रोमी पंचायत में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण, मुन्ना सिंह ने दिए आवश्यक निर्देश

हजारीबाग सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने बुधवार को कटकमसांडी प्रखंड अंतर्गत रोमी पंचायत में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत 6 मतदान केंद्रों का भ्रमण कर बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जय प्रकाश भाई पटेल भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान मुन्ना सिंह ने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ विस्तारपूर्वक संवाद कर मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी जीवित एवं पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए। यदि किसी योग्य मतदाता का नाम किसी कारणवश सूची में दर्ज नहीं हो पाया है, तो उसका नाम अविलंब जोड़ने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए, ताकि लोकतंत्र में हर नागरिक की भागीदारी बनी रहे।

मुन्ना सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता की भागीदारी में निहित है और मतदाता सूची उसकी सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला है। निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की मर्यादा और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है।

उन्होंने आगे कहा कि बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता, पारदर्शिता और जवाबदेही ही मजबूत लोकतंत्र का परिचायक है। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार सुनिश्चित करना है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

वहीं जिला अध्यक्ष जय प्रकाश भाई पटेल ने भी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लोकतंत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी अधिकारियों, BLO एवं कार्यकर्ताओं से गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की।

उपायुक्त का नगर निगम क्षेत्र में मैराथन दौरा, विभिन्न स्थलों का किया निरीक्षण

उपायुक्त हेमन्त सती ने बुधवार को नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न भवनों एवं सार्वजनिक स्थलों का व्यापक भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह भी उपस्थित रहीं। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने नगर भवन, खीरगांव स्थित कम्युनिटी हॉल, नए एवं पुराने बस स्टैंड, पिछड़ी जाति बालिका उच्च विद्यालय,मटवारी तथा गांधी मैदान का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

स्थानीय नगर भवन का निरीक्षण

निरीक्षण की शुरुआत स्थानीय नगर भवन से हुई, जहां उपायुक्त ने भवन के सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण को लेकर विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के प्रवेश एवं निकासी द्वार, चहारदीवारी, शौचालय, हॉल की आंतरिक साज-सज्जा, प्रकाश व्यवस्था, बेहतर साउंड सिस्टम, सोलर आधारित बिजली व्यवस्था, वातानुकूलन एवं फायर सेफ्टी जैसी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने हेतु जिला परिषद को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त नगर भवन की छत पर भी पहुंचे, जहां उन्होंने छत पर जलजमाव एवं पानी रिसाव की समस्या देखी। मौके पर उपस्थित जिला परिषद अभियंता को उन्होंने शीघ्र स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की कई महत्वपूर्ण बैठकें नगर भवन में आयोजित होती हैं, इसलिए इसका सुव्यवस्थित एवं बेहतर रखरखाव आवश्यक है।

इसके पश्चात उपायुक्त ने

नगर निगम द्वारा निर्मित कम्युनिटी हॉल का निरीक्षण

खीरगांव स्थित नगर निगम द्वारा निर्मित कम्युनिटी हॉल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि भवन वर्तमान में किसी उपयोग में नहीं है तथा अनधिकृत रूप से कब्जे में रखा गया है। उपायुक्त ने इस संबंध में जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने भवन का उपयोग रैन बसेरा अथवा शेल्टर होम के रूप में किए जाने की संभावना पर कार्य करने को कहा। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि नगर निगम के अन्य अनुपयोगी भवनों की भी नियमित समीक्षा कर उनका जनहित में उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

नए एवं पुराने बस स्टैंड का भ्रमण सह निरीक्षण

उपायुक्त ने इसके बाद नए एवं पुराने बस स्टैंड का निरीक्षण किया। उन्होंने बस स्टैंड परिसर की साफ-सफाई, बसों की व्यवस्थित पार्किंग, दुकानों एवं होटलों के बाहर कचरा न फैलाने तथा प्रत्येक दुकान के बाहर कूड़ादान रखने का निर्देश दिया। गर्मी को देखते हुए यात्रियों की सुविधा हेतु प्याऊ की व्यवस्था, शौचालयों की नियमित सफाई एवं यात्रियों के बैठने के लिए शेड निर्माण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड बंदोबस्ती से प्राप्त राशि का उपयोग बस स्टैंड की सुविधाओं के विकास एवं रखरखाव में किया जाए।

पिछड़ी जाति बालिका आवासीय उच्च विद्यालय, मटवारी का निरीक्षण

निरीक्षण क्रम में उपायुक्त ने कल्याण विभाग द्वारा संचालित पिछड़ी जाति बालिका आवासीय उच्च विद्यालय,मटवारी का भी भ्रमण किया। उन्होंने छात्रावास परिसर, रसोईघर, रोटी मेकिंग मशीन, सोलर पैनल की कार्यशीलता एवं साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही आवासीय विद्यालय में चार अतिरिक्त क्लास रूम निर्माण की आवश्यकता पर चर्चा की। छात्रावास प्रबंधन द्वारा जानकारी दी गई कि वर्तमान में यहां 200 बालिकाएं आवासित हैं। उपायुक्त ने छात्राओं के खेलकूद हेतु निर्मित बास्केटबॉल कोर्ट का भी निरीक्षण किया।

गांधी मैदान,मटवारी का निरीक्षण

नगर भ्रमण के अंतिम चरण में उपायुक्त गांधी मैदान, मटवारी पहुंचे और मैदान की स्थिति का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी ली। उपायुक्त ने मैदान में प्रकाश व्यवस्था, कूड़ादान की उपलब्धता तथा बैठने की समुचित व्यवस्था को लेकर सहायक नगर आयुक्त से जानकारी प्राप्त की एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि नगर क्षेत्र के सार्वजनिक परिसंपत्तियों का बेहतर रखरखाव एवं जनहित में उनका प्रभावी उपयोग किया जाना चाहिए। निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा

उपायुक्त के निर्देश पर डीएमएफटी मद से 22 दिव्यांग लाभुकों के बीच बैटरी चालित ट्राईसाइकिल का वितरण

उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में डीएमएफटी मद से 22 दिव्यांग लाभुकों के बीच बैटरी चालित ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया। इस पहल के तहत पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों एवं रोजगार से जुड़े दिव्यांगजनों को प्राथमिकता देते हुए लाभ प्रदान किया गया, ताकि उनके दैनिक आवागमन को सुगम बनाया जा सके।

इस अवसर पर उपायुक्त श्री हेमन्त सती ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, उन्हें मुख्यधारा में लाने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कई दिव्यांग विद्यार्थी एवं नौकरी पेशा से जुड़े दिव्यांग लोग आवागमन की समस्या के कारण कठिनाइयों का सामना करते हैं। बैटरी चालित ट्राईसाइकिल मिलने से अब उन्हें स्कूल, कॉलेज, कोचिंग, कार्यालय एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने में काफी सहूलियत होगी।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की कोशिश है कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे और कोई भी व्यक्ति संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े एवं अन्य दिव्यांगजनों को सहयोग देना समाज को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग लाभुकों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सुविधा से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा तथा वे अपने कार्यों को अधिक आत्मविश्वास एवं स्वतंत्रता के साथ कर सकेंगे। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती शिप्रा सिंहा सहित कई अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

फ्लड लाइट की रोशनी में चमका ओमेगा कप का फाइनल, आर के सन पावर बनी चैंपियन

हजारीबाग। शहर के ऐतिहासिक अन्नदा कॉलेज मैदान में ओमेगा ग्रुप ट्रस्ट द्वारा आयोजित ओमेगा कप हजारीबाग T-10 नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य फाइनल मुकाबला सोमवार की रात फ्लड लाइट की रोशनी में खेला गया। टूर्नामेंट के 11वें दिन खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में आर के सन पावर और मायल-11 की टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

फाइनल मुकाबले में मायल-11 की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में 8 विकेट खोकर 114 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी आर के सन पावर की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट खोकर 115 रन बनाकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। जीत के साथ मैदान में खिलाड़ियों और समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।

टूर्नामेंट के विजेता आर के सन पावर टीम को 1.5 लाख रुपए नगद इनाम एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता मायल-11 की टीम को 75000 रुपए नगद इनाम राशि और ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं मैन ऑफ द सीरीज, मैन ऑफ द मैच, बेस्ट बॉलर और बेस्ट बैट्समैन का खिताब विकास कुमार गुप्ता ने अपने नाम किया।

फाइनल मुकाबले के दौरान मैदान में क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी रही। दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया, जिससे पूरा मैदान खेल भावना और जोश से सराबोर नजर आया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथियों के रूप में पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता, मुंबई के कस्टम कमिश्नर प्रशांत कुमार सिन्हा (बब्बू कुशवाहा), हजारीबाग नगर निगम के मेयर अरविंद कुमार राणा, यातायात प्रभारी अनूप कुमार, समाजसेवी राकेश गुप्ता, पूर्व मेयर प्रत्याशी तस्लीम अंसारी तथा अन्नदा कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर नीलमणि मुखर्जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल से शारीरिक और मानसिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि खेल आपसी भाईचारा, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तथा ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं।

मुंबई के कस्टम कमिश्नर प्रशांत कुमार सिन्हा ने कहा कि छोटे शहरों में इस तरह के भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट युवाओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का माध्यम बन सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, मेहनत और निरंतर अभ्यास के माध्यम से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

मेयर अरविंद कुमार राणा ने कहा कि खेल युवाओं को नशा और गलत गतिविधियों से दूर रखकर बेहतर भविष्य की ओर प्रेरित करता है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी हर संभव सहयोग देने की बात कही।

टूर्नामेंट के आयोजक सह ओमेगा ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट शादाब अंसारी ने कहा कि ओमेगा कप T-10 नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्देश्य हजारीबाग के युवाओं और क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि दर्शकों और क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह आयोजन समिति के लिए प्रेरणादायक रहा।

फाइनल मुकाबले में अंपायर की भूमिका खुर्शीद आलम एवं सुजल ने निभाई, जबकि उद्घोषक की भूमिका शरीफ उल्ला गुड्डू और सचिन राणा ने शानदार तरीके से निभाई। संपूर्ण टूर्नामेंट के दौरान अंपायर की जिम्मेदारी सुजल कुमार, खुर्शीद आलम, प्रभात रंजन और नयन नंदी ने संभाली, वहीं स्कोरर की भूमिका अनिकेत कुमार एवं विकास कुमार ने निभाई।

कल्याण विभाग की योजनाओं एवं छात्रावासों की स्थिति की उपायुक्त ने की समीक्षा

उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में कल्याण विभाग द्वारा संचालित बालक एवं बालिका छात्रावासों की संख्या, उनकी वर्तमान स्थिति तथा विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में संचालित छात्रावासों का नियमित भ्रमण कर उनकी अद्यतन स्थिति का प्रतिवेदन समर्पित करें। उन्होंने कहा कि छात्रावासों में रहने वाले छात्र-छात्राओं, विशेषकर बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसे ध्यान में रखते हुए छात्रावासों में प्रकाश व्यवस्था, बाउंड्रीवाल, शौचालय, स्वच्छता एवं रखरखाव आदि का गहन निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए।

उपायुक्त ने जिले के सभी असंचालित छात्रावासों को शीघ्र क्रियाशील करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जो प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अपने क्षेत्र के असंचालित छात्रावासों को पुनः संचालित कराने में सफल होंगे, उन्हें आगामी 15 अगस्त के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में आवासीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यकतानुसार अतिरिक्त शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

समीक्षा बैठक में साइकिल वितरण योजना, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति एवं मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों का भ्रमण करें तथा मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना से संबंधित आवेदन प्रपत्र जरूरतमंद एवं गरीब नागरिकों को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि अधिकाधिक लाभुक योजना से लाभान्वित हो सकें।

इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने जिले के पीवीटीजी बहुल क्षेत्रों में आधार कार्ड निर्माण हेतु विशेष आधार शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले पात्र व्यक्तियों को आधार पंजीकरण की सुविधा सुलभ हो सके।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री आदित्य पांडेय,जिला कल्याण पदाधिकारी श्रीमती मां देव प्रिया मौजूद थी।

हज़ारीबाग पुलिस ने चोरी कांड का किया उद्भेदन, 4 आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

हज़ारीबाग पुलिस ने लोहसिंघना थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए पीतल के बर्तन सहित अन्य सामान भी बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 15.05.26 की रात्रि लोहसिंघना थाना अंतर्गत ग्राम मंडई में अज्ञात चोरों द्वारा एक घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। मामले में लोहसिंघना थाना कांड संख्या 55/26 दर्ज किया गया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक हज़ारीबाग के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर हज़ारीबाग के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड का उद्भेदन कर सभी 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में फरीद आलम उर्फ भोपट, निशांत हुसैन उर्फ निशु, तालिब खान तथा अब्बू ओबेदा शामिल हैं। सभी आरोपी हज़ारीबाग जिले के विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पीतल का परात, पीतल का पांच दिया, पीतल का दिया, कटोरा, कड़ाही, डेकची, लोटा, ग्लास एवं बाल्टी सहित ड्रिल मशीन और कटर मशीन बरामद किया है।

छापामारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर हज़ारीबाग, थाना प्रभारी लोहसिंघना, ओपी प्रभारी पेलावल, तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी तथा लोहसिंघना थाना सशस्त्र बल शामिल रहे।

लोहसिंघना फीडर में हाई वोल्टेज से मचा हड़कंप, न्यू एरिया के दर्जनों घरों में इलेक्ट्रॉनिक सामान जले

लोहसिंघना फीडर के न्यू एरिया (चौथी गली) में सोमवार की देर रात अचानक आए हाई वोल्टेज ने स्थानीय निवासियों की कमर तोड़ कर रख दी है। भीषण और तपती गर्मी के बीच आधी रात को हुए इस हादसे से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हाई वोल्टेज के कारण क्षेत्र के अधिकांश घरों में लगे कीमती इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, एसी, कूलर, पंखे और एलईडी बल्ब पल भर में जलकर खाक हो गए। कई घरों के बिजली बोर्ड तक जल गए। स्थिति इतनी गंभीर है कि लोगों के घरों में लगे इन्वर्टर तक ठप्प हो गए हैं और पानी की मोटर न चलने के कारण पेयजल का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। इस चिलचिलाती गर्मी में बुजुर्गों, बच्चों और आम जनता का जीना मुहाल हो गया है।

स्थानीय निवासियों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक पिछले करीब तीन-चार दिनों से लोहसिंघना फीडर के अलग-अलग इलाकों में ट्रिपिंग और वोल्टेज की यह समस्या चल रही थी, लेकिन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। सोमवार रात को आई इस आपदा के बाद अब लोगों के मन में दोबारा अचानक अत्यधिक वोल्टेज आने का डर सताने लगा है। लोग बिजली आने पर भी डर के साये में जीने को मजबूर हैं।

इस हाई वॉल्टेज के कारण इस क्षेत्र में किराए के घर पर प्रवास करने वाले सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने बताया कि उनके यहां में भी दो पंखे और कूलर सहित कई कीमती सामग्रियां जल गईं, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद जब उन्होंने बिजली विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। किसी ने फोन काट दिया तो किसी ने उठाया ही नहीं। बाद में बिजली विभाग के अधिकारी सुब्रत बनर्जी ने फोन उठाया, जिसके बाद उन्हें स्थिति की गंभीरता से अवगत कराते हुए तत्काल विभागीय स्तर पर जांच और राहत का आग्रह किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रंजन चौधरी ने हजारीबाग उपायुक्त (डीसी) को ट्वीट कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि लोहसिंघना फीडर में हाई वोल्टेज से न्यू एरिया के घरों में भारी नुकसान हुआ है। गैजेट्स खराब, मोटर-इन्वर्टर ठप्प। भीषण गर्मी में जनता बेहाल है। कृपया डीसी हजारीबाग महोदय आपसे अपील है कि तत्काल विशेष टीम भेजकर बिजली बहाल कराएं और प्रभावितों की मदद करें ।

मंगलवार को विभाग द्वारा हाई वोल्टेज की समस्या को तो दुरुस्त कर दिया गया, लेकिन इसके कारण हुए भारी नुकसान का जायजा लेने या निरीक्षण करने के लिए विभाग का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी प्रभावित क्षेत्र में नहीं पहुंचा। इसे लेकर स्थानीय जनता में भारी आक्रोश है।

उपभोक्ताओं का कहना है कि जब जेबीवीएनएल के उपभोक्ता समय पर बिजली बिल का भुगतान करते हैं, तो बिजली विभाग की नाकामी और लापरवाही के कारण हुए नुकसान की भरपाई कौन करेगा?

मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक स्पेशल टास्क फोर्स/विभागीय टीम को प्रभावित क्षेत्र में भेजा जाए और जिन नागरिकों के कीमती उपकरण खराब हुए हैं, विभाग संवेदनशील होकर उन्हें तत्काल मुआवजा या राहत राशि उपलब्ध कराए।

मटवारी के कुम्हारटोली दुर्गा मंडप में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 250 महिलाओं व 100 बच्चों की हुई जांच

हजारीबाग शहर के मटवारी स्थित कुम्हारटोली दुर्गा मंडप में मंगलवार को “एचजेडबी आरोग्यम कुणाल महिला एवं शिशु अस्पताल” की ओर से नि:शुल्क स्त्री रोग एवं बाल रोग स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बच्चों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। इस दौरान लगभग 250 महिलाओं एवं 100 बच्चों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही मरीजों के बीच मुफ्त दवाइयों का भी वितरण किया गया।

शिविर में महिलाओं एवं बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया गया। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सुधा भेंगरा ने महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया। वहीं नवजात एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर प्रकाश चंद्रा ने बच्चों की जांच कर उचित उपचार एवं देखभाल संबंधी सलाह दी।

कार्यक्रम का आयोजन वार्ड संख्या 6 के वार्ड पार्षद रिंकू वर्मा के सौजन्य से किया गया। शिविर में नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों के साथ ग्रामीण इलाकों से भी लोग पहुंचे। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर जरूरतमंद लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित हो रहे हैं।

अस्पताल के निर्देशक हर्ष अजमेरा ने कहा कि “एचजेडबी आरोग्यम कुणाल महिला एवं शिशु अस्पताल” का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बेहद जरूरी है और आगे भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे।

अस्पताल की प्रशासक जया सिंह ने कहा कि कई लोग आर्थिक अभाव के कारण समय पर स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते हैं। ऐसे में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लोगों को समय रहते उचित जांच एवं उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन हमेशा जनसेवा के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है।

वार्ड पार्षद रिंकू वर्मा ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि “एचजेडबी आरोग्यम कुणाल महिला एवं शिशु अस्पताल” द्वारा आयोजित यह शिविर क्षेत्र की महिलाओं एवं बच्चों के लिए काफी लाभकारी साबित हुआ। भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन जारी रखा जाएगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अस्पताल प्रबंधन एवं स्थानीय सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उपायुक्त ने PM-ABHIM एवं 15वें वित्त योजनाओं की समीक्षा की, कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में 25 मई को PM-ABHIM एवं 15वें वित्त आयोग अंतर्गत संचालित स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों में चल रहे स्वास्थ्य उपकेंद्रों एवं भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने स्वास्थ्य उपकेंद्रों की जमीनी स्थिति की जांच के लिए उपसमाहर्ताओं को विभिन्न प्रखंडों में प्रतिनियुक्त करते हुए नियमित निरीक्षण का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान एएनएम/सीएचओ की उपस्थिति, ओपीडी संचालन, दवा उपलब्धता, संस्थागत प्रसव, बिजली-पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की जांच की जाएगी।

बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि PM-ABHIM एवं 15वें वित्त योजना अंतर्गत लंबित सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए। कई स्वास्थ्य भवनों का उद्घाटन 15 अगस्त 2026 तक सुनिश्चित करने तथा शेष अपूर्ण योजनाओं को 15 नवंबर 2026 तक पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

साथ ही अनुपयोगी उपकरणों को चालू कराने, वन विभाग से लंबित एनओसी प्राप्त करने तथा स्वास्थ्य केंद्रों के संचालन को शीघ्र प्रारंभ कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण स्तर तक सुदृढ़ करने तथा सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह मौजूद थी।

उपायुक्त ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति बालक छात्रावास का किया औचक निरीक्षण, विद्यार्थियों की समस्याएं सुन दिए त्वरित समाधान के निर्देश

उपायुक्त हेमन्त सती ने आज कल्याण विभाग द्वारा संचालित अनुसूचित जाति बालक छात्रावास एवं अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास, तकिया मजार के समीप, नवाबगंज, हजारीबाग का आज 25 मई को औचक निरीक्षण किया। 

निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा वहां रह रहे विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के क्रम में छात्रावास के विद्यार्थियों ने उपायुक्त के समक्ष छात्रावास में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं रखीं तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उपायुक्त ने विद्यार्थियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की तथा सभी आवश्यक कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश दिया।

अनुसूचित जाति बालक छात्रावास में पुस्तकालय निर्माण, शौचालय एवं सेप्टिक टैंक निर्माण, 100 लीटर क्षमता के आर०ओ० का अधिष्ठापन, साइकिल स्टैंड निर्माण, हाई मास्ट लाइट, स्ट्रीट लाइट, बिजली वायरिंग एवं सीसीटीवी अधिष्ठापन कराया जाएगा।

वहीं अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास में 100 बेड वाले नए छात्रावास भवन का निर्माण, बोरिंग कार्य तथा सोलर सिस्टम की मरम्मति कराई जाएगी।

उपायुक्त ने छात्रावास में रह रहे सभी विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने तथा अपने भविष्य के प्रति गंभीर रहने की अपील की। उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर यथाशीघ्र पूरा किया जाएगा, ताकि उन्हें बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय वातावरण उपलब्ध हो सके।

निरीक्षण के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी श्रीमती मां देव प्रिया सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे