30 अगस्त को अग्रसेन भवन में सजेगा बाबा श्याम का भव्य दरबार, पंचम श्री श्याम मनोहर महोत्सव की तैयारियां पूरी

हजारीबाग। बाबा श्याम की भक्ति और श्रद्धा को समर्पित पंचम श्री श्याम मनोहर महोत्सव का आयोजन 30 अगस्त को अग्रसेन भवन प्रांगण में किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार की ओर से तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

महोत्सव से पूर्व गुरुवार को श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार के सदस्य हजारीबाग से करीब 5 से 7 किलोमीटर दूर कोलकाता पिंजरापोल सोसाइटी द्वारा संचालित गौशाला पहुंचे। यहां सदस्यों ने गौ माता को गुड़, चोकर, फल, सब्जी सहित अन्य खाद्य सामग्री खिलाकर गौ सेवा की और आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद गौशाला परिसर में भक्तों ने बाबा श्याम के भजनों का गुणगान किया और भक्ति रस में डूबे। आयोजकों के अनुसार, हर वर्ष महोत्सव से पहले गौ सेवा कर कार्यक्रम को मंगलमय बनाने की कामना की जाती है।

इसके बाद आयोजक मंडली ने उपायुक्त हेमंत सती, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार तथा सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडे से मुलाकात कर उन्हें महोत्सव का आमंत्रण पत्र सौंपा।

30 अगस्त को अग्रसेन भवन में दोपहर 2:15 बजे बाबा श्याम की पूजा-अर्चना के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। राणी सती मंदिर के प्रधान पुजारी शशिकांत मिश्रा विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराएंगे। इसके बाद अखंड ज्योत प्रज्वलित की जाएगी और भव्य भजन-कीर्तन का सिलसिला शुरू होगा।

कार्यक्रम में सबसे पहले स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके बाद देश के प्रसिद्ध भजन गायक बाबा श्याम का गुणगान करेंगे। जयपुर के अभिषेक नामा, कटिहार के आदर्श दाधीच और जयपुर के दीपांशु अग्रवाल अपनी भजन प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में सराबोर करेंगे।

महोत्सव में बाबा श्याम के दरबार की अलौकिक झांकी भी सजाई जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजन में श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार, रामगढ़ कैंट का विशेष सहयोग रहेगा, जबकि श्री श्याम परिवार तुलसीधाम, कोलकाता का आशीर्वाद प्राप्त होगा।

कार्यक्रम का सीधा प्रसारण 35 एमएम के माध्यम से भी किया जाएगा, जिससे हजारीबाग से बाहर रहने वाले श्याम भक्त भी बाबा के दरबार से जुड़ सकेंगे।

श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार की नौ सदस्यीय टोली पिछले पांच वर्षों से बाबा श्याम की भक्ति, सेवा और सामाजिक समर्पण के साथ इस आयोजन को आगे बढ़ा रही है। पंचम वर्ष के आयोजन को विशेष और यादगार बनाने के लिए सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हैं।

आयोजकों ने हजारीबाग सहित आसपास के सभी श्याम भक्तों से 30 अगस्त को अग्रसेन भवन पहुंचकर बाबा श्याम के दरबार में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की अपील की है।

राखी मेकिंग वर्कशॉप की राखियां पहुंचीं वृद्धाश्रम, बुजुर्गों के साथ मनाया रक्षाबंधन

हजारीबाग। हो एंटरटेनमेंट कल्चरल टीम एवं जन जागरण केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राखी मेकिंग वर्कशॉप में तैयार की गई हस्तनिर्मित राखियां बुधवार को वृद्धाश्रम पहुंचीं। संस्था के सदस्यों ने वृद्धाश्रम जाकर बुजुर्गों की कलाई पर राखी बांधी और उनके साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस दौरान बुजुर्गों का आशीर्वाद भी लिया गया।

इससे पूर्व आयोजित राखी मेकिंग वर्कशॉप में करीब 25 से 30 प्रतिभागियों ने अपने हाथों से राखियां तैयार की थीं। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल राखियां बनाना नहीं, बल्कि परिवार से दूर रह रहे बुजुर्गों तक प्रेम, अपनापन और सम्मान पहुंचाना था।

जन जागरण केंद्र के सचिव संजय कुमार सिंह ने कहा कि हो एंटरटेनमेंट कल्चरल टीम के साथ जन जागरण केंद्र लगातार सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सहयोग करता रहा है। राखियों को वृद्धाश्रम तक पहुंचाकर बुजुर्गों के साथ रक्षाबंधन मनाना इस पहल को और सार्थक बनाता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में सहयोग जारी रहेगा।

संस्था के अध्यक्ष शशि भूषण ने कहा कि कार्यशाला में तैयार राखियों को केवल कला नहीं, बल्कि भावनाओं की डोर के रूप में देखा गया। जब इन्हीं राखियों से बुजुर्गों की कलाई सजी तो मेहनत सार्थक महसूस हुई। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की मुस्कान और आशीर्वाद ही इस पहल की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

संस्था के सचिव रोहित वर्मा ने कहा कि टीम कला, संस्कृति, खेलकूद और आर्ट एंड क्राफ्ट के माध्यम से लोगों को जोड़ने का प्रयास करती है। राखी मेकिंग वर्कशॉप का उद्देश्य कार्यक्रम तक सीमित न रहकर तैयार राखियों को जरूरतमंद और अपनों से दूर लोगों तक पहुंचाना था। जन जागरण केंद्र के सहयोग से यह प्रयास सफल हुआ।

महिला सदस्य सनाया ने कहा कि वृद्धाश्रम में बुजुर्गों की कलाई पर राखी बांधना भावुक अनुभव रहा। उनकी खुशी देखकर महसूस हुआ कि किसी को अपनापन देने के लिए बड़े संसाधनों की नहीं, बल्कि छोटी-सी संवेदनशील पहल की जरूरत होती है।

इस अवसर पर संस्था के संस्थापक चंदन सिंह, अध्यक्ष शशि भूषण, सचिव रोहित वर्मा, सदस्य पवन रजक, सौरभ, पूजा कृति, अंशिका, आराध्या एवं महिला सदस्य सनाया सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने बुजुर्गों को राखी बांधी और उनका आशीर्वाद लिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जन जागरण केंद्र का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि कला, संस्कृति और सामाजिक सरोकार को जोड़कर भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

खान-खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में धरना-प्रदर्शन, मुन्ना सिंह ने उठाई झारखंड के अधिकारों की आवाज

हजारीबाग। जिला समाहरणालय परिसर में “चंदा चोरी” एवं खान-खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में जन आंदोलन, धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह प्रमुख रूप से शामिल हुए और झारखंड के हितों एवं अधिकारों को लेकर अपनी बात रखी।

मुन्ना सिंह ने कहा कि “चंदा चोरी” का मुद्दा लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता के अधिकारों से जुड़ा हुआ है। वहीं, खान-खनिज संशोधन विधेयक से झारखंड के हित प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि राज्य की जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा पर झारखंड की जनता के हितों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि झारखंड के अधिकारों और जनता के हितों की लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से आगे भी जारी रहेगी।

कार्यक्रम में जेपी पटेल, राजीव रंजन प्रसाद, योगेंद्र साव, अकेला यादव, भीम कुमार, दिगम्बर महतो, रेणु देवी, विनोद कुशवाहा, शारदा रंजन दुबे, अरुण साव, विजय यादव, नवीन माइकल, सुरजीत नागवाल, साजिद अली खां, निसार खां, विनोद सिंह, बाबर अंसारी, बीरेन्द्र सिंह, परवेज आलम, मनोज नारायण भगत, रजी अहमद, संजय सिंह, ज्ञानी मेहता, दिलीप रवि, सोनी मेहता एवं बेबी देवी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

राखी मेकिंग वर्कशॉप में दिखा भाई-बहन के प्रेम के साथ सामाजिक सरोकार का संदेश

हजारीबाग। भाई-बहन के पवित्र प्रेम और सामाजिक सरोकार को समर्पित राखी मेकिंग वर्कशॉप का आयोजन हो एंटरटेनमेंट कल्चरल टीम एवं जन जागरण केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कृषि विज्ञान ट्रस्ट की सिस्टर जसलीन एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों का अंगवस्त्र प्रदान कर स्वागत किया गया। मंच संचालन शशिकांत कुमार ने किया।

मुख्य अतिथि सिस्टर जसलीन ने कहा कि राखी मेकिंग वर्कशॉप एक अच्छी पहल और नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि तैयार की गई राखियां उन लोगों तक पहुंचाई जाएंगी, जो अपने परिवार से दूर हैं और कहीं न कहीं अकेला जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हजारीबाग में इस तरह का सामाजिक एवं भावनात्मक कार्यक्रम आयोजित होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ राखी बनाने की कार्यशाला नहीं, उन कलाईयों तक प्यार पहुंचाने की मुहिम है।”

जन जागरण केंद्र के सचिव संजय कुमार सिंह ने कहा कि हो एंटरटेनमेंट कल्चरल टीम लगातार कला, संस्कृति और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रही है। जन जागरण केंद्र का सहयोग संस्था के साथ पहले भी रहा है और आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि केंद्र द्वारा सोहराय आर्ट एंड क्राफ्ट के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी कार्य किया जाता है। उन्होंने कहा कि पहली बार आयोजित राखी मेकिंग वर्कशॉप को भविष्य में और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “हो एंटरटेनमेंट के सामाजिक कार्यों में जन जागरण केंद्र हमेशा साथ खड़ा रहेगा।”

हो एंटरटेनमेंट कल्चरल टीम के सचिव रोहित वर्मा ने कहा कि संस्था कला, संस्कृति, खेलकूद और आर्ट एंड क्राफ्ट के माध्यम से लोगों को आगे बढ़ाने का लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था का हर कार्यक्रम किसी न किसी सामाजिक संदेश से जुड़ा होता है। राखी मेकिंग वर्कशॉप का उद्देश्य केवल सुंदर राखियां बनाना नहीं, बल्कि उन भाइयों तक राखी पहुंचाना है, जिनकी कलाई पर वर्षों से राखी नहीं बंध पाती या जो अपने परिवार से दूर रहकर त्योहार मनाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा, “राखी बनाना ही उद्देश्य नहीं, उन भाइयों तक पहुंचाना है जिनकी कलाई सूनी रह जाती है।”

वर्कशॉप में दर्जनों प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपने हाथों से खूबसूरत राखियां तैयार कीं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि कृषि विज्ञान ट्रस्ट की सिस्टर सजिता, श्रीमती अमला राणा, जन जागरण केंद्र के सचिव संजय कुमार सिंह, हो एंटरटेनमेंट कल्चरल टीम के अध्यक्ष शशि भूषण, परियोजना प्रबंधक देव कुमार सिंह, उपाध्यक्ष सौरभ, सचिव रोहित वर्मा, परियोजना प्रबंधक जय मंगल सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथि एवं सदस्य उपस्थित रहे।

संस्था के संरक्षक चंदन सिंह ने सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं वॉलेंटियरों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सामाजिक संदेश से जुड़े ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का काम करते हैं। उन्होंने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में हो एंटरटेनमेंट कल्चरल टीम के सदस्य पवन रजक, सुरभि कुमारी, पूजा कृति, अभिषेक अमन, अंकिता कुमारी, भीम आर्य, प्रिया कुमारी, साक्षी सिन्हा, जयंत कुमार एवं अनीता वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

नशा मुक्ति अभियान को लेकर हजारीबाग पुलिस की बड़ी पहल, 500 युवाओं ने लिया हिस्सा

हजारीबाग। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देशानुसार रविवार, 23 अगस्त 2026 को जिले में नशा मुक्ति अभियान के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही के नेतृत्व में कटकमदाग थाना और बरही थाना क्षेत्र में जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।

अभियान के दौरान करीब 500 युवक-युवतियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान ‘Run for नशामुक्ति’ का आयोजन किया गया, साथ ही बाइक रैली निकालकर लोगों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी बरही, पुलिस निरीक्षक बरही अंचल, थाना प्रभारी कटकमदाग सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा थाना क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने भी अभियान में भाग लिया।

हजारीबाग पुलिस ने युवाओं से नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना रहा।

अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने धूमधाम से मनाया सावन महोत्सव, महिलाओं ने गीत-नृत्य से बांधा समां

हजारीबाग। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की जिला इकाई हजारीबाग की ओर से प्रधान कैफेटेरिया में सावन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। सावन की हरियाली, उमंग और उत्साह के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में कायस्थ समाज की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा से समारोह को यादगार बना दिया।

महोत्सव के दौरान महिलाओं ने सावन के पारंपरिक गीत, नृत्य, संगीत, झूला सहित कई मनोरंजक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं की आकर्षक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। सावन गीतों और मनमोहक नृत्य पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिला।

संस्कृति और परंपरा को जीवंत रखने का प्रयास

आयोजकों ने कहा कि सावन महोत्सव जैसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से आपसी भाईचारा, सामाजिक एकजुटता और सौहार्द की भावना मजबूत होती है। साथ ही भारतीय संस्कृति और पारंपरिक त्योहारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में भी इन आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कायस्थ समाज की बड़ी संख्या में महिलाएं एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे और सभी ने मिलकर सावन महोत्सव की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम में जिला महिला अध्यक्ष श्रीमती अर्चना सिन्हा, जिला महिला महामंत्री श्रीमती रश्मि लाला, जिला महिला उपाध्यक्ष सरिता सिन्हा, जिला संगठन मंत्री निक्की सिन्हा, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती सुषमा सिंह, श्रीमती सोनम प्रधान, जिला महिला कोषाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद शिवपुरी श्रीमती मिताली रश्मि, जिला महिला मंत्री श्रीमती अर्चना सिंह, जिला महिला उपाध्यक्ष डॉ. नेहा सिंह, श्रीमती राधा रानी, श्रीमती सुषमा बालाजी, श्रीमती स्मिता सिंह, श्रीमती उषा सिंह सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहीं।

इसके अलावा मतवारी उपसमिति की अध्यक्ष श्रीमती बबीता वर्मा, सिंदूर उपसमिति से रंजीता सिन्हा, श्रीमती कुमकुम सिंह, मंडई उपसमिति अध्यक्ष ममता सिंह, शिवदयाल नगर रूप समिति की अध्यक्ष स्मृति प्रीति बाला सिंह, शिवपुरी उपसमिति की अध्यक्ष श्रीमती नीलू रंजन, दारू उपसमिति की अध्यक्ष श्रीमती मंजू सहाय, भदान बाजार रूप समिति की अध्यक्ष श्रीमती नम्रता दास तथा कुमार टोली उपसमिति की अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा सिन्हा समेत अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।

सांसद खेल महोत्सव-2026 का होगा भव्य आगाज, 50 हजार से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा

हजारीबाग: हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को नई पहचान देने और युवाओं को सकारात्मक दिशा से जोड़ने के उद्देश्य से लगातार दूसरी बार सांसद खेल महोत्सव-2026 का आयोजन होने जा रहा है। सांसद मनीष जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस महोत्सव का दायरा इस बार और व्यापक किया गया है। लोकसभा क्षेत्र के सभी 22 प्रखंडों में आयोजित होने वाले इस खेल महाकुंभ में विभिन्न खेल विधाओं को मिलाकर 50 हजार से अधिक खिलाड़ियों के शामिल होने का अनुमान है। इनमें अकेले फुटबॉल में करीब 25 हजार खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

महोत्सव का शुभारंभ 30 अगस्त 2026 को सदर विधानसभा क्षेत्र के दारू प्रखंड से होगा। इस बार फुटबॉल के साथ क्रिकेट, कबड्डी, तैराकी, निशानेबाजी, वॉलीबॉल, तीरंदाजी, मुक्केबाजी, रस्साकशी, पिट्ठू, मैराथन और ताइक्वांडो समेत 12 से अधिक खेल विधाओं को शामिल किया गया है। इसके साथ ही विलुप्त होते जा रहे पारंपरिक खेलों को भी मंच देने की पहल की गई है।

युवाओं को खेल से जोड़ना है महोत्सव का उद्देश्य

महोत्सव की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा को लेकर रविवार को बड़कागांव रोड स्थित एंजल्स हाई स्कूल परिसर में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को खेल से जोड़कर उन्हें बेहतर भविष्य की ओर ले जाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य युवाओं को नशे और गलत गतिविधियों से दूर कर खेल के मैदान तक लाना भी है। युवा मैदान में पसीना बहाएं, स्वस्थ जीवन अपनाएं और अनुशासन के साथ आगे बढ़ें—यही इस महोत्सव की प्राथमिकता है।

सांसद ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ के विजन से प्रेरित है। आयोजन को सामाजिक संगठनों, खेल प्रेमियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का व्यापक सहयोग मिल रहा है।

2016 में कटकमदाग से शुरू हुई थी खेल यात्रा

मनीष जायसवाल की खेल पहल की शुरुआत वर्ष 2016 में ‘नमो फुटबॉल टूर्नामेंट’ के रूप में हुई थी। उस समय हजारीबाग सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रहते हुए उन्होंने कटकमदाग प्रखंड की कुछ टीमों के साथ ग्रामीण युवाओं को खेल से जोड़ने का अभियान शुरू किया था।

धीरे-धीरे यह आयोजन पूरे सदर विधानसभा क्षेत्र में लोकप्रिय हुआ। कोरोना संक्रमण के कारण 2020 और 2021 में आयोजन नहीं हो सका, लेकिन 2022 में इसकी दोबारा शुरुआत हुई और इसका विस्तार इचाक एवं डाड़ी तक किया गया। वर्ष 2023 में बड़कागांव और केरेडारी भी इस खेल श्रृंखला से जुड़े।

इसके बाद फुटबॉल के साथ नमो कैरम, नमो कबड्डी और नमो बॉक्सिंग जैसी प्रतियोगिताएं भी शुरू की गईं। अब वर्ष 2026 में यही खेल यात्रा सांसद खेल महोत्सव के रूप में और बड़े स्तर पर पहुंच गई है।

50 हजार खिलाड़ियों की भागीदारी बनेगी बड़ी उपलब्धि

इस वर्ष महोत्सव में 50 हजार से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी का अनुमान है। करीब 25 हजार खिलाड़ी अकेले फुटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। हजारीबाग, बड़कागांव, बरही, मांडू और रामगढ़ सहित पूरे लोकसभा क्षेत्र के गांवों में छिपी प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सभी सांसदों से अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों में खेल महोत्सव आयोजित करने का आह्वान किया है। इसका उद्देश्य देश की युवा आबादी को खेलों से जोड़ना और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाना है।

उन्होंने कहा कि भारत को भविष्य में बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी करने और विभिन्न खेल विधाओं में विश्व स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए जमीनी स्तर से प्रतिभाओं को तैयार करना जरूरी है। उन्होंने सांसद मनीष जायसवाल और आयोजन से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।

सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर मीट का भी आयोजन

प्रेस वार्ता से पहले सांसद सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर मीट का भी आयोजन किया गया। इसमें सांसद मनीष जायसवाल ने सोशल मीडिया से जुड़े लोगों से खेल के माध्यम से युवाओं में जागरूकता लाने और समाज को व्यसन मुक्त बनाने की दिशा में सकारात्मक अभियान चलाने की अपील की।

प्रेस वार्ता में बरकट्ठा विधायक अमित यादव, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रो. के.पी. शर्मा, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिवलाल महतो, हजारीबाग भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह, रामगढ़ भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव कुमार बाबला, जिला परिषद अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता, आजसू के भाजपा जिला अध्यक्ष परमेश्वर महतो, भाजपा जिला महामंत्री जय नारायण प्रसाद, सांसद खेल समन्वयक बंटी तिवारी, सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सांसद खेल महोत्सव-2026 के जरिए अब गांवों के मैदान से निकलकर प्रतिभाओं को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाने की तैयारी है। 30 अगस्त से शुरू होने वाला यह आयोजन हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

हजारीबाग में मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण, एक्सपायर्ड स्प्राइट मिलने पर कराया गया नष्ट

उपायुक्त हेमंत सती के आदेशानुसार एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, हजारीबाग डॉ. शशि जायसवाल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, हजारीबाग-01 श्री मंजर हुसैन के नेतृत्व में हजारीबाग क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के क्रम में मां शारदा स्वीट्स, डीसी ऑफिस के निकट, हजारीबाग का निरीक्षण किया गया। प्रतिष्ठान से खोवा एवं पनीर के नमूने संग्रहित किए गए। वहीं रामलाल स्वीट्स, सिंदूर से मिल्क केक का नमूना संग्रहित किया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य जांच खाद्य प्रयोगशाला, नामकुम, रांची भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मां शारदा स्वीट्स में पांच केन एक्सपायर्ड स्प्राइट पाए गए, जिन्हें खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी द्वारा तत्काल नष्ट कराया गया। प्रतिष्ठान संचालक को निर्देश दिया गया कि किसी भी खाद्य सामग्री की बिक्री से पूर्व उसकी निर्माण तिथि एवं उपयोग की अंतिम तिथि की अनिवार्य रूप से जांच करें। एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री की बिक्री करते पाए जाने पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सभी मिठाई एवं खाद्य प्रतिष्ठानों को निर्देशित किया गया कि खाद्य पदार्थों को अखबार में लपेटकर अथवा परोसकर ग्राहकों को उपलब्ध न कराया जाए। साथ ही मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों में मेटानिल येलो जैसे प्रतिबंधित रंगों का उपयोग नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने सभी दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता एवं गुणवत्ता से संबंधित निर्धारित मानकों का पूर्णतः पालन करने तथा ग्राहकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, श्री अमरीश पांडे, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, हजारीबाग-03 श्री नावेद अंजुम, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, हजारीबाग-04 सुश्री श्वेता त्रिपाठी सहित श्री विकास शर्मा, श्री सूरज कुमार एवं श्री धनैश्वर कुशवाहा शामिल थे।

साप्ताहिक थाना दिवस में कई मामलों का हुआ निपटारा

पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आज साप्ताहिक थाना दिवस का आयोजन किया गया। टाटीझरिया, कटकमसांडी, कटकमदाग, केरेडारी, मुफस्सिल, बरही, कोर्रा, उरीमारी, दारू, ईचाक, गिद्दी एवं चलकुशा थाना में संबंधित अंचलाधिकारियों की उपस्थिति में थाना दिवस आयोजित हुआ।

इस दौरान थाना पहुंचे लोगों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया तथा विभिन्न मामलों के निपटारे की कार्रवाई की गई। इनमें भूमि विवाद, CIAR पोर्टल से संबंधित मामले, साइबर अपराध, नशे के विरुद्ध शिकायतें, महिला अपराध, पारिवारिक विवाद, कोर्ट परिवाद तथा लड़ाई-झगड़े से जुड़े मामले प्रमुख रहे।

पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया। थाना दिवस के माध्यम से पुलिस एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आम लोगों को त्वरित न्याय एवं समाधान उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

तमिलनाडु से सुरक्षित बरामद हुईं लापता महिला और दो बेटियां, पुलिस ने परिवार को सौंपा

उरीमारी ओपी क्षेत्र के तेतरिया बारटोला गांव से 10 अगस्त को लापता हुई महिला और उसकी दो बेटियों को पुलिस ने तमिलनाडु से सुरक्षित बरामद कर लिया है। बरामदगी के बाद तीनों को सकुशल वापस लाकर उनके परिजनों को सौंप दिया गया।

जानकारी के अनुसार, संजय करमाली की पत्नी सरिता देवी (34 वर्ष), बेटी संजना कुमारी (20 वर्ष) और अंजना कुमारी (17 वर्ष) 10 अगस्त 2026 को पूजा करने की बात कहकर घर से निकली थीं। इसके बाद तीनों वापस घर नहीं लौटीं।

मामले की सूचना 12 अगस्त को पुलिस को दी गई, जिसके बाद उरीमारी ओपी में प्राथमिकी संख्या 143/26 दर्ज कर तीनों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने जांच और तकनीकी माध्यमों की मदद से लापता महिला एवं दोनों युवतियों का पता लगाया और उन्हें तमिलनाडु से सुरक्षित बरामद कर लिया।

पुलिस की कार्रवाई के बाद तीनों को उरीमारी लाया गया, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने तीनों के सकुशल वापस मिलने पर राहत की सांस ली।