मऊ: खाद्य विभाग की जांच के दौरान जान से मारने की धमकी का आरोप, एसपी से सुरक्षा की मांग
मऊ। भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय महासचिव नरेंद्र सिंह ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से जुड़ी शिकायत के बाद कथित तौर पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक मऊ को प्रार्थना पत्र देकर प्राथमिकी दर्ज करने और स्वयं व परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

प्रार्थना पत्र के मुताबिक, नरेंद्र सिंह ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं जनहित से संबंधित शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल (आईजीआरएस) पर की थी। शिकायत के बाद खाद्य विभाग की टीम ने मद्धेशिया किराना स्टोर, प्रोपराइटर कांता प्रसाद के प्रतिष्ठान पर जांच की।

नरेंद्र सिंह का आरोप है कि जांच के दौरान अधिकारियों की मौजूदगी में रामेश्वर प्रसाद मद्धेशिया पुत्र कांता प्रसाद मद्धेशिया ने उनके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि उन्हें कैमरे के सामने जान से मारने की धमकी भी दी गई।

नरेंद्र सिंह के अनुसार, घटना का वीडियो उनके पास मौजूद है, जिसे साक्ष्य के रूप में पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने एसपी से वीडियो की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।

मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस कार्रवाई और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
मऊ: मंत्री दारा सिंह चौहान के कार्यक्रम में महिलाओं ने जताया विरोध, पीड़ित महिलाओं ने पहुंचकर सुनाई अपनी समस्याएं
मंत्री दारा सिंह चौहान के कार्यक्रम के दौरान कुछ महिलाओं ने विरोध जताते हुए अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं। महिलाओं का आरोप है कि उनकी शिकायतों का समाधान नहीं हो पा रहा है।

पीड़ित महिलाओं ने मौके पर पहुंचकर अपनी समस्याएं बताईं और कार्रवाई की मांग की।
डीजे पर रोक को लेकर सामाजिक-धार्मिक संगठनों ने डीएम-एसपी को सौंपा पत्र। शोभायात्रा


डीजे पर रोक को लेकर सामाजिक-धार्मिक संगठनों ने डीएम-एसपी को सौंपा पत्र।                    
                                        
शोभायात्राओं एवं जुलूसों के सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन के लिए विस्तृत प्रशासनिक गाइडलाइन जारी करने की मांग।               
                                        
