वरिष्ठ समाजसेवी पूर्णमासी शर्मा को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
जौनपुर। जनपद के सम्मानित पूर्व प्रधानाचार्य एवं उत्कृष्ट समाजसेवी पूर्णमासी शर्मा का विगत 2 अप्रैल 2026 को आकस्मिक निधन हो गया।उक्त जानकारी प्राप्त होने पर जनपद जौनपुर ही नहीं अपितु संपूर्ण पूर्वांचल के जिलों से शुभचिंतकों सहित तमाम सामाजिक संगठनों के समाजसेवियों की उपस्थिति देखी गई।ग्राम खमपुर निवासी  पूर्व प्रधानाध्यापक स्व.पूर्णमासी शर्मा की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जहां भारतीय नाई कल्याण विकास सेवा समिति,नंदवंशी सेल्फ केयर ट्रस्ट,महापद्म नंद आर्गनाइजेशन वेलफेयर संस्था एवं नई उम्मीद फाउंडेशन ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सहित भदोही जिलाध्यक्ष कैलाश नाथ शर्मा,एम डबलू ओ के प्रांतीय अध्यक्ष घनश्याम शर्मा, प्रतापगढ़ सुल्तानपुर वाराणसी जिलाध्यक्ष आशीष शर्मा गणमान्य नागरिकों ने उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।भारतीय नाई कल्याण विकास सेवा समिति के संस्था अध्यक्ष दिनेश चन्द्र शर्मा ने स्व.पूर्णमासी शर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि एक कुशल शिक्षक और समाजसेवी के रूप में पूर्णमासी का जीवन समाज के लिए अनुकरणीय रहा है।शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को खमपुर और आसपास का क्षेत्र सदैव याद रखेगा।स्वजातीय बंधुओं की गरिमामयी उपस्थिति ने शोकाकुल परिवार को जीवन के रहस्य से सांत्वना दी तथा स्वजातीय बंधुओं ने व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।शोक व्यक्त करने वालों में समिति के समस्त पदाधिकारी, खमपुर ग्राम के निवासी और शिक्षा जगत से जुड़े लोग शामिल रहे।मुंबई से सर्व सहयोग सेवा ट्रस्ट के कवि एवं पत्रकार विनय शर्मा दीप,नंदवंशी हरिकेश शर्मा नंदवंशी, नंदवंशी प्रदीप कुमार शर्मा, संतोष निरंकार शर्मा,मनोज जगदीश शर्मा, एडवोकेट अनिल शर्मा, श्रीमती राधा संतोष शर्मा, हरिशंकर शर्मा उर्फ मुन्ना,कर्पूरी शर्मा,गंगेश शर्मा,संतोष शर्मा, कलेक्टर शर्मा,जे पी शर्मा,कदम कदम पर के संपादक छोटेलाल शर्मा,प्रबंध संपादक अनिल शर्मा सहित अनेकों समाजसेवियों ने दुःख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित किया।सभी ने दो मिनट का मौन धारण कर पुण्यात्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
भगवान परशुराम जन्मोत्सव को लेकर जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में बैठक
जौनपुर। महराजगंज क्षेत्र के कार्यालय कैंप नाथ निकेतन नाहरपुर पर संगठन की एक बैठक जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में हुई जिसमें यह निर्णय लिया गया कि चारों गांव स्थित भगवान श्री परशुराम मंदिर के प्रांगण में अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर भगवान श्री परशुराम के जन्मोत्सव पर मंदिर के संस्थापक पुजारी सुनील शास्त्री के द्वारा अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा जिलाध्यक्ष डॉ. अतुल कुमार दुबे की अगुवाई में मंदिर पर भगवान का पूजन अर्चन एवं हवन करते हुए रथ और डीजे के साथ दिव्य शोभा यात्रा निकली जाएगी वहीं मीडिया प्रभारी अमित पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि यह शोभायात्रा हर वर्ष की भांति अक्षय तृतीया के दिन 19 अप्रैल, 2026 को सुबह 10 