मुख्यमंत्री से  हरियाणा की भांति प्रदेश के किसानों को भी राहत देते हुए भावांतर भरपाई योजना शुरू करने की मांग
फर्रुखाबाद l उत्तर प्रदेश देश का सर्वाधिक आलू उत्पादक प्रदेश है इस वर्ष महंगी लागत के बाद अच्छी उपज प्राप्त हुई है लेकिन आलू की उचित मूल्य पर बिक्री नहीं हो पा रही है इस कारण आलू किसान गहरे कर्ज में डूबते जा रहे हैं l किसान नेता अशोक कटियार एडवोकेट कहते हैं कि दुनिया में चीन 93 मिलियन मि० टन आलू के उत्पादन कर प्रथम स्थान पर है वहीं भारत में 60 मिलियन मि० टन का आलू उत्पादन होता है दुनिया में दूसरे स्थान पर है l उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कुल उत्पादन का 35% उत्पादित कर देश का  सबसे बड़ा उत्पादक राज्य है जनपद में उत्तर प्रदेश का सर्वाधिक आलू उत्पादित होता है लेकिन किसानों को उचित कीमत नहीं मिल पा रही है देश से केवल एक प्रतिशत आलू निर्यात में जाता है वहीं केवल एक प्रतिशत आलू खाद्यान्न प्रसंसकरण में उपयोग होता है जो कि न्यूनतम है इसे बढ़ाकर समस्या का काफी हद तक समाधान किया जा सकता है। 
आलू किसानों की समस्या को देखते हुए हरियाणा सरकार ने भावांतर भरपाई योजना संचालित की है इस योजना का उद्देश्य किसानों को थोक बाजार में गिरती कीमतों से होने वाले वित्तीय नुकसान को बचाना है हरियाणा में वर्तमान में यह योजना 21 बागवानी फसलों को करती है जिनमें पांच फल फसले,चौदह सब्जी फसले और दो मसाला फसले शामिल हैं इस योजना के तहत प्रत्येक फसल के लिए उत्पादन लागत के आधार पर एक सुरक्षित मूल्य तय किया जाता है यदि किसान अपनी उपज को मंडियों में बेचते समय बाजार मूल्य इस सीमा से नीचे गिर जाता है तो उन्हें अंतर की भरपाई के रूप में प्रोत्साहन राशि दी जाती है योजना का लाभ उठाने के लिए किसानों को मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर अपनी फसल का पंजीकरण करना होगा जिसके बाद बागवानी विभाग सत्यापन करता है l किसान जब अपनी फसल मंडी में भेजते हैं तो उन्हें एक गेट पास और जे फॉर्म दिया जाता है जो बिक्री का प्रमाण होता है जिसके आधार पर उन्हें भुगतान सीधे खाते में कर दिया जाता है उत्तर प्रदेश में भी आलू, टमाटर, मटर, आम, अमरूद आदि की फसलों में किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है किसानों के हित में भाव अंतर भरपाई योजना उत्तर प्रदेश में भी शुरू किया जाना आवश्यक है । उन्होंने  सहानिभूति पूर्वक विचार कर उत्तर प्रदेश में भावांतर भरपाई योजना शुरू करने की मांग की है l
सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के 10 यात्री दल को जिला अधिकारी ने किया रवाना
फर्रुखाबाद l सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा के लिए जनपद के 10 यात्रियों के दल को विधिवत मंत्रोच्चार के बीच माल्यार्पण कर रविवार को कलेक्ट्रेट से जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने वाहनों से लखनऊ के लिए रवाना किया गया। इस दौरान वातावरण श्रद्धा एवं उत्साह से परिपूर्ण रहा।
जिलाधिकारी ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने यात्रियों से अनुशासन एवं मर्यादा का पालन करते हुए यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया।
लखनऊ में मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए श्रद्धालुओं को एकत्रित कर विशेष ट्रेन के माध्यम से सोमनाथ के लिए रवाना किया जाएगा। यह यात्रा शासन की महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य प्रदेशवासियों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों से जोड़ना है।
जनपद से इस यात्रा में सम्मिलित होने वाले यात्रियों में त्रिलोकी नाथ वर्मा, चेतन भारती, शांति, सुरेंद्र कुमार पांडेय, राकेश कुमार सारस्वत, यतीन्द्र प्रकाश दुबे, निहारिका पटेल, अजय पाल, राकेश एवं अंकुर कुमार कश्यप शामिल हैं।
यात्रा दल की नोडल अधिकारी सहायक आयुक्त उद्योग सोनाली सिंह को नामित किया गया है, जो सम्पूर्ण यात्रा के दौरान समन्वय एवं व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगी।
इस मौके पर जिला विकास अधिकारी, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए यात्रा के सफल संचालन की कामना की।
समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष ने विद्युत उपभोक्ताओं के घरों पर जबरदस्ती न लगाए जाएं प्रीपेड मीटर, विरोध में प्रदर्शन कर डीएम को दिया ज्ञापन
फर्रुखाबाद l समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष राघव दत्त मिश्रा ने शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर बिजली उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट और प्रीपेड मीटर जबरदस्ती लग जाने की विरोध में ज्ञापन दिया है जिसमें कहा है कि विद्युत विभाग द्वारा मनमानी के तहत लगाए जाने वाले स्मार्ट मीटर की तरफ नहीं लगाई जाए उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय का आदेश है कि किसी भी विद्युत उपभोक्ता के यहां बगैर उपभोक्ता की सहमत के स्मार्ट मीटर ना लगाया जाए इसके बावजूद जनपद बाबा महानगर में विद्युत विभाग की मनमानी नहीं रख रही है विभाग के लोग जरदस्ती स्मार्ट मीटर लगा रहे हैं उन्होंने कहा कि जबरदस्ती स्मार्ट मीटर किसी भी उपभोक्ता के यहां ना लगाया जाए, प्रीपेड मीटर की बजाय पोस्टपेड मीटर उपभोक्ताओं की सहमति से लगाया जाए।
जन समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही ना की जाए डीएम
फर्रूखाबाद l तहसील सदर का सम्पूर्ण समाधान दिवस ऑफिसर्स क्लब फतेहगढ़ में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस दौरान तीन शिकायतों का निस्तारण किया गया l
समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से कुल 59 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 29, पुलिस विभाग की 11, विद्युत विभाग की 04, विकास विभाग की 02 तथा अन्य विभागों की 13 शिकायतें शामिल रहीं। प्राप्त शिकायतों में से राजस्व विभाग की 03 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
विकास कार्यों में जनपद का 17 वा स्थान, सीएम डैशबोर्ड में रैंकिंग बेहतर करने के विभागों को दिए निर्देश डीएम
फर्रुखाबाद |सी0एम0 डैशबोर्ड के अंतर्गत विकास कार्यों की माह मार्च 2026 की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। समीक्षा में जनपद को विकास कार्यों में 17वां स्थान प्राप्त हुआ।
बैठक के दौरान 29 विभागों की कुल 78 योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। समीक्षा में कुछ योजनाओं का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर पाया गया l
डी श्रेणी में चिकित्सा विभाग की जननी सुरक्षा योजना को 63वीं रैंक तथा 10 में से 2 अंक प्राप्त हुए।
सी श्रेणी में
महिला एवं बाल विकास विभाग की आईसीडीएस पोषण अभियान को 49वीं रैंक एवं 3 अंक,
समाज कल्याण विभाग की राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना को 58वीं रैंक एवं 5 अंक प्राप्त हुए।
उद्योग विभाग की
ओडीओपी वित्त पोषण योजना को 73वीं रैंक एवं 6 अंक,
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान को 54वीं रैंक एवं 6 अंक प्राप्त हुए।
जल निगम (ग्रामीण) की जल जीवन मिशन योजना को 41वीं रैंक एवं 8 अंक मिले।
पर्यटन विभाग की राज्य योजना को 55वीं रैंक एवं 7 अंक प्राप्त हुए।
वहीं, ग्राम्य विकास विभाग की डीएनआरएलएम आरएफसी आईएफ योजना ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 11वीं रैंक एवं 10 में से 10 अंक प्राप्त किए।
