स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने पर जोर, उपायुक्त हेमंत सती ने की व्यापक समीक्षा बैठक
हजारीबाग। उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पतालों की आधारभूत संरचनाओं तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने हाल ही में शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बिजली व्यवस्था, साफ-सफाई, पार्किंग, सोलर पैनल की मरम्मत एवं संचालन, मरीजों और परिजनों के लिए बैठने की व्यवस्था, कूलर, पंखे सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित कार्यों की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि निर्देशानुसार आवश्यक सुधारात्मक कार्य नियमित रूप से किए जा रहे हैं।
उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर प्रबंधन, जवाबदेही एवं प्रशासनिक कार्यपद्धति अपनाकर समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण मरीजों के बेहतर उपचार और स्वास्थ्य लाभ के लिए आवश्यक है।
बैठक में ब्लड बैंक की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने रक्त की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने सदर अस्पताल में ब्लड सेपरेटर मशीन के अधिष्ठापन को स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में रक्त अवयव पृथक्करण के लिए नमूनों को रांची भेजना पड़ता है, जिससे समय अधिक लगता है। मशीन की स्थापना के बाद मरीजों को त्वरित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने पात्र लाभुकों तक योजना का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा संस्थागत प्रसव के प्रतिशत में वृद्धि लाने के लिए आवश्यक प्रयास तेज करने का निर्देश दिया। वहीं टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उन्होंने सुझाव दिया कि टीबी से पूर्णतः स्वस्थ हो चुके मरीजों को कार्यक्रम का ब्रांड एंबेसडर बनाया जाए, ताकि वे अपने अनुभव साझा कर अन्य मरीजों को उपचार के प्रति प्रेरित कर सकें।
उपायुक्त ने सहिया की नियुक्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए रिक्त पदों को शीघ्र भरने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) एवं हेल्थ सब-सेंटरों की स्थिति, उपलब्ध संसाधनों और आवश्यकताओं की भी जानकारी प्राप्त की।
बैठक में प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्रों में सोलर सिस्टम की स्थापना, एंबुलेंस की उपलब्धता, चिकित्सकों के रिक्त पदों की पूर्ति तथा आवश्यक उपकरणों के अधिष्ठापन की आवश्यकता से अवगत कराया। इस पर उपायुक्त ने आवश्यक उपकरणों एवं सामग्रियों की आपूर्ति तथा अधिष्ठापन की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह, मेडिकल सुपरिटेंडेंट, सिविल सर्जन, सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

हजारीबाग। उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पतालों की आधारभूत संरचनाओं तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।
हजारीबाग। कॉर्पोरेटिव कॉलोनी, गोलम्बर, दीपुगढ़ा स्थित नव निर्मित श्री श्री महादेव मंदिर में भगवान शिव की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर 11 जून 2026 से 17 जून 2026 तक सप्त दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ संपन्न होगा।
हजारीबाग: झारखंड पुलिस ने बरही थाना क्षेत्र के अंतर्गत करसो पुल के पास हुए सनसनीखेज विक्की कुमार सोनी हत्याकांड का महज 48 घंटों के भीतर सफल उद्भेदन कर दिया है। पुलिस अधीक्षक (SP) हजारीबाग के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त बिहार के दो शातिर अपराधियों को धर दबोचा है। गिरफ्तार अपराधियों ने न सिर्फ अपना जुर्म कबूल किया है, बल्कि पूर्व में की गई कई लूट और चोरी की वारदातों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि बीती 8 जून 2026 को हजारीबाग के ओकनी (थाना-लोहसिंघना) निवासी विक्की कुमार सोनी (पिता- स्व० देवनंदन प्रसाद) अपने दोस्त के साथ हुंडई कार से कोडरमा जा रहे थे। इसी दौरान बरही थाना क्षेत्र के करसो पुल के पास घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था और फरार हो गए थे। इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने के लिए एसपी हजारीबाग के आदेश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) बरही श्री राधाप्रेम किशोर और बरही थाना प्रभारी बिनोद कुमार के नेतृत्व में टीम ने मामले की सूक्ष्मता से जांच शुरू की। हजारीबाग पुलिस की तकनीकी शाखा (Technical Cell) के वैज्ञानिक और तकनीकी विश्लेषण की मदद से पुलिस अपराधियों के गिरेबान तक पहुंचने में कामयाब रही। पुलिस ने इस मामले में दो पेशेवर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान विक्रम कुमार (उम्र 25 वर्ष), पिता- विजय साव, ग्राम व थाना- नारदीगंज, जिला- नवादा (बिहार) और दिलीप कुमार (उम्र 25 वर्ष), पिता- केसर चौधरी, ग्राम- चंदा खुर्द, थाना- वजीरगंज, जिला- गया (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने अपराधियों के पास से घटना में इस्तेमाल 02 मोबाइल फोन और मृतक की ग्रे रंग की हुंडई कार (संख्या- JH02AE-0232) को जप्त कर लिया है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। दिलीप कुमार के खिलाफ गया के वजीरगंज थाने में उत्पाद अधिनियम (शराब तस्करी/ड्रग्स) के तहत कांड संख्या 412/21 और जानलेवा हमले व आर्म्स एक्ट के तहत कांड संख्या 350/23 दर्ज है। वहीं विक्रम कुमार के खिलाफ नवादा के नारदीगंज थाने में मारपीट और जानलेवा हमले के तहत कांड संख्या 85/23 और 199/23 दर्ज हैं। इस सफल अभियान में बरही SDPO राधाप्रेम किशोर, थाना प्रभारी बिनोद कुमार के साथ पुलिस अवर निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह, राजबल्लभ यादव, राजेश भोक्ता, बरही थाने के सशस्त्र बल और हजारीबाग टेक्निकल सेल की मुख्य भूमिका रही। पुलिस फिलहाल दोनों अपराधियों के खिलाफ आगे की विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई कर रही है।
हजारीबाग जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, संचय एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। सहायक आयुक्त उत्पाद, हजारीबाग के निर्देशन एवं निरीक्षक उत्पाद के पर्यवेक्षण में पदमा थाना क्षेत्र के दौरवा गांव में मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे छापेमारी की गई।
हजारीबाग, 09 जून 2026। हजारीबाग जिले के बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र में साधु का भेष बनाकर लोगों को ठगने वाले तीन अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से ठगी कर ले जाए गए सोने के जेवर एवं अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।
उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देशानुसार जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं जिला सड़क सुरक्षा टीम द्वारा संयुक्त रूप से ब्लैक स्पॉट तथा दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण किया गया।
उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, संचय एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण हेतु लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त उत्पाद, हजारीबाग के निर्देशन में कोर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर आज प्रातः 4:30 बजे सिंदूर चौक के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया।
स्वतंत्रता संग्राम,आदिवासी समाज की अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस पर उनकी प्रतिमा पर उपायुक्त श्री हेमन्त सती ने माल्यार्पण कर अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। उपायुक्त ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, स्वाभिमान और बलिदान का प्रतीक है। ‘उलगुलान’ आंदोलन के माध्यम से अन्याय, अत्याचार और शोषण के विरुद्ध जो अलख उन्होंने जगाई थी,वह आज भी जनजातीय समाज और सम्पूर्ण भारतवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
हजारीबाग जिले के कटकमदाग प्रखंड अंतर्गत ग्राम पसई में सोमवार को ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि लगभग दो माह पूर्व पसई निवासी राजेश साव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि घटना के इतने समय बीत जाने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिला है और मामले में दोषियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
8 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k