लखनऊ में घर में अचानक धधकी आग, मां ने 2 बच्चों को बचाया
लखनऊ। राजधानी के पारा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम सरकारी कॉलोनी के एक मकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। मोहन रोड स्थित सर्वोदय बालिका विद्यालय से करीब 50 मीटर पीछे मकान में आग लगते ही घर के अंदर मौजूद महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए अपने 6 माह के बच्चे और 8 वर्षीय बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डायल-112 को सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही पारा पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास जमा भीड़ को हटाया। फायर सर्विस को सूचना देकर दमकल की गाड़ियां भी बुला ली गईं। आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि फायर कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

तीन दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

फायर स्टेशन आलमबाग को शाम करीब 7:25 बजे आग की सूचना मिली। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर प्रभारी अग्निशमन अधिकारी आलमबाग धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में दो फायर टैंकर तत्काल मौके पर भेजे गए।

दमकल कर्मियों ने पहुंचकर हौज पाइप फैलाया और आग को आगे बढ़ने से रोकते हुए बुझाने का काम शुरू किया। आग की स्थिति गंभीर होने पर फायर स्टेशन चौक से एक और फायर टैंकर बुलाया गया। तीनों दमकल गाड़ियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

घर में रखा सामान जलकर राख

जिस मकान में आग लगी, उसमें गोविंद गोस्वामी अपने परिवार के साथ रहते हैं। वह चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बताए गए हैं। आग की चपेट में आने से घर के अंदर रखा घरेलू सामान जल गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

आग की वजह को लेकर अलग-अलग शुरुआती जानकारी

पुलिस की प्रारंभिक जांच में बताया गया कि घर में मौजूद 8 वर्षीय बच्चे ने टीवी चलाने के लिए रिमोट ऑन किया, जिसके बाद अचानक आग लग गई। वहीं, फायर सर्विस की ओर से की गई प्रारंभिक जानकारी में गैस सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण आग लगने की आशंका जताई गई है।

परिवार के सदस्यों की ओर से आग लगने की वजह विद्युत शॉर्ट सर्किट भी बताई गई थी। ऐसे में आग का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

बाल-बाल बचे मां और दोनों बच्चे

घटना के समय घर के पुरुष अभिभावक बाहर थे, जबकि घर में महिला और दोनों बच्चे मौजूद थे। आग लगते ही महिला ने बिना देर किए दोनों बच्चों को बाहर निकाला। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी।

फिलहाल मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
मोहनलालपुर में तारपीन के तेल के गोदाम में लगी आग, दमकल कर्मी कार्रवाई में जुटे
गोरखपुर। तिवारीपुर थाना क्षेत्र के मोहनलालपुर में सोमवार शाम तारपीन के तेल के गोदाम में अचानक आग लग गई। गोदाम से उठती आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार काफी दूर तक दिखाई दे रहा था। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया।

तारपीन के तेल जैसे ज्वलनशील पदार्थ के गोदाम में आग लगने के कारण दमकल कर्मियों के सामने चुनौती बढ़ गई। आग तेजी से फैलने की आशंका को देखते हुए आसपास के इलाके में भी सतर्कता बढ़ा दी गई। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचकर अलग-अलग दिशा से आग बुझाने में जुटीं। फायरकर्मियों ने पानी और अन्य संसाधनों के माध्यम से आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गोदाम से उठती लपटें दूर से ही स्पष्ट दिखाई दे रही थीं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए लोगों को घटनास्थल से दूर रखने का प्रयास किया। ज्वलनशील पदार्थ के कारण किसी तरह की अतिरिक्त दुर्घटना न हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरती गई।

घटना की सूचना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस के कई अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने दमकल विभाग की टीमों से आग की स्थिति और अब तक की कार्रवाई की जानकारी ली। आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए गए।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग की टीमों की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है। आग पूरी तरह बुझने के बाद गोदाम में हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा। गोदाम में कितनी मात्रा में तारपीन का तेल और अन्य सामान रखा था, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

