राम परिवार प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ 25 मई को, अयोध्या में होगा भव्य आयोजन

गंगा दशहरा पर विशेष पूजन, हवन और भजन-कीर्तन की तैयारी; सीएम योगी के शामिल होने की संभावना
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में 25 मई को श्रीराम मंदिर के प्रथम तल पर विराजमान राम परिवार की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले इस समारोह को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
बताया जा रहा है कि इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि उनके कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट स्तर पर तैयारियों का सिलसिला शुरू हो गया है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष गंगा दशहरा के दिन ही श्रीराम मंदिर के प्रथम तल पर राम परिवार की भव्य प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई थी। उस ऐतिहासिक आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे थे। इस वर्ष भी गंगा दशहरा 25 मई को पड़ने के कारण मंदिर ट्रस्ट ने इसी दिन वर्षगांठ समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया है।
बुधवार देर शाम राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों की बैठक में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा हुई। बैठक में वैदिक मंत्रोच्चार, विशेष पूजन, हवन, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों के आयोजन का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया।
ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों के अनुसार, राम परिवार की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ को यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। समारोह में बड़ी संख्या में संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं और विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।
3 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1