बजे मंदिर परिसर से शोभायात्रा की शुरुआत होगी और सेनपुर ठेंगहा गद्दोपुर महराजगंज लोहिंदा होते हुए तेजीबाजार के रास्ते जमदग्नि पार्क कुल्हनामऊ स्थित भगवान श्री परशुराम की दिव्य प्रतिमा का दर्शन करते हुए शोभायात्रा नगर में प्रस्थान करेगी समापन कृषि भवन पॉलिटेक्निक पर पूर्व की तरह किया जाएगा जिसमें जिले भर के ब्राह्मण संगठन इकट्ठे होंगे वही संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष श्याम मिश्रा के नेतृत्व में संगठन के सभी पदाधिकारी कार्यकर्तागण शोभायात्रा को सफल बनाने में लगे हुए हैं। बैठक के दौरान कुछ नए सदस्यों का चयन किया गया जिन्हें सदस्यता ग्रहण कराई गई और उन्हें प्रमाण पत्र भी दिया गया जिनमें लालचंद गिरी, सुरेंद्र पाण्डेय अकेला बाबा रहे। बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष डॉ. अतुल कुमार दुबे, राजेंद्र मिश्र, सुरेंद्रनाथ तिवारी, नागेंद्र मिश्र वशिष्ठ, अरुण पाठक, जगदीश उपाध्याय,  ब्लॉक अध्यक्ष श्याम मिश्र,पंकज उपाध्याय, दीपक मिश्र, अमरपाल तिवारी, रमेश मिश्र, कल्पनाथ उपाध्याय, संदीप मिश्र, राजेश उपाध्याय, निलेश मिश्रा,इंद्रेश मिश्र,लालन दुबे, भैया लाल उपाध्याय,सुभाष चंद्र उपाध्याय, संतोष मिश्र,नवीन उपाध्याय, रंकज मिश्र, दुर्गेश मिश्रा, आशीष कुमार मिश्रा उपस्थित रहे।
धूमधाम और उत्साह से मनाई गई भारत रत्न डॉ. अंबेडकर की जयंती
जौनपुर। विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की 135 वीं जयंती के अवसर पर खुटहन थाना अंतर्गत स्थित सुतौली गांव में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में भारत रत्न डॉ अंबेडकर की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे ने कहा कि बाबा साहेब के बताए रास्ते और आदर्शों पर चल करके ही एक स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित लोगों में पूर्व ग्राम प्रधान एडवोकेट अमरनाथ, पूर्व प्रधानाध्यापक राम प्यारे, आदर्श शिक्षक राजीव कुमार पांडे, युवा समाजसेवी, अमित कुमार सिंह, समाजसेवी संजय यादव, विजय बहादुर यादव, बौद्ध उपासक रामलवट, डॉ रुदल, कल्पनाथ खरवार, जयप्रकाश, रामराज, दयाराम, संदीप कुमार, कार्यक्रम के हर साल बिना किसी किराए के टेंट उपलब्ध कराने वाले ओमप्रकाश, डॉ संजय कुमार, डॉ रमेश कुमार समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर बाबा साहेब से जुड़े गीतों का कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
जलियांवाला बाग नरसंहार के शहीदों की याद में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

जौनपुर। काकोरी-ऐक्शन शताब्दी वर्ष आयोजन समिति जौनपुर के तत्वाधान में आज दिनांक 13 अप्रैल 2026 को श्री आर. पी कालेज ऑफ फार्मेसी खजुरन बदलापुर जौनपुर के सभागार में जलियांवाला बाग नरसंहार के शहीदों की याद में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता  कृष्णचंद्र शुक्ल व संचालन- दिलीप कुमार ने किया। कार्यक्रम को काकोरी-ऐक्शन शताब्दी वर्ष आयोजन समिति के जिला सचिव प्रमोद कुमार शुक्ल व मिथिलेश कुमार मौर्य ने सम्बोधित किए। वक्ताओं ने कहा कि, 13 अप्रैल 1919 को अमृतसर के जलियांवाला बाग में बैसाखी के दिन जनरल डायर ने निहत्थे लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलवाईं। रॉलेट एक्ट के विरोध में जुटे हज़ारों लोगों में से सैंकड़ों (आधिकारिक 379, अनौपचारिक 