कृष्णा नगर–शिवपुरी में सर्वदेव प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ की कलश यात्रा में शामिल हुए विधायक प्रदीप प्रसाद

कृष्णा नगर–शिवपुरी में आयोजित श्री श्री 1008 सर्वदेव प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ की कलश यात्रा में हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की अटूट आस्था, भक्ति, शांति एवं एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण और धार्मिक उत्साह का संचार हो रहा था। विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति के संरक्षण को सशक्त बनाने का कार्य करते हैं।

उन्होंने इस भव्य एवं दिव्य आयोजन के सफल संचालन के लिए सभी आयोजकों, पुरोहितों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सहभागिता से ही इस प्रकार के धार्मिक आयोजन सफल होते हैं। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि उनकी कृपा समस्त क्षेत्रवासियों पर सदैव बनी रहे तथा सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और मंगल का वास हो।

इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष उमेश मेहता, भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य मंजू नंदनी, भाजपा नेता नरेंद्र कुमार, विधायक प्रतिनिधि अशोक राणा, मंडल अध्यक्ष प्रकाश कुशवाहा, मनीष ठाकुर, पवन गिरि, यज्ञ समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ‘वीरू’, संयोजक सुनील सिंह, धर्मेंद्र कुमार, सचिव राजेंद्र साव, कोषाध्यक्ष सीताराम सिंह, उपाध्यक्ष रमेश राम एवं कैलाश राम, सह-कोषाध्यक्ष रणवीर कुमार, समीर शाह, अनूप सिंह, मनीष चौधरी, फणीन्द्र गुप्ता सहित अनेक गणमान्य श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हजारीबाग यूथ विंग आयोजित करेगा भव्य योग शिविर, प्रतिभागियों को मिलेगा प्रमाण पत्र

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर हजारीबाग यूथ विंग द्वारा 21 जून दिन रविवार को शहर के मालवीय मार्ग स्थित अग्रसेन भवन सभागार में भव्य योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। सुबह 6:00 बजे से आयोजित होने वाले इस शिविर में शहर के युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों एवं सभी आयु वर्ग के लोगों को योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। संस्था द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी नियमित रूप से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। योग शिविर में योग शिक्षिका वर्षा डे अपनी टीम के साथ उपस्थित रहकर विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराएंगी तथा योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी देंगी। शिविर में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को हजारीबाग यूथ विंग की ओर से प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन एवं अध्यक्ष करण जायसवाल के निर्देश पर उपाध्यक्ष विकास तिवारी, संस्था के मार्गदर्शक विकास केशरी एवं कार्यकारणी सदस्य मोहम्मद ताजुद्दीन को संयोजक बनाया गया है। तीनों संयोजक आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जनसंपर्क कर रहे है। संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और यह स्वस्थ शरीर, शांत मन तथा संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में प्रत्येक व्यक्ति को नियमित रूप से योग अपनाना चाहिए, ताकि समाज स्वस्थ और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सके। उन्होंने सभी नागरिकों से इस योग शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का लगातार प्रयास कर रहा है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और योग को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने शहरवासियों से आग्रह किया कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ इस योग शिविर में शामिल होकर स्वस्थ जीवन का संकल्प लें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।

विभिन्न धार्मिक आयोजनों में शामिल हुए मुन्ना सिंह, क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की

हजारीबाग जिले के सदर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने शनिवार को हजारीबाग शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में आयोजित विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर पूजा-अर्चना की तथा भगवान शिव एवं समस्त देवी-देवताओं से क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

मुन्ना सिंह सबसे पहले कोऑपरेटिव कॉलोनी गोलम्बर, दीपुगढ़ा स्थित नव निर्मित श्री श्री महादेव मंदिर में आयोजित सप्त देव सप्त दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, आध्यात्मिकता और सनातन संस्कृति के प्रति नई चेतना का संचार करते हैं। उन्होंने मंदिर निर्माण एवं महायज्ञ के सफल आयोजन के लिए पूजा समिति के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों के प्रयासों की सराहना की।

