भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस पर उपायुक्त ने अर्पित की श्रद्धांजलि

स्वतंत्रता संग्राम,आदिवासी समाज की अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस पर उनकी प्रतिमा पर उपायुक्त श्री हेमन्त सती ने माल्यार्पण कर अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। उपायुक्त ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, स्वाभिमान और बलिदान का प्रतीक है। ‘उलगुलान’ आंदोलन के माध्यम से अन्याय, अत्याचार और शोषण के विरुद्ध जो अलख उन्होंने जगाई थी,वह आज भी जनजातीय समाज और सम्पूर्ण भारतवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

इस दौरान उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह, नगर आयुक्त श्री ओम प्रकाश गुप्ता, डीपीआरओ श्री रोहित कुमार, सहायक नगर आयुक्त ने भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

पसई में न्याय की मांग को लेकर सड़क जाम, राजेश साव की संदिग्ध मौत मामले में परिजनों का प्रदर्शन

हजारीबाग जिले के कटकमदाग प्रखंड अंतर्गत ग्राम पसई में सोमवार को ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि लगभग दो माह पूर्व पसई निवासी राजेश साव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि घटना के इतने समय बीत जाने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिला है और मामले में दोषियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

न्याय की मांग को लेकर राजेश साव की पत्नी, परिवार के अन्य सदस्य तथा ग्रामीण सड़क पर उतर आए और सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान राजेश साव की पत्नी ने कहा कि उनके पति की मौत के मामले में अब तक दोषियों को सजा नहीं मिली है, जिससे पूरा परिवार मानसिक और सामाजिक रूप से परेशान है।

परिजनों ने प्रशासन पर मामले की जांच में लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई बार न्याय की गुहार लगाने के बावजूद उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।

सड़क जाम के कारण कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए थे और प्रशासन से ठोस कार्रवाई का आश्वासन मांग रहे थे।

जनगणना 2026 में OBC कॉलम जोड़ने की मांग, राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

जनगणना 2026 में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए अलग कॉलम जोड़ने की मांग को लेकर राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा, झारखंड प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि राष्ट्रीय जनगणना 2026 के House Listing Schedule में अनुसूचित जाति (SC) एवं अनुसूचित जनजाति (ST) की तरह अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) का भी अलग कॉलम अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।

ज्ञापन में संविधान के अनुच्छेद 15(4), 16(4), 340 एवं 46 का उल्लेख करते हुए कहा गया कि देश की लगभग 52 प्रतिशत आबादी वाले ओबीसी समुदाय को “अन्य” श्रेणी में रखना सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की भावना के विपरीत है। प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल से अनुरोध किया कि इस मांग को अपनी सशक्त अनुशंसा के साथ महामहिम राष्ट्रपति महोदया एवं माननीय प्रधानमंत्री महोदय के समक्ष अग्रसारित किया जाए।

ज्ञापन पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए राज्यपाल महोदय ने इसे तत्काल राष्ट्रपति भवन एवं प्रधानमंत्री कार्यालय भेजने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, नई दिल्ली में भी अपना पक्ष प्रभावी ढंग से रखने का सुझाव दिया।

राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा ने इसे वर्ष 1931 की जनगणना के बाद ओबीसी समुदाय से संबंधित आंकड़ों की कमी को दूर करने तथा सामाजिक न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। मोर्चा का मानना है कि जनगणना में ओबीसी वर्ग की स्पष्ट गणना से नीतिगत निर्णयों और कल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

यह जानकारी राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा, हजारीबाग के प्रदेश सचिव सुरेश ठाकुर ने दी।

कटकमसांडी थाना का पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण, लंबित मामलों के निष्पादन और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के दिए निर्देश

हजारीबाग, 06 जून 2026। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक द्वारा शुक्रवार को कटकमसांडी थाना का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना की विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, लंबित कांडों की स्थिति तथा अपराध नियंत्रण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय श्री ज्ञान रंजन, पुलिस निरीक्षक सपन कुमार महथा (पेलावल अंचल), थाना प्रभारी कटकमसांडी पु0अ0नि0 अनुपम प्रकाश कुमार सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने थाना की सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। थाना में संधारित विभिन्न पंजियों का अवलोकन किया गया तथा लंबित कांडों, वारंट और कुर्की मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने तथा अवैध मादक पदार्थों से संबंधित लंबित मामलों में अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही नशा के विरुद्ध आम लोगों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमजन और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय एवं संवाद बनाए रखने का निर्देश देते हुए पुलिस पदाधिकारियों को जनसंपर्क मजबूत करने की सलाह दी।

एसबीएमसीएच की बदहाल व्यवस्था पर सांसद मनीष जायसवाल गंभीर, अधीक्षक को सौंपा शिकायत पत्र

हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के हजारीबाग नगर अवस्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसबीएमसीएच) की चरमराती स्वास्थ्य व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं के घोर अभाव को लेकर हजारीबाग संसदीय क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने गंभीर है। सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर गुरुवार को उनके संसदीय क्षेत्र के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षक डॉ. के.के. सिंह से उनके कार्यालय कक्ष में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की गंभीर लापरवाहियों और व्यवस्थागत कमियों को उजागर करते हुए एक शिकायती पत्र सौंपा। सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह अस्पताल पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था की जीवनरेखा है, लेकिन वर्तमान में प्रबंधन की लापरवाही के कारण यहां आने वाले गरीब और जरूरतमंद मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में स्थापित एक पीएसए ऑक्सीजन प्लांट लंबे समय से खराब पड़ा है, जिसके कारण मरीजों की जान पर बन आ रही है।

सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने अस्पताल के आपातकालीन और संवेदनशील ट्रॉमा सेंटर की स्थिति पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वर्तमान में ट्रॉमा सेंटर को सिर्फ जूनियर डॉक्टरों के भरोसे छोड़ दिया जाता है, जिससे मरीजों को समय पर सही इलाज नहीं मिल पाता। उन्होंने अधीक्षक से मांग की कि ट्रॉमा सेंटर में चौबीस घंटे जूनियर रेजिडेंट्स के साथ एक सीनियर फिजिशियन और एक सीनियर सर्जन की तैनाती अनिवार्य की जाए, ताकि गंभीर मरीजों को बेवजह रेफर करने के चलन पर रोक लग सके। इसके साथ ही उन्होंने पोस्टमार्टम विभाग की विशेष मॉनिटरिंग की मांग की ताकि पीड़ितों को सही न्याय मिल सके। पत्र में आर्थोपेडिक वार्ड में चल रहे खेल को भी उजागर किया गया है, जहां बिना आयुष्मान कार्ड वाले मरीजों से इंप्लांट के नाम पर मनमानी रकम वसूली जा रही है। उन्होंने यहां जरूरत के इम्प्लांट का रेट चार्ट डिस्प्ले कराने का आग्रह किया। सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने इस मनमानी वसूली पर तुरंत रोक लगाने और डॉक्टरों को अधिकतर सरकारी दवाएं ही पर्चे पर लिखने के सख्त निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।

अस्पताल के भीतर चल रही प्रशासनिक शिथिलता पर सवाल उठाते हुए रंजन चौधरी ने बुनियादी सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की। उन्होंने बताया कि इस भीषण गर्मी में भी अस्पताल के वार्डों के एसी और पंखे खराब पड़े हैं। बिजली कटने पर जनरेटर सुचारू रूप से नहीं चलता और सोलर पैनल सिस्टम भी ठप्प है। बहुमंजिला भवनों में लिफ्ट खराब हैं और मरीज पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। पूरे ट्रॉमा सेंटर में सिर्फ एक वेंटिलेटर है, इसलिए ओल्ड और न्यू आईसीयू में तत्काल नए वेंटिलेटर स्थापित किए जाने की जरूरत है और इसे आपातकाल चलाने के लिए अलग से चिकित्सक और चिकित्सा कर्मी बहाल करने की आवश्यकता है। मरीजों की सहूलियत के लिए उन्होंने मेडिकल कॉलेज के सरकारी एम्बुलेंस ड्राइवरों के नंबर वार्डों में प्रदर्शित करने की मांग की।

सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी द्वारा उठाए गए इन तमाम गंभीर मुद्दों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए अस्पताल अधीक्षक डॉ. के.के. सिंह ने उन्हें आश्वस्त किया कि जल्द ही सभी समस्याओं का समाधान कर व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया जाएगा ।

सिलवार खुर्द में क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, युवाओं को खेल के माध्यम से आगे बढ़ने का संदेश

हजारीबाग जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत सिलवार खुर्द पंचायत में प्रखंड स्तरीय स्टेडियम गुरुवार को खेल उत्साह, युवा ऊर्जा और जोश से सराबोर नजर आया। अवसर था सिलवार क्रिकेट अकादमी द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के भव्य शुभारंभ का, जिसका उद्घाटन पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों, अभिभावकों, ग्रामीणों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। उद्घाटन के दौरान मैदान में पहुंचते ही मुन्ना सिंह का खिलाड़ियों और स्थानीय युवाओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दिया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को सफलता का मूल मंत्र बताते हुए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। वहीं अपने संबोधन में मुन्ना सिंह ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं के सर्वांगीण विकास, नेतृत्व क्षमता के निर्माण और स्वस्थ समाज की आधारशिला रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि सिलवार खुर्द के युवाओं में खेल के प्रति जो उत्साह, समर्पण और प्रतिभा दिखाई दे रही है, वह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। आने वाले समय में यही युवा अपनी प्रतिभा के दम पर क्षेत्र की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। गांवों की मिट्टी में ऐसे अनेक खिलाड़ी मौजूद हैं, जिनमें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की क्षमता है। जरूरत सिर्फ उचित मार्गदर्शन, आधुनिक खेल सुविधाओं और नियमित प्रोत्साहन की है। हमारी महागठबंधन सरकार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में समाज और स्थानीय संस्थाओं के साथ मिलकर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। वो समय जब दूर नहीं जब ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी अलग पहचान स्थापित करेंगे। वर्तमान समय में खेल युवाओं के लिए रोजगार और करियर का भी सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। खेल व्यक्ति को अनुशासन, धैर्य, संघर्षशीलता और टीम भावना का पाठ पढ़ाता है, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के लिए आवश्यक गुण हैं। उन्होंने युवाओं से नशा और सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा खेल और शिक्षा के क्षेत्र में लगाने की अपील की। उन्होंने सिलवार क्रिकेट अकादमी के पदाधिकारियों और आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर आयोजित इस प्रकार की प्रतियोगिताएं नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने का कार्य करती हैं। ऐसे आयोजन युवाओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देते हैं। इस दौरान मौके पर मुख्य रूप से पूर्व मुखिया महेंद्र राम प्रजापति, मुखिया प्रतिनिधि उमेश प्रसाद, पंचायत समिति सदस्य ओम प्रकाश देव, प्रधानाध्यापक शैलेश यादव सहित सिलवार क्रिकेट अकादमी के अमित यादव, शिवम यादव, सौरभ यादव, शनि यादव, ऋषभ यादव, विनय प्रजापति एवं सुनील पंडित समेत बड़ी संख्या में गणमान्यजन, अभिभावक, खेल प्रेमी और युवा उपस्थित थे।

एचज़ेडबी आरोग्यम कुणाल वूमेन एंड चिल्ड्रेन हॉस्पिटल ने मनाया प्रथम स्थापना दिवस, पूजा-अर्चना के साथ कर्मचारियों का हुआ सम्मान

एचज़ेडबी आरोग्यम कुणाल वूमेन एंड चिल्ड्रेन हॉस्पिटल के स्थापना दिवस पर गुरुवार को अस्पताल परिसर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना, हवन एवं मंत्रोच्चारण का आयोजन किया गया। इसके बाद अस्पताल परिवार ने एक वर्ष की सफल यात्रा का उत्सव मनाया। पूरे परिसर में उत्साह, उल्लास और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। एक वर्ष पूर्व शुरू हुई इस स्वास्थ्य सेवा संस्था ने कम समय में ही क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। महिलाओं एवं बच्चों के उपचार के क्षेत्र में अस्पताल ने कई जटिल और चुनौतीपूर्ण मामलों का सफलतापूर्वक उपचार कर लोगों का विश्वास अर्जित किया है। बेहतर चिकित्सकीय सुविधाओं और विशेषज्ञ सेवाओं के कारण अस्पताल लगातार मरीजों की पहली पसंद बनता जा रहा है।

स्थापना दिवस समारोह के दौरान अस्पताल की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और सेवा भावना के लिए उन्हें प्रशस्ति देकर सम्मान प्रदान किया गया। सम्मानित होने वाले कर्मियों ने इसे अपने कार्य के प्रति प्रेरणा और जिम्मेदारी का सम्मान बताया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अस्पताल की एक वर्ष की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला गया। अस्पताल ने न केवल आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं, बल्कि मरीजों के प्रति संवेदनशील और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवा देने का भी प्रयास किया है। इसी का परिणाम है कि अल्प समय में ही अस्पताल ने लोगों के बीच अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। अस्पताल के निदेशक हर्ष अजमेरा ने कहा कि यह उपलब्धि अस्पताल परिवार के प्रत्येक सदस्य की मेहनत और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अस्पताल और अधिक आधुनिक सुविधाओं के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के दायरे का विस्तार करेगा। अस्पताल की प्रशासक जया सिंह ने कहा कि मरीजों का विश्वास ही अस्पताल की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी महिलाओं और बच्चों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम में चिकित्सकों, कर्मचारियों, शुभचिंतकों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। पूजा-अर्चना और हवन के बाद सभी ने अस्पताल की निरंतर प्रगति एवं जनसेवा के संकल्प को दोहराया। मौके पर मुख्य रूप से आरोग्यम अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर रजत चक्रवर्ती, अस्पताल की महिला विशेषज्ञ रंजना शरण एवं कई चिकित्सक नर्सिंग स्टाफ एवं अस्पताल कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

हजारीबाग में दो मासूम भाई-बहन की निर्मम हत्या, आरोपी गिरफ्तार; SIT ने किया सनसनीखेज खुलासा

हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अपहृत किए गए दो नाबालिग भाई-बहन की निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी संजीत पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक श्री अमन कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (SIT) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का सफल उद्भेदन किया।

जानकारी के अनुसार, कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित ओला शोरूम के समीप रहने वाले मो. आमिर ने अपने 11 वर्षीय पुत्री तमन्ना परवीन और 3 वर्षीय पुत्र रिजवान के अचानक लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। बच्चों के गायब होने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने विशेष जांच दल का गठन कर बच्चों की तलाश शुरू करवाई।

तलाशी अभियान के दौरान 31 मई 2026 को सिंदूर स्थित श्मशान घाट के पास से बच्ची तमन्ना परवीन का शव बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने खोज अभियान और तेज किया तथा उसी क्षेत्र के समीप एक कुएं से छोटे भाई रिजवान का शव भी बरामद कर लिया। दोनों मासूम बच्चों के शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर ओला शोरूम में कार्यरत संजीत पासवान को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी बच्चों को पहले से जानता था। उसने 27 मई 2026 को दोनों बच्चों को मोबाइल दिलाने का झांसा देकर अपने साथ स्कूटी पर बैठाकर सिंदूर स्थित श्मशान घाट की ओर ले गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि सुनसान स्थान पर आरोपी ने बच्ची के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने और शोर मचाने पर उसने बच्ची की हत्या कर दी। इसके बाद घटना का राज खुलने के डर से उसने उसके छोटे भाई रिजवान की भी गला घोंटकर हत्या कर दी। दोनों बच्चों की हत्या के बाद आरोपी ने शवों को प्लास्टिक के बोरे में भरकर एक कुएं में फेंक दिया ताकि किसी को घटना की जानकारी न मिल सके।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कूटी और प्लास्टिक का बोरा भी बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी गहन जांच की जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि इस जघन्य अपराध में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।

इस दर्दनाक घटना ने पूरे हजारीबाग जिले को झकझोर कर रख दिया है। मासूम भाई-बहन की हत्या से लोगों में गहरा आक्रोश है और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग उठ रही है।

उपायुक्त हेमन्त सती ने लोक नायक जयप्रकाश केन्द्रीय कारा, खुला जेल सह पुनर्वास केंद्र एवं निर्माणाधीन शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज परिसर का किया निरीक

उपायुक्त हेमन्त सती ने सोमवार को लोक नायक जयप्रकाश नारायण केन्द्रीय कारा, हजारीबाग का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संपूर्ण जेल परिसर का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

केन्द्रीय कारा का निरीक्षण

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने मुलाकाती कक्ष पहुंचकर कैदियों के परिजनों से बातचीत की तथा कैदियों के लिए लाई जा रही सामग्रियों की जांच प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने कारा परिसर में संचालित पारा लीगल सेल के वॉलेंटियर से बातचीत कर कैदियों को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।

उपायुक्त ने जेल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण करते हुए पेयजल व्यवस्था, शौचालय, शेड, सीसीटीवी सर्विलांस रूम, वॉच टावर एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने होमगार्ड जवानों के कार्यों का भी जायजा लिया। इसके अलावा जेल परिसर के भीतर संचालित प्रिंटिंग प्रेस, फाइल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, हैंडलूम एवं पावरलूम इकाई का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कारा के किचेन, अस्पताल वार्ड तथा दवाओं की उपलब्धता की भी जांच की और आवश्यक निर्देश दिए।

हजारीबाग खुला जेल सह पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण

इसके उपरांत उपायुक्त ने हजारीबाग खुला जेल सह पुनर्वास केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने सजायाफ्ता कैदियों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। सभी कैदियों के आधार कार्ड निर्माण की स्थिति की समीक्षा की। परिसर में स्थित पशु शेड का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कैदियों ने पशुपालन के क्षेत्र में प्रशिक्षण की इच्छा व्यक्त की, जिस पर उपायुक्त ने शीघ्र प्रशिक्षण की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।

निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज अस्पताल का निरीक्षण

अपने भ्रमण के क्रम में उपायुक्त श्री हेमन्त सती ने निर्माणाधीन शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां चल रहे निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति का अवलोकन किया। मौके पर उपस्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल के प्राचार्य को आवश्यक निर्देश दिए तथा कार्यकारी एजेंसी को निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा। साथ ही मेडिकल कॉलेज के संपूर्ण मानचित्र एवं प्रगति से संबंधित बिंदुओं के साथ विस्तृत बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया।

पुराने समाहरणालय भवन परिसर का भ्रमण

इसके पश्चात उपायुक्त ने पुराने जिला समाहरणालय परिसर का भ्रमण कर वहां स्थित पुराने एवं निष्क्रिय भवनों की वर्तमान उपयोगिता एवं संभावित उपयोग के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

अवैध शराब के विरुद्ध उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1400 किलोग्राम जावा महुआ विनष्ट, 370 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त

उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, संचय एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से उत्पाद विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त उत्पाद, हजारीबाग के निर्देशन एवं निरीक्षक उत्पाद के पर्यवेक्षण में सदर एवं बड़ा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया गया।छापेमारी के दौरान हुरहुरु क्षेत्र में 4, कुम्हारटोली क्षेत्र में 7 तथा पारनाला क्षेत्र में गहरे नाले के किनारे गड्ढा खोदकर छुपाकर रखी गई 5 अलग-अलग अवैध महुआ चुलाई शराब भट्ठियों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान संचालित भट्ठियों को ध्वस्त किया गया।

कार्रवाई के क्रम में घटनास्थल एवं आसपास छुपाकर रखा गया लगभग 1400 किलोग्राम किन्वयन योग्य जावा महुआ विनष्ट किया गया। साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, बर्तन आदि जब्त किए गए एवं करीब 370 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई।

उत्पाद विभाग द्वारा बताया गया कि मामले में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की जा रही है तथा उनके विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

इस छापेमारी अभियान में निरीक्षक उत्पाद श्री सौरभ कुमार झा, अवर निरीक्षक उत्पाद श्री भुनेश्वर नायक, अवर निरीक्षक उत्पाद श्री सुमितेश कुमार, उत्पाद आरक्षी श्री अनूप कुमार सिंह एवं सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे।

अवैध शराब के निर्माण एवं कारोबार के विरुद्ध आगे भी सघन अभियान निरंतर जारी रहेगा।