मऊ सेवा संकल्प अभियान में आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों का सम्मान, चार महिलाओं की हुई गोद भराई
मऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत कम्पोजिट विद्यालय बड़ागांव स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला मंत्री राकेश कुमार तिवारी ने आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्तियां सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं।

कार्यक्रम के दौरान नेहा, वसुंधरा, गिरिजा एवं अंजना की विधिवत गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। वहीं मुख्य अतिथि ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। इस दौरान महिलाओं और बच्चों में उत्साह का माहौल रहा।

कार्यक्रम में आंगनवाड़ी सहायिकाएं रंजना राय, सुमन भारती, बबीता और संगीता यादव सहित अन्य कार्यकर्तियां एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं। बड़ी संख्या में बच्चे भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

आयोजकों ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा, सहयोग, पोषण तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
जनपद मऊ पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही
पुलिस अधीक्षक मऊ  कमलेश बहादुर के निर्देशन में दिनांक- 25.09.2026 को जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में विभिन्न थानो द्वारा प्रभावी कार्यवाही करते हुए अलग- अलग स्थानों से अभियुक्तों की गिरफ्तारी /बरामदगी व विभिन्न मामलों में वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की गई ।

थानावार कार्यवाही का विवरण
1.थाना हलधरपुर पुलिस द्वारा वारंटी अभियुक्तगण क्रमशः नन्दलाल गोंड पुत्र लालचन्द गोंड निवासी नसीराबाद, थाना हलधरपुर, जनपद मऊ,  2.छोटेलाल गोंड पुत्र लालचन्द गोंड निवासी: नसीराबाद खूर्द, थाना हलधरपुर, जनपद मऊ ।
2.थाना दोहरीघाट पुलिस द्वारा वारंटी अभियुक्त रामानन्द सागर पुत्र रामप्यारे निवासी ग्राम नगरीपार थाना दोहरीघाट जनपद मऊ ।
अभियुक्तगण उपरोक्त को गिरफ्तार कर चालान माननीय न्यायालय किया गया ।
राम मंदिर चढ़ावा मामले में 8 के खिलाफ चार्जशीट
पुलिस का दावा- सीसीटीवी में मुख्य आरोपी 85 बार रकम हटाते दिखा, चैट और बैंक लेनदेन भी साक्ष्य

