प्रधानमंत्री के विजन और मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व की विजय : आचार्य पवन त्रिपाठी
मुंबई। मुंबई महानगरपालिका चुनाव में महायुति को मिली प्रचंड विजय पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मुंबई भाजपा के महामंत्री तथा श्री सिद्धिविनायक मंदिर न्यास के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी ने कहा कि यह ऐतिहासिक विजय, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी विजन और महाराष्ट्र के लोकप्रिय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कुशल नेतृत्व की विजय है। उन्होंने कहा कि मुंबई के मतदाताओं ने विकास और स्वर्णिम भविष्य को प्राथमिकता देते हुए महायुति के पक्ष में संगठित होकर मतदान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा मुंबई अध्यक्ष एडवोकेट अमित साटम ने जिस तरह से कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया और जनता के बीच हमेशा खड़े रहे, उसके चलते महायुति के प्रति लोगों में विश्वास बढ़ा। आचार्य त्रिपाठी ने कहा कि यह पार्टी के प्रति समर्पित निस्वार्थ कार्यकर्ताओं की महा विजय है। विकास और विश्वास के प्रति समर्पित भाजपा का विजय रथ निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।
शक्ति के देवता बजरंगबली की तस्वीर भेंटकर कृपाशंकर ने दी मुख्यमंत्री को बधाई

मुंबई। मुंबई महानगरपालिका चुनाव में महायुति को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री तथा लोकप्रिय उत्तर भारतीय नेता कृपाशंकर सिंह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर, उन्हें शक्ति के देवता बजरंगबली की तस्वीर भेंटकर हार्दिक बधाई दी।

