मऊ वृद्धाश्रम में सीडीओ ने परखी व्यवस्थाएं, बुजुर्गों को बांटे फल-मिठाई
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। कस्बे के जमीन बरामदपुर मोहल्ले में स्थित वृद्धाश्रम का गुरुवार देर शाम मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) विवेक श्रीवास्तव ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वृद्धाश्रम के विभिन्न कमरों में पहुंचकर बुजुर्गों के रहने, बैठने, भोजन, पेयजल समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सीडीओ ने वृद्धजनों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सभी बुजुर्गों को फल एवं मिठाई वितरित की। साथ ही वृद्धजनों के लिए जूते और बक्से उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को समय से दवा, भोजन और पेयजल उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि वृद्धजनों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनकी आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

वृद्धाश्रम के प्रबंधक लछीराम प्रसाद से सीडीओ ने कहा कि वृद्धजनों की सेवा करना पुनीत कार्य है।

उनके जीवन को सुविधाजनक और सम्मानजनक बनाने के लिए सभी को संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, कृतिमान पंकज, वार्डन सहित वृद्धाश्रम के कर्मचारी एवं महिला-पुरुष वृद्धजन मौजूद रहे।
लायंस क्लब इलाहाबाद कैंट का 37वां अधिष्ठापन समारोह संपन्न
प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह

लायंस क्लब इलाहाबाद कैंट का सैंतीस वां अधिष्ठापन समारोह तेईस सितंबर , होटल रामा कॉन्टिनेंटल सिविलायंस में सम्पन्न हुआ ।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि मण्डलाध्यक्ष * उदय चंदानी * पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर जगदीश गुलाटी ने दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर * डॉ. अर्पण धर दुबे,  नितिन यशार्थ, उपमंडलाध्यक्ष, प्रथम उमेश चन्द्र कक्कड़ ,आरएम बालाजी ,सतीश टंडन , संजय चड्ढा,ब्रिजेंद्र वाजपेयी मंचासीन रहे।दीक्षा अधिकारी डीएम सिंह ने  नए सदस्यों को लायनवाद की दीक्षा प्रदान कर मण्डल पिन लगाई।  उमेश चन्द्र कक्कड़ ने वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाकर अधिष्ठापित कराया।
नवनिर्वाचित टीम :
अध्यक्ष - लायन योगेन्द्र सिंह
*सचिव - लायन धनंजय साहू
कोषाध्यक्ष - लायन बीना श्रीवास्तव
अधिष्ठापन अधिकारी  मनोज खरे रहे।
मण्डलाध्यक्ष *उदय चंदानी* ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नई टीम को बधाई दी।
संयोजक मनोज खरे * ने सभी का अभिवादन कर मण्डल के सेवा लक्ष्यों से अवगत कराया। अंत में मण्डलाध्यक्ष * उदय चंदानी* ने कहा कि इलाहाबाद कैंट "खरे साहब "के नाम से जाने वाला मॉडल क्लब है। डॉ॰ जगदीश गुलाटी ने
अपील की सभी लायन सदस्य समर्पण भाव से सेवा लक्ष्यों को पूरा कर ' वी सर्व' को चरितार्थ करें। मीडिया चेयरपर्सन लालू मित्तल ने बताया कि प्रयागराज में लायंस इंटरनेशनल के 33 अनुषांगिक संगठन क्लब हैं। आज अंतिम क्लब का अधिष्ठापन समारोह हर्षोल्लास
से संपन्न हुआ। अब, सभी सेवा कार्य में पूर्ण रूप से लगकर
अपने  सेवा लक्ष्यों को चरितार्थ करें।
सभागार में  मण्डल मुख्य सलाहकार डी जी  अनिल जायसवाल, राजकुमार साहू, विनीत श्रीवास्तव, अरुण निगम हिमांशु गुप्ता, ऋषि सेठी,
इरा सेठी,डॉ॰ उमा जायसवाल, पुष्पा अग्रवाल,माला मिश्रा,धीरेंद्र शंकर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में लायन सदस्य उपस्थित रहे।
गौहनिया में छब्बीस सितंबर को जुटेगा अपना दल (एस) का कार्यकर्ता कुनबा, आशीष पटेल होंगे मुख्य अतिथि*

बारा में जिला स्तरीय सम्मेलन की तैयारियां तेज, चार विधानसभा क्षेत्रों से उमड़ेगा कार्यकर्ताओं का हुजूम