अयोध्या। अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे की रकम में कथित गबन के मामले में पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। पुलिस की विवेचना रिपोर्ट में सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल चैट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), बैंकिंग लेनदेन और बरामदगी को प्रमुख साक्ष्य बनाया गया है।  रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला उर्फ शनि 85 बार चढ़ावे की रकम हटाकर छिपाते हुए सीसीटीवी में दिखाई दिया, जबकि अन्य आरोपियों की भूमिका भी फुटेज में दर्ज होने का दावा किया गया है। रामजन्मभूमि थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 90/2026 में क्षेत्राधिकारी आशुतोष तिवारी ने विवेचना पूरी करने के बाद 22/23 सितंबर को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में चार्जशीट दाखिल की। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5), 317(2), 317(5), 61(2) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(a) सहपठित धारा 13(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, गणना कक्ष में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच में चढ़ावे की रकम हटाने और इसमें एक-दूसरे का सहयोग करने की घटनाएं सामने आईं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अविनाश शुक्ला उर्फ शनि 85 बार रकम चुराकर कपड़ों और कमर में छिपाते तथा चार बार अन्य आरोपियों की मदद करते दिखा। करुणेश पाण्डेय दो बार रकम हटाते और 68 बार सह-अभियुक्तों का सहयोग करते दिखाई दिया। अनुकल्प मिश्रा पर 56 बार सह-अभियुक्तों की मदद करने, लवकुश मिश्रा पर एक बार रकम हटाने और 52 बार सहयोग करने तथा मनीष कुमार यादव पर 16 बार रकम हटाने और 19 बार सहयोग करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक रमाशंकर मिश्रा भी एक बार चढ़ावे की रकम हटाते हुए फुटेज में दिखाई दिया। चार्जशीट में तत्कालीन गणना कक्ष प्रभारी एवं सेवानिवृत्त बैंककर्मी सुभाष श्रीवास्तव की भूमिका का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस का आरोप है कि उनकी मौजूदगी में रकम हटाई जाती रही और उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को आरोपियों की तलाशी लेने से यह कहते हुए रोका कि वे अपने लोग हैं और विश्वसनीय हैं। विवेचना के मुताबिक, चार जून 2026 की रात गणना कक्ष में 2.25 लाख रुपए की नोटों की गड्डियां बाथरूम में छिपाए जाने की घटना सामने आई थी। पुलिस रिपोर्ट में कहा गया है कि गणना कर्मी आनंद कुमार चौधरी ने तत्कालीन महासचिव चम्पत राय के मोबाइल पर इसका वीडियो और संदेश भेजा था। पुलिस के अनुसार, साथी कर्मचारियों को संदेह होने और गेट पर चेकिंग शुरू होने के बाद आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से रकम बाथरूम में छिपाई थी। अगले दिन कारसेवकपुरम में सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद मामले की जानकारी सामने आई और 25 जून को मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नकदी, विदेशी मुद्रा और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए जाने का दावा किया है। रिपोर्ट के मुताबिक अविनाश शुक्ला से 20.39 लाख रुपए नकद, 1,121 अमेरिकी डॉलर तथा सोने-चांदी के आभूषण, करुणेश पाण्डेय से 18.07 लाख, अनुकल्प मिश्रा से 16.82 लाख, लवकुश मिश्रा से 14.25 लाख और रमाशंकर मिश्रा से 7.32 लाख रुपए नकद बरामद किए गए। मनीष यादव और रामशंकर यादव से भी नकदी बरामद होने की बात कही गई है। जांच में विटारा ब्रेजा, स्विफ्ट डिजायर, अर्टिगा और बुलेट मोटरसाइकिल समेत कई वाहन जब्त किए गए। पुलिस ने चार्जशीट में दावा किया है कि कथित गबन की रकम का इस्तेमाल जमीन, मकान, वाहन और अन्य संपत्तियां खरीदने में किया गया। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, अनुकल्प मिश्रा के पिता के नाम पर कौशलपुरी में करीब 55 लाख रुपए का मकान खरीदा गया, जिसमें कथित तौर पर 54.5 लाख रुपए अपराध से अर्जित रकम के इस्तेमाल का दावा है। इसके अलावा करीब 7.33 लाख रुपए भागवत कथा के आयोजन में खर्च किए जाने की बात सामने आई है। लवकुश मिश्रा पर पत्नी के नाम 22.52 लाख रुपए की जमीन खरीदने और मकान निर्माण में 20.91 लाख रुपए खर्च करने का आरोप है। रमाशंकर मिश्रा द्वारा 12 लाख रुपए का प्लॉट खरीदने तथा महंगे कैमरे और सोने की अंगूठियां लेने का भी चार्जशीट में उल्लेख है। रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू पर बेटे के नाम 9.50 लाख रुपए की संपत्ति खरीदने का आरोप लगाया गया है। चार्जशीट में कुल 133 गवाहों के बयान शामिल किए गए हैं। इनमें शिकायतकर्ता कृष्णमोहन, मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा, गोपाल जी, बैंककर्मी, सुरक्षा कर्मी और फॉरेंसिक ऑडिटर समेत अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन, व्हाट्सऐप चैट और सीडीआर को भी विवेचना का हिस्सा बनाया है। रिपोर्ट के अनुसार, इन डिजिटल साक्ष्यों से आरोपियों के बीच लगातार संपर्क और रकम को छिपाने तथा बाहर ले जाने से संबंधित बातचीत की पुष्टि होने का दावा किया गया है। मामले में नामजद सभी आठ आरोपी—अविनाश शुक्ला उर्फ शनि, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, करुणेश पाण्डेय, रमाशंकर मिश्रा, मनीष कुमार यादव, रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और सुभाष श्रीवास्तव—वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं।पुलिस ने अदालत के समक्ष उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अदालत में आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।
मऊ डी.सी.एस.के. पी.जी. कॉलेज, मऊ में “माई हेल्थ, माई प्राइड” के अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित
मऊ, 25 सितम्बर 2026।
भारत सरकार, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के निर्देशानुसार संचालित “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत – 100 डेज संकल्प अभियान” के अंतर्गत शुक्रवार को डी.सी.एस.के. पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, मऊ में “माई हेल्थ, माई प्राइड” विषय पर स्वास्थ्य जागरूकता एवं हेल्थ चेक-अप कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व को समझाना तथा नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा। विभागीय निर्देश के अनुसार 25 सितम्बर को सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण तथा स्वास्थ्य एवं नशे के संबंध में विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों एवं उपस्थित अतिथियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. गिरीश चंद्र त्रिपाठी का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुझाव एवं परामर्श प्रदान किया गया।