बलरामपुर। नगर क्षेत्र में शोभायात्राओं एवं जुलूसों के सुचारु,सुरक्षित एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के नेतृत्व में आयोजित सर्वसमाज की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन हेतु विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को पत्र प्रेषित किया है।
पत्र में कहा गया है कि नगर क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक अनुयायियों एवं संगठनों से लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों तथा जनहित,सुरक्षा एवं नगर की शांति-व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए हिंदू,मुस्लिम,सिख सहित विभिन्न धर्मों के धार्मिक नेताओं एवं प्रतिष्ठित नागरिकों की बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। संगठनों ने इन निर्णयों के प्रभावी अनुपालन के लिए जिला प्रशासन से शीघ्र विस्तृत प्रशासनिक मार्गदर्शिका जारी करने का अनुरोध किया है।
डीजे संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग
सर्वसमाज की बैठक में निर्णय लिया गया कि बलरामपुर नगर में किसी भी शोभायात्रा अथवा जुलूस के दौरान डीजे का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रखा जाए। इसके साथ ही नगर क्षेत्र में डीजे वाहनों के प्रवेश पर भी प्रभावी रोक लगाने तथा डीजे संचालकों की प्रशासन के स्तर पर बैठक कर उन्हें पूर्व में ही प्रतिबंध की जानकारी देकर अनुपालन के लिए निर्देशित करने की मांग की गई है।
मूर्ति की ऊंचाई अधिकतम 12 फीट करने का प्रस्ताव
पत्र में शोभायात्रा अथवा जुलूस में वाहन सहित स्थापित मूर्ति की कुल ऊंचाई अधिकतम 12 फीट निर्धारित करने की मांग की गई है। निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचाई पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है।
विद्युत तारों को व्यवस्थित करने की मांग
शोभायात्राओं एवं जुलूसों के निर्धारित मार्ग पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही आयोजन से पूर्व विद्युत विभाग द्वारा मार्ग में लटक रहे तारों को आवश्यकतानुसार व्यवस्थित कर 12 फीट से अधिक ऊंचाई पर किए जाने की मांग की गई है,ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही निर्धारित करने का भी अनुरोध किया गया है।
नगर के प्रवेश मार्गों पर निगरानी की मांग
डीजे वाहनों के नगर में प्रवेश को रोकने के लिए प्रमुख प्रवेश मार्गों पर प्रभावी निगरानी एवं आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है। इनमें गोंडा रोड स्थित फुलवरिया बाईपास,बहराइच रोड स्थित सेखुईया चौराहा, उतरौला रोड स्थित नहर बालागंज मोड़ एवं महेशभारी चौराहा मोड़ तथा तुलसीपुर रोड स्थित चुंगी नाके से बलरामपुर नगर की ओर आने वाले मार्ग शामिल हैं।
उल्लंघन पर कार्रवाई की मांग
पत्र में कहा गया है कि यदि कोई डीजे वाहन प्रतिबंधित व्यवस्था का उल्लंघन करते हुए शोभायात्रा अथवा जुलूस में पाया जाता है तो डीजे मालिक,ऑपरेटर,आयोजक एवं वाहन स्वामी,जो भी लागू हो,उनके विरुद्ध प्रचलित विधि एवं सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की जाए। साथ ही नियमानुसार डीजे जब्ती एवं लागू दंड अथवा चालान की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
पत्र श्री श्री 108 सत्य प्रचारिणी रामलीला कमेटी बलरामपुर,नगर पालिका परिषद बलरामपुर,जय मां दुर्गा महोत्सव केंद्रीय समन्वय समिति,श्री सनातन धर्म सभा,श्री श्री 108 रामलीला संकीर्तन समिति भगवतीगंज,उद्योग व्यापार मंडल बलरामपुर,गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा बलरामपुर,जुलूसे मुहम्मदी कमेटी बलरामपुर,सराफा व्यापार मंडल बलरामपुर तथा श्री समय माता मंदिर सेवा समिति सहित विभिन्न संगठनों की ओर से प्रेषित किया गया।
इस अवसर पर गेल्हापुर महंत बृजानंद जी महाराज,राजकुमार लाल श्रीवास्तव,डीपी सिंह बैस,विजय अग्रवाल,हाजी नब्बन खां,मोहसिन,रमेश पहवा,राम नरेश त्रिपाठी,संजय शर्मा,कृष्ण गोपाल गुप्ता,आरिफ हुसैन,मनोज गुप्ता,अब्दुल वहाब,शुभेंद्र मिश्रा,विकास मिश्रा,अब्दुल बारी,मोहम्मद मोहसिन,विनोद गिरि सहित सभासद एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बर्तन व्यापारी हत्याकांड का मामला पहुंचा यूपी मानवाधिकार आयोग,एसपी से 26 नवंबर तक मांगी रिपोर्ट
*मामले में पहले ही थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मी हो चुके हैं निलंबित

गोंडा।जिले के परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेक्सड़िया गांव निवासी बर्तन व्यापारी विनोद साहनी (45) की हत्या का मामला अब उत्तर प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग पहुँच गया है।मामले में दिल्ली निवासी कृष्णा राजपूत की आनलाइन शिकायत पर आयोग ने संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा से पूरे मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब किया है।शिकायतकर्ता को मंगलवार शाम लगभग 7.30 बजे मैसेज के जरिए आयोग के कार्यवाही की जानकारी प्राप्त हुई।मानवाधिकार आयोग ने पुलिस अधीक्षक को 26 नवंबर 2026 तक पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया।इस हाई प्रोफाइल मामले की अग ली सुनवाई 27 नवंबर 2026 को तय की गई है।आयोग द्वारा रिपोर्ट की समीक्षा के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।शिकायतकर्ता के अनुसार,9 सितंबर की देर रात बर्तन व्यापारी विनोद साहनी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे।तभी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोककर बेरहमी से पीटा।गंभीर हालत में परिजनों ने उन्हें लखनऊ के किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में भर्ती कराया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।परिजनों और शिकायतकर्ता ने स्थानीय पुलिस पर समय रहते कार्रवाई न करने और घोर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए थे।मामले में पुलिस की शुरुआती लापरवाही उजागर होने पर परसपुर थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।शिकायतकर्ता ने बताया कि मैने 15 सितंबर को मानवाधिकार आयोग में आनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी,जिसे 16 सितंबर को रजिस्टर किया गया था।आयोग द्वारा संज्ञान लिए जाने की जानकारी मंगलवार शाम मैसेज से मिली है।जब भी आयोग बयान के लिए बुलाएगा,मैं पूरा सहयोग करूंगा,ताकि पीड़ित परिवार को न्याय और निष्पक्ष जांच मिल सके।
कमिश्नर जज प्रकरण में शिकायतकर्ता से मांगा शपथपत्र,अनु सचिव ने मांगे साक्ष्य
*पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने सोशल मीडिया पोस्ट कर दी जानकारी

गोंडा।मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के खिलाफ कमिश्नर जज प्रकरण से जुड़ी शिकायत के मामले में उत्तर प्रदेश शासन ने शिकायतकर्ता से शपथपत्र और सबूत मांगा है।यह शिकायत आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने किया था।पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने बुधवार सुबह लगभग 11 बजे अपने व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए यह जानकारी दी।उन्होंने मंडलायुक्त के स्थानांतरण और निष्पक्ष जांच की मांग किया था।इस पर शासन के नियुक्ति विभाग ने प्रक्रिया के नियमों का हवाला देते हुए आवश्यक दस्तावेज मांगे हैं।उत्तर प्रदेश शासन नियुक्ति अनुभाग 5 के अनुसचिव मनीष कुमार सिंह ने अमिताभ ठाकुर को पत्र भेजा है।बताते चलें कि यह मामला 21 अगस्त 2026 को इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ द्वारा दिए गए एक आदेश के बाद शुरू हुआ।इस आदेश को ध्यान में रखते हुए आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने 24 अगस्त 2026 को उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव को एक पत्र भेजा था।अपने पत्र में उन्होंने देवीपाटन मंडल की मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के खिलाफ आरोपों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग किया था।इसके साथ ही, जांच प्रभावित न हो,इसके लिए मंडलायुक्त को तत्काल पद से हटाने का भी अनुरोध किया था।मुख्य सचिव को भेजी गई शिकायत के बाद,उत्तर प्रदेश शासन के नियुक्ति विभाग ने 17 सितंबर 2026 को एक आधिकारिक पत्र जारी किया।इस पत्र में विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ शिकायतों के संबंध में 9 मई 1997 का एक स्पष्ट शासनादेश लागू है।इस शासनादेश के अनुसार किसी भी प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ बेबुनियाद या गलत आरोपों को रोकने के लिए शिकायतकर्ता को शपथपत्र देना आवश्यक है।शिकायत की विश्वसनीयता और सच्चाई साबित करने के लिए ठोस प्राथमिक सबूत भी देने होंगे।निर्धारित प्रक्रिया के तहत शपथपत्र और सबूत मिलने के बाद ही शासन स्तर पर किसी शिकायत का संज्ञान लिया जा सकता है।शासन की इस मांग पर अमिताभ ठाकुर ने जवाब में कहा कि वे नियमों के मुताबिक सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करेंगे।उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित प्रारूप के तहत शपथपत्र और उपलब्ध साक्ष्य अतिशीघ्र नियुक्ति विभाग को सौंपेंगे,ताकि मामले की निष्पक्ष जाँच आगे बढ़ सके
29 सितंबर से ईवीएम-वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहेंगे मौजूद*

*विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी तेज, गोण्डा में 29 सितंबर से ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी*


*गोण्डा, 23 सितम्बर 2026*  आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के क्रम में जनपद गोण्डा में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) 29 सितम्बर 2026 से शुरू होगी। यह कार्य ईवीएम वेयरहाउस, कलेक्ट्रेट परिसर, गोण्डा में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के लिए आवंटित बीईएल मेक एम-3 मॉडल ईवीएम एवं वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग कराई जानी है। एफएलसी की प्रक्रिया के दौरान जनपद के सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों अथवा अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।


एफएलसी हॉल में प्रवेश के लिए राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों को फोटोयुक्त पास जारी किए जाएंगे। इसके लिए संबंधित राजनीतिक दल के जिलाध्यक्ष के लेटर पैड पर अधिकृत प्रतिनिधि का नाम, पदनाम, मोबाइल नंबर तथा दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो 26 सितम्बर 2026 तक जिला निर्वाचन कार्यालय, गोण्डा में उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।

जिला निर्वाचन प्रशासन ने सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि से प्रारम्भ होने वाली ईवीएम/वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग के दौरान स्वयं उपस्थित रहें अथवा अपनी ओर से अधिकृत प्रतिनिधि को प्राधिकार पत्र एवं फोटोयुक्त पास के साथ भेजना सुनिश्चित करें।
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की 10 सीटों के लिए द्विवार्षिक निर्वाचन कार्यक्रम घोषित

*16 अक्टूबर को होगा मतदान, इसी दिन शाम 5 बजे से होगी मतगणना*

*29 सितम्बर को जारी होगी अधिसूचना, 6 अक्टूबर तक किए जा सकेंगे नामांकन*


*गोण्डा, 23 सितम्बर 2026* - भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के निर्वाचित सदस्यों द्वारा राज्यसभा के लिए निर्वाचित 10 सदस्यों का कार्यकाल 25 नवम्बर 2026 को समाप्त होने के दृष्टिगत द्विवार्षिक निर्वाचन का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया है।

कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितम्बर 2026 (मंगलवार) को जारी की जाएगी। नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर 2026 (मंगलवार) निर्धारित की गई है। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर (बुधवार) को होगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) रहेगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) को मतदान कराया जाएगा। मतदान का समय प्रातः 9 बजे से अपराह्न 4 बजे तक रहेगा। इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया को पूर्ण करने की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर 2026 (सोमवार) निर्धारित की गई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा की ओर से जारी प्रेस नोट में उक्त निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी दी गई है।
मऊ हत्या के मामले में 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
चिरैयाकोट पुलिस और स्वाट टीम की कार्रवाई, नहर पुलिया के पास से पकड़ा गया वांछित आरोपी

मऊ। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिरैयाकोट पुलिस और स्वाट टीम ने हत्या के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को सेचुई नहर पुलिया के पास से पकड़ा। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान शैलेश यादव पुत्र छेदी यादव, निवासी ग्राम सेचुई बेलभद्र, थाना चिरैयाकोट, जनपद मऊ के रूप में हुई है। आरोपी थाना चिरैयाकोट में दर्ज मु.अ.सं. 107/26 में वांछित था। उसके खिलाफ धारा 3(5), 103(1) बीएनएस, 3/25 आयुध अधिनियम तथा बढ़ोतरी धारा 3(2)(v) एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।

बारात में हुए विवाद के बाद हत्या का आरोप

पुलिस के मुताबिक 23 अगस्त 2026 को ग्राम अमिरहा में बारात के दौरान गोलू कुमार, हंसराज उर्फ गोल्डी और अनीश कुमार के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर 14 सितंबर को अनीश कुमार अपने दोस्त गोल्डी के साथ मोटरसाइकिल से जलालाबाद, गाजीपुर से घर लौट रहा था। इसी दौरान सरसेना पेट्रोल पंप से आगे काझा की ओर रास्ते में आरोपियों ने कथित रूप से घेरकर गोली मार दी, जिससे अनीश कुमार की मौत हो गई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी शैलेश यादव को वांछित पाया था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मंगलवार को पुलिस और स्वाट टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे सेचुई नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का चालान न्यायालय किया गया।
लक्ष्मी नारायण मंदिर के चतुर्थ स्थापना दिवस पर गूंजा भक्ति का जयघोष।
सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कथा एवं विशाल भंडारे में हिस्सा

लखनऊ/ बाराबंकी। बरेठी स्थित नारायण सेवा संस्थान परिसर में बुधवार को भगवान लक्ष्मी नारायण मंदिर के चतुर्थ स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्थापना दिवस समारोह में आसपास के गांवों एवं क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान लक्ष्मी नारायण के दर्शन कर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री अजय श्रीवास्तव ने भगवान लक्ष्मी नारायण की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। इसके बाद हवन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। श्री देवेश अवस्थी एवं अन्य कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजन एवं कथा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

समारोह के मुख्य अतिथि संत श्री निष्ठा देव जी ने अपने संबोधन में कहा कि सर्वधर्म समभाव, सामाजिक समरसता और सेवा भावना ही समाज की मजबूती का आधार हैं। उन्होंने नारायण सेवा संस्थान एवं लक्ष्मी नारायण मंदिर समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाजहित में सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाते हुए युवा पीढ़ी को संस्कार, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

समारोह में नारायण सेवा संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष श्री प्रभु नारायण, मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री अजय श्रीवास्तव, प्रबंध न्यासी श्री के.डी. सिंह, श्रीमती अंजू श्रीवास्तव, श्रीमती नीलिमा श्रीवास्तव, ट्रस्टी श्री आर.पी. सिंह, कोषाध्यक्ष श्री सुधीर गुप्ता, ट्रस्टी एवं मीडिया प्रभारी श्री अभिषेक गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री विपिन सिंह, श्री संजीव श्रीवास्तव, श्री ब्रजेश सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन नारायण सेवा संस्थान परिसर भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा।
वीर इन्द्रा सोसाइटी के सौजन्य से बच्चों को मिली ट्रैकसूट,शूज और खेल सामग्री
जौनपुर। जनपद के बदलापुर विकास खंड के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय कमालपुर, बदलापुर, जौनपुर में बच्चों के   सर्वांगीण विकास के लिए एक सराहनीय पहल की गई है। नई दिल्ली में कार्यरत रेल भूमि विकास प्राधिकरण के महाप्रबंधक ओम प्रकाश यादव (IRAS) के विशेष प्रयास और मनोज कुमार दुबे CMD भारतीय रेलवे वित्त निगम नई दिल्ली के सौजन्य से देश की प्रतिष्ठित नवरत्न कंपनी के CSR फण्ड  से विद्यालय की छात्राओं को ट्रैकसूट और जूते (शूज) वितरित किए गए। इसके साथ ही, बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास को बढ़ावा देने के लिए विद्यालय में खेलकूद के लगभग सभी आवश्यक सामान भी भिजवाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि उक्त उच्च गुणवत्ता के सामान की आपूर्ति प्रतिष्ठित एनजीओ वीर इंद्र सोशल ग्रुप सोसाइटी द्वारा की गई है। विद्यालय में खेल के नए उपकरण और खेल सामग्रियां पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। बच्चों ने उत्साहपूर्वक कहा कि अब उन्हें विद्यालय में खेलकूद के बेहतर अवसर और अपनी प्रतिभा निखारने का पूरा मौका मिलेगा।
इस पुनीत कार्य को धरातल पर उतारने में विद्यालय के समस्त स्टाफ के समन्वित और अथक प्रयासों के कारण ही विद्यालय को यह बड़ी सौगात मिल सकी है। इस अभूतपूर्व सहयोग के लिए समस्त विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों की ओर से मनोज कुमार दुबे अध्यक्षएवं प्रबंध निदेशक IRFC , ओम प्रकाश यादव (IRAS) महाप्रबंधक, रेल भूमि विकास प्राधिकरण, नई दिल्ली और एनजीओ वीर इंद्र सोसाइटी के प्रति हृदय से आभार और धन्यवाद व्यक्त किया गया है। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार शिव पूजन पाण्डेय, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अनिल यादव, ब्लॉक अध्यक्ष उमेश मिश्र, मन्त्री राय साहब यादव, पूर्व माध्यमिक के अध्यक्ष नन्द कुमार यादव, अटेवा के ब्लॉक अध्यक्ष गौरव यादव, मन्त्री आलोक यादव, ज़िला उपाध्यक्ष प्रमोद यादव ,सीमा, लाल  बहादुर, कमालपुर के प्रधान जय प्रकाश यादव व विद्यालय के समस्त स्टॉफ उपस्थित रहे।