परिवहन विभाग द्वारा जनपद के समस्त विद्यालय प्रबंधकों एवं वाहन स्वामियों को महत्वपूर्ण निर्देश किया गया जारी


*शासन द्वारा विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा, पारदर्शिता एवं निगरानी सुनिश्चित करने हेतु यह व्यवस्था की गई लागू*

*गोण्डा 20 अप्रैल,2026*।
एआरटीओ (प्रशासन) गोण्डा श्री आर.सी. भारतीय द्वारा जनपद के समस्त विद्यालय प्रबंधकों एवं वाहन स्वामियों को एक महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया गया है। उन्होंने अवगत कराया है कि जिन विद्यालयों एवं उनमें संचालित वाहनों को अभी तक upisvmp.com पोर्टल पर ऑनबोर्ड नहीं किया गया है, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। ऐसे विद्यालयों के वाहनों को चिन्हित कर सीज (जब्त) किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि शासन द्वारा विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा, पारदर्शिता एवं निगरानी सुनिश्चित करने हेतु यह व्यवस्था लागू की गई है। इसके अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय को अपने संस्थान तथा उसमें संचालित समस्त वाहनों का पंजीकरण पोर्टल पर अनिवार्य रूप से करना होगा। साथ ही, प्रत्येक वाहन चालक का पुलिस सत्यापित चरित्र प्रमाण पत्र एवं शपथ पत्र भी अपलोड किया जाना आवश्यक है।
एआरटीओ (प्रशासन) ने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है, ताकि विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों के परिवहन में किसी भी प्रकार की अनियमितता या जोखिम को रोका जा सके। बिना सत्यापन के संचालित वाहनों से दुर्घटना या अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिसे समाप्त करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
उन्होंने सभी विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों एवं वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे इस कार्य को अत्यंत प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें। यदि किसी कारणवश अभी तक ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है, तो उसे तत्काल प्रभाव से पूर्ण कराया जाए, अन्यथा संबंधित वाहनों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।

अंत में उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि विद्यालयी परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाना है। अतः सभी संबंधित पक्ष सहयोग करें और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपने विद्यालय एवं वाहनों को शीघ्रातिशीघ्र पोर्टल पर ऑनबोर्ड करना सुनिश्चित करें।
भाषण प्रतियोगिता में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर छात्रों ने रखे विचार

गोंडा, 20 अप्रैल 2026।
श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज, गोंडा के मुख्य परिसर स्थित ललिता शास्त्री सभागार में सोमवार को “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 23 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का संचालन समन्वयक डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव एवं सह-समन्वयक डॉ. शैलजा सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रो. शशि बाला एवं डॉ. ममता शुक्ला द्वारा किया गया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों का आकलन विषय-वस्तु, प्रस्तुति शैली, आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति के आधार पर किया।
प्रतियोगिता में भूमि द्विवेदी ने प्रथम स्थान, संदीप तिवारी ने द्वितीय स्थान तथा मानसी सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा गया कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता के साथ-साथ अभिव्यक्ति कौशल का भी विकास होता है।
ऑपरेशन साइबर कवच के दृष्टिगत थाना खरगूपुर की साइबर हेल्पडेस्क टीम द्वारा पीड़ित की फ्रॉड गयी 2,00000/- रूपये कराए गए वापस

पैसे वापस मिलने पर पीड़िता के चेहरे पर लौटी मुस्कान, पीड़ित ने गोण्डा पुलिस को किया धन्यवाद


जनपद गोण्डा में साइबर फ्रॉड अपराध की रोकथाम के संबंध में त्वरित कार्यवाही करने हेतु पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी  अजीत कुमार रजक के मार्गदर्शन में थाना खरगूपुर की साइबर हेल्प डेस्क की टीम द्वारा पीड़िता की फ्रॉड गयी धनराशि को सम्बंधित बैंक/इंटीमेडरी से संपर्क स्थापित करते हुए धनराशि 2,00000/- पीड़ित के खाते में वापस करायी गयी।

