रेल पटरियों की निगहबानी करने वाले ट्रैक मेंटेनरों को खुशखबरी, सितंबर में मिलेगा साइकिल भत्ते का बकाया एरियर

विश्वनाथ प्रताप सिंह


प्रयागराज , धूप, आंधी और कड़ाके की ठंड में रेल पटरियों की निगहबानी करने वाले ट्रैक मेंटेनरों के लंबे संघर्ष को आखिरकार बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2016 से लंबित साइकिल अनुरक्षण भत्ते का बकाया (एरियर) अब कर्मचारियों के खातों में आने का रास्ता साफ हो गया है। मौजूदा भत्ता मिलना तो शुरू हो गया था, लेकिन बकाया एरियर अटका हुआ था।

केंद्रीय श्रम विभाग का दरवाजा खटखटाया था
टालमटोल से परेशान होकर रेलकर्मियों ने केंद्रीय श्रम विभाग का दरवाजा खटखटाया था। श्रम विभाग में दर्ज शिकायत और बढ़ती सख्ती के बाद उत्तर मध्य रेलवे का प्रयागराज मंडल प्रशासन हरकत में आया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय द्वारा पत्र जारी कर बताया कि सभी पात्र ट्रैकमेंटेनरों को पिछले तीन वर्षों के साइकिल भत्ते के एरियर का भुगतान आगामी सितंबर माह के नियत वेतन के साथ कर दिया जाएगा।

कर्मचारियों के हक-संघर्ष की बड़ी जीत बताई
मंडल इंजीनियर (ट्रैक) ने सहायक श्रम आयुक्त (केंद्रीय) को इस संबंध में औपचारिक लिखित सूचना भेज दी है। एनसीआरईएस के मंडल मंत्री चंदन सिंह ने बताया कि लंबे समय से यूनियन इसके लिए संघर्षरत थी। वर्ष 2016 से चले आ रहे इस वित्तीय गतिरोध को अब सुलझा लिया है। यह कर्मचारियों के हक और संघर्ष की बड़ी जीत है।
जिलाधिकारी ने बच्चों से किया संवाद, बताया सफलता का मंत्र*

*अनुशासन, मेहनत और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं - जिलाधिकारी*


विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज , जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा शुक्रवार को सीएवी इंटर कॉलेज पहुंचकर कैरियर संवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। जिलाधिकारी ने बच्चों से पढ़ाई तथा भविष्य में क्या बनना चाहते हैं, के लक्ष्य के संबंध में जानकारी ली।

उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जीवन में हमेशा बड़ा लक्ष्य रखना चाहिए और उसी लक्ष्य के अनुरूप अनुशासन, मेहनत एवं निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी बच्चे मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने सपने को साकार करें। बच्चों की प्रतिभा एवं रुचि को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आप सभी में अच्छा टैलेंट है, मन लगाकर पढ़ाई करें और अपनी रुचि के अनुसार ही लक्ष्य बनाएं।

उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ साथ खेल, संगीत, कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी रूचि के अनुसार मेहनत करें और उस क्षेत्र में सफलता के सर्वोच्च शिखर को प्राप्त करें। जिलाधिकारी ने बच्चों को कैरियर से जुड़ी बारीकियों के बारे में विस्तार से अपने अनुभवों को साझा किया और बताया कि कैसे सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि जिस भी क्षेत्र में आप जायें, उसमें सफलता की ऊचाईयों को प्राप्त करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि जीवन में लक्ष्य का होना बहुत जरूरी है। लक्ष्य जितना बड़ा होगा, मेहनत उतना ही ज्यादा करनी पड़ेगी। आप सभी लोग प्रतिभाशाली हैं। आप सभी को अपने माता-पिता, अपने देश के लिए कुछ बड़ा करने का संकल्प लेना चाहिए। अनुशासन और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।

जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ संतोष कुमार राय ने बच्चों से संवाद करते हुए जीवन में आने वाली कठिन परिस्थितियों का मुकाबला कैसे करें, साथ ही समय प्रबंधन, तनाव प्रबंधन और परीक्षा के दौरान आने वाले दबाव के प्रबंधन पर बच्चों को सार्थक एवं व्यवहारिक दर्शन दिया। इस अवसर पर सह जिला विद्यालय निरीक्षक जितेन्द्र प्रताप सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य के के प्रसाद सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अनियंत्रित ट्रैक्टर पलटने से दो की मौत, कई घायल ट्राली में 35 से 40 लोग थे सवार, गंभीर घायल को एसआरएन रेफर

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज, थाना शंकरगढ़ के नारीबारी चौकी क्षेत्र अंतर्गत सूरवल सहनी में दर्दनाक हादसा हो गया। महिंद्रा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर ट्राली में 35 से 40 लोग सवार थे। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए।
मृतकों की पहचान कमला देवी पत्नी राम मूरत उम्र 50 वर्ष और करीना पुत्री भारत लाल उम्र 18 वर्ष निवासी ग्राम सोनरा हर्रो के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल संदीप पुत्र राममूरत कोल उम्र लगभग 32 वर्ष को स्वरूप रानी अस्पताल भेजा गया है। ट्रैक्टर चालक अशोक सिंह निवासी ग्राम सुरवल बताया जा रहा है। हादसे में कई अन्य लोग भी जख्मी हुए हैं जिनका इलाज चल रहा है।
अनुसूचित जाति के बेरोजगारों को निःशुल्क मिलेंगे हनी बॉक्स, 29 अगस्त तक करें आवेदन
हनी मिशन के तहत 20 लाभार्थियों को मिलेगा लाभ, पांच दिवसीय प्रशिक्षण के साथ मिलेगी टूलकिट

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज, उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा हनी मिशन के अंतर्गत हनी बॉक्स एवं संबंधित टूल किट्स जीविकोपार्जन हेतु अनुसूचित जाति वर्ग के लाभार्थियों को निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी जवाहर लाल ने बताया कि शहद उत्पादन कार्य में रुचि रखने वाले बेरोजगार व प्रशिक्षित व्यक्तियों को 5 दिवसीय गुणवत्तापरक प्रशिक्षण कराते हुए प्रत्येक व्यक्ति को 5-5 हनी बॉक्स सहित संबंधित टूल किट्स का वितरण किया जाएगा।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद प्रयागराज को 20 लाभार्थियों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इच्छुक लाभार्थी जिनकी उम्र 15 से 50 वर्ष है, वे बोर्ड की वेबसाइट http://upkvib.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ निवास प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, पैन कार्ड, राशन कार्ड, शैक्षिक योग्यता, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो एवं ग्राम प्रधान द्वारा कार्य करने का प्रमाण-पत्र संलग्न करना होगा।

आवेदन पत्र का प्रारूप जिला ग्रामोद्योग अधिकारी कार्यालय विकास भवन परिसर कमरा नंबर-37 प्रयागराज से प्राप्त कर किसी भी कार्य दिवस में दिनांक 29.08.2026 तक जमा किया जा सकता है। प्राप्त आवेदन पत्रों के सापेक्ष पात्र लाभार्थियों का चयन बोर्ड द्वारा गठित कमेटी के माध्यम से साक्षात्कार द्वारा किया जाएगा। चयन के उपरांत हनी बॉक्स की आपूर्ति होने पर निःशुल्क वितरण कराया जाएगा। विशेष जानकारी हेतु मो0 नंबर- 9580503176 व 8840814211 पर संपर्क किया जा सकता है।
बाइक सवार को बचाने में पलटी मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो की मौत, 12 से अधिक घायल

धान की रोपाई के लिए जा रहे थे मजदूर, ट्रॉली के नीचे दबने से हुई मौत, हादसे के बाद मची चीख-पुकार


विश्वनाथ प्रताप सिंह


प्रयागराज, शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर सूरवल साहनी गांव के सामने शुक्रवार सुबह मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली पर सवार दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक मजदूर घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, सोनरा गांव के मजदूर ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर सूरवल साहनी गांव में धान की रोपाई करने जा रहे थे। सुबह करीब 10:30 बजे सूरवल साहनी गांव के पास अचानक सामने से एक बाइक सवार आ गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक का संतुलन बिगड़ गया और मजदूरों से भरी ट्रॉली सड़क पर पलट गई।

ट्रॉली के नीचे दब गए मजदूर

ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटते ही उसमें सवार मजदूर सड़क पर जा गिरे। कई मजदूर ट्रॉली के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख - पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रॉली के नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। हादसे में कमला देवी (50) पत्नी राममूरत और करीना (17) पुत्री भारत की मौत हो गई। वहीं 12 से अधिक मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

घायलों को सीएचसी शंकरगढ़ भेजा गया

सूचना मिलते ही शंकरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को घटनास्थल से निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ भेजा। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए उच्च स्वास्थ्य केंद्र रेफर किए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना के कारणों और मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि की जा रही है।
25दिन से जले ट्रांसफार्मर कि शिकायत किये जेई व एसडीओ से मुन्नू सिंह
प्रयागराज

विश्वनाथ प्रताप सिंह


ग्राम मनपुर में 10 KVA का ट्रांसफॉर्मर 25 दिनों से जला होने एवं ट्रांसफॉर्मर बदलने के नाम पर ₹5,000 की मांग किए  शिकायत हमारे गांव में लगा 10 KVA का विद्युत ट्रांसफॉर्मर लगभग 25 दिनों से जला हुआ है, जिसके कारण गांव के लोगों को लगातार बिजली की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में संबंधित JE एवं SDO से कई बार फोन के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन नहीं उठाया जा रहा है। इसके अलावा संबंधित बिजली कर्मचारी/लाइनमैन द्वारा कथित रूप से ₹5,000 की मांग की जा रही है और कहा जा रहा है कि ₹5,000 देने के बाद ही ट्रांसफॉर्मर लगवाया जाएगा।इतने लंबे समय से बिजली न होने के कारण ग्रामीणों को अत्यंत परेशानी हो रही है। यदि ट्रांसफॉर्मर बदलने के लिए किसी आधिकारिक शुल्क की आवश्यकता है तो उसकी रसीद/सरकारी आदेश दिया जाए, लेकिन किसी कर्मचारी द्वारा व्यक्तिगत रूप से पैसे की मांग की जा रही है तो इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए।

10 KVA का ट्रांसफॉर्मर तत्काल बदलवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई जाए।
₹5,000 की कथित मांग की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
दोषी पाए जाने वाले कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
संबंधित JE एवं SDO द्वारा शिकायत पर कार्रवाई न किए जाने की भी जांच कराई जाए।
शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

अतः जनहित में इस मामले पर तत्काल कार्रवाई करने की कृपा करें
50 हजार का इनामी नई दिल्ली से गिरफ्तार
विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज, एसटीएफ ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी छैला बाबू सरोज को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया है। नवाबगंज के बैरेज श्रृंगवेरपुर निवासी आरोपी के खिलाफ सराय इनायत, सांगीपुर, नवाबगंज, बहरिया और मांडा थानों में चोरी, लूट, मारपीट व आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। एसटीएफ के मुताबिक आरोपी कई महीनों से फरार था। सूचना पर डीएसपी शैलेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने बुधवार शाम नेताजी नगर थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने साथियों के साथ चोरी-लूट की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया।
लगातार बारिश के कारण सब्जियों की आपूर्ति प्रभावित
विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज, लगातार बारिश के कारण सब्जियों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। मंडियों तक सब्जियां पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच पा रही हैं, जिसके चलते पिछले 10 दिनों में अधिकांश सब्जियों के रेट करीब दोगुने हो गए हैं।



टमाटर और लौकी की कीमत 50 से 60 रुपये किलो तक पहुंच गई है। वहीं, लहसुन और अदरक के दाम बढ़कर 350 रुपये किलो तक हो गए हैं। आलू फिलहाल 20 रुपये किलो बिक रहा है।

इसके अलावा शिमला मिर्च की कीमत 140 से 160 रुपये किलो और हरी धनिया की कीमत 330 से 350 रुपये किलो तक पहुंच गई है। भिंडी, बैंगन, नेनुआ, परवल और अरुई समेत अन्य हरी सब्जियों के दाम भी 15 से 20 रुपये किलो तक बढ़ गए हैं।सब्जियों की बढ़ती कीमतों का सीधा असर मध्यमवर्गीय परिवारों के बजट पर पड़ा है। जहां पहले सब्जियों पर मासिक खर्च करीब 3 से 3.5 हजार रुपये था, वहीं अब यह बढ़कर करीब 5 से 5.5 हजार रुपये हो गया है।
जनपद न्यायालय के अधिवक्ता के विरुद्ध थाना थरवई में आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर अधिवक्ताओं ने किया चक्काजाम

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज, जनपद न्यायालय इलाहाबाद के अधिवक्ता के विरुद्ध थाना थरवई में हुए क्रास एफआईआर और अब तक आरोपी की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने किया चक्का जाम किया,आक्रोशित अधिवक्ताओं ने टायर जला कर विरोध कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की,मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद।
मेजा में 2027 का सवाल : बीजेपी से योगेश शुक्ला या फिर बाहरी चेहरा?



विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज ।विधानसभा चुनाव 2027 जैसे-जैसे करीब आ रहा है, मेजा की राजनीति में एक नाम फिर चर्चा में है। यह नाम है योगेश शुक्ला का। तिसेनतुलापुर, मांडा निवासी योगेश शुक्ला ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से की। आरएसएस में वह मंडल कार्यवाह रहे। इसके बाद वर्ष 1989 में योगेश शुक्ला अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगर मंत्री बने।

वर्ष 2001 में वह गोविंदाचार्य के साथ स्वदेशी जागरण मंच से जुड़े। इसी दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास को लेकर काम करना शुरू किया। साल 2001 से 2004 तक योगेश केंद्र सरकार के राष्ट्रीय युवा आयोग के सदस्य भी रहे। वर्ष 2008 में योगेश शुक्ला भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। 2009 में भाजपा ने उन्हें पहली बार इलाहाबाद लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा। चुनाव में जीत नहीं मिली, लेकिन इसके बाद उन्होंने प्रयागराज को ही अपनी कर्मभूमि बना लिया।
योगेश शुक्ला वर्ष 2014 तक भाजपा के बौद्धिक प्रकोष्ठ और पंचायत प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सह संयोजक भी रहे।

2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद कांग्रेस की ओर से उन्हें चुनाव लड़ने का प्रस्ताव मिला। समर्थकों के कहने पर उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन कुछ ही समय बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में दोबारा भाजपा में शामिल हो गए। योगेश शुक्ला की राजनीति की खास बात यह है कि वह ठेके और कारोबार की राजनीति से दूर रहकर सामाजिक कार्यों पर ज्यादा जोर देते हैं। योगेश शुक्ला वर्ष 2010 में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में गठित गंगा सेल के सदस्य बने और गंगोत्री से बाणसागर तक गंगा यात्रा की।

वर्ष 2020 में सेना के अधिकारियों के साथ भी गंगा यात्रा की। प्रयागराज के यमुनापार क्षेत्र में टोस परिक्रमा कर उन्होंने सामाजिक एकता और समरसता का संदेश दिया। इसके साथ ही मंदिरों की सफाई का अभियान चलाकर लोगों को धर्म और संस्कृति से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। वह मेजा से भी लंबे समय से जुड़े रहे हैं। उनके समर्थक उन्हें साफ-सुथरी छवि और बेदाग राजनीतिक जीवन वाला नेता बताते हैं।राजनीतिक जानकारों की मानें तो मेजा की राजनीति में योगेश शुक्ला इसलिए अपनी जगह नहीं बना पाए क्योंकि उन्होंने कभी दबंगई या जोड़-तोड़ की राजनीति का सहारा नहीं लिया।मेजा की राजनीति में बाहरी नेताओं का प्रभाव भी हमेशा चर्चा में रहा है। ऐसे में 2027 का विधानसभा चुनाव एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।क्या भाजपा इस बार मेजा में योगेश शुक्ला पर दांव लगाएगी? या एक बार फिर किसी बाहरी चेहरे को मौका मिलेगा? फिलहाल इसका जवाब आने वाले समय में ही मिलेगा।