पुलिस में बड़ा फेरबदल, IPS सागर जैन बने DCP सिटी तो मनीष शांडिल्य को क्राइम की कमान

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज , प्रयागराज शहर की कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने बृहस्पतिवार को पुलिस महकमे में अहम बदलाव किया। उन्होंने 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी सागर जैन को डीसीपी सिटी की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, अब तक डीसीपी सिटी का दायित्व संभाल रहे मनीष कुमार शांडिल्य को डीसीपी क्राइम बनाया गया है। दोनों अधिकारियों की जिम्मेदारियों में यह बदलाव तत्काल प्रभाव से किया गया है। सागर जैन अभी तक डीसीपी क्राइम की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उन्हें शहर की कानून व्यवस्था की कमान दी गई है। शहर के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग, अपराध की रोकथाम, कानून व्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की निगरानी उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में होगी। अप्रैल में हुई थी प्रयागराज में तैनाती सागर जैन 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वह मूल रूप से होशंगाबाद, मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। अप्रैल 2026 में उनकी तैनाती प्रयागराज में हुई थी। प्रयागराज आने के बाद उन्हें डीसीपी क्राइम की जिम्मेदारी दी गई थी। करीब चार महीने तक उन्होंने इस पद पर रहते हुए जिले में अपराध से जुड़े मामलों और पुलिस की कार्रवाई की निगरानी की। प्रयागराज से पहले सागर जैन सहारनपुर, मुरादाबाद और वाराणसी में भी तैनात रह चुके हैं। अलग-अलग जिलों में पुलिसिंग का अनुभव रखने वाले सागर जैन को अब प्रयागराज शहर की कानून व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीसीपी सिटी रहे मनीष शांडिल्य अब संभालेंगे क्राइम वहीं, अब तक डीसीपी सिटी की जिम्मेदारी संभाल रहे मनीष कुमार शांडिल्य को डीसीपी क्राइम बनाया गया है। शहर की कानून व्यवस्था की निगरानी के बाद अब उनके जिम्मे अपराध नियंत्रण और गंभीर आपराधिक मामलों की मॉनिटरिंग होगी। डीसीपी साइबर क्राइम की भी जिम्मेदारी भी उनके पास रहेगी।कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर जोर पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया की ओर से अधिकारियों की जिम्मेदारियों में किया गया यह बदलाव कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की व्यवस्था को और मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। डीसीपी सिटी के तौर पर सागर जैन का फोकस शहर की कानून व्यवस्था, पुलिस की मौजूदगी, अपराध की रोकथाम और थाना स्तर की पुलिसिंग को प्रभावी बनाने पर रहेगा। वहीं डीसीपी क्राइम के रूप में मनीष शांडिल्य गंभीर अपराधों और अपराधियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की निगरानी करेंगे।
प्रयागराज में जलभराव से न्यायिक कार्य प्रभावित, अधिवक्ताओं ने हाईकोर्ट को कराया अवगत
विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज के विभिन्न मोहल्लों में बारिश के कारण हुए जलभराव से लाखों लोग प्रभावित हैं। जलभराव, सीवर जाम और वर्षा जल की निकासी न होने के कारण सामान्य जनजीवन के साथ-साथ न्यायिक, व्यापारिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य भी प्रभावित हुए हैं।

मंगलवार को उच्च न्यायालय के कई अधिवक्ताओं ने न्यायालयों में जलभराव की गंभीर समस्या से अवगत कराया। वरिष्ठ अधिवक्ता अमरेन्द्र नाथ सिंह, प्रभाकर अवस्थी, सुधीर दीक्षित, विनय खरे, संजय सिन्हा, आर.पी. पाण्डेय, शौर्य शर्मा, नितिन शर्मा सहित अन्य अधिवक्ताओं ने जलभराव से प्रभावित लोगों की स्थिति न्यायालय के समक्ष रखी।

अधिवक्ताओं ने बताया कि शहर में जलभराव के कारण हजारों घरों में पानी घुस गया है। अधिवक्ता, क्लर्क और वादकारियों को न्यायालय पहुंचने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

वरिष्ठ अधिवक्ता अमरेन्द्र नाथ सिंह ने न्यायालय को बताया कि प्रयागराज में जलभराव की समस्या को लेकर पूर्व में जनहित याचिका संख्या 50717/2014 और 51612/2014 लंबित हैं। इन मामलों में न्यायालय द्वारा राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन को कई निर्देश दिए गए थे, लेकिन अधिवक्ताओं के अनुसार उनका अपेक्षित अनुपालन नहीं हुआ।