इसके पश्चात वे मटवारी कुम्हारटोली दुर्गा स्थान पहुंचे, जहां आयोजित शिव परिवार पंच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में भाग लेकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान शिव, माता पार्वती एवं समस्त देव शक्तियों से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, सामाजिक सद्भाव और जनकल्याण की कामना की। साथ ही आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालु भक्तों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

दिन के अंतिम चरण में मुन्ना सिंह ने बुढ़वा महादेव मंदिर परिसर में आयोजित श्री श्री 1008 सर्व देव प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ में भाग लेकर यज्ञ दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक अनुष्ठान समाज में भाईचारे, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। यज्ञ स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति और उनकी गहरी आस्था को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि हमारी सनातन परंपराएं केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज को जोड़ने, संस्कारों को सशक्त बनाने और जनकल्याण की भावना को प्रबल करने का भी कार्य करती हैं। उन्होंने आयोजन समितियों के सभी पदाधिकारियों, सहयोगकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुन्ना सिंह ने भगवान शिव एवं समस्त देवी-देवताओं से प्रार्थना की कि उनकी कृपा से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और विकास का मार्ग निरंतर प्रशस्त होता रहे तथा सभी नागरिक स्वस्थ, खुशहाल और उन्नत जीवन व्यतीत करें।

इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित रहे:

मुकेश सिंह, अभिमन्यु कुमार, सीताराम मेहता, पंकज मेहता, भरत मेहता, नीरज सिंह, दशरथ मेहता, संजय सिंह, वीरेन्द्र कुमार वीरू, सुनील सिंह, सहिता राम सिंह, फणीन्द्र गुप्ता, राहुल सिंह, राजू कुमार गुप्ता (पीओपी), विकास सिंह, संजीव सिंह, विपिन बिहारी सिन्हा, गोविन्द सिंह, राजू गुप्ता, किशोरी राणा, मनीष ठाकुर, नारायण साव, प्रबल प्रताप, राहुल ठाकुर, उमेश जायसवाल, रामजी, दिलीप रैथ, दीपक वर्णवाल एवं रंजीव रंजन।

लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, मादक पदार्थों पर कार्रवाई और मुहर्रम को लेकर पुलिस महानिरीक्षक ने दिए सख्त निर्देश

हजारीबाग। दिनांक 12 जून 2026 को अपराह्न 4:00 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय, हजारीबाग में पुलिस महानिरीक्षक, उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, बोकारो द्वारा जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित कांडों के निष्पादन, आम जनता के साथ बेहतर व्यवहार, एनडीपीएस, संगठित अपराध, एससी/एसटी कांडों तथा गुमशुदगी से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में निर्देश दिया गया कि अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री होने वाले स्थलों को चिन्हित किया जाए तथा इसमें संलिप्त अभियुक्तों की पहचान कर विशेष अभियान चलाते हुए उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

संगठित अपराध गिरोहों, अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों तथा साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ सीसीए, थाना हाजिरी तथा गुंडा पंजी की कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजने को कहा गया।

जिले में गुमशुदगी से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी पुलिस उपाधीक्षकों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को हत्या, महिला अपराध एवं अन्य गंभीर कांडों में घटनास्थल का निरीक्षण कर अनुसंधान की प्रगति की समीक्षा करने तथा निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश देने को कहा गया।

पुलिस महानिरीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को आम जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। आगामी मुहर्रम पर्व को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी प्रकार की संवेदनशील सूचना प्राप्त होने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को अवगत कराने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष बल दिया गया।

किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आम उत्सव सह बागवानी मेला का आयोजन

उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देशानुसार ग्रामीण विकास विभाग (मनरेगा) एवं जेएसएलपीएस, हजारीबाग द्वारा बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत शुक्रवार को झील परिसर स्थित एम्फीथिएटर में आम उत्सव सह बागवानी मेला का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह एवं महापौर श्री अरविंद राणा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मेले में जिले के विभिन्न प्रखंडों के किसानों, आम उत्पादकों तथा जेएसएलपीएस के स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्टॉल लगाकर आम एवं आम से निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया गया। मेले में मियांजाकी, आम्रपाली, स्वर्णरेखा, तोतापरी, मालदा, मलिका, हिमगिरी, हिमसागर, अल्फांसो, दशहरी एवं लंगड़ा सहित विभिन्न किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए। इसके अतिरिक्त आम का अचार, लड्डू, चटनी, मुरब्बा, जेली एवं आमचूर जैसे उत्पाद भी बिक्री हेतु उपलब्ध रहे।

कार्यक्रम के दौरान आम उत्पादक किसानों ने अपने अनुभव साझा किए तथा आम उत्पादन की संभावनाओं एवं तकनीकों की जानकारी दी। किसानों ने बागवानी आधारित आजीविका को बढ़ावा देने तथा अन्य किसानों को इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

उपायुक्त श्री हेमन्त सती, उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह एवं महापौर श्री अरविंद राणा ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर उपायुक्त श्री हेमन्त सती ने कहा कि मेले का उद्देश्य बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत विकसित आम बागानों से प्राप्त उत्पादन के विपणन को प्रोत्साहित करना तथा किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन उत्पादकों एवं व्यापारियों के बीच समन्वय स्थापित करने में सहायक होंगे तथा किसानों, विशेषकर महिला किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य प्राप्त करने में मदद करेंगे। आम उत्सव सह बागवानी मेला का आयोजन प्रत्येक वर्ष किया जाएगा। उन्होंने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि आम नागरिकों एवं व्यापारी वर्ग तक जिला प्रशासन की इस पहल को पहुंचाने का कार्य करें ताकि व्यापारी वर्ग भी इस उत्सव में शामिल होकर इसका लाभ प्राप्त करें।

उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह ने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत लगाए गए आम के पौधों से अब उत्पादन प्राप्त होने लगा है। किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर मूल्य दिलाने तथा स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस मेले का आयोजन किया गया है। उन्होंने आम नागरिकों एवं व्यापारियों से मेले में शामिल होकर इसका लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान आम उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आम उत्पादक किसानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने किसानों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बागवानी आधारित कृषि को और बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया।

आम उत्सव सह बागवानी मेला झील परिसर स्थित एम्फीथिएटर में रविवार तक आयोजित रहेगा, जहां आम एवं आम से निर्मित विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जाएगा।

परहेरिया गांव में विधायक प्रदीप प्रसाद ने किया आम के बागान का अवलोकन, 1700 पौधों के संरक्षण कार्य की सराहना

हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रदीप प्रसाद ने शुक्रवार को कटकमदाग प्रखंड के परहेरिया गांव स्थित भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता संजय शर्मा के आम के बागान का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बागवानी का अवलोकन किया तथा पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास की दिशा में किए जा रहे उनके प्रयासों की सराहना की।

संजय शर्मा ने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा तथा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़कर अपने क्षेत्र में आम के 1700 से अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण एवं विकास किया है। उनके इस प्रयास को क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनुकरणीय पहल माना जा रहा है। यह कार्य न केवल हरियाली बढ़ाने में सहायक है, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रहा है।

विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें आमजन की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने संजय शर्मा के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक पौधारोपण और वृक्षों के संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाले समय में हजारीबाग और अधिक हरित एवं स्वच्छ बन सकता है। विधायक ने “हरित हजारीबाग” के अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रतिवर्ष लाखों पौधों का रोपण किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ क्षेत्र को हरियाली से आच्छादित करने का लक्ष्य साकार हो रहा है।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि वृक्ष ही जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि दिनेश कुशवाहा, सांसद प्रतिनिधि अजय साहु, विधायक प्रतिनिधि प्रियंका कुमारी, जिला परिषद सदस्य जितन राम, मिथिलेश यादव, मुखिया संघ अध्यक्ष राजेश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष विमल गुप्ता, मंडल महामंत्री शशि ठाकुर, राजेश ठाकुर, राजेश यादव, पूर्व मुखिया कामेश्वर रविदास सहित कई गणमान्य एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।

राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष जितेश्वर प्रसाद मेहता उर्फ बिरजू जी का निधन, करियातपुर में पूरे सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा हजारीबाग के जिला अध्यक्ष जितेश्वर प्रसाद मेहता उर्फ बिरजू जी का चंडीगढ़ में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को उनके पैतृक आवास ग्राम करियातपुर, प्रखंड इचाक में पूरे सामाजिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

अंतिम संस्कार के पश्चात स्वर्गीय बिरजू मेहता की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट की शोक सभा आयोजित की गई। उपस्थित सभी लोगों ने खड़े होकर दो मिनट का मौन रख दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वर्गीय बिरजू मेहता समाज के सच्चे सेवक थे। उनका संपूर्ण जीवन पिछड़े वर्ग के उत्थान और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित रहा। उनके निधन से संगठन को अपूरणीय क्षति हुई है।

राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के प्रदेश सचिव सुरेश ठाकुर ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि हजारीबाग में ओबीसी समाज की पहचान बिरजू प्रसाद मेहता के नाम से जुड़ी हुई थी। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा स्थापित सामाजिक और संगठनात्मक कार्यों के सिद्धांतों को यदि ओबीसी परिवार अपनाए, तभी उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष बटेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि स्वर्गीय बिरजू मेहता के निधन से पूरे जिले के ओबीसी वर्ग, शिक्षाविदों तथा पर्यावरण प्रेमियों को गहरा आघात पहुंचा है।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने स्वर्गीय बिरजू मेहता की स्मृति में बरगद एवं पीपल के दो पौधे लगाए। साथ ही उनके नाम पर ग्राम करियातपुर में एक पुस्तकालय स्थापित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे उपस्थित ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया। प्रस्ताव के अनुसार पुस्तकालय का नाम "जितेश्वर प्रसाद मेहता स्मृति पुस्तकालय" रखा जाएगा। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को अध्ययन की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

मौके पर राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय मेहता, अमित कुमार, प्रदेश सचिव अजय मेहता, नागेश्वर मेहता, खतियानी परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष भुनेश्वर मेहता, राजेंद्र यादव, जेडीयू के अर्जुन मेहता, खातियानी परिवार के जयनारायण मेहता, प्रह्लाद ठाकुर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने शोक सभा में भाग लेकर दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और अंतिम विदाई दी।

मुहर्रम 2026 की तैयारियों और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर एसपी ने दिए सख्त निर्देश

पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग द्वारा जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, लंबित कांडों के निष्पादन, मुहर्रम पर्व की तैयारियों तथा अपराध नियंत्रण को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में आगामी मुहर्रम 2026 के मद्देनजर पूर्व में घटित सांप्रदायिक घटनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित मामलों में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी लाइसेंसी एवं गैर-लाइसेंसी जुलूसों की सूची तैयार कर उन पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक ने महिला प्रताड़ना, महिला हिंसा तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 60 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा वर्ष 2025 से पूर्व के सभी लंबित कांडों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निष्पादित करने को कहा गया।

सभी थाना प्रभारियों को जमानती एवं गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार तथा कुर्की-जब्ती से संबंधित लंबित मामलों के निष्पादन हेतु विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक एवं पुलिस निरीक्षक को प्रत्येक सोमवार थाना स्तर पर बैठक कर लंबित मामलों की समीक्षा एवं निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री वाले स्थानों को चिन्हित कर विशेष अभियान चलाने तथा इसमें शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। संगठित अपराध गिरोहों, अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों तथा साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों के विरुद्ध सीसीए, थाना हाजिरी एवं गुंडा पंजी के तहत कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने का निर्देश भी दिया गया।

अवैध कोयला, बालू एवं पत्थर उत्खनन पर पूर्ण रोक लगाने के लिए संबंधित अंचल अधिकारियों एवं जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं साइबर अपराध से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनने एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही जमीन विवाद से संबंधित लंबित मामलों की थाना दिवस में समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित अंचल अधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी को पत्राचार करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए सक्रिय एवं जवाबदेह भूमिका निभाने का निर्देश दिया।

स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने पर जोर, उपायुक्त हेमंत सती ने की व्यापक समीक्षा बैठक

हजारीबाग। उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पतालों की आधारभूत संरचनाओं तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने हाल ही में शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बिजली व्यवस्था, साफ-सफाई, पार्किंग, सोलर पैनल की मरम्मत एवं संचालन, मरीजों और परिजनों के लिए बैठने की व्यवस्था, कूलर, पंखे सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित कार्यों की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि निर्देशानुसार आवश्यक सुधारात्मक कार्य नियमित रूप से किए जा रहे हैं।

उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर प्रबंधन, जवाबदेही एवं प्रशासनिक कार्यपद्धति अपनाकर समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण मरीजों के बेहतर उपचार और स्वास्थ्य लाभ के लिए आवश्यक है।

बैठक में ब्लड बैंक की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने रक्त की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने सदर अस्पताल में ब्लड सेपरेटर मशीन के अधिष्ठापन को स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में रक्त अवयव पृथक्करण के लिए नमूनों को रांची भेजना पड़ता है, जिससे समय अधिक लगता है। मशीन की स्थापना के बाद मरीजों को त्वरित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने पात्र लाभुकों तक योजना का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा संस्थागत प्रसव के प्रतिशत में वृद्धि लाने के लिए आवश्यक प्रयास तेज करने का निर्देश दिया। वहीं टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उन्होंने सुझाव दिया कि टीबी से पूर्णतः स्वस्थ हो चुके मरीजों को कार्यक्रम का ब्रांड एंबेसडर बनाया जाए, ताकि वे अपने अनुभव साझा कर अन्य मरीजों को उपचार के प्रति प्रेरित कर सकें।

उपायुक्त ने सहिया की नियुक्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए रिक्त पदों को शीघ्र भरने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) एवं हेल्थ सब-सेंटरों की स्थिति, उपलब्ध संसाधनों और आवश्यकताओं की भी जानकारी प्राप्त की।

बैठक में प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्रों में सोलर सिस्टम की स्थापना, एंबुलेंस की उपलब्धता, चिकित्सकों के रिक्त पदों की पूर्ति तथा आवश्यक उपकरणों के अधिष्ठापन की आवश्यकता से अवगत कराया। इस पर उपायुक्त ने आवश्यक उपकरणों एवं सामग्रियों की आपूर्ति तथा अधिष्ठापन की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह, मेडिकल सुपरिटेंडेंट, सिविल सर्जन, सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

हजारीबाग के दीपुगढ़ा में श्री श्री महादेव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ आज से, 17 जून तक होंगे धार्मिक अनुष्ठान

हजारीबाग। कॉर्पोरेटिव कॉलोनी, गोलम्बर, दीपुगढ़ा स्थित नव निर्मित श्री श्री महादेव मंदिर में भगवान शिव की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर 11 जून 2026 से 17 जून 2026 तक सप्त दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ संपन्न होगा।

स्थानीय श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग से निर्मित इस भव्य मंदिर का निर्माण कार्य पूरा किया गया है। मंदिर निर्माण में लोगों की आस्था, समर्पण और सहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसी परिसर में शनि भगवान मंदिर का निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है। आयोजन समिति के अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि शहर में शनि भगवान के मंदिरों की संख्या कम होने के कारण एक ही परिसर में श्री श्री महादेव मंदिर एवं शनि भगवान मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को दोनों देवस्थलों में पूजा-अर्चना का अवसर मिल सके।

महायज्ञ के दौरान कलश यात्रा, मंडप पूजन, देव स्थापना, प्राण प्रतिष्ठा, महापूजन, आरती, कथा-सत्संग एवं जागरण सहित कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी धार्मिक अनुष्ठान अशोक जी के द्वारा संपन्न कराए जाएंगे। वहीं, प्रख्यात यज्ञाचार्य पंडित देवेंद्र पाठक, सनावद (ओंकारेश्वर), मध्य प्रदेश के मार्गदर्शन में यज्ञ का संचालन होगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए 12 जून से प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से शाम तक भव्य भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पावन धार्मिक आयोजन में भाग लेने तथा भगवान महादेव एवं शनि भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

स्थान: श्री श्री महादेव मंदिर एवं शनि भगवान मंदिर परिसर, कॉर्पोरेटिव कॉलोनी, गोलम्बर, दीपुगढ़ा, हजारीबाग।