अखंड संकीर्तन में भक्त झूमें
अमृतपुर- फर्रुखाबाद l कस्बा अमृतपुर में वृंदावन से आए बृजवासियों द्वारा किए गए 48 घंटे के अखंड संकीर्तन के समापन पर भव्य नगर भ्रमण यात्रा निकाली गई। इस धार्मिक यात्रा में कस्बे के सैकड़ों श्रद्धालु, ग्रामवासी और क्षेत्रवासी शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरा अमृतपुर भक्ति रस में डूबा नजर आया और चारों ओर हरे रामा हरे कृष्णा के जयघोष गूंजते रहे।बृजवासियों द्वारा अमृतपुर निवासी सोनू अवस्थी के निवास पर 48 घंटे का अखंड संकीर्तन आयोजित किया गया था। लगातार दो दिनों तक चले इस संकीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भजन-कीर्तन में शामिल हुए और भगवान के नाम का स्मरण किया। संकीर्तन के समापन के अवसर पर बृजवासियों द्वारा नगर भ्रमण यात्रा निकालकर पूरे कस्बे में भक्ति का संदेश दिया गया।
नगर भ्रमण यात्रा के लिए एक ई-रिक्शा पर बैटरी और साउंड सिस्टम की व्यवस्था की गई थी, जिस पर भजन और संकीर्तन की मधुर ध्वनियां बज रही थीं। हरे रामा हरे कृष्णा के संकीर्तन पर श्रद्धालु नाचते-गाते और झूमते हुए आगे बढ़ रहे थे। यात्रा कस्बा अमृतपुर के मुख्य बाजारों और गलियों से होती हुई श्री प्राचीन स्थल ठाकुर द्वारा तथा भारत दास बाबा के स्थान तक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से कीर्तन किया और भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
यात्रा के दौरान कस्बे के लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर बृजवासियों और श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कई स्थानों पर लोग घरों से बाहर निकलकर संकीर्तन में शामिल हो गए और भक्ति के इस अनूठे माहौल का हिस्सा बने। पूरे मार्ग में भक्तों की भीड़ राधे-राधे और हरे कृष्णा के जयघोष लगाती रही।
नगर भ्रमण यात्रा के समापन पर सभी श्रद्धालु पुनः अमृतपुर निवासी सोनू अवस्थी के निवास पर पहुंचे, जहां भंडारे व प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में कस्बा वासियों ने वृंदावन से आए बृजवासियों को भावुक होकर नम आंखों से विदाई दी और उनके द्वारा किए गए संकीर्तन व भक्ति कार्यक्रम की सराहना की।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य अजय कुमार सिंह चौहान उर्फ लल्ला भैया नरेंद्र देव तिवारी, गोपाल सक्सेना, प्रशांत अवस्थी, सोनू अवस्थी, ओमप्रकाश अवस्थी उर्फ राधे-राधे सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी व क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने बृजवासियों के भक्ति भाव और संकीर्तन की सराहना करते हुए ऐसे धार्मिक आयोजनों को समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक वातावरण फैलाने वाला बताया।
समाजसेवी ने परीक्षार्थियों के लिए धर्मशाला में की निशुल्क व्यवस्था
फर्रुखाबाद l जनपद में पुलिस भर्ती परीक्षा 14 एवं 15 मार्च को आयोजित की जा रही है जिसमें जनपद में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं पूरे प्रदेश से कई हजार परीक्षार्थी परीक्षा देने जनपद में आएंगे जनपद में बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए समाजसेवी अध्यक्ष फर्रुखाबाद विकास मंच भईयन मिश्रा के द्वारा जनपद मैं पूर्व में हुई परीक्षाओं के परीक्षार्थियों को निशुल्क रुकवाने, चाय नाश्ता खाना पीना आज की व्यवस्थाएं की जाती रही अब आयोजित हो रही पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए भी उनके द्वारा निशुल्क व्यवस्था की जा रही है इस संबंध में जानकारी देते हुए भईयन मिश्रा ने बताया कि बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की आसुविधा नहीं होने दी जाएगी वह आराम से रुके जिस स्थान पर रुके हैं वहीं पर उनको निशुल्क भोजन चाय नाश्ता आदि उपलब्ध कराया जाएगा क्योंकि हजारों की संख्या में ऐसे छात्र छात्राएं होते हैं तो बहुत गरीब परिवारों से आते हैं उनके पास इतने पैसे नहीं होते हैं कि वह किराए पर कमरा लेकर परीक्षा दे पाए ऐसी स्थिति में यह लोग उन जिलों में जाकर वहां के रेलवे प्लेटफार्म  , बस स्टेशन एवं शहर की सड़कों पर दुकानों की पत्तियों पर रात्रि गुजरते हैं और सुबह परीक्षा देते हैं ना तो वह अच्छे सो पाते हैं और ना तैयार