केंद्रीय बजट 2026 ‘विकसित भारत’ की दिशा में ऐतिहासिक रोडमैप : सांसद मनीष जायसवाल

हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 को ऐतिहासिक बताते हुए कहा है कि यह बजट 'विकसित भारत' के विराट विजन को धरातल पर उतारने वाला एक सशक्त रोडमैप है। उन्होंने इस बजट को देश के आर्थिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताया जो केवल वार्षिक आय-व्यय का विवरण मात्र नहीं है, बल्कि समावेशी और आत्मनिर्भर विकास की ओर बढ़ता एक साहसिक कदम है। सांसद मनीष जायसवाल ने बजट में वित्तीय अनुशासन के साथ-साथ सार्वजनिक पूंजीगत व्यय को बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये करने की सराहना की और कहा कि यह निवेश बुनियादी ढांचे, रोजगार सृजन और दीर्घकालिक आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से रेखांकित किया कि सड़क, रेल, मेट्रो और बंदरगाहों जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के विस्तार के साथ-साथ इन्फ्रास्ट्रक्चर रिस्क गारंटी फंड जैसी पहल से कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स की दक्षता में अभूतपूर्व सुधार होगा। औद्योगिक क्षेत्र में इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 और एमएसएमई के लिए 10,000 करोड़ रुपये के ग्रोथ फंड की घोषणा छोटे उद्यमियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएगी। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि यह बजट लघु एवं सीमांत किसानों, ग्रामीण उद्योगों और हस्तशिल्प क्षेत्रों को मजबूती देकर गांवों में समृद्धि के नए द्वार खोलेगा। स्वास्थ्य के क्षेत्र में ‘बायोफार्मा शक्ति’ जैसी पहल और शिक्षा व कौशल विकास पर केंद्रित योजनाएं भारत की युवा शक्ति को नवाचार और स्टार्टअप के माध्यम से नई उड़ान देंगी।

सांसद मनीष जायसवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट विकास, निवेश और रोजगार के बीच एक आदर्श संतुलन स्थापित करते हुए भारत को दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने में निर्णायक सिद्ध होगा। उन्होंने इस दूरदर्शी, जनहितकारी और सर्वस्पर्शी बजट के लि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति अपनी ओर से और हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र की जनता की ओर से हार्दिक आभार प्रकट किया है।

चौपारण-बरकट्ठा फ्लाईओवर का निर्माण कार्य दोबारा शुरू, 12 वर्षों बाद मिली बड़ी राहत

हजारीबाग - विकास की प्रतिबद्धता और निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के लिए एक बड़ी सफलता सामने आई है। जीटी रोड (एनएच-2) पर चौपारण से गोरहर तक सिक्स लेन निर्माण के अंतर्गत वर्षों से लंबित चौपारण-बरकट्ठा फ्लाईओवर का कार्य अब आधिकारिक रूप से दोबारा शुरू हो गया है।

विगत 12 वर्षों से यह परियोजना अधर में लटकी हुई थी, जिसके कारण स्थानीय निवासियों को बदहाल सड़कों, उड़ती धूल, जलभराव और आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय स्तर पर शिकायतों के बावजूद कोई ठोस समाधान न निकलता देख इस गंभीर विषय को पिछले करीब डेढ़ वर्ष से हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने निरंतर प्रयासों के माध्यम से केंद्रीय स्तर पर उठाया गया।

सांसद मनीष जायसवाल ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी जी तथा एनएचएआई के उच्चाधिकारियों के समक्ष वस्तुस्थिति और इस गंभीर समस्याओं को मजबूती से रखा जिसके बाद बाद मंत्रालय ने इस पर संज्ञान लिया। परिणामस्वरूप, अब फ्लाईओवर के निर्माण ने गति पकड़ ली है और शेष लंबित कार्यों को भी जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

इस फ्लाईओवर के पूर्ण होने से क्षेत्र के लाखों लोगों को न केवल सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, बल्कि वर्षों से जारी जलजमाव और सड़क दुर्घटनाओं जैसी समस्याओं से भी स्थाई मुक्ति मिलेगी। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि विकास के संकल्प के साथ क्षेत्रवासियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए उनका ऐसा प्रयास निरंतर जारी रहेगा ।

आम बजट देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त करने वाला और रोजगारोन्मुख : हर्ष अजमेरा

हजारीबाग - केंद्र सरकार द्वारा रविवार को संसद भवन में प्रस्तुत किए गए आम बजट को लेकर हजारीबाग शहर के युवा समाजसेवी हर्ष अजमेरा ने इसे देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त करने वाला, रोजगारोन्मुख और जनकल्याणकारी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट वर्तमान आर्थिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए विकास, स्थिरता और सामाजिक संतुलन का बेहतर समन्वय प्रस्तुत करता है।

युवा समाजसेवी हर्ष अजमेरा ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश किए गए इस बजट में आर्थिक विकास को गति देने, रोजगार सृजन, बुनियादी ढांचे के विस्तार, डिजिटल अर्थव्यवस्था को मजबूती, कृषि और ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण तथा मध्यम वर्ग को राहत देने जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश, शहरी और ग्रामीण विकास, कौशल विकास, स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा, डिजिटल और तकनीकी नवाचार जैसे प्रावधान देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत आधार प्रदान करेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में उठाए गए कदम सराहनीय हैं। साथ ही किसानों की आय बढ़ाने, कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ करने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने तथा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए किए गए प्रावधान यह दर्शाते हैं कि यह बजट समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाला है। राजकोषीय अनुशासन बनाए रखते हुए विकास को प्राथमिकता देना सरकार की जिम्मेदार सोच को भी दर्शाता है।

हर्ष अजमेरा ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के बीच एक संतुलित, व्यावहारिक और दूरदर्शी बजट प्रस्तुत किया है, जो देश की अर्थव्यवस्था में भरोसा और स्थिरता बनाए रखने में सहायक होगा। अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस महत्वपूर्ण आम बजट के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह बजट देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और आम जनता के जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में प्रभावी कदम सिद्ध होगा।

संत शिरोमणि रविदास जयंती पर ग्राम पंचायत ओरिया में भव्य आयोजन, शोभायात्रा के साथ दिया समरसता का संदेश

सामाजिक समरसता के प्रतीक संत शिरोमणि रविदास जयंती सदर प्रखण्ड स्थित ग्राम पंचायत ओरिया में दिन रविवार को काफी धूमधाम से मनाया गया। जयंती समारोह की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। पूजा के बाद उपस्थितजनों में प्रसाद का भी वितरण किया गया। इस अवसर केक काटकर खुशियाँ मनाया गया। रविदास समाज के मुख्य गणमान्य लोगों ने संत शिरोमणि रविदास जी की जीवनी एवं संदेश पर प्रकाश डाला एवं उनके दिखाए गए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समाज में फैली सामाजिक कुरीतियों को खत्म कर एक सभ्य समाज का निर्माण किए जाने का संकल्प लिया गया। साथ ही हमेशा समरसता और भाईचारे का संदेश दिया। इस दौरान गाजे- बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा यात्रा निकाला गया। ग्राम के विभिन्न चौक-चौराहा तक घुमाया गया। संत रविदास के जीवन संघर्ष को शोभायात्रा के माध्यम से सबो के बीच पहुंचा। मौके पर मुख्य रूप से मनोज कुमार रविदास, पप्पू कुमार राम, मधुसूदन रविदास, राजेश रविदास, फिरोज़ रविदास, रामसहाय राम, राजु राम, गणपति रविदास, धनेश्वर राम, संजय रविदास, विशाल रविदास, राहुल रविदास, विश्वनाथ रविदास, सुखदेव रविदास, रामवृक्ष रविदास, सुरत रविदास सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के दौरान सामान्य जनता के लिए अपील

मतदाता की संतुष्टि के लिए नकदी, शराब या अन्य किसी वस्तु का वितरण रिश्वत है और यह एक दण्डनीय अपराध है। निर्वाचनों के दौरान नकदी, शराब या अन्य वस्तुओं के वितरण पर नजर रखने के लिए प्रत्येक पुलिस स्टेशन के अधीन उड़नदस्ते बनाए गए हैं।

सभी से यह अपील की जाती है कि उड़नदस्तों द्वारा जब्ती से बचने के लिए कोई भी व्यक्ति जो निर्वाचनों के दौरान किसी निर्वाचन क्षेत्र में बहुत बड़ी मात्रा में नकदी ले जा रहा है, तो उस धन के स्रोत और उसके अंतिम प्रयोग को दर्शाने वाले निम्नलिखित दस्तावेज प्रस्तुत करने चाहिए।

1. पैन कार्ड तथा उसकी प्रति, (यदि कोई हो तो)

2. व्यापार रजिस्ट्रीकरण प्रमाणपत्र की प्रति (यदि कोई हो तो)

3. नकदी की निकासी दर्शाती बैंक पास बुकध्बैंक विवरणी की प्रति

4. नियमित नकदी लेन-देन वाले व्यापार के मामले में कैश बुक की प्रति

5. विवाह के निमंत्रण पत्र तथा अस्पताल में दाखिला आदि जैसे मामलों में नकदी के अंतिम प्रयोग के प्रमाण।

उपायुक्त ने पदमा प्रखंड का किया दौरा, योजनाओं की प्रगति का लिया जायजा

उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने आज 31 जनवरी को पदमा प्रखंड का दौरा कर प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने पंचायत भवन बंदरबेला का निरीक्षण कर सीएससी केंद्र के संचालन की स्थिति की समीक्षा की तथा पंचायत सचिव से जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र पंजी के संधारण की जांच की। साथ ही पंचायत स्तर पर स्वीकृत योजनाओं से संबंधित ग्राम सभा बैठकों की कार्यवाही का अवलोकन किया गया।

उपायुक्त ने पंचायत भवन के संचालन हेतु प्रतिमाह मिलने वाली राशि के व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करने एवं खर्च का ऑडिट कराने का निर्देश बीडीओ को दिया। इस दौरान जेएसएलपीएस द्वारा क्रेडिट लिंकेज के माध्यम दीदी समूहों के आर्थिक सशक्तिकरण हेतु किए जा रहे कार्यों का भी जायजा लिया गया तथा कृषि क्षेत्र में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने का निर्देश दिया गया।

मनरेगा अंतर्गत आम बागवानी योजना का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने वहां कार्यरत श्रमिकों के मस्टर रोल पंजी की जांच की एवं डीपीएम को निर्देश दिया कि कार्यरत सभी श्रमिकों के जॉब कार्ड आज ही कार्यालय में उपलब्ध कराए जाएं।

निरीक्षण के क्रम में उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय दोनाई खुर्द, पदमा का भी दौरा किया गया। विद्यालय में बच्चों के पोशाक, मध्याह्न भोजन एवं पठन–पाठन की स्थिति की जानकारी ली गई। शिक्षक द्वारा बताया गया कि विद्यालय में 57 बच्चे नामांकित हैं तथा एक ही शिक्षक होने के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जिस पर उपायुक्त ने तत्काल सहायक शिक्षकों की पदस्थापना हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इसके अतिरिक्त पदमा के बघरा नदी पर निर्माणाधीन पुल के कार्यों का भी जायजा लिया गया। अंत में उपायुक्त ने बीडीओ एवं उपस्थित अन्य पदाधिकारियों को पंचायतों के समग्र एवं समावेशी विकास के लिए आगामी पांच वर्षों की रूपरेखा तैयार कर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि विकास कार्यों को धरातल पर प्रभावी ढंग से उतारा जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिला योजना पदाधिकारी श्री पंकज कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी व अन्य मौजूद थे।

हजारीबाग नगर निगम चुनाव: मेयर पद के लिए सरफाज अहमद ने किया नामांकन, हजारों समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन

हजारीबाग – हजारीबाग नगर निगम चुनाव को लेकर गुरुवार को मेयर पद के प्रत्याशी सरफाज अहमद ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान सरफाज अहमद अपने हजारों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ हजारीबाग डीसी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत रूप से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

नामांकन के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ नाच-गान करते हुए शहर का भ्रमण किया और सरफाज अहमद के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। पूरे शहर का माहौल चुनावी रंग में रंगा नजर आया।

इस मौके पर सरफाज अहमद ने कहा कि हजारीबाग की जनता विकास, पारदर्शिता और बेहतर नगर व्यवस्था चाहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का पूरा समर्थन उन्हें मिलेगा और वे शहर के समग्र विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।

नामांकन कार्यक्रम में कमल खान, कुर्बान अंसारी सहित बड़ी संख्या में समर्थक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

संदिग्ध मौत मामले में मुन्ना सिंह ने DIG और SP को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग

हजारीबाग- दारु थाना क्षेत्र अंतर्गत बैहरी गांव निवासी युवक बिट्टू कुमार की संदिग्ध मृत्यु के मामले को लेकर शुक्रवार को पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने हजारीबाग के उप-महानिरीक्षक (DIG) एवं पुलिस अधीक्षक (SP) को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गहन जांच की मांग की है। ज्ञापन में मुन्ना सिंह ने कहा कि यह घटना अत्यंत गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। उन्होंने आग्रह किया कि जांच के क्रम में यदि कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कानून के प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पूर्व प्रत्याशी ने पुलिस प्रशासन पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि प्रशासन इस गंभीर प्रकरण को संवेदनशीलता के साथ संज्ञान में लेते हुए शीघ्र ही सच्चाई को सामने लाएगा और न्याय की प्रक्रिया को मजबूती प्रदान करेगा।

हजारीबाग की आर्या किशोर ने रचा इतिहास, एडिडास जर्सी कैंपेन में हार्दिक पांड्या सहित स्टार क्रिकेटरों के साथ आईं नज़र

झारखंड के साथ हजारीबाग के लिए आज गर्व का विषय है कि यहीं की धरती में जन्मी और पली-बढ़ी आर्या किशोर आज झारखंड की उन उभरती प्रतिभाओं में शामिल हैं, जो राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। आज आर्या भारत की उन कुछ चुनिंदा मॉडल में शामिल हो गई जो भारतीय क्रिकेट जगत के चर्चित खिलाड़ी हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा के साथ "एडिडास जर्सी कैंपेन" में अन्य मॉडलों और कलाकारों के साथ प्रमुख रूप से नज़र आईं। यह कैंपेन देशभर के एडिडास स्टोर्स के साथ-साथ कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी प्रदर्शित किया गया, जिससे आर्या को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान मिली।

उनकी प्रतिभा को कम उम्र में ही स्थानीय संस्था तरंग ग्रुप ने पहचाना था जिसके बाद संस्था के द्वारा आयोजित ‘मिस लिटिल स्टार हजारीबाग’ 2015 और ‘मिस टीन झारखंड’ 2019 का खिताब जीतकर आर्या ने प्रदर्शन कला और मॉडलिंग की दुनिया में आत्मविश्वास के साथ कदम रखा। आर्या एक शिक्षित और सहयोगी पारिवारिक पृष्ठभूमि से आती हैं। उनकी माता दीपाली प्रसाद, डीएवी हजारीबाग की शिक्षिका है जबकि पिता झारखंड राज्य सहकारी बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। परिवार के निरंतर सहयोग से आर्या अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। एक युवा कलाकारा और महत्वाकांक्षी अभिनेत्री के रूप में आर्या वर्तमान में दिल्ली में रहकर अपने अभिनय,मॉडलिंग के साथ पत्रकारिता के करियर को आगे बढ़ा रही हैं। आर्या ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल, हजारीबाग से पूरी की। वर्तमान में वह कॉलेज की पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक क्षेत्र में विभिन्न पेशेवर असाइनमेंट भी संभाल रही हैं। इसके पूर्व भी आर्या ने रिलायंस, लैक्मे एवं अन्य कई कंपनियों के लिए भी बतौर मॉडल कार्य कर चुकी है। बचपन से ही मंच से जुड़ी आर्या ने एंकरिंग, नृत्य और रैंप वॉक जैसे क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी की, जिसने आगे चलकर उन्हें अभिनय की ओर प्रेरित किया। एक उभरती हुई कलाकार के रूप में आर्या किशोर लगातार प्रशिक्षण, सीख और मेहनत के साथ अपने अभिनय सफर को मजबूती दे रही हैं और आने वाले समय में बड़े मंच पर खुद को स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं। आर्या ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता पिता बहन अदिति, डी ए वी के पूर्व प्राचार्य अशोक कुमार के साथ तरंग ग्रुप के निर्देशक अमित कुमार गुप्ता को दिया जिनके लगातार मार्गदर्शन से वो इस क्षेत्र में बेहतर कर रही है।

जिला प्रशासन (परिवहन विभाग) ने ‘रन फॉर रोड सेफ्टी’ के माध्यम से दिया सुरक्षित सफर का संदेश

सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आज जिला परिवहन कार्यालय, हजारीबाग द्वारा ‘रन फॉर रोड सेफ्टी’ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर सुरक्षित यातायात के संदेश को मजबूती प्रदान की।

इस अवसर पर उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री आदित्य पांडेय, प्रशिक्षु आईएएस श्री आनंद शर्मा, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (RTA), जिला भू अर्जन पदाधिकारी श्री निर्भय कुमार, डीपीआरओ श्री रोहित कुमार,पुलिस उपाधीक्षक, एपीआरओ श्री परिमल कुमार, सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी भी मौजूद थे। उपायुक्त ने हरि झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया तथा स्वयं उपस्थित रहकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में उपायुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों के पालन पर जोर देते हुए दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा ओवरस्पीडिंग से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं सुरक्षित रहे और दूसरों को भी सुरक्षित यात्रा के लिए प्रेरित करे।

कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, परिवहन विभाग के अधिकारियों तथा पुलिस प्रशासन के कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सड़क सुरक्षा की शपथ ली।

परिवहन विभाग ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों से लोगों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित होता है, जो सुरक्षित और सुव्यवस्थित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।