चोरी की नीयत से फार्म हाउस में घुसे युवक को लगा हाईटेंशन तार से करंट, मौत
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के निवाड़ी थाना क्षेत्र में एसआरएम यूनिवर्सिटी के सामने शेरावत फार्म हाउस में चोरी की नीयत से घुसे एक युवक की वहां से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाई टेंशन तार से करंट लगने से मौत हो गई। यह मामला तब सामने आया जब एक राहगीर ने फार्म हाउस मालिक को बाथरूम के बाहर एक शख्स के लटके होने की जानकारी दी। मालिक ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।

घटना की सूचना पाकर थाना निवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को मृत पाया। शव का पंचनामा कर आज पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। फार्म हाउस मालिक ने बताया कि उनके यहां पहले भी चोरी हो चुकी है। एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा। उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास के लोगों और सोशल मीडिया के माध्यम से शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पति के चरित्र पर महिला करती थी शक, दो वर्ष की बेटी सहित पंखे से फंदा लगाकर की आत्महत्या
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद में बीती रात को मां-बेटी का शव एक ही फंदे पर लटका मिला। घटना के समय महिला का पति घर से बाहर गया था। वह कुछ देर बाद घर लौटा तो पत्नी और दाे साल की बेटी को पंखे पर फंदे से लटका हुआ देखा। उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना के आधार पर खोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मां-बेटी के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है।

पुलिस उपायुक्त ट्रांस हिंडन ऋजुल ने बताया कि मृतकों की पहचान खोड़ा कालोनी के शंकर विहार निवासी प्रीति (30) और दाे साल की बेटी अक्षिता के रूप में हुई। महिला पति के चरित्र पर शक करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। घटना खोड़ा गांव में शाम साढ़े 7 बजे की है।

डीसीपी ने बताया कि जनपद हरदोई के रहने वाले अनिरुद्ध की शादी 2021 में जनपद उन्नाव की रहने वाली प्रीति से हुई थी। पिछले चार साल से दोनों गाजियाबाद के खोड़ा गांव के शंकर विहार कॉलोनी में किराए पर रह रहे थे। अनिरुद्ध मैक्स हॉस्पिटल में काम करता है। हाल ही में परिवार राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करके लौटा था। घटना के समय अनिरुद्ध उर्फ सोनू पत्नी की दवा लेने के लिए घर से बाहर गया था। इसी दौरान प्रीति ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। पुलिस को आशंका है कि महिला ने पहले बेटी की हत्या की। इसके बाद बच्ची को लेकर खुद भी फंदे से लटक गई।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान अनिरुद्ध ने पुलिस को बताया कि पत्नी उस पर शक करती थी। उसे लगता था कि अनिरुद्ध का दूसरी महिला से अफेयर है। कई बार रात में मोबाइल चलाने को लेकर भी उससे झगड़ा होता था। पति ने बताया कि वह 24 सितंबर को ही मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करके लौटा था। बीती रात को भी पत्नी ने उससे झगड़ा किया था।
गाजियाबाद में 12वीं मंजिल से गिरकर डीपीएस की छात्रा की मौत
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद जनपद के थाना नंदग्राम क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन में रहने वाली एक 14 वर्षीय छात्रा बीती रात को 12वीं मंजिल से नीचे गिर गई। इस घटना में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका के पिता सुरेश चंद्र ने बताया कि वह राजनगर रेजिडेंसी के जी-टावर में रहते हैं। उनके फ्लैट में बीती रात को उनकी पत्नी, 14 वर्षीय बेटी प्राची, छोटी बेटी और उनके सास- ससुर मौजूद थे। प्राची डीपीएस स्कूल संजय नगर में कक्षा 9वीं की छात्रा थी। उन्होंने बताया कि देर रात को प्राची बालकनी में सुख रहे कपड़े को उतारने गई थी, तभी अचानक वह असंतुलित होकर 12वीं मंजिल से नीचे गिर गई। तेज आवाज सुनकर सुरक्षा कर्मी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उसे तत्काल गंभीर हालत में उपचार के लिए संजय नगर स्थित यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पिता ने बताया कि दाे दिन पहले ही वह महाराष्ट्र के शिरडी में आयोजित सीबीएसई नेशनल रोप स्किपिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत कर लौटी थी। उसकी इस उपलब्धि से पूरा परिवार खुश था। उनके अनुसार उनकी बेटी पढ़ाई के साथ-साथ खेल और संगीत में भी अव्वल थी।



