मऊ में जनपद स्तरीय श्री अन्न मेला व कृषक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन
मऊ में उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद स्तरीय मिलेट्स (श्री अन्न) मेला सह प्रदर्शनी एवं कृषक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम नगर पालिका कम्युनिटी सेंटर, बकवल-मऊ में आयोजित होगा।

कृषि विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को श्री अन्न (मिलेट्स) की खेती, इसके उपयोग और संभावनाओं के प्रति जागरूक करना है। मेले में मिलेट्स आधारित उत्पादों की प्रदर्शनी एवं प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

इसके साथ ही फसल अवशेष प्रबंधन के लिए कृषि यंत्रीकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी किसानों को दी जाएगी। कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, कृषि यंत्रों और फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

कृषि विभाग ने किसानों से कार्यक्रम में पहुंचकर विशेषज्ञों से जानकारी लेने और योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
तेज हवा-बारिश से बिजली आपूर्ति बाधित, कई जगह तारों पर गिरे पेड़
मऊ। तेज हवा और बारिश के कारण जिले के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। कई स्थानों पर पेड़ विद्युत तारों पर गिरने से बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे संबंधित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही।

सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और प्रभावित क्षेत्रों में तारों पर गिरे पेड़ों की कटाई व उन्हें हटाने का काम शुरू किया। प्रशासन के सहयोग से विभागीय कर्मचारी लगातार राहत एवं मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं।

विद्युत विभाग की टीमें क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त करने के साथ ही बिजली आपूर्ति को सामान्य करने का प्रयास कर रही हैं।

अधिकारियों के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्रों में कर्मचारियों को लगाया गया है, ताकि जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सके।

विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि टूटे हुए बिजली के तारों और विद्युत पोल से दूरी बनाए रखें तथा किसी भी तरह की समस्या होने पर संबंधित विभाग को तत्काल सूचना दें।
अयोध्या के दीपोत्सव में 30 से अधिक देशों के भारतीय होंगे आमंत्रित
अयोध्या। रामनगरी में इस वर्ष 5 से 8 नवंबर तक प्रस्तावित दीपोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आयोजन में 30 से अधिक देशों में रहने वाले भारतीयों को आमंत्रित किए जाने की योजना है। इसके लिए संबंधित देशों में स्थित भारतीय दूतावासों और राजदूतों के माध्यम से निमंत्रण भेजने की तैयारी की जा रही है।दीपोत्सव में विभिन्न देशों के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रियों के साथ ही उनके प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने की योजना है। इससे आयोजन के जरिए अयोध्या की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
- पहले भी जुट चुके हैं विदेशी मेहमान
अयोध्या का दीपोत्सव पहले से ही विदेशी मेहमानों के आकर्षण का केंद्र रहा है। पिछले आयोजन में 54 से अधिक देशों के करीब 88 राजनयिक और राजदूत रामनगरी पहुंचे थे। विदेशी प्रतिनिधियों ने सरयू तट पर आयोजित महाआरती में हिस्सा लिया और दीप प्रज्ज्वलित किए।
- दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला भी बनी थीं अतिथि
नवंबर 2018 में दक्षिण कोरिया की तत्कालीन प्रथम महिला किम जंग-सूक दीपोत्सव में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुई थीं। इसके अलावा थाईलैंड, कंबोडिया, इंडोनेशिया, श्रीलंका, नेपाल और रूस समेत कई देशों के कलाकार व सांस्कृतिक दल अयोध्या में रामलीला और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दे चुके हैं। इस बार भी आयोजन में अंतरराष्ट्रीय भागीदारी बढ़ाने की तैयारी है। विदेशी मेहमानों के माध्यम से दीपोत्सव को भारतीय संस्कृति और परंपराओं के वैश्विक मंच के रूप में प्रस्तुत करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
मुहम्मदाबाद गोहना में सड़क के गड्ढे से टोटो पलटा
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। कैलेंडर तिराहे के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण एक टोटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बने गड्ढों से आए दिन राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत कर गड्ढों को भरवाने की मांग की है।
मऊ में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, तीन वारंटी गिरफ्तार
मऊ। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मऊ पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।

पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में चलाए गए अभियान के क्रम में हलधरपुर थाना पुलिस ने वारंटी अभियुक्त नन्दलाल गोंड पुत्र लालचन्द गोंड, निवासी नसीराबाद तथा छोटेलाल गोंड पुत्र लालचन्द गोंड, निवासी नसीराबाद खुर्द को गिरफ्तार किया।

इसी क्रम में दोहरीघाट थाना पुलिस ने वारंटी अभियुक्त रामानन्द सागर पुत्र रामप्यारे, निवासी ग्राम नगरीपार को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष चालान किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों एवं विभिन्न मामलों में वांछित तथा वारंटी अभियुक्तों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
मऊ एआई थीम पर सजेगा हिंदी भवन का दुर्गा पूजा पंडाल, 10 से 12 लाख की लागत से तैयार हो रहा भव्य पंडाल
मऊ। नगर के हिंदी भवन स्थित प्रसिद्ध दुर्गा पूजा पंडाल इस बार आधुनिक तकनीक और एआई थीम के साथ श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। पंडाल को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने के लिए करीब 10 से 12 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।

दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष पंडाल की थीम में मौजूदा सोशल मीडिया दौर और खासकर युवा पीढ़ी पर इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सऐप के बढ़ते प्रभाव को केंद्र में रखा गया है। धार्मिक आस्था के साथ आधुनिक तकनीक और सामाजिक संदेश को जोड़कर पंडाल को एक अलग और आधुनिक स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है।

पंडाल के मध्य भाग में श्रद्धालुओं को सबसे पहले माता पार्वती और बाबा महादेव के दर्शन होंगे।

इसके बाद पंडाल की थीम और सजावट के माध्यम से आधुनिक तकनीक तथा सोशल मीडिया के प्रभाव को प्रदर्शित किया जाएगा।
पंडाल के निर्माण की तैयारियां करीब डेढ़ माह पहले शुरू कर दी गई थीं।

बंगाल से आए कुशल कारीगरों की टीम दिन-रात मेहनत कर डिजाइन, सजावट और आकर्षक कलाकृतियों को अंतिम रूप देने में जुटी है। आधुनिक डिजाइन और सजावटी सामग्री के इस्तेमाल से पंडाल को भव्य रूप दिया जा रहा है।

हर वर्ष अपनी अलग थीम और आकर्षक सजावट के लिए पहचान रखने वाला हिंदी भवन का दुर्गा पूजा पंडाल इस बार भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनने की तैयारी में है।

नवरात्र और दुर्गा पूजा के दौरान मऊ शहर के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
समिति के अनुसार, इस बार पंडाल में धार्मिक आस्था, एआई तकनीक और सामाजिक संदेश का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

निर्माण कार्य तेजी से जारी है और पंडाल के तैयार होने के बाद इसकी भव्यता श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
DM ने विनियमित क्षेत्र कार्यालय का किया आकस्मिक निरीक्षण
फाइलों के बेहतर रखरखाव एवं ई-ऑफिस के माध्यम से कार्य करने के दिए निर्देश, आवश्यक अभिलेखों के डिजिटाइजेशन पर दिया जोर

मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्धन द्वारा विनियमित क्षेत्र कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों एवं पत्रावलियों के रखरखाव तथा कार्यालय में संचालित विभिन्न कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय की सभी फाइलों एवं अभिलेखों का व्यवस्थित एवं सुरक्षित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए कि कार्यालय में संचालित होने वाली समस्त पत्रावलियों एवं फाइलों को ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से संचालित किया जाए।

उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस के माध्यम से कार्यों के संचालन से पत्रावलियों के निस्तारण में पारदर्शिता एवं तेजी आएगी तथा अभिलेखों को सुरक्षित रखने में भी सुविधा होगी। उन्होंने कार्यालय में उपलब्ध महत्वपूर्ण एवं आवश्यक अभिलेखों का डिजिटाइजेशन कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि पुराने एवं महत्वपूर्ण अभिलेखों को प्राथमिकता के आधार पर स्कैन कर डिजिटल स्वरूप में सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अभिलेख आसानी से उपलब्ध हो सकें। उन्होंने डिजिटल अभिलेखों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रखने एवं समय-समय पर अद्यतन करने के भी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यालयों में अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव प्रशासनिक कार्यों की महत्वपूर्ण कड़ी है।

सभी पत्रावलियों को क्रमबद्ध एवं सुरक्षित तरीके से रखा जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि आवश्यकता पड़ने पर किसी भी अभिलेख अथवा पत्रावली को तत्काल खोजा और उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य से संबंधित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कार्यालय में आने वाले नागरिकों को अनावश्यक रूप से किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा उनके प्रकरणों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट रामबाबू सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने तथा कार्यालयीन कार्यों में आधुनिक तकनीक एवं ई-ऑफिस प्रणाली का अधिकाधिक उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अागरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसे में तीन की माैत, मुख्यमंत्री याेगी ने जताया दुख
लखनऊ /आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में शनिवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर थाना डौकी क्षेत्र के बाजिदपुर के पास तेज रफ्तार कार अनंत्रित होकर कई बार पलट गई। इस हादसे में कार की पिछली सीट पर बैठे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर सहित दो अन्य लोग घायल हाे गए।

मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेकर अधिकारियाें काे दिशा निर्देश दिए हैं। उन्हाेंने मृतकों के शोक संतप्त परिजन के प्रति संवेदना की व्यक्त की। साथ ही अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार करवाने, मृतकों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने दिए निर्देश दिए।

सहायक पुलिस आयुक्त इमरान अहमद ने बताया कि शनिवार सुबह डौकी थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव बाजितपुर के पास आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित कई बार पलटी। इस हादसे में कार में बैठे तीन व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर सहित दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर भेजा। हालत गंभीर होने पर एम्बुलेंस से घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मृतकों की पहचान बलिया निवासी जयप्रकाश, भूपेंद्र और कपिल के रूप में हुई है जबकि चालक जसवंत और चंद्रकांत गंभीर रूप से घायल हैं। पांचों लोग दिल्ली से बलिया जा रहे थे।

पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लिया है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार के कारण वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।-
कागजों में मनरेगा का काम, धरातल पर गायब मजदूर!

मोहम्मदपुर सकिश्त के बाद सदरपुर समेत कई गांवों में फर्जीवाड़े के आरोप, शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने का दावा

बहसूमा/हस्तिनापुर (मेरठ)। क्षेत्र के गांवों में मनरेगा कार्यों को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। मोहम्मदपुर सकिश्त में पूर्व में मनरेगा कार्यों में कथित फर्जीवाड़े के आरोप चर्चा में रहे हैं। अब सदरपुर समेत आसपास के गांवों में भी मनरेगा कार्यों में अनियमितता और फर्जी हाजिरी लगाए जाने के आरोप सामने आए हैं।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कुछ दिन पहले भी मनरेगा में कथित फर्जीवाड़े को लेकर लगातार शिकायतें की गई थीं। उनका कहना है कि ब्लॉक हस्तिनापुर के अधिकारियों को कई बार मामले से अवगत कराया गया, लेकिन शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। शिकायतकर्ता के अनुसार, कथित तौर पर ठेकेदारों द्वारा ऐसे कार्य और मजदूर दर्शाए जा रहे हैं, जिनकी मौके पर वास्तविकता अलग बताई जा रही है।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि मनरेगा कार्यों में कथित तौर पर पांच से सात प्रतिशत तक कमीशन लिए जाने की चर्चा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो सरकारी धन के कथित दुरुपयोग की वास्तविकता सामने आ सकती है।

शिकायतों पर कार्रवाई न होने से उठे सवाल

ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे मनरेगा योजना की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि केंद्र और प्रदेश सरकार ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए मनरेगा पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, ऐसे में यदि फर्जी कार्य या हाजिरी के माध्यम से सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है तो यह गंभीर मामला है।

शिकायतकर्ताओं ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि  आसपास के गांवों में मनरेगा के तहत स्वीकृत कार्यों, मजदूरों की हाजिरी, भुगतान और मौके पर हुए कार्यों का भौतिक सत्यापन कराया जाए। साथ ही शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

नोट: मनरेगा में अधिकारियों द्वारा कमीशन लेने और सरकारी धन के दुरुपयोग में अधिकारियों की संलिप्तता के आरोप  हस्तिनापुर ब्लॉक के सेक्रेटरी देवेंद्र कुमार को फोन किया तो फोन उन्होंने नहीं उठाया।
सपा नेता राम गोविंद चौधरी के निधन से सियासी गलियारों में शोक, अखिलेश समेत नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राम गोविंद चौधरी के निधन से प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को लखनऊ के निशातगंज स्थित मेट्रो सिटी अपार्टमेंट पहुंचे और चौधरी के पार्थिव शरीर पर समाजवादी पार्टी का झंडा रखकर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान अखिलेश यादव भावुक नजर आए। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और समर्थक भी उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। अखिलेश यादव ने राम गोविंद चौधरी के निधन को समाजवादी आंदोलन और समाजवादी पार्टी के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा, "राम गोविंद चौधरी जी समाजवादी आंदोलन के नेता रहे और शुरुआती दौर में जिस समय समाजवाद की पहचान बनानी थी, उस पीढ़ी के वो लोग हैं।"

सपा अध्यक्ष ने कहा कि राम गोविंद चौधरी ने समाजवादी आंदोलन के लिए अपना पूरा जीवन लगा दिया और उनका पूरा जीवन संघर्ष में गुजरा। उन्होंने कहा, "वह बहुत प्रभावी ढंग से अपनी बात को रखते थे। उनके ना रहने पर समाजवादी आंदोलन को क्षति हुई है। समाजवादी पार्टी को बहुत बड़ी क्षति हुई है। इस दुख की घड़ी में हम सब समाजवादी लोग उनके परिवार के साथ हैं।"

राम गोविंद चौधरी के निधन पर बलिया के बांसडीह से भाजपा विधायक केतकी सिंह ने भी शोक जताया। उन्होंने कहा कि उनका निधन पूरे क्षेत्र और उत्तर प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। वैचारिक मतभेदों के बावजूद वह राजनीति में उनके लिए अभिभावक के समान थे। केतकी सिंह ने कहा कि जनसेवा, जमीनी संघर्ष और समाजवादी विचारधारा के प्रति राम गोविंद चौधरी का योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने दिवंगत नेता की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह भी राम गोविंद चौधरी के आवास पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके आवास पर राजनीतिक दलों के नेताओं, समर्थकों और परिचितों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। पूरे परिसर में शोक का माहौल रहा। राम गोविंद चौधरी का राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ। बलिया जिले से आने वाले चौधरी ने वर्ष 1977 के विधानसभा चुनाव में चिलकहर विधानसभा सीट से जीत दर्ज कर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई।

राम गोविंद चौधरी के निधन पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा, "यह बहुत दुखद घटना है। वे एक लोकप्रिय नेता थे जिन्होंने संसद से लेकर सड़कों तक गरीबों, कमजोर वर्गों, पिछड़े वर्गों, दलितों और वंचितों के लिए लड़ाई लड़ी। हम उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वे उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दें।"

वर्ष 1990 से 1991 के बीच मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली सरकार में उन्होंने उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में बांसडीह से जीत दर्ज करने के बाद अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सरकार में उन्हें बेसिक शिक्षा और समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में राम गोविंद चौधरी ने बांसडीह से फिर जीत दर्ज की। इसके बाद उन्हें उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया गया। वर्ष 2017 से 2022 तक उन्होंने इस पद की जिम्मेदारी संभाली।

वह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव भी रहे और पार्टी संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लंबे राजनीतिक जीवन के दौरान राम गोविंद चौधरी पूर्वांचल की राजनीति में समाजवादी पार्टी के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे। उनके निधन पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की ओर से शोक संवेदनाओं का सिलसिला जारी है।