लगातार बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में नगर पालिका की टीमें युद्धस्तर पर जुटीं
पेड़ व विद्युत पोल गिरने से बाधित आपूर्ति बहाल करने,जलभराव एवं जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे कर्मचारी
बलरामपुर। जनपद बलरामपुर में विगत तीन दिनों से हो रही लगातार वर्षा के कारण नगर के विभिन्न स्थानों पर पेड़ एवं विद्युत पोल गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। वहीं,कुछ स्थानों पर जलभराव जैसी परिस्थितियां भी उत्पन्न हुई हैं। स्थिति को देखते हुए आदर्श नगर पालिका परिषद,बलरामपुर की टीमें अध्यक्ष डॉ.धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के निर्देशन में प्रभावित क्षेत्रों में मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्यवाही युद्धस्तर पर कर रही हैं।
नगर की सड़कों को सुचारु करने,गिरे हुए पेड़ों एवं अन्य अवरोधों को हटाने, साफ-सफाई तथा जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ ही आवागमन को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए नगर पालिका की टीमें पूरी तत्परता,जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ निरंतर कार्य कर रही हैं।
लगातार बारिश के कारण नगरवासियों को पेयजल की समस्या न हो,इसके लिए नगर की सभी बड़ी पानी की टंकियों पर जनरेटर के माध्यम से पानी की आपूर्ति चालू की जा रही है। नगर पालिका द्वारा पेयजल आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि प्रतिकूल मौसम के बीच नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अध्यक्ष डॉ.धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने नगरवासियों से अपील की है कि लगातार हो रही वर्षा एवं प्रतिकूल मौसम को देखते हुए अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही आवागमन करें। जलभराव वाले क्षेत्रों,गिरे हुए पेड़ों,विद्युत पोल अथवा विद्युत तारों के आसपास विशेष सावधानी बरतें तथा किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में संबंधित विभाग को तत्काल सूचना दें।
उन्होंने कहा कि नगरवासियों की सुरक्षा,सुविधा,पेयजल व्यवस्था एवं सुगम आवागमन नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नगर पालिका की टीमें परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और आवश्यकता के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
समस्या होने पर इन नंबरों पर करें संपर्क
नगरवासियों से अपील की गई है कि नगर से संबंधित किसी भी समस्या अथवा शिकायत के लिए नगर पालिका परिषद की हेल्पलाइन संख्या 1533 पर संपर्क करें। अत्यंत आवश्यक स्थिति में निम्न अधिकारियों एवं सहयोगियों से भी संपर्क किया जा सकता है—
अधिशासी अधिकारी श्री लाल चंद्र मौर्य — 8189078346
जल जे.ई.श्री धर्मेंद्र गौड़ — 9598168421
सफाई निरीक्षक श्री दिवाकर पांडेय — 8546020248
सहायक सफाई निरीक्षक श्री राहुल — 8934809721
श्री गौरव मिश्रा — 9984850039
नगर पालिका प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं पर यथाशीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। लगातार बारिश के बीच नगर की व्यवस्थाओं को सामान्य बनाए रखने के लिए पालिका की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ कार्यरत हैं।
Sep 26 2026, 18:10
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.3k