बाढ़ का खतरा: गंगा में 10 लाख क्यूसेक पानी आ रहा, छोटी नदियां बढ़ा रहीं यमुना का जलस्तर; तस्वीरों में देखें
विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज ,पहाड़ों से लेकर मैदान तक हो रही बारिश से नदियों का तेजी से जलस्तर बढ़ने लगा है। जनपद में गंगा और यमुना नदियों के साथ ही टोंस, बेलन व टुड़ियारी नदियां भी उफनाने लगी हैं। गोरमा तथा लपरी में तेजी है। कोरांव क्षेत्र में बेलन नदी का जल स्तर बढ़ने से तीन रपटा (छोटे पुल) डूब गए। इन पर तीन से 10 फीट पानी बह रहा है। इससे 22 गांवों का संपर्क टूट गया है। लगभग 40 हजार की आबादी का आवागमन ठप हो गया है। बाढ़ की आशंका से प्रशासन मुस्तैद इन पहाड़ी नदियों का जलस्तर अभी और भी बढ़ने की संभावना है। इसके मद्देनजर मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. व डीएम मनीष कुमार वर्मा ने तहसील प्रशासन को आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। गंगा का जलस्तर 24 घंटे में आधा मीटर तो यमुना का एक मीटर बढ़ा है। दोनों नदियों का अभी और जल स्तर बढ़ने की उम्मीद है। गंगा-यमुना के तटीय इलाकों में बढ़ी मुश्किलें गंगा और यमुना का तेजी से जलस्तर बढ़ने से तटीय क्षेत्रों के लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। केन, बेतवा और चंबल नदियों तथा नरौरा व माताटीला बांध एवं कानपुर बैराज से कुल 10 लाख क्यूसेक पानी आ रहा है। इससे दोनों नदियों का जलस्तर और बढ़ने की संभावना है। नदियों में बढ़ते जल स्तर को लेकर नावों के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। सिर्फ बाढ़ राहत के लिए लगाई नावें ही संचालित की जा सकेंगी। गंगा का पानी और बढ़ेगा वहीं टोंस, बेलन, टुड़ियारी, गोरमा, लपरी, सूरजमुखी जैसी पहाड़ी नदियों का भी पानी बढ़ रहा है। टोंस नदी पिछले दो दिनों में तीन मीटर बढ़ गई, जिसके प्रवाह ने गंगा की धारा को प्रभावित कर दिया है। इससे गंगा का पानी आगे नहीं निकल पा रहा है और वह गांवों में घुसने लगा है। सतना और रीवा में टोंस उफान पर है, जिससे गंगा का पानी अभी और बढ़ेगा। गंगा-यमुना का जलस्तर - गंगा का जल स्तर-79.65 मीटर - यमुना का जल स्तर-78.83 मीटर -छतनाग में दोनों का जल स्तर-78.39 मीटर -खतरे का निशान -84.73 मीटर शहर के निचले इलाकों में घुसता है बाढ़ का पानी सोमवार रात आठ बजे गंगा का जलस्तर फाफामऊ में 79.65 मीटर पहुंच गया, वहीं यमुना का जलस्तर नैनी में 78.83 मीटर दर्ज किया गया। दोनों नदियों का जल स्तर 80 मीटर के ऊपर चढ़ते ही शहर के कई मोहल्लों में पानी घुसने लगेगा। बघाड़ा, राजापुर, गंगा नगर, नेवादा, बेली, तेलियरगंज शंकरगघाट जैसे मोहल्ले प्रभावित होने लगेंगे। वहीं नैनी, झूंसी, फाफामऊ क्षेत्र के भी गांवों में पानी घुसने लगता है। बाढ़ की संभावना के दृष्टिगत जिला प्रशासन की ओर से सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह ने बताया कि बाढ़ की संभावना के मद्देनजर सभी एसडीएम व तहसीलदार को अलर्ट कर दिया गया है। बाढ़ राहत चौकियों के स्टाफ को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सिख श्रद्धालुओं का जत्था पंजाब के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन दीदार कर प्रयागराज आए।
सिख संगत व गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी ने स्वागत अभिनंदन किया।


विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज , प्रयागराज से चंडीगढ़ रेल यात्रा और पंजाब के धार्मिक स्थलों का आध्यात्मिक सफर प्रयागराज से श्रद्धालुओं का एक जत्था चंडीगढ़ पहुँचा। चंडीगढ़ में निजी वाहन की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं का जत्था ने पंजाब के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन दीदार कर वापस प्रयागराज लौट आए।
पंजाब मे धार्मिक यात्रा निजी वाहन से श्रद्धालुओं का जत्था ने श्री आनंदपुर साहिब,श्री अमृतसर साहिब (स्वर्ण मंदिर),और गुरु फतेहगढ़ साहिब,तख्त श्री केशगढ़ साहिब के ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन दीदार किए।
पंजाब के सभी धार्मिक स्थलों के दर्शन उपरांत श्रद्धालुओं का जत्था पुनः अमृतसर लौटा और वापसी की ट्रेन पकड़कर प्रयागराज सकुशल पहुँचे।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरदार पतविंदर सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं का पंजाब के विभिन्न स्थानों में वहां की सिख संगत व गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी ने स्वागत अभिनंदन किया।
जत्था का नेतृत्व परमजीत सिंह बग्गा अध्यक्ष गुरुद्वारा साहिब ने किया।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा काशी क्षेत्र,क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरदार पतविंदर सिंह,जतिंदर सिंह राजू,महेंद्र सिंह,गुरबख्श सिंह,कुलदीप सिंह,हरजिंदर सिंह,परमजीत सिंह सहित देश के विभिन्न प्रांतो से पंजाब मे कई श्रद्धालु जत्थे मे सम्मिलित हुए।
माफिया विजय मिश्र के कब्जे से मुक्त जमीन पर PDA 5 मंजिला डिजिटल लाइब्रेरी बनाएगा, प्रतियोगी छात्रों को होगी सुविधा

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज , अल्लापुर (भरद्वाजपुरम)में माफिया विजय मिश्र को लीज पर दी गई जमीन को प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) वापस लेगा। इस जमीन पर अब पांच मंजिला भवन बनाएगा। पीडीए की ओर से भवन का डिजाइन भी तैयार कर लिया गया है। प्रस्तावित भवन में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त डिजिटल लाइब्रेरी बनाई जाएगी।

विजय मिश्र ने पीडीए से लीज पर ली थी जमीन
इस जमीन को उपयोगी बनाकर युवाओं को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने की योजना है। 500 वर्ग गज जमीन को पीडीए ने कई वर्ष पूर्व लीज पर दी थी। इस जमीन को पीडीए वापस लेने की प्रक्रिया शुरू कर दिया है। जमीन पर बनाए गए भवन को कुछ वर्ष पहले पीडीए की ओर से जमीदोज भी किया जा चुका है।

अल्लापुर में माफिया के कब्जे से कराया गया था मुक्त
पीडीए के अनुसार अल्लापुर में पुलिस चौकी के पास करीब 500 वर्गगज जमीन को माफिया के कब्जे से मुक्त कराया गया था। इस जमीन पर बहुमंजिला भवन बनाने की योजना तैयार की गई है। पांच मंजिल के भवन में अलग-अलग तल पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां बैंकिंग, रेलवे, सिविल सेवा समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए अध्ययन की व्यवस्था होगी।

प्रतियोगियों को 200-300 रुपये प्रतिमाह शुल्क देना होगा
डिजिटल लाइब्रेरी में एक साथ 500 से 700 प्रतियोगी छात्र पढ़ाई कर सकेंगे। 200 से 300 रुपये प्रतिमाह का शुल्क तैयारी करने वालों से लिए जाने का विचार किया जा रहा है। पार्किंग का भी प्रबंध किया जाएगा।

एक ही स्थान पर अध्ययन की बेहतर सुविधा मिलेगी
डिजिटल लाइब्रेरी में विद्यार्थियों को पारंपरिक पुस्तकों के साथ डिजिटल माध्यम से अध्ययन की सुविधा भी उपलब्ध कराने की तैयारी है। प्रतियोगी परीक्षाओं की बदलती जरूरतों को देखते हुए कंप्यूटर, इंटरनेट और आनलाइन अध्ययन सामग्री जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। इससे शहर में प्रतियोगी छात्रों को एक ही स्थान पर अध्ययन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

