रामराज में चंद्रशेखर आजाद का भव्य स्वागत, सैकड़ों समर्थकों संग आजाद समाज पार्टी में शामिल हुए प्रधान जितेंद्र
मेरठ। बहसूमा। आजाद समाज पार्टी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद का रामराज क्षेत्र में जोरदार स्वागत किया गया। वह रामराज से होते हुए सैफपुर, फिरोजपुर रामराज गुरुद्वारे के पास पहुंचे, जहां प्रधान जितेंद्र के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य अभिनंदन किया।

इस अवसर पर प्रधान जितेंद्र ने अपने समर्थकों के साथ औपचारिक रूप से आजाद समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में अनिल कुमार, मनीराम, अमरपाल, हरवीर, धनीराम, सौरभ, डॉक्टर किशोर कुमार, फिरोजुद्दीन फना सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया और कहा कि पार्टी समाज के सभी वर्गों के सम्मान व अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने नए साथियों का स्वागत करते हुए संगठनात्मक विस्तार को जनहित की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और समर्थकों ने पार्टी के पक्ष में नारेबाजी कर अपना समर्थन व्यक्त किया।
बहसूमा में भीषण जाम, कई घंटे बाद पुलिस ने पाया काबू
मेरठ। बहसूमा कस्बे में रविवार, 1 मार्च 2026 की सुबह करीब 10 बजे भीषण जाम लगने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। मुख्य बाजार और आसपास की सड़कों पर दुकानों के बाहर खड़े वाहनों के कारण आवागमन ठप हो गया, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को घंटों भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम इतना लंबा था कि कई लोग पैदल तक निकलने में असमर्थ रहे और आपात कार्यों से जा रहे नागरिक भी फंस गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाने की कार्रवाई शुरू की। उपनिरीक्षक विशाल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सड़क पर अव्यवस्थित खड़े वाहनों को हटवाया, यातायात को क्रमबद्ध कराया और भीड़ को नियंत्रित करते हुए धीरे-धीरे रास्ता साफ कराया। इस दौरान कांस्टेबल विकास कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी लगातार मोर्चा संभाले रहे।

करीब कई घंटे की कोशिशों के बाद पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पाया और फंसे ग्रामीणों को राहत दिलाई। स्थानीय लोगों ने बताया कि बाजार क्षेत्र में अनियोजित पार्किंग और बढ़ते वाहनों के कारण आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है।

पुलिस ने दुकानदारों और वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क किनारे अवैध पार्किंग न करें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने। कस्बे में व्यवस्था सामान्य होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
मेरठ के बहसूमा में खड़ी कार को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, आरोपी पर अभद्रता का आरोप
बहसूमा। क्षेत्र में डॉक्टर गॉड क्लीनिक के गेट के पास खड़ी कार को एक फार्म ट्रैक 60.ट्रैक्टर द्वारा टक्कर मारने और अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने थाना बहसूमा में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार कार संख्या UP12CB7774 (ग्रैंड विटारा) 23 फरवरी 2026 को बहसूमा स्थित अस्पताल गेट के पास खड़ी थी। इसी दौरान एक गन्ने से भरी फार्म ट्रैक ट्रैक्टर ट्राली 6o ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए कार में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। शिकायत में आरोप है कि ट्रैक्टर चालक, घटना के बाद मौके पर मौजूद चालक से अभद्रता करते हुए धमकी देकर ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।

घटना के समय कार के साथ चालक विवेक कुमार पुत्र खचेडु मौजूद थे। पीड़ित विवेक कुमार, निवासी भूमा, थाना बहसुमा, जनपद मेरठ  पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है

पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दशमेश पब्लिक स्कूल के परिसर में बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया होली।
मोनू भाटी।

मेरठ जिले में रामराज स्थित दशमेश पब्लिक स्कूल के परिसर में होली का त्यौहार बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया । स्कूल के इस प्रांगण में आयोजित इस उत्सव में न केवल छात्र-छात्राओं ने बढ़-कर कर भाग लिया बल्कि शिक्षकों ने भी होली के गीतों पर थिरक  कर माहौल को और अधिक खुशनुमा बना दिया ।

इस भव्य कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की डायरेक्टर डॉक्टर सिम्मी सहोता व प्रधानाचार्य आमिर खान ने दीप  प्रज्वलन कर  किया इसके बाद छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जिसमें बुराई पर अच्छाई की जीत और प्रेम के महत्व को दर्शाया गया। नन्हे मुन्ने बच्चों द्वारा, कान्हा संग ,होली नृत्य पेश कर सबका मनमोह लिया। सभी बच्चों ने एक दूसरे को गुलाल एवं तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दी l