प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह
अपना दल (एस) के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को लेकर गौहनिया में संगठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार, छब्बीस सितंबर को गौहनिया स्थित एम.वी. कॉन्वेंट स्कूल में प्रातः ग्यारह बजे आयोजित होने वाले सम्मेलन में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं अपना दल (एस) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सम्मेलन में आशीष पटेल पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ गई है और तैयारियों को अंतिम रूप देने का सिलसिला जारी है। सम्मेलन में बारा के साथ करछना, कोरांव और मेजा विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल होंगे। चार विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं के जुटने को देखते हुए कार्यक्रम को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं से लेकर कार्यकर्ताओं के पहुंचने तक की तैयारियों को व्यवस्थित करने में पदाधिकारी जुटे हैं। जिला स्तरीय सम्मेलन में पार्टी संगठन से जुड़े विषयों पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बीच संवाद भी होगा। सम्मेलन को लेकर गौहनिया क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम के आयोजक बारा विधायक डॉ. वाचस्पति हैं। कार्यक्रम की जानकारी विधायक के मीडिया प्रभारी नीरज केसरवानी ने दी है।
जिलाधिकारी ने जनसुनवाई मे सुनीं 44 शिकायतें*
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट में जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना। जनसुनवाई के दौरान कुल 44 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। शिकायतों की जांच निष्पक्ष रूप से करते हुए पात्र व्यक्तियों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा फरियादी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी वि0रा0 दीपाली भार्गव एवं अतिरिक्त मजिस्ट्रेट गुलाब चंद्र सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
1 अक्टूबर से चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान, डीएम ने दिए चाक-चौबंद व्यवस्था के निर्देश 
                   

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई, में संचारी रोगों और दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगामी 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा । इसके साथ ही घर-घर जाकर मरीजों को चिन्हित करने के लिए 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान भी आयोजित होगा । इन दोनों अभियानों को पूरी तत्परता से सफल बनाने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी राहुल पांडेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के स्वामी विवेकानंद सभागार में प्रथम अंतर-विभागीय बैठक संपन्न हुई । जिलाधिकारी राहुल पांडेय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मानसून के बाद संचारी रोगों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ माइक्रोप्लान बनाकर काम करें । उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई, फॉगिंग, शुद्ध पेयजल की आपूर्ति और मच्छरों से बचाव के पुख्ता इंतजाम करने के कड़े निर्देश दिए । जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग नोडल विभाग के रुप में कार्य करते हुए ब्लाक स्तर पर जिला स्तर पर अन्य विभागों से समन्वय बनाकर कार्य करे। फ्रंटलाइन वर्करों का प्रशिक्षण एवं संवेदीकरण गुणवत्तापूर्ण किया जाये। सभी विभाग अपने अपने विभागों के कार्यों की समीक्षा करें देखें कि कार्य धरातल पर हो। पंचायती राज और नगर विकास विभाग अभियान में सफ़ाई एवं मच्छर रोधी गतिविधियां ग्रामवार, वार्डवार माइक्रोप्लान बनाकर प्रति दिन आयोजित करें। स्कूलों में अभियान चलाकर सफाई का कार्य किया जाए कहीं जलभराव न हो।
दस्तक अभियान के तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां घर-घर जाकर बुखार, टीबी, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया और कुपोषण के लक्षण वाले मरीजों की सूची तैयार करेंगी ताकि उनका समय पर इलाज सुनिश्चित किया जा सके और आशाएं घर-घर जाकर परिवारों की आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउंट बनाएंगी ।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भवनाथ पांडेय, बैक्टर बोर्न नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र, जिला मलेरिया अधिकारी सहित अभियान में सम्मिलित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और सभी सीएचसी के अधीक्षक तथा कार्यक्रम में सहायक एनजीओ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे ।
अब इलाज के लिए न आयुष्मान कार्ड की जरूरत, न कर्ज की मजबूरी!*-*सपा

गोण्डा। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश के प्रत्येक निवासी को सरकारी या अच्छे निजी अस्पताल में इलाज की पूरी सुविधा और खर्च सरकार द्वारा वहन किए जाने का संकल्प।

अब किसी गरीब या मध्यमवर्गीय परिवार को इलाज के लिए अपने जेवरात नहीं बेचने पड़ेंगे, खेत गिरवी नहीं रखने पड़ेंगे और कर्ज के बोझ तले नहीं दबना पड़ेगा।

हर परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, हर जरूरतमंद को सम्मान के साथ इलाज!समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मसूद अहमद खान ने आज यह जानकारी दी।
सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न