पीडीए ने भवन का डिजाइन तैयार किया
पीडीए ने भवन के निर्माण को लेकर प्रारंभिक डिजाइन तैयार कर लिया है। प्रस्तावित भवन में किस तल पर कौन सी सुविधा विकसित की जाएगी, इसका खाका भी तैयार किया जा रहा है। पीडीए के जोनल अधिकारी सूरज पटेल का कहना है कि निर्माण संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

माफिया से मुक्त संपत्ति का बेहतर इस्तेमाल
माफिया से मुक्त कराई गई संपत्तियों के बेहतर इस्तेमाल की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जिस जमीन का इस्तेमाल पहले अवैध गतिविधियों के लिए किया जाता था, वहां अब विद्यार्थियों के लिए अध्ययन केंद्र विकसित होने से युवाओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। पीडीए की योजना पूरी होने पर अल्लापुर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा मिल सकेगी।

माफिया विजय मिश्र के (भरद्वाजपुरम) अल्लापुर क्षेत्र में जमीदोज मकान पर डिजिटल लाइब्रेरी बनाई जाएगी। दो से तीन माह में भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस लाइब्रेरी के बनने से बेहतर शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
तेज बारिश के बीच गोवंशों की सुरक्षा के लिए प्रशासन तैयार

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज ,48 घंटे से हो रही लगातार बारिश के बीच जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने जिले के सभी गोआश्रय स्थलों की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।

सीडीओ के निर्देश के बाद करछना, मेजा, कोरांव, हंडिया, बारा, सोरांव और सदर क्षेत्र में कर्मचारी सुबह से ही गोशालाओं की व्यवस्थाएं सुधारने में जुटे रहे। कोरांव के बड़ोखर, बारा समेत कई इलाकों में गोशालाओं में पानी घुसने की सूचना के बाद गोवंशों को सुरक्षित स्थानों रखा गया है।

प्रशासन ने गोवंशों के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा, चारा और अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की है। करछना के खंड विकास अधिकारी अमित कुमार ने सभी ग्राम सचिवों को गोआश्रय स्थलों की व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के लिए कहा है।

वहीं, सीडीओ हर्षिका सिंह ने अधिकारियों की टीम गठित कर सभी गोआश्रय स्थलों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं, ताकि बारिश के दौरान गोवंशों को किसी तरह की परेशानी न हो।
भारी बारिश से प्रयागराज के कई मोहल्लों में जलभराव,पम्प लगाकर निकालने में जुटा नगर निगम

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले भारी बारिश के चलते कई मोहल्लों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। हाईकोर्ट के संज्ञान में लेने के बाद नगर निगम एवं प्रशासनिक अधिकारी जल निकासी कराने में जुटे हुए हैं। प्रयागराज नगर निगम जार्जटाउन के अधिकारी और सोहबतियाबाग में तीन पम्प लगाकर सीवर लावइन के माध्यम से शहर से बाहर निकलवाने में जुटा हुए हैं। महापौर गणेश केसरवानी का कहना है कि भारी बारिश के चलते जल भराव की समस्या उत्पन्न हुई है। हमने कई स्थानों पर निरीक्षण किया और जहां भी समस्या उत्पन्न हुई वहां तत्काल सफाई और जल निकासी के लिए निर्देश दिया है।

प्रयागराज के जार्जटाउन, टैगोर टाउन, सोहबतियाबाग,बैरहना, रामबाग, करेली सहित कई मोहल्लों में जलभराव की स्थिति बन गई है। प्रदेश में बुधवार से 23 अगस्त तक पश्चिमी और पूर्वी उप्र में अलग अलग स्थानों पर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई जगह गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं। यह पूर्वानुमान बुधवार को भारत मौसम विज्ञान विभाग ने जारी किया है।

मुख्य रूप से 20 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां अभी सक्रिय हैं। उन्होंने बताया कि 19 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर वर्षा के आसार हैं।

