मुलायम परिवार में शोक: पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र प्रतीक यादव का निधन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पुत्र और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन हो गया। बुधवार सुबह उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
सिविल अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सुबह करीब छह बजे प्रतीक यादव के ड्राइवर ने अस्पताल पहुंचकर बताया कि उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई है। डॉक्टरों की टीम जब उनके घर पहुंची तो शरीर में कोई हलचल नहीं थी। इसके बाद उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें “ब्रॉट डेड” घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रशासन को मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू (George's Medical University) भेज दिया गया। सिविल अस्पताल के निदेशक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध विषाक्तता (सस्पेक्टेड पॉइजनिंग) का लग रहा है, इसलिए मेडिकल जांच और पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीक यादव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने शोक संदेश जारी करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

अखिलेश यादव बोले— “प्रतीक का जाना बेहद दुखद”
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाई प्रतीक यादव के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा, “प्रतीक का जाना बेहद दुखद है। वह अपनी सेहत को लेकर काफी सजग रहते थे। करीब दो महीने पहले ही उनसे मुलाकात हुई थी।”
अखिलेश यादव ने कहा कि परिवार जो निर्णय करेगा, वही आगे किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कारोबार में नुकसान जैसी परिस्थितियां लोगों को मानसिक रूप से प्रभावित कर देती हैं।
38 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव और साधना गुप्ता के बेटे थे। हालांकि वह सक्रिय राजनीति से दूर रहे, लेकिन फिटनेस और रियल एस्टेट कारोबार के क्षेत्र में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी। लखनऊ में वह चर्चित जिम ‘द फिटनेस प्लैनेट’ के मालिक थे और फिटनेस को लेकर युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय माने जाते थे। इसके अलावा प्रतीक यादव सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते थे। वह ‘जीव आश्रय’ संस्था के माध्यम से स्ट्रीट डॉग्स की सेवा और संरक्षण का कार्य करते थे। पशु प्रेम और समाजसेवा के कारण भी उनकी अलग पहचान थी। उन्होंने 38 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली।
इस दुखद घटना के बाद यादव परिवार के आवास पर समर्थकों और शुभचिंतकों का पहुंचना लगातार जारी है। राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी प्रतीक यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
* प्रतीक यादव के निधन पर भाजपा महिला मोर्चा का विरोध कार्यक्रम स्थगित
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के निर्देश पर भाजपा महिला मोर्चा का प्रस्तावित विरोध कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के पुत्र प्रतीक यादव के निधन के बाद लिया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए पार्टी पदाधिकारियों को कार्यक्रम स्थगित करने के निर्देश दिए। भाजपा की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि इस दुखद घड़ी में पार्टी यादव परिवार के साथ संवेदना प्रकट करती है। प्रतीक यादव के निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है।
1 hour and 7 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
2.6k