गौहनिया में छब्बीस सितंबर को जुटेगा अपना दल (एस) का कार्यकर्ता कुनबा, आशीष पटेल होंगे मुख्य अतिथि*

बारा में जिला स्तरीय सम्मेलन की तैयारियां तेज, चार विधानसभा क्षेत्रों से उमड़ेगा कार्यकर्ताओं का हुजूम

प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह
अपना दल (एस) के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को लेकर गौहनिया में संगठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार, छब्बीस सितंबर को गौहनिया स्थित एम.वी. कॉन्वेंट स्कूल में प्रातः ग्यारह बजे आयोजित होने वाले सम्मेलन में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं अपना दल (एस) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सम्मेलन में आशीष पटेल पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ गई है और तैयारियों को अंतिम रूप देने का सिलसिला जारी है। सम्मेलन में बारा के साथ करछना, कोरांव और मेजा विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल होंगे। चार विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं के जुटने को देखते हुए कार्यक्रम को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं से लेकर कार्यकर्ताओं के पहुंचने तक की तैयारियों को व्यवस्थित करने में पदाधिकारी जुटे हैं। जिला स्तरीय सम्मेलन में पार्टी संगठन से जुड़े विषयों पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बीच संवाद भी होगा। सम्मेलन को लेकर गौहनिया क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम के आयोजक बारा विधायक डॉ. वाचस्पति हैं। कार्यक्रम की जानकारी विधायक के मीडिया प्रभारी नीरज केसरवानी ने दी है।
जिलाधिकारी ने जनसुनवाई मे सुनीं 44 शिकायतें*
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट में जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना। जनसुनवाई के दौरान कुल 44 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। शिकायतों की जांच निष्पक्ष रूप से करते हुए पात्र व्यक्तियों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा फरियादी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी वि0रा0 दीपाली भार्गव एवं अतिरिक्त मजिस्ट्रेट गुलाब चंद्र सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
1 अक्टूबर से चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान, डीएम ने दिए चाक-चौबंद व्यवस्था के निर्देश 
                   

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई, में संचारी रोगों और दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगामी 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा । इसके साथ ही घर-घर जाकर मरीजों को चिन्हित करने के लिए 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान भी आयोजित होगा । इन दोनों अभियानों को पूरी तत्परता से सफल बनाने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी राहुल पांडेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के स्वामी विवेकानंद सभागार में प्रथम अंतर-विभागीय बैठक संपन्न हुई । जिलाधिकारी राहुल पांडेय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मानसून के बाद संचारी रोगों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ माइक्रोप्लान बनाकर काम करें । उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई, फॉगिंग, शुद्ध पेयजल की आपूर्ति और मच्छरों से बचाव के पुख्ता इंतजाम करने के कड़े निर्देश दिए । जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग नोडल विभाग के रुप में कार्य करते हुए ब्लाक स्तर पर जिला स्तर पर अन्य विभागों से समन्वय बनाकर कार्य करे। फ्रंटलाइन वर्करों का प्रशिक्षण एवं संवेदीकरण गुणवत्तापूर्ण किया जाये। सभी विभाग अपने अपने विभागों के कार्यों की समीक्षा करें देखें कि कार्य धरातल पर हो। पंचायती राज और नगर विकास विभाग अभियान में सफ़ाई एवं मच्छर रोधी गतिविधियां ग्रामवार, वार्डवार माइक्रोप्लान बनाकर प्रति दिन आयोजित करें। स्कूलों में अभियान चलाकर सफाई का कार्य किया जाए कहीं जलभराव न हो।
दस्तक अभियान के तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां घर-घर जाकर बुखार, टीबी, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया और कुपोषण के लक्षण वाले मरीजों की सूची तैयार करेंगी ताकि उनका समय पर इलाज सुनिश्चित किया जा सके और आशाएं घर-घर जाकर परिवारों की आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउंट बनाएंगी ।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भवनाथ पांडेय, बैक्टर बोर्न नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र, जिला मलेरिया अधिकारी सहित अभियान में सम्मिलित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और सभी सीएचसी के अधीक्षक तथा कार्यक्रम में सहायक एनजीओ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे ।
अब इलाज के लिए न आयुष्मान कार्ड की जरूरत, न कर्ज की मजबूरी!*-*सपा

