बंगाल की खाड़ी में कम दबाव क्षेत्र बनने के आसार, फिर सक्रिय होगा मानसून

-पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां

प्रयागराज।मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर बारिश का दौर सक्रिय होने के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी में 10 सितंबर के आसपास नया कम दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम विशेषज्ञ डॉ एस एन सुनील पांडेय ने बताया कि यह मौसम प्रणाली 11 सितंबर से पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 12 सितंबर तक देश के अंदरूनी हिस्सों में पहुंच सकती है।

इसके प्रभाव से ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला बढ़ने की संभावना है। कानपुर मंडल समेत प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में भी इसका असर देखने को मिल सकता है। इसके बाद सिस्टम के पश्चिम की ओर आगे बढ़ने पर मध्य प्रदेश, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, मराठवाड़ा, उत्तरी तेलंगाना और गुजरात के कुछ हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं।

मध्य प्रदेश में अलग-अलग चरणों में तेज बारिश हो सकती है। वहीं, लंबे समय से बारिश की कमी वाले आंतरिक महाराष्ट्र के क्षेत्रों को भी इस मौसम प्रणाली से राहत मिलने की उम्मीद है। पूर्वी राजस्थान में भी मानसून की विदाई से पहले बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बनने वाला कम दबाव क्षेत्र मानसून की गतिविधियों को दोबारा सक्रिय कर सकता है। इसके प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम प्रणाली के पश्चिम की ओर बढ़ने के साथ मध्य भारत और पश्चिमी हिस्सों में भी बारिश का असर पहुंच सकता है। मानसून की विदाई से पहले यह सिस्टम कई क्षेत्रों में बारिश की कमी को कुछ हद तक पूरा कर सकता है।

स्वरूप रानी अस्पताल का नाम बदलकर शहीद ठा0 रोशन सिंह मेडिकल कॉलेज का नाम किया जाए

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी अस्पताल का नाम बदल कर शहीद ठा० रोशन सिंह मेडिकल कालेज़ का नाम किया जाए

प्रयागराज। इस प्रमुख बहुचर्चित सामाजिक मुद्देपर धरना, ज्ञापन दे कर शासन-प्रशासन से मांग रखी गई. प्रदेश से विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने शिरकत किए और अपने विचार रखे. समर्पण सेल्फ हेल्प संस्था से मैं अमित सिंह और सचिव शैलेन्द्र सिंह जी ने भी अपने विचार रखे. सभा का संचालन वरिष्ठ पत्रकार विरेन्द्र सिंह जी* के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

लायंस क्लब आकाश का भव्य अधिष्ठापन समारोह पत्रिका विमोचन संपन्न

प्रयागराज

SB न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह

7 सितंबर को होटल रामा कांटिनेंटल में लायंस क्लब, आकाश का अधिष्ठापन समारोह संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि मंडलाध्यक्ष उदय चंदानी ने नई टीम को शुभकामनाएं दी। उपमंडलाध्यक्ष, प्रथम उमेश चन्द्र कक्कड़ ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनका दायित्व ग्रहण कराया। जिसमें मोना गुप्ता अध्यक्ष ,नमिता जायसवाल सचिव , सजली अग्रवाल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।

मीडिया चेयरपर्सन लालू मित्तल बताया कि कैबिनेट सदस्यों द्वारा पुस्तिका का विमोचन किया गया । जिसमें अन्तर्राष्ट्रीय गतिविधियों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वालों को।

बलबीर सिंह बग्गा को "लॉयन ऑफ मंथ" , अनिल तुलसीयान एवं लालू मित्तल को

"मैन ऑफ द मंथ " के विशिष्ट सम्मान से विभूषित किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सतीश टंडन, आरएम बालाजी, बृजेन्द्र वाजपेयी,पूर्व मंडलाध्यक्ष नितिन यथार्थ, बीएम सिंह,पंकज महेश्वरी, धीरेंद्र शंकर मिश्रा, माला मिश्रा ,मनोज खरे,

