हजारीबाग पुलिस के क्रिकेट मुकाबले में बड़कागांव टीम का दबदबा, 33 रन से दर्ज की शानदार जीत

हजारीबाग। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ अभियान के तहत हजारीबाग पुलिस के वरीय पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के बीच रविवार को न्यू संत कोलंबस कॉलेज ग्राउंड में टेनिस बॉल क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देश पर आयोजित इस मुकाबले में अपर पुलिस अधीक्षक हजारीबाग और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव की कप्तानी में दो टीमों ने हिस्सा लिया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाए। इकरामुल ने 13 गेंदों में 35 रन, पवन सिंह ने 12 गेंदों में 24 रन और संजीव ने 22 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में जीतेन्द्र विश्वकर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 ओवर में महज 13 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।

148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अपर पुलिस अधीक्षक हजारीबाग की टीम निर्धारित 15 ओवर में 9 विकेट खोकर 114 रन ही बना सकी। टीम की ओर से आशुतोष ने 47 रन, जीतू ने 23 रन और कप्तान अमित कुमार ने नाबाद 11 रन बनाए। बड़कागांव टीम की ओर से पवन सिंह, राजीव और अरुण ने 2-2 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।

इस तरह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव की टीम ने 33 रनों के शानदार अंतर से मुकाबला जीतकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। मैच के दौरान बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

मैच के सफल आयोजन एवं संचालन में हजारीबाग जिला क्रिकेट एसोसिएशन का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस मुकाबले ने पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के बीच खेल भावना, आपसी समन्वय और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

आदिवासी एकता महाजुटान में हजारीबाग से 10 हजार से अधिक लोग शामिल

हजारीबाग- प्रस्तावित परिसीमन, राजनीतिक प्रतिनिधित्व, संवैधानिक अधिकारों तथा जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा को लेकर रविवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित आदिवासी एकता महाजुटान रैली में हजारीबाग से 10 हजार से अधिक आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए। महाजुटान के प्रवक्ता विक्की कुमार धान के नेतृत्व में जिले के 16 प्रखंडों से महिला, युवा और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग रांची पहुंचे। महाजुटान को संबोधित करते हुए विक्की कुमार धान ने कहा कि आदिवासी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को प्रभावित करने वाले किसी भी परिसीमन को स्वीकार नहीं किया जाएगा। परिसीमन के नाम पर आदिवासी समाज की आरक्षित सीटों और राजनीतिक हिस्सेदारी को कम करने का प्रयास हुआ तो उसका लोकतांत्रिक तरीके से पुरजोर विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हजारीबाग से 10 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि आदिवासी समाज अपने अधिकारों और राजनीतिक भविष्य को लेकर पूरी तरह सजग और एकजुट है। उन्होंने कहा कि परिसीमन केवल निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन का विषय नहीं, बल्कि झारखंड में आदिवासी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व, संवैधानिक अधिकारों और भविष्य से जुड़ा गंभीर सवाल है। आदिवासी समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी कम करने के बजाय उसे मजबूत करने की आवश्यकता है। जल-जंगल-जमीन आदिवासी समाज की पहचान, संस्कृति और अस्तित्व का आधार है। आदिवासी जमीन की सुरक्षा, पांचवीं अनुसूची क्षेत्रों में ग्रामसभा के अधिकारों को मजबूत करने, पेसा कानून का प्रभावी क्रियान्वयन, राजनीतिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करने, स्थानीय एवं नियोजन नीति लागू करने, लैंड बैंक एवं लैंड पूल को समाप्त करने तथा विस्थापन और पलायन पर रोक समेत 10 प्रमुख मांगों को लेकर महाजुटान आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह महाजुटान किसी एक व्यक्ति या संगठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के अधिकार, सम्मान, राजनीतिक भागीदारी और भविष्य की रक्षा की सामूहिक आवाज है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आदिवासी समाज के हितों के साथ कोई समझौता नहीं होगा और जब तक राजनीतिक प्रतिनिधित्व तथा संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।वहीं संयोजक विजय सिंह भोक्ता ने कहा कि आदिवासी समाज की जमीन उसकी पहचान, संस्कृति और अस्तित्व से जुड़ी है। आदिवासी जमीन की सुरक्षा से जुड़े कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करने के साथ पांचवीं अनुसूची क्षेत्रों में ग्रामसभा के अधिकारों को मजबूत करना और पेसा कानून को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करना जरूरी है।

हजारीबाग खेल महोत्सव के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

हजारीबाग। मेजर ध्यानचंद खेल दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय प्रमंडलीय हजारीबाग खेल महोत्सव-2026 के दूसरे दिन विभिन्न खेल मैदानों पर खिलाड़ियों का जोश और उत्साह देखते ही बना। प्रमंडल के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। दूसरे दिन विभिन्न खेल स्पर्धाओं के साथ महिला फुटबॉल का फाइनल मुकाबला मुख्य आकर्षण रहा।

दूसरे दिन के आयोजन में मुख्य अतिथि हजारीबाग जिला परिषद अध्यक्ष उमेश मेहता तथा विशिष्ट अतिथि जेल अधीक्षक सीपी सुमन एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय समिति सदस्य सुनील शर्मा शामिल हुए। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

महिला फुटबॉल में हजारीबाग चैंपियन

महिला फुटबॉल का फाइनल मुकाबला हजारीबाग और रामगढ़ के बीच खेला गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद फुटबॉल को किक मारकर मुकाबले का शुभारंभ किया। दोनों टीमों के बीच कड़ा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। निर्धारित खेल के बाद फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ, जिसमें हजारीबाग की टीम ने रामगढ़ को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

एथलेटिक्स में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

दूसरे दिन आयोजित एथलेटिक्स स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। 400 मीटर पुरुष वर्ग में मनीष बेदिया प्रथम, रितेश कुमार द्वितीय और महवीश रजा तृतीय रहे। 100 मीटर महिला वर्ग में पृथ्वी उरांव ने प्रथम, सपना कुमारी ने द्वितीय और अनीश कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

200 मीटर पुरुष वर्ग में अरशनान अली प्रथम, करण लकड़ा द्वितीय तथा विवेक कुमार वर्मा तृतीय रहे। 200 मीटर महिला वर्ग में सपना कुमारी प्रथम, अनीशा कुमारी द्वितीय और पलक कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।

1500 मीटर महिला वर्ग में अनिशा कुमारी ने प्रथम, जैकलिन खेस ने द्वितीय और रूबी कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं 1500 मीटर पुरुष वर्ग में अजीत कुमार प्रथम, प्रदीप कुमार द्वितीय तथा लव रविदास तृतीय रहे।

उत्कृष्ट खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने पुरस्कार और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। अतिथियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का बेहतर माध्यम हैं। खेल महोत्सव युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

पुरुष फुटबॉल फाइनल पर टिकी निगाहें

खेल महोत्सव के अंतिम दिन पुरुष फुटबॉल वर्ग का फाइनल मुकाबला हजारीबाग और रामगढ़ के बीच खेला जाएगा। महिला वर्ग के रोमांचक फाइनल के बाद अब पुरुष वर्ग के खिताबी मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। दोनों टीमें खिताब के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने मैदान में उतरेंगी।

खेल प्रतिभाओं को मंच देने की पहल

जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष हर्ष अजमेरा एवं हजारीबाग के महापौर अरविंद कुमार राणा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि प्रमंडलीय खेल महोत्सव का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं, बल्कि हजारीबाग प्रमंडल की खेल प्रतिभाओं को मजबूत मंच उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलता है और भविष्य के लिए बेहतर खिलाड़ी तैयार होते हैं। दूसरे दिन के आयोजन ने यह संदेश दिया कि हजारीबाग और पूरे प्रमंडल में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है खिलाड़ियों को निरंतर अवसर, उचित प्रशिक्षण और बेहतर मंच उपलब्ध कराने की।

कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी सह पर्यटन पदाधिकारी कैलाश राम, वार्ड पार्षद विकास यादव, डॉ. राहुल कुमार, जिला कराटे संघ के महासचिव उदय कुमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरीश श्रीवास्तव, तापस चक्रवर्ती, जिला फुटबॉल संघ के सचिव कौलेश्वर गोप, डीएससी सरोज यादव, ओलंपिक संघ के चंदेश दास, आर्चरी संघ के मनोज कुमार, ताइक्वांडो संघ के हेमंत कुमार, वॉलीबॉल के कार्यकारी अध्यक्ष सत्यदेव सिंह, एथलेटिक्स कोच साबिर हुसैन, अमित शर्मा, खो-खो के खुर्शीद आलम, मनसूर आलम, अनवर हुसैन, राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी अनुष्का कुमारी सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का मंच संचालन संजय तिवारी एवं जिला खेल कोषांग के नोडल मधुसूदन सिंह ने किया।

दारू में नमो फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ, 19 टीमों ने लिया हिस्सा

दारू (हजारीबाग)। सांसद खेल महोत्सव के तहत दारू प्रखंड के रामदेव खरिका फुटबॉल मैदान में रविवार को नमो फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता में कुल 19 टीमों ने हिस्सा लिया, जिससे खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

उद्घाटन के दौरान सांसद मनीष जायसवाल ने मैदान में मौजूद खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण जरिया भी है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर दारू मंडल अध्यक्ष अशोक कुशवाहा, टाटीझरिया मंडल अध्यक्ष कैलाश पति सिंह, दारू मंडल महामंत्री इंद्रदेव कुशवाहा, उपाध्यक्ष रामनारायण कुशवाहा, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र यादव, महिला मोर्चा अध्यक्ष लक्ष्मी देवी, मंत्री विवेक कुमार, पूर्व मंडल अध्यक्ष बसंत नारायण, किसान मोर्चा अध्यक्ष किशुन प्रसाद, युवा मोर्चा अध्यक्ष विकास यादव सहित कई कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में खेल प्रभारी लोकसभा बंटी तिवारी, सांसद प्रतिनिधि हजारीबाग विधानसभा किशोरी राणा, सांसद प्रतिनिधि सदर पूर्वी कृष्णा मेहता, सांसद प्रतिनिधि नगर पश्चिमी लब्बू गुप्ता, विशेषांक वर्मा, सांसद प्रतिनिधि टाटीझरिया संतोष मंडल तथा जिला परिषद सदस्या दारू गीता देवी की भी उपस्थिति रही।

टूर्नामेंट के शुभारंभ के बाद रामदेव खरिका मैदान खिलाड़ियों के जोश और उत्साह से भर उठा। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, स्थानीय खेलप्रेमियों ने भी बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। आयोजन को लेकर क्षेत्र में खेल के प्रति सकारात्मक माहौल देखने को मिला।

हजारीबाग: उपायुक्त हेमन्त सती ने विष्णुगढ़ का किया दौरा, शिक्षा-स्वास्थ्य और सोलर परियोजना का लिया जायजा

हजारीबाग। उपायुक्त हेमन्त सती ने शनिवार को विष्णुगढ़ प्रखंड का दौरा कर विभिन्न संस्थानों एवं विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने उत्क्रमित उच्च विद्यालय सिलवार खुर्द, आयुष्मान आरोग्य मंदिर महेश्वरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विष्णुगढ़ और डीवीसी कोनार परियोजना का भ्रमण किया।

विद्यालय निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यार्थियों की पढ़ाई, भोजन एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। विद्यालय भवन की छत से पानी रिसने की समस्या सामने आने पर उन्होंने डीएमएफटी मद से आवश्यक मरम्मत कराने का निर्देश दिया। वहीं, शौचालय और अतिरिक्त कक्ष निर्माण की आवश्यकता पर भी जानकारी ली।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर महेश्वरा में उन्होंने प्रसव कक्ष, दवाइयों और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विष्णुगढ़ में मरीजों से सीधे संवाद कर उपचार व्यवस्था एवं सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने ओपीडी रजिस्टर नियमित रूप से संधारित करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान उपायुक्त ने डीवीसी कोनार परियोजना में करीब 33 एकड़ क्षेत्र में 8 मेगावाट विद्युत उत्पादन के लिए लगाए जा रहे सोलर पैनल कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।

उपायुक्त के दौरे का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन कर आवश्यक सुधारात्मक एवं विकासात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।

हजारीबाग में ट्रैफिक पुलिस का विशेष अभियान, 99 वाहनों का चालान

हजारीबाग में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस ने विशेष चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के नेतृत्व में यातायात थाना प्रभारी, 3 पुलिस पदाधिकारी और 10 गृहरक्षकों की टीम गठित की गई।

टीम ने पीटीसी चौक पर वाहन जांच के दौरान बिना हेलमेट 36, ट्रिपल लोडिंग 5, मोबाइल का उपयोग करते हुए वाहन चलाने के 4 और नो-पार्किंग में 54 ऑटो/टोटो एवं अन्य वाहनों के चालान काटे।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

कर्जन स्टेडियम में गूंजा खेल का उत्साह, 7 जिलों के 1,288 खिलाड़ियों के साथ हजारीबाग खेल महोत्सव का भव्य आगाज

हजारीबाग। उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल मुख्यालय हजारीबाग स्थित कर्जन स्टेडियम में शुक्रवार, 29 अगस्त को तीन दिवसीय प्रमंडल स्तरीय हजारीबाग खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। 29, 30 एवं 31 अगस्त तक चलने वाले इस आयोजन में प्रमंडल के सात जिलों से लगभग 1,288 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

समारोह की शुरुआत सामूहिक रूप से खेल ध्वज फहराने, अभिनंदन गान, दीप प्रज्वलन और विभिन्न जिलों से पहुंची टीमों के आकर्षक मार्चपास्ट के साथ हुई। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ आयोजन में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।

खेल को हार-जीत नहीं, आत्मविश्वास का महोत्सव मानें : आयुक्त

समारोह को संबोधित करते हुए प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण और आत्मबल बढ़ाने का प्रभावी साधन है। उन्होंने खिलाड़ियों से हार-जीत की चिंता किए बिना खेल को आत्मविश्वास का महोत्सव मानते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में अहम : सांसद

हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि खेल बच्चों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रमंडल के विभिन्न जिलों से आए सभी युवा खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सात जिलों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

ओपन प्रतियोगिता के रूप में आयोजित इस महोत्सव में हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, धनबाद, चतरा, बोकारो और गिरिडीह के खिलाड़ी शामिल हुए हैं। प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, तीरंदाजी, फुटबॉल सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

विशिष्ट अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

कार्यक्रम में धनबाद के मेयर संजीव सिंह, सेवानिवृत्त आईजी, बीएसएफ डी.के. शर्मा तथा नगर परिषद अध्यक्ष, कोडरमा सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने सहभागिता की। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान एथलेटिक्स एवं तीरंदाजी के विजेता खिलाड़ियों को पदक, प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार राशि के चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने के बाद विजेता खिलाड़ियों के चेहरों पर खुशी और उपलब्धि का उत्साह साफ नजर आया।

हर्ष अजमेरा ने खिलाड़ियों को दिया सफलता का मंत्र

हजारीबाग ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्ष अजमेरा ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से हासिल होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से हार से निराश न होने और प्रत्येक प्रतियोगिता को सीखने तथा आगे बढ़ने का अवसर मानने की अपील की।

उन्होंने कहा कि आज के खिलाड़ी ही आने वाले समय में जिले, राज्य और देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे। इस तरह के खेल महोत्सव युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं।

कार्यक्रम में उपायुक्त हेमंत सती, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, बरकठा विधायक अमित कुमार यादव, जिला खेल पदाधिकारी कैलाश राम सहित प्रमंडल के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, खेल पदाधिकारी, खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यह आयोजन जिला प्रशासन, हजारीबाग एवं हजारीबाग ओलंपिक एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

30 अगस्त को अग्रसेन भवन में गूंजेगी बाबा श्याम की भक्ति, पंचम श्री श्याम मनुहार महोत्सव की तैयारी अंतिम चरण में

हजारीबाग। बाबा श्याम की भक्ति, श्रद्धा और भजनों की मधुर धुनों से 30 अगस्त को हजारीबाग का अग्रसेन भवन परिसर गूंजायमान होगा। श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार की ओर से पंचम श्री श्याम मनुहार महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और आयोजन स्थल पर दिन-रात कार्य जारी है। भव्य दरबार, सजावट, प्रसाद और श्रद्धालुओं की सुविधा समेत सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

पंचम वर्ष के इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए बाबा श्याम के दरबार को विशेष आकर्षण का केंद्र बनाया जा रहा है। कोलकाता से पहुंचे कुशल कारीगर अग्रसेन भवन परिसर में भव्य दरबार को आकार देने में जुटे हैं। दरबार की सजावट में बारीक कारीगरी के साथ भव्यता और आकर्षण का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। तैयारियां पूरी होने के बाद बाबा श्याम का दरबार श्रद्धालुओं को विशेष आध्यात्मिक अनुभूति कराएगा।

बाबा श्याम के श्रृंगार की भी विशेष तैयारी की जा रही है। चंदन और केसर से बाबा का दिव्य श्रृंगार किया जाएगा। आकर्षक वस्त्र, मनमोहक सजावट और भव्य दरबार के बीच बाबा श्याम का मनोहारी स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।

महोत्सव में बाहर से आने वाले भजन कलाकारों की प्रस्तुतियां भी मुख्य आकर्षण रहेंगी। जयपुर के अभिषेक नामा, कटिहार के आदर्श दाधीच तथा जयपुर के दीपांशु अग्रवाल अपने भजनों से बाबा श्याम का गुणगान करेंगे। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। भजनों की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालु बाबा श्याम की भक्ति में देर तक डूबे रहेंगे।

30 अगस्त को दोपहर 2:15 बजे अग्रसेन भवन में बाबा श्याम की पूजा-अर्चना के साथ पंचम श्री श्याम मनुहार महोत्सव का शुभारंभ होगा। राणी सती मंदिर के प्रधान पुजारी शशिकांत मिश्रा विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराएंगे। इसके बाद अखंड ज्योत प्रज्वलित की जाएगी और भजन-कीर्तन का सिलसिला शुरू होगा।

महोत्सव में बाबा श्याम के दरबार की विशेष अलौकिक झांकी भी सजाई जाएगी। भव्य सजावट और रोशनी के बीच बाबा श्याम का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगा। आयोजन समिति की कोशिश है कि अग्रसेन भवन पहुंचने वाले भक्तों को बाबा श्याम के धाम जैसा आध्यात्मिक वातावरण महसूस हो।

आयोजन में श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार, रामगढ़ कैंट का विशेष सहयोग रहेगा, जबकि श्री श्याम परिवार तुलसीधाम, कोलकाता का आशीर्वाद प्राप्त होगा। महोत्सव का सीधा प्रसारण 35 एमएम के माध्यम से भी किया जाएगा, जिससे हजारीबाग से बाहर रहने वाले श्याम भक्त भी बाबा के दरबार और भजन-कीर्तन से जुड़ सकेंगे।

श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार की नौ सदस्यीय टोली पिछले पांच वर्षों से बाबा श्याम की भक्ति और सेवा को समर्पित होकर इस आयोजन को आगे बढ़ा रही है। प्रत्येक वर्ष आयोजन को नया स्वरूप देने का प्रयास किया जाता है। पंचम वर्ष में इसे और अधिक भव्य बनाने की तैयारी है।

आयोजकों ने हजारीबाग सहित आसपास के सभी श्याम भक्तों से 30 अगस्त को अग्रसेन भवन पहुंचकर महोत्सव में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन बाबा श्याम की भक्ति, श्रद्धा और आस्था से भक्तों को जोड़ने का विशेष अवसर है। महोत्सव के दिन बाबा श्याम के जयकारों और भजनों से पूरा अग्रसेन भवन परिसर भक्तिमय होने की उम्मीद है।

मीडिया, प्रचार-प्रसार और इवेंट के क्षेत्र में नई पहल, श्री शुभ एजेंसिज़ का भव्य शुभारंभ

हजारीबाग। शहर में मीडिया, प्रचार-प्रसार, इवेंट एवं मनोरंजन के क्षेत्र में नई पहल के रूप में मर्खम कॉलेज के निकट श्री शुभ एजेंसिज़ का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल एवं एंजेल्स हाई स्कूल की डायरेक्टर निशा जायसवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर संस्थान का उद्घाटन किया।

उद्घाटन के अवसर पर अतिथियों ने श्री शुभ एजेंसिज़ के संचालकों को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में किसी भी व्यवसाय, संस्था, सामाजिक गतिविधि अथवा आयोजन को लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मीडिया और प्रचार-प्रसार की महत्वपूर्ण भूमिका है।

श्री शुभ एजेंसिज़ को इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए वन स्टॉप मीडिया एंड प्रमोशन हब के रूप में विकसित करने की पहल की गई है। यहां एक ही टीम के माध्यम से मीडिया प्रमोशन, प्रचार-प्रसार, ब्रांडिंग, इवेंट मैनेजमेंट एवं मनोरंजन से जुड़ी विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

इस मौके पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि आज के दौर में किसी भी व्यवसाय, संस्था या आयोजन की सफलता में बेहतर प्रचार-प्रसार और मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। हजारीबाग में श्री शुभ एजेंसिज़ जैसी नई पहल शुरू होना स्वागतयोग्य कदम है। इससे स्थानीय व्यवसायियों, संस्थानों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न आयोजनों को अपनी गतिविधियों को बेहतर तरीके से लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। साथ ही स्थानीय प्रतिभाओं और आयोजनों को भी बेहतर मंच प्राप्त होगा।

उन्होंने श्री शुभ एजेंसिज़ की पूरी टीम को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं देते हुए इसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

श्री शुभ एजेंसिज़ के साथ आरंभ बैंड को भी जोड़ा गया है, जिसके माध्यम से लाइव म्यूजिक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं विभिन्न प्रकार के मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। संस्थान का उद्देश्य हजारीबाग सहित आसपास के क्षेत्रों में आयोजित होने वाले सामाजिक, सांस्कृतिक, व्यावसायिक एवं निजी कार्यक्रमों को बेहतर मंच, प्रोफेशनल प्रबंधन और प्रभावी प्रचार-प्रसार उपलब्ध कराना है।

संचालकों ने बताया कि वर्तमान समय की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए संस्थान को ऐसा मंच बनाने का प्रयास किया गया है, जहां ग्राहकों को मीडिया, ब्रांडिंग, प्रचार, आयोजन और मनोरंजन से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।

उद्घाटन समारोह में शहर के गणमान्य लोगों, व्यवसायियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों की उपस्थिति रही।

रक्षाबंधन पर सांसद मनीष जायसवाल को महिला मोर्चा की बहनों ने बांधी राखी, सुरक्षा और सम्मान का लिया संकल्प

हजारीबाग। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर शुक्रवार को भाजपा महिला मोर्चा, हजारीबाग की बहनों ने सांसद सेवा कार्यालय परिसर में सांसद मनीष जायसवाल की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व मनाया।

इस दौरान महिला मोर्चा की बहनों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ सांसद मनीष जायसवाल का तिलक किया, आरती उतारी और उनकी कलाई पर राखी बांधकर मुंह मीठा कराया। पूजा की थाली में राखी, अक्षत, तिलक-चंदन और मिठाई सजाकर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। बहनों ने रक्षासूत्र बांधते हुए सांसद के सुखद, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उनके यश और कीर्ति में निरंतर वृद्धि के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल ने भाजपा महिला मोर्चा की सभी बहनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “कोहिनूर तो देखा नहीं, लेकिन अनमोल होती हैं बहनें। मैं आजीवन उनकी सुरक्षा और सम्मान का संकल्प लेता हूं।”

सांसद ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई की कलाई पर राखी बांधने का पर्व नहीं है, बल्कि यह भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी के रिश्ते को और मजबूत करने का अवसर है। भाजपा महिला मोर्चा की बहनों द्वारा बांधा गया यह रक्षासूत्र उनके लिए स्नेह और आशीर्वाद का प्रतीक है।