कानपुर लैंबॉर्गिनी कांड: 10 करोड़ की सुपरकार बनी हादसे की वजह, आरोपी शिवम मिश्रा गिरफ्तार

कानपुर। वीआईपी रोड पर हुए हाई-प्रोफाइल लैंबॉर्गिनी हादसे के मामले में पुलिस ने आरोपी तंबाकू कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि 35 वर्षीय शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है।
यह हादसा रविवार दोपहर करीब तीन बजे ग्वालटोली क्षेत्र में हुआ था। बताया गया कि करीब 10 करोड़ रुपये कीमत की लैंबॉर्गिनी रेवुएल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ऑटो और बुलेट मोटरसाइकिल से टकरा गई। इसके बाद कार फुटपाथ पर चढ़ गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में ई-रिक्शा चालक मोहम्मद तौफीक, विशाल त्रिपाठी और सोनू त्रिपाठी समेत चार लोग घायल हुए।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और कार को घेर लिया। इसी दौरान कार के साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों ने चालक को बाहर निकालने की कोशिश की। लोगों के विरोध के बीच कार का शीशा तोड़कर चालक को बाहर निकाला गया और निजी अस्पताल ले जाया गया। बताया गया कि चालक को दौरा आने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ, हालांकि पुलिस इस दावे की जांच कर रही है।
इस मामले में घायल ई-रिक्शा चालक मोहम्मद तौफीक की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। वहीं, बुधवार को मामले में नया मोड़ तब आया जब मोहन नाम के एक व्यक्ति ने खुद को कार का चालक बताया, लेकिन पुलिस ने जांच के आधार पर इस दावे को खारिज कर दिया।
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पांच टीमों का गठन कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। जांच में स्पष्ट हुआ है कि हादसे के समय कार शिवम मिश्रा ही चला रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
उप्र: हैलट अस्पताल में बड़ी लापरवाही, जिंदा मरीज को डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
* पोस्टमॉर्टम से पहले खुली पोल, तीन जूनियर डॉक्टरों पर गिरी गाज

कानपुर। कानपुर के हैलट अस्पताल में चिकित्सा लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है, जहां जूनियर डॉक्टरों ने एक जिंदा मरीज को मृत घोषित कर दिया। मरीज को मृत बताकर शव का पोस्टमॉर्टम कराने के लिए स्वरूपनगर थाने को सूचना भेज दी गई।

जब पुलिस द्वारा मरीज को हैलट अस्पताल की मॉर्चुरी में जमा कराया जा रहा था, तभी अचानक मरीज में हलचल दिखाई दी। मरीज के जिंदा होने का पता चलते ही पुलिस और अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मरीज को दोबारा इलाज के लिए भेजा गया।

घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.के. सिंह मौके पर पहुंचे और लापरवाही बरतने वाले तीन जूनियर डॉक्टरों को कड़ी फटकार लगाई। फटकार के दौरान संबंधित डॉक्टरों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी चूक न होने का आश्वासन दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक समिति गठित कर दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

इस घटना ने हैलट अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मामले पर नजर बनाए रखने की बात कही जा रही है।
कानपुर के डिप्टी SP ऋषिकांत शुक्ला निलंबित

10 साल में 100 करोड़ की संपत्ति के खुलासे से हड़कंप

कानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा (PPS) के डिप्टी एसपी ऋषिकांत शुक्ला को आय से अधिक संपत्ति के मामले में निलंबित कर दिया गया है। गृह विभाग के सचिव और आईएएस अधिकारी जगदीश ने आदेश जारी करते हुए शुक्ला के खिलाफ विजिलेंस जांच के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि कानपुर में करीब 10 साल की तैनाती के दौरान शुक्ला ने 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित की, जिससे पुलिस विभाग में सनसनी फैल गई है।

विजिलेंस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि डिप्टी एसपी शुक्ला के नाम पर कानपुर में 12 जमीनें, 11 दुकानें और कई आलीशान मकान हैं। इसके अलावा, उन्होंने अपने करीबी रिश्तेदारों और परिचितों के नाम पर भी संपत्ति खरीदी है। सूत्रों के अनुसार, शुक्ला ने अपने कार्यकाल के दौरान अवैध वसूली के माध्यम से यह संपत्ति अर्जित की।

जानकारी के मुताबिक, प्रमोटी अधिकारी ऋषिकांत शुक्ला ने पुलिस उपनिरीक्षक के रूप में नौकरी शुरू की थी और बाद में प्रमोशन पाकर सीओ के पद तक पहुंचे। कानपुर में लंबे समय तक पदस्थापना के दौरान उन्होंने वसूली गैंग के सरगना अखिलेश दुबे से करीबी संबंध बनाए, जिनकी मदद से अवैध कमाई का जाल फैला।