गोण्डा। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश के प्रत्येक निवासी को सरकारी या अच्छे निजी अस्पताल में इलाज की पूरी सुविधा और खर्च सरकार द्वारा वहन किए जाने का संकल्प।

अब किसी गरीब या मध्यमवर्गीय परिवार को इलाज के लिए अपने जेवरात नहीं बेचने पड़ेंगे, खेत गिरवी नहीं रखने पड़ेंगे और कर्ज के बोझ तले नहीं दबना पड़ेगा।

हर परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, हर जरूरतमंद को सम्मान के साथ इलाज!समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मसूद अहमद खान ने आज यह जानकारी दी।
सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न


उपेन्द्र कुमार पांडेय


आजमगढ़। सेन्ट्रल बार एसोसिएशन मण्डल आजमगढ़ के तत्वाधान में सेंट्रल बार सभागार में वर्ष 2026-27 की नव निर्वाचित कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व राज्यपाल फागू चौहान, विशिष्ट अतिथि डॉ प्रदीप कुमार राय (पूर्व महामंत्री, द बनारस बार एसोसिएशन), वरिष्ठ अधिवक्ता शत्रुध्न सिंह तथा पूर्व विधायक आजाद अरिमर्दन ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित व माल्यार्पण कर किया।
तदोपरांत, एल्डर कमेटी के अध्यक्ष जयप्रकाश राय, सदस्य प्यारे मोहन श्रीवास्तव ने नव निर्वाचित अध्यक्ष दिनेश चंद्र श्रीवास्तव एवं मंत्री जनार्दन राय सहित संपूर्ण कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने में अध्यक्ष दिनेश चन्द श्रीवास्तव, मंत्री जनार्दन राय, उपाध्यक्ष एजाज आलम, कनिष्ठ उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र श्रीवास्तव, संयुक्त मंत्री प्रशासन विवेक तिवारी, संयुक्त मंत्री प्रकाशन योगेश सिंह, संयुक्त मंत्री पुस्तकालय पंकज राय, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश राय और वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्यों में वशिष्ठ राय, शेषमणि तिवारी, सोहन राय, सूरज कुमार सिंह और कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य में सर्वेश मौर्या रहे।
शपथ ग्रहण के बाद पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उपस्थित अधिवक्ताओं ने नव निर्वाचित टीम का माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया। अधिवक्ताओं ने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी अधिवक्ता हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेगी और बार व बेंच के मध्य बेहतर सामंजस्य बनाकर न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ करने में अपना योगदान देगी। इस दौरान रवि नारायण राय पूर्व अध्यक्ष, सत्यविजय राय, महेंद्र राय, अमरजीत राय, मनोज राय, अजय सिंह आदि रहे
वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगाँठ पर नमामि वंदेमातरम् कार्यक्रम आयोजित*
उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। सरस्वती शिशु मंदिर, नगरपालिका में वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगाँठ पर नमामि वंदेमातरम् कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता व बंकिमचन्द्र चटर्जी के चित्र पर दीप प्रज्वलन व पुष्पार्चन से हुआ, जिसके बाद छात्र-छात्राओं ने सामूहिक वंदे मातरम् गायन प्रस्तुत किया।

मुख्य वक्ता इन्द्रप्रकाश द्विवेदी ने गीत के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे राष्ट्रप्रेम और समर्पण का प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम में अध्यक्ष हरिवंश सिंह, विशिष्ट अतिथि दीनानाथ सिंह, प्रबंधक प्रकाश सिंह तथा प्रधानाचार्य धनंजय पाण्डेय की उपस्थिति रही। समारोह में लगभग 300 विद्यार्थियों सहित आचार्य, पूर्व छात्र व अभिभावक शामिल हुए। इसी श्रृंखला में हरिहरपुर, हथिया, इकरामपुर, परसापुर गाँव तथा नवीन सरस्वती इंटर कॉलेज-कोलघाट में भी सामूहिक वंदे मातरम् गायन का आयोजन हुआ। अंत में प्रधानाचार्य ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
अपहरण कर हत्या करने के मामले में वांछित तीन नफर अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार, तीन अदद मोटर साइकिल बरामद

पुलिस अधीक्षक मऊ  कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपराध/ अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मऊ  अनूप कुमार के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी मधुबन  दिनेश दत्त मिश्रा के नेतृत्व में थाना मधुबन पुलिस टीम द्वारा दिनांक- 25.09.2026 को बावला पुल के पास थाना मधुबन से मु0अ0सं0- 370/2026 धारा 3(5)/140(1)/103(1)/238 बीएनएस थाना मधुबन जनपद मऊ से सम्बन्धित वांछित अभियुक्तगण क्रमशः 1.रोशन प्रजापति उम्र करीब 26 वर्ष पुत्र अवधेश प्रजापति निवासी टमठा दुबारी थाना मधुबन जनपद मऊ, 2.नागेन्द्र उर्फ ललई उम्र करीब 25 वर्ष पुत्र परशुराम निवासी टमठा दुबारी थाना मधुबन जनपद मऊ, 3.आशीष सिंह उम्र करीब 21 वर्ष पुत्र तेज प्रताप सिंह निवासी पचईपट्टी थाना मधुबन जनपद मऊ को गिरफ्तारा किया गया । अभियुक्त का चालान माननीय न्यायालय किया गया ।

*पूछताछ विवरण* - दिनांक 18/09/2026 को सायं करीब 07 बजे दो बाइक से गुमशुदा/मृतक रंजीत, रोशन प्रजापति, नागेन्द्र उर्फ ललई और आशीष सिंह उम्र करीब 21 वर्ष पुत्र तेज प्रताप सिंह निवासी पचईपट्टी थाना मधुबन रोशन प्रजापति की दो बाईकों से बेल्थरा बलिया, गुमशुदा रंजीत की बाइक पुलिस चौकी बेल्थरा बलिया में पकड़ी गई स्पलेंडर प्रो बाइक DL 3S CL 7307 को छुड़ाने गये थे और चौकी से उक्त स्पलेंडर बाइक को छुड़वाकर वापस घर को तीनों बाईकों से चारों लोग आ रहे थे कि नागेंद्र और आशीष ने बताया कि गुमशुदा रंजीत को अपनी बाइक पर रोशन ने बैठा लिया और शेष दोनों बाईकों को दोनों लोग लेकर आने लगे कि रास्ते में जनपद बलिया में थाना उभांव अंतर्गत इंदौली पुलिया पर तीनों बाईकों को समय रात्रि करीब 10 बजे रोककर चारों लोग देशी शराब पिए और रोशन लात मुक्के से बुरी तरह गुमशुदा रंजीत को मारने लगा कि रंजीत पुलिया से नीचे पानी में कूद गया और इतने में रंजीत को बचाने के लिए नागेंद्र भी कूद गया और गुमशुदा रंजीत की तलाश करीब पंद्रह बीस मिनट किया, परन्तु रंजीत मिला नहीं और तीनों वापस चले आए । करीब दो वर्ष पूर्व मोटरसाइकिल रिपेयरिंग का कार्य करने वाला रोशन प्रजापति ने गुमशुदा रंजीत को 17,000/- रुपए देकर रंजीत की एक बाइक स्पलेंडर को अपने पास रख लिया और बार बार उक्त बाइक स्पलेंडर को अपने नाम से ट्रांसफर करने के लिए दबाव बना रहा था । परन्तु रंजीत द्वारा ट्रांसफर नहीं किया जा रहा था ।
*पंजीकृत अभियोंग* 
1.मु0अ0सं0- 370/2026 धारा 3(5)/140(1)/103(1)/238 बीएनएस थाना मधुबन जनपद मऊ । 
गिरफ्तार अभियुक्तगण का नाम 
1.रोशन प्रजापति उम्र करीब 26 वर्ष पुत्र अवधेश प्रजापति निवासी टमठा दुबारी थाना मधुबन, मऊ ।
2.नागेन्द्र उर्फ ललई उम्र करीब 25 वर्ष पुत्र परशुराम निवासी टमठा दुबारी थाना मधुबन जनपद मऊ, 3.आशीष सिंह उम्र करीब 21 वर्ष पुत्र तेज प्रताप सिंह निवासी पचईपट्टी थाना मधुबन जनपद मऊ ।
गिरफ्तारी का दिनांक व स्थान
1.दिनांक - 25.09.2026
2.स्थान - बावला पुल के पास थाना मधुबन ।
बरामदगी का विवरण
1.गुमशुदा/ मृतक रंजीत का शव इंदौली नहर द्वितीय पुलिया थाना उभाव जनपद बलिया से ।
2.तीन अदद मोटर साइकिल बरामद, जिन्हे 207 एमवी एक्ट में सीज किया गया ।
मऊ सेवा संकल्प अभियान में आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों का सम्मान, चार महिलाओं की हुई गोद भराई
मऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत कम्पोजिट विद्यालय बड़ागांव स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला मंत्री राकेश कुमार तिवारी ने आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्तियां सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं।

कार्यक्रम के दौरान नेहा, वसुंधरा, गिरिजा एवं अंजना की विधिवत गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। वहीं मुख्य अतिथि ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। इस दौरान महिलाओं और बच्चों में उत्साह का माहौल रहा।

कार्यक्रम में आंगनवाड़ी सहायिकाएं रंजना राय, सुमन भारती, बबीता और संगीता यादव सहित अन्य कार्यकर्तियां एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं। बड़ी संख्या में बच्चे भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

आयोजकों ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा, सहयोग, पोषण तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
जनपद मऊ पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही
पुलिस अधीक्षक मऊ  कमलेश बहादुर के निर्देशन में दिनांक- 25.09.2026 को जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में विभिन्न थानो द्वारा प्रभावी कार्यवाही करते हुए अलग- अलग स्थानों से अभियुक्तों की गिरफ्तारी /बरामदगी व विभिन्न मामलों में वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की गई ।

थानावार कार्यवाही का विवरण
1.थाना हलधरपुर पुलिस द्वारा वारंटी अभियुक्तगण क्रमशः नन्दलाल गोंड पुत्र लालचन्द गोंड निवासी नसीराबाद, थाना हलधरपुर, जनपद मऊ,  2.छोटेलाल गोंड पुत्र लालचन्द गोंड निवासी: नसीराबाद खूर्द, थाना हलधरपुर, जनपद मऊ ।
2.थाना दोहरीघाट पुलिस द्वारा वारंटी अभियुक्त रामानन्द सागर पुत्र रामप्यारे निवासी ग्राम नगरीपार थाना दोहरीघाट जनपद मऊ ।
अभियुक्तगण उपरोक्त को गिरफ्तार कर चालान माननीय न्यायालय किया गया ।
राम मंदिर चढ़ावा मामले में 8 के खिलाफ चार्जशीट
पुलिस का दावा- सीसीटीवी में मुख्य आरोपी 85 बार रकम हटाते दिखा, चैट और बैंक लेनदेन भी साक्ष्य

