एसपी ने थाने का किया निरीक्षण, थाना अध्यक्ष के कार्य सराहना की,दिए दिशा निर्देश*

अमृतपुर फर्रुखाबाद ।मंगलवार को पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने अमृतपुर थाने का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस एवं साइबर हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली को बारीकी से परखा गया। थाना कार्यालय में अभिलेखों की जांच करते हुए लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी भी ली गई।

एसपी ने पूरे थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लिया जो संतोषजनक पाई गईं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अमृतपुर थाने की व्यवस्था बेहतर है और वे इससे पूर्ण रूप से संतुष्ट हैं।थाना अध्यक्ष रक्षा सिंह की कार्यशैली की सराहना करते हुए एसपी ने कहा कि थाना पूरी तरह व्यवस्थित चाक-चौबंद और साफ-सुथरा मिला।

इस दौरान उन्होंने मैस रहन-सहन की व्यवस्था लोगों की शिकायत सुनकर उन्हें निस्तारण करने के मामलों को भी गहनता से देखा। जांच के दौरान निर्देशित करते हुए कहा कि लंबित मामलों को समय से निपटाया जाए। आने वाले फरियादियो की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए बिना किसी भेदभाव के उनकी समस्याओं का न्यायोचित निस्तारण भी किया जाए। उनका कहना था कि रात्रि कालीन गस्त पर लापरवाही न बरती जाए। छुटपुट घटनाओं पर ध्यान दिया जाए जिससे कोई अप्रिय घटना घटित ना हो सके। इस दौरान थाना प्रभारी सहित थाना क्षेत्र के उप निरीक्षक कांस्टेबल महिला पुलिसकर्मी चौकीदार आदि मौके पर उपस्थित रहे।

रमपुरा गांव में जल अर्पण कार्यक्रम का डीएम ने किया शुभारंभ

फर्रुखाबाद l सदर विकास खंड की ग्राम पंचायत “रम्पुरा“ विकास खण्ड बढ़पुर में जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अन्तर्गत निर्मित पेयजल योजना पर “जल महोत्सव पखवाड़ा के अन्तर्गत “जल अर्पण“ कार्यक्रम का आयोजन किया गया । “जल अर्पण“ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी द्वारा जल के महत्व एवं जल संचयन के संबंध में ग्रामवासियों को अवगत कराया गया एवं जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी द्वारा योजना का जलार्पण किया गया साथ ही जिलाधिकारी द्वारा समस्त ग्रामवासियों को पेयजल का सीमित उपयोग करने एवं पेयजल की रक्षा करने हेतु शपथ दिलाई गई। अधिशासी अभियन्ता जल निगम (ग्रामीण) द्वारा ग्राम में निर्मित पेयजल योजना के संबंध में ग्रामवासियों को अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी (विशेष अतिथि) विनोद कुमार गौड़, अधिशासी अभियन्ता जल निगम (ग्रामीण), सजन कुमार, सहायक अभियन्ता जल निगम (ग्रामीण) नितिन वर्मा, जूनियर इंजीनियर अंकुर सक्सेना, जूनियर इंजीनियर अखिलेश कुमार, कार्यदायी फर्म के प्रोजेक्ट मैनेजर अभय सिंह, जिला प्रोजेक्ट मैनेजर विकास राय एवं खण्ड विकास अधिकारी बढ़पुर योगेश कुमार पाण्डेय एवं ग्राम प्रधान व ग्रामवासियों की उपस्थिति रही।

डूडा ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के 368 लाभार्थियों को प्रथम किस्त स्थानांतरित की
फर्रुखाबाद l जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 की शुरुआत 01 सितम्बर 2024 से की गई है। यह योजना आगामी पाँच वर्षों (2029 तक) के लिए शहरी गरीब एवं मध्यम आय वर्ग के परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए ₹2,50,000 की अनुदान राशि प्रदान की जाती है।