1000+) मारे गए। इस नरसंहार के विरोध में रवींद्रनाथ टैगोर ने अपनी ‘नाइटहुड’ उपाधि लौटा दी थी। दूसरी तरफ यह घटना भारतीय क्रांतिकारी युवाओं के लिए असहनीय थी। आत्मसम्मान पर भी गहरी चोट पहुंची। जिससे ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ देश के भीतर और देश के बाहर आजादी की ज्वाला धधक उठी। नौजवानों के दिल में आग ऐसी लगी कि क्रूर ब्रिटिश हुकूमत कांप उठी और उसे हिंदुस्तान को छोड़कर जाना पड़ा। क्रांतिकारी ऊधम सिंह जलियांवाला बाग नरसंहार के दौरान मौजूद थे। नरसंहार की घटना का मुख्य जिम्मेदार तत्कालीन गवर्नर जनरल माइकल ओ डायर को उधम सिंह ने 21 साल 1940 में इंग्लैंड जाकर भरी सभा में गोली मारा था। इस तरह उधमसिंह ने जलियाँवाला बाग नरसंहार का बदला लिया।अमृतसर में होने वाली जनसभाओं और जलियांवाला बाग हत्याकांड की घटना के प्रत्यक्ष गवाह पंजाबी कवि नानक सिंह ने लिखा है कि उस दौर में ऐसी एकता थी कि हिन्दू, मुसलमान, सिख एक ही गिलास पानी पी रहे थे और एक ही थाली में खाना खा रहे थे। वह इस नरसंहार के बाद, अंतिम संस्कार के जुलूसों का वर्णन करते हुए लिखते हैं कि कैसे हिंदू, मुस्लिम और सिख कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे थे। उन्होंने अपनी कविता ‘खूनी वैसाखी’ में उल्लेख किया है कि कैसे हिंदू, मुस्लिम और सिख एक साथ मिलकर एक ही त्योहार मना रहे थे-
“पंच वजे अप्रैल दी तेहरवीं नूं,
लोकीं बाग़ वल होए रवान चले।
दिलां विच इनसाफ़ दी आस रख के,
सारे सिख हिन्दू मुसलमान चले।
विरले आदमी शहिर विच रहे बाकी, सब बाल ते बिरध जवान चले।“वे बताते हैं कि हिन्दू, सिख मुसलमान सब एक ही साथ मिलकर त्यौहार मना रहे थे। इस तहजीब को खत्म करने की कोशिश शोषकवर्ग तब भी कर रहा था और आज भी। दरअसल 1947 में बोतल बदली थी शराब तो अब भी वही है। बोतल बदलने से जनता में जो भ्रम पैदा हुआ था वह धीरे-धीरे टूट रहा है। लोग धीरे-धीरे महसूस कर रहे हैं कि अंग्रेजों के वारिश सत्ता में आज तक बने हुए हैं, इसीलिए इनके खिलाफ लड़ाई अभी जारी है। अतः जलियाँवाला बाग नरसंहार जैसे खतरे आज भी बने हुए हैं। 13 अप्रैल जलियांवाला बाग नरसंहार में हुये सभी शहीदों को और आजादी आन्दोलन में अपने को कुर्बान कर देने वाले जाने-अनजाने जितने भी क्रातिकारी शहीद हुए हैं। सभी को क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि देते हुए संकल्प लेते हैं कि आज जन विरोधी काले कानूनों के खिलाफ आंदोलन तेज करें। इस अवसर पर अरविंद सिंह, संतोष कुमार प्रजापति, विशाल गौतम, शेषना श्रीवास्तव, इदरीश अहमद, अरविंद गुप्ता, आजाद, संजय सिंह, शोभावती सहित अन्य कई लोग मौजूद रहे।
नवोदय विद्यालय परीक्षा में प्राथमिक विद्यालय सुतौली के दो बच्चों ने रचा इतिहास

जौनपुर। प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों के लिए सबसे कठिन परीक्षा कही जाने वाली नवोदय विद्यालय परीक्षा में प्राथमिक विद्यालय सुतौली के दो बच्चों ने अपनी अपनी कैटेगरी में पूरे जनपद में प्रथम रैंक प्राप्त कर नाम रोशन किया है। विद्यालय के सक्षम दुबे पुत्र सुशील दुबे ने सामान्य केटेगरी में तथा काव्या राव पुत्री प्रदीप राव ने एससी कैटेगरी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। आज विद्यालय प्रांगण में चयनित विद्यार्थियों का अभिनंदन किया गया। विद्यालय परिवार की तरफ से दोनों बच्चों को पुरस्कार के रूप में साइकिल देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधान एड.अमरनाथ ने की। मुख्य अतिथि के रूप में प्राथमिक शिक्षक संघ के मांडलिक संगठन मंत्री व जिलाध्यक्ष अरविंद शुक्ल, विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे तथा सम्मानित अतिथि के रूप में तहसील प्रभारी अनिल कुमार पांडे, ब्लॉक अध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राम सिंह, ब्लॉक महामंत्री ओम प्रकाश गुप्ता, संघर्ष समिति के ब्लॉक अध्यक्ष विजेंद्र शर्मा, एआरपी अभिषेक तिवारी, दिनेश यादव, अरविंद मौर्य, राकेश कुमार पाल, प्रधानाध्यापक राजीव पांडे, उमेश कुमार चतुर्वेदी, आनंद तिवारी ,अशोक पांडे, श्याम लाल यादव, बजरंग बहादुर गुप्ता, विजय यादव, अरुण पाठक, संदीप यादव, विजय मौर्य, प्रदीप समेत अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राज भारत मिश्र ने किया तथा आभार विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिवाकर दुबे ने व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रधान अवधेश तिवारी, दयाशंकर तिवारी, कोमल कोटेदार, जगदंबा प्रसाद पांडे, राम लवट के अलावा विद्यालय परिवार की तरफ से योगेश भारती, दुर्गेश पांडे, प्रवेश वर्मा, शकुंतला देवी, रागिनी मिश्रा उपस्थित रहे।
प्रोफेसर अनुपम सिंह ने यूनाइटेड किंगडम में बढ़ाया जनपद का गौरव
जौनपुर। जनपद के ग्राम बेलगहन के मूल निवासी प्रोफेसर अनुपम सिंह, जो वर्तमान में यूनिवर्सिटी ऑफ ग्लास्गो, यूनाइटेड किंगडम में प्रोफेसर हैं, को सर्वश्रेष्ठ शिक्षण पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें विद्यार्थियों के मार्गदर्शन, उत्कृष्ट शिक्षण और शैक्षणिक योगदान के लिए प्रदान किया गया है। छोटे से गांव बेलगहन से निकलकर अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक जगत में पहचान बनाने वाले प्रो. अनुपम सिंह ने जिले और क्षेत्र का मान बढ़ाया है। शिक्षण के साथ-साथ वह कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) के क्षेत्र में भी सक्रिय शोध कर रहे हैं। उनका शैक्षणिक जुड़ाव यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड, यूनिवर्सिटी ऑफ मलाया, मलेशिया तथा सामाजिक प्रभाव के लिए AI विकसित करने वाली सरकारी परियोजनाओं से भी रहा है। प्रो. अनुपम सिंह की यह उपलब्धि जौनपुर और बेलगहन के लिए गर्व की बात है तथा क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी। ज्ञातव्य हो कि प्रोफेसर अनुपम सिंह दीवानी न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट धनंजय सिंह के दामाद हैं।
विश्व होम्योपैथिक दिवस पर निशुल्क चिकित्सा शिविर एवं दवा का हुआ वितरण
जौनपुर । विश्व होम्योपैथिक दिवस डॉक्टर सी एफ सैमुअल हैनिमैन जन्म दिवस के अवसर पर आज दी होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया जौनपुर फोर्ट इकाई द्वारा निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर एवं चेचक प्रतिरोधक दवा वितरण का कार्यक्रम ग्राम कादीपुर कुद्दुपुर में महेंद्र विश्वकर्मा एडवोकेट के दरवाजे पर आयोजित किया गया कार्यक्रम की अध्यक्षता इकाई के अध्यक्ष डॉ सत्येंद्र सिंह मंडल अध्यक्ष राष्ट्रीय लोकदल ने की कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉक्टर अशोक कुमार मिश्रा एवं विशिष्ट अतिथि रामजीत विश्वकर्मा पूर्व फार्मासिस्ट उत्तर प्रदेश शासन एवं डॉ प्रदीप कुमार श्रीवास्तव रहे कार्यक्रम का शुभारंभ  महात्मा हैनिमैन के  चित्र पर अतिथियों द्वारा माल्यार्पण कर किया गया डॉक्टर ब्रह्मदेव पांडे ने उपस्थित जन समुदाय को डॉक्टर हैनिमैन का जीवन परिचय देते हुए होम्योपैथी की उपयोगिता को बताते हुए कहा कि होम्योपैथी एक सुरक्षित शीघ्रफलदायक दुष्परिणाम रहित जीवन रक्षक पद्धती है होम्योपैथी आज विश्व की सबसे बड़ी दूसरी पद्धति के रूप में विकसित है कार्यक्रम में डॉ अमरनाथ पांडे उपाध्यक्ष एच एम ए आई उत्तर प्रदेश डॉ रवि मिश्रा डॉक्टर आशीष कुमार पांडे संगठन सचिव एच एम ए आई उत्तर प्रदेश डॉक्टर अजय कनौजिया श्री राहुल यादव गोपाल विश्वकर्मा जगदीश विश्वकर्मा अवधेश राजेश विश्वकर्मा आदि का विशेष सहयोग रहा शिविर में लगभग 200 मरीज देखे गए तथा उन्हें दवाओ का वितरण किया गया करीब 150 परिवारों को चेचक प्रतिरोधक दवा का वितरण भी किया गया।
बदलापुर में KDR फाउंडेशन द्वारा आयोजित निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर संपन्न
जौनपुर। सेवा सबसे बड़ा धर्म है।  निस्वार्थ भाव से दूसरों की मदद करना, मानवता की सेवा करना ही ईश्वर की सच्ची पूजा है। जरूरतमंदों, माता-पिता और बुजुर्गों की सेवा से न केवल आत्मा को संतोष मिलता है, बल्कि समाज में प्रेम और सद्भाव भी बढ़ता है। केवला देवी रामबहाल फाउंडेशन एक ऐसी सामाजिक संस्था है जो पिछले कई वर्षों से ग्रामीण भागों में लगातार जन सेवा का पुनीत काम कर रही है। विशेषकर जरूरतमंद एवं गरीब लोगों के निशुल्क नेत्र परीक्षण, मोतियाबिंद जांच तथा चयनित मरीजों के लिए निशुल्क लेंस प्रत्यारोपण सुविधा की दिशा में यह संस्था अब तक हजारों मरीजों के अंधेरे जीवन को उजालों में बदल चुकी है।संस्था द्वारा 9 अप्रैल को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक, जनपद के बदलापुर तहसील अंतर्गत स्थित कठार गांव के केडीआर हाउस में निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें करीब 100 लोगों ने लाभ उठाया। आर जे शंकरा आंख अस्पताल की तरफ से डॉ मुमताज अली, डॉ प्रिया तथा डॉ. अर्चना की टीम ने लोगों का नेत्र परीक्षण किया। संस्था के अध्यक्ष विनोद आर सिंह ने बताया कि चयनित मरीजों को वाराणसी स्थित आरजे शंकरा आंख अस्पताल ले जाया जाएगा। बस सेवा भी पूरी तरह से निशुल्क होगी। मरीजों के उपचार एवं भोजन की व्यवस्था अस्पताल द्वारा निशुल्क किया गया है। शिविर में आए अनेक लोगों ने बताया कि पिछले अनेक वर्षों से संस्था द्वारा सुंदर तरीके से कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों के साथ-साथ दूर के लोगों को भी लाभ मिल रहा है। शिविर में आयोजक के रूप में उपस्थित ठाकुर अमरधारी सिंह, अशोक सिंह, विनय सिंह, सौरभ सिंह, विकास सिंह तथा उनके सहयोगियों त्रिभुवन सिंह, शिवनारायण विश्वकर्मा  अंकुर सिंह, सुरेंद्र दुबे, विपिन मिश्रा, आजाद पांडे, उत्तम दुबे आदि ने शिविर में आए लोगों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा।
भगवान श्री परशुराम की भव्य प्रतिमा का होगा पूजन अर्चन एवं मंगल दर्शन समारोह

जौनपुर । नगर के महर्षि जमदग्नि पार्क, कुल्हनामऊ निकट राष्ट्रीय राजमार्ग 731 जौनपुर में अक्षय तृतीय एवं श्री परशुराम जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर पंडित मुरलीधर चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा लगाई गई भगवान श्री परशुराम जी की भव्य प्रतिमा का पूजन अर्चन एवं मंगल दर्शन समारोह का आयोजन किया जा रहा है यह आयोजन 19 अप्रैल 2026 समय 2:00 बजे दिन में निर्धारित किया गया है वही ट्रस्टी पंडित मुरलीधर चैरिटेबल ट्रस्ट प्रमोद पाठक समाजसेवी उद्योगपति गुजरात ने जानकारी देते हुए बताया कि हमारी दिली इच्छा थी जो सभी के सहयोग से दिव्य प्रतिमा स्थापित हुई वहीं समारोह की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी द्वारा किया जाएगा तथा संयोजक बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र द्वारा किया जाएगा जहां 51 बटुको के वैदिक मंत्रोंच्चारण के बीच यह पूजन अर्चन होगा। वही भगवान श्री परशुराम की प्रतिमा स्थापित होने से क्षेत्रीय जनता में खुशी व्याप्त है।
टीडी कॉलेज के प्राध्यापक डॉ. देवब्रत मिश्रा हुए सम्मानित

जौनपुर। 37वें ऑल इंडिया कांग्रेस ऑफ जूलॉजी के अंतर्गत आयोजित अंतरराष्ट्रीय त्रिदिवसीय सम्मेलन (7, 8 एवं 9 अप्रैल 2026) का आयोजन चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के प्राणि विज्ञान विभाग, जूलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया, पीएम उषा, प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना तथा नेशनल फिशरीज डेवलपमेंट बोर्ड, हैदराबाद के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। सम्मेलन के प्रथम दिवस, 7 अप्रैल को उद्घाटन सत्र के उपरांत आयोजित अवार्ड सेरेमनी में तिलक धारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जौनपुर के प्राणि विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ. देवब्रत मिश्रा को उनके उल्लेखनीय शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
जूलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया के बोर्ड सदस्यों द्वारा डॉ. मिश्रा को मत्स्यिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रतिष्ठित “प्रोफेसर बी. एन. पांडेय मेडल” प्रदान किया गया। यह सम्मान मुख्य अतिथि पदम श्री प्रोफेसर आर सी सोबती, कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला,चौधरी चरण सिंह विश्विद्यालय, मेरठ, प्रोफेसर निलिमा गुप्ता कुलपति डॉ हरि सिंह विश्वविद्यालय सागर,प्रोफेसर उमेश राय कुलपति जम्मू विश्वविद्यालय, निदेशक (शैक्षणिक) प्रोफेसर संजीव शर्मा, निदेशक (अनुसंधान) प्रोफेसर बीर पाल सिंह, सोसाइटी के अध्यक्ष प्रोफेसर बी. एन. पांडेय तथा कार्यकारी अध्यक्ष प्रोफेसर कमल जायसवाल द्वारा प्रदान किया गया। डॉ. मिश्रा को यह पुरस्कार प्राणि विज्ञान के क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान के लिए दिया गया। उनके अब तक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय जर्नलों में 70 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त, उन्हें पर्यावरण एवं प्राणि विज्ञान के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं द्वारा एक दर्जन से अधिक प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। डॉ. मिश्रा द्वारा लिखित पुस्तकें भारत के विभिन्न राज्यों में पाठ्यक्रम के रूप में संचालित हैं। वे देश की एक दर्जन से अधिक प्रतिष्ठित वैज्ञानिक सोसाइटियों के आजीवन सदस्य एवं फेलो हैं। उनके निर्देशन में अब तक पाँच शोधार्थियों को पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त हो चुकी है।