अयोध्या। अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे की रकम में कथित गबन के मामले में पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। पुलिस की विवेचना रिपोर्ट में सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल चैट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), बैंकिंग लेनदेन और बरामदगी को प्रमुख साक्ष्य बनाया गया है।  रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला उर्फ शनि 85 बार चढ़ावे की रकम हटाकर छिपाते हुए सीसीटीवी में दिखाई दिया, जबकि अन्य आरोपियों की भूमिका भी फुटेज में दर्ज होने का दावा किया गया है। रामजन्मभूमि थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 90/2026 में क्षेत्राधिकारी आशुतोष तिवारी ने विवेचना पूरी करने के बाद 22/23 सितंबर को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में चार्जशीट दाखिल की। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5), 317(2), 317(5), 61(2) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(a) सहपठित धारा 13(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, गणना कक्ष में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच में चढ़ावे की रकम हटाने और इसमें एक-दूसरे का सहयोग करने की घटनाएं सामने आईं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अविनाश शुक्ला उर्फ शनि 85 बार रकम चुराकर कपड़ों और कमर में छिपाते तथा चार बार अन्य आरोपियों की मदद करते दिखा। करुणेश पाण्डेय दो बार रकम हटाते और 68 बार सह-अभियुक्तों का सहयोग करते दिखाई दिया। अनुकल्प मिश्रा पर 56 बार सह-अभियुक्तों की मदद करने, लवकुश मिश्रा पर एक बार रकम हटाने और 52 बार सहयोग करने तथा मनीष कुमार यादव पर 16 बार रकम हटाने और 19 बार सहयोग करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक रमाशंकर मिश्रा भी एक बार चढ़ावे की रकम हटाते हुए फुटेज में दिखाई दिया। चार्जशीट में तत्कालीन गणना कक्ष प्रभारी एवं सेवानिवृत्त बैंककर्मी सुभाष श्रीवास्तव की भूमिका का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस का आरोप है कि उनकी मौजूदगी में रकम हटाई जाती रही और उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को आरोपियों की तलाशी लेने से यह कहते हुए रोका कि वे अपने लोग हैं और विश्वसनीय हैं। विवेचना के मुताबिक, चार जून 2026 की रात गणना कक्ष में 2.25 लाख रुपए की नोटों की गड्डियां बाथरूम में छिपाए जाने की घटना सामने आई थी। पुलिस रिपोर्ट में कहा गया है कि गणना कर्मी आनंद कुमार चौधरी ने तत्कालीन महासचिव चम्पत राय के मोबाइल पर इसका वीडियो और संदेश भेजा था। पुलिस के अनुसार, साथी कर्मचारियों को संदेह होने और गेट पर चेकिंग शुरू होने के बाद आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से रकम बाथरूम में छिपाई थी। अगले दिन कारसेवकपुरम में सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद मामले की जानकारी सामने आई और 25 जून को मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नकदी, विदेशी मुद्रा और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए जाने का दावा किया है। रिपोर्ट के मुताबिक अविनाश शुक्ला से 20.39 लाख रुपए नकद, 1,121 अमेरिकी डॉलर तथा सोने-चांदी के आभूषण, करुणेश पाण्डेय से 18.07 लाख, अनुकल्प मिश्रा से 16.82 लाख, लवकुश मिश्रा से 14.25 लाख और रमाशंकर मिश्रा से 7.32 लाख रुपए नकद बरामद किए गए। मनीष यादव और रामशंकर यादव से भी नकदी बरामद होने की बात कही गई है। जांच में विटारा ब्रेजा, स्विफ्ट डिजायर, अर्टिगा और बुलेट मोटरसाइकिल समेत कई वाहन जब्त किए गए। पुलिस ने चार्जशीट में दावा किया है कि कथित गबन की रकम का इस्तेमाल जमीन, मकान, वाहन और अन्य संपत्तियां खरीदने में किया गया। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, अनुकल्प मिश्रा के पिता के नाम पर कौशलपुरी में करीब 55 लाख रुपए का मकान खरीदा गया, जिसमें कथित तौर पर 54.5 लाख रुपए अपराध से अर्जित रकम के इस्तेमाल का दावा है। इसके अलावा करीब 7.33 लाख रुपए भागवत कथा के आयोजन में खर्च किए जाने की बात सामने आई है। लवकुश मिश्रा पर पत्नी के नाम 22.52 लाख रुपए की जमीन खरीदने और मकान निर्माण में 20.91 लाख रुपए खर्च करने का आरोप है। रमाशंकर मिश्रा द्वारा 12 लाख रुपए का प्लॉट खरीदने तथा महंगे कैमरे और सोने की अंगूठियां लेने का भी चार्जशीट में उल्लेख है। रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू पर बेटे के नाम 9.50 लाख रुपए की संपत्ति खरीदने का आरोप लगाया गया है। चार्जशीट में कुल 133 गवाहों के बयान शामिल किए गए हैं। इनमें शिकायतकर्ता कृष्णमोहन, मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा, गोपाल जी, बैंककर्मी, सुरक्षा कर्मी और फॉरेंसिक ऑडिटर समेत अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन, व्हाट्सऐप चैट और सीडीआर को भी विवेचना का हिस्सा बनाया है। रिपोर्ट के अनुसार, इन डिजिटल साक्ष्यों से आरोपियों के बीच लगातार संपर्क और रकम को छिपाने तथा बाहर ले जाने से संबंधित बातचीत की पुष्टि होने का दावा किया गया है। मामले में नामजद सभी आठ आरोपी—अविनाश शुक्ला उर्फ शनि, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, करुणेश पाण्डेय, रमाशंकर मिश्रा, मनीष कुमार यादव, रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और सुभाष श्रीवास्तव—वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं।पुलिस ने अदालत के समक्ष उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अदालत में आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।