होकर परीक्षा दे पाते हैं इन सब का दुख दर्द देखकर ही पिछली कई परीक्षाओं से मेरी टीम के द्वारा ऐसे लोगों के लिए बिल्कुल निशुल्क व्यवस्था की गई जिसमें यह लोग आए और ठहरे उम्मीद है कि इस बार 500 से ऊपर परीक्षार्थी रुकेंगे इन परीक्षार्थियों को रोकने की व्यवस्था विशंभर दयाल धर्मशाला नुनाही, हिंदी भवन, सिंधी धर्मशाला, ब्राह्मण धर्मशाला आदमी की गई है इन जगहों पर रुकने वाले परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होगी जो छात्राएं परीक्षा देने के लिए आ रहे हैं उनके रहने की व्यवस्था बिल्कुल अलग की गई है इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए नीशू दुबे, अंगद पांडे उर्फ कोमल, मोहित खन्ना ओमनिवास पाठक आलोक मिश्रा लकी गुप्ता नीरज गुप्ता राजा मिश्रा लवि सक्सेना नीरज दुबे दिलीप कुमार राम जी मिश्रा शाहिद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लगे हैं
अनियंत्रित होकर टेंपो 10 फीट गहरे खाई में गिरा, चार सवारी घायल, स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती
अमृतपुर-फर्रुखाबाद l बदायूं मार्ग पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को एक और सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें चार सवारियां घायल हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।जानकारी के अनुसार गुरुवार को लगभग दोपहर 12 बजे अमृतपुर थाना क्षेत्र में फर्रुखाबाद-बदायूं मार्ग पर ताजपुर पुलिया के निकट बजाज टेंपो अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट गहरी खाई में जा गिरा। टेंपो पलटने से उसमें सवार लगभग चार लोग घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष अमृतपुर रक्षा सिंह और चौकी इंचार्ज राहुल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। चूंकि घटना स्थल राजेपुर और अमृतपुर थाना क्षेत्र की सीमा पर है, इसलिए राजेपुर क्षेत्र से डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।हादसे में घायल दो महिलाओं कुंती पत्नी रोहित अवस्थी निवासी अमृतपुर और वंदना पत्नी रजत निवासी कमालगंज को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भेजा गया, जहां उनका उपचार किया गया।घायल वंदना ने बताया कि वह अपने मायके कमालगंज से ससुराल तौफीक मढ़ैया जा रही थी। आरोप है कि टेंपो चालक तेजगति व लापरवाही से वाहन चला रहा था वह गति पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे टेंपो अचानक खाई में जा गिरा।स्थानीय लोगों ने बताया कि फर्रुखाबाद-बदायूं मार्ग पर आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। सड़क के संकरे होने, वाहनों के अधिक दबाव और कई बार वाहन चालकों की लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हालांकि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। क्षेत्रीय निवासी हरि ओम राजवीर कल्लू सिंह हंसराज रामकिशोर वीरपाल दीनदयाल आदि लोगों ने पीडब्ल्यूडी विभाग से मांग की है कि सड़क पर बढ़ते इन हादसों को कम करने के लिए ब्रेकर अथवा गति नियंत्रित सूचना तंत्र को विकसित किया जाए और सड़क किनारे ऐसे चिन्ह बनाए जाएं जिससे वाहन चालक सावधान रह सकें और गति पर नियंत्रण रख सके।
पेट्रोल पंप एवं गैस गोदामो का डीएम व एसपी ने किया निरीक्षण, स्टाक की उपलब्धता ली जानकारी, पारदर्शिता से किया जाए वितरण

फर्रुखाबाद l जनपद में आवश्यक पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा बलराम गैस सर्विस, जितेंद्र गैस सर्विस तथा राधाकृष्ण फिलिंग स्टेशन का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस की उपलब्धता की स्थिति की जानकारी ली गई तथा गैस सिलेंडर की बुकिंग से लेकर उपभोक्ताओं तक डिलीवरी होने में लगने वाले समय के संबंध में एजेंसी संचालकों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को समयबद्ध रूप से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता न होने पाए।
