अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना की बैठक संपन्न
फर्रुखाबाद l अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना की कानपुर प्रान्त की इकाई  बैठक मंगलवार को ऑफीसर्स क्लब फतेहगढ़ में अपरान्ह  सम्पन्न हुई l
इस दौरान संजय श्रीहर्ष सह संगठन मंत्री  ,अखिल भारतीय  इतिहास संकलन योजना मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे ।श्री संजय श्रीहर्ष ने बताया कि अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना भारतवर्ष के इतिहास की अनेक घटनाओं के प्रामाणिक साक्ष्यों को जुटा रही है जिससे भारत की गौरवशाली एतिहासिक घटनाओं ,पात्रों और स्थानों को जनसाधारण के सामने लाया जा सके । ऐतिहासिक लेखन का कार्य ईमानदारी से नहीं हुआ । हमे विदेशी इतिहासकारों को ही भारत  भाग्य निर्माता मानने के भ्रम से निकलना होगा ।यहाँ के गांव गांव नगर नगर में देवी देवताओं के मंदिर ,लोक गीत ,मेले , भजन , चित्रकारी पूजा पद्दति ,प्रकृति पूजन ,पुस्तकें ,शिलालेख , पांडुलिपियों के समृद्द खजाने हैं जो हमे गौरवशाली अतीत से जोड़ती हैं । अनेक विस्मृत चरित्र जैसे आदि शंकराचार्य ,राजराजेश्वरी देवी जयराज कुँवरि आदि हमारी संस्कृति के महान मानबिंदु हैं ।
जनपद के प्राचीन काम्पिल्य ,सँकाश्य खोरगढ़ आदि नगर में प्रचुर मात्रा में ऐतिहासिक और पौराणिक कालखंड के प्रमाण है जिन्हें आगे लाने की आवश्यकता है । काम्पिल्य इकाई के संयोजक भूपेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया के इतिहास के शोध ,कार्यशालाओं ,स्थलीय भ्रमण और बैठकों के माध्यम से निरंतर जनपद इकाई कार्यरत है  विद्यालयों और महाविद्यालयों के गुरुजनों और छात्रों के साथ संवाद एवम कार्यशालाओं  के द्वारा गांव गांव में आत्मसम्मान का बोध कराने का कार्यक्रम तैयार किया गया है ।
इस मौके पर राजेन्द्र त्रिपाठी, अनिल प्रताप सिंह , विजय अवस्थी, सुधेश दुबे , प्रदीप नारायण शुक्ल, अनिल सिंह , शरद चन्देल  , आदित्य सिंह , अनिल सिंह प्रधानाचार्य , तोषित प्रीत सिंह , प्रभात अवस्थी , प्रदीप कुमार सिंह ,  चरनप्रीन सिंह , राजीव बाजपेयी, रमेश भदौरिया ,धीरेंद्र वर्मा सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे ।
आंबेडकर ने समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार के लिए अपना जीवन समर्पित किया
फर्रुखाबाद l भारत रत्न डॉ० भीमराव आंबेडकर की 135वी जयंती पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा जे0एन0वी0 तिराहे पर उनकी मूर्ति एवं कलेक्ट्रेट सभागार में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में एक विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाबा साहब के जीवन, उनके संघर्षों तथा भारतीय संविधान निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण किया। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ० आंबेडकर जी ने समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार दिलाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया,आधुनिक भारत के निर्माण में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है, सभी को उनके साहित्य को पढ़ना चाहिये,उनके विचार आज भी समाज को समानता, न्याय एवं बंधुत्व की दिशा में प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि हमें बाबा साहब के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए समाज में समरसता एवं सामाजिक न्याय को सुदृढ़ करना चाहिए। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जिला आबकारी अधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
आबेडकर ने गरीबों, पिछड़ों, दलितों की लड़ाई लड़ी