20 अगस्त को बढ़ेगी बारिश की गतिविधि

डॉ. सुनील पांडेय के अनुसार 20 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके बाद 21 और 22 अगस्त को पश्चिमी तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है। 23 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में लगभग सभी स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।

भारी बारिश वाले क्षेत्रों में सतर्कता जरूरी

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि बारिश के दौरान कई स्थानों पर बादलों की तेज गर्जना और बिजली चमकने की स्थिति बन सकती है। ऐसे मौसम में लोगों को खुले मैदान में जाने से बचना चाहिए। पेड़, बिजली के खंभे और अन्य ऊंचे स्थानों के नीचे खड़े होने से भी बचना जरूरी है। किसानों को खेतों में काम करते समय मौसम के बदलाव पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

उन्होंने कहा कि लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आने और उमस से राहत मिलने की संभावना है। हालांकि अधिक बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से जलभराव वाले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।

किसानों के लिए सलाह

डॉ. पांडेय ने किसानों से मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर नजर रखने को कहा है। खेतों में काम करते समय यदि बादल गरजने या बिजली चमकने लगे तो सुरक्षित स्थान पर चले जाना चाहिए। बारिश के कारण खेतों में पानी भरने की स्थिति में फसलों की नियमित निगरानी करना भी जरूरी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां अधिक सक्रिय रह सकती हैं। इसलिए प्रशासन, किसानों और आम लोगों को स्थानीय मौसम चेतावनियों पर लगातार नजर रखने की जरूरत है।
महेवा घाट पर नहाने गए युवक की डूबने से मौत,NDRF ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाला शव
विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज। महेवा पूरब पट्टी स्थित महेवा घाट पर मंगलवार की सुबह लगभग 11:30 बजे यमुना नदी में नहाने गया युवक अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, फायर ब्रिगेड और NDRF टीम मौके पर पहुंची।
कड़ी मशक्कत और रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद टीमों ने युवक को यमुना नदी से बाहर निकाला,लेकिन बाहर निकाले जाने के समय ही उसकी मौत हो चुकी थी।
हरियाली तीज समारोह में संस्कृति और नारी शक्ति की मनमोहक प्रस्तुति


विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज,अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा एवं उड़ान महिला मंच के तत्वाधान में हरियाली तीज के अवसर पर  आयोजित तीज महोत्सव कार्यक्रम मंडल अध्यक्ष वीरांगना ममता सिंह के दिशा-निर्देशन  एवं जिला अध्यक्ष पूजा सेंगर के नेतृत्व में  रामघाट रोड स्थित होटल महाजन में धूमधाम से मनाया गया l कार्यक्रम का शुभारंभ  मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विजया  सिंह जी और विशिष्ठ अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी श्रीमती सोनू सिंह जी ने  शिव जी की प्रतिमा के समक्ष दीप   प्रज्वलित कर की  महानगर अध्यक्ष वीरांगना मधु रानी जादौन  एवं उड़ान महिला मंच अध्यक्ष भारती गौतम के संयोजन में सभी बहनों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी lहरियाली तीज समारोह में संस्कृति और नारी शक्ति की मनमोहक प्रस्तुति दी गई lकार्यक्रम का सफल एवं आकर्षक मंच संचालन श्रीमती लता राघव ने किया अपनी शानदार एंकरिंग और मनोरंजक अंदाज से उन्होंने पूरे कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा कार्यक्रम का शुभारंभ के साथ अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया समारोह में विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गई जिसमें तीज गीत एवं नृत्य प्रस्तुतियां प्रस्तुत की गई lएक नाटक  प्रस्तुत किया गया आया सावन झूम के पूजा सेंगर ममता भारती गौतम अनामिका राधा रानी के द्वारा कजरा मोहब्बत वाला मधु रानी भारती गौतम की मनमोहक प्रस्तुति दी गई lराजस्थानी फोक डांस घूमर सुनीता राठौर  ने किया कृष्ण हो कृष्णा आरोही तोमर  ने नृत्य प्रस्तुत किया lतीज क्वीन कंपटीशन समारोह का विशेष आकर्षण रहाl तीज  विजेता रहीं  प्रियंका  , ज्योति  और कविता ने पारंपरिक वेशभूषा आत्मविश्वास और अपनी  प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया।मुख्य अतिथि श्रीमती विजय सिंह जी ने सभी प्रतिभागियों का उत्साह वर्धनकरते हुए कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने के साथ-साथ महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुंदर अवसर प्रदान करते हैं समाजसेवी श्रीमती सोनू सिंह जीने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए आयोजको  ममता सिंह पूजा सिंगर मधु रानी जादौन भारती गौतम एवं प्रतिभागियों को  शुभकामनाएं दी। प्रभा चौहान ने बहुत सुन्दर भजन प्रस्तुत किया कार्यक्रम का समापन विजेताओं को पुरस्कार एव सम्मान प्रदान करने तथा सभी अतिथियों प्रतिभागियों और सहयोगियों के आभार के साथ हुआ। हरियाली तीज की यही पुकार नारी शक्ति का हो सम्मान अपार। मनोज कुमारी, सुनीता सिंह, मिनी रानी,आशा सिसोदिया, कुसुम, जया, गीता मित्तल, अनन्या, पूनम तोमर, नीतू, मनु चौहान, योगेन्द्र,बरखा, नीरा देवी ममता, राधा रानी, प्रिया, रंजनासेंगर, , सृष्टि आदि अनेक बहनें उपस्थित रहीं l
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में स्नातक कक्षाएं 20 अगस्त से शुरू होंगी, 17 से अभ्यर्थियों का अभिलेख सत्यापन

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज,इलाहाबाद विश्वविद्यालय में स्नातक प्रवेश प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। 19 स्नातक पाठ्यक्रमों में अधिकांश सीटों पर प्रवेश हो चुका है। दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के अभिलेखों का भौतिक सत्यापन कल 17 अगस्त से शुरू होगा। इसके लिए संबंधित विभागों की ओर से अलग-अलग तिथियां और दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। नए शैक्षणिक सत्र की नियमित कक्षाएं 20 अगस्त से शुरू होंगी।

पहली बार अगस्त में शुरू होंगी कक्षाएं
पिछले तीन वर्षों में पहली बार अगस्त माह में स्नातक कक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। इससे पहले प्रवेश प्रक्रिया लंबी खिंचने के कारण सितंबर या अक्टूबर तक कक्षाएं शुरू होती थीं। इस बार प्रवेश प्रक्रिया को अपेक्षाकृत जल्द पूरा करने के बाद पढ़ाई शुरू करने की तैयारी की गई है।

करीब 3700 सीटों पर प्रवेश
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में चार वर्षीय बीए, बीएससी और बीकाम समेत बीएड, पांच वर्षीय बीबीए-एमबीए, बीसीए-एमसीए डाटा साइंस, बीसीए, आपदा प्रबंधन, खाद्य एवं पोषण सहित 19 स्नातक पाठ्यक्रमों में करीब 3700 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। इनमें बड़ी संख्या में सीटों पर दाखिला हो चुका है और अब प्रवेशित विद्यार्थियों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों एवं अन्य अभिलेखों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।

निर्धारित तिथि से 7 दिन बाद शुरू होंगी कक्षाएं
विश्वविद्यालय प्रशासन ने शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार 13 अगस्त से स्नातक कक्षाएं शुरू करने की घोषणा की थी। हालांकि प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने में कुछ अतिरिक्त समय लगने के कारण कक्षाएं निर्धारित तिथि से सात दिन बाद शुरू होंगी। अब 20 अगस्त से विभागों में नियमित शिक्षण कार्य प्रारंभ करने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

अभिलेख सत्यापन में मूल प्रमाणपत्र लाएं
अभिलेख सत्यापन के दौरान विद्यार्थियों को अपने मूल प्रमाणपत्रों के साथ निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। संबंधित विभाग सत्यापन की प्रक्रिया और समय-सारिणी के संबंध में आवश्यक जानकारी जारी करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन का जोर प्रवेश प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के साथ ही विद्यार्थियों को जल्द से जल्द नियमित पढ़ाई से जोड़ने पर है।

स्नातक प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरण में
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की पीआरओ प्रो. जया कपूर ने बताया कि स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरण में है। सोमवार 17 अगस्त से प्रवेश पा चुके विद्यार्थियों के अभिलेखों का भौतिक सत्यापन शुरू कर दिया जाए, जबकि कक्षाएं 20 अगस्त से शुरू होंगी।

बीटेक में प्रवेश को 20 अगस्त तक भौतिक सत्यापन
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के जेके इंस्टीट्यूट आफ एप्लाइड फिजिक्स एंड टेक्नोलाजी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीटेक में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जोसाआ/सीसैब-2026 के माध्यम से बीटेक इलेक्ट्रानिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग तथा बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विद मेजर इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में सीट आवंटित विद्यार्थियों का संस्थान में भौतिक रिपोर्टिंग और प्रवेश प्रक्रिया 20 अगस्त तक चलेगी। रिपोर्टिंग सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे के बीच की जा सकेगी।

नियमों के तहत मिलेगी छात्रावास सुविधा
प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को मूल दस्तावेजों के साथ सभी दस्तावेजों की तीन-तीन स्वप्रमाणित प्रतियां ले जानी होंगी। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय शुल्क और यदि कोई बकाया शुल्क हो तो उसे जमा करना होगा। प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय ने छात्रावास की सुविधा को सीमित बताया है। छात्रावास उपलब्धता और विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार ही विद्यार्थियों को आवास दिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ी, अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय मिलने से राहत

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज,उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय (UPRTOU) में जुलाई 2026 सत्र के विभिन्न कार्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 अगस्त कर दी है। पहले प्रवेश की अंतिम तिथि 15 अगस्त निर्धारित की गई थी। अब इच्छुक अभ्यर्थी 30 अगस्त तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।

यूपीआरटीओयू के प्रवेश प्रभारी प्रो. जय प्रकाश यादव के अनुसार 30 अगस्त के बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश स्वीकार नहीं होंगे। ऐसे में विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के पास अब आवेदन और प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय उपलब्ध होगा।

मुक्त विश्वविद्यालय में नियमित विश्वविद्यालयों से अलग दूरस्थ शिक्षा प्रणाली के माध्यम से बड़ी संख्या में विद्यार्थी विभिन्न स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा, प्रमाणपत्र और अन्य कार्यक्रमों में प्रवेश लेते हैं। नौकरीपेशा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले तथा पढ़ाई जारी रखने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए तिथि विस्तार महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आईटीआई में कैंपस प्लेसमेंट 18 अगस्त को नैनी  स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में 18 अगस्त को कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया गया है, जिसमें निजी क्षेत्र की कंपनी अडानी सोलर (मुंद्रा सोलर प्राइवेट लिमिटेड) प्रतिभाग करेगी। प्लेसमेंट प्रभारी अजय कुमार के मुताबिक कैंपस प्लेसमेंट में हाई स्कूल, इंटरमीडिएट, बीए, बीएससी, बीककाम, आईटीआई, डिप्लोमा पास आउट अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी को उत्तर प्रदेश का निवासी होना चाहिए। इच्छुक पुरुष अभ्यर्थी इस तिथि को अपने समस्त बायोडाटा सहित मूल दस्तावेज के साथ समय सुबह 10 बजे संस्थान में उपस्थित हों।
भारी बारिश से मैलहा भगेसर पुलिया क्षतिग्रस्त आवागमन बाधित
ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी के संपर्क मार्ग के  मरम्मत कराने कि मांग उठाई

  विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज,संपर्क मार्ग टूटा, आवागमन बाधित, ग्रामीणों ने मरम्मत कार्य कोरांव विकासखंड के मैलहा भगेसर मोड़ के पास संपर्क मार्ग पर बनी एक पुलिया भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गई है । रात से सुबह तक हुई लागातर बारिश के बाद पुलिया टूट गई जिससे भगेसर गांव सभा भेगसर में PWD की मुख्य सड़क जो खिवली से भगेसर से जाती है इस बारिश में कई जगह पूरी तरह से टूटकर जल में समा गई है मुख्य मार्ग होने की वजह से ग्राम सभा भगेसर की जनता को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। इससे स्कूली बच्चों और अन्य ग्रामिणो को आवागमन में  परेशानी  होती है।