इस दौरान विशेषज्ञ के रूप में डॉ नीलेश श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला महिला अस्पताल, मऊ, डॉ अनिल कुमार, (फिजिशियन), डॉ कंचन लता आजाद, डॉ कुसुम वर्मा, डॉ वन्दना श्रीवास्तव, डॉ नीलम (जिला नशा मुक्ति केंद्र, मऊ) , डॉ ज्योति सिंह, अध्यक्षा, इनर व्हील क्लब, मऊ  और डॉ रुचिका मिश्रा जी उपस्थित रहीं। इस कार्यक्रम में जिला हॉस्पिटल की तकनीशियन टीम के सदस्य राम जनम सिंह यादव, शिव मुनि, विजय राय भी उपस्थित रहे।
मऊ घोसी लोकसभा में विकास कार्यों को मिली रफ्तार:
सांसदराजीव राय के अथक प्रयासों से उनके प्रस्तावों पर लोक निर्माण विभाग (PWD) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जारी की कार्ययोजना
घोसी लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद श्री राजीव राय द्वारा क्षेत्र के चहुंमुखी विकास, सड़कों के नवनिर्माण, चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण हेतु प्रेषित प्रस्तावों पर लोक निर्माण विभाग (लो०नि०वि०), मऊ द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई है।

सांसद द्वारा दिए गए पत्रों का संज्ञान लेते हुए विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में कुल 1409.88 लाख रुपये (लगभग ₹14.10 करोड़) की लागत से 19.125 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजनाओं को सम्मिलित कर लिया है। 

कार्यालय अधिशासी अभियन्ता, प्रान्तीय खण्ड, लो०नि०वि०, मऊ द्वारा जिलाधिकारी मऊ को प्रेषित पत्र (पत्रांक 2071/1E, दिनांक 24.09.2026) के माध्यम से सूचित किया गया है कि माननीय सांसद राजीव राय द्वारा दिए गए प्रस्तावों में से निर्धारित मानकों के अंतर्गत आने वाले कार्यों को वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया है। 

इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए माननीय सांसद श्री राजीव राय ने कहा कि घोसी लोकसभा की सम्मानित जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं और विश्वस्तरीय सड़क कनेक्टिविटी प्रदान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आने वाले समय में क्षेत्र में विकास के अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स भी धरातल पर उतारे जाएंगे ।
अघोषित रात्रि बिजली कटौती को लेकर सत्याग्रह अनशन पर बैठे बाबा तिवारी
अधिशाषी अभियंता कार्यालय मेजारोड़ मे लगभग 7 घंटे चले धरने के बाद कुम्भकर्णी नींद से जागा विभाग

अधिशाषी अभियंता के आश्वासन के बाद अनशन समाप्त, एक सप्ताह मे समस्या दूर नहीं हुई तो होगा अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह


मेजा क्षेत्र मे अघोषित बिजली कटौती को लेकर कुम्भकर्णी नींद मे सो रहे बिजली विभाग के आलाधिकारियों को जगाने के लिए बीते दिन यमुनापार विकास मंच के अध्यक्ष बाबा सर्वेश तिवारी सत्याग्रह अनशन पर बैठ गए। समूचे मेजा क्षेत्र मे हो रहे अघोषित बिजली कटौती से जनता त्रस्त है। अनशन पर बैठे बाबा तिवारी ने साफ शब्दों मे कहा कि यदि रात्रि बिजली कटौती जल्द बन्द नहीं होती तो मेजावासियों के साथ अनिश्चित कालीन अनशन जारी रहेगा। यमुनापार विकास मंच द्वारा इससे पहले भी कई बार अधिशाषी अभियंता को ज्ञापन सौंपा जा चुका है लेकिन कुछ दिन बिजली कटौती मे सुधार के बाद पुनः स्थिति जस की तस हो जाती है जिससे अनियमित बिजली व्यवस्था को लेकर मेजावासियों मे आक्रोश व्याप्त है। बाबा तिवारी ने कहा की सूबे की सरकार दम्भ  भरती है कि प्रदेश के सभी जिलों मे चौबीस घंटे बिजली दी जाती है लेकिन जमीनी हकीकत उसके उलट है मेजा मे 10 से 12 घंटे बामुश्किल बिजली आपूर्ति मिल रही है जिसके कारण आमजनमानस से लेकर किसान तक परेशान हैं। लगभग सात घंटे तक चले अनशन के बाद अधिशाषी अभियंता ने आकर आश्वस्त किया कि जल्द ही समस्या का निदान किया जायेगा। जिसके बाद बाबा तिवारी ने ज्ञापन देते हुए एक सप्ताह तक समाधान का समय दिया। और साफ किया कि समस्या का समाधान न होने पर अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल के लिए बाध्य होना पड़ेगा। अधिशासी अभियंता द्वारा उच्चाधिकारियो से बात करके आश्वस्त किया गया जिसके बाद अनशन समाप्त हुआ। अनशन मे मुख्य रूप से बाबा सर्वेश तिवारी के साथ समाजसेवी किसान नेता पंडित राम शिरोमणि तिवारी, रामबाबू मिश्रा, ओपी पांडेय, सतीश तिवारी, धीरज श्रीवास्तव, शीलू उपाध्याय, सोनू गौतम, संजय विश्वकर्मा, शमशाद हुसैन, निलेश तिवारी, विकास शुक्ला, काजू नेता प्रवीण मौर्या, डबलू बिन्द आदि लोग सम्मिलित रहे।
हमारा नेता कैसा हो  विजय राज सिंह जैसा हो करछना के युवाओं की पहली पसंद बने पूर्व ब्लॉक प्रमुख विजय राज सिंह राजू भैया
प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह

यह तस्वीर सिर्फ एक तस्वीर नहीं, करछना के गर्व का प्रतीक है। तस्वीर में करछना की शान पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्री विजय राज सिंह जी के साथ युवा साथी।
कार्यकर्ताओं ने कहा, भैया की खूबी शब्दों में लिखना मुश्किल है। उन्होंने कभी नहीं देखा कि सामने वाला किस जाति का है, किस गांव का है। उनके लिए पूरा करछना एक परिवार है।रात के 2 बजे भी अगर किसी गरीब के घर में दुख आया तो सबसे पहले विजय राज सिंह जी खड़े मिले। किसी के हक की लड़ाई हो, सच की लड़ाई हो, तो बिना डरे गरीब के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होते हैं। यही कारण है कि करछना का बच्चा-बच्चा उन्हें अपना बड़ा भाई मानता है।
आज राजनीति में नेता सिर्फ आश्वासन देते हैं, धरातल पर काम नहीं होता। 10 लोग जाते हैं तो 6 का ही काम होता है। लेकिन हमारे बड़े भैया विजय राज सिंह जी इन सबसे बिल्कुल परे हैं। यहाँ दिखावा नहीं, काम होता है। यहाँ आश्वासन नहीं, समाधान मिलता है। यहाँ वोट की राजनीति नहीं, दिलों का रिश्ता है।युवाओं ने कहा, हमें चुनाव की प्रक्रिया कठिन लगती थी, लेकिन भैया के मार्गदर्शन से सब सरल हो गया। उन्होंने सिखाया कि चुनाव अपने क्षेत्र के भविष्य को चुनने का पवित्र अधिकार है।इसलिए आज करछना के हर युवा के दिल में एक ही सपना है - आने वाले समय में हमारे बड़े भैया विजय राज सिंह जी विधायक बनें। हम सब युवा तन-मन-धन से भैया जी के साथ हैं।
लगातार बारिश और आंधी से फसल क्षति पर किसान 72 घंटे के भीतर दर्ज कराएं सूचना*

*बारिश-आंधी से फसल क्षति पर किसान 72 घंटे के भीतर दर्ज कराएं सूचना*


*धान-मक्का की फसल प्रभावित होने पर टोल-फ्री नंबर 14447 पर करें शिकायत*

*फसल क्षति की सूचना देने में न करें देरी, 72 घंटे की समय-सीमा निर्धारित*

*गोण्डा, 25 सितम्बर 2026*  - जनपद में 24 सितम्बर 2026 से लगातार हो रही बारिश एवं आंधी के कारण फसलों को हुए नुकसान के संबंध में जिला कृषि अधिकारी ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत जनपद में धान एवं मक्का फसलों को अधिसूचित किया गया है।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि प्राकृतिक आपदा के कारण बीमित फसल को क्षति होने पर किसान टोल-फ्री नंबर 14447 पर फोन कर 72 घंटे के भीतर फसल क्षति की सूचना दर्ज करा सकते हैं। शिकायत दर्ज कराने के लिए किसान के पास मोबाइल नंबर, आधार नंबर, बैंक खाता संख्या एवं पॉलिसी संख्या होना आवश्यक है।