घटना का संक्षिप्त विवरण-
आवेदिका श्रीमती पूजा पाण्डेय द्वारा थाना खरगूपुर की साइबर हेल्प डेस्क में साइबर फ्रॉड गयी उनकी 2,00000/- रू0 की शिकायत दर्ज करायी गयी थी। जिसपर थाना खरगूपुर की साइबर हेल्पडेस्क टीम द्वाराजनपदीय साइबर सेल टीम की मदद से  कार्यवाही करते हुए संबंधित बैंक से ईमेल के माध्यम से विभिन्न जानकारियां एकत्रित कर नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर तत्काल कार्यवाही करते हुए सम्बंधित बैंक/इंटीमेडरी से संपर्क स्थापित करते हुए पीड़ित के 2,00000/- रू0 की धनराशि वापस करायी गयी। पीड़िता द्वारा अपने रूपये वापस पाकर प्रसन्नता जाहिर करते हुए थाना खरगूपुर की साइबर हेल्पडेस्क की टीम को धन्यवाद दिया गया।

नोट- साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 पर सूचना अंकित कराये, सूचना विलम्ब से देने पर साइबर अपराधियों द्वारा धन निकाल लिया जाता है। धन निकलने के उपरान्त पैसे वापस होने की सम्भावना बहुत कम होती है। लोगो को साइबर ठगों से सावधान रहने की जरुरत है। किसी भी अनजान फोन कॉल पर अपनी बैंक डिटेल, ओ0टी0पी0, बायोमैट्रिक डेटा, पैन कार्ड व आधार कार्ड की डिटेल किसी के साथ साझा न करें। फ्रॉड ट्रांजेक्सन होने पर तत्काल अपने बैंक एवं थाना पर गठित साइबर सेल को सूचना दें एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएँ।

साइबर सुरक्षा टिप्स-
01. ऑनलाइन लेन-देन में सावधानी बरतें
02. किसी भी अनजान फोन कॉल पर अपनी बैंक डिटेल, ओटीपी, बायोमैट्रिक डेटा, पैन कार्ड व आधार कार्ड की डिटेल किसी के साथ साझा न करें।
03. सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
04. अनजान लिंक्स पर क्लिक न करें।
05. अपने डिवाइस को सुरक्षित रखें।
06. ऑनलाइन शॉपिंग में सुरक्षित वेबसाइट्स का उपयोग करें।
07. पासवर्ड को मजबूत और गुप्त रखें।
08. ऑनलाइन गतिविधियों पर निगरानी रखें।
09. साइबर बुलिंग और साइबर स्टॉकिंग के मामलों में तुरंत पुलिस को सूचित करें।
10. ऑनलाइन उत्पीड़न के मामलों में कंपनी प्रबंधन और पुलिस
सर्राफा व्यवसाई गोलीकांड को लेकर मुकदमा दर्ज,खुलासे के लिए पुलिस ने किया पांच टीमों का गठन
*घायल का चल रहा इलाज

गोंडा।जिले के छपिया थाना क्षेत्र अंतर्गत देर रात हुए सर्राफा व्यवसाई समर कसौधन गोलीकांड के बाद समर के परिवार के लोगों में दहशत का माहौल है,जिसके परिणाम स्वरूप समर के घर पर पुलिस फोर्स तैनात की गई है।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने मामले के खुलासे के लिए एसओजी,सर्विलांस टीम समेत पांच टीमों का गठन किया है।घायल समर का इलाज अयोध्या मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है,जहाँ उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।डाक्टरों ने आपरेशन के बाद उनके दाहिने हाथ की गोली निकाल दिया है।समर के भाई की तहरीर पर छपिया थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट के प्रयास और गोली मारने की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।फूलपुर चौराहे से लेकर सिसई रानी तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छपिया पुलिस को इस गोली कांड से संबंधित अहम सुराग मिले हैं,जिसकी गंभीरता से जांच की जा रही है।बताते चलें कि सोमवार देर रात सिसई रानी पुर में सराफा की दुकान बंद करके गौर बभनान बस्ती घर जाते समय रास्ते में अज्ञात बाइक सवारों ने गोली मार दिया था।मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी मनकापुर उदित नारायण पालीवाल ने बताया कि बभनान बस्ती निवासी समर कसौधन अपनी सिसई रानी पुर स्थित दुकान बंद कर अकेले घर जा रहे थे कि तभी फूलपुर गांव के पास एक नहर पुलिया पर दो अज्ञात बाइक सवारों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका और आरोपियों ने जबरन उनका बैग छीनने का प्रयास किया।जब समर ने इसका विरोध किया तो उनमे से एक अज्ञात व्यक्ति ने उनपर फायर कर दिया और गोली उनके बाएं हाथ में लगी है।
विधायक पास लगी कार सवार दबंगों ने किया मारपीट,सोने की चैन छीनने का आरोप
*शादी समारोह में सर्राफा व्यापारी को पीटा

गोंडा।जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एक सर्राफा व्यापारी से मारपीट का मामला सामने आया है।नवाबगंज थना  क्षेत्र के रायल हेरिटेज होटल के पास देर रात विधायक पास लगी कार सवार चार युवकों ने व्यापारी शिवम सोनी पर हमला कर दिया।पीड़ित के शोर मचाने पर विधायक पास लगी गाड़ी भी कार सवार दबंगों को छोड़कर फरार हो गयी।पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उसके गले से सोने की चैन छीन लिया,हालांकि पुलिस ने चैन छिनैती की घटना से इंकार किया है।बताते चलें कि धानेपुर थाना क्षेत्र के बाबागंज निवासी शिवम सोनी अपने मामा राधेश्याम सोनी के यहां चौरी सिकंदरपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे।शादी के बाद वह समारोह में आए एक बाउंसर को अयोध्या छोड़कर अपने घर वापस लौट रहे थे,देर रात बाउंसर को छोड़ने के बाद वापस आते समय रायल हेरिटेज होटल के पास एक वैगन आर पर सवार चार युवकों ने शिवम सोनी की गाड़ी को ओवरटेक करके रोक लिया और जब शिवम गाड़ी से बाहर नहीं निकले तो हमलावरों ने अग्निशमन सिलेंडर से उनकी गाड़ी का शीशा तोड़ने का प्रयास किया।इसके बाद शिवम सोनी गाड़ी से बाहर आए।वैगनआर सवार युवकों ने उनसे मारपीट शुरू कर दिया।पीड़ित ने आरोप लगाया है कि इसी दौरान हमलावरों ने उसके गले में पहनी सोने की चैन छीन लिया और फरार हो गए।शिवम के साथ मौजूद एक अन्य युवक का मोबाइल फोन भी छीनने का प्रयास किया गया,लेकिन उसने फोन गाड़ी में फेंक दिया जिससे वह बच गया।शिवम सोनी ने नवाबगंज थाने में तहरीर दिया है।नवाबगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि मारपीट की घटना हुई है,जिसपर कार्रवाई की जा रही है।हालंकि उन्होंने चैन छीनने की घटना को गलत बताया है।शिवम सोनी दी गई तहरीर के आधार पर नवाबगंज पुलिस ने जांच शुरू कर दिया है।पीड़ित शिवम सोनी ने बताया कि देर रात हमलोग अपने मामा के यहां से शादी से लौट रहे थे,जिसमें बाउंसर भी आए हुए थे,उन्हें छोड़ने के लिए हमलोग गए हुए थे।उन्हे छोड़कर हम दो लोग लौट रहे थे कि रास्ते में वैगनआर कर ने हमलोगों को ओवरटेक किया और गाड़ी रोककर मारपीट कर सोने की चैन छीनने लगे और लेकर चले गये,फोन भी छीन रहे थे परन्तु नहीं ले जा पाये।गाड़ी में बैठे दूसरे लड़के के साथ भी मारपीट की गई।शिवम सोनी ने बताया कि यह घटना होटल रायल हेरिटेज के पास हुई है।
लूटपाट के दौरान हुई मारपीट में एक घायल, पुलिस व घायल ने लिखाया मुकदमा

गोंडा।जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित खनवापुर में शनिवार देर रात हुई लूटपाट के  प्रयास के दौरान हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई,जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल का लखनऊ मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।इस मामले में पुलिस ने दो अलग अलग मुकदमा दर्ज किया है।यह घटना तब हुई जब थ्रेसर मालिक हनुमान प्रसाद अपने खेत में भूसा बना रहे थ्रेसर को देखने पहुंचे थे।इसी दौरान एक कार्यक्रम से लौट रहे तीन युवक संजय चौबे, दीपक यादव और प्रशांत त्रिपाठी ने एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर हनुमान प्रसाद का मोबाइल छीनने का प्रयास किया और लूटपाट करने लगे।हनुमान प्रसाद किसी तरह वहाँ से भाग निकले और उन्होंने देवी प्रसाद तथा अपने ट्रैक्टर ड्राइवर कौशल को फोन कर घटना की सूचना दिया।सूचना पाकर मौके पर पहुंचे देवी प्रसाद और कौशल ने संजय चौबे को पकड़ा तो संजय चौबे ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट शुरू कर दिया।मारपीट के दौरान संजय चौबे ने अपने पास रखे चाकू से देवी प्रसाद के गले पर वार कर दिया,जिससे देवी प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गये।उन्हे इलाज के लिए लखनऊ भर्ती कराया गया है।इसी मारपीट में संजय चौबे (23) गंभीर रूप से घायल हो गये थे।स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी मौत हो गई।खरगूपुर थाने की पुलिस ने मृतक संजय चौबे का पोस्टमार्टम कराया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने के कारण बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है।घायल देवी प्रसाद ने इस पूरी घटना को लेकर मृतक संजय चौबे, दीपक यादव और प्रशांत तिवारी के खिलाफ चाकू से हमला करने और थ्रेसर मालिक हनुमान प्रसाद के साथ लूटपाट करने का मुकदमा दर्ज कराया है।वहीं मृतक संजय चौबे के परिजनों द्वारा कोई तहरीर न दिये जाने पर खरगूपुर थाने की पुलिस ने स्वयं वादि बनकर देवी प्रसाद और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।मृतक की मां राजपति ने बताया कि बड़े बेटे अजय का 27 अप्रैल को तिलक व 5 मई को शादी तय थी।छोटे बेटे संजय की मौत से घर में खुशी का माहौल मातम में बदल गया।वहीं क्षेत्राधिकारी नगर आनंद राय ने बताया कि मृतक की पहचान चौखड़िया गांव के संजय चौबे (23) के रुप में हुई है।उनके साथियों की पहचान परसरामपुर अहिरनपुरवा गांव के दीपक यादव व खनवापुर के प्रशांत तिवारी के रूप में हुई है।
परिवार परामर्श केन्द्र में 02 जोड़े एक साथ रहने को हुए राजी
गोण्डा। रविवार जनपद गोण्डा के रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित परिवार परामर्श केन्द्र में पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल के निर्देशन में परामर्शदाताओं द्वारा बिछडे जोड़ों की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण किया गया तथा 02 जोड़ों को समझा बुझाकर सुखी जीवन जीने हेतु राजी कर लिया गया।

परिवार परामर्श केन्द्र में उपस्थिति सदस्यगण-
शशि कुमार भारती,  गंगाधर शुक्ल,  राम मंगल मौर्या, श्रीमती संतोष ओझा, श्रीमती अनीता श्रीवास्तव, उक्ति डॉ0 उमा सिंह, श्रीमती अनीता यादव (प्रभारी निरीक्षक महिला थाना), उ0नि0 प्रतिभा सिंह (प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र) , म0आ0 सीमा यादव, म0आ0 सरोजा, म0आ0 अनुप्रिया सिंह, म0आ0 नेहा सिंह आदि उपस्थित रहे।
शोषण मुक्त समाज के प्रेरक थे भगवान परशुराम : सुरेन्द्र मिश्रा
-परशुराम जयंती पर सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन में समाज की चुनौतियों एवं समाधान पर संगोष्ठी आयोजित
गोण्डा।अक्षय तृतीया पर भगवान परशुराम की जयंती पर सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन में समाज के समक्ष चुनौतियां एवं समाधान विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। परशुराम जयंती समारोह समिति के संयोजक व उच्च न्यायालय के अधिवक्ता सुरेन्द्र मिश्र 'सूर्य' ने संगोष्ठी में विषय प्रवर्तन करते हुए कहा भगवान परशुराम ने सनातन धर्म के सर्वप्रथम ऐसे क्रांतिकारी थे जिन्होंने दुष्टों का संहार कर शोषण मुक्त समाज की संरचना का संदेश दिया। वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार आर. जे. शुक्ल 'यदुराय' की अध्यक्षता में आयोजित संगोष्ठी को नील ठाकुर, गौरीशंकर चतुर्वेदी, अजय विक्रम सिंह एड., कविवर विनय शुक्ल 'अक्षत' सिद्धार्थ शुक्ल, अभिषेक दूबे, अश्वनी तिवारी, आचार्य गंगानाथ शुक्ल, अजय कुमार शुक्ल 'अज्जू' आदि वक्ताओं ने समाज में एकता एवं समाज को सशक्त बनाने के लिए शस्त्र व शास्त्र दोनों में पारंगत होने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस मौके पर प्रवीण मिश्रा, रामानन्द, सुरेन्द्र तिवारी, विनोद तिवारी, कृष्ण कुमार तिवारी, रुद्र करुणा सिंध मिश्र  मनोज मिश्रा रुद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।
*“स्वाभिमान सोमनाथ पर्व” यात्रा के शुभ अवसर पर प्रमुख शिव मंदिरों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन*

*स्वाभिमान सोमनाथ पर्व” यात्रा की गाड़ी को एडीएम ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना*

*गोण्डा 19 अप्रैल,2026*।
उत्तर प्रदेश शासन एवं जिलाधिकारी गोण्डा श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार जनपद में “स्वाभिमान सोमनाथ पर्व” यात्रा के शुभ अवसर पर विभिन्न प्रमुख शिव मंदिरों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस क्रम में बाबा दुःख हरण नाथ महादेव मंदिर (शहर गोण्डा), बंगध महादेव शिव मंदिर (मनकापुर), बाबा बालेश्वर नाथ महादेव मंदिर (तरबगंज) तथा बाबा बरखण्डी नाथ महादेव मंदिर (करनैलगंज) सहित अन्य शिवालयों में भजन संध्या, रुद्राभिषेक, महाआरती, प्रवचन एवं दीपोत्सव जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं में आध्यात्मिक चेतना एवं सांस्कृतिक गौरव को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

इसी क्रम में जनपद के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों से 10 सदस्यों का चयन कर उन्हें “स्वाभिमान सोमनाथ पर्व” यात्रा हेतु भेजा गया है। चयनित प्रतिभागियों में सुनीता निषाद (भट्ठा परेड सरकार, गोण्डा), उमेश प्रताप (भगहरिया पूरे मितई, कटरा बाजार), किरन कश्यप (भट्ठा परेड सरकार), निखिल मिश्रा (गरीबाजोत, गोण्डा), रवी कुमार (बनगाई, गोण्डा), रजनीकांत तिवारी (कौड़िया बाजार), लक्ष्मीधर (महादेवा, झंझरी), सुरेंद्र कुमार (मंगल पाण्डेय, भैरमपुर), पवन कुमार सिंह (मोहम्मदपुर गढ़वार, करनैलगंज) तथा राजकमल पाण्डेय (पंडित पुरवा कानूनगो, गोण्डा) शामिल हैं।

इन सभी प्रतिभागियों के साथ महेंद्र कुमार मिश्रा, खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, गोण्डा को नोडल अधिकारी के रूप में नामित किया गया है, जो यात्रा के दौरान समन्वय एवं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे।

आज प्रातः लगभग 7:00 बजे अपर जिलाधिकारी श्री आलोक कुमार द्वारा हरी झण्डी दिखाकर इस दल को रवाना किया गया। प्रशासन द्वारा यात्रा के सफल संचालन हेतु समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
इस पहल का उद्देश्य जनपद के नागरिकों को धार्मिक आस्था से जोड़ते हुए सांस्कृतिक धरोहर के प्रति जागरूक करना तथा स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को इस प्रकार के आयोजनों में सहभागिता का अवसर प्रदान करना है।
जनपद में संचालित विद्यालयों के वाहनों की सुरक्षा एवं वैधानिक अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी
गोंडा। गोण्डा जनपद में संचालित विद्यालयों के वाहनों की सुरक्षा तथा वैधानिक अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एआरटीओ (प्रशासन) आर.सी. भारतीय द्वारा महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 242 ऐसे विद्यालय चिन्हित किए गए हैं, जिनके 313 स्कूल वाहनों से संबंधित आवश्यक विवरण अब तक UPISVMP.COM पर अपडेट नहीं किए गए हैं।
एआरटीओ (प्रशासन) ने स्पष्ट किया कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा वाहन चालकों का पूर्ण विवरण, वैध ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों के साथ शपथ पत्र पोर्टल पर अपलोड किया जाना अनिवार्य है। यह प्रक्रिया विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसके बावजूद संबंधित विद्यालयों द्वारा अपेक्षित कार्रवाई न किया जाना गंभीर लापरवाही माना जाएगा।
सभी चिन्हित विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि वे 19 अप्रैल 2026 को अपने विद्यालय खुले रखें तथा अपने समस्त स्कूल वाहनों एवं चालकों का पूर्ण विवरण शपथ पत्र सहित तत्काल पोर्टल पर अपलोड करें।
इसके अतिरिक्त, सभी विद्यालयों को अपने वाहनों को निर्धारित तिथि पर एआरटीओ कार्यालय, एआरटीओ कार्यालय गोण्डा में प्रस्तुत कर भौतिक निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान वाहन फिटनेस, सुरक्षा मानकों, परमिट तथा अन्य दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
एआरटीओ (प्रशासन) ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्देशों का पालन न करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जनपद के सभी विद्यालयों से अपील की गई है कि वे विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देशों का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करें।