यह राशि तीन किश्तों में दी जाती है, जिसमें प्रथम किश्त ₹1,00,000, द्वितीय किश्त ₹1,00,000 तथा तृतीय किश्त ₹50,000 नियमानुसार उपलब्ध कराई जाती है। 16 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री द्वारा 90 हजार लाभार्थियों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से सीधे प्रथम किश्त की धनराशि हस्तांतरित की गई।प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के प्रथम चरण में जनपद के 11,514 लाभार्थियों को पक्का आवास उपलब्ध कराया जा चुका है। आज आयोजित कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में 100 लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

इस दौरान जनपद के 368 लाभार्थियों को प्रथम किश्त के रूप में कुल ₹3,68,00,000 की धनराशि निर्गत की गई, जिसकी सूचना लाभार्थियों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संदेश के माध्यम से प्राप्त हो रही है।इस दौरान मुख्यमंत्री कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख रुप से जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी,  जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव  विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य जिला अधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी उप जिला अधिकारी गजराज सिंह यादव, (न्यायिक), परियोजना अधिकारी नितिन सक्सेना, सी०एल०टी०सी०, डूडा समस्त डूडा कर्मचारी
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत 16 मार्च 2026 को सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रथम किश्त प्राप्त करने वाले लाभार्थियों में निकायवार
फर्रुखाबाद एक कमालगंज 39 खिमसेपुर 140 संकिसा 80 शमसाबाद 108 कुल 368 को वितरित किए गए l
भारतीय सुभाष सेना का संकल्प युग परिवर्तन होकर रहेगा,