अब गृह विभाग ने शुक्ला की सभी संपत्तियों की जांच विजिलेंस को सौंप दी है। जांच में दोष सिद्ध होने पर आगे की कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि शासन भविष्य में ऐसे अधिकारियों पर सख्त कदम उठाने की तैयारी कर रहा है, जो पद का दुरुपयोग कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं।

कानपुर: स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप, दो CMO आमने-सामने, कुर्सी को लेकर तकरार

कानपुर। कानपुर के स्वास्थ्य विभाग में उस समय हंगामेदार हालात बन गए जब निलंबित किए गए पूर्व सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी हाईकोर्ट से स्टे ऑर्डर लेकर अचानक ऑफिस पहुंच गए और अपनी पुरानी कुर्सी पर जा बैठे। इससे विभाग में अफरा-तफरी मच गई।

जैसे ही वर्तमान सीएमओ डॉ. उदयनाथ को इसकी जानकारी मिली, वे भी कार्यालय पहुंच गए। दोनों अधिकारियों के बीच जमकर तू-तू मैं-मैं हुई और बहस काफी देर तक चलती रही। डॉ. नेमी कुर्सी छोड़ने को तैयार नहीं हुए जबकि डॉ. उदयनाथ ने लखनऊ तक फोन घुमाकर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की। अंततः वे बिना कोई फैसला लिए ऑफिस से चले गए।

हाईकोर्ट ने डॉ. नेमी के निलंबन पर फिलहाल स्थगन आदेश दे दिया है। इसी के बाद वे मंगलवार सुबह स्वास्थ्य भवन पहुंचे और खुद को फिर से पदस्थापित घोषित कर दिया। शासन द्वारा डॉ. नेमी को जिलाधिकारी राकेश प्रताप सिंह से विवाद के चलते निलंबित किया गया था। डॉ. नेमी ने इस कार्रवाई को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। फिलहाल सीएमओ की कुर्सी पर डॉ. हरिदत्त नेमी काबिज हैं, लेकिन स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। स्वास्थ्य विभाग में इस द्वंद्व को लेकर कर्मचारियों और अधिकारियों में असमंजस का माहौल है।

अब देखना होगा कि शासन इस असमंजस की स्थिति को कैसे सुलझाता है। फिलहाल कानपुर स्वास्थ्य विभाग की सबसे अहम कुर्सी पर दो दावेदारों की लड़ाई ने पूरे सिस्टम को अस्थिर कर दिया है।

अब आतंकवाद अपनी अंतिम सांसे ले रहा है : योगी आदित्यनाथ

कानपुर। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए कारोबारी शुभम द्विवेदी समेत उन सभी हत्याओं का बदला लिया जाएगा। जिन बेगुनाह निहत्थे सैलानियों को आतंकवादियों ने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया है। जिसकी शुरुआत हो चुकी है। अब आतंकवाद अपनी अंतिम सांस ले रहा है। दहशतगर्दियों ने महिलाओं के सामने ही उनके सुहाग को उजाड़ा है। जिसका बदला हमारी डबल इंजन की सरकार लेकर रहेगी। यह बातें गुरुवार को कानपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कही।

देर रात जैसे ही शुभम का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा। वैसे ही चारों तरफ चीख पुकार मच गई। परिजन एक दूसरे के कंधे पर सिर रखकर रोते हुए नजर आए। पीड़ित परिजनों से मिलने और शुभम को श्रद्धांजलि देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी हाथीपुर गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत करते हुए उनका ढांढस बंधाया। इस दौरान शुभम की पत्नी एशान्या ने कहा कि मेरे सामने ही मेरे पति के सिर पर गोली मार दी गई लेकिन इससे पहले उनका धर्म पूछा गया। कोई समझ पाता इससे पहले ही वहां पर मौजूद सभी लोगों को बारी-बारी से गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई।

सीएम ने परिजनों का दुख बांटते हुए कहा कि इस विपरीत स्थिति में शासन से लेकर प्रशासन तक परिवार के साथ है। आतंकवादियों ने इस नापाक घटना को अंजाम दिया है। जिसका मुंह तोड़ जवाब देने का समय आ चुका है। अब आतंकवादियों के ताबूत में आखिरी कील ठोँकने की शुरुआत भी हो चुकी है। डबल इंजन की सरकार पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। जिन लोगों ने भी इस घटना को अंजाम दिया है। उनके प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति देखने को मिलेगी। जिस तरह से आतंकियों ने बेकसूर लोगों की हत्या की है। उसी तरह से आतंकियों और उनके आकाओं को सजा जरूर मिलेगी। इस साजिश में शामिल किसी को भी बक्शा नहीं जाएगा।

