हजारीबाग में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना कार्यालय का उद्घाटन, सांसद मनीष जायसवाल ने लोगों से योजना का लाभ उठाने की अपील की

हजारीबाग शहर के बंशीलाल चौक, मंगल बाजार के समीप गुरुवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के कार्यालय का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना के लाभों की जानकारी दी गई तथा लोगों से इसका अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की गई।

योजना के फ्रेंचाइजी हेमंत कुमार ने ली हैं। इन्होंने बिहार और झारखंड के लिए इसकी जिम्मेदारी ली है। उद्घाटन से पहले सांसद मनीष जायसवाल का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। वहीं सांसद मनीष जायसवाल ने योजना के पहले लाभार्थी सुनील केशरी को गुलदस्ता देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उपस्थित कई लोगों ने भी अपने घरों में सोलर रूफटॉप सिस्टम लगवाकर बिजली बिल शून्य करने की इच्छा जताई।

अपने संबोधन में सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना ऊर्जा आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि घरों की छतों पर सोलर सिस्टम लगाने से बिजली बिल लगभग शून्य हो सकता है। साथ ही आवश्यकता से अधिक बिजली का उत्पादन होने पर उसे विद्युत विभाग को देकर आर्थिक लाभ भी प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि गुजरात के अहमदाबाद में लगभग 90 प्रतिशत घरों में सोलर पैनल लगे हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में भी करीब 45 प्रतिशत परिवार सोलर ऊर्जा का उपयोग कर रहे हैं। झारखंड में भी इस योजना को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि लोग स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा का लाभ उठा सकें।

सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि केंद्र सरकार इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को ₹78 हजार तक की सब्सिडी उपलब्ध करा रही है, जिससे सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाना पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है। उन्होंने लोगों से इस जनहितकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा इसकी जानकारी अन्य लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर नीलेंदु जयपुरियार ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी को बहुत जल्द समाप्त किया जा सकता है। ऐसे में हजारीबाग के लोगों को समय रहते इस योजना का लाभ उठा लेना चाहिए।

कार्यक्रम में योजना का लाभ उठाने वालों में राहुल राणा, राजीव सिन्हा, प्रभात कुमार सहित अन्य लोग शामिल रहे। वहीं समारोह में बबलू सिंह, विजय श्री, हरीश श्रीवास्तव, के.पी.ओझा, किशोरी राणा, रंजन चौधरी, सिब्रोटी चेटरजी, सुनील सिन्हा, अमरेंद्र कुमार, पंचम, विशाल, सनी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

डाड़ी प्रखंड के विभिन्न गांवों का दौरा कर शोकाकुल परिवारों से मिले सांसद मनीष जायसवाल, हरसंभव सहयोग का दिलाया भरोसा

 हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने बुधवार को मांडू विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत डाड़ी प्रखंड एवं आसपास के विभिन्न गांवों का व्यापक दौरा किया। इस दौरान ग्राम पंचायत बलसगरा पहुंचने पर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

दौरे के क्रम में सांसद मनीष जायसवाल बारलोंग में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले हुवाग पंचायत के कठरेवा गांव निवासी स्व. मनीष कुमार (22 वर्ष) एवं स्व. हेमंत कुमार (28 वर्ष) के ब्रह्मभोज सह श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। उन्होंने दोनों दिवंगतों के परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इसके बाद सांसद मनीष जायसवाल ने हुल दिवस की छुट्टी पर अपने पैतृक गांव रबोध आए गिरिडीह में पदस्थापित सब-रजिस्ट्रार स्व. बालेश्वर पटेल (53 वर्ष) की हत्या पर उनके परिजनों से मिलकर शोक संवेदना प्रकट की। वहीं डाड़ी श्मशान घाट पहुंचकर ढोठवाटांड़ निवासी स्व. दुखारी देवी को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की तथा परिजनों को सांत्वना दी।

सांसद मनीष जायसवाल डाड़ी प्रखंड के गिद्दी-ए निवासी भाजपा मंडल उपाध्यक्ष चंदन सिंह के पिता स्व. सुरेंद्र सिंह के एकादशा कार्यक्रम में भी शामिल हुए। इसके अलावा रेलीगढ़ा निवासी विकास मालाकार के आकस्मिक निधन पर उनके घर पहुंचकर परिजनों का हौसला बढ़ाया। परिजनों द्वारा अस्पताल एवं वाहन चालक की लापरवाही का मामला उठाए जाने पर सांसद मनीष जायसवाल ने रामगढ़ थाना प्रभारी से दूरभाष पर बात कर संबंधित वाहन को शीघ्र जब्त करने, चालक पर कानूनी कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

दौरे के दौरान सांसद मनीष जायसवाल ने रेलीगढ़ा निवासी स्व. जया कुंडू के जरूरतमंद परिजनों को नमो श्राद्ध किट भी भेंट किया और उन्हें सांत्वना दी। दिनभर के व्यस्त कार्यक्रम के बाद सांसद मनीष जायसवाल ने डाड़ी सांसद प्रतिनिधि सह रेलीगढ़ा पंचायत के मुखिया गुंजन साहू के आवास भी पहुंचे ।

इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री सह जिला परिषद सदस्य सर्वेश सिंह, हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि रंजीत पांडेय, पुरुषोत्तम पाण्डेय, गुंजन साव, रीमा कुमारी, डाड़ी भाजपा मंडल अध्यक्ष राजदीप प्रसाद, बसंत प्रजापति, करुण सिंह, बिहारी प्रजापति, वकील महतो, सुरेश केशरी, रॉकी सिंह, स्वेता प्रकाश, नारायण महतो, कृष्णा राम, अविनाश राम, रामविलाश महतो, बादल पात्रो सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

दौरे के दौरान सांसद मनीष जायसवाल ने सभी दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य एवं साहस प्रदान करने की कामना की ।

नमो फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 की तैयारियां तेज, सांसद मनीष जायसवाल ने जर्सी निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

हजारीबाग। सांसद खेल महोत्सव-2026 के तहत आयोजित होने वाले नमो फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने मंगलवार को शहर के न्यू एरिया स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप संचालित एक स्टिचिंग सेंटर का निरीक्षण किया, जहां टूर्नामेंट के लिए तैयार की जा रही आकर्षक नमो जर्सियों की प्रिंटिंग और सिलाई का कार्य चल रहा है।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने युद्धस्तर पर हो रहे जर्सी निर्माण कार्य का जायजा लिया और स्टिचिंग यूनिट की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वहां कार्यरत स्थानीय महिला कारीगरों से बातचीत कर उनके कौशल की सराहना की तथा तैयार हो रही जर्सियों की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया।

सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के 'वोकल फॉर लोकल' अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नमो फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 की जर्सियों की प्रिंटिंग और सिलाई का कार्य हजारीबाग की स्थानीय स्टिचिंग यूनिट को सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय महिला कारीगरों को रोजगार मिलने के साथ-साथ लघु उद्योग और आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिल रही है।

उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव के तहत आयोजित नमो फुटबॉल टूर्नामेंट की लोकप्रियता हर वर्ष बढ़ रही है। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना, खेल संस्कृति को बढ़ावा देना तथा युवाओं में अनुशासन, खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की सोच विकसित करना है।

सांसद ने विश्वास जताया कि सांसद खेल महोत्सव-2026 के अंतर्गत आयोजित यह टूर्नामेंट हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

निरीक्षण के दौरान समाजसेवी श्रद्धानंद सिंह, व्यवसायी बबलू भंडारी, सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल मिश्रा, सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हजारीबाग नगर निगम बोर्ड बैठक में पहली बार पदेन सदस्य के रूप में शामिल हुए सांसद मनीष जायसवाल, विकास को लेकर दिए कई अहम सुझाव

हजारीबाग नगर निगम की साधारण बोर्ड बैठक में पहली बार पदेन सदस्य के रूप में बुधवार को हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल शामिल हुए। बैठक में उन्होंने नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए और स्पष्ट कहा कि शहर के विकास की पहली प्राथमिकता मजबूत सड़कें, बेहतर नालियां और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने बोर्ड से आग्रह किया कि आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ करने के बाद अन्य विकास योजनाओं को गति दी जाए।

यह अवसर सांसद मनीष जायसवाल के लिए भावनात्मक भी रहा। जिस हजारीबाग नगर निगम से उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत उपाध्यक्ष के रूप में की थी उसी नगर निगम की बोर्ड बैठक में वे पहली बार सांसद एवं पदेन सदस्य के रूप में शामिल हुए। बैठक के दौरान उनके कई पुराने साथी पार्षदों से भी मुलाकात हुई।

बैठक में नगर निगम के मेयर अरविंद राणा, डिप्टी मेयर अविनाश कुमार यादव एवं नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता ने सांसद मनीष जायसवाल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। वहीं उपस्थित सभी वार्ड पार्षदों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका अभिनंदन किया।

बोर्ड बैठक में सांसद मनीष जायसवाल ने नगर निगम क्षेत्र की विकास योजनाओं, जनसमस्याओं एवं विभिन्न प्रस्तावों पर अपने सुझाव विस्तार से रखे। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि वे समय-समय पर मेयर, डिप्टी मेयर एवं सभी वार्ड पार्षदों से व्यक्तिगत रूप से मिलते रहते हैं तथा जनता से प्राप्त समस्याओं और विकास संबंधी प्रस्तावों को लगातार नगर निगम तक पहुंचाते रहे हैं। अब बोर्ड की बैठक में पहुंचकर बतौर सदस्य के रूप में शामिल होकर इन योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का सकारात्मक प्रयास कर रहें हैं ।

सांसद मनीष जायसवाल ने बैठक में कई दूरदर्शी एवं जनहितकारी प्रस्ताव भी रखे। उन्होंने 15वें वित्त आयोग की टाइड एवं अनटाइड निधि से नगर निगम क्षेत्र के तालाबों के सौंदर्यीकरण एवं गहरीकरण की योजना तैयार करने का सुझाव दिया ताकि जल संरक्षण के साथ शहर की सुंदरता भी बढ़ सके।

सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि केशव हॉल के समीप स्थित पूर्व छोटानागपुर बैंक की भूमि, जो वर्तमान में नगर निगम के अधीन है वहां आधुनिक पार्किंग स्थल विकसित किया जाना चाहिए। इससे मेन रोड एवं आसपास के क्षेत्रों में वर्षों से चली आ रही पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान संभव होगा। उन्होंने पुराना बस स्टैंड स्थित सब्जी मंडी के अधूरे हिस्से का विस्तार करने तथा वहां स्थित जर्जर भवन को हटाकर पूरे क्षेत्र को व्यवस्थित सब्जी बाजार के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा चिन्हित 1147 स्ट्रीट वेंडरों की सूची को अद्यतन कर उन्हें ऐसे स्थानों पर व्यवस्थित किया जाए, जहां आम लोगों की सहज पहुंच हो और उनका व्यवसाय भी सुचारु रूप से चल सके।

उन्होंने शहर की प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण पर विशेष ध्यान देते हुए कहा कि इससे लगातार बढ़ रही ट्रैफिक जाम की समस्या से नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा खाता संख्या-140 से जुड़े होल्डिंग परिवर्तन एवं नगर निगम के अधीन भूमि को जनहित में उनके हित अनुरूप उपयोग में लाने हेतु उनकी समस्याओं के निस्तारण का भी सुझाव दिया।

सांसद मनीष जायसवाल ने भरोसा दिलाया कि नगर निगम को यदि किसी आवश्यक मशीन, उपकरण अथवा संसाधन की जरूरत होगी तो वे अपने सांसद निधि से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएंगे।

बैठक के दौरान उन्होंने शहर की जल निकासी व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण दीर्घकालिक प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि शिवपुरी से क्षितिज अस्पताल तक जाने वाले नगर निगम के सबसे बड़े नाले के दोनों किनारों पर शोल्डर निर्माण कराया जाए। यदि इस योजना को राज्य सरकार के माध्यम से तैयार कर केंद्र सरकार को भेजा जाता है, तो वे इसे स्वीकृति दिलाने में केंद्र सरकार में हरसंभव सहयोग करेंगे। उनका मानना है कि इस योजना के क्रियान्वयन से भविष्य में हजारीबाग शहर को जलजमाव और बाढ़ जैसी समस्याओं से काफी हद तक मुक्ति मिल सकेगी।

बैठक में सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि उनका उद्देश्य हजारीबाग को एक सुव्यवस्थित, स्वच्छ, आधुनिक और नागरिक सुविधाओं से समृद्ध शहर बनाना है। उन्होंने कहा कि केंद्र, राज्य और नगर निगम के समन्वित प्रयासों से हजारीबाग नगर निगम के विकास को नई गति मिलेगी और जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

विभागों के बेहतर समन्वय से विकास कार्यों में आएगी तेजी : उपायुक्त हेमन्त सती

उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में आज 8 जुलाई को समाहरणालय सभागार में अन्तर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनहित की योजनाओं एवं विकास कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करना था। उपायुक्त ने कहा कि कई बार विभागों के बीच समन्वय के अभाव में महत्वपूर्ण योजनाएं समय पर पूर्ण नहीं हो पाती हैं। ऐसे मामलों का त्वरित समाधान कर कार्यों को गति देना इस बैठक का प्रमुख उद्देश्य है।

बैठक में जनता दरबार एवं पीजी पोर्टल पर लंबित मामलों की समीक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य, नगर निगम, वन एवं पर्यावरण, भवन निर्माण, समाज कल्याण, विद्युत, कृषि, भू-संरक्षण, पशुपालन, जेएसएलपीएस, खाद्य आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, खेल तथा सहकारिता विभाग से जुड़े विभिन्न लंबित एवं समन्वय संबंधी मामलों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने बड़कागांव स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र, गोंदलपुरा के निर्माण में भूमि प्रतिवेदन से संबंधित समस्या का शीघ्र समाधान करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) को 15 जुलाई तक भूमि का ले-आउट तैयार कराने का निर्देश दिया। वहीं इचाक प्रखंड के बोंगा स्वास्थ्य उपकेंद्र को 15 जुलाई तक प्रारंभ करने तथा सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों में बिजली, पेयजल एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में भवनहीन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए पोषक क्षेत्र के समीप उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का निर्देश संबंधित अंचल अधिकारियों को दिया गया। साथ ही विद्युत विभाग को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली कनेक्शन एवं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

कृषि विभाग को एटीएम एवं बीटीएम की नियुक्ति हेतु शीघ्र विज्ञापन प्रकाशित करने तथा सभी प्रखंडों में बीज वितरण की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।

खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग की समीक्षा के दौरान नए गोदामों के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के गोदामों का नियमित निरीक्षण करने को कहा गया।

सामाजिक सुरक्षा विभाग को पेंशन स्वीकृति प्रक्रिया में पूरी सावधानी बरतने तथा मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना के अयोग्य लाभुकों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र में विभिन्न समितियों के अध्यक्ष होने के नाते सरकारी विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करें तथा पठन-पाठन की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करें। इसके साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों के नियमित संचालन एवं मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने प्रखंड स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने हेतु उपलब्ध संसाधनों एवं संभावित गतिविधियों की भी जानकारी प्रखंड विकास पदाधिकारियों से प्राप्त की।

बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से संबंधित कार्यों में पूरी गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह,डीएफओ उज्ज्वल कुमार,अपर समाहर्ता श्री महेंद्र छोटन उरांव,एसडीओ सदर श्री आदित्य पांडेय, एसडीओ श्री जोहन टुडू, प्रशिक्षु आईएएस सुश्री पूर्वा अग्रवाल,सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी,सभी अंचलाधिकारी व प्रखंड विकास पदाधिकारी व अन्य मौजूद थे।

हजारीबाग पुलिस का विशेष छापेमारी अभियान, महिला अपराध व पोक्सो मामलों के 28 फरार अभियुक्त गिरफ्तार

हजारीबाग: महिलाओं से संबंधित अपराध एवं पोक्सो मामलों में फरार चल रहे अपराधियों, वारंटियों और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए हजारीबाग पुलिस ने 06/07-07-26 की रात जिलेभर में विशेष समकालीन छापेमारी अभियान चलाया। यह अभियान जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों और पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में संचालित किया गया।

अभियान के तहत जिले के सभी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में कुल 30 टीमों का गठन किया गया, जिनमें लगभग 107 पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी शामिल थे। सभी टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए 28 फरार अपराधियों एवं अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों और पोक्सो मामलों में फरार आरोपियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार का सघन अभियान जारी रहेगा। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई अपराधी गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपा हुआ है या फरार चल रहा है, तो इसकी सूचना तुरंत अपने नजदीकी थाना को दें। सूचना का सत्यापन कर पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हजारीबाग पुलिस ने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी चलाए जाते रहेंगे।

हजारीबाग में लंबित मामलों के जल्द निष्पादन पर जोर, पुलिस अधीक्षक ने सदर थाना की समीक्षा बैठक में दिए कई निर्देश

हजारीबाग: 7 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर), पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी (सदर) एवं सदर थाना के सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में नए एवं पुराने सभी लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि वर्ष 2025 से पूर्व तथा वर्तमान में लंबित सभी कांडों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

बैठक में सदर थाना में लंबित जमानती एवं गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार तथा कुर्की-जब्ती की कार्रवाई को लेकर भी विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साथ ही इन सभी मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि प्रत्येक सोमवार को थाना स्तर पर सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर लंबित मामलों की समीक्षा की जाए और उनके निष्पादन की प्रगति की नियमित निगरानी की जाए।

अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई के लिए ऐसे स्थानों की पहचान करने तथा इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों को चिन्हित कर विशेष अभियान चलाते हुए उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।

साइबर अपराध से संबंधित लंबित मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने तथा उनमें शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि थानों में आने वाले आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जमीन विवाद से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा थाना दिवस के दौरान करने तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अंचलाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी को पत्राचार करते हुए आगे की कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया।

केरेडारी में रुद्र महायज्ञ और शतचंडी महायज्ञ में शामिल हुए सांसद मनीष जायसवाल, ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं

केरेडारी - बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत केरेडारी प्रखंड के पाण्डु पंचायत स्थित ग्राम बालेदेवरी में आयोजित नौ दिवसीय श्री श्री 1008 रुद्र महायज्ञ तथा पाण्डु में आयोजित नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ में मंगलवार को हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल शामिल हुए। उन्होंने यज्ञ मंडप में पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

बालेदेवरी में सांसद मनीष जायसवाल ने श्रद्धालुओं, आयोजन समिति के सदस्यों और ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने एनटीपीसी द्वारा भूमि अधिग्रहण एवं विस्थापन से जुड़ी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। ग्रामीणों ने मांग किया कि कंपनी भूमि अधिग्रहण के साथ-साथ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और कट-ऑफ तिथि के अनुरूप सभी सुविधाएं सुनिश्चित करे तथा सभी विस्थापितों को एक स्थान पर सामूहिक रूप से बसाया जाए। सांसद मनीष जायसवाल ने आश्वस्त किया कि वे कंपनी प्रबंधन से शीघ्र वार्ता कर ग्रामीणों के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि रुद्र महायज्ञ जैसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा समाज में भाईचारा और सद्भाव की भावना मजबूत होती है।

बालेदेवरी महायज्ञ आयोजन समिति ने सांसद मनीष जायसवाल का अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि पांच जुलाई से शुरू हुए नौ दिवसीय महायज्ञ की पूर्णाहुति 13 जुलाई को होगी। प्रतिदिन हवन, प्रवचन, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है। अयोध्या से पधारी कथावाचिका साध्वी ज्योति प्रतिदिन कथा वाचन कर रही हैं।

इसके बाद सांसद मनीष जायसवाल पाण्डु ग्राम पहुंचे, जहां आयोजित नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ के सातवें दिन ग्रामीणों द्वारा निकाले गए भव्य नगर भ्रमण में श्रद्धालुओं के साथ शामिल हुए। उन्होंने माता भगवती से पूरे हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। पाण्डु के ग्रामीणों ने अंगवस्त्र भेंटकर उनका भव्य स्वागत किया। इससे पहले सांसद मनीष जायसवाल का केरेडारी के कोदवे चौक पर स्थानीय लोगों ने स्वागत और अभिनंदन किया। महायज्ञ में शामिल होने के उपरांत केरेडारी चौक पर स्थानीय बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ चाय पर चर्चा - परिचर्चा किया। 

माैके पर बालेदेवरी में विशेष रूप से बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, जिला सांसद प्रतिनिधि अजय कुमार साहू, बेलतू भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील सिंह उर्फ शेर सिंह, केरेडारी भाजपा मंडल अध्यक्ष बालगोविंद सोनी, भाजपा नेता महेंद्र सिंह, प्रकाश गुप्ता, नारायण यादव, संजय ओझा, राजीव कुमार, नागेश्वर महतो, संजय दुबे, राजू साव, कर्मचारी साव, सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी सहित बालेदवरी के राजदीप दूबे, अमिद्र दुबे, अनुज दुबे, धर्मजय कुमार दुबे, राजेश दुबे, सुरेंद्र दुबे, रघुवीर कुमार दुबे, इंदेश दुबे, जयप्रकाश दुबे, संतन दुबे, पंकज दुबे, नरेश दुबे, कमलनाथ दुबे, रमेन्द्र दुबे, धीरेंद्र दुबे, बलराम दुबे, अबलाख दुबे, अमरनाथ दुबे एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। वहीं पाण्डु महायज्ञ में महासमिति अध्यक्ष चेतलाल प्रजापति, सचिव श्रवण राम, अनिल राम, कौशलेश्वर ठाकुर, संजय ओझा, फूलदेव राम, राकेश रंजन दुबे, विकास दास, गणेश सिंह, लक्ष्मण राम, संतोष राम, सागर राणा, अशोक प्रजापति, तुलसी प्रजापति, संतोष प्रजापति, मनोज ओझा, विकास यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, भाजपा कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

हजारीबाग में SIR-2026 अभियान का आयुक्त ने किया निरीक्षण, बोले- मतदाता सूची में किसी पात्र मतदाता का नाम नहीं छूटना चाहिए

 हजारीबाग: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त श्री विजय कुमार गुप्ता ने मंगलवार को माण्डू विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चुरचू प्रखंड के मतदान केन्द्र संख्या-16 (मॉडल आंगनबाड़ी नर्सरी स्कूल केंद्र, लारा) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मतदान केन्द्र पर चल रहे गणना प्रपत्र वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्यों का जायजा लिया। आयुक्त ने कहा कि शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक निर्वाचन प्रक्रिया की आधारशिला है। उन्होंने बीएलओ को स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी तथा आप सभी पूरी जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।

इस दौरान बीएलओ ने आयुक्त को जानकारी दी कि संबंधित मतदान केन्द्र के अंतर्गत कुल 608 मतदाता हैं तथा सभी मतदाताओं के बीच गणना प्रपत्र का वितरण किया जा रहा है। इसके साथ-साथ प्राप्त प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कार्य भी समानांतर रूप से किया जा रहा है।

आयुक्त ने निर्देश दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी योग्य मतदाता का नाम छूटने न पाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता, अद्यतनता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करना निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए अभियान के प्रत्येक चरण का निष्पादन पूरी गंभीरता, सतर्कता एवं पारदर्शिता के साथ किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों एवं बीएलओ को घर-घर संपर्क अभियान में और अधिक तेजी लाने, गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण एवं संग्रहण सुनिश्चित करने तथा डिजिटाइजेशन कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अभियान की सतत निगरानी करने एवं दैनिक प्रगति की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, चुरचू, संबंधित बीएलओ, पर्यवेक्षक एवं स्वयंसेवक उपस्थित थे।

लगातार बारिश से जर्जर हुई NH सड़क का विधायक प्रदीप प्रसाद ने किया निरीक्षण, NHAI से तत्काल मरम्मत और जल निकासी की मांग

 हजारीबाग में लगातार हो रही वर्षा के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अंतर्गत आने वाली सड़क के कई हिस्सों में गंभीर जल-जमाव एवं सड़क की जर्जर स्थिति उत्पन्न हो गई है। विशेष रूप से मासीपीढ़ी चौक, हुंडई शोरूम के समीप तथा सिद्धार्थनगर के निकट अधूरी एवं क्षतिग्रस्त सड़क के कारण आम नागरिकों, वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने आज उक्त तीनों स्थलों का स्वयं निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल-जमाव, गड्ढों तथा अधूरे निर्माण कार्य के कारण आमजन को हो रही कठिनाइयों पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित एजेंसियों को तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

निरीक्षण के उपरांत विधायक श्री प्रदीप प्रसाद ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के परियोजना निदेशक (PD) विजय कुमार से दूरभाष पर विस्तृत वार्ता की तथा उन्हें मौके की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने प्रभावित स्थलों पर तत्काल जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने, क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत करने तथा अधूरे निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर शीघ्र पूर्ण कराने का आग्रह किया, ताकि नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।

विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और हजारीबाग की जनता को बेहतर सड़क, सुरक्षित यातायात तथा मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर संबंधित विभाग एवं NHAI के अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाकर कार्यों की प्रगति की निगरानी की जाएगी, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।