उपेन्द्र कुमार पांडेय


आजमगढ़। सेन्ट्रल बार एसोसिएशन मण्डल आजमगढ़ के तत्वाधान में सेंट्रल बार सभागार में वर्ष 2026-27 की नव निर्वाचित कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व राज्यपाल फागू चौहान, विशिष्ट अतिथि डॉ प्रदीप कुमार राय (पूर्व महामंत्री, द बनारस बार एसोसिएशन), वरिष्ठ अधिवक्ता शत्रुध्न सिंह तथा पूर्व विधायक आजाद अरिमर्दन ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित व माल्यार्पण कर किया।
तदोपरांत, एल्डर कमेटी के अध्यक्ष जयप्रकाश राय, सदस्य प्यारे मोहन श्रीवास्तव ने नव निर्वाचित अध्यक्ष दिनेश चंद्र श्रीवास्तव एवं मंत्री जनार्दन राय सहित संपूर्ण कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने में अध्यक्ष दिनेश चन्द श्रीवास्तव, मंत्री जनार्दन राय, उपाध्यक्ष एजाज आलम, कनिष्ठ उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र श्रीवास्तव, संयुक्त मंत्री प्रशासन विवेक तिवारी, संयुक्त मंत्री प्रकाशन योगेश सिंह, संयुक्त मंत्री पुस्तकालय पंकज राय, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश राय और वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्यों में वशिष्ठ राय, शेषमणि तिवारी, सोहन राय, सूरज कुमार सिंह और कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य में सर्वेश मौर्या रहे।
शपथ ग्रहण के बाद पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उपस्थित अधिवक्ताओं ने नव निर्वाचित टीम का माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया। अधिवक्ताओं ने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी अधिवक्ता हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेगी और बार व बेंच के मध्य बेहतर सामंजस्य बनाकर न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ करने में अपना योगदान देगी। इस दौरान रवि नारायण राय पूर्व अध्यक्ष, सत्यविजय राय, महेंद्र राय, अमरजीत राय, मनोज राय, अजय सिंह आदि रहे
वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगाँठ पर नमामि वंदेमातरम् कार्यक्रम आयोजित*
उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। सरस्वती शिशु मंदिर, नगरपालिका में वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगाँठ पर नमामि वंदेमातरम् कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता व बंकिमचन्द्र चटर्जी के चित्र पर दीप प्रज्वलन व पुष्पार्चन से हुआ, जिसके बाद छात्र-छात्राओं ने सामूहिक वंदे मातरम् गायन प्रस्तुत किया।

मुख्य वक्ता इन्द्रप्रकाश द्विवेदी ने गीत के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे राष्ट्रप्रेम और समर्पण का प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम में अध्यक्ष हरिवंश सिंह, विशिष्ट अतिथि दीनानाथ सिंह, प्रबंधक प्रकाश सिंह तथा प्रधानाचार्य धनंजय पाण्डेय की उपस्थिति रही। समारोह में लगभग 300 विद्यार्थियों सहित आचार्य, पूर्व छात्र व अभिभावक शामिल हुए। इसी श्रृंखला में हरिहरपुर, हथिया, इकरामपुर, परसापुर गाँव तथा नवीन सरस्वती इंटर कॉलेज-कोलघाट में भी सामूहिक वंदे मातरम् गायन का आयोजन हुआ। अंत में प्रधानाचार्य ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
अपहरण कर हत्या करने के मामले में वांछित तीन नफर अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार, तीन अदद मोटर साइकिल बरामद

पुलिस अधीक्षक मऊ  कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपराध/ अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मऊ  अनूप कुमार के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी मधुबन  दिनेश दत्त मिश्रा के नेतृत्व में थाना मधुबन पुलिस टीम द्वारा दिनांक- 25.09.2026 को बावला पुल के पास थाना मधुबन से मु0अ0सं0- 370/2026 धारा 3(5)/140(1)/103(1)/238 बीएनएस थाना मधुबन जनपद मऊ से सम्बन्धित वांछित अभियुक्तगण क्रमशः 1.रोशन प्रजापति उम्र करीब 26 वर्ष पुत्र अवधेश प्रजापति निवासी टमठा दुबारी थाना मधुबन जनपद मऊ, 2.नागेन्द्र उर्फ ललई उम्र करीब 25 वर्ष पुत्र परशुराम निवासी टमठा दुबारी थाना मधुबन जनपद मऊ, 3.आशीष सिंह उम्र करीब 21 वर्ष पुत्र तेज प्रताप सिंह निवासी पचईपट्टी थाना मधुबन जनपद मऊ को गिरफ्तारा किया गया । अभियुक्त का चालान माननीय न्यायालय किया गया ।

*पूछताछ विवरण* - दिनांक 18/09/2026 को सायं करीब 07 बजे दो बाइक से गुमशुदा/मृतक रंजीत, रोशन प्रजापति, नागेन्द्र उर्फ ललई और आशीष सिंह उम्र करीब 21 वर्ष पुत्र तेज प्रताप सिंह निवासी पचईपट्टी थाना मधुबन रोशन प्रजापति की दो बाईकों से बेल्थरा बलिया, गुमशुदा रंजीत की बाइक पुलिस चौकी बेल्थरा बलिया में पकड़ी गई स्पलेंडर प्रो बाइक DL 3S CL 7307 को छुड़ाने गये थे और चौकी से उक्त स्पलेंडर बाइक को छुड़वाकर वापस घर को तीनों बाईकों से चारों लोग आ रहे थे कि नागेंद्र और आशीष ने बताया कि गुमशुदा रंजीत को अपनी बाइक पर रोशन ने बैठा लिया और शेष दोनों बाईकों को दोनों लोग लेकर आने लगे कि रास्ते में जनपद बलिया में थाना उभांव अंतर्गत इंदौली पुलिया पर तीनों बाईकों को समय रात्रि करीब 10 बजे रोककर चारों लोग देशी शराब पिए और रोशन लात मुक्के से बुरी तरह गुमशुदा रंजीत को मारने लगा कि रंजीत पुलिया से नीचे पानी में कूद गया और इतने में रंजीत को बचाने के लिए नागेंद्र भी कूद गया और गुमशुदा रंजीत की तलाश करीब पंद्रह बीस मिनट किया, परन्तु रंजीत मिला नहीं और तीनों वापस चले आए । करीब दो वर्ष पूर्व मोटरसाइकिल रिपेयरिंग का कार्य करने वाला रोशन प्रजापति ने गुमशुदा रंजीत को 17,000/- रुपए देकर रंजीत की एक बाइक स्पलेंडर को अपने पास रख लिया और बार बार उक्त बाइक स्पलेंडर को अपने नाम से ट्रांसफर करने के लिए दबाव बना रहा था । परन्तु रंजीत द्वारा ट्रांसफर नहीं किया जा रहा था ।
*पंजीकृत अभियोंग* 
1.मु0अ0सं0- 370/2026 धारा 3(5)/140(1)/103(1)/238 बीएनएस थाना मधुबन जनपद मऊ । 
गिरफ्तार अभियुक्तगण का नाम 
1.रोशन प्रजापति उम्र करीब 26 वर्ष पुत्र अवधेश प्रजापति निवासी टमठा दुबारी थाना मधुबन, मऊ ।
2.नागेन्द्र उर्फ ललई उम्र करीब 25 वर्ष पुत्र परशुराम निवासी टमठा दुबारी थाना मधुबन जनपद मऊ, 3.आशीष सिंह उम्र करीब 21 वर्ष पुत्र तेज प्रताप सिंह निवासी पचईपट्टी थाना मधुबन जनपद मऊ ।
गिरफ्तारी का दिनांक व स्थान
1.दिनांक - 25.09.2026
2.स्थान - बावला पुल के पास थाना मधुबन ।
बरामदगी का विवरण
1.गुमशुदा/ मृतक रंजीत का शव इंदौली नहर द्वितीय पुलिया थाना उभाव जनपद बलिया से ।
2.तीन अदद मोटर साइकिल बरामद, जिन्हे 207 एमवी एक्ट में सीज किया गया ।
मऊ सेवा संकल्प अभियान में आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों का सम्मान, चार महिलाओं की हुई गोद भराई
मऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत कम्पोजिट विद्यालय बड़ागांव स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला मंत्री राकेश कुमार तिवारी ने आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्तियां सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं।

कार्यक्रम के दौरान नेहा, वसुंधरा, गिरिजा एवं अंजना की विधिवत गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। वहीं मुख्य अतिथि ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। इस दौरान महिलाओं और बच्चों में उत्साह का माहौल रहा।

कार्यक्रम में आंगनवाड़ी सहायिकाएं रंजना राय, सुमन भारती, बबीता और संगीता यादव सहित अन्य कार्यकर्तियां एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं। बड़ी संख्या में बच्चे भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

आयोजकों ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा, सहयोग, पोषण तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।