जिलाधिकारी द्वारा सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे योजनाओं के क्रियान्वयन में सुधार लाते हुए आगामी माह में रैंकिंग बेहतर करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, पीडी डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
नारी शक्ति वंदन से महिलाओं की सहभागिता के मिलेगा लाभ
फर्रुखाबाद l नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट महिला वक्ताओं ने सहभागिता करते हुए अधिनियम के प्रावधानों, महत्व एवं महिलाओं के सशक्तिकरण में इसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस दौरान  एन0ए0के0पी0 डिग्री कॉलेज की पूर्व प्राचार्य एवं शिक्षाविद डॉक्टर शशी किरण ने अधिनियम को महिला नेतृत्व को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया, डॉ सुनीता यादव ने महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से समाज के समग्र स्वास्थ्य एवं विकास पर सकारात्मक प्रभाव पड़ने की बात कही। अधिवक्ता उमा मिश्रा ने अधिनियम के विधिक पहलुओं की जानकारी देते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया। पर्यावरणविद गुंजा जैन ने महिलाओं की भागीदारी को सतत विकास से जोड़ते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण के लिए भी महत्वपूर्ण बताया।
स्वयं सहायता समूह की गुंजन एवं नम्रता , एफ0पी0ओ0 पूनम पाल ने ग्रामीण एवं आर्थिक क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में अधिक सशक्त बनाएगा।
प्रेसवार्ता के दौरान सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में नई दिशा प्रदान करेगा l साथ ही देश के समग्र विकास में उनकी भागीदारी को और सुदृढ़ करेगा।
इस मौके पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी,जिला विकास अधिकारी व संवंधित मौजूद रहे।
शिक्षा वह शेरनी का दूध है जो पिएगा वही बढ़ेगा, अंबेडकर सम्मान समारोह के दौरान पूर्व मंत्री ने कहीं बात
फर्रुखाबाद l शुक्रवार को अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दहेलिया के अमृत सरोवर के पास स्थित भैरव मंदिर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा अमृतपुर विधानसभा का डॉ भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया कार्यक्रम की अध्यक्षता सलेमपुर मंडल अध्यक्ष लालू राजपूत ने की। पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य जिला उपाध्यक्ष अभिषेक बाथम जिला मंत्री पंकज पाल जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी पूर्व जिला महामंत्री संदीप शाक्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत ने डॉ अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
मुख्य वक्ता पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने कहा भारत रत्न डॉक्टर अंबेडकर एक सामान्य पुरुष नहीं बल्कि महामानव थे उन्होंने गरीब पिछड़े दलित वंचित और शोषित वर्ग के लोगों को न्याय दिलाने के लिए भारतीय संविधान की रचना की उन्होंने कहा था शिक्षा वह शेरनी का दूध है जो पिएगा वही बढ़ेगा। शिक्षा व्यक्ति को कितने ऊंचे स्तर पर ले जा सकती है यह डॉ अंबेडकर ने साबित कर दिया उनका उद्देश्य था समाज के प्रत्येक गरीब वर्ग को अच्छी शिक्षा मिले। एक लंबे समय तक देश में कांग्रेस की सरकार रही लेकिन जो सम्मान उन्हें मिलना चाहिए था वह कांग्रेस ने नहीं दिया बल्कि वह सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया। उनसे जुड़े हुए स्थानों को पंच तीर्थ के रूप में स्थापित किया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉक्टर अंबेडकर की विचारधारा को आत्मसात करके भारत के गरीब वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। सपा और कांग्रेस संविधान की प्रक्रिया लेकर गली-गली घूम रहे थे लेकिन उनकी सरकारों में सबसे ज्यादा दलित समाज का उत्पीड़न किया गया डॉ साहब को भारत रत्न देने में भी देरी की गई। कांग्रेस और सपा डॉक्टर अंबेडकर के नाम पर राजनीति करती है लेकिन उनके विचारों से कोई सीख नहीं लेती भाजपा सरकार अंबेडकर के विचारों से प्रेरित होकर भारत को समृद्ध और शिक्षित कर रही है। भाजपा ने डॉक्टर अंबेडकर के सम्मान के लिए सम्मान अभियान कार्यक्रम चलाया है। सपा के लोग पीडीए के नाम पर दलित समाज के लोगों को गुमराह कर रहे हैं। सपा जब-जब सत्ता में आती है तब-तब दलित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर हमले होते हैं। डॉ आंबेडकर एक वर्ग के नहीं बल्कि पूरे समाज के नेता थे उन्होंने संविधान देकर सभी को न्याय देने की व्यवस्था सुनिश्चित की। केंद्र सरकार द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम विधेयक महिलाओं को अधिकार दिलाने वाला है जो डॉक्टर अंबेडकर की विचारधारा से प्रेरित है कांग्रेस सपा जैसे राजनीतिक दल इस विधेयक का विरोध कर रहे हैं वह महिलाओं को 33% आरक्षण के पक्ष में नहीं है। 2027 के चुनाव में महिलाओं को शक्ति देने वाले बिल का विरोध करने वाले लोगों को जवाब मिलेगा। अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने कहा डॉ आंबेडकर के विचार सामाजिक समानता शिक्षा न्याय और स्वतंत्रता पर आधारित है उन्होंने जाति व्यवस्था छुआछूत और महिलाओं के उत्पीड़न का पुरजोर विरोध किया तथा संवैधानिक अधिकारों बंधुत्व और शिक्षा के माध्यम से दलित व वंचितों वर्ग के उत्थान पर जोर दिया था उनका मुख्य उद्देश्य था शिक्षित बनो संगठित बनो और संघर्ष करो भाजपा सरकार उनके विचारों को लेकर आगे बढ़ रही है। जिला उपाध्यक्ष अभिषेक बाथम ने कहा डॉ अंबेडकर शिक्षा को सशक्तिकरण का सबसे बड़ा हथियार मानते थे उनका दृढ़ विश्वास था कि जब तक वंचित वर्ग शिक्षित नहीं होंगे वह अपने अधिकारों के लिए लड़ नहीं सकते। महिलाओं को अधिकार देने के लिए उन्होंने अपने संविधान में न्याय की व्यवस्था की जिसको लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 33 प्रतिशत आरक्षण देने का कार्य कर रहे हैं। पूर्व जिला महामंत्री संदीप शाक्य ने कहा डॉ आंबेडकर महिलाओं की स्थिति में सुधार के प्रबल समर्थक थे उन्होंने कानून के माध्यम से सभी को सामान अधिकार और आर्थिक न्याय सुनिश्चित किया।
जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी ने भी विचार व्यक्त किए
इस कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा विष्णु लाल जाटव मंडल मंत्री परमजीत कौर मंडल अध्यक्ष लालू राजपूत महेश गौतम विश्व प्रताप सिंह चीनू रमेश सोमवंशी संजीव अग्निहोत्री विनीत राठौर संदीप तिवारी रामतीर्थ कुशवाहा पूरन कुशवाहा धर्मेंद्र सोमवंशी पिंटू सोमवंशी जितेंद्र सिंह विकास सिंह गिरीश चंद्र त्रिपाठी आदि लोग मौजूद रहे।
असली नकली पाठ पुस्तकों की पहचान के लिए मुदित किए गए नंबर
फर्रुखाबाद l
पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में  पुस्तक जागरूकता एवं सुलभता शिविर पुस्तक मेला का आयोजन किया गया।जिसमें विद्यार्थियों को एन सी ई आर टी की पुस्तकों के प्रकाशन, नाम व मूल्य के बारे में जानकारी दी गई। माध्यमिक परिषद द्वारा कक्षा 9 से 12 तक कुल 34 विषयों के अंतर्गत 70 एन सी.ई.आर.टी. पाठ्य पुस्तकें अधिकृत प्रकाशकों के माध्यम से मुद्रित की गई हैं, ताकि अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के अध्ययन हेतु सरल दरों पर उच्च गुणवत्ता युक्त पाठ्य-पुस्तकें उपलब्ध हो सकें।प्रधानाचार्य दीपिका राजपूत ने  सभी पुस्तकों के पब्लिकेशन, मूल्य और उपयोगिता के बारे में बताया गया। साथ ही अधिकृत पुस्तकें ही  क्रय करने हेतु निर्देश दिए गए।इस वर्ष मुद्रित पाठ्य पुस्तकों की असली नक़ली पहचान हेतु पाठ्यपुस्तक के आवरण पृष्ठ पर सात अंकों का अल्ट्रावायलेट फ्लोरोसेंट लाल रंग में सीरियल नंबर मुद्रित कराया गया है जिन पुस्तकों पर यह नंबर नहीं है वे अनाधिकृत हैं।विद्यालय की शिक्षिकाएं ऋचा तिवारी, निर्मला सिंह, शैलजा मिश्रा, ज्योति, अर्चना गुप्ता, गीता देवी, मोनी आदि उपस्थित रहे।
लोक अदालत के लिए 140 वाद निस्तारण को चिह्नित

फर्रुखाबाद l राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 09 मई 2026 के सफल आयोजन को लेकर जनपद न्यायालय परिसर में स्थित एडीआर भवन में लघु आपराधिक मामलों एवं धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीरज कुमार के निर्देश पर बैठक सम्पन्न हुई। इस दौरान
बैठक की अध्यक्षता अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत संजय कुमार द्वारा की गई l संचालन सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण युगल शंभू ने किया। इस दौरान
बैठक के अध्यक्ष ने संबंधित न्यायिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक लघु आपराधिक एवं धारा 138 एनआई एक्ट से जुड़े मामलों को चिन्हित कर राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारण हेतु प्रस्तुत किया जाए। साथ ही चिन्हित मामलों का विस्तृत विवरण भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

अब तक धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित कुल 06 मामलों तथा लघु आपराधिक मामलों के कुल 134 प्रकरणों को चिन्हित किया जा चुका है, जिन्हें आगामी लोक अदालत में निस्तारित करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस मौके पर मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी प्रीतिमाला चतुर्वेदी, सिविल जज (सीनियर डिवीजन)  प्रियंका गांधी, अपर मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी जयवीर सिंह सहित विभिन्न न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।
तिलक समारोह में हर्ष फायरिंग की गोली दूल्हे के भाई को लगी घायल, कानपुर रेफर, पुलिस ने लिखाई रिपोर्ट

फर्रुखाबाद l तिलकोत्सव समारोह में हर्ष फायरिंग की गोली लगने से दूल्हे का भाई विपिन कुमार राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना राजेपुर के ग्राम चाचूपुर जटपुरा में बीती रात आदित्य राजपूत का तिलकोत्सव कार्यक्रम चल रहा था और गांव के लोग खाना खा रहे थे उसी समय तमंचे से हर्ष फायरिंग की गई। गोली सीने में लगने से विपिन कुमार राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गए। फायरिंग होते ही तिलक समारोह में अपरा तफरी मच गई। घायल विपिन कुमार को तत्काल लोहिया अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर नवनीत ने विपिन का प्राथमिक उपचार करने के बाद कानपुर के लिए रेफर कर दिया। बताते हैं कि ऑपरेशन करने के बाद डॉक्टरो ने विपिन के शरीर से गोली को बाहर निकाल दिया है।
दरोगा श्याम बाबू ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की उसके बाद फायरिंग करने वाले के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। दर्ज कराई रिपोर्ट में दरोगा श्याम बाबू ने लिखाया है कि ग्राम चाचूपुर जटपुरा में रामसनेही पुत्र नन्हूं लाल के यहां बीती रात्रि में तिलकोत्सव समारोह चल रहा था। कार्यक्रम के दौरान भोला उर्फ सुदीप पुत्र रामसनेही द्वारा नाजायज तमंचे से हर्ष फायर किया । तमंचे से चलाई गई गोली पास में खड़े 36 वर्षीय विपिन पुत्र रामसनेही के सीने में गोली लग गई। गोली लगने से विपिन गम्भीर रूप से घायल हो गया। परिजनों द्वारा उसे चुपचाप कानपुर नगर के एसआईएस  अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार चल रहा है। गांव के लोगों से इस बात की जानकारी मिली है।
राजेपुर थानाध्यक्ष सुदेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया की गोली चलाने वाला भाग गया है उसे तलाश किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कानपुर में ऑपरेशन के दौरान उस के शरीर से गोली निकाली गई है।