सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर सिविल सर्जन से मिले मीडिया प्रतिनिधि, पेटो स्वास्थ्य केंद्र को 24×7 संचालित करने और ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था

हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर उनके लोकसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने शनिवार को जिले के सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार से मुलाकात कर ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इस दौरान सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने विशेष रूप से हजारीबाग-धनबाद रोड (राष्ट्रीय राजमार्ग-522) पर दारू प्रखंड स्थित अतिरिक्त उपस्वास्थ्य केंद्र, पेटो को जनहित में चौबीसों घंटे और सातों दिन संचालित करने की मांग की। उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार को बताया कि यह स्वास्थ्य केंद्र सीधे नेशनल हाईवे के किनारे स्थित है, जहाँ अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ऐसी आपातकालीन स्थिति में यदि इस केंद्र पर एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी बुनियादी व जरूरी जांच सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएं और 24 घंटे इसे जनहित में संचालित किया जाय तो घायलों को समय पर प्राथमिक उपचार मिल सकेगा और कई लोगों की जान बचाई जा सकेगी। इसके साथ ही उन्होंने बरही अनुमंडल अस्पताल में चिकित्सा उपकरणों की कमी पर नाराजगी जताई और कहा कि अस्पताल में टूटा हुआ स्ट्रेचर रखना बेहद संवेदनहीनता है, जिसे तुरंत बदला जाना चाहिए। उन्होंने जिले के अन्य सुदूरवर्ती स्वास्थ्य केंद्रों और उपकेंद्रों की स्थिति में भी व्यापक और त्वरित सुधार का आग्रह किया।

जिले के सिविल सर्जन से वार्ता के क्रम में सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने मानसून के दस्तक देने के साथ ही जिले में तेजी से बढ़ रहे मलेरिया और टाइफाइड के मरीजों की संख्या पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने सिविल सर्जन से आग्रह किया कि संभावित डेंगू और चिकनगुनिया के खतरे से आम जनता को सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग को तत्काल प्रभाव से मिशन मोड में काम शुरू कर देना चाहिए। इसके तहत जिले के सभी प्रभावित और संवेदनशील इलाकों में युद्ध स्तर पर डीडीटी का छिड़काव, फॉगिंग, ग्रामीण स्तर पर जागरूकता पहल और मच्छरदानी वितरण जैसे आवश्यक अभियान चलाए जाने चाहिए ताकि महामारी की स्थिति को समय रहते रोका जा सके। सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी द्वारा बताए गए इन तमाम जनहित के मुद्दों और मांगों को सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने सभी विषयों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए भरोसा दिलाया कि नेशनल हाईवे के पेटो स्वास्थ्य केंद्र को सुदृढ़ करने, बरही अस्पताल की व्यवस्था सुधारने और मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए विभाग जल्द ही धरातल पर ठोस और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

जारीबाग में SIR अभियान को लेकर कांग्रेस की बैठक, मुन्ना सिंह ने किया मतदाता पुनरीक्षण केंद्रों का निरीक्षण

हजारीबाग सदर विधानसभा सीट से पूर्व प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने शनिवार को जिला कांग्रेस कार्यालय कृष्ण बल्लभ आश्रम में आयोजित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर संगठनात्मक बैठक में भाग लिया। बैठक में झारखंड कांग्रेस के SIR प्रभारी राहुल बल ने संगठन पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अभियान की जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए राहुल बल ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान प्रदत्त मताधिकार की रक्षा का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कांग्रेस के BLA-2 एवं कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्र के BLO के साथ समन्वय स्थापित कर गांव-गांव और घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करने तथा लोगों को SIR प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी पात्र मतदाता अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित न रहे।

बैठक के बाद मुन्ना सिंह ने राहुल बल के साथ हजारीबाग स्थित लक्ष्मी मुस्लिम उच्च विद्यालय एवं सुजैत चौक, वार्ड संख्या-30 में संचालित SIR केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं सत्यापन के लिए पहुंचे नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों और BLO से पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से SIR प्रक्रिया को पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ संचालित करने का आग्रह किया।

निरीक्षण के दौरान मुन्ना सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत प्रत्येक नागरिक का मताधिकार है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी पात्र मतदाता तकनीकी त्रुटि या लापरवाही के कारण मतदाता सूची से बाहर न रह जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है तथा SIR अभियान के दौरान भी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर आवश्यक सहयोग और जानकारी उपलब्ध कराएगा।

बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ कमेटियों के सुदृढ़ीकरण तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष जय प्रकाश भाई पटेल, जिला वरीय उपाध्यक्ष शारदा रंजन दुबे, नगर अध्यक्ष परवेज अहमद, मीडिया विभाग के अध्यक्ष निसार खान, प्रखंड अध्यक्ष अब्बास अंसारी, अब्दुल मनान वारसी, गौतम कुमार मेहता, नरसिंह प्रजापति, मोहम्मद नौशाद आलम, अजय कुमार यादव, अजित कुमार सिंह, रंजीत यादव, अनिल कुमार भुईंया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

आदिवासी बालिका छात्रावास में पेयजल संकट पर प्रशासन हरकत में, ज्ञापन मिलते ही प्रभारी जिला कल्याण पदाधिकारी ने किया निरीक्षण

शुक्रवार को कृष्ण वल्लभ महिला महाविद्यालय परिसर में स्थित आदिवासी बालिका छात्रावास में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या को लेकर राष्ट्रीय आदिवासी छात्र संघ के केंद्रीय संयोजक सह पूर्व प्रत्याशी मुन्ना सिंह के निजी मीडिया प्रतिनिधि विक्की कुमार धान ने प्रभारी जिला कल्याण पदाधिकारी महेंद्र छोटन उरांव को ज्ञापन सौंपकर छात्रावास में रह रही 200 से अधिक आदिवासी छात्राओं के लिए स्वच्छ एवं नियमित पेयजल की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग किया। ज्ञापन में कहा गया है कि छात्रावास में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण छात्राओं को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पानी के लिए लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ती है और कई बार छात्राओं को अपनी पढ़ाई छोड़कर बाहर से पानी लाना पड़ता है। इससे उनकी शिक्षा प्रभावित होने के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ रहे हैं। विक्की कुमार धान ने बताया कि छात्रावास परिसर स्थित चापाकल से कई बार लाल रंग का दूषित पानी निकलने की शिकायत मिली है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से छात्राओं के हित में तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि आदिवासी छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा की अनदेखी उचित नहीं है। ज्ञापन के माध्यम से जलापूर्ति व्यवस्था की तकनीकी जांच, शुद्ध पेयजल की नियमित उपलब्धता, आवश्यकता पड़ने पर नए बोरवेल, जलमीनार अथवा पाइपलाइन निर्माण, पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच तथा समयबद्ध कार्ययोजना के तहत स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही इस मामले में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों के विरुद्ध कार्रवाई की भी मांग की गई है।मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी जिला कल्याण पदाधिकारी महेंद्र छोटन उरांव ने ज्ञापन प्राप्त होते ही आदिवासी बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा पेयजल, विद्युत आपूर्ति, बाउंड्री वॉल सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समस्या की विस्तृत जांच कर आवश्यक कदम शीघ्र उठाए जाएंगे, ताकि छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। गौरतलब है कि छात्रावास में पेयजल संकट लंबे समय से बना हुआ है। छात्राओं का कहना है कि समस्या के स्थायी समाधान में लगातार हो रही देरी का असर उनकी पढ़ाई और दैनिक जीवन पर पड़ रहा है। ऐसे में अब जिला प्रशासन की पहल के बाद छात्राओं को शीघ्र राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने किया एसआईआर (SIR) कार्यक्रम का निरीक्षण

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री हेमन्त सती ने आज जिले में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत आज 3 जुलाई को विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित बीएलओ (Booth Level Officer) से गणना प्रपत्रों के वितरण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा बीएलओ द्वारा भरे जा रहे गणना प्रपत्रों की प्रविष्टियों का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीएलओ को निर्देश दिया कि यह कार्य निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण दायित्व है। इसलिए गणना प्रपत्रों के वितरण एवं उन्हें भरवाने का कार्य पूरी गंभीरता, शुद्धता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का सफल एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित हो सके।

उपायुक्त ने राजकीय मध्य विद्यालय, कूद एवं राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सिरसी (कटकमदाग) स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए सभी प्रपत्रों का समय पर संकलन एवं सत्यापन किया जाए तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।

निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती वेदवंती कुमारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

हूल दिवस के शुभ अवसर पर हज़ारीबाग एथलेटिक्स एसोसिएशन सीनियर फुटबॉल लीग का भव्य शुभारंभ

हज़ारीबा: हूल दिवस के शुभ अवसर पर हज़ारीबाग एथलेटिक्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित सीनियर फुटबॉल लीग 2026 का शुभारंभ बड़े उत्साह एवं खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी श्री कैलाश राम ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं फुटबॉल को किक मारकर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, खेल भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं।

उद्घाटन समारोह में हज़ारीबाग एथलेटिक्स एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच रेड आर्मी एवं पप्पू 11, खटकमसांडी के बीच खेला गया, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। समाचार लिखे जाने तक मैच जारी था और पप्पू 11, खटकमसांडी की टीम रेड आर्मी पर 1–0 की बढ़त बनाए हुए थी।

उद्घाटन समारोह में हज़ारीबाग एथलेटिक्स एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे। इस अवसर पर जॉन भेंगरा, कोर्रा निवासी एवं राष्ट्रीय ट्रांसपोर्ट, हज़ारीबाग के अच्छे खिलाड़ी, अच्छे कोच एवं रेफरी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच रेड आर्मी एवं पप्पू 11, खटकमसांडी के बीच खेला गया, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। समाचार लिखे जाने तक मैच जारी था और पप्पू 11, खटकमसांडी की टीम रेड आर्मी पर 2–0 की बढ़त बनाए हुए थी।

समारोह में कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार, सचिव कोलेश्वर गोप, उपाध्यक्ष शशिकांत शर्मा, हज़ारीबाग सदर विधानसभा खेल प्रतिनिधि श्री दिलीप गोप, मंसूर आलम, चंद्रशेखर कुमार, प्रकाश कुमार गुप्ता, अबोध राम, प्रमोद कुमार दास, सूरज थापा, मुशर्रफ खान, प्रमोद राम, विकास किंडो, दादन कुमार रजक, जीतू यादव, विनय यादव, मनोज राम एवं अजय कुमार सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।

मैच का सफल संचालन ललित उराँव, सुमित उराँव, भगवान मुर्मू, विकास राम, सूरज दास, विकास दास, रविंद्र कुमार, विवेक केरकेट्टा एवं पवन राम ने किया।

हज़ारीबाग एथलेटिक्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस सीनियर फुटबॉल लीग का उद्देश्य जिले में फुटबॉल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा।

हूल दिवस" के अवसर पर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए

30 जून "हूल दिवस" के अवसर पर उपायुक्त श्री हेमन्त सती, पुलिस अधीक्षक श्री अमन कुमार, उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह, नगर आयुक्त श्री ओम प्रकाश गुप्ता, अपर समाहर्ता श्री महेंद्र छोटन उरांव एवं सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री आदित्य पांडेय ने पीडब्ल्यूडी चौक पर अवस्थित ऐतिहासिक वीरता और बलिदान के प्रतीक सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर जिले के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन भी उपस्थित रहे।

उपायुक्त ने अपने संदेश में कहा कि सिदो-कान्हू ने 30 जून 1855 में ब्रिटिश शासन के खिलाफ "हूल विद्रोह" का नेतृत्व कर आदिवासी समाज में जागरूकता और स्वतंत्रता की अलख जगाई। यह आंदोलन अंग्रेजों के दमनकारी नीतियों के विरुद्ध तथा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का एक महत्वपूर्ण अध्याय है, जो हमें अन्याय के खिलाफ संघर्ष और आत्मसम्मान की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि आज का दिन हमें यह संकल्प लेने का अवसर देता है कि हम सामाजिक एकता, समरसता और स्वतंत्रता के मूल्यों को बनाए रखें और सिदो-कान्हू, चांद भैरव, फूलो झानो के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें।

"हूल दिवस" को गरिमामय रूप से मनाते हुए जनमानस को देश की आजादी में आदिवासी समाज के योगदान से अवगत कराया गया।

हूल दिवस पर झामुमो ने सिद्धू-कान्हू को दी श्रद्धांजलि, शहादत को बताया जल, जंगल और जमीन की लड़ाई का प्रतीक

हजारीबाग: हूल दिवस के अवसर पर सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा शहीद सिद्धू-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संताल हूल के महानायक सिद्धू-कान्हू के बलिदान को याद करते हुए उनके संघर्ष को जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा की ऐतिहासिक लड़ाई बताया।

इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए झामुमो के जिला सचिव नीलकंठ महतो ने कहा कि सिद्धू-कान्हू ने अंग्रेजी हुकूमत और शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ जो बिगुल फूंका था, वह भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने कहा कि हूल केवल एक विद्रोह नहीं था, बल्कि अन्याय, शोषण और दमन के विरुद्ध स्वाभिमान और अधिकारों की लड़ाई थी। आज भी उनके आदर्श समाज को न्याय और समानता का संदेश देते हैं।

झामुमो के केंद्रीय सदस्य सुनील शर्मा ने कहा कि सिद्धू-कान्हू की शहादत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान और आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए उनके संघर्ष को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने युवाओं से उनके जीवन और संघर्षों को जानने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

केंद्रीय सदस्य विकास राणा ने कहा कि हूल दिवस हमें अपने इतिहास, संस्कृति और संघर्षों को याद करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि सिद्धू-कान्हू ने जिस साहस और दृढ़ संकल्प के साथ अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई, वह आज भी समाज को संघर्ष और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देता है।

जिला प्रवक्ता कुणाल यादव ने कहा कि सिद्धू-कान्हू का आंदोलन केवल संताल समाज तक सीमित नहीं था, बल्कि यह शोषण के खिलाफ व्यापक जनप्रतिरोध का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा हमेशा शहीदों के सपनों के अनुरूप सामाजिक न्याय, अधिकार और सम्मान की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि हूल दिवस हमें अपने महापुरुषों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेने का अवसर देता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीद सिद्धू-कान्हू के प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष रंजीत मेहता, दीपक राय, जिला प्रवक्ता कुणाल यादव, सतीश नारायण दास, सत्येंद्र मेहता, नवीन प्रकाश, निसार अहमद, मो. खलील, सुधीर पांडेय, आनंद सिंह समेत झारखंड मुक्ति मोर्चा के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हूल दिवस पर सांसद मनीष जायसवाल ने सिद्धू-कान्हू को किया नमन, आदिवासी समाज की संस्कृति और संघर्ष को बताया देश की प्रेरणा

हूल दिवस के अवसर पर बरही के खोड़ाहर में आयोजित कार्यक्रम में हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में आदिवासी समाज की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर सांसद का आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद सांसद मनीष जयसवाल ने सिद्धू-कान्हू सहित हूल आंदोलन के अमर शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके बलिदान को नमन किया। सभा को संबोधित करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि हूल आंदोलन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। उन्होंने कहा कि सिद्धू-कान्हू एवं अन्य वीर आदिवासी सेनानियों ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष कर अन्याय और शोषण के विरुद्ध आवाज बुलंद की। उनके नेतृत्व में आदिवासी समाज ने जिस साहस और एकजुटता का परिचय दिया, वह आज भी पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। सांसद ने कहा कि हूल आंदोलन की लड़ाई का परिणाम यह रहा कि आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए सीएनटी और एसपीटी एक्ट जैसे महत्वपूर्ण कानून अस्तित्व में आए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट संकल्प है कि किसी भी परिस्थिति में आदिवासी समाज की जमीन पर कोई अवैध कब्जा नहीं कर सकता। केंद्र सरकार आदिवासी समाज के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मनीष जायसवाल ने कहा कि आज प्रत्येक समाज को आदिवासी समाज की संस्कृति, प्रकृति संरक्षण की भावना, एकता और संघर्षशीलता से सीख लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता और समाज तथा राष्ट्र हमेशा उनका ऋणी रहेगा। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि हूल दिवस को प्रत्येक वर्ष पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने गौरवशाली इतिहास, शहीदों के संघर्ष और उनके बलिदान से परिचित हो सकें। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि बरही विधानसभा मुकुंद साव, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, सह सांसद प्रतिनिधि रंजीत चन्द्रवंशी, रामस्वरूप पासवान, सांसद प्रतिनिधि चौपारण मध्य मंडल रिशु बर्णवाल, मोतीलाल चौधरी, जिला परिषद प्रतिनिधि गणेश यादव, जिप प्रतिनिधि गुरुदेव गुप्ता, मुखिया प्रतिनिधि खिरोधर यादव, उपमुखिया रोहित यादव, समिति के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त रेंज ऑफिसर दिलीप एक्का, सचिव सुनील टोप्पो, अशोक बाड़ा, मगदली बाड़ा, सिलमनी टोप्पो, रवि बाड़ा, जगदीश उरांव, सुखदेव उरांव, उमेश राम, वार्ड सदस्य पूनम कच्छप सहित बड़ी संख्या में आदिवासी समाज की महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे। इधर ग्राम दौरवा में हूल दिवस पर कार्यक्रम में सांसद मनीष जायसवाल का प्राकृतिक टोपी, माला और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। दौरवा हूल दिवस कार्यक्रम में बरही प्रमुख मनोज रजक, बोधन ओरांव, बीना उरांव, कैलाश ठाकुर, प्रमेश्वर यादव, अरुण सिंह, राजेश उरांव, दीनानाथ यादव, गुलेंद्र यादव, फूलचंद सिंह, केवल सिंह, रूपलाल सिंह, जितेन्द्र प्रजापति, लोकन प्रजापति, लोकनाथ रजक, बाली सिंह, प्रदीप यादव, डेगलाल सिंह सहित अन्य मौजूद थे।

हूल दिवस पर सांसद मनीष जायसवाल ने सिद्धो-कान्हू मुर्मू को दी श्रद्धांजलि, वीरों के बलिदान को किया नमन

 मंगलवार को हूल दिवस के पावन अवसर पर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल हूल दिवस के कई कार्यक्रमों में शामिलहुए। सबसे पहले उन्होंने कई गणमान्य लोगों और बड़ी संख्या में मौजूद आदिवासी समाज के लोगों के साथ हजारीबाग के पीडब्ल्यूडी कार्यालय के समीप स्थित सिद्धो-कान्हू मुर्मू चौक पर पहुंचकर हूल विद्रोह के महान नायक और वीर शहीद सिद्धू-कान्हू मुर्मू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया । 

इस अवसर पर आदिवासी समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहें। उन्होंने अपने हाथों में पारंपरिक हथियार जैसे तीर-धनुष और कुल्हाड़ी के साथ-साथ वृक्ष लेकर एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। यह संदेश था कि आदिवासी समाज हमेशा से पर्यावरण और मानवता का हितैषी रहा है। यह दृश्य बेहद प्रेरणादायक था, जो प्रकृति और संस्कृति के गहरे रिश्ते को दर्शाता है।

मौके पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि हमें देश की आज़ादी में झारखंड के असंख्य वीरों के बलिदान का सदैव आदर करना चाहिए। जिस प्रकार उन्होंने एक न्यायपूर्ण देश की कल्पना की थी, हमें उसी दिशा में निरंतर कार्य करते रहना है ताकि उनके सपनों को साकार किया जा सके। उन्होंने कहा कि 

यह दिन हमें अपने इतिहास, अपने नायकों और अपने मूल्यों को याद दिलाता है ।

हजारीबाग के उपायुक्त हेमन्त सती का इचाक-पदमा दौरा, स्कूल, अस्पताल और विकास योजनाओं का किया औचक निरीक्षण

हजारीबाग के उपायुक्त श्री हेमन्त सती ने शनिवार को इचाक और पदमा प्रखंड का औचक निरीक्षण कर शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासनिक व्यवस्था और विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ कार्य करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सबसे पहले उपायुक्त ने इचाक के राजकीयकृत मध्य विद्यालय हदारी का निरीक्षण किया। यहां बच्चों और शिक्षकों की उपस्थिति, आईसीटी लैब, मिड-डे मील, स्कूली ड्रेस सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई का आकलन किया और विद्यालय में पेयजल की बेहतर व्यवस्था तथा शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने के निर्देश दिए।

इसके बाद इचाक प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण करते हुए परिसर के जर्जर भवन को ध्वस्त कराने तथा मनरेगा के तहत बिरसा आम बागवानी योजना के अंतर्गत पौधारोपण कराने का निर्देश दिया।

पदमा प्रखंड के सरैया स्थित मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड पहुंचकर उपायुक्त ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। हस्तशिल्प उत्पादों की जानकारी लेने के साथ उनकी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का आश्वासन दिया।

पदमा प्रखंड एवं अंचल कार्यालय, प्रज्ञा केंद्र, प्रखंड संसाधन केंद्र और जेएफएफसी गोदाम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने मनरेगा योजनाओं की समीक्षा की तथा आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान के निर्देश दिए। प्रज्ञा केंद्र में जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र निर्गत करने की व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया।

रामनारायण +2 उच्च विद्यालय, पदमा में पुस्तकालय की व्यवस्था की सराहना करते हुए उन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का नियमित अभ्यास कराने के निर्देश दिए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पदमा के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ओपीडी, प्रसव कक्ष, ऑपरेशन थिएटर, स्टरलाइजेशन कक्ष, डॉक्टर चैंबर और दवा वितरण केंद्र का जायजा लिया। उन्होंने एक्स-रे मशीन और एक्स-रे तकनीशियन उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।

निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने पदमा किला एवं ऐतिहासिक हवा महल का भ्रमण किया। यहां की प्राचीन नक्काशी की सराहना करते हुए उन्होंने इसे हजारीबाग की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर बताया।