उप्र में पछुआ हवाओं से धड़ाम हुआ पारा, सिहर उठे लोग

कानपुर। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और पछुआ हवाओं का असर उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। गुरुवार को अचानक पारा धड़ाम हो गया और कानपुर में 5 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच गया। यही हाल लगभग पूरे प्रदेश का रहा। मौसम विभाग का कहना है कि बर्फबारी होने से आगामी दिनों में शीतलहर चलने की पूरी संभावना है।

चंद्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एस एन सुनील पांडे ने गुरुवार को बताया कि पहाड़ों पर इन दिनों पश्चिमी विक्षोभ जबरदस्त सक्रिय है। इनकी वजह से जमकर बर्फबारी हो रही है। पछुआ हवाएं उत्तर प्रदेश के गंगा के मैदानी इलाकों को प्रभावित कर रही हैं। इन सर्द भरी हवाओं से कानपुर का तापमान न्यूनतम तापमान बुधवार को 10 डिग्री सेल्सियस था, वह आज 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अचानक 5 डिग्री सेल्सियस तापमान कम होने से सिहरनभरी सर्दी बढ़ गई और लोग कांप उठे।

इसके साथ ही आसमान में कोहरा छाया रहा और दृश्यता भी 2 किलोमीटर की बजाय 400 मीटर तक ही सीमित रही। इससे हाईवे व सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। उन्हाेंने आगे बताया कि आगामी दिनों में जिस प्रकार पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, उससे पूरी संभावना है कि शीतलहर अपना रौद्र रूप दिखाएगी। ऐसे में शीतलहर से बचने के लिए खासकर बुजुर्ग लोग घरों पर ही रहें और अलाव का सहारा लें। इसके साथ ही सुबह शाम की सैर करना इन दिनों नुकसानदायक हो सकता है। हालांकि यह सर्दी या शीतलहर फसलों के लिए खासकर गेहूं की फसल को बहुत लाभकारी होगी। वहीं आलू और सरसों की फसल में माहू रोग लगने की आशंका है। ऐसे में किसान भाई दवाओं का छिड़काव करें।
नियंत्रित होकर डम्फर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में घुसा, दो की मौत

कानपुर देहात। जनपद के अकबरपुर थानाक्षेत्र में गुरुवार देर रात एक अनियंत्रित डम्फर सड़क किनारे बने शॉपिंग कॉम्पलेक्स में घुस गया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर जनपद के पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस बल मौजूद रहे और मलवे से शवों को निकाल कर पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया।

डम्फर की टक्कर से शॉपिंग कॉम्प्लेक्श भरभरा कर गिरा

अकबरपुर थानाक्षेत्र के जैनपुर में बने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में गुरुवार देर रात कानपुर से झांसी की ओर जा रहा डम्फर अनियंत्रित होकर जा घुसा। डम्फर की टक्कर से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का एक बड़ा हिस्सा भरभरा का गिर गया। जिसमें कई लोग दब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि मलवे में दबने से दो लोगों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी

मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजे दिया गया। मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है और जांच जारी है।पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। डम्फर अनियंत्रित होकर सीधे शॉपिंग कॉम्पलेक्स में जा घुसा, जिससे बड़ा हादसा हो गया। चालक भी इस घटना में घायल हुआ है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इलाज के बाद उसको हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।
उप्र में पछुआ हवाओं का दिखा असर, रात का दो डिग्री गिरा पारा, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से आगामी दिनों बढ़ेगी सर्दी
कानपुर। बंगाल की खाड़ी से आ रही पूर्वी हवाएं अब कमजोर पड़ गई हैं, जो सर्दी बढ़ाने में बाधक बन रही थी। इससे अब पछुआ हवाओं का असर दिखने लगा और रात का तापमान दो डिग्री सेल्सियस गिर गया। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता से कानपुर सहित उत्तर प्रदेश में आगामी दिनों सर्दी तेजी से बढ़ेगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने गुरुवार को बताया कि पूर्व-मध्य और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के पास बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़ गया है, लेकिन इसके साथ जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ सात दिसम्बर की रात पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पहुंचेगा और आठ दिसम्बर से उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों को प्रभावित करेगा। उत्तर-पश्चिम भारत में 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर जेट स्ट्रीम हवाएं 135 नॉट्स की गति से चल रही हैं। मौसम की इन गतिविधियों से आगामी दिनों पछुआ हवाओं के चलने कानपुर सहित उत्तर प्रदेश में सर्दी बढ़ेगी। हालांकि आज ही पूर्वी हवाओं के कमजोर पड़ने से पछुआ हवाओं ने अपना असर दिखा दिया और रात का तापमान दो डिग्री गिर गया, जो आगामी दिनों निरंतर गिरने की सम्भावना है। यही नहीं दिन के तापमान भी गिरेंगे और लोगों को तेज सर्दी का एहसास होगा।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 27.0 और न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 68 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 29 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 6.8 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में आगामी पांच दिनों में प्रातःकाल के समय आसमान में हल्के से मध्यम कोहरा (हल्की धुन्ध) दिखाई देने के आसार हैं किन्तु बारिश की कोई सम्भावना नहीं है।
पश्चिमी विक्षोभ का करें इंतजार, जल्द दिखेगा सर्दी का कहर
कानपुर। दिसंबर माह की शुरुआत हो गई है। तापमान सामान्य से अधिक चल रहे हैं। इसके चलते अभी भी नवंबर माह की तरह गुलाबी सर्दी ही पड़ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। बर्फबारी भी होगी, जिससे जल्द ही सर्दी का कहर कानपुर सहित उत्तर प्रदेश में देखने को मिलेगा।



चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने बुधवार को बताया कि अभी तक फैजल तूफान का असर देखा गया। इसके चलते बंगाल की खाड़ी से आ रही पूर्वी हवाएं सर्दी को कमजोर कर रही थीं। इसके अलावा इस बार पश्चिमी विक्षोभ भी पहाड़ों पर देर से सक्रिय हो रहे हैं और बर्फबारी भी समय से नहीं हुई। इससे दिसंबर माह में नवंबर माह की भांति गुलाबी सर्दी ही लोगों को एहसास हो रही है और तापमान सामान्य से अधिक चल रहे हैं। आगामी तीन से चार दिनों में पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होने जा रहे हैं और बर्फबारी का भी सिलसिला शुरू हो जाएगा। इससे पछुआ हवाएं कानपुर सहित उत्तर प्रदेश में सर्दी को बढ़ाएंगी। दिन और रात का तापमान सामान्य से कम होगा और मौसम में बदलाव होगा।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 29.4 और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 83 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 29 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 0.9 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में आगामी पांच दिनों में सुबह के समय आसमान में हल्के से मध्यम कोहरा (हल्की धुन्ध) दिखाई देने के आसार हैं किन्तु बारिश की कोई संभावना नहीं है।
यूपी में एक सप्ताह बाद बढ़ेगी सर्दी, पहाड़ों पर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ

कानपुर। उत्तर प्रदेश में हवाओं की दिशाएं पछुआ तो चल रही हैं, लेकिन सर्दी में खास इजाफा नहीं हो पा रहा है। यहां तक कि तापमान सामान्य से अधिक ही चल रहा है। रात को अगर छोड़ दिया जाये तो दिन में सर्दी का कुछ खास असर नहीं दिख रहा है। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि एक सप्ताह बाद पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे पहाड़ों पर बर्फबारी होगी और पछुआ हवाएं गंगा के मैदानी इलाकों को सर्दी से सरोबार करेंगी। चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि उत्तर भारत में सर्दी का मौसम आने में सामान्य से देरी हो रही है। इसका कारण है कि अभी तक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं हुआ है। इसके सक्रिय होने और हिंद महासागर से ठंडी हवाएं आने के बाद ही उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत अन्य राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। अनुमान है कि 7-8 दिसंबर के आसपास पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है। हवाओं के तेज दबाव से जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी होने की संभावना है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई पर भी हल्की बारिश हो सकती है। ये बर्फबारी और बारिश पूरे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों को प्रभावित करेगा। ऐसे में उत्तर प्रदेश में एक सप्ताह बाद तेज सर्दी पड़ने के आसार दिखाई दे रहे हैं। हालांकि सर्दी लाने वाली पछुआ हवाएं चल रही हैं, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता न होने से तेज धूप खिल रही है और तापमान इन दिनों सामान्य से अधिक चल रहा है। उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 28.6 और न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 90 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 47 प्रतिशत रही। हवओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 1.0 किमी प्रति घंटा रही।पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में आगामी पांच दिनों में प्रातःकाल के समय आसमान मे हल्के से मध्यम कोहरा (हल्की धुन्ध) दिखाई देने के आसार हैं किन्तु बारिश की कोई संभावना नहीं है।