थाना नंदग्राम के प्रभारी निरीक्षक एस के त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह हादसा है कैसे हुआ। उन्होंने बताया कि सोसाइटी में लगे कैमरों की फुटेज को चेक किया जा रहा है, तथा सुरक्षा कर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है।
नोएडा: हॉस्टल की बस में लगी आग
नोएडा। जिले के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित आर्यन रेजिडेंसी हॉस्टल की सड़क किनारे खड़ी खाली बस में शुक्रवार की बीती रात को अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस घटना में बस पुरी तरह से जल गई है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। घटना के समय बस में कोई मौजूद नहीं था। घटनास्थल के आसपास अन्य हॉस्टलों में रहने वाले छात्र-छात्राओं में इस घटना को लेकर हड़कंप मच गया। कई छात्रों ने इसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है।

मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि शुक्रवार की मध्य रात्रि को थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में स्थित आर्यन हॉस्टल की बस सड़क किनारे पार्क थी। अचानक बस मे आग लग गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि घटना के समय बस में कोई सवार नहीं था। बस चालक बस को सड़क किनारे खड़ा करके कही चला गया था। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है। सीएफओ ने बताया कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं है।

मालूम हो कि यमुना एक्सप्रेसवे पर तीन दिन पूर्व एक डबल डेकर बस में लगी आग के चलते नौ लोगों की जलकर मौत हो गई थी।
अमेठी : कच्ची दीवार गिरने से महिला की मौत, पति चोटिल
अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के जामों थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर गांव में शनिवार सुबह कच्ची खंडहरनुमा दीवार अचानक गिरने से उसके नीचे दबकर महिला की मौत हो गई। हादसे में मृतक महिला के पति को भी चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जामो थाना क्षेत्र अंतर्गत बलभद्रपुर गाँव निवासी उषा सुबह करीब आठ बजे पति रामकुमार पासी के साथ घर के पीछे बंधी भैंस को खोलने गई थी। इसी दौरान भैंस के पास खड़ी कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और और दंपति मलबे में दब गए। तत्काल ग्रामीणों ने दंपति को मलबे से बाहर निकाला और इलाज के लिए दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जामों ले जाया गए, जहां चिकित्सकों ने महिला उषा (32) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में पति रामकुमार को भी हल्की चोटें आईं।

थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पुलिस ने सीएचसी जामों से मृतक का मेमो प्राप्त किया है। इसके आधार पर महिला के शव का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई की जा रही है।
जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लाखों का तैयार माल जलकर खाक
कानपुर। जाजमऊ थाना क्षेत्र अशरफाबाद स्थित जूता फैक्ट्री में शनिवार को अचानक आग लगने से लाखों रुपये का तैयार माल जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

सुल्तान कंपाउंड के सामने कामसेफ फैक्ट्री में आज धुआं उठता देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री में ज्वलनशील सामग्री और बड़ी मात्रा में तैयार जूते रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई। इससे इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

फैक्ट्री मालिक मेस्टन रोड निवासी महबूब इलाही ने बताया कि कारखाने में तैयार जूतों का काफी स्टॉक रखा था। इसे अगले महीने बाहर भेजा जाना था, लेकिन आग की चपेट में आने से पूरा माल बर्बाद हो गया। शुरुआती अनुमान के अनुसार नुकसान लाखों रुपये का है। वास्तविक क्षति का आकलन किया जा रहा है।

बीट प्रभारी अभिजीत पाठक ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। फायर अधिकारी राहुल नंदन के मुताबिक शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आ रही है। हालांकि आग के वास्तविक कारण की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद होगी।
बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलों में प्रशासन अलर्ट
-लखनऊ समेत कई जिलों में लगातार वर्षा, जिलाधिकारियों को क्षेत्र में सक्रिय रहकर आवागमन और जलभराव पर नजर रखने के निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार से शुरू हुई बारिश का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। लगातार बारिश से कई स्थानों पर जनजीवन प्रभावित हुआ और जलभराव की स्थिति बनी है। मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सभी जिलों के जिलाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी सतर्क हैं। जिलों में वाहनों के आवागमन, जलभराव और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को क्षेत्र में रहकर स्थिति का जायजा लेने और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

प्रदेश की राजधानी लखनऊ, उन्नाव, कानपुर मंडल, प्रयागराज मंडल, अयोध्या मंडल, वाराणसी सहित कई जिलों में शनिवार सुबह हल्की से मध्यम बारिश हुई है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर सीएसए के मौसम वैज्ञानिक डॉ एस एन सुनील पांडेय ने बताया कि

कृषि विभाग की 25 सितंबर तक की वर्षा रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के 54 जिलों में वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान प्रदेश में 14 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि बलरामपुर में सर्वाधिक 71.6 मिलीमीटर और बरेली में न्यूनतम 0.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। एक जून से 25 सितंबर तक प्रदेश के 15 जिलों में सामान्य से 120 प्रतिशत से अधिक, 36 जिलों में सामान्य, 10 जिलों में सामान्य से कम और आठ जिलों में सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज की गई है। छह जिलों में सामान्य से बहुत कम बारिश हुई है, जबकि किसी भी जिले में शून्य वर्षा दर्ज नहीं हुई।

रिपोर्ट के अनुसार सामान्य से 120 प्रतिशत से अधिक वर्षा वाले जिलों में संभल, महोबा, चित्रकूट, हमीरपुर, मेरठ, बांदा, कानपुर नगर, मुजफ्फरनगर, एटा, प्रयागराज, कन्नौज, बिजनौर, फिरोजाबाद, ललितपुर और प्रतापगढ़ शामिल हैं। वहीं 36 जिलों में वर्षा सामान्य श्रेणी में रही।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। 25 और 26 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश तथा 27 सितंबर को भी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 25 से 27 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

बारिश को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बढ़ा दी है। जिलाधिकारियों को स्थानीय परिस्थितियों पर लगातार नजर रखने, आमजन से संपर्क बनाए रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में विशेष निगरानी की जा रही है। प्रदेश के सभी प्राइमरी से लेकर बारहवीं तक के स्कूल, सीबीएसी,यूपी बोर्ड एवं आई एससी बोर्ड के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासनिक अमला जलभराव वाले क्षेत्रों, क्षतिग्रस्त सड़कों और प्रमुख मार्गों पर आवागमन की स्थिति पर नजर रख रहा है। लोगों से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की ओर से जारी मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।
उत्तर प्रदेश में अति वृष्टि को लेकर मुख्यमंत्री योगी ने दिए निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश ने आम जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अतिवृष्टि को लेकर शासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को मुस्तदी के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग ने 32 जिलाें में आकस्मिक बाढ़ आने व 10 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में अतिवृष्टि को लेकर मुख्यमंत्री निर्देश दिए हैं। शनिवार को जारी बयान में कहा है कि बारिश से जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का समय से आकलन करें। सभी वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में उतरकर राहत-बचाव कार्य की निगरानी के निर्देश दिए हैं।

प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। अतिवृष्टि और आकाशीय बिजली से हुई क्षति का 24 घंटे में आकलन कर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।

मुख्यमंत्री योगी ने लोगों से अपील की है कि आकाशीय बिजली व अतिवृष्टि के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। अतिवृष्टि के दौरान नदियों और जलाशयों में स्नान से बचें, विशेष सावधानी बरतें।
अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन: कायमगंज में निकलीं शोभायात्राएं, अबीर-गुलाल उड़ाते हुए झूमे श्रद्धालु

*संवाददाता कायमगंज*


कायमगंज में आज शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणेश महोत्सव का समापन श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। कायमगंज नगर के मोहल्ला झील, पटवन गली,घसिया चिलौली, शिवाला, चिलौली, उलियापुर,शिव मंदिर लालकुंआ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमाओं की विसर्जन यात्राएं निकाली गईं। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच गणपति की प्रतिमाओं को लेकर विसर्जन स्थल की ओर रवाना हुए। वही हल्की फुल्की बरसात भी श्रद्धालुओं की आस्था को कम नहीं कर पाई । आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी भक्त गणेश प्रतिमाओं के साथ विसर्जन यात्रा में पहुंचे।शोभा यात्राओं में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे एवं युवा शामिल हुए
शोभायात्राओं में श्रद्धालु अबीर-गुलाल उड़ाते हुए और भगवान गणेश के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्राओं का स्वागत किया। गणेश प्रतिमाओं के दर्शन के लिए मार्ग में लोगों की भीड़ जुटी रही गणेश विसर्जन यात्रा के दौरान मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन युवाओं द्वारा किया गया । मटकी को 15 फीट ऊंचाई पर बांधा गया । जिसे युवाओं ने हौसले के साथ मानव श्रृंखला बनाकर फोड़ा ।
अलग-अलग स्थानों से निकलीं शोभायात्राएं आगे चलकर पुल गालिब तिराहे पर एकत्रित हुईं। यहां सभी यात्राओं के एक साथ पहुंचने के बाद श्रद्धालु गणेश प्रतिमाओं को लेकर आगे रवाना हुए। विसर्जन यात्राओं को लेकर पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस की निगरानी के बीच सभी शोभायात्राएं शमसाबाद के ढाई घाट स्थित गंगा तट के लिए रवाना हुई। जहां गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। विसर्जन के साथ ही कई दिनों से चल रहे गणेश महोत्सव का समापन हो गया। श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर से गणपति के आगमन की कामना करते हुए उन्हें विदाई दी।हालांकि आज सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। और रिमझिम बारिश भी हो रही है ।लेकिन इसके बावजूद भी श्रद्धालुओं में  उत्साह देखा गया । भीगते हुए श्रद्धालु शोभायात्रा में गणपति बप्पा मोरिया के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे ।
‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत प्रभावी पैरवी से दहेज प्रताड़ना के आरोपी अभियुक्त को हुई 01 वर्ष का कारावास व रूपये 10,000/- के अर्थदण्ड की सजा

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
गोण्डा। दिनांक 18.07.2023 को वादिनी साबरीन की लिखित तहरीर के आधार पर दहेज प्रताड़ना का अभियोग पंजीकृत हुआ था। जिसमें महिला थाना पुलिस द्वारा आरोपी अभियुक्तों के विरूद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही कर आरोप पत्र माननीय न्यायालय रवाना प्रस्तुत किया गया था।

*दोषसिद्धि का विवरण-*
ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत चिन्हित अपराधों में दोषी अभियुक्तों के विरुद्ध माननीय न्यायालय द्वारा अधिकतम/त्वरित दंडात्मक कार्यवाही हेतु जनपदीय पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है जिसके क्रम मे महिला थाना में पंजीकृत अभियोग मे मॉनिटरिंग सेल, सहायक अभियोजक श्री नित्यानंद यादव, कोर्ट मोहर्रिर का0 पवन पटेल व महिला थाना के पैरोकार म0का0 पूजा शुक्ला की प्रभावी पैरवी के फलस्वरुप आज दिनांक 25.09.2026 को दोषी अभियुक्त अकरम पुत्र निसार सिविल जज/एफ0टी0सी0 द्वितीय न्यायाधीश श्री योगेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा दोषसिद्ध करते हुए 01 कारावास व 10,000/- रु0 के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।