कृपाशंकर ने कहा कि यह प्रचंड जनादेश, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शितापूर्ण विजन, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सुशासन , विकास और मजबूत नेतृत्व में जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उत्तर भारतीय एक परिश्रमी कौम है, जो अपनी कड़ी मेहनत, ईमानदारी और सहयोग देने की प्रवृत्ति पर विश्वास रखती है। महाराष्ट्र के उत्तर भारतीय समाज ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा किए गए विकास कार्यों पर पूरा भरोसा जताते हुए न सिर्फ मुंबई महानगरपालिका में अपितु मीरा भायंदर, ठाणे, नवी मुंबई,पालघर समेत अन्य महानगरपालिकाओं में भी भाजपा के पक्ष में संगठित रूप से मतदान किया। इस अवसर पर मुंबई युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष शिवम सिंह भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने भी प्रचंड विजय के लिए मतदाताओं का आभार मानते हुए कहा कि महाराष्ट्र की महायुति सरकार सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के लिए संकल्पित है।
मुंबई के विकास और उज्जवल भविष्य के लिए किया मतदान : कृपाशंकर सिंह
मुंबई। मुंबई महानगरपालिका का चुनाव परिणाम अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक होने जा रहा है, क्योंकि पहली बार मुंबई के लोगों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के विकास कार्यों और महायुति सरकार की लोकहित विचारधारा को देखते हुए मतदान किया है। बांद्रा पश्चिम के इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री तथा लोकप्रिय उत्तर भारतीय नेता कृपाशंकर सिंह ने उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि उन्होंने मुंबई के विकास और उज्जवल भविष्य के लिए मतदान किया है। इस बार का चुनाव परिणाम पूरी तरह से महायुति के पक्ष में होने जा रहा है और भारतीय जनता पार्टी का अगला महापौर बनने जा रहा है। उन्होंने उत्तर भारतीय मतदाताओं का आभार प्रकट करते हुए कहा कि पहली बार उत्तर भारतीय मतदाताओं ने जाति पाति से ऊपर उठकर मुंबई के विकास के लिए  संगठित रूप से मतदान किया।
मुंबई के स्वर्णिम विकास और समृद्धि के लिए किया मतदान – डॉ मंजू लोढ़ा
मुंबई। मुंबई महानगर पालिका चुनाव को लेकर चल रहे शांतिपूर्ण मतदान के बीच आज  लोढ़ा फाउंडेशन की चेयरमैन तथा वरिष्ठ साहित्यकार डॉ मंजू लोढ़ा ने अपने पति तथा महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा के  साथ दक्षिण मुंबई के मालाबार हिल विधानसभा स्थित प्रभाग क्रमांक 219 में मतदान किया। मतदान के बाद पत्रकारों से बात करते हुए डॉ मंजू लोढ़ा ने कहा कि उन्होंने मुंबई के स्वर्णिम विकास और समृद्धि के लिए मतदान किया। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि मुंबई के नए महापौर के नेतृत्व में मुंबई का सर्वांगीण विकास होगा और लोग शांति सुरक्षा और खुशहाली के साथ जीवन व्यतीत करेंगे। उन्होंने कहा कि वह चाहती है कि आम आदमी का विकास हो।
केडी आर फाउंडेशन 46 मरीजों का कराएगा मोतियाबिंद ऑपरेशन
बदलापुर। आर जे शंकरा आई हॉस्पिटल वाराणसी तथा केवलादेवी रामबहाल  फाउंडेशन के तत्वावधान में गुरूवार को के डी आर हाउस कठार में जरूरतमंद लोगों के लिए निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विश्व स्तरीय आर जे शंकरा आई हॉस्पिटल वाराणसी के कुशल चिकित्सकों द्वारा 165 आंख के मरीजों का परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान 46 मोतियाबिंद की बीमारी से ग्रसित मरीजों को लेंस प्रत्यारोपण के लिए बस द्वारा वाराणसी आर जे शंकरा आई हॉस्पिटल ले जाया गया। केडीआर फाउंडेशन के संस्थापक विनोद सिंह ने बताया कि मोतियाबिंद के लिए चयनित सभी मरीजों का लेंस प्रत्यारोपण आपरेशन निःशुल्क कराया जाएगा। उनके खाने पीने की व्यवस्था मुकम्मल फाउन्डेशन उठाएगा। उन्होंने बताया कि शेष 119 मरीजों की आंख का परीक्षण करनें के बाद नेत्र विशेषज्ञ डॉक्टर अलका ने चश्मा बनवाने तथा अन्य दवाओं के प्रयोग का सलाह दिया। मरीज के नेत्र का परीक्षण आर जे शंकरा आई हॉस्पिटल की टीम में शामिल डॉ अलका , प्रयोगशाला सहायक अर्चना ,नेत्र निरीक्षक सोनाक्षी तथा गणेश ने किया। मोतियाबिंद ऑपरेशन लेंस प्रत्यारोपण के लाभार्थियों ने केडी आर फाउंडेशन के निर्देशक विनोद रामबहाल सिंह तथा सह निदेशक डॉ रमा विनोद सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है। इस मौके पर अमरधारी सिंह,त्रिभुवन सिंह , अशोक सिंह,विनय सिंह,अंकुर सिंह ,बृजेश सिंह ,आदित्य सिंह , सौरभ सिंह सिब्बू ,सौरभ सिंह छोटू ,रूद्र सिंह ,मिथुन सिंह ,डब्बू यादव , विराज प्रताप सिंह आदि लोग मौजूद थे।
महापालिका चुनाव में उत्तर भारतीयों का सबसे बड़ा चेहरा नजर आये कृपाशंकर सिंह

–शिवपूजन पांडे, वरिष्ठ पत्रकार

मुंबई। मुंबई महानगरपालिका समेत महाराष्ट्र की अन्य महानगरपालिकाओं में 15 दिसंबर को मतदान होने जा रहा है। परिणाम की हवा का रूख महायुति की तरफ जाता दिखाई दे रहा है। इस बार के चुनाव में पहली बार देखने को मिल रहा है, जब पूरे महाराष्ट्र में रहने वाले उत्तर भारतीयों का भाजपा की तरफ स्पष्ट झुकाव है। ऐसे में सवाल उठता है कि उत्तर भारतीय मतदाता इतने संगठित क्यों हैं? कांग्रेस तथा अन्य विपक्षी पार्टियों द्वारा बड़ी संख्या में उत्तर भारतीयों को टिकट देने के बावजूद आखिर उत्तर भारतीय मतदाता अपना पाला बदलने के लिए तैयार क्यों नहीं दिख रहे।

पिछले चुनाव में चलने वाला जाति कार्ड भी इस बार के चुनाव में फ्लॉप होता नजर आ रहा है। देखा जाए तो इसका सबसे बड़ा कारण मनसे और यूबीटी का एक साथ आना और महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह का उत्तर भारतीयों की तरफ खुलकर बोलना है। मीरा भाईंदर महानगरपालिका चुनाव में उत्तर भारतीय महापौर की मांग करके उन्होंने महाराष्ट्र में रहने वाले सभी उत्तर भारतीय मतदाताओं का दिल जीत लिया। लोगों ने खुलकर कहना शुरू किया कि कम से कम एक उत्तर भारतीय नेता तो है जो उनके लिए महापौर तक की मांग करता है।

यद्यपि कृपाशंकर सिंह ने महापौर की मांग सिर्फ मीरा भाईंदर महानगरपालिका के लिए किया था।
इसमें कोई संदेह नहीं कि कृपाशंकर सिंह ने इस बार कड़ी मेहनत की। उत्तर भारतीय बाहुल्य इलाकों में ताबड़तोड़ सभाएं, पदयात्राएं और घर घर जाकर महायुति के पक्ष में मतदान करने की अपील की। कृपाशंकर ने एक बड़ा काम यह भी किया कि उन्होंने भाजपा के बागियों को मनाकर बैठाया, जिसके चलते अनेक वार्डों में कमजोर दिख रही भाजपा ताकतवर हो गई। पहली बार कृपाशंकर सिंह ने सोशल मीडिया की ताकत दिखाई। वह लगातार सोशल मीडिया पर एक्टिव रहे और उत्तर भारतीयों को भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टियों के पक्ष में मतदान करने की अपील करते रहे। इसमें कोई दो राय नहीं कि उत्तर भारतीय मतदाता सबसे ज्यादा कृपाशंकर सिंह पर ही भरोसा और विश्वास करता है और राजनीति की मंजिल तय करता है।
एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

वजीरगंज (गोण्डा):। वजीरगंज बाजार में मंगलवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मायके पक्ष ने दहेज की मांग को लेकर हत्या का आरोप लगाते हुए पति सहित सात ससुरालीजनों के खिलाफ वजीरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
वजीरगंज थाने के ठीक सामने स्थित एक मकान में मंगलवार रात करीब 09 बजे आंचल मोदनवाल (26) पत्नी सुजीत मोदनवाल का शव संदिग्ध हालात में मिला। सूचना मिलते ही सीओ तरबगंज यूपी सिंह और थानाध्यक्ष विपुल पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई, इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय गोंडा भेजा गया।
अयोध्या जनपद के अमानीगंज मोहल्ला निवासी अभिषेक मोदनवाल पुत्र संतोष ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उसकी बहन आंचल का विवाह 08 फरवरी 2019 को वजीरगंज बाजार निवासी सुजीत मोदनवाल पुत्र जगदीश के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही आंचल को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा।
पीड़ित के अनुसार, जब भी आंचल मायके आती थी, वह पति सुजीत, ससुर, सास दुर्गेश मोदनवाल, जेठ राकेश मोदनवाल, जेठानी, ननद कोमल और जूही द्वारा दहेज के लिए मारपीट और मानसिक उत्पीड़न की शिकायत करती थी। करीब एक वर्ष पूर्व वह अत्यधिक परेशान होकर मायके आ गई थी, लेकिन परिजनों के समझाने पर पुनः ससुराल चली गई थी।
मंगलवार रात मृतका के जेठ द्वारा फोन पर सूचना दी गई कि आंचल की मौत हो चुकी है। मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।
थानाध्यक्ष विपुल पांडे ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पति समेत कुल सात आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या सहित गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से इलाके में तनावपूर्ण माहौल है, वहीं पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
मकर संक्रांति पर स्वानंद बाबा आश्रम में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सेवाभावी कार्यक्रम

ठाणे। परम पूज्य स्वानंद बाबा सेवा न्यास की ओर से ठाणे के येऊर हिल्स स्थित प. पू. स्वानंद बाबा आश्रम में मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर भव्य धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सेवाभावी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आश्रम परिसर श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सेवा के भाव से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात भजन-कीर्तन की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई, जिसमें भक्तों ने श्रद्धा के साथ सहभागिता की। भजनों की मधुर स्वर-लहरियों से पूरा वातावरण भक्तिमय बन गया।इस अवसर पर सामाजिक सेवा के अंतर्गत महिलाओं को साड़ी का वितरण किया गया, वहीं जरूरतमंदों को ठंड से बचाव हेतु कंबलों का वितरण भी किया गया। सेवा न्यास की इस पहल की उपस्थित श्रद्धालुओं एवं अतिथियों ने सराहना करते हुए इसे मानवीय संवेदनाओं और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का प्रतीक बताया। कार्यक्रम में पं. दुर्गाप्रसाद पाठक, प्रेम शुक्ल, शांति शुक्ल, मुद्रा शुक्ला, अनिल गलगली, उदय प्रताप सिंह, पंकज मिश्रा, शैलेंद्र श्रीवास्तव, राकेश पांडेय, संजय मिश्रा, राज पाण्डेय, विजय पाण्डेय, राम सजीवन तिवारी, अमित गुप्ता, आर. पी. सिंह, शिवसागर मिश्र सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मुंबई के अलावा ठाणे, नालासोपारा, मीरा-भाईंदर और कल्याण से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचे और उन्होंने कार्यक्रम का लाभ लिया।
मत काटो किसी की पतंग
–डॉ मंजू मंगलप्रभात लोढ़ा, वरिष्ठ साहित्यकार