राहत की बात यह है कि अभी तक घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग से गोदाम और उसमें रखे सामान को कितना नुकसान हुआ है, इसका स्पष्ट आकलन फिलहाल नहीं हो सका है। दमकल और प्रशासन की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में भी लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्रमोद शर्मा सनातनी की मां विमला देवी का आकस्मिक निधन
जौनपुर। बदलापुर तहसील अंतर्गत स्थित औका गांव निवासी प्रमोद शर्मा सनातनी की मां विमला देवी का 70 वर्ष की उम्र में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वे अत्यंत धार्मिक और दयालु हृदय की महिला थी। यही कारण था कि उनके निधन की खबर मिलते ही लोग गमगीन हो गए। पूर्व विधायक बाबा दुबे उनके निधन की सूचना मिलते ही प्रमोद शर्मा के घर पहुंच गए और उन्होंने अंतिम यात्रा में कंधा भी दिया। विमला देवी अपने पीछे चार बेटी और तीन बेटों से भरा पूरा परिवार छोड़ गई। वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे, भाजपा नेता अखिल मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार अर्जुन शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार सुभाष चंद्र पांडे, पत्रकार अमित पांडे, आनंद उपाध्याय, प्रतीक तिवारी, भानु प्रताप शर्मा, राज शर्मा, वीरेंद्र यादव, कल्पनाथ शर्मा, विष्णुदत्त शुक्ला, संजय सिंह, शिवम अस्थाना बबलू शर्मा शैलेन्द्र यादव हिमांशु सिंह सत्यम सिंह त्रयंबक शुक्ला शिव चंद्र अग्रहरि भोले मिश्रा कमला कांत उपाध्याय ओमप्रकाश पाण्डेय समेत अनेक लोगों ने गहरा दुख प्रकट करते हुए उनकी आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की है।
जेल में बंद विचाराधीन कैदी की मौत,जानलेवा हमले के आरोप में 3 महीने से बंद था
*10 दिन से चल रहा था इलाज

गोंडा।देवी पाटन मंडल मुख्यालय स्थित मंडलीय कारागार में बंद विचाराधीन कैदी की इलाज के दौरान मौत हो गई।वह पिछले 10 दिनों से लखनऊ स्थित किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय  में भर्ती था।रविवार देर शाम लगभग छ: बजे किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में इलाज के दौरान मौत हो गई।कैदी पिछले तीन महीने से जानलेवा हमले के आरोप में जेल में बंद था।कारागार प्रशासन की तरफ से लखनऊ में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।मौत की सूचना के बाद पूर्व सपा विधायक बैजनाथ दुबे ने मौत की उच्चस्तरीय जांच की मांग किया है।बताते चलें कि भगहरिया निवासी राम गणेश पाल अपने परिवार के साथ रहते थे।राम गणेश और मदन मोहन अवस्थी के खिलाफ लगभग तीन महीने पहले सोनू नामक युवक ने जानलेवा हमला करने और जातिसूचक गालियां देने का मुकदमा दर्ज कराया था।जिसके बाद कौड़िया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राम गणेश पाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था,जबकि सह आरोपी मदन मोहन अवस्थी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।जेल में बंद राम गणेश पाल की 16 सितंबर को अचानक तबियत बिगड़ गई थी तो उन्हें जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।जहाँ हालत ज्यादा गंभीर होने पर 17 सितंबर को लखनऊ स्थित किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय रिफर कर दिया गया था।इसके बाद से उनका इलाज चल रहा था और रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।कटरा बाजार के पूर्व सपा विधायक बैजनाथ दुबे ने राम गणेश पाल की मौत की उच्चस्तरीय जांच की मांग किया है।उन्होंने आरोप लगाया कि राम गणेश पाल को राजनितिक रंजिश के तहत फर्जी मुकदमे में फंसाया गया था।उनके अनुसार मामले में क्षेत्राधिकारी करनैलगंज की जांच के बाद फाइनल रिपोर्ट लगा दी गई थी।पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि सत्ता के दबाव में रिवीजन याचिका के जरिये राम गणेश पाल को जेल भेजा गया, जबकि दूसरे  आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई।उन्होंने जेल प्रशासन पर भी इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।उनका कहना है कि तबियत बिगड़ने के बाद समय पर समुचित इलाज नहीं करवाया गया और हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल भेजा गया।बैजनाथ दुबे ने यह भी आरोप लगाया कि परिजनों को सूचना दिए बिना राम गणेश पाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनकी अनुमति के बिना आपरेशन कराया गया।उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने,मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजा देने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग भी किया है।जेल अधीक्षक मृत्युंजय कुमार पाण्डेय ने इलाज में लापरवाही के आरोपों को खारिज किया है।उन्होंने बताया कि राम गणेश पाल पहले से बीमार चल रहे थे।16 सितंबर को तबियत खराब होने पर उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था और इसके बाद बेहतर उपचार के लिए लखनऊ स्थित किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय रिफर किया गया।जेल अधीक्षक ने बताया कि रविवार को इलाज के दौरान राम गणेश पाल की मौत हो गई।उन्होंने कहा कि इलाज के दौरान कोई लापरवाही नहीं हुई है।पूरे मामले के जांच के लिए आदेश दिए गए हैं।जांच में जो तथ्य सामने आएंगे,उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जांच रिपोर्ट से परिजनों को अवगत कराया जाएगा।
गोंडा के लाल ने किया कमाल 8 प्रतियोगी परीक्षाओं में चंद अंकों से चूके, नहीं मानी हार
*एक महीने में दो सरकारी नौकरी हासिल कर शक्ति सिंह ने रचा सफलता का इतिहास

गोंडा।जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत छावनी सरकार निवासी शक्ति सिंह पुत्र सुनील सिंह ने लगातार मेहनत और असफलताओं के बावजूद हार न मानने की मिसाल पेश की है। प्रतियोगी परीक्षाओं में कई बार चंद अंकों से सफलता से दूर रहने के बाद आखिरकार शक्ति सिंह ने एक नहीं, बल्कि एक महीने के भीतर दो सरकारी नौकरियों में सफलता हासिल की है।शक्ति सिंह इससे पहले 8 प्रतियोगी परीक्षाओं में महज कुछ अंकों से चयन से चूक गए थे। लगातार मिल रही असफलताओं के बावजूद उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी और लक्ष्य हासिल करने के लिए मेहनत करते रहे।शक्ति सिंह की मेहनत का नतीजा अब सामने आया है। उन्होंने जूनियर असिस्टेंट भर्ती परीक्षा में 5512 पदों वाली भर्ती में सफलता हासिल की।इसके बाद अब सिंचाई विभाग में सहायक स्टोर कीपर/बाबू पद पर भी उनका चयन हुआ है। यानी करीब एक महीने के भीतर दो सरकारी नौकरियों में चयन ने उनकी सफलता को खास बना दिया है।शक्ति सिंह के सफर की सबसे खास बात यह है कि शुरुआती प्रतियोगी परीक्षाओं में वह लगातार सफलता के करीब पहुंचकर कुछ अंकों से रह जाते थे। 8 परीक्षाओं में चंद अंकों से पीछे रहने के बावजूद उन्होंने इसे अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया।
उन्होंने हर असफलता से सीख लेते हुए तैयारी जारी रखी। आखिरकार लगातार प्रयासों के बाद उन्हें सरकारी नौकरी के रूप में बड़ी सफलता मिली।शक्ति सिंह की कहानी उन प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों के लिए खास संदेश देती है, जो बार-बार परीक्षा में असफल होने के बाद निराश हो जाते हैं। उनका सफर बताता है कि कई बार सफलता से पहले लगातार असफलताओं का सामना करना पड़ता है, लेकिन तैयारी और प्रयास जारी रखना जरूरी है।एक महीने में दो सरकारी नौकरियों में चयन के बाद परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल है। शक्ति सिंह की इस उपलब्धि को उनकी मेहनत, धैर्य और लगातार प्रयास का परिणाम माना जा रहा है।
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ ने सौंपा ज्ञापन
गोंडा। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ इकाई गोंडा के बैनर तले शासन स्तर की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को 6 सूत्रीय मांग पत्र शिक्षामित्रो को नियमित करने स्पेशल टीटी परीक्षा में शिक्षामित्रो को भी शामिल करने शिक्षक भर्ती में आयु तथा वेटेज प्रदान करने शिक्षामित्रो की सेवानिवृत्त आयु 60 वर्ष से 62 वर्ष करने तथा मानदेय 12 माह का देने  व 25 जुलाई 17 से अद्यतन दिवंगत शिक्षामित्रो के आश्रित को आर्थिक सहायता एवं एक नौकरी देने  हेतु संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी गोंडा के माध्यम से तथा जनपद की समस्याओं को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गोंडा को तीन सूत्रीय मांग पत्र सौपा गया जिसमें शिक्षामित्रों का स्थानांतरण करने  शिक्षामित्रों के अनुपस्थिति पर स्पष्टीकरण  प्राप्त करके अनुपस्थित अवधि को आकस्मिक अवकाश में परिवर्तन करने के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया जिस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गोंडा द्वारा आश्वासन  दिया गया कि उपरोक्त मांगों पर शीघ्र कार्यवाही कराई जाएगी इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमारशुक्ला जिला अध्यक्ष अवधेश मणि मिश्रा जिला मंत्री अभिमन्यु प्रसाद मिश्रा वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद वर्मा कृष्ण कुमार पांडे तेजेंद्र कुमार शुक्ला ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र प्रताप सिंह रिंकू राजकुमार हनुमंत तिवारी महेंद्र विक्रम कुशवाहा सरवन कुमार शुक्ला वशिष्ठ पांडे राकेश शुक्ला घनश्याम तिवारी महेंद्र विक्रम कुशवाहा दीपचंद मिश्रा अवधेश कुमार मिश्रा जी नीता सोनकर किरण श्रीवास्तव अर्चना सिंह सरोज कुमारी सहित सैकड़ो शिक्षामित्र उपस्थित रहे।
शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

जौनपुर। काकोरी एक्शन शताब्दी वर्ष आयोजन समिति के तत्वाधान में आज आजादी आंदोलन के गैर समझौतावादी धारा के महान क्रांतिकारी शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 119 वीं जयंती के अवसर पर बदलापुर क्षेत्र के खजुरन तिराहा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत में भगत सिंह की फोटो पर सैकड़ों लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम को प्रमुख रूप से संबोधित करते हुए काकोरी एक्शन शताब्दी वर्ष आयोजन समिति जौनपुर के जिला सचिव प्रमोद कुमार शुक्ला ने कहा- भगत सिंह ने देश को सिर्फ अंग्रेजों से ही आजाद कराना नहीं चाहा था, बल्कि उन्होंने एक ऐसी समाज व्यवस्था लागू करने की कल्पना की थी जिसमें देशवासियों को रोटी, कपड़ा, मकान, शिक्षा, स्वास्थ्य, सम्मान के लिए तरसना न पड़े। उन्होंने सपना सजोया था कि देश की आजादी के साथ ही हिंदुस्तान को एक समाजवादी वतन बनाना होगा, ताकि मानव के द्वारा मानव के शोषण का अंत किया जा सके। लेकिन हम आजादी के 78 वर्षों बाद देख रहे हैं कि भगत सिंह का सपना आज तक नहीं पूरा हुआ। उल्टे आजादी इतने सालों के बाद भी देशभर में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेपर लीक, हिंसा, अपराध, बलात्कार, महिला उत्पीड़न, लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमले जैसी तमाम समस्याएं दिनों दिन बढ़ती जा रही है। दुनिया का सबसे बड़ा लोकतान्त्रिक देश कहे जाने वाले भारत में चुनाव आयोग ही भ्रष्टाचार के दलदल में लिप्त है। इसके साथ विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसू को प्रवेश द्वार स्थापित कराने के लिए संगठन की तरफ से धन्यावाद भी ज्ञापित किया गया। इस अवसर पर राजेंद्र सिंह, आजाद गुप्ता, राजेंद्र प्रसाद तिवारी, शार्दूल सम्राट, विजय प्रकाश गुप्ता, अमन सिंह, भानुप्रताप यादव, विकास मौर्य, विशाल गौतम, संतोष प्रजापति, बबलू सिंह, वर्षा निषाद, पीयूष यादव, दिलीप कुमार, विकास विश्वकर्मा, धीरज चौबे, सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। संचालन- मिथिलेश मौर्य ने किया।
मूर्ति विसर्जन के दौरान बरतें सावधानी - गहरे पानी में न जाएं - जिलाधिकारी

दुर्गा पण्डाल स्थल व मूर्ति विसर्जन के दौरान नशे का सेवन न किया जाए, अश्लील गाना व नृत्य बजाने से करें परहेज, खुशियों के साथ मनाएं त्यौहार


जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक में आयोजकों को दिया दिशा निर्देश, उनकी समस्याओं को सुनकर सम्बन्धित अधिकारियों को त्वरित समाधान करने पर दिया बल



मीरजापुर 28 सितम्बर 2026 - आगामी दिनों में दुर्गा पूजा, दशहरा, मूर्ति विसर्जन आदि त्यौहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण व सुरक्षित माहौल में सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार व पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों, मजिस्ट्रेटों व रामलीला, दुर्गा पूजा के आयोजकों सहित जनपद के संभ्रांत व्यक्तियों के साथ कलेक्ट्रेट में बैठक कर प्रत्येक थानावार आयोजकों की समस्याओं को सुनते हुए मौके पर उपस्थित सम्बन्धित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि त्यौहारों को खुशियों के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा आयोजन के पश्चात प्रतिमा विसर्जन के दौरान विशेष सावधानी बरतें, विसर्जन के दौरान गहरे पानी में न जाएं। उन्होंने कहा कि रामलीला आयोजन, दुर्गा प्रतिमाओं के आयोजन व विसर्जन के दौरान आयोजक समिति इस बात का विशेष ध्यान दे कि कोई भी व्यक्ति मादक पदार्थों का सेवन न करे। उन्होंने कहा कि सभी समितियां निर्धारित विसर्जन स्थलों पर ही विसर्जन करें। प्रतिमाओं को निर्धारित मानक से अधिक ऊंचा न बनाएं।बरकछा स्थित खण्डजा फॉल मार्ग पर पुलिस चौकी के सामने विसर्जन स्थल पर सभी व्यवस्थाएं तथा पानी में बैरीकेटिंग, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, गोताखोर, अनाउंस सिस्टम आदि की व्यवस्थाएं जिला पंचायत द्वारा ससमय पूर्ण करा ली जाएं। दुर्गा पूजा स्थलों व रामलीला स्थल, दशहरा मेला स्थल पर आने वाले प्रमुख मार्गों को लोक निर्माण विभाग, जल निगम विभाग व नगरीय क्षेत्रों के अधिशासी अधिकारी नगर पालिका द्वारा ससमय मरम्मत कराकर आवागमन के योग्य बना दिया जाए। विद्युत विभाग के द्वारा ढीले तारों व टेढ़े/जर्जर खम्भों को सही कराने का निर्देश दिया। पण्डालों में विद्युत वायरिंग सही तरीके से कराई जाए, फायर मशीन की व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखी जाए। कोई भी पण्डाल किसी भी हाईटेंशन तार के नीचे न लगाया जाए ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजकों के द्वारा बताए गए मार्गों पर खोदे गए गड्ढों पर तत्काल कार्य पूर्ण कराते हुए मरम्मत करा दी जाए। प्रयास यह करें कि नवरात्र दशहरा तक किसी मार्ग व गलियों में गड्ढों की खुदाई न की जाए। उन्होंने कहा कि त्यौहार को पूरे अनुशासन और भाई चारे के साथ मनाएं।पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि सभी समितियां प्रयास यह करें कि पूजा पण्डालों में सी०सी०टी०वी० कैमरा अनिवार्य रूप से लगाएं, जुलूस मार्ग पहले से निर्धारित करते हुए सम्बन्धित थानाध्यक्ष को दे दिया जाए। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर साइबर सेल के द्वारा कड़ी नजर रहेगी, गलत अफवाह फैलाने वालों पर एफ०आई०आर० दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी के द्वारा नशे में या अन्य तरीकों से पूजा पण्डाल, रामलीला स्थल व विसर्जन के दौरान अनावश्यक रूप से उपद्रव करने का प्रयास किया जा रहा हो तो उसे तत्काल सम्बन्धित थानाध्यक्ष को अवगत कराया जाए, त्वरित कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी जुलूस में अस्त्र-शस्त्र का प्रयोग नहीं किया जाएगा। प्रत्येक पण्डाल स्थलों पर, रामलीला मंचन स्थल व दशहरा मेला पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ पी०ए०सी० व होमगार्ड के जवान भी तैनात रहेंगे।बैठक में प्रत्येक थानावार आयोजकों के द्वारा अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं विशेषकर साफ सफाई, सड़कों की मरम्मत, गड्ढों को भरने, ढीले तारों को कसने, विद्युत आपूर्ति से सम्बन्धित समस्याओं से अवगत कराया गया, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा सम्बन्धित अधिकारियों को समाधान कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में अपर जिलाधिकारी वि०/रा० विनोद कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर योगेन्द्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, उप जिलाधिकारी चुनार अनेग सिंह, लालगंज अविनाश सिंह, सभी क्षेत्राधिकारी के अलावा संभ्रांत व्यक्तियों में अध्यक्ष विन्ध्य पण्डा समाज पंकज द्विवेदी, मंत्री भानु पाठक, गुंजन मिश्रा, भूपत मिश्रा, गौरव उमर, संतोष गुप्ता, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कछवां अजय उपाध्याय, सभासद रमई पट्टी नीरज गुप्ता, अमित श्रीनेत्र, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मीरजापुर गोवा लाल के अलावा प्रत्येक थाना के आयोजक मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राजकीय आई टी आई मिर्ज़ापुर में आयोजित किया गया नवाचार पर अभिमुखीकरण प्रेरणा दायक व्याख्यान

मीरजापुर। जिला विज्ञान क्लब मिर्ज़ापुर के द्वारा दिनांक 28सितंबर को राजकीय आई टी आई मिर्ज़ापुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत  नवाचार पर प्रेरणा दायक व्याख्यान आयोजित किया गया। जिला विज्ञान क्लब समन्यवयक सुशील कुमार पाण्डेय ने छात्रों को बताया कि आधुनिक युग विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी का युग है। यहां की संस्कृति में पला बढ़ा हर व्यक्ति अपनी रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान अपने विशिष्ट तरीके से निकालता है। यही विशिष्ट तरीका ही नव प्रवर्तन कहलाता है।सर सी वी रमन, होमी जहांगीर भाभा, रामानुजन, सर जगदीश चंद्र बसु, डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम जैसे महान वैज्ञानिकों ने वह करके दिखाया जो असम्भव की श्रेणी में आता है।भारत एक ऐसा देश है जो मस्तिष्क की बोधगम्य कथ नो की प्रयोग शाला है जिसमे बिचारो, नवाचारो और अविष्कारो के साथ ही अनुसंधान तथा नवप्रवर्तन की ऐसी शोध यात्रा चलती रहती है। नवप्रवर्तन हमारे देश का मूल आधार है।                          इनोवेटर जय प्रकाश बिन्द ने नवाचार एवं अविष्कार में अंतर को बच्चो को विस्तार पूर्वक समझाया। प्रोजेक्टर पर स्क्रीन के माध्यम से विभिन्न नवाचारो के आईडिया एवं उन समस्याओ के निरकारण को भी नवाचार के माध्यम से समझाया. उन्होंने गार्बेज कलेक्शन मशीन के अपने तीन प्रोटो टाइप को स्क्रीन के माध्यम से समझाया। कुल 17 बिभिन्न नवाचारो को बच्चो को दिखा कर बताया गया।                आई टी आई के प्रधानाचार्य मयंक मणि शुक्ला ने भी नवाचारी आईडिया को बच्चो को  बताते हुए कहा कि आप सभी अपने नए आईडिया लाकर यहां प्रयोगशाला में मूर्त रूप देने का प्रयास करे इसमें कोई भी आवश्यकता हो उसे पूरा किया जायेगा. इस कार्यक्रम में कालेज के 126 छात्र एवं छात्राओं ने प्रतिभागिता की। इसमें विद्यालय के सभी स्टाफ ने महत्वपूर्ण सहयोग किया।
कन्नौज में पॉक्सो एक्ट के मामले में दो अभियुक्तों को 5-5 साल की सजा

पंकज कुमार श्रीवास्तव

कन्नौज जिले के थाना कोतवाली तिर्वा में वर्ष 2018 में दर्ज पॉक्सो एक्ट के चिन्हित मामले में विशेष न्यायालय ने दो अभियुक्तों को दोषी करार देते हुए 5-5 वर्ष के कारावास और 25-25 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है।

मामला मु0अ0सं0-60/2018 से संबंधित है, जिसमें 22 फरवरी 2018 को वादिनी लक्ष्मी पुत्री मांगेलाल निवासी पूर्वा वसन्ता, थाना विधूना, जनपद औरैया की शिकायत पर थाना कोतवाली तिर्वा में धारा 354ख भादवि एवं 7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना पूरी करने के बाद पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था।

पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर पॉक्सो एक्ट के मामलों में प्रभावी पैरवी कर अभियुक्तों को सजा दिलाने के लिए थाना पुलिस, पैरोकार, अभियोजन पक्ष और मॉनीटरिंग सेल को निर्देशित किया गया था।

इसी क्रम में कन्नौज पुलिस टीम, अभियोजन पक्ष, मॉनीटरिंग सेल और कोर्ट पैरोकार की प्रभावी पैरवी के बाद 28 सितंबर 2026 को विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट कन्नौज की अदालत ने दोनों अभियुक्तों को धारा 8 पॉक्सो एक्ट में दोषी पाया।

दोषी ठहराए गए अभियुक्तों में संजीव उर्फ संदीप पुत्र महेन्द्रपाल निवासी ग्राम टूसावरी थाना तिर्वा, कन्नौज और रामनिवास पुत्र कश्मीर सिंह निवासी ग्राम नुनारी थाना तिर्वा, कन्नौज शामिल हैं। दोनों को 5-5 वर्ष के कारावास तथा 25-25 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया।