य मांगों को प्रमुखता से उठाया। एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल में विभाग और समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे में सेवानिवृत्ति के बाद उनकी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाना आवश्यक है।

धरने के दौरान पेंशनरों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी भी की और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से शासन तक अपनी बात पहुंचाने की मांग की।

संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का उचित समाधान नहीं किया गया तो आगे भी आंदोलनात्मक कदम उठाए जा सकते हैं।
इस दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में पेंशनर मौजूद रहे।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर संदिग्ध बोरी मिलने से मचा हड़कंप
मऊ। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर संदिग्ध हालत में बोरी मिलने से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

सूचना पर मौके पर पहुंचे लोगों ने जब बोरी को खोलकर देखा तो उसमें मुर्गी के पंख मिले।

बोरी को लेकर कुछ समय तक तरह-तरह की आशंकाएं जताई जाती रहीं, लेकिन जांच के बाद मामला सामान्य निकला। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने भी मौके की जानकारी ली।
मऊ नुक्कड़ नाटक से योजनाओं का संदेश, रंगोली-पोस्टर प्रतियोगिता में दिखी छात्रों की प्रतिभा

मऊ। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में जनजागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की दो नुक्कड़ नाटक टीमें अलग-अलग निर्धारित स्थानों पर प्रस्तुतियां देकर लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सुविधाओं और अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दे रही हैं। कलाकार मनोरंजक अंदाज में लोगों को योजनाओं का लाभ लेने तथा अभियान में भागीदारी के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

अभियान के तहत घोसी तहसील के माध्यमिक विद्यालयों में रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित हुई।

जैश किसान इंटर कॉलेज, बनगांव में हुई प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग की रंगोली में केदारनाथ इंटर कॉलेज, टेघना ने प्रथम और जैश किसान इंटर कॉलेज ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

सीनियर वर्ग में जैश किसान इंटर कॉलेज प्रथम, संत देवरहवा इंटर कॉलेज, मझवारा द्वितीय और बाबा धनीदास इंटर कॉलेज, सोनडीह तृतीय रहा।

पोस्टर प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में प्रिंस कुमार प्रथम, आदित्य चौहान द्वितीय और अनुष्का तृतीय रहीं। सीनियर वर्ग में निशिका कुमारी प्रथम, रानी चौहान द्वितीय और शिवानी चौहान तृतीय स्थान पर रहीं।

वहीं, सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

जनप्रतिनिधियों ने लोगों से पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण की अपील की। अधिकारियों के अनुसार अभियान के माध्यम से योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है।
45 छात्राओं के बीच हुआ मिस फ्रेशर का मुकाबला, मुस्कान राय ने जीता खिताब
चंदौली। डीडीयू नगर विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय में छात्राओं के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से मिस फ्रेशर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की 45 छात्राओं ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता को पांच चरणों में आयोजित किया गया, जिसमें परिचय, कैटवॉक, हावी, विषय प्रस्तुति और प्रश्नोत्तर शामिल रहे। विभिन्न चरणों के बाद प्रतिभागियों की संख्या घटाकर अंतिम चरण में 10 छात्राओं तक पहुंचाई गई। निर्णायक मंडल ने प्रदर्शन के आधार पर बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की मुस्कान राय को मिस फ्रेशर चुना। रिया यादव ने दूसरा और बीए प्रथम सेमेस्टर की वंशिका श्रीवास्तव ने तीसरा स्थान हासिल किया।

विजेता छात्राओं को सीनियर छात्राओं ने क्राउन पहनाकर सम्मानित किया। व्यवस्थापिका डॉ. स्मृति श्रीवास्तव और प्राचार्या डॉ. अनीता श्रीवास्तव ने विजेताओं को मां सरस्वती की प्रतिमा और बैच प्रदान किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंध समिति के सदस्य आकाश यादव, व्यवस्थापिका, प्राचार्या और विभागाध्यक्ष गायत्री सिंह ने मां सरस्वती एवं स्व. विक्रम सिंह के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।

मुख्य एंगल: यह आयोजन सिर्फ मिस फ्रेशर चयन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि छात्राओं को मंच, आत्मविश्वास और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के रूप में सामने आया।
गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन के लिए गोण्डा में विशेष वीडियो टीम गठित

*गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन: गोण्डा में विशेष वीडियो टीमों का गठन*

*आदर्श आचार संहिता के अनुपालन को लेकर चार तहसीलों में गठित हुई विशेष वीडियो टीमें*

*रैलियों, बैठकों और राजनीतिक गतिविधियों की होगी वीडियो रिकॉर्डिंग, निर्वाचन प्रशासन ने कसी कमर*

*गोण्डा, 29 सितम्बर 2026*  -  उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद में आदर्श आचार संहिता के अनुपालन हेतु विशेष वीडियो टीमों का गठन किया गया है। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार गोण्डा सदर, करनैलगंज, तरबगंज एवं मनकापुर तहसील क्षेत्रों में विशेष वीडियो टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। संबंधित तहसीलों में उपजिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी को आदर्श आचार संहिता के अनुपालन की जिम्मेदारी दी गई है।

    गोण्डा सदर तहसील में तहसीलदार गोण्डा सदर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर तथा संबंधित नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारी; करनैलगंज में तहसीलदार, प्रभारी निरीक्षक थाना करनैलगंज तथा संबंधित नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारी; तरबगंज में तहसीलदार, प्रभारी निरीक्षक थाना तरबगंज एवं संबंधित नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा मनकापुर में तहसीलदार, प्रभारी निरीक्षक थाना मनकापुर एवं अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत मनकापुर को वीडियो टीम की जिम्मेदारी दी गई है।

    गठित टीमें निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान संवेदनशील घटनाओं, सार्वजनिक रैलियों, बैठकों तथा जनपद में मंत्रियों आदि के आगमन के दौरान उनकी राजनीतिक गतिविधियों की वीडियो रिकॉर्डिंग करेंगी। टीमें संबंधित अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं नियंत्रण में कार्य करते हुए निर्वाचन की शुचिता बनाए रखने तथा आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करेंगी।

    जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं आदर्श आचार संहिता का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
गोंडा जंक्शन पर कबाड़ से बना 'कलाकृति' का अजूबा, 'स्वच्छता से समृद्धि' थीम बनी आकर्षण का केंद्र


गोंडा। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर पूरे भारतीय रेल में चल रहे 'स्वच्छता ही सेवा-2026' अभियान के तहत लखनऊ मंडल ने एक अनोखी पहल की है। 'स्वच्छता से समृद्धि' थीम पर 'कबाड़ से जुगाड़ / कबाड़ से कला' की थीम पर तैयार की गई आकर्षक कलाकृतियों की प्रदर्शनी गोंडा जंक्शन पर लगाई गई है, जो यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम) महेंद्र सिंह के नेतृत्व में यह विशेष पहल की गई है। इस पहल के अंतर्गत कोचिंग डिपो गोरखपुर और कोचिंग डिपो ऐशबाग में रेल कोच के अनुपयोगी उपकरणों और अन्य बेकार सामग्रियों से आकर्षक डिजाइन व कलाकृतियां तैयार की गईं हैं।इन कलाकृतियों की प्रदर्शनी लखनऊ जंक्शन, गोरखपुर जंक्शन, बस्ती और गोंडा जंक्शन स्टेशनों पर लगाई गई है। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य यात्रियों और रेल कर्मचारियों को अनुपयोगी सामग्री के पुनः उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। गोंडा जंक्शन पर लगी इस प्रदर्शनी को यात्रियों द्वारा काफी सराहा जा रहा है।
मिर्जापुर के संतनगर मर्डर को सुसाइड का रूप देने का सनसनीखेज आरोप: हाथ बंधे मिले, मोबाइल गायब, फिर भी बिना फॉरेंसिक जांच के उतार दिया शव

*परिजनों ने कहा- बेटे को मारकर पेड़ पर लटकाया, पुलिस की भूमिका पर उठे गंभीर सवाल, प्रेमिका और उसके परिवार पर हत्या का आरोप*

मिर्जापुर। जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जहां परिजनों ने अपने बेटे की हत्या कर पेड़ पर लटकाने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। सबसे बड़ा सवाल जो पूरी घटना को फांसी नहीं बल्कि हत्या की साजिश की तरफ इशारा कर रहा है वो ये है - भला कोई व्यक्ति अपने हाथ खुद बांधकर फांसी कैसे लगा सकता है?

मामला संतनगर थाना क्षेत्र का है। पीड़ित पिता विश्वम्भर कुमार के अनुसार उनके पुत्र शिवम का गांव की ही एक युवती बेबी उर्फ बबिता से प्रेम प्रसंग था। आरोप है कि जब शिवम ने शादी से इनकार किया तो युवती के परिजन उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे। परिजनों के अनुसार 6 सितंबर 2024 को युवती पक्ष ने सुनियोजित तरीके से शिवम को घर से दीपनगर बुलाया। रात को शिवम घर नहीं लौटा तो परिजनों ने काफी तलाश की। उसी रात 10:08 मिनट पर युवती ने फोन कर कहा कि "शिवम अब घर नहीं आएगा, उसे भूल जाओ, अब तुम लोग उसका मरा हुआ मुंह ही देखोगे।"

कुछ देर बाद गांव के एक व्यक्ति से पता चला कि शिवम का शव पेड़ पर लटका है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि शिवम की हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया है। परिजनों का आरोप है कि युवती ने अपने परिवार और दो अन्य युवकों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

*तीन बड़े सवाल जो हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं *

बंधे हुए हाथों से कैसे फांसी? परिजनों का सबसे बड़ा आरोप है कि मृतक शिवम के दोनों हाथ बंधे हुए थे। अगर यह आत्महत्या थी तो हाथ किसने और क्यों बांधे?

मोबाइल से मिटा राज: परिजनों का आरोप है कि शिवम का मल्टीमीडिया मोबाइल गायब है। आशंका है कि मोबाइल में युवती और उसके परिवार से जुड़े कई राज थे, इसलिए सबूत मिटाने के लिए मोबाइल गायब कर दिया गया।

पुलिस पर जल्दबाजी का आरोप: परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को नहीं बुलाया और हड़बड़ी में शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आखिर पुलिस को ऐसी क्या जल्दी थी कि बिना साक्ष्य जुटाए ही शव उतार दिया?

पीड़ित पिता ने थाने पर सूचना दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई तो अब एसपी से थानाध्यक्ष संतनगर को मुकदमा दर्ज करने का आदेश देने की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच की बात कही है।
शिक्षक रामविलास भारती की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
मऊ: शिक्षक रामविलास भारती की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। परिजनों, शुभचिंतकों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी और श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम यात्रा के दौरान माहौल गमगीन रहा।

डॉ. राम विलास भारती कुशल शिक्षक, राज्य शिक्षक पुरस्कार से राज्यपाल द्वारा सम्मानित, गोल्ड मेडलिस्ट, सामाजिक सरोकारों से जुड़े व्यक्तित्व, विद्वान वक्ता एवं लेखक थे।

उनका निधन 26 सितंबर 2026 को दिल्ली में हुआ था। उनके निधन से शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।
मऊ में 817 निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा, 469 मिलीं अधूरी; एलसी इंफ्रा को एफआईआर की चेतावनी
मऊ। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत CMIS पोर्टल पर दर्ज निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय सभागार में हुई।

विभागवार समीक्षा में जिले में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के माध्यम से संचालित 817 परियोजनाओं में 348 पूर्ण और 469 परियोजनाएं अपूर्ण पाई गईं। समय सीमा बीतने के बाद भी लंबित परियोजनाओं पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए तेजी से काम पूरा कराने के निर्देश दिए।

जल निगम (ग्रामीण) की हर घर जल योजना की 552 परियोजनाओं में 196 पूर्ण और 356 लंबित मिलीं। परियोजनावार समीक्षा में एलसी इंफ्रा का प्रदर्शन बेहद खराब पाया गया।

जिलाधिकारी ने संस्था को काम में तेजी लाने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि अगले माह तक अपेक्षित प्रगति नहीं हुई तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।

90 प्रतिशत से अधिक पूर्ण सिंगल विलेज की 13 और मल्टी विलेज की 59 परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा कर क्रियाशील कराने के निर्देश दिए गए।

वहीं मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय द्वितीय फेज की परियोजना की भौतिक प्रगति महज 14.55 प्रतिशत मिलने पर जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड के संबंधित अधिशासी अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं को पर्याप्त मैनपावर लगाकर निर्माण कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अनावश्यक देरी या लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सीडीओ विवेक कुमार श्रीवास्तव समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।