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा। विद्यालय की डायरेक्टर डॉक्टर सिम्मी सहोता ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें पानी की बर्बादी को रोकना चाहिए और  रासायनिक रंग के स्थान पर हर्बल रंगों को ही प्रयोग करना चाहिए ताकि हमारी त्वचा और प्रकृति दोनों सुरक्षित रहें कार्यक्रम के अंत में सभी छात्रों स्टाफ सदस्यों ने एक दूसरे को तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दी l

प्रधानाचार्य आमिर खान ने भी सभी को होली की शुभकामनाएं दी उन्होंने कहा कि यह त्यौहार समाज में प्रेम और सद्भावना के रंग बिखेरेने का त्यौहार है।

इस अवसर पर कोऑर्डिनेटर स्वाति अरोड़ा, मनजोत कौर ,हर्षिका अरोड़ा ,गुरजीत कौर ,अमृतपाल  कौर ,स्वाति, प्रियंका, मोनिका,कोमल, खुशबू ,हरप्रीत कौर ,प्रभजोत कौर रेनू ,लक्ष्मी, आदि समस्त स्टाफ उपस्थित रहा l
मेरठ/बहसूमा: एक शाम शहीदों के नाम—युवाओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
मेरठ जनपद के मवाना नगर में गुरुवार, 27 फरवरी 2026 को स्थानीय युवाओं द्वारा “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम आयोजित कर महान क्रांतिकारी पंडित चंद्रशेखर आज़ाद की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में युवाओं ने देश की आज़ादी के लिए उनके अद्वितीय साहस, त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

इस अवसर पर अक्षत शर्मा, ठाकुर शनि प्रताप और अजीत शर्मा ने कहा कि चंद्रशेखर आज़ाद ने अपना संपूर्ण जीवन मातृभूमि की सेवा में समर्पित कर दिया। उन्होंने बताया कि जब अंग्रेजों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया, तब भी वे निर्भीक होकर घंटों तक मुकाबला करते रहे। अंततः जब गोलियां समाप्त हो गईं, तो अपने संकल्प को निभाते हुए उन्होंने स्वयं को गोली मारकर अदम्य साहस का परिचय दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने देश के प्रति उनके त्याग, समर्पण और संघर्ष को नमन करते हुए राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया। इस अवसर पर अर्पित पांडे, संदीप रस्तोगी, संदीप मावी, वंश गौतम, राहुल जाटव, गोल्डी, अमर गुप्ता, मॉन्टी, मुकुल चौहान, अमित, आदित्य संयम, दीपक, आशीष सैनी, हिमांशु, लकी, ऋतिक सहित अनेक युवा मौजूद रहे।
टिकौला शुगर मिल में किसान गोष्ठी—चार सूत्रों से बढ़ेगा गन्ना उत्पादन
मेरठ/बहसूमा। टिकौला शुगर मिल परिसर में आयोजित किसान गोष्ठी में गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए “उत्तम खेती के चार आधार” पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ओमप्रकाश सिंह (उप गन्ना आयुक्त, सहारनपुर) रहे। अध्यक्षता हिमांशु कुमार ने की, जबकि ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक मुलायम सिंह यादव, सचिव संजय सिंह (रामराज) सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

गोष्ठी में मिल प्रबंधन ने इस वर्ष उत्पादन बढ़ाने हेतु चार मुख्य आधार—किस्म बदलाव, फसल सुरक्षा, बीज उपचार और मृदा उपचार—पर जोर दिया। बताया गया कि यदि किसान इन चार बातों पर ध्यान दें तो उत्पादन में 15–25% तक वृद्धि संभव है।

पुरानी किस्मों, विशेषकर 0238, में रोग-कीट प्रकोप बढ़ने के कारण नई उन्नत किस्में अपनाने की सलाह दी गई। मिल द्वारा को० 0118, 15023, 13235, 18231, 14201, 16202 जैसी किस्मों पर ₹20 से ₹100 प्रति क्विंटल तक अनुदान दिया जा रहा है। संदेश दिया गया—“किस्म बदलेगी, तभी आय बढ़ेगी।”

बीज उपचार को उत्पादन का पहला कदम बताते हुए कार्बेन्डाजिम व इमिडाक्लोप्रिड अनुदान पर उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी गई। मशीनीकरण को बढ़ावा देते हुए ट्रेंच प्लांटर खरीद पर अनुदान तथा रैटून मैनेजमेंट डिवाइस पर 15% सहायता की घोषणा की गई, जिससे समय व लागत में बचत होगी।