पूर्व महासचिव हाईकोर्ट बार एसोसिएशन नितिन शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए 19 अगस्त 2026 को न्यायालय में इस विषय पर सुनवाई होने की संभावना है।
डीएम, CDO और नगर मजिस्ट्रेट ने आश्रम पद्धति के विद्यार्थियों से किया संवाद, देखी व्यवस्थाएं

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने बुधवार को जनपद में संचालित विकास विद्यालय, आश्रम पद्धति एवं ईश्वर शरण आश्रम, सलोरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में पेयजल व्यवस्था, आरओ, पानी की टंकियों, छात्रावास के कमरों और पढ़ाई की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, जीवन परिचय और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य समेत सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को समय से विद्यालय आने-जाने, पठन-पाठन में सुधार और शिक्षण का बेहतर माहौल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रों से नियमित संवाद करने पर भी जोर दिया। जिला समाज कल्याण अधिकारी को जनपद के सभी आश्रम पद्धति विद्यालयों में समय-समय पर खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। जिला, मंडल और प्रदेश स्तर पर प्रतिभाग करने वाले छात्रों को पुरस्कृत करने की बात भी कही गई।

इसके अलावा विद्यालयों में चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताएं कराने तथा छात्रों को नवाचार से जुड़े विषयों का अध्ययन कराने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने छात्रों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कक्षाओं का निरीक्षण कर छात्रों से प्रश्न-उत्तर किए और उनके भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह आज मौजूद रहे।
यू जी सी  रोल बैक के समर्थन में रैली के माध्यम से एसडीएम को सौंपा ज्ञापन



विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज ,तहसील कोरांव अंतर्गत आज दिनांक 20 अगस्त सन 2026 को सीयूजी रोल बैक के समर्थन में ब्लॉक परिसर से रैली के माध्यम से तहसील मुख्यालय में एसडीएम ठाकुर प्रसाद सिंह नायब  बड़ोखर राम मूर्ति भी मौके पर उपस्थित रहे को ज्ञापन सोपा गया प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति लखनऊ कमलेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश सचिव  अपराध निरोधक समिति प्रयागराज  के कुशल मार्गदर्शन में पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट गंगानगर प्रयागराज पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट यमुनानगर प्रयागराज तथा  सहायक पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट यमुनानगर मेजा प्रयागराज बृजेश पाठक के आदेश के क्रम में जिला अपराध निरोधक समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य गण को थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह के आदेशानुसार थाना कमेटी प्रभारी नरेंद्र देव मिश्र के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ यातायात सुगम बनाने हेतु  वालेन्टियर ड्यूटी पर उपस्थित रहे जिसमें सह थाना कमेटी प्रभारी मोहम्मद असलम संयुक्त सचिव संगमलाल चंद्र प्रकाश सिंह संतोष कुमार जायसवाल अजय कुमार अवनीश नारायण मुकेश कुमार सियाराम विवेक कुमार एहसान अहमद‌ राकेश कुमार केसरी संभ्रांत व्यक्तियों में अरुण कुमार चतुर्वेदी प्रमोद प्यासी अजय तिवारी सौरभ चंद्र प्रकाश मिश्र सत्यम राल्ही इत्यादि एस आई अंकुश कुमार एस आई दिनेश कुमार एस आई सरिता पाल कांस्टेबल अंकित कुमार झा आशीष कुमार भरत लाल यादव सोनम कुमारी
जनता के और करीब पहुंची प्रयागराज पुलिस, DCP यमुनानगर, सिटी और गंगानगर की जनसुनवाई का स्थान बदला
विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज पुलिस अब जनता के और करीब पहुंच गई है। फरियादियों को अपनी समस्या लेकर बड़े अधिकारियों से मिलने के लिए पुलिस मुख्यालय सिविल लाइंस का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया के जिले में आने के बाद पुलिसिंग में यह बड़ा बदलाव देखने को मिला है। कमिश्नरेट प्रयागराज के सभी डीसीपी ने अपने-अपने क्षेत्र में नए कार्यालयों पर जनसुनवाई शुरू कर दी है।
यमुनानगर के डीसीपी विवेक चंद्र यादव प्रत्येक कार्यदिवस सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक नैनी स्थित जेल रोड पुलिस चौकी परिसर में बने कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुनते हैं। फरियादी अजय तिवारी ने बताया कि पहले सिविल लाइंस जाने में समय और पैसे दोनों खर्च होते थे। वहां पहुंचना भी मुश्किल होता था, लेकिन अब उच्च अधिकारियों से मिलना आसान हो गया है।
इसी तरह डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य शहर के कोतवाली परिसर चौक में और डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत सरायइनायत थाना परिसर में प्रत्येक कार्यदिवस जनसुनवाई कर रहे हैं। पुलिस की इस पहल से फरियादियों को काफी राहत मिली है।
रेलवे अधिकारी-कर्मचारी CUG नंबर का निजी इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे, सूचनाओं की गोपनीयता के लिए सख्त कदम

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज , रेलवे ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों को आवंटित किए जाने वाले सीयूजी (क्लोज्ड यूजर ग्रुप) मोबाइल नंबरों के इस्तेमाल के निजी उपयोग पर रोक लगा दी है। कर्मचारी अब इस नंबर का इस्तेमाल अपने निजी और वित्तीय कार्यों के लिए नहीं कर सकेंगे। जिन कर्मचारियों ने इस नंबर को बैंक, यूपीआई या अन्य निजी सेवाओं से जोड़ रखा है, उन्हें इसे तुरंत हटाने और अपना व्यक्तिगत नंबर अपडेट करने को कहा गया है।

14 अगस्त को इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी
वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर कार्यालय की ओर से 14 अगस्त को इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर सभी संबंधित विभागों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए हैं। अब बैंक अकाउंट, यूपीआइ एप, क्रेडिट कार्ड या किसी भी वित्तीय सेवा में सीयूजी नंबर दर्ज नहीं रहेगा। फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) या पर्सनल जीमेल/ईमेल आइडी में यह नंबर नहीं जुड़ेगा।

इन कामों में नहीं होगा सीयूजी मोबाइल नंबर का प्रयोग
व्यक्तिगत यात्रा के लिए ट्रेन, फ्लाइट या बस टिकट बुक करने वाले निजी पोर्टल पर इसका उपयोग नहीं होगा। परिवार के सदस्यों या बच्चों के एडमिशन और स्कूल-कॉलेज के फार्म में इस नंबर को देने पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा अमेजन, फ्लिपकार्ट जैसी ई-कामर्स साइटों पर लागिन, सब्सक्रिप्शन और किसी भी निजी पासवर्ड रिकवरी या ओटीपी के लिए यह नंबर इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।

क्यों जारी हुआ निर्देश?
मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर (दूरसंचार) सूरज बर्डे ने बताया कि सीयूजी कनेक्शन प्रशासनिक या परिचालन कारणों, कर्मचारियों के तबादले या सेवानिवृत्ति पर कभी भी बदले, सरेंडर या निष्क्रिय किए जा सकते हैं। ऐसी स्थिति में नंबर बंद होने या किसी अन्य कर्मचारी को अलाट होने पर निजी अकाउंट का एक्सेस खोने और ओटीपी के गलत हाथों में जाने का गंभीर साइबर खतरा बना रहता है। इससे वित्तीय धोखाधड़ी की आशंका भी बढ़ जाती है।

सीयूजी नंबर रेलवे प्रशासन की आधिकारिक संपत्ति
सूरज बर्डे ने जानकारी देते हुए बताया कि सीयूजी नंबर रेलवे प्रशासन की आधिकारिक संपत्ति हैं। रेलवे की साइबर सुरक्षा (साइबर हाइजीन) और सूचनाओं की गोपनीयता बनाए रखने के लिए यह सख्त कदम उठाया गया है।
सांसद पप्पू यादव के खिलाफ प्रयागराज की ACJM कोर्ट में बयान दर्ज, धार्मिक भावनाएं आहत करने का है आरोप

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज , पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के खिलाफ प्रयागराज की एसीजेएम (कक्ष संख्या-10) की अदालत में दाखिल परिवाद में मंगलवार को बयान दर्ज किया गया है। परिवाद अधिवक्ता एवं भाजपा के प्रदेश सह संयोजक विधिक विभाग सुशील कुमार मिश्रा ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से दाखिल किया था। इसमें सांसद पर धार्मिक भावनाएं आहत करने, विद्वेष फैलाने, धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की मांग की गई है।

पप्पू यादव पर क्या है आरोप?
परिवाद में कहा गया है कि हाल में अयोध्या स्थित भगवान श्रीराम मंदिर में दानराशि चोरी की घटना के बाद सांसद पप्पू यादव ने संसद भवन के सामने साधु-संतों एवं पुजारियों की वेशभूषा धारण कर गले में तख्ती लगाकर तथा नकली दानपात्र रखकर प्रदर्शन किया। परिवादी का आरोप है कि इस कृत्य से साधु-संतों, पुजारियों और सनातन धर्म में आस्था रखने वाले लोगों की भावनाएं आहत हुईं तथा समाज में विद्वेष फैलाने का प्रयास किया गया।

सिविल लाइंस थाने में की थी शिकायत
परिवाद में यह भी कहा गया है कि उक्त प्रदर्शन का प्रसारण विभिन्न टीवी चैनलों, सोशल मीडिया तथा समाचार पत्रों में हुआ, जिसे परिवादी ने अपने प्रयागराज स्थित कार्यालय में देखा। परिवादी का दावा है कि घटना के संबंध में 31 जुलाई 2026 को थाना सिविल लाइंस थाना के प्रभारी निरीक्षक से शिकायत की गई थी।

अगली सुनवाई 25 अगस्त को
इसके बाद तीन अगस्त 2026 को थाना प्रभारी सिविल लाइंस और पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट प्रयागराज को भी रजिस्टर्ड डाक से प्रार्थना पत्र भेजा गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते परिवादी ने न्यायालय की शरण लेते हुए एसीजेएम कोर्ट में परिवाद दायर किया था। कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए कोर्ट ने 25 अगस्त की तिथि नियत की है।
थाना जॉर्ज टाउन में घुसा बारिश का पानी सड़क से थाने तक भरा पानी

रिकॉर्ड और जरूरी फाइलों के भीगने का खतरा


विश्वनाथ प्रताप सिंह


प्रयागराज, तेज बारिश के कारण थाना जॉर्ज टाउन के अंदर पानी घुस गया। परिसर में जलभराव होने से पुलिसकर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।जानकारी के अनुसार बारिश का पानी सीधे थाने के अंदर दफ्तरों तक पहुंच गया। इससे महत्वपूर्ण रिकॉर्ड, रजिस्टर और जरूरी फाइलों के भीगने का डर बना हुआ है। पुलिसकर्मी पानी निकालने और सामान को बचाने में जुटे रहे।स्थानीय लोगों ने कहा कि हर बारिश में यहां पानी भर जाता है। नाले की सफाई न होने और जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण यह समस्या बार-बार आती है।पुलिस प्रशासन से मांग है कि थाने की जल निकासी और मरम्मत जल्द कराई जाए, ताकि सरकारी दस्तावेजों को नुकसान न पहुंचे और पुलिस का काम बाधित न हो।भारी बारिश के बाद शहर के जार्जटाउन इलाके में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है और सड़कों तक बारिश का पानी भर गया है। स्थानीय लोगों को घुटनों तक पानी के बीच सड़क पार करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी भरने के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित रही। जार्जटाउन क्षेत्र में जलभराव की समस्या को लेकर हर साल सवाल उठते है, लेकिन इस बार भारी बारिश के बाद स्थिति और ख़राब नजर आई।
बाढ़ का खतरा: गंगा में 10 लाख क्यूसेक पानी आ रहा, छोटी नदियां बढ़ा रहीं यमुना का जलस्तर; तस्वीरों में देखें
विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज ,पहाड़ों से लेकर मैदान तक हो रही बारिश से नदियों का तेजी से जलस्तर बढ़ने लगा है। जनपद में गंगा और यमुना नदियों के साथ ही टोंस, बेलन व टुड़ियारी नदियां भी उफनाने लगी हैं। गोरमा तथा लपरी में तेजी है। कोरांव क्षेत्र में बेलन नदी का जल स्तर बढ़ने से तीन रपटा (छोटे पुल) डूब गए। इन पर तीन से 10 फीट पानी बह रहा है। इससे 22 गांवों का संपर्क टूट गया है। लगभग 40 हजार की आबादी का आवागमन ठप हो गया है। बाढ़ की आशंका से प्रशासन मुस्तैद इन पहाड़ी नदियों का जलस्तर अभी और भी बढ़ने की संभावना है। इसके मद्देनजर मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. व डीएम मनीष कुमार वर्मा ने तहसील प्रशासन को आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। गंगा का जलस्तर 24 घंटे में आधा मीटर तो यमुना का एक मीटर बढ़ा है। दोनों नदियों का अभी और जल स्तर बढ़ने की उम्मीद है। गंगा-यमुना के तटीय इलाकों में बढ़ी मुश्किलें गंगा और यमुना का तेजी से जलस्तर बढ़ने से तटीय क्षेत्रों के लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। केन, बेतवा और चंबल नदियों तथा नरौरा व माताटीला बांध एवं कानपुर बैराज से कुल 10 लाख क्यूसेक पानी आ रहा है। इससे दोनों नदियों का जलस्तर और बढ़ने की संभावना है। नदियों में बढ़ते जल स्तर को लेकर नावों के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। सिर्फ बाढ़ राहत के लिए लगाई नावें ही संचालित की जा सकेंगी। गंगा का पानी और बढ़ेगा वहीं टोंस, बेलन, टुड़ियारी, गोरमा, लपरी, सूरजमुखी जैसी पहाड़ी नदियों का भी पानी बढ़ रहा है। टोंस नदी पिछले दो दिनों में तीन मीटर बढ़ गई, जिसके प्रवाह ने गंगा की धारा को प्रभावित कर दिया है। इससे गंगा का पानी आगे नहीं निकल पा रहा है और वह गांवों में घुसने लगा है। सतना और रीवा में टोंस उफान पर है, जिससे गंगा का पानी अभी और बढ़ेगा। गंगा-यमुना का जलस्तर - गंगा का जल स्तर-79.65 मीटर - यमुना का जल स्तर-78.83 मीटर -छतनाग में दोनों का जल स्तर-78.39 मीटर -खतरे का निशान -84.73 मीटर शहर के निचले इलाकों में घुसता है बाढ़ का पानी सोमवार रात आठ बजे गंगा का जलस्तर फाफामऊ में 79.65 मीटर पहुंच गया, वहीं यमुना का जलस्तर नैनी में 78.83 मीटर दर्ज किया गया। दोनों नदियों का जल स्तर 80 मीटर के ऊपर चढ़ते ही शहर के कई मोहल्लों में पानी घुसने लगेगा। बघाड़ा, राजापुर, गंगा नगर, नेवादा, बेली, तेलियरगंज शंकरगघाट जैसे मोहल्ले प्रभावित होने लगेंगे। वहीं नैनी, झूंसी, फाफामऊ क्षेत्र के भी गांवों में पानी घुसने लगता है। बाढ़ की संभावना के दृष्टिगत जिला प्रशासन की ओर से सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह ने बताया कि बाढ़ की संभावना के मद्देनजर सभी एसडीएम व तहसीलदार को अलर्ट कर दिया गया है। बाढ़ राहत चौकियों के स्टाफ को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सिख श्रद्धालुओं का जत्था पंजाब के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन दीदार कर प्रयागराज आए।
सिख संगत व गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी ने स्वागत अभिनंदन किया।


विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज , प्रयागराज से चंडीगढ़ रेल यात्रा और पंजाब के धार्मिक स्थलों का आध्यात्मिक सफर प्रयागराज से श्रद्धालुओं का एक जत्था चंडीगढ़ पहुँचा। चंडीगढ़ में निजी वाहन की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं का जत्था ने पंजाब के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन दीदार कर वापस प्रयागराज लौट आए।
पंजाब मे धार्मिक यात्रा निजी वाहन से श्रद्धालुओं का जत्था ने श्री आनंदपुर साहिब,श्री अमृतसर साहिब (स्वर्ण मंदिर),और गुरु फतेहगढ़ साहिब,तख्त श्री केशगढ़ साहिब के ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन दीदार किए।
पंजाब के सभी धार्मिक स्थलों के दर्शन उपरांत श्रद्धालुओं का जत्था पुनः अमृतसर लौटा और वापसी की ट्रेन पकड़कर प्रयागराज सकुशल पहुँचे।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरदार पतविंदर सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं का पंजाब के विभिन्न स्थानों में वहां की सिख संगत व गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी ने स्वागत अभिनंदन किया।
जत्था का नेतृत्व परमजीत सिंह बग्गा अध्यक्ष गुरुद्वारा साहिब ने किया।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा काशी क्षेत्र,क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरदार पतविंदर सिंह,जतिंदर सिंह राजू,महेंद्र सिंह,गुरबख्श सिंह,कुलदीप सिंह,हरजिंदर सिंह,परमजीत सिंह सहित देश के विभिन्न प्रांतो से पंजाब मे कई श्रद्धालु जत्थे मे सम्मिलित हुए।