फर्रुखाबाद l भारत संविधान के निर्माता बाबा भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती के उपलक्ष पर  भोजपुर विधानसभा के ग्राम उगायतपुर  में समाजवादी पार्टी जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव एडवोकेट एवं समाजवादी  युवजन सभा प्रदेश सचिव प्रवेश कटियार ने बाबा साहब  के चित्र पर माल्यार्पण एवं उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए ।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए  जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव एडवोकेट ने कहा कि बाबा भीमराव अंबेडकर  जी का पूरा जीवन संघर्ष में बीता डॉक्टर साहब ने जो गरीबों पिछड़ों दलितों की लड़ाई लड़ी थी आज वही लड़ाई  पी डी ए के महानायक माननीय अखिलेश यादव जी लड़ रहे हैंl प्रदेश सचिव युवजनसभा प्रवेश कटियार ने कहा कि हम सब एक होकर ही बाबा साहब के सपनो को पूरा कर सकते हैं I विनोद वाल्मीकि ने कहा कि बाबा साहब के बताए हुए रास्ते पर चलेंगे। कार्यक्रम  का संचालन रजत क्रांतिकारी ने किया l कार्यक्रम में विशाल राजपूत, सुदेश कुमार, सचिन कुमार ज।टव ,विकास रावल,शिव कुमार,सागर सिंह,सहित कई संख्या में  ग्रामीण  लोग उपस्थित रहे I
ग्राम गुगोरा में समाजवादी पार्टी जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव एडवोकेट, युवजन सभा प्रदेश सचिव प्रवेश कटियार, रजत क्रांतिकारी ,विनोद वाल्मीकि, विशाल राजपूत ,सुदेश कुमार सहित कई संख्या में लोगों ने पहुंचकर संविधान निर्माता बाबा भीमराव अंबेडकर जी की मूर्ति पर माल्या अर्पण किया एवं उनके चरणों में पुष्प अर्पित किए। इसके बाद स्थानीय लोगों के बीच में बैठकर बाबा साहब के जीवन पर चर्चा की।
आवास विकास में कूड़े के ढेर में मिला नवजात का शव

फर्रुखाबाद। जनपद में एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना कादरी गेट क्षेत्र के आवास विकास इलाके में सोमवार को कूड़े के ढेर में नवजात शिशु का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कूड़ा उठाने पहुंचे एक सफाई कर्मचारी को कूड़े में पड़ा एक संदिग्ध डिब्बा दिखाई दिया। शक होने पर जब उसने डिब्बा खोला तो उसमें एक नवजात शिशु का शव रखा मिला। यह दृश्य देखकर वह स्तब्ध रह गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कादरी गेट थाना प्रभारी कपिल चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। कुछ ही देर में स्वास्थ्य विभाग के एसीएमओ रंजन गौतम भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने नवजात के शव को डिब्बे में बंद कर यहां फेंका है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के अस्पतालों और क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना से जुड़े व्यक्ति की पहचान की जा सके।

एसीएमओ रंजन गौतम ने बताया कि दोषी की पहचान होने पर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर समाज को झकझोर कर रख दिया है और ऐसे मामलों को लेकर प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं। इससे पहले भी आवास विकास में कई नवजात के शव मिल चुके है। जिससे पुलिस की शक की सुई निजी नर्सिंग होम की तरफ घूम गई है।
जबरदस्ती लगाए गए स्मार्ट मीटर, अब एडवांस जमा करने की नीति गलत, उपभोक्ता परेशान, नहीं सुन रहे जनप्रतिनिधि
फर्रुखाबाद l जनपद में विद्युत विभाग के द्वारा जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं l इन मीटर के द्वारा लगातार आम जनता के ऊपर पढ़ रहे आर्थिक बोझ को लेकर एक बैठक शहर के पटेल पार्क में की गई,बैठक में स्मार्ट मीटर से पीड़ित लोगों ने आकर अपने साथ हो रही लूट के बारे में बताया स्मार्ट मीटर लगने के बाद किस प्रकार से हम लोगों के द्वारा मीटर में डाले गए पैसे काटे जा रहे हैं रात में लाइट बंद कर दी जाती है और हर व्यक्ति समय बहुत परेशान है l बैठक को संबोधित करते हुए फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने कहा कि कब तक जनता अपना शोषण कराती रहेगी तब तक उसका शोषण होता रहेगा शहर में हजारों विद्युत उपभोक्ता है और उन सबने बिना विरोध किए हुए स्मार्ट मीटर अपने-अपने घरों में लगवा लिए जबकि स्मार्ट मीटर तभी लगने के आदेश थे जब गृह स्वामी अपनी सहमति दे पर किसी ने चू नहीं की आज लोग परेशान है सांसद विधायक एवं अन्य राजनीतिक दल किसी भी प्रकार से जनता की आवाज उठाने के लिए तैयार नहीं है उन्होंने जनता का आवाहन करते हुए कहा कि आपकी लड़ाई तभी सफल होगी जब आप लोग ईमानदारी से अपनी हक की लड़ाई लड़ेंगे क्योंकि वर्तमान में कोई भी जनप्रतिनिधि का नेता आपके साथ खड़ा होने को तैयार नहीं है मैं आप लोगों के साथ हूं और स्तर से हूं आपके साथ यह लड़ाई जरूर जीती जाएगी बैठक में उन्होंने घोषणा की बहुत जल्द वार्ड स्तर पर कैंप लगाकर स्मार्ट मीटर से हो रही परेशानियों के बारे में जनता से संवाद किया जाएगा और उसके बाद इस समस्या को हल करने के लिए अधिकारियों से वार्ता की जाएगी जनता को किसी भी हालत में परेशानी में नहीं डाला जाएगा और हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा । बैठक में प्रमुख रूप से जितेंद्र मिश्रा अंगद पांडे प्रिंस शुक्ला निशु दुबे अतुल गुप्ता सनी बाथम अनिल कश्यप बाबू अग्निहोत्री श्यामेंद्र दुबे नीरज संजीव भरथरिया प्रकाश सक्सेना सुरेश कश्यप शाहरुख खान प्रदीप तिवारी आलोक मिश्रा अमन जैन कुलदीप दीक्षित अजय मिश्रा रितेश पांडे दिनेश राजपूत आचार्य अमरेश तिवारी सतीश दीक्षित मुकेश बाथम राजेश दिवाकर राजू खान लवी सक्सेना शाहिद बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे बैठक का संचालन अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिले के प्रमुख महामंत्री अंगद पांडे उर्फ  कोमल ने किया
एक दिवसीय नारी शक्ति वंदन सम्मेलन हुआ संपन्न
फर्रुखाबाद l
जनपद में मिशन शक्ति 5.0.2 के अंतर्गत “नारी शक्ति वंदन सम्मेलन एवं एक दिवसीय महिला सुरक्षा संबंधी कॉन्फ्रेंस” का कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री के लाइव प्रसारण के साथ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक कायमगंज सुरभि गंगवार उपस्थित रहीं। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ० आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की सक्रिय सहभागिता रही। स्वास्थ्य विभाग से महिला चिकित्सक, आशा एवं एएनएम, पुलिस विभाग से महिला इंस्पेक्टर एवं महिला कॉन्स्टेबल, स्वरोजगार विभाग से स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग से महिला अध्यापिकाएं, बाल विकास विभाग से आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राएं तथा महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन, जिला बाल संरक्षण इकाई, वन स्टॉप सेंटर एवं राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण संस्था के कार्मिकों ने प्रतिभाग किया।
सम्मेलन के दौरान महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी प्रदान की गई तथा महिलाओं को उनके अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाना तथा समाज में उनकी भागीदारी को सुदृढ़ करना रहा।
प्रदेश की भाजपा सरकार नौजवानों का भविष्य खराब कर रही
उन पर गोली चलवा रही, दरोगा भर्ती की बात पर निहत्थे युवाओं पर लाठी चार्ज

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की बेकसूर महिलाओं तक को जेल भेजा गया

फर्रुखाबाद। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सोमवार को शहर के वरिष्ठ कार्यकर्ता के घर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष पत्रकारों से रूबरू हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में महंगाई के चरम पर पहुंच गई है विकास के नाम पर कुछ भी नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि विगत दिवस दरोगा भर्ती को लेकर कुछ लोग केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के यहां जानकारी करने के लिए गए हुए थे तभी निहत्थे युवाओं पर लाठी डंडे वरपा कर उन्हें शांति भंग करने के आरोप में जेल भेज दिया गया उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से जुड़ी महिला कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई जो बहुत ही ग़लत है उन्होंने कहा कि लोग अपने हक़ मांगने के लिए गए थे और उन्हें जेल जाना पड़ा यह कहां कहां इंसाफ है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का सोमवार को प्रथम बार नगर आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया l इस दौरान उनके साथ में कोर्डिनेटर प्रभारी एटा शिवाशीष तिवारी , तन्मय मिश्रा , स्पर्श मिश्रा , आदित्य मिश्रा , पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद , अर्चना राठौर  प्रदेश सचिव ,  हिलाल सफाई , खुशहाल मियां , उजैर खान , शकुंतला देवी जिला अध्यक्ष , अंकुर मिश्रा नगर अध्यक्ष, मृत्युंजय  शर्मा , मनोज कुमार गंगवार सहित अधिक संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।
आरटीओ कार्यालय में दलाल और बिचौलियों का कोई स्थान नहीं,लाइसेंस प्रक्रिया समय सीमा में हो पूरी

फर्रुखाबाद l प्रदेश में स्कूल वाहनों की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश के बाद परिवहन विभाग एक्शन मोड में है। इस दौरान कानपुर के आरटीओ राहुल श्रीवास्तव ने फर्रुखाबाद आरटीओ कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ बैठक कर कड़े निर्देश दिए हैं l
निरीक्षण के दौरान राहुल श्रीवास्तव ने साफ शब्दों में कहा कि अब आरटीओ कार्यालयों में दलालों और बिचौलियों का कोई स्थान नहीं रहेगा। लाइसेंस प्रक्रियाएं समय सीमा में पूरी की जाएंगी, और किसी भी प्रकार की ढिलाई पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में अब पुराने और नियमों के विरुद्ध चलने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहनो को तत्काल सीज करने के निर्देश दिए हैं।बैठक में स्कूल वाहनों की सुरक्षा को लेकर विशेष फोकस रहा। आरटीओ ने निर्देश दिए कि सभी स्कूल बसों और वाहनों का पूरा डेटा परिवहन विभाग के पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। साथ ही वाहनों का फिटनेस, टैक्स या परमिट अधूरा है, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि अधिकारी खुद स्कूलों में जाकर निरीक्षण करें और जांच पड़ताल करें कि  सभी वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार हैं। स्कूल वाहनों में सीसीटीवी कैमरा, जीपीएस, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र जैसी सुविधाएं अनिवार्य रूप से होनी चाहिए,साथ ही ड्राइवरों के लाइसेंस, अनुभव और आचरण की जांच करने के आदेश दिए हैं। आरटीओ कानपुर ने कहा कि स्कूल प्रबंधन को नियमों के प्रति जागरूक किया जाए, यदि कोई लापरवाही करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए । उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा l
निरीक्षण के बाद आरटीओ दफ्तर ने जनपद में अभियान चलाने के लिए कमर कस ली है कर दी है। आने वाले दिनों में सभी स्कूलों के वाहनों की गहन जांच की जाएगी और बिना फिटनेस, टैक्स या परमिट वाले वाहनों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन भी इस अभियान में सहयोग का भरोसा दिलाया है।
फार्मर आईडी ना होने पर किसान को योजना का नहीं मिलेगा लाभ
फर्रुखाबाद l ग्राम पंचायत सिरौली में फार्मर रजिस्ट्री आईडी एवं भूमि अधिग्रहण संबंधी बैठक आयोजित
ग्राम पंचायत सिरौली में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने तथा भूमि अधिग्रहण के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, उप कृषि निदेशक, क्षेत्रीय कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों को अवगत कराया कि सभी किसान 30 अप्रैल तक अपनी फार्मर रजिस्ट्री आईडी अनिवार्य रूप से बनवा लें। अन्यथा की स्थिति में उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं हो सकेगा। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत मिलने वाली सुविधाएं भी बाधित हो जाएंगी। उर्वरक क्रय हेतु भी फार्मर रजिस्ट्री आईडी को अनिवार्य कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी किसानों से अपील की कि वे स्वयं के साथ-साथ अपने आसपास के अन्य किसानों की भी फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवाना सुनिश्चित करें। फार्मर रजिस्ट्री आईडी किसान अपने स्वयं के मोबाइल, जन सुविधा केंद्र अथवा क्षेत्रीय स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों के माध्यम से बनवा सकते हैं।
ग्राम पंचायत सिरौली में कुल 5600 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाई जानी है, जिसमें से अब तक 2900 किसानों की आईडी बनाई जा चुकी है। शेष किसानों की आईडी शीघ्र पूर्ण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
गंगा घाट पर पंजीकरण को लेकर लोगों को किया जागरूक
फर्रुखाबाद। जिला गंगा समिति के तत्वाधान में जिलाधिकारी के निर्देश पर घाट संचालन समिति के द्वारा गंगा तट पांचाल घाट पर नाविक,गोताखोर,पंडित पुजारी दुकानदार इत्यादि का  पंजीकरण प्रक्रिया के लिए गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी के माध्यम से घाट संचालन समिति के सदस्यों द्वारा पंजीकरण से संबंधित दिशा निर्देशों को अवगत कराते हुए पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ की गई।जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने बताया कि जिलाधिकारी महोदय के निर्देशन में घाट संचालन समिति का गठन किया गया है जिसके माध्यम से घाट पर उपस्थित सभी पंडित पुजारी,नाविक,गोताखोर,दुकानदार इत्यादि का पंजीकरण कराया जाएगा। पंजीकरण से संबंधित सभी दिशा निर्देश जिसमें सभी को अपनी दुकानों पर अनिवार्य रूप से कूड़ादान रखना होगा, 18 साल से कम आयु के बच्चों को नाव चलाना वर्जित होगा, नाव पर अनिवार्य रूप से लाइव जैकेट रखना होगा, नाव में दस से अधिक सवारी बैठाने पर प्रतिबंध, दुकानदारों को पॉलिथीन के स्थान पर कागज के थैले का प्रयोग करना होगा  साथ ही अन्य नियम भी रखे गए हैं।इसके उपरांत सभी को परिचय पत्र दिया जाएगा एवं उनके बैठने का स्थान निर्धारित किया जाएगा। पंजीकरण कराने के उपरांत सभी की नाव पर,दुकान पर संचालक का नाम पंजीकरण संख्या अंकित कराई जाएगी। सभी गोताखोरों का नाम एवं मोबाइल नंबर घाट पर अंकित कराए जाएंगे जिससे आवश्यकता पड़ने पर तुरंत उनसे संपर्क किया जा सकता है।घाट को व्यवस्थित रखने  एवं घाट को साफ-सुथरा बनाने के लिए प्रयास किया जा रहा है।शीघ्र ही पंजीकरण की  प्रक्रिया को पूर्ण कर लिया जाएगा। एडीओ पंचायत ओम पांडे ने भी सभी को पंजीकरण कराने एवं घाट को साफ सुथरा बनाने के लिए जागरूक किया। सभी पंजीकृत हुए लोगों के द्वारा गंगा के त्योहारों,स्नानो पर विशेष रूप से कार्य करते हुए घाट पर स्नान करने आये श्रद्धालुओं एवं अन्य लोगों को स्वच्छता के लिए जागरूक किया जाएगा।  सभी लोगों की इसके लिए जिम्मेदारी भी वितरित की जाएगी। इस अवसर  रोजगार सेवक संजय कुमार,रामदास गुप्ता, गंगा योद्धा राम रहीस कुशवाहा, अस्मित एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।