उन्होंने जनपद के सभी किसान भाइयों से अपील की है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमित अपनी प्रभावित फसल की क्षति की सूचना निर्धारित 72 घंटे की समय-सीमा में अवश्य दर्ज कराएं, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके। फसल क्षति का क्षतिपूर्ति भुगतान संबंधित बीमा कंपनी द्वारा योजना के प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा।
सत्यभामा सिंह कृत स्पर्श चेतना को मिला साहित्य रत्नाकर सम्मान
लखनऊ । साहित्यिक सामाजिक एवं सांस्कृतिक राष्ट्रीय संस्था युगधारा फाउंडेशन लखनऊ उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन 19 सितंबर 2026 को किया गया। जहां मुंबई महानगर की ख्यातिप्राप्त कवियत्री सत्यभामा शिवकुमार सिंह कृत चौथी पुस्तक ' स्वर संवेदना ' का लोकार्पण हुआ तत्पश्चात  ' स्पर्श चेतना ' को संस्था द्वारा साहित्य रत्नाकर सम्मान से सम्मानित किया गया। उक्त समारोह में वरिष्ठ साहित्यकार सहस्त्र बुद्धे सहित अनेकों वरिष्ठ साहित्यकार उपस्थित थे।आयोजन युगधारा के अध्यक्ष श्रीमती गीता अवस्थी, उपाध्यक्ष आकाश अवस्थी एवं महासचिव सौम्या मिश्रा एवं सहयोगियों द्वारा किया गया जहां सत्यभामा सिंह को सम्मान प्राप्त हुआ। लखनऊ में सत्यभामा सिंह का सम्मान हुआ यह जानकर महानगर मुंबई के साहित्यकारों ने बधाइयां दी।सत्यभामा सिंह बाबू शोभनाथ सिंह मेमोरियल ट्रस्ट की राष्ट्रीय महासचिव हैं जिन्होंने पत्रकार विनय शर्मा दीप को बताया कि मेरे काव्य-संग्रह ‘स्पर्श चेतना’ को युगधारा फाउंडेशन द्वारा ‘साहित्य रत्नाकर सम्मान’ से सम्मानित किया जाना मेरे लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है। इस सम्मान के साथ प्राप्त ₹2500 की सम्मान राशि मेरे साहित्यिक सृजन के प्रति विश्वास और प्रोत्साहन का स्नेहिल प्रतीक है।इस आत्मीय सम्मान के लिए युगधारा फाउंडेशन की महासचिव सौम्या मिश्रा तथा युगधारा के समस्त पदाधिकारियों एवं साहित्य-प्रेमी सदस्यों के प्रति हृदय से आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त करती हूँ।
गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंजा डी मोनफोर अकादमी, जलकुंड में हुआ विसर्जन
ईको-फ्रेंडली तरीके से प्रतिमा विसर्जित कर विद्यार्थियों को दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रामराज (मेरठ)। डी मोनफोर अकादमी में शुक्रवार को गणपति विसर्जन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस दौरान विद्यालय परिवार ने पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ईको-फ्रेंडली विसर्जन की पहल की। विद्यालय परिसर में विशेष जलकुंड बनाया गया, जिसमें भगवान गणेश की प्रतिमा का विधि-विधान से विसर्जन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश की पूजा-अर्चना और मंगलकामना के साथ हुई। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साह के साथ पूजा में भाग लिया। गणपति बप्पा के जयघोष से पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय हो गया। विसर्जन के दौरान विद्यार्थियों को प्राकृतिक जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए जागरूक किया गया।

आस्था के साथ प्रकृति की जिम्मेदारी भी जरूरी

प्राचार्य डॉ. समीर वर्मा ने कहा कि आस्था और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर चलना आज की जरूरत है। ईको-फ्रेंडली विसर्जन से विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।

निदेशिका डॉ. गरिमा वर्मा ने कहा कि बच्चों को धार्मिक संस्कारों के साथ प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। निर्देशक डॉ. के.के. शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए छोटे प्रयास भी समाज में बड़ा सकारात्मक संदेश देते हैं।

उप-प्राचार्या श्रीमती ऋतु चिकारा ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में संस्कार, पर्यावरण जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय, विद्यार्थियों और समाज के सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगलमय भविष्य की कामना की गई। इसके बाद ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष के बीच गणपति विसर्जन किया गया।