साथ ही जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा राधाकृष्ण फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल एवं डीजल के उपलब्ध स्टॉक की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया गया कि सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा बिना हेलमेट दुपहिया वाहनों को पेट्रोल न दिया जाए।निरीक्षण के दौरान बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनका चालान भी किया गया तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।इस मौके पर जिला पूर्ति अधिकारी व संवंधित उपस्थित रहे।
गैस पेट्रोल एवं डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध, बुकिंग होने पर ही गैस उपभोक्ता  तक पहुंचाएं
फर्रूखाबाद l जनपद की सभी गैस एजेंसियों एवं पेट्रोल पम्प संचालकों के साथ आवश्यक बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में सर्वप्रथम विक्रय प्रबंधक एल०पी०जी०/पेट्रोलियम पदार्थ द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में गैस, पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है तथा कहीं भी किसी स्तर पर इनकी आपूर्ति में कोई बाधा नहीं है।
जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया कि वे अपनी एजेंसियां प्रातः निर्धारित समय पर खोलना सुनिश्चित करें तथा बुकिंग के एक से दो दिन के भीतर उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस की डिलीवरी उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस उपभोक्ता द्वारा बुकिंग की गई है, उसी को गैस सिलेंडर की डिलीवरी दी जाए। सी०एस०सी० केंद्रों पर गैस केवल उसी स्थिति में दी जाए जब संबंधित उपभोक्ता की बुकिंग हो तथा किसी भी दशा में वहां 100 किलोग्राम से अधिक स्टॉक न रखा जाए। साथ ही स्टॉक की स्थिति एवं के०वाई०सी० प्रक्रिया का प्रदर्शन गैस एजेंसी के शोरूम के साथ-साथ गोदाम पर भी किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी गैस एजेंसी एवं पेट्रोल पम्प स्वामी अपने स्टॉक की स्थिति को देखते हुए अग्रिम रूप से धनराशि जमा कराकर गैस, डीजल एवं पेट्रोल की आपूर्ति समय से मंगाना सुनिश्चित करें। भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुसार किसी भी दशा में बोतल, केन अथवा खुले पात्र में पेट्रोल की बिक्री न की जाए तथा पेट्रोल की बिक्री केवल वाहनों की टंकियों में ही की जाए। इस संबंध में सूचना सभी पेट्रोल पम्पों पर प्रदर्शित की जाए। डीजल की बिक्री के संबंध में यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को कृषि कार्य हेतु अनुमन्य मात्रा से अधिक डीजल एक बार में न दिया जाए।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अधिक मात्रा में गैस सिलेंडर, डीजल अथवा पेट्रोल खरीदकर जमाखोरी करने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दी जाए। सभी गैस एजेंसी एवं पेट्रोल पम्प संचालकों को यह भी निर्देशित किया गया कि निर्धारित मूल्य एवं निर्धारित मात्रा के अनुसार ही ईंधन की आपूर्ति की जाए। यदि कहीं अधिक मूल्य वसूलने अथवा घटतौली की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने अवगत कराया कि पुलिस द्वारा जनपद के सभी गैस एजेंसियों एवं पेट्रोल पम्पों का समय-समय पर रैंडम निरीक्षण किया जाएगा। साथ ही भ्रामक सूचना फैलाने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसी एवं पेट्रोल पम्प संचालकों को निर्देशित किया है कि निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए “नो हेलमेट, नो फ्यूल” अभियान का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। बैठक में अनुपस्थित पेट्रोल पम्प एवं गैस एजेंसी संचालकों को कारण बताओ नोटिस/स्पष्टीकरण जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।
कैच द रेन जल संचय की बैठक डीएम ने ली,20,20 सोक पिट बनवाने के निर्देश

फर्रूखाबाद l जल शक्ति अभियान “कैच द रेन” के अंतर्गत जल संचय जनभागीदारी 2.0 पहल की समीक्षा बैठक  कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, सहायक अभियंता लघु सिंचाई, जिला उद्यान अधिकारी, सहायक अभियंता सिंचाई सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सहायक अभियंता लघु सिंचाई द्वारा अवगत कराया गया कि जल संरक्षण से संबंधित कराए जा रहे कार्यों को भारत सरकार के JSJB 2.0 पोर्टल पर फीड किया जाना है, जिसके अंतर्गत अब तक जनपद में 660 कार्यों की फीडिंग की जा चुकी है।
इस दौरान जिलाधिकारी ने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल संरक्षण से संबंधित कराए गए कार्यों जैसे रूफटॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, रिचार्ज शाफ्ट, रिचार्ज पिट, सोक पिट, ट्रेंचेस, चेकडैम, तालाब, मेड़बंदी आदि सभी कार्यों की सूचना तत्काल पोर्टल पर फीड कराई जाए।
जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि उनके अधीन संचालित सभी शासकीय, अर्धशासकीय एवं वित्तविहीन विद्यालयों में सोक पिट एवं रूफटॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनवाए जाएं।
इसके साथ ही पंचायती राज विभाग को प्रत्येक राजस्व गांव में दो सोक पिट बनवाने के निर्देश दिए गए। समस्त अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में 20-20 सोक पिट बनवाने के लिए निर्देशित किया गया।
साथ ही वन विभाग को 200 ट्रेंचेस तथा जिला उद्यान अधिकारी को संचालित कोल्ड स्टोरेजों में 200 सोक पिट बनवाने हेतु निर्देशित किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जल संरक्षण के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा अभियान के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, जिससे वर्षा जल का अधिकतम संचयन हो सके और भूजल स्तर में सुधार लाया जा सके।
पुलिस उप निरीक्षक के पदों के लिए 14 व 15 मार्च को होगी दो पालियों में परीक्षाएं, परीक्षार्थी नीला काला पेन नहीं ले जा सकेंगे
फर्रूखाबाद l 14 व 15 मार्च को दो पालियों में होने बाली उ0प्र0 पुलिस में पुलिस उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती–2025 की परीक्षा को सकुशल एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने हेतु तैयारियों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जनपद में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं इन परीक्षा केंद्र पर दो पालियों में परीक्षा होगी l इस परीक्षा में 5520 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे, परीक्षार्थी नीला काला के नहीं ले जा सकेंगे l

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने हेतु सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रातः 07 बजे ट्रेजरी पर उपस्थित रहेंगे तथा परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे।
उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, कागज के टुकड़े, प्लास्टिक पाउच, पर्स, स्मार्टबैंड, स्मार्टवॉच, सनग्लासेस तथा हैंडबैग ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा केंद्रों के भीतर किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश वर्जित रहेगा तथा सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के पास आईडी कार्ड अनिवार्य रूप से होना चाहिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में फोटोकॉपी की दुकानें, साइबर कैफे तथा इलेक्ट्रॉनिक गैजेट की दुकानें बंद रहेंगी। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी युक्त कंट्रोल रूम एवं स्ट्रॉन्ग रूम स्थापित किए जाएंगे। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी केंद्रों के बाहर क्लॉक रूम बनाए जाएंगे,अभ्यर्थी केवल नीला,काला पेन, प्रवेश पत्र व मूल पहचान पत्र ही परीक्षा केंद्र में ले जा सकेंगे।
उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों के परीक्षा कक्षों एवं शौचालयों का पूर्व निरीक्षण कर लें। साथ ही सभी केंद्र व्यवस्थापक एवं सहायक केंद्र व्यवस्थापक से नो-रिलेशन सर्टिफिकेट प्राप्त किया जाए तथा ड्यूटी में लगाए गए अध्यापकों के मोबाइल नंबरों की सूची केंद्र व्यवस्थापक को उपलब्ध कराई जाए,जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए है जिन पर एक पाली में 5520 अभ्यर्थी परीक्षा देगे,कुल चार पालियों में परीक्षा होगी।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर क्लॉक रूम, पेयजल एवं शौचालय से संबंधित साइन एज लगाए जाएं तथा प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दीवार घड़ी अनिवार्य रूप से लगाई जाए,रोडवेज बस अड्डे पर हेल्प डेस्क बनाई जाए कोई भी वाहन ओवर रेटिंग न करे,परीक्षा केंद्रों पर विद्युत की निर्बाध आपूर्ति हो,साफ सफाई की व्यवस्था अच्छी हो।
पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि 13 मार्च को परीक्षा का रिहर्सल कर लिया जाए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी,अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर पुलिस अधीक्षक, सभी उपजिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
ऑटो की टक्कर ठेला में लगने से, सब्ज़ी विक्रेता की दर्दनाक मौत

फर्रुखाबाद । सुबह कादरी गेट थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग सब्जी विक्रेता की जान चली गई। तेज रफ्तार ऑटो ने सब्जी विक्रेता की रेहड़ी में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि ऑटो भी पलट गया। गंभीर रूप से घायल वृद्ध ने कानपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के बंधुआ गांव के रहने वाले सोनपाल (65 वर्ष) पिछले 35 सालों से रेहड़ी पर सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह हर दिन की तरह मंगलवार को सुबह सब्जी लेने के लिए मंडी जा रहे थे।
मधुर मिलन गेस्ट हाउस के पास
सुबह के समय जब सोनपाल अपनी रेहड़ी लेकर मधुर मिलन गेस्ट हाउस के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ऑटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रेहड़ी के परखच्चे उड़ गए और ऑटो भी सड़क पर पलट गया।
कानपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई l हादसे में गंभीर रूप से घायल सोनपाल को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तत्काल लोहिया अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शहर के ही एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उन्हें कानपुर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें कानपुर ले जा रहे थे, रास्ते में सांसें थम गईं।
सोनपाल की मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक के परिवार में उनकी पत्नी सुनीता और तीन बेटे- मनोज, अर्पित और राहुल माथुर हैं। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के बेटों ने पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर दिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
योजनाओं का लाभ लाभार्थियों तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए डीएम
फर्रूखाबाद l नगर पंचायत शमसाबाद कार्यालय का जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में अभिलेखों के रख-रखाव, जन्म–मृत्यु पंजीकरण, स्वच्छता व्यवस्था तथा नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय में अभिलेखों का अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए तथा जन्म–मृत्यु पंजीकरण से संबंधित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पंचायत क्षेत्र में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की और कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए।
उन्होंने निर्माणाधीन एवं पूर्ण हो चुके विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इस मौके पर अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत शमसाबाद सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
योजनाओं की ग्रांट को योजनाओं पर खर्च करने के दिए खड़े निर्देश डीएम
फर्रूखाबाद l मंगलवार को विकासखंड कार्यालय शमसाबाद का जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विकासखंड कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, जनसुनवाई व्यवस्था, साफ-सफाई तथा विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा कार्यों की नियमित समीक्षा एवं निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विकासखंड को प्राप्त केंद्रीय वित्त योजना एवं राज्य वित्त योजना की ग्रांट का शत-प्रतिशत उपभोग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी कर्मियों की सेवा पुस्तिकाओं एवं कैशबुक को अद्यतन रखने, फार्मर रजिस्ट्री के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा स्पेशल क्लोज एवं असंतुष्ट आई0जी0आर0एस0 प्रकरणों की समीक्षा कर उनका समाधान सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया।
इस मौके पर जिला विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, सहायक खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।