जगमोहन अग्रवाल, संजय गुप्ता, राधे मारवा पूर्व अध्यक्ष आरती सक्सेना, इवेंट चेयरपर्सन हिमांशु गुप्ता ,इरा सेठी जोन चेयरपर्सन शालिनी गुप्ता आदि रहे संचालन वीरेंद्र जायसवाल ने किया। नवनियुक्त अध्यक्ष मोना गुप्ता ने अपनी ओर से सिलाई मशीन

जरूरतमंदों को दी।

बहुत प्रतिक्षित भगवान द्वादश माधव महात्म्य संगीतमय यात्रा 10 सितंबर से आरंभ

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज , प्रयागराज नगर निगम एवं राधे राधे ग्रुप मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में नगर देवता श्री वेणी माधव सहित द्वादश माधव महात्म्य संगीतमय यात्रा बारह दिवसीय कार्यक्रम 10सितंबर से 22सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रख्यात भजन गायक सूर्य प्रकाश दुबे के अनुसार श्री माधव महात्म्य यात्रा अन्य उन सभी यात्रायों से हटकर इसलिए कहा जा सकता है कि, यात्रा कार्यक्रम में प्रयाग के द्वादश माधव के प्रांगण में प्रत्येक माधव की महिमा भजन गायन के साथ-साथ की जाएगी, यात्रा कार्यक्रम का शुभारंभ सायंकाल 4 बजे से श्री वेणी माधव मंदिर प्रांगण दारागंज में भजन पूजन व महाआरती के साथ होगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य प्रयागराज में स्थित समस्त द्वादश माधव के संबंध में भक्त व श्रद्धालुजनों को संबंधित माधव की महत्ता व स्थल की जानकारी हो सकें जिससे हमारी धार्मिक उत्कंठा द्वादश माधव महात्म्य से पूर्ण हो और आस्था सुदृढ़ हो सके।

कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक प्रयागराज के महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी एवं सहसंयोजक पंजीकृत संस्था के सुधी भक्तगण होंगे।

अर्जुन कुमार बनाए गए नेशनल एंटी करप्शन एजेंसी संगठन प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश -राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रेश दुबे

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज , नेशनल एंटी करप्शन एजेंसी संगठन राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रेश दुबे ने राष्ट्रीय कार्यालय प्रयागराज से जानकारी देते हुए बताया कि जनपद कौशांबी पश्चिम शरीरा क्षेत्र के मूल निवासी अर्जुन कुमार पुत्र प्यारे लाल जो की बहुत ही अच्छे समाजसेवी हैं संगठन के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए संगठन राष्ट्रीय महासचिव शेषनारायण सिंह और प्रदेश सचिव उत्तर प्रदेश संतोष कुमार के प्रस्ताव पर अर्जुन कुमार को नेशनल एंटी करप्शन एजेंसी संगठन उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है नेशनल एंटी करप्शन एजेंसी संगठन राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रेश दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि हमारा संगठन बनाने का मूल उद्देश्य समाज में जनमानस को जागरूक करने एवं उनका सहयोग करने के लिए निर्माण किया गया है समाज में आम जनमानस को जागरूक करना और उन्हें अपराध भ्रष्टाचार एवं रिश्वतखोरी के विषय में जानकारी देते हुए उन्हें जागरूक करना ही हमारा संगठन का लक्ष्य है राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रेश दुबे ने कहा कि अपराध भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रेश दुबे ने कहा कि हम जल्द ही उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से औपचारिक मुलाकात करते हुए उनका सहयोग करते हुए अपराध भ्रष्टाचार जड़ से मिटाने का काम करेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रेश दुबे

ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में हमारे नेशनल एंटी करप्शन एजेंसी संगठन के सदस्य एवं पदाधिकारी कमेटी तैयार करते हुए क्षेत्रीय जनमानस को जागरुक करते हुए सहयोग कर रहे हैं संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रेश दुबे ने सभी जिला प्रशासनिक अधिकारियों पुलिस विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारी से अपील करते हैं कि हमारा यह सामाजिक संगठन नेशनल एंटी करप्शन एजेंसी संगठन समाज में आम जन मानस को अपराध भ्रष्टाचार एवं रिश्वतखोरी जैसे जगह अपराधों के विषय में जागरूक करते हुए उन्हें जागरूक कर रहे हैं ऐसी स्थिति में प्रशासनिक सभी अधिकारी का हमारे नेशनल एंटी करप्शन एजेंसी संगठन के सभी कमेटी के पदाधिकारी का सहयोग करें जिससे नेशनल एंटी करप्शन एजेंसी संगठन के माध्यम से सामाजिक कार्यों को करते हुए जनता को जागरूक करने का कार्य किया जा सके उक्त बैठक में संगठन राष्ट्रीय महासचिव शेषनारायण सिंह प्रदेश सचिव संतोष कुमार प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश अर्जुन कुमार सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

पशु चिकित्सालयों में अव्यवस्थाओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन संगम ने उठाई आवाज*

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज। भारतीय किसान यूनियन संगम के प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता राकेश त्रिपाठी ने तहसील क्षेत्र के पशु चिकित्सालयों में पशुपालकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर उपजिलाधिकारी, तहसील बारा, जनपद प्रयागराज को पत्र सौंपा है।

पत्र में प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पशु चिकित्सालयों में पशु चिकित्सकों की उदासीनता के कारण पशुपालकों को समुचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि चिकित्सालयों में उपलब्ध व्यवस्थाओं और संसाधनों का लाभ पशुपालकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए।

राकेश त्रिपाठी ने प्रशासन से मांग की कि पशु चिकित्सालयों की व्यवस्थाओं की जांच कराई जाए, पशुपालकों को आवश्यक दवाएं एवं उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की निगरानी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि किसान और पशुपालक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। पशुओं के बीमार होने पर समय पर उपचार नहीं मिलने से पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इसलिए प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करे।

भारतीय किसान यूनियन संगम ने चेतावनी दी कि यदि पशुपालकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन किसानों और पशुपालकों के हित में आगे आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होगा।

पुरानी नियमावली व पुराने पैटर्न पर TGT-PGT विज्ञापन की मांग को लेकर आमरण अनशन तीसरे दिन भी जारी

20 हजार से अधिक रिक्त पदों पर तत्काल विज्ञापन जारी करने की मांग, युवा मंच ने आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी

प्रयागराज, 07 सितम्बर 2026। अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक एवं इंटर कॉलेजों में रिक्त शिक्षक पदों पर पुरानी नियमावली एवं पुराने पैटर्न के आधार पर TGT-PGT भर्ती का विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर युवा मंच का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन आज आठवें दिन तथा आमरण अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा।

युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि लगभग 20 हजार से अधिक रिक्त शिक्षक पदों पर पुरानी नियमावली के आधार पर भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से आंदोलनरत हैं। इसके बावजूद सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की उदासीनता से अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश है।

उन्होंने कहा कि 16 सितम्बर 2025 से पहले से रिक्त पदों पर नई नियमावली के बजाय उस समय लागू पुरानी नियमावली के आधार पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए। नई नियमावली में किए गए विभिन्न बदलावों से बड़ी संख्या में ऐसे अभ्यर्थियों के अवसर प्रभावित हो रहे हैं, जो वर्षों से शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे हैं।

इन मुद्दों पर पुनर्विचार की मांग

युवा मंच ने नई नियमावली में किए गए बदलावों की समीक्षा करते हुए प्रवक्ता पदों पर बीएड की अनिवार्यता, हिन्दी में इंटर स्तर पर संस्कृत की अनिवार्यता, प्राविधिक कला के अभ्यर्थियों को अवसर से वंचित किए जाने, संगीत में बीएड की अनिवार्यता, अंग्रेजी में लेक्चरर एवं लैंग्वेज की योग्यता में बदलाव, शारीरिक शिक्षा में सीपीएड को बाहर किए जाने, गृह विज्ञान में बीएड की अनिवार्यता तथा सामाजिक विज्ञान सहित अन्य विषयों की बदली हुई अर्हताओं पर पुनर्विचार की मांग की है।

आमरण अनशन पर बैठीं शिमला पटेल, मीना देवी, रोशन सरोज, अभिषेक कुमार एवं प्रवीण यादव ने कहा कि पुरानी नियमावली एवं पुराने पैटर्न पर विज्ञापन जारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

अनिल सिंह ने कहा कि यह लड़ाई केवल कुछ अभ्यर्थियों की नहीं, बल्कि लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों के अवसर और भविष्य से जुड़ा विषय है। उन्होंने सरकार से मांग की कि छात्रहित एवं समान अवसर को ध्यान में रखते हुए पुरानी नियमावली एवं पुराने पैटर्न को बहाल कर लगभग 20 हजार से अधिक रिक्त पदों पर विज्ञापन शीघ्र जारी किया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो युवा मंच आंदोलन को और व्यापक रूप देगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

आमरण अनशन में प्रमुख रूप से: अखिलेश वर्मा, ब्रिजेश सिंह, भानु प्रताप शुक्ल, ब्रिजेश तिवारी, प्रमोद दूबे, राकेश अग्रहरि, दीपा सिंह, नीतू, कपिल देव उपाध्याय, पंकज त्रिपाठी, रमेश पांडेय, एल. के. चौधरी, मंजेश्वरी, सौरभ, विकास, राजेंद्र वर्मा एवं प्रशांत सिंह सहित अन्य अभ्यर्थी मौजूद रहे।

मानपुर की मिट्टी में आज भी जिंदा है ‘जय हिन्द’ की देशभक्ति


विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज ,जिस गांव की मिट्टी ने स्वतंत्रता के लिए अपना बेटा दिया हो, उस गांव के लिए वह केवल इतिहास नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का दीपक होता है।
आज हमारे गांव मानपुर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं आजाद हिन्द फौज के वीर सेनानी स्वर्गीय शिव गोविंद सिंह ‘जय हिन्द’ की जयंती पर आयोजित समारोह में शामिल होने का अवसर मिला। यह केवल एक समारोह नहीं था, बल्कि उस महान व्यक्तित्व को स्मरण करने का अवसर था, जिसने देश की आजादी के लिए अपना जीवन, सुख और परिवार तक पीछे छोड़ दिया।

कार्यक्रम में उनके त्याग, संघर्ष और आजाद हिन्द फौज में निभाई गई भूमिका की गौरवगाथा सुनाई गई। बताया गया कि देश की स्वतंत्रता के संघर्ष के दौरान वे लगभग 15 वर्षों तक अपने गांव और परिवार से दूर रहे। उनका यह त्याग हमें यह सोचने के लिए विवश करता है कि आज हम जिस स्वतंत्र हवा में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे कितने परिवारों के आंसू, कितने युवाओं का संघर्ष और कितने वीरों का त्याग छिपा है।

इस अवसर पर बारा विधानसभा के माननीय विधायक श्री वाचस्पति जी, CRPF के पूर्व IG श्री चंद्र प्रताप सिंह जी, सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर  मुकेश मिश्रा जी, जसरा ब्लॉक प्रमुख जी, मानपुर-कचरा के प्रतिष्ठित नागरिक, गांव के वरिष्ठजन एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय शिव गोविंद सिंह ‘जय हिन्द’ के जीवन और देश के प्रति उनके समर्पण को श्रद्धापूर्वक याद किया।
मानपुर—सैनिकों की परंपरा वाला गांव
मानपुर की अपनी एक गौरवशाली सैनिक परंपरा रही है। सदियों से इस गांव के नौजवान देश की रक्षा के लिए सेना में जाते रहे हैं। आज भी प्रयागराज जिले के उन गांवों में मानपुर का नाम गर्व से लिया जा सकता है, जहां बड़ी संख्या में युवा सेना में सेवा दे रहे हैं और अनेक पूर्व सैनिक सेवानिवृत्त होकर गांव की सेवा कर रहे हैं।इसलिए स्वर्गीय शिव गोविंद सिंह ‘जय हिन्द’ की कहानी मानपुर के लिए केवल अतीत की कहानी नहीं है। वह इस गांव की उस परंपरा का प्रतीक है, जिसमें देश पहले और स्वयं बाद में आता है।
इस आयोजन का विशेष श्रेय उनके पौत्र महराज सिंह जी को जाता है, जिन्होंने अपने दादा की स्मृति और उनके राष्ट्रप्रेम को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया। ऐसे प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय हैं, क्योंकि जब परिवार अपने पूर्वजों के संघर्ष और त्याग को अगली पीढ़ी तक पहुंचाते हैं, तभी इतिहास जीवित रहता है।
नई पीढ़ी के नाम एक संदेश
आज की युवा पीढ़ी के पास सुविधाएं हैं, तकनीक है, शिक्षा है और आगे बढ़ने के अनेक अवसर हैं। लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि इन सुविधाओं और स्वतंत्रता की नींव उन लोगों ने रखी थी, जिन्होंने अपने वर्तमान को देश के भविष्य के लिए कुर्बान कर दिया।
शिव गोविंद सिंह ‘जय हिन्द’ जैसे वीरों की जिंदगी हमें सिखाती है कि जीवन की सफलता केवल धन, पद या प्रतिष्ठा में नहीं है। सच्ची सफलता इस बात में है कि हम अपने देश, समाज, परिवार और अपनी जन्मभूमि के लिए क्या योगदान दे पाए।
नई पीढ़ी से मेरा आग्रह है कि वह अपने गांव, अपने पूर्वजों और अपने सैनिकों की गौरवशाली परंपरा को जाने। अपने माता-पिता और बुजुर्गों के अनुभवों को सुने और देश के प्रति अपने कर्तव्य को समझे। मोबाइल और सोशल मीडिया की दुनिया से बाहर निकलकर कभी-कभी उन लोगों की जिंदगी भी पढ़िए, जिनके त्याग के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में अपना जीवन जी रहे हैं।
हमारे गांव के ऐसे वीर केवल हमारे पूर्वज नहीं हैं—वे हमारी पहचान हैं, हमारा गौरव हैं और हमारी आने वाली पीढ़ियों के मार्गदर्शक हैं।
स्वर्गीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शिव गोविंद सिंह ‘जय हिन्द’ को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन।
उनकी देशभक्ति, त्याग और संघर्ष की गाथा सदैव हमारे हृदय में जीवित रहे।
TGT-PGT 2026: पुरानी नियमावली व पुराने पैटर्न पर 20 हजार पदों का विज्ञापन जारी कराने की मांग को लेकर तीसरे दिन भी धरना जारी
प्रयागराज । पुरानी नियमावली एवं पुराने परीक्षा पैटर्न के आधार पर TGT-PGT 2026 के लगभग 20 हजार रिक्त पदों पर विज्ञापन जारी कराने की मांग को लेकर प्रयागराज में चल रहा धरना-प्रदर्शन आज तीसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलनरत अभ्यर्थियों ने सरकार से तत्काल छात्रहित में निर्णय लेते हुए पुरानी नियमावली और पुराने पैटर्न के आधार पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।

जिला प्रशासन की ओर से आंदोलनकारियों को आश्वस्त किया गया कि 5 सितंबर 2026 को माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक प्रस्तावित है, जिसमें TGT-PGT अभ्यर्थियों की मांगों एवं छात्रहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद 3 सितंबर 2026 को प्रस्तावित आमरण अनशन को अब 5 सितंबर 2026 तक स्थगित किया गया है।

युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि सरकार को प्रदेश के नौजवानों की पीड़ा और उनके भविष्य को गंभीरता से समझना होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे नियम, जिनसे बड़ी संख्या में अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में अवसर से वंचित हो रहे हैं, उन्हें निरस्त कर पुरानी नियमावली एवं पुराने परीक्षा पैटर्न के आधार पर TGT-PGT 2026 का विज्ञापन जारी किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के सात लाख से अधिक प्रभावित नौजवानों को भर्ती प्रक्रिया में अवसर मिल सकेगा। लंबे समय से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार को ऐसा निर्णय लेना चाहिए, जिससे अधिकतम योग्य अभ्यर्थियों को प्रतिस्पर्धा का अवसर प्राप्त हो।

अनिल सिंह ने कहा कि शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा TGT-PGT भर्ती प्रक्रिया में TET, सामान्य अध्ययन और माइनस मार्किंग जैसे प्रावधानों को लेकर अभ्यर्थियों में व्यापक असंतोष है। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया के बीच अचानक नियमों एवं परीक्षा पैटर्न में बदलाव करना अभ्यर्थियों के हित में नहीं है।

उन्होंने कहा कि अचानक गजट जारी कर नियमों में बदलाव करने से वर्षों से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हुआ है। सरकार एवं शिक्षा सेवा चयन आयोग की नीतियां छात्रहित एवं पारदर्शिता पर आधारित होनी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक योग्य युवाओं को भर्ती प्रक्रिया में अवसर मिल सके।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि सरकार 5 सितंबर की बैठक में अभ्यर्थियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो नौजवानों का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और पुरानी नियमावली तथा पुराने पैटर्न की बहाली की मांग को लेकर संघर्ष को और मजबूती दी जाएगी।

आंदोलनकारियों ने एक स्वर में मांग की कि TGT-PGT 2026 के लगभग 20 हजार रिक्त पदों पर तत्काल विज्ञापन जारी किया जाए तथा पुरानी नियमावली एवं पुराने परीक्षा पैटर्न को बहाल करते हुए सभी पात्र अभ्यर्थियों को अवसर प्रदान किया जाए।

इस अवसर पर शिमला पटेल, कंचन सिंह, प्रवीण यादव, अभिषेक कुमार, रोशन कुमार, संतोष यादव, एल. के. चौधरी, अशोक सिंह, भानु प्रताप शुक्ल, कपिल उपाध्याय, ब्रिजेश सिंह, ब्रिजेश तिवारी, पंकज त्रिपाठी, अमर दीप सिंह, दीपा सिंह, रिंकी चौहान, अखिलेश वर्मा, कपिल देव वर्मा, विकास सिसौदिया, कमलाकर सिंह, राकेश अग्रहरि, रंजन वर्मा, प्रमोद त्रिपाठी, प्रशांत सिंह, राजेन्द्र वर्मा सहित सैकड़ों अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
भटपुरा में लगातार बारिश से चलते तालाब में पानी की मात्रा बढ़ने जल निकासी की समस्या

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज , यमुनानगर क्षेत्र के बारा तहसील अंतर्गत शंकरगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत लालापुर भटपुरा में लगातार बारिश के चलते तालाब में पानी की मात्रा बढ़ने से जलनिकासी की समस्या गंभीर हो गई है। तालाब का पानी बढ़ने के कारण बारिश का पानी आसपास के घरों और आने-जाने वाले रास्तों पर फैल गया है, जिससे आम जनमानस को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए ग्राम प्रधान शंकर लाल पांडेय ने तत्काल पहल करते हुए तालाब में मशीन लगवाकर पानी को बाहर निकालने का काम शुरू कराया। पानी की निकासी होने से जलभराव वाले इलाकों में राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पानी की निकासी नहीं की जाती तो घरों तक पानी पहुंचने के साथ रास्तों पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो सकता था। ग्राम प्रधान की ओर से की गई इस तत्काल कार्रवाई से फिलहाल ग्रामीणों को राहत मिल रही है, लेकिन लगातार बारिश को देखते हुए तालाब की जलनिकासी व्यवस्था को लेकर स्थायी समाधान की जरूरत भी सामने आ रही है।