आज छत पर खड़ी थी,
आसमान के छोर की ओर देख रही थी।
चारों तरफ रंग-बिरंगी पतंगें
हवा में उड़ रही थीं,
दूर-दूर तक आसमान की ओर
पेंच बढ़ा रही थीं।

अड़ोस-पड़ोस की छतों पर
लोग हर्षोल्लास से
पतंगें उड़ा रहे थे,
अद्भुत खुशी से
उनके चेहरे चमक रहे थे।

जो किसी और की पतंग काट गिराता,
उसका आनंद ही निराला था।
पर कुछ ही पलों में
जब उसकी अपनी पतंग कट जाती,
तो वही चेहरा
खिन्न और मायूस हो जाता।

यानि कुछ पल की खुशी,
और कुछ पल का दुःख।

मैं सोच रही थी
कितना बड़ा है यह आसमान,
हर एक की अपनी पतंग,
अपनी-अपनी डोर।

क्यों न सभी पतंगें
अपनी डोर के सहारे
आसमान में उड़ती जाएँ?
क्यों काटें हम
किसी और की पतंग?
क्यों उसके पतन का
उल्लास मनाएँ?

आज हम काटेंगे,
कल वह हमारी पतंग काटेगा
इससे क्या होगा लाभ?

कितना अच्छा हो
यदि सबकी पतंगें
आसमान में
और ऊँची उड़ती जाएँ,
सब शिखर तक पहुँचे।

सबके मन में
एक-दूसरे के लिए
परस्पर सहकारिता का भाव हो
तभी तो यह समाज
सचमुच स्वर्गतुल्य बन सकेगा।
भायंदर पूर्व के राहुल बंगला पर धूमधाम से मनाई गई मकर संक्रांति
भायंदर। प्रबुद्ध लोगों के सामाजिक संगठन भोर भ्रमण परिवार द्वारा विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी भायंदर पूर्व के जेसल पार्क स्थित राहुल बांग्ला पर परंपरागत सांस्कृतिक स्वरूप में धूमधाम से मकर संक्रांति का त्यौहार मनाया गया। सबसे पहले संस्था के प्रमुख संरक्षक तथा राहुल एजुकेशन के चेयरमैन लल्लन तिवारी का उपस्थित लोगों द्वारा सम्मान किया गया। इसके बाद डॉ मुरलीधर पांडे, डॉ त्रैलोक्य मणि त्रिपाठी, वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे,  पूर्व प्राध्यापक उपेंद्र पांडे, डॉ मयूर दुबे, शास्त्री राकेश मणि त्रिपाठी लंदन वाले, प्रोफेसर विजय नाथ मिश्रा, चंदौली से आए पूर्व जिला पंचायत सदस्य संदीप सिंह फौजी, समाजसेवी संजय दुबे समेत अनेक लोगों ने सामाजिक गीतों और विचारों के माध्यम से अपनी बातें रखी।

कार्यक्रम का सुंदर संचालन भारत सरकार के नोटरी एडवोकेट आर जे मिश्रा ने किया। सभी लोगों ने मिलकर खिचड़ी, दही, घुघुरी, तिल गुड़ खाने का आनंद उठाया।

इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख लोगों में पुरुषोत्तम पांडे, जे एन तिवारी, समाजसेवी अभयराज चौबे, प्रोफेसर बीके दुबे, अदालत पांडे, उपेंद्र सिंह, सुरेंद्र पांडे, श्रीकांत उपाध्याय, प्रभाकर मिश्रा, अजीत शुक्ला,अच्छेलाल पांडे, वीरेंद्र पाठक, श्री राम दुबे, लालू तिवारी, प्रेम भाई, समाजसेवी राजेश दुबे, आनंद पाठक, राजीव मणि त्रिपाठी, बीके श्रीवास्तव, रमाकांत सिंह, ईश्वर सिंह, राम सिंह पिंटू आदि का समावेश रहा।