कस्बा बाजार में पंडाल लगाकर चला कार्यक्रम अमृतपुर फर्रुखाबाद l  सत्ता परिवर्तन को लेकर भारतीय सुभाष सेना ने अमृतपुर के ब्रह्म दत्त द्विवेदी जूनियर हाई स्कूल के सामने बाजार के प्रांगण में पंडाल लगाकर सभा को संबोधित किया जहां लोग सैकड़ो की तादाद में एकत्रित हुए। यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलता रहा। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद प्रताप सिंह जिला गोंडा से एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विदिशा कुमारी संगीता शर्मा सीतापुर से मंच पर आसीन थे। संचालन बलराम दास शास्त्री द्वारा किया गया जो कि जिला कन्नौज से पधारे हुए थे। मंचासीन लोगों में कानपुर के जिला अध्यक्ष जय नारायण कन्नौज से कृपाराम फर्रुखाबाद से मनसुख लाल वक्ता के रूप में राजेश कुमार चौहान बलराम दास आदि अनेको को लोग शामिल थे। विदिशा कुमारी ने मंच पर खड़े होकर जब माइक संभाला तो उन्होंने अपनी वाणी से सीधा प्रहार सत्ता में बैठे लोगों पर किया। उनका कहना था कि 78 वर्ष गुजर जाने के बाद आजादी का एहसास गरीब और मजदूरों को नहीं हो पाया। कुछ धन्ना सेठ इस आजादी का लाभ उठा रहे है जबकि गरीब मजदूर किसान छोटा व्यापारी और गांव में रहने वाले लोग समस्याओं से जूझ रहे हैं। ना उनके पास ढंग से खाने को है ना रहने को है न हीं कोई व्यापार है और न हीं सफलता की तरफ बढ़ पा रहे हैं। सत्ताधारी लोग अपनी सुख और सुविधा के लिए गरीबों को कुचल रहे हैं और उनके अधिकारों का हनन कर उन्हें लगातार बरगला रहे है लेकिन अब ऐसा नहीं हो पाएगा। अरविंद प्रताप ने भी अपनी ओजस्वी वाणी को तेज करते हुए कहा कि वह अपने राष्ट्रीय संकल्प में 15 सूत्रीय कार्यक्रमों को लागू करेंगे और देश व प्रदेश के भविष्य को उज्जवल बनाएंगे। उन्होंने कहा कि सत्ता में आसीन भाजपा सरकार ना तो किसानों का कर्ज माफ किया न गौ हत्या बंद की न ब्याज मुक्त ऋण दिया और जन कल्याण की योजनाओं को भी धरातल पर लागू नहीं किया गया। जिसके चलते विकास कार्य नहीं हो सके। परंतु 2027 में सत्ता परिवर्तन संकल्प के साथ जब हमारी सरकार बनेगी तो हम किसानो और मजदूरों का कर्ज़ माफ करने के साथ ही कृषि को उद्योग का दर्जा देकर जरूरतमंदों को 5 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराएंगे जो कि 5 वर्ष के लिए ब्याज मुक्त होगा। गाय बैल को राजकीय पशु घोषित किया जाएगा। 20 करोड़ की लागत से गौ माता गौशाला का निर्माण किया जाएगा। गौ हत्या को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा एवं गाय के गोबर को 50 रुपये प्रति किलोग्राम और गोमूत्र को 60 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से खरीद कर 80 रुपए प्रति लीटर भैंस का दूध और 90 रुपये प्रति लीटर गाय के दूध को खरीदा जाएगा। 7 हजार रुपये विधवा विकलांग व 60 वर्ष से अधिक आयु वालों को पेंशन दी जाएगी जो की जन कल्याण निधि योजना के अंतर्गत शामिल होगी। गरीब बेटियों की शादी में 3 लाख रुपये देवी लक्ष्मी योजना के अंतर्गत अनुदान के रूप में प्रदान किए जाएंगे। गांवो को औद्योगिक विकासशील स्मार्ट गांव बनाया जाएगा और यहां नौकरी व रोजगार उपलब्ध कराए जाएंगे। मजदूरों को मिलने वाली मजदूरी 550 रुपए प्रतिदिन निर्धारित की जाएगी। एक करोड़ 50 लाख लोगों को सरकारी नौकरी और 5 करोड लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराया जाएगा। शिक्षा स्वास्थ्य सुरक्षा निशुल्क होगी और समान शिक्षा नीति को लागू किया जाएगा। कक्षा 1 से कक्षा 12 तक के विद्यालयों में गुरुकुल प्रणाली लागू होगी जो की निशुल्क होगी। सन 1980 से भूतपूर्व सांसदों विधायकों प्रशासनिक अधिकारियों की जांच कराई जाएगी इनके पास आए से अधिक संपत्ति पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश बनाने के लिए सख्त से सख्त कानून लागू किए जाएंगे l उन्होंने कहा कि प्रदेश को नशा मुक्त उत्तर प्रदेश बनाया जाएगा। क्योंकि जिस घर में एक भी व्यक्ति नशा करने वाला होता है वह घर बर्बाद हो जाता है। मंच पर आसीन वक्ताओं ने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर अनेको प्रश्न चिन्ह लगाए। उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए अपने वादों को धरातल पर उतारने का भरोसा दिया। इस कार्यक्रम में दो सैकड़ा के आसपास भीड मौजूद रही और लोग बीच-बीच में तालियां बजाकर वक्ताओं का उत्साहवर्दन करते रहे।
मुख्यमंत्री-ग्राम परिवहन योजना 2026 लागू,15 मार्गों पर चलेंगी बस,28 मार्च 2026  तक करें आवेदन,परमिट से मुक्त रहेगी मुख्यमंत्री-ग्राम परिवहन योजन
फर्रुखाबाद l मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना 2026 लागू किये जाने के  सम्बन्ध में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत, एआरएम-रोडवेज राजेश कुमार तथा जनपद के बस ट्रासपोर्टर्स के द्वारा प्रतिभाग किया गया। इस दौरान बैठक में एआरटीओ-प्रवर्तन के द्वारा बताया गया कि इस योजना में चयनित बस से सम्बन्धित ब्लाक के ग्राम पंचायत से ब्लाक तक जाने में सभी ग्राम पंचायत आच्छादित होंगी तथा ब्लाक/तहसील/जिला मुख्यालय को परिवहन सुविधा से जोड़ेंगी। इस योजना के अन्तर्गत 15-28 सीट क्षमता की पंजीयन तिथि से 08 वर्ष आयु तक की बसों का प्रथम अनुबन्ध 10 वर्ष हेतु किया जा सकेगा l बाद में 15 साल की सीमा तक विस्तारित किया जा सकेगा।                    

एआरएम-रोडवेज आवेदन शुल्क रू0 2000.00 प्रति आवेदन देय होगा जो कि सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक, उ0प्र0 परिवहन निगम के पंजाब नेशनल बैंक, शाखा फतेहगढ़ के खाता संख्या 1934002100114387 में जमा कराया जा सकता है। आवेदन पत्र सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक कार्यालय, उ0प्र0 परिवहन निगम के कार्यालय से प्राप्त कर एवं विधिवत भरे जाने के बाद सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक कार्यालय, उ0प्र0 परिवहन निगम के कार्यालय में जमा कराना होगा। इस योजना हेतु चयनित बस हेतु प्रतिभूति धनराशि रू0 5000.00 वाहन स्वामी को जमा करना अनिवार्य होगा।

वाहन पर चालक/परिचालक वाहन स्वामी के होंगे, टिकट की धनराशि वसूलने का अधिकार वाहन स्वामी द्वारा नियुक्त चालक/परिचालक का होगा। परिवहन निगम के संरक्षण एवं नियंत्रण में संचालन हेतु प्रति वाहन मासिक संरक्षण शुल्क  धनराशि रू0 1500.00 प्रति माह उ0प्र0 परिवहन निगम को देय होगा। वाहन की फिटनेस/टैक्स की अदायगी, चालक एवं परिचालक के लाइसेन्स बैधता की जिम्मेदारी वाहन स्वामी की होगी। दुर्घटना की स्थिति में समस्त दायित्व वाहन स्वामी का होगा। टिकट की धनराशि स्थानीय मांग के अनुसार वाहन स्वामी द्वारा स्वयं निर्धारित किया जायेगा, किंतु टिकट की धनराशि राज्य परिवहन प्राधिकरण द्वारा निर्धारित दर से अधिक नही होगी। वर्तमान में राज्य परिवहन प्राधिकरण द्वारा किराये की दर रू0 1.30 प्रति कि0मी0 तय की गई है। इस योजना हेतु बस संचालन को परमिट की अनिवार्यता से मुक्त रखा जायेगा। मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना 2026 के अन्तर्गत अन्तिम चयन जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, एआरटीओ, एआरएम-रोडवेज की समिति द्वारा किया जायेगा l मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना 2026 हेतु अभी 15 मार्ग प्रस्तावित किये गये हैं, जिनको आवश्यकता के आधार पर बढ़ाया जा सकता है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में नारी सम्मान का हुआ आयोजन

फर्रुखाबाद l अंतररष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर  आकांक्षा समिति के तत्वावधान में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही महिलाओं को सम्मानित करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया । इस अवसर पर बोलते हुए समिति की अध्यक्ष डॉ वन्दना द्विवेदी ने कहा कि  अंतररष्ट्रीय महिला दिवस पूरे विश्व की महिलाओं के आत्मसम्मान को  परिलक्षित करता है ।भारतवर्ष में इसकी महत्ता सदैव रही है यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः" (संस्कृत: यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः) प्रसिद्ध मनुस्मृति श्लोक जहाँ नारियों का सम्मान और पूजा की जाती है, वहाँ देवता निवास करते हैं। यह भारतीय संस्कृति में महिलाओं के उच्च स्थान और उन्हें शक्ति का प्रतीक मानने की परंपरा को दर्शाता है। वर्तमान समय शिक्षा और ज्ञान का है हम कोई भी कार्य करें अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं करना है ।उन्होंने ने जनपद के विभिन्न दायित्वों एवम क्षेत्रों में कार्य कर रही महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया । सुमन त्रिपाठी , दीपिका राजपूत , बिंदु गुप्ता ,डॉ शशि किरण सिंह  (सभी शिक्षा ) , ऐश्वर्या उपाध्याय , दीप्ति वत्स , नम्रता सिंह , निहारिका पटेल ,प्रियंका गाँधी ,डॉ सुनीता यादव , पूनम पाल , शुभांगी अग्निहोत्री , गीतांजलि पटेल ,स्मृति अग्निहोत्री राना हिज़ाब और ताइक्वांडो की बालिकाओं को सम्मानित किया गया ।इन सभी को विभिन्न क्षेत्रों यथा शिक्षा, कविता, संगीत, चिकित्सा , गंगा स्वच्छता, पर्यटन, स्वयं सहायता समूह के क्षेत्र में सम्मानित किया गया ।आकां क्षा समिति की  डॉ वंदना द्विवेदी, रश्मि सिंह, गुंजा जैन, मंजू सिंह, श्रीमती साक्षी गुप्ता, श्रीमती डॉ ज्योति गुप्ता,  श्रद्धा , अनीता पाठक, श्रीमती भावना गुप्ता, दीपिका त्रिपाठी, डॉ मीनू गुप्ता आदि उपस्थित रहीं ।कुशल संचालन राना हिज़ाब ने किया ।
हल्की बूंदा बांदी से किसानों की धुक धूकी बढ़ी, तरबूज़ की फसल को नुकसान होने की आशंका


फर्रुखाबाद lअमृतपुर तहसील क्षेत्र में एकाएक बदले मौसम  ने किसानों की चिंता काफी बढ़ा दी है। एक तरफ औंधे मुंह गिरे आलू के भाव से किसान की कमर टूट चुकी है। आलू की खुदाई तक के दाम सीधे हो पाना मुश्किल है। वहीं दूसरी ओर तेज हवा के साथ हुई बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। मौसम के इस बदले मिजाज ने किसानों को रोने पर मजबूर कर दिया है।

क्षेत्रीय किसान जगपाल का कहना कि आलू की एशिया की सबसे बड़ी मंडी सातनपुर, फर्रुखाबाद मे आलू मिट्टी के मोल बिक रहा है, जिससे किसानों को आलू की लागत निकल पाना नामुमकिन लग रहा है। वहीं बेमौसम हुई बूंदाबांदी ने गेहूं की फसल को लेकर चिंता और बढ़ा दी है। किसान जीतू , राघवेंद्र का कहना है इस समय आलू,सरसों, गेहूं की फसलें खेतों मे तैयार खड़ी हैं  परंतु इस बेमौसम बरसात से फसलों का नुकसान होना तय है। हवा के साथ हुई बूंदाबांदी मे गेहूं की फसल खेतों मे पसर गई है। जिससे पैदावार पर असर पड़ना तय है। यदि कहीं बिगड़े मौसम के साथ बारिश तेज हो गई तो खेतों में पड़ा आलू और अन्य फसलें खराब हो सकती हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।  हवा के साथ हो रही बूंदाबांदी चलते किसानों को गेहूं की खड़ी फसल भी गिरने का डर सता रहा है जिसका फसल के उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा। सरसों की फसल को भी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। पहले से ही आलू फसल के उचित दाम नहीं मिल रहे हैं और अब मौसम की मार ने किसान की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। इस बिगड़े मौसम के मिजाज से पलेज (तरबूज , खीरा,ककड़ी) की खेती करने वाले किसान करू, जलालुद्दी, मुकेश आदि लोगों ने बताया कि जब बादल गरजते हैं तो उनके दिलों की धड़कनें तेज हो जाती हैं। कहीं ऐसा ना हो गरजते बादलों के साथ हो रही बारिश मे ओलावृष्टि न हो जाए जिससे  पलेज में खड़ी फसल पूरी तरह चौपट हो जाएगी। किसान चंद्रपाल ने बताया 10 हजार रुपए किलो तक का अच्छी किस्म का बीज खरीद कर तरबूज की फसल तैयार की है जिससे पैदावार अच्छी हो परन्तु इस बेमौसम बरसात ने धुकधुकी बढ़ा दी है।
बजरी भरे डंपर ने बाइक सवार को टक्कर मार कर कुचल दिया जिससे तीनों की घटना स्थल पर मौत हो गई
फर्रुखाबाद l कस्बा नवाबगंज के मुख्य चौराहे पर एक अनियंत्रित डंपर ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंद दिया। हादसा इतना भयावह था कि डंपर बाइक को घसीटते हुए एक पुराने पाकड़ के पेड़ को उखाड़ कर दुकान के टीन शेड में खड़ी कार से जा टकराया। हादसे में बाइक सवार तीनों युवकों के शरीर के चीथड़े उड़ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जनपद एटा के थाना नया गांव के ग्राम कूड़ा नावर निवासी पुष्पेंद्र (20) पुत्र स्व. कमलेश सिंह, अर्पित यादव (18) पुत्र मान सिंह और निशु (15) पुत्र कैलाश एक ही बाइक पर सवार होकर फर्रुखाबाद की ओर से आ रहे थे। जैसे ही वह नवाबगंज चौराहे पर पहुंचे थे तभी मोहम्मदाबाद मार्ग की ओर से आ रहे तेज रफ्तार राजस्थान नंबर के बजरी लदे डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक और बाइक करीब 100 मीटर दूर जाकर गिरे, जबकि दो युवकों को डंपर रौंदता हुआ 'मिश्रा बीज भंडार' के पास लगे पाकड़ के पेड़ को उखाड़कर दुकान में जा घुसा। दुकान के बाहर टीन शेड में खड़ी कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई l
सूचना मिलते पर थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शवों की स्थिति इतनी खराब थी कि पुलिस को अवशेषों को इकट्ठा करना पड़ा। शुरुआत में पहचान मुश्किल थी, लेकिन बाइक नंबर के आधार पर पुलिस ने सोशल मीडिया का सहारा लिया। रविवार सुबह परिजन थाने पहुंचे, तब जाकर शिनाख्त हो सकी। मृतक आपस में चचेरे भाई थे।
स्थानीय नागरिकों ने इस हादसे को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि चौराहे पर ब्रेकर न होने और पूर्व की तरह हाई मास्क लाइट न होने के कारण आए दिन हादसे होते हैं। लोगों ने मांग की है कि मुख्य चौराहे पर दोबारा हाई मास्क लाइट लगाई जाए। चौराहे से 100 मीटर की दूरी पर बड़े ब्रेकर बनाए जाएं।
पुलिस उपनिरीक्षक जगराम ने
चाचा सुनील की तहरीर पर शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और डंपर को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिसकी जितनी संख्या भारी उसकी उतनी हिस्सेदारी: चंद्रपाल सिंह यादव

फर्रुखाबाद l समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी के निर्देश पर आज ठंडी सड़क स्थित नव भारत सभा भवन परिसर में समाजवादी पार्टी फर्रुखाबाद द्वारा बहुजन आंदोलन के महानायक मान्यवर कांशीराम जी 92वीं जयंती को *पीडीए दिवस* के रूप में जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव की अध्यक्षता में मनाया गया।
    कार्यक्रम की शुरुआत भंते अनुरुद्ध एवं सपा नेताओं ने दीप प्रज्वलित कर एवं मान्यवर कांशीराम जी के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। संचालन प्रदेश सचिव सर्वेश अम्बेडकर ने किया किया तथा कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने संपन्न कराया।
     जिले भर से आए हुए समाजवादी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि मान्यवर कांशीराम जी के मन में एक पीढ़ा थी कि शोषित वंचित समाज अपने हक और हुकूक की लड़ाई को लड़े और उसे प्राप्त करे, अगर वो समाज की चिंता न करते तो उनकी एक अच्छी-खासी जिंदगी थी, क्लास वन अफसर थे, अच्छी तरह जीवन जी सकते थे, लेकिन पूरे वंचित समाज का जीवन कैसे अच्छा हो इस काम के लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन कुर्बान कर दिया, अब हम सबकी जिम्मेदारी है कि उनके बलिदान को पहचाने और उनके मिशन *जिसकी जितनी संख्या भारी उसकी उतनी हिस्सेदारी* को सफल बनाएं यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
    पार्टी के संस्थापक सदस्य पूर्व राज्यमंत्री/जिलाध्यक्ष रामसेवक सिंह यादव ने कहा कि मान्यवर कांशीराम साहब के अधूरे मिशन को आज माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी पूरा करने का काम कर रहे हैं, हमें गर्व है माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने पीडीए फार्मूला के तहत सभी जातियों को टिकट से लेकर पार्टी संगठन तक में हिस्सेदारी देने का काम किया है
   लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी/प्रदेश सचिव डॉ0 नवल किशोर शाक्य ने कहा कि मान्यवर कांशीराम जी कैडर की राजनीति के जनक थे, उन्होंने अपने संघर्ष के रास्ते समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े समाज को सत्ता में पहुंचाकर ये सिद्ध कर दिया कि जो समाज जागरूक होकर हिस्सेदारी लेने की लड़ाई लड़ेगा वही शोषित से शासक तक की यात्रा तय करेगा।
    पूर्व विधायक श्रीमती उर्मिला राजपूत ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर और मान्यवर कांशीराम साहब का सपना था महिला घूंघट मुक्त हो, राजनैतिक हिस्सेदारी को समझे और अपनी आवाज को देश के सामने रखे।
     इस दौरान डॉ0 जितेंद्र सिंह यादव ने कहा कि साहब का बताया रास्ता ही हमें जनसंख्या अनुपात में हिस्सेदारी दिला सकता है। और उसी रास्ते पर आज समाजवादी पार्टी और माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी चल रहे हैं।
     इस दौरान पूर्व विधायक अजीत कठेरिया ने कहा कि आज भी पीडीए समाज अगर नहीं जागा तो वो दिन दूर नहीं जब पुनः गुलामी की जंजीरों में जकड़े जाओगे।
     इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारुकी, जिला पंचायत सदस्य मनोज मिश्रा, पूर्व चेयरमैन हरीश यादव, जिला प्रवक्ता/सचिव राधेश्याम सविता, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामविलास माथुर, मुन्ना यादव एड0, पूर्व जिला महासचिव मंदीप यादव, रामशरण कठेरिया, डॉ0 रामकृष्ण राजपूत, भोजपुर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह यादव, जिलाध्यक्ष युवजन सभा शिवम यादव, जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक सभा साजिद अली, जिला उपाध्यक्ष डॉ0 नवरंग सिंह यादव, अमन सूर्यवंशी, अनुराग यादव, इजहार खान, राजेंद्र सिंह पाल आदि वक्ताओं ने भी विचार व्यक्त किए।
    इस दौरान अविनाश सिंह (विक्की), जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव, जिला सचिव विजेंद्र सिंह यादव प्रधान, अशोक अम्बेडकर, जितेंद्र यादव सिरौली, शीटू यादव, अरविंद कश्यप, जुल्फिकार अब्बास जैदी, मुख्तार आलम, आदि पदाधिकारी साथी मौजूद रहे।
पुलिस उप निरीक्षक परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न
फर्रूखाबाद l   उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा के दृष्टिगत जनपद  में बनाए गए परीक्षा केन्द्रों का जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदीने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह भी उनके साथ उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने राजकीय  इंटर कॉलेज फतेहगढ़, म्युनिसिपल इंटर कॉलेज फतेहगढ़, राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज फतेहगढ़ व के0 आर0 रस्तोगी इंटर कॉलेज फर्रूखाबाद का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए तथा बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान सतर्कता बनाए रखें तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। इस अवसर पर संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा परीक्षा केन्द्रों के प्रभारी भी उपस्थित रहे।