फसल सुरक्षा के तहत फेरोमोन व लाइट ट्रैप 25% अनुदान पर, कीटनाशक (CTPR आदि) 15% अनुदान पर तथा टॉप बोरर नियंत्रण हेतु क्लोरान्ट्रानिलिप्रोल उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। गोष्ठी में डॉ वेद प्रकाश, मोहनलाल शर्मा सहित क्षेत्र के प्रगतिशील किसान—ध्यान सिंह, रामपाल सिंह, कटार सिंह, अरविंद सिंह, प्रवेश अनुज, बलवीर सिंह आदि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में किसानों से आधुनिक तकनीक अपनाकर अधिक उत्पादन व बेहतर आय प्राप्त करने का आह्वान किया गया।
बहसूमा : घर में घुसकर मारपीट व अभद्रता का आरोप, पीड़िता ने थाने में दी तहरीर
मेरठ।बहसुमा। जनपद के थाना बहसूमा क्षेत्र में एक महिला ने गांव के कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना बहसूमा में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता  अनीता पत्नी बालकिशन, निवासी सदरपुर कस्बा बहसूमा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थी। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग पुरानी रंजिश के चलते उसके घर के बाहर आकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपी जबरन घर में घुस आए और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसके परिवार के सदस्यों को भी धक्का-मुक्की कर घायल कर दिया तथा घर का सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया। लाठी डंडों से दरवाजा तोड़ दिया और शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
महिला ने बताया कि घटना से उसका परिवार भयभीत है और आरोपियों द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा है। पीड़िता ने 112 नंबर पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
थाना प्रभारी प्रतिभा सिंह  का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षा का भरोसा भी दिया है।
निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में उमड़े किसान, सैकड़ों ने कराई जांच
मेरठ। बहसूमा। रामराज। क्षेत्र के टिकोला शुगर मिल लिमिटेड परिसर में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में किसान व ग्रामीण पहुंचे। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आंखों की जांच कर आवश्यक परामर्श व दवाइयां उपलब्ध कराईं।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व डायरेक्टर सुभाष कैप्टन, अध्यक्ष पंकज कुमार, इंद्रपाल (हसिमपुर), अक्षय कुमार (हसिमपुर), नरेंद्र कुमार शनि (सदरपुर), पहलाद (मोड़ खुर्द) तथा अवनीश कुमार सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीण अंचल के लोगों को नेत्र रोगों के प्रति जागरूक करना और समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।

शिविर के दौरान बड़ी संख्या में किसानों ने आंखों की जांच कराई। चिकित्सकों ने मोतियाबिंद, दृष्टि-दोष व अन्य सामान्य नेत्र समस्याओं के बारे में जानकारी देते हुए समय-समय पर जांच कराने की सलाह दी। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर उपस्थित किसानों ने प्रबंधन का आभार जताया और भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की मांग की।
बहसूमा में  हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार, सोशल मीडिया वीडियो से खुला राज
मेरठ। बहसूमा। थाना क्षेत्र में हुए सुरेंद्र उर्फ सुनील हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने कत्ल के बाद खुलेआम चेतावनी देते हुए अपना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था, जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान पुख्ता की।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिस पर पुलिस टीम और आरोपी के बीच जोरदार जद्दोजहद हुई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी की कार्रवाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।

जांच में सामने आया कि घटना के बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपने अपराध को स्वीकार करते हुए वीडियो जारी किया था। इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पुलिस का कहना है  घटना के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि मामले में विधिक कार्रवाई सख्ती से की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी है।
घर से गायब महिला का पेड़ से लटका मिला शव,देर रात से थी लापता
*घर से 200 मीटर दुर लगाया फांसी

गोंडा।जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत धनोहरी गांव में अपरान्ह लगभग तीन बजे एक 36 वर्षीय महिला का शव शीशम के पेड़ से लटका मिला।महिला की पहचान नूरजहां के रूप में हुई है जिसका शव उसके घर से लगभग 200 मीटर दूर दोस्त मोहम्मद के गन्ने के खेत में पाया गया।ग्रामीणों ने शव देखकर नूरजहां के पति साबिर अली व अन्य ग्रामीणों को सूचना दिया।घटना की जानकारी मिलने पर देहात कोतवाली पुलिस,डाग स्क्वायड और फोरेंसिक टीमें ने मौके पर पहुंच कर मामले की पड़ताल प्रारंभ कर दिया तथा पुलिस ने शीशम के पेड़ से शव को उतरवाकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।बताया जाता है कि नूरजहां की शादी लगभग 10 वर्ष पूर्व साबिर से हुई थी और तभी से वह अपने पति के साथ यहीं रह रही थी।परिजनों के अनुसार,नूरजहां मंगलवार रात से ही लापता थी।परिवार के सदस्यों ने देर रात तक उसकी तलाश किया परन्तु कोई जानकारी न मिलने पर वे घर लौट आए थे और आज अपरान्ह लगभग तीन बजे उसका शव बरामद हुआ।देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या तह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है।उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।देहात कोतवाल ने यह भी बताया कि महिला के लापता होने के संबंध में परिजनों द्वारा देहात कोतवाली में